samacharsecretary.com

बिहार से पकड़ा गया आतंकवादी, हेरोइन-ग्रेनेड बरामद; जांच में सामने आया पाकिस्तान लिंक

पूर्वी चंपारण बिहार में एक आतंकवादी को पकड़ा गया है। पूर्वी चंपारण जिले में रक्सौल बॉर्डर से सेना का भगोड़ा व नार्को आतंकी मॉड्यूल में शामिल राजबीर सिंह उर्फ फौजी को गिरफ्तार किया गया। हरैया रक्सौल पुलिस व पंजाब स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल की संयुक्त छापेमारी में उसे 18 दिसंबर को कस्टम चौक के पास से गिरफ्तार किया गया। भगोड़े सेना के जवान के पास से 500 ग्राम हेरोइन व एक हैंड ग्रेनेड बरमद हुआ है। साथ ही पाकिस्तान स्थित हैंडलर से उसका कनेक्शन सामने आया है। पंजाब पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर अपने साथ पंजाब ले गई है। मिली जानकारी के अनुसार आरोपी नेपाल के रास्ते देश से फरार होने के फिराक में था। राजबीर ने वर्ष 2011 में सेना ज्वाइन की थी। अमृतसर ग्रामीण के घरिनडा थाने में आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम के तहत दर्ज जासूसी के मामले में नाम आने के बाद वह फरवरी 2025 से सेना से फरार हो गया था।

शिक्षा विभाग ने जारी किया नया आदेश: बिहार के स्कूलों का समय बदल गया

पटना घने कोहरे, गिरते तापमान और बढ़ती ठंड के कारण पटना जिले में आम जनजीवन के साथ-साथ बच्चों की दिनचर्या भी प्रभावित होने लगी है। सुबह के समय कम दृश्यता और शीतलहर जैसे हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने शुक्रवार को जिले के सभी विद्यालयों के संचालन समय में एहतियातन बदलाव किया। 25 दिसंबर तक प्रभावी रहेगा यह आदेश पटना जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम ने आदेश जारी करके कहा कि बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों के साथ-साथ प्री-प्राइमरी विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र अब सुबह 10 बजे से अपराह्न 3.30 बजे तक ही संचालित किए जाएंगे। उन्होंने आदेश में कहा कि निर्धारित समय से पहले या बाद में किसी भी प्रकार की शैक्षणिक गतिविधि पर पूरी तरह रोक रहेगी। प्रशासन के अनुसार, सुबह और देर शाम की ठंड बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती है, इसी को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। प्रशासन के अनुसार यह आदेश 20 दिसंबर से 25 दिसंबर तक प्रभावी रहेगा। हालांकि, बोर्ड और प्री-बोर्ड परीक्षाओं से संबंधित विशेष कक्षाएं और निर्धारित परीक्षाएं इस आदेश से मुक्त रहेंगी, ताकि परीक्षा कार्यक्रम प्रभावित ना हो। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी ठंड के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए 10 दिसंबर को विद्यालयों के समय में बदलाव किया गया था। उस दौरान आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए विद्यालय का समय सुबह 8.30 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित किया गया था, जो 11 से 18 दिसंबर तक लागू रहा। हालांकि मौसम के और अधिक सर्द होने तथा न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज होने के बाद अब सभी कक्षाओं के लिए एक समान समय तय किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की संभावना है। ऐसे में जिला प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।  

स्कूलों की छुट्टी का ऐलान: DM ने तय किया बंद रहने का समय

शिवहर बिहार में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। बढ़ती ठंड के बीच कई जिलों में स्कूल बंद  कर दिए गए हैं। इसी बीच शिवहर जिला प्रशासन ने भी स्कूल बंद  को लेकर बड़ा आदेश जारी कर दिया है। शिक्षकों को प्रतिदिन स्कूल आना अनिवार्य शिवहर जिलाधिकारी प्रतिभा रानी ने कक्षा 1 से 8 तक के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों को 21 दिसंबर तक बंद रखने का आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार, सिर्फ बच्चों को छुट्टी रहेगी जबकि शिक्षकों को प्रतिदिन स्कूल आना अनिवार्य होगा। शिक्षक विद्यालय से संबंधित प्रशासनिक एवं शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करेंगे। जिलाधिकारी का कहना है कि अत्यधिक ठंड के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इसके मद्देनजर स्कूल बंद करने का फैसला लिया गया है। इसके अलावा प्रशासन ने बच्चों को ठंड से बचाने के लिए सावधानियां बरतने की अपील की है।  

वायरल वीडियो से फिर सुलगा ‘वोट चोरी’ विवाद, बिहार की राजनीति में हलचल, मांझी का बयान आया सामने

