samacharsecretary.com

रेलवे ब्रिज कंस्ट्रक्शन के दौरान बड़ा हादसा, धार जिले में क्रेन पलटने से दो मजदूरों की मौत

पीथमपुर धार में औद्योगिक क्षेत्र पिथमपुर के सागौर में रेलवे ब्रिज निर्माण के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया जिसमें दो लोगों की मौत हो गई. दरअसल, यहां रेलवे ब्रिज का निर्माण कार्य चल रहा है. इसी दौरान ब्रिज निर्माण में लगी क्रेन पलटी खा गई और एक पिकअप वाहन पर जा गिरी. जिससे पिकअप में सवार दो लोगों की मौके पर मौत हो गई. पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी ने बताया कि जानकारी के अनुसार रेलवे निर्माण में लगी क्रेन अचानक पलटी खा गई और क्रेन रास्ते से गुजर रही पिकअप वाहन पर जा गिरी. इसमें दबकर दो लोगों की मौत हो गई.साथ ही क्रेन के नीचे अन्य लोगों के भी दबे होने की आशंका जताई जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन व बडी संख्या में पुलिस बल मौके पहुंची है और पिकअप में फंसे दोनों शवों को बाहर निकालने की कोशिश कर रहे है. बता दें कि कंस्ट्रक्शन साइट्स पर अक्सर मशीनों के चलते ऐसे बड़े हादसे हो जाते हैं. भारी भरकम मशीनों की जरा सी गलत हैंडलिंग का नतीजा हो जाता है कोई बड़ा हादसा जिसमें जनहानि भी हो जाती है.

सुरक्षा के लिए बड़ा कदम: छत्तीसगढ़ में सभी स्लीपर और एसी बसों का निरीक्षण

रायपुर  राजस्थान और आंध्र प्रदेश में बसों में आग लगने की हाल में हुई घटना के बाद छत्तीसगढ़ परिवहन विभाग भी सतर्क हो गया है। यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए राज्य सरकार ने बड़ा निर्णय लिया है। अब प्रदेश में संचालित सभी स्लीपर और एसी बसों की सुरक्षा जांच अनिवार्य रूप से की जाएगी। परिवहन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, राज्य में प्रतिदिन हजारों बसें विभिन्न मार्गों पर संचालित होती हैं, जिनसे लाखों यात्री यात्रा करते हैं। हाल के हादसों को देखते हुए विभाग ने बस ऑपरेटरों को सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अब हर बस में फायर सेफ्टी उपकरण, आपातकालीन निकास व्यवस्था और इलेक्ट्रिकल वायरिंग सिस्टम की नियमित जांच होगी। 600 से अधिक बसों को रोज संचालन राज्य से प्रतिदिन 600 से अधिक स्लीपर बसें पड़ोसी राज्य मध्यप्रदेश, ओड़िशा, झारखंड, बिहार, उत्तरप्रदेश, महाराष्ट्र, आंध्रप्रदेश सहित अन्य राज्यों के लिए रोज संचालित हो रही हैं। 50 लाख से लेकर एक करोड़ रुपए तक की लागत वाली इन लक्जरी बसों में सेफ्टी डिवाइस लगे होने के दावे किए जाते हैं। रेल टिकट न मिलने के कारण यात्री 400 से 1200 किलोमीटर की यात्रा भी स्लीपर बसों से करने लगे हैं, लेकिन बढ़ते हादसों से लोगों में चिंता बढ़ गई है। तकनीकी खामियों को लेकर बस संचालकों को किया सर्तक परिवहन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि रियर इंजन बसों में आग लगने का खतरा ज्यादा होता है, हालांकि ऐसी बसें राज्य में सीमित संख्या में हैं। ज्यादातर बसें फ्रंट इंजन वाली हैं। विभाग ने बस मालिकों व ड्राइवरों को स्पार्किंग जैसी तकनीकी खामियों को लेकर सतर्क रहने और यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश जारी किए हैं। जांच पूरी कर रिपोर्ट जल्द विभाग को सौंपी जाएगी। सख्त सुरक्षा जांच के निर्देश  