पटना बिहार में उस वीडियो को लेकर एक नया विवाद उत्पन्न हो गया है, जिसमें केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी कथित तौर पर विधानसभा चुनाव में मामूली अंतर से पीछे चल रहे एक उम्मीदवार की "मदद" करने की बात कहते नजर आ रहे हैं। ऐसा प्रतीत होता है कि वीडियो मांझी के लोकसभा क्षेत्र गया में बनाया गया है। यह वीडियो हाल में हुए विधानसभा चुनाव (Bihar Election 2025) में करारी हार झेल चुके विपक्षी राष्ट्रीय जनता दल (RJD)-कांग्रेस गठबंधन ने साझा किया है और इसे भारतीय जनता पार्टी (BJP) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) द्वारा “वोट चोरी का “सबूत” बताया है। हालांकि, मांझी ने इस आरोप को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि वीडियो से छेड़छाड़ करके सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया है। वीडियो में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) प्रमुख मांझी को टिकारी विधानसभा क्षेत्र से जुड़ी एक घटना का जिक्र करते हुए सुना जा सकता है। टिकारी सीट पर उनकी पार्टी के उम्मीदवार अनिल कुमार ने 2020 के विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी, लेकिन पिछले महीने हुए चुनाव में वह राजद से हार गए। वायरल वीडियो में क्या बोल रहे हैं मांझी? वीडियो में मांझी मगही बोली में यह कहते सुने जा सकते हैं, “वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार 2,700 वोट से पीछे था। उसने मुझे फोन किया, मैंने संबंधित अधिकारी को फोन किया। आखिरकार उसे विजेता घोषित किया गया।” हालांकि 'पंजाब केसरी' इस वीडियो की प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता। वीडियो में मांझी कहते सुने गए, “इस बार उम्मीदवार 1,600 वोट से हार गया। लेकिन उसने मुझसे संपर्क करने के बजाय हार स्वीकार कर ली। गया के तत्कालीन जिलाधिकारी, जो अब त्रिपुरा में पदस्थापित हैं, ने मुझसे फोन पर पूछा कि इस बार क्या गड़बड़ी हुई। जब उम्मीदवार मुझसे संपर्क किए बिना घर लौट गया, तो मैं कुछ नहीं कर सकता था।” "यह वोट चोरी नहीं, बल्कि वोट डकैती है- कांग्रेस राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने टिकारी सीट तो हासिल कर ली, लेकिन पांच साल पहले की 75 सीट की तुलना में इस बार महज 25 सीट पर सिमट गई। विपक्षी दल राजद ने आरोप लगाया कि मोदी ने निर्वाचन आयोग की मदद से हालिया चुनाव में “हमारे युवा और क्रांतिकारी नेता तेजस्वी यादव की राजनीतिक हत्या का असफल प्रयास” किया। बिहार कांग्रेस प्रवक्ता आसित नाथ तिवारी ने भी इसी तरह की भावना दोहराते हुए आरोप लगाया, “हाल में संसद के भीतर वोट चोरी के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय गृहमंत्री बेहद आक्रामक थे। अब उनके ही मंत्रिमंडल सहयोगी की कथित स्वीकारोक्ति से संकेत मिलता है कि यह वोट चोरी नहीं, बल्कि वोट डकैती है।” 'मांझी एक ब्रांड बन चुका है, किसी से डरने वाला नहीं' इस बीच, मांझी ने ‘एक्स' हैंडल पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “मेरा एक वीडियो छेड़छाड़ करके सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया है, ऐसे लोग यह सोचते हैं कि वे एक मुसहर (महादलित समुदाय) के बेटे को बदनाम कर सकते हैं।” उन्होंने कहा, “मैं ऐसे सभी लोगों को बताना चाहता हूं कि मांझी अब एक ब्रांड बन चुका है। वह किसी से डरने वाला नहीं है।” बिहार के मंत्री एवं पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “मैंने बिना काट-छांट वाला वीडियो देखा है। मांझी 2020 में मतगणना के कई घंटों तक रुके रहने की बात कर रहे थे, जब उनके उम्मीदवार अंतिम से एक राउंड पहले मामूली अंतर से पीछे थे। मतगणना पूरी होने के बाद उम्मीदवार को विजेता घोषित किया गया था।”  

कोहरे का कहर: बिहार के 33 जिलों में Yellow और Orange Alert जारी, सतर्क रहने की अपील