बेमेतरा हादसा: बेकाबू कार ने ली तीन की जान, गुस्साई भीड़ ने आरोपी के घर को घेरा

बेमेतरा रविवार देर रात छत्तीसगढ़ के बेमेतरा में रईसजादे की रफ्तार का कहर देखने को मिला है। आरोपी चालक ने तीन लोगों को अपने वाहन से रौंद दिया। इस घटना में तीन लोगों को मौत हुई है। वही, 5 लोग गंभीर रूप से घायल है।   गंभीर को देर रात रायपुर रैफर किया गया है। दूसरी ओर इस घटनाक्रम के बाद लोग भड़क उठे व बिजनेसमैन के घर को अचानक घेराव कर दिया। घर में तोड़फोड़ व वाहन को नुकसान पहुंचाया गया है। वहीं दूसरी तरफ  आज सोमवार को घटना के विरोध में बेमेतरा बंद का आह्वान किया गया है। इसके अलावा मृतक के परिजनों ने देर रात शव को शहर के सिग्नल चौक में रखकर प्रदर्शन किए है। तनाव को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया। मिली जानकारी अनुसार फोर व्हीलर चालक ने भीड़ भरी सड़क पर बेकाबू होकर एक के बाद एक पांच वाहनों को टक्कर मार दी। तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने स्थिति को अपने कंट्रोल में ले लिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। बेमेतरा एसएसपी रामकृष्ण साहू ने कहा कि दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सड़क हादसा: ओसियां में बस और कार की भिड़ंत से मचा हाहाकार, एक की मौत, कई घायल

जोधपुर जिले के ओसियां क्षेत्र में आज सवेरे चाडी गांव मार्ग पर पंडित जी की ढाणी के पास बस और कार की जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त हो गई और अनियंत्रित बस सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत होने की पुष्टि हुई है। वहीं 25 से 30 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर रैफर किया गया है। दुर्घटना की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। घटनास्थल पर जेसीबी और एंबुलेंस की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ की है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस चाडी गांव से जोधपुर की ओर आ रही थी। टक्कर कैसे हुई इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस चालक और प्रत्यक्षदर्शियों से दुर्घटना के संबंध में पूछताछ कर रही है।

छत्तीसगढ़ के बेमेतरा में भयानक सड़क हादसा, तेज रफ्तार डिफेंडर ने ली तीन की जान

बेमेतरा छत्तीसगढ़ के बेमेतरा शहर में  डिफेंडर कार ने एक के बाद एक करके 5 गाड़ियों को टक्कर मार दी. जिससे 3 लोंगो की मौत हो गई. जबकि 5 लोग घायल हो गए. इस घटना से गुस्साए लोगों ने कार मालिक का घर घेर लिया और तोड़फोड़ कर दी.  वहीं बवाल के बाद पुलिस ने कार मालिक को हिरासत में ले लिया और आगे की कार्रवाई में जुटी है. डिफेंडर ने जिन पांच गाड़ियों को टक्कर मारी उनमें बाइक स्कूटी सहित 1 पिकअप शामिल है. डिफेंडर की चपेट में आने से पिकअप सवार 1 युवक की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि 7 घायल लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां 2 अन्य लोगों की भी मौत हो गई. कपड़ा व्यापारी की है डिफेंडर  शहर के अंदर तेज रफ्तार दौड़ते  डिफेंडर कार के कहर के बाद  लोंगो का गुस्सा फूट पड़ा. घटना से आक्रोशित सैकड़ों लोगों ने कार मालिक के घर में तोड़फोड़ कर दी. आरोपी कपड़ा व्यापारी है. जिसका नाम बंटी मालक सिंह है. शहर में बढ़ते आक्रोश और तनाव को देखते हुए बेमेतरा एसएसपी रामकृष्ण साहू मौके पर पहुंचे और लोंगो को समझाया. साथ ही उन्होंने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया, तब जाकर लोग माने. मामले में बेमेतरा एसएसपी रामकृष्ण साहू ने बताया कि कार कौन चला रहा था, अभी तक नहीं चल पाया है. कार के मालिक को हिरासत में लिया गया है. जिससे पूछताछ जारी है. लोंगो से भी जानकारी जुटाया जा रहा है कि घटना के समय कार कौन चला रहा था? पुलिस अपना काम कर रही है, जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. 

तीन युवकों की दर्दनाक मौत: उज्जैन में कार और डंपर की भयानक टक्कर

उज्जैन  आगर रोड पर घट्टिया के ग्राम जैथल के पास कार और डंपर की आपस में आमने-सामने भिड़ंत हो गई। भिड़ंत इतनी खतरनाक थी कि कार का अगला हिस्सा चकनाचूर हो गया। घटना में कार में सवार चार में तीन युवकों की मौत हो गई। एक की हालत गंभीर है। युवक बड़नगर और उज्जैन के रहने वाले हैं और नलखेड़ा में बगलामुखी माता मंदिर के दर्शन कर वापस लौट रहे थे। बड़नगर के इंगोरिया निवासी आदित्य पंड्या उम्र 22 वर्ष, अभय पंडित उम्र 20 वर्ष, उज्जैन के राजेश रावल उम्र 50 वर्ष व शैलेन्द्र आचार्य उम्र 20 वर्ष नलखेड़ा में दर्शन कर पुन: उज्जैन लौट रहे थे। जैथल के पास रात को 12.30 बजे गलत दिशा से आ रहे डंपर से कार की टक्कर हो गई। डंपर अलिसा फूड कंपनी का बताया जा रहा है। टक्कर में आदित्य पंड्या, अभय पंडित, राजेश रावल की मौत हो गई। शैलेंद्र आचार्य को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। डंपर चालक फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया। कार में मृत युवकों को ग्रामीणों से मदद से बाहर निकाला गया। सूचना मिलने पर विधायक सतीश मालवीय मौके पर पहुंचे।

छतरपुर हादसा: मंत्री के काफिले से टकराया ई-रिक्शा, बुजुर्ग समेत छह लोग घायल

 छतरपुर   छतरपुर जिले के लवकुशनगर थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार के काफिले में शामिल एक वाहन ने बसंतपुर तिराहे के पास एक ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 70 वर्षीय बुजुर्ग साहब सिंह के दोनों पैर कट गए, जबकि छह अन्य लोग घायल हुए हैं। जानकारी के मुताबिक, बुदौरा गांव निवासी साहब सिंह दिवाली की खरीदारी कर लवकुशनगर से लौट रहे थे। ई-रिक्शा में कुल सात सवारियां थीं। जैसे ही वाहन गौरीहार मार्ग के पास पहुंचा, मंत्री के काफिले में शामिल एक गाड़ी ने पीछे से टक्कर मार दी। ई-रिक्शा पलट गया और उसमें सवार लोग सड़क पर जा गिरे। हादसे में साहब सिंह के दोनों पैर कट गए। घायलों को पुलिस वाहन से तुरंत लवकुशनगर अस्पताल लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद साहब सिंह को जिला अस्पताल छतरपुर, और फिर गंभीर हालत के चलते ग्वालियर रेफर किया गया। परिजनों ने बताया कि राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार उस समय बरहा गांव में दशहरा मिलन समारोह से लौट रहे थे। काफिले के पीछे चल रहे एक वाहन ने ई-रिक्शा को टक्कर मारी। लवकुशनगर एसडीओपी नवीन दुबे ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि एक वाहन ने ई-रिक्शा को टक्कर मारी थी। एक व्यक्ति के पैर टूटने की जानकारी मिली है। वाहन की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रैफिक व्यवस्था संभाली और जांच शुरू कर दी है।