पटना मौसम विभाग (IMD) ने बिहार में ठंड और कोहरे को लेकर चेतावनी जारी की है। राज्य के कई जिलों में घना से बहुत घना कोहरा छाया रहेगा, जिससे दृश्यता कम होगी और रेल, सड़क और हवाई यातायात प्रभावित हो सकता है। यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी मौसम विभाग के अनुसार अगले कई दिनों तक कोहरा और ठंड बनी रहेगी। राज्य के 17 जिलों में यलो अलर्ट तो 16 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। घना कोहरा वाले जिले: समस्तीपुर, पटना, जहानाबाद, नालंदा, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय, बेगूसराय, खगड़िया, सहरसा, मधेपुरा, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, अररिया, पूर्णिया, किशनगंज घने से बहुत घने कोहरे की चेतावनी वाले जिले: पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल, गया तापमान की स्थिति     पटना: अधिकतम 16.5°C, न्यूनतम 13°C     औरंगाबाद व गया: अधिकतम तापमान में लगभग 7°C की गिरावट     नालंदा: 6°C की गिरावट     वैशाली: 6.2°C की गिरावट मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 4-5 दिन न्यूनतम तापमान 10°C से नीचे जा सकता है। इसके चलते जनजीवन और यातायात पर प्रभावित होगा। सुबह और रात के समय दृश्यता बेहद कम होगी। रेल, सड़क और हवाई यातायात प्रभावित हो सकता है। वाहन चालकों और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग और स्वास्थ्य विभाग की सलाह     कोहरे और ठंड में यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतें     स्वास्थ्य विभाग की एडवाइजरी का पालन करें     गर्म कपड़े पहनें और बच्चों व बुजुर्गों का ध्यान रखें  

इल्तिजा मुफ्ती ने नीतीश कुमार के खिलाफ उठाया कड़ा कदम, बढ़ सकती हैं बिहार CM की परेशानियां

श्रीनगर महबूबा मुफ्ती की बेटी इल्तिजा ने बिहार के CM नीतीश कुमार के खिलाफ श्रीनगर में केस (FIR) फाइल किया है। PDP नेता और JK असेंबली के सदस्य वहीद पारा, आगा सैयद मुंतज़िर मेहदी और मोहित भान उनके साथ थे। इल्तिजा ने नीतीश की “औरतों से नफरत करने वाली सोच” की आलोचना की और चुप्पी के बाद उमर अब्दुल्ला द्वारा उनका “बचाव” करने पर सवाल उठाया। इल्तिजा मुफ्ती ने मुख्यमंत्री नितीश कुमार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि "बेहद शर्मनाक है कि जब एक मुस्लिम महिला का नकाब सरेआम खींचा गया। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई सिर्फ मुस्लिम महिलाओं के लिए नहीं बल्कि उस हर महिला की है जो सार्वजनिक स्थानों पर खुद को असुरक्षित महसूस करती है।

थावे मंदिर में बड़ी चोरी: झारखंडी कारोबारी द्वारा अर्पित 51 लाख का मुकुट गायब

पटना बिहार के गोपालगंज जिले से एक बेहद ही चौंकाने वाली घटना सामने आई है। दरअसल यहां के प्रसिद्ध थावे दुर्गा मंदिर में चोरों ने एक चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। भारी सुरक्षा के बीच बेखौफ चोर मंदिर के गर्भगृह में घुसकर मां दुर्गा का बेशकीमती सोने का मुकुट और  दानपेटी चुरा कर फरार हो गए। वहीं घटना को लेकर भक्तों में भारी रोष है। इस घटना ने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। गहनों के साथ 50 किलो की दानपेटी भी चुराई चोरी की घटना का खुलासा उस समय हुआ जब गुरुवार की सुबह मंदिर के पुजारी और भक्त पूजा-अर्चना के लिए मां के दरबार पहुंचे। जब वहां गहने और दानपेटी गायब देखे तो उनके होश उड़ गए। मंदिर का लॉकर टूटा हुआ था और सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था। बताया जा रहा है कि गहनों के साथ 50 किलो की दानपेटी भी चुरा ले गए।   झारखंड के कारोबारी ने किया था अर्पित बता दें कि मुकुट झारखंड के एक कारोबारी ने मां के दरबार में अर्पित किया था। मां थावेवाली को 251 ग्राम वजन का करीब 51 लाख रुपये मूल्य का सोने का मुकुट चढ़ाया था। वहीं मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। सीसीटीवी फुटेज से पता लगा है कि चोर पीछे के रास्ते से सीढ़ी लगाकर अंदर घुसे। कटर की सहायता से मंदिर के ताले तोड़ चोरी की वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस वारदात की गहनता से जांच कर रही है।