राजस्थान के जैसलमेर में दिल दहला देने वाला हादसा, कार में फंसे 4 दोस्त जिंदा जले

जैसलमेर  राजस्थान के जैसलमेर में बस में 21 लोगों के जिंदा जल जाने के बाद अब बालोतरा में भी दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां एक ट्रेलर से टक्कर के बाद कार में आग लग गई और इसमें सवार चार दोस्त जिंदा जल गए। दुर्घटना मेगा हाईवे पर सिंधरी पुलिस थानाक्षेत्र के सादा गांव के पास रात करीब 1.30 बजे हुई। कार का ड्राइवर भी दुर्घटना में बुरी तरह जख्मी है। पुलिस के मुताबिक, डाबर गुड़ामालानी (बाड़मेर) के पांच युवक सिणधरी में काम करने गए थे। रात करीब 12 बजे के बाद वे घर लौट रहे थे। उनके घर से 30 किलोमीटर दूर कार सामने से आ रही ट्रेलर से टकरा गई। बलोतरा के डीएसपी नीरज शर्मा ने मोहन सिंह (35), शंभु सिंह (20), पंचाराम (22) और प्रकाश (28) की मौत की पुष्टि की। आग में जलने से मौके पर ही इनकी मौत हो गई। कार चालक दिलीप सिंह गंभीर रूप से जख्मी है। हादसे के बाद हाईवे पर भारी जाम लग गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने जाम खुलवाया। पुलिस अधिकारियों ने कहा, 'चारों युवक पूरी तरह जल गए थे। शवों की पहचान डीएनए टेस्टिंग के जरिए करनी होगी। इसके बाद परिवारों को सौंपा जाएगा।' चारों शवों को अस्पताल में रखवाया गया है और मामले की जांच शुरू की गई है। इससे पहले जैसलमेर के पास मंगलवार को एक एसी बस में आग लगने से 21 लोगों की मौत हो गई तो एक दर्जन से अधिक लोग झुलस गए।

बेंजीन टैंकर में आग लगी, जयपुर-अजमेर हाईवे पर हादसा टला; चालक और SHO की सूझबूझ ने बचाई जानें

जयपुर जयपुर में मंगलवार रात जयपुर-अजमेर हाईवे पर उस वक्त अफरातफरी मच गई जब बेंजीन से भरे एक टैंकर में अचानक आग लग गई। रात करीब 9 बजे टैंकर के पिछले पहियों में लगी आग कुछ ही मिनटों में लपटों में बदल गई, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।   चालक की सूझबूझ से बची बड़ी त्रासदी टैंकर चालक ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए असाधारण सूझबूझ का परिचय दिया। उसने बिना घबराए टैंकर को सड़क किनारे सुरक्षित स्थान पर रोका और तुरंत नीचे उतर गया। यदि चालक थोड़ी सी भी देर कर देता, तो बेंजीन भरे टैंकर में विस्फोट की संभावना थी। उसकी त्वरित कार्रवाई ने दर्जनों जानें बचा लीं और एक बड़ी आपदा को टाल दिया।   SHO की त्वरित कार्रवाई और दमकल की मुस्तैदी घटना की सूचना मिलते ही दूदू थाना प्रभारी (SHO) मुकेश कुमार खरड़िया अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत हालात का जायजा लिया और दमकल विभाग को सूचना दी। कुछ ही देर में दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और टीमों ने आग पर नियंत्रण पाने का प्रयास शुरू किया। SHO खरड़िया की सतर्कता और दमकलकर्मियों की तेजी से की गई कार्रवाई के कारण आग टैंकर के टैंक तक नहीं पहुंच सकी। टैंकर के चार पहिए जलकर राख, टैंक सुरक्षित लपटों में घिरे टैंकर के चारों पहिए पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि आग टैंकर के मुख्य टैंक तक नहीं पहुंची। यदि बेंजीन में आग लग जाती, तो आसपास के इलाके में बड़ा विस्फोट और व्यापक क्षति संभव थी।   मौके पर जुटी भीड़, SHO और चालक की सराहना घटना के दौरान राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। कई लोगों ने इस भयावह दृश्य के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किए। जब आग पर काबू पा लिया गया, तो मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली और चालक के साथ-साथ SHO मुकेश कुमार खरड़िया की तत्परता और साहस की प्रशंसा की।