कैबिनेट ने दी हरी झंडी: बिहार की नई पांच साल की योजना और तीन मुख्य प्राथमिकताएँ

पटना मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में आज कैबिनेट की अहम बैठक बुलाई गई है। मुख्यमंत्री सचिवालय के मंत्रिमंडल कक्ष में कैबिनेट की बैठक करेंगे। आज की बैठक काफी महत्वपूर्ण है। सीएम रोजगार और नौकरी समेत कई प्रमुख एजेंडों पर मुहर लगा सकते हैं। बैठक में सभी मंत्री और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। इससे नौ दिसंबर को हुई बैठक में सीएम नीतीश कुमार ने 19 एजेंडों पर मुहर लगाई थी। इसमें तीन नए विभागों बनाने के प्रस्ताव पर मुहर लगाई गई थी। इसके बाद विभागों की संख्या बढ़कर 48 हो गई। सरकार की ओर से कहा गया था कि तीन विभागों का गठन रोजगार और नौकरी के अवसर बढ़ाने के लिए हुआ है। सीएम नीतीश कुमार अपने एक्स पर लिखते हैं कि  24 नवंबर 2005 को जब से हमलोगों की सरकार बनी, तब से राज्य में कानून का राज है और लगातार 20 वर्षों से सभी क्षेत्रों और सभी वर्गों के विकास के लिए काम किया गया है। मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि राज्य में सुशासन के कार्यक्रमों के अन्तर्गत सात निश्चय (2015-2020) और सात निश्चय-2 (2020-2025) में न्याय के साथ विकास से जुड़े निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने के बाद बिहार को सर्वाधिक विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल करने हेतु अब सात निश्चय-3 कार्यक्रमों को लागू करने का निर्णय लिया गया है। ये हैं सात अहम बिंदु 1.दोगुना रोजगार- दोगुनी आय 2. . समृद्ध उद्योग-सशक्त बिहार 3.कृषि में प्रगति-प्रदेश की समृद्धि 4.उन्नत शिक्षा-उज्ज्वल भविष्य 5.सुलभ स्वास्थ्य-सुरक्षित जीवन 6.मजबूत आधार-आधुनिक विस्तार 7.सबका सम्मान-जीवन आसान

हाड़ कंपाने वाली सर्दी की दस्तक: कई जिलों में जारी हुआ अलर्ट, तापमान गिरेगा 5 डिग्री तक

पटना बिहार में दिसंबर की शुरुआत के साथ ही ठंड ने अपना असली रंग दिखाना शुरू कर दिया है। राज्य में तापमान तेजी से गिर रहा है और आने वाले दिनों में ठंड और ज्यादा बढ़ने वाली है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि 15 दिसंबर के बाद बिहार के कई जिलों में शीतलहर चल सकती है। पश्चिमी विक्षोभ से बढ़ी ठंड उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का सीधा असर अब बिहार के मौसमपर भी पड़ रहा है। पहाड़ी इलाकों में चल रही बर्फबारी के कारण मैदानी क्षेत्रों में ठंडी पछुआ हवा की रफ्तार बढ़ गई है। दिन में धूप निकलने के बावजूद हवा की तीव्रता की वजह से ठंड का एहसास बरकरार है। 15 दिसंबर के बाद तापमान में बड़ी गिरावट IMD के अनुसार, 15 दिसंबर के बाद बिहार में न्यूनतम तापमान 5°C तक गिर सकता है। दक्षिण बिहार और पठारी जिलों में ठंड का असर सबसे ज्यादा तीव्र रहने की संभावना है।     न्यूनतम तापमान: 5°C – 7°C     अधिकतम तापमान: 24°C – 26°C (सामान्य से कम) अब दिन में भी सर्दी करेगी परेशान अभी तक बिहार में ठंड का असर सुबह और रात तक सीमित था, लेकिन अब हालात बदलेंगे। 15 दिसंबर के बाद दिन में भी ठंडी हवाएं चलेंगी, जिससे धूप का असर कम महसूस होगा। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि दिसंबर के आखिरी सप्ताह में ठंड और अधिक बढ़ सकती है। क्रिसमस और नए साल के आसपास बिहार में इस सीजन की सबसे ठंडी रातें दर्ज हो सकती हैं।

बिहार का तिरुपति बालाजी मंदिर मोकामा में, सम्राट चौधरी के किए वादे का हुआ पूरा

पटना   बिहार के लोगों के लिए एक बहुत बड़ी खुशखबरी है. तिरूपति बालाजी की तर्ज पर अब बिहार के मोकामा में भी एक भव्य मंदिर आकार लेने जा रहा है. इसके लिए प्रक्रिया आगे बढ़ने लगी है. बिहार सरकार ने इस परियोजना को गति देने के लिए मोकामा खास स्थित 10.11 एकड़ जमीन पर्यटन विभाग को निःशुल्क हस्तांतरित कर दी है. इस मंदिर का निर्माण इसी जमीन पर यानी पटना जिले के मोकामा में होगा