भीषण सड़क हादसे से दहला जैसलमेर, बस में आग, दर्जनभर लोगों की जान जाने का खतरा

जैसलमेर  राजस्थान के जैसलमेर में सवारियों से भरी बस में मंगलवार (14 अक्टूबर) को आग लग गई. इस हादसे में 10 से 12 लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है. जैसलमेर से जोधपुर जा रही इस बस में 50 से ज्यादा सवारियां बैठी हुईं थी. जानकारी के मुताबिक बस में सवार 15 यात्री गंभीर रूप से झुलसे गए थे इनमें से 10 से 12 यात्रियों की मौत की आशंका जताई जा रही है. इनमें तीन बच्चे और चार महिलाएं हैं. इस प्राइवेट बस में 57 यात्री सवार थे. घटना मंगलवार दोपहर 3:40 पर लगी. हालांकि आग लगने की वजह अभी तक साफ नहीं हो सकी है. जैसलमेर से निकलने के बाद कुछ ही दूरी पर इसके पिछले हिस्से में अचानक आग लग गई. कुछ ही पलों में पूरी बस धूं-धूं कर जलने लगी. जानकारी के मुताबिक आगे की तरफ बैठे हुए यात्री किसी तरह कूद गए, लेकिन पीछे के हिस्से में बैठे यात्री झुलस गए बस में आग लगने से अफरा तफरी मच गई. झुलसे हुए लोगों को जिला अस्पताल भेजा जा रहा है. आग लगने से बड़ा नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है. हादसा जैसलमेर के थईयात गांव के पास हुआ। आग की लपटें और धुआं काफी ऊंचाई तक उठता रहा। बस रोजाना की तरह दोपहर करीब 3 बजे जैसलमेर से जोधपुर के लिए रवाना हुई थी। करीब 20 किलोमीटर दूर रास्ते में थईयात गांव के पास अचानक बस के पिछले हिस्से में धुआं उठने लगा। देखते ही देखते आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे। राहत कार्य शुरू किया। लोगों ने दमकल विभाग और पुलिस को सूचना दी। झुलसे यात्रियों को तीन एंबुलेंस से जैसलमेर के जवाहिर हॉस्पिटल लेकर गए। राहत और बचाव कार्य जारी फिलहाल जिला प्रशासन जैसलमेर की ओर से इस दर्दनाक घटना पर दुख व्यक्त किया गया है। जिला प्रशासन ने कहा कि जैसलमेर से जोधपुर जा रही एक निजी बस में आज अचानक आग लग जाने की दुखद घटना सामने आई है। जिला प्रशासन घटना की जानकारी मिलते ही सक्रिय हो गया है तथा राहत एवं बचाव कार्य तत्परता से किए जा रहे हैं। प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं और यात्रियों की सहायता में जुटी हुई हैं। हेल्पलाइन नंबर जारी जिला कलक्टर प्रताप सिंह ने इस घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त की है और संबंधित अधिकारियों को तत्काल राहत एवं चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। घायलों का श्री जवाहिर चिकित्सालय में डॉक्टरों के द्वारा तत्परता से उपचार किया जा रहा है। जिला प्रशासन ने कहा, जनता से अपील की जाती है कि इस घटना से संबंधित वे किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा सहायता हेतु हेल्पलाइन नंबरों 9414801400, 8003101400, 02992-252201 और 02992-255055 पर संपर्क करें। जिला प्रशासन स्थिति पर निरंतर नजर बनाए हुए है एवं आवश्यक सभी कदम उठाए जा रहे हैं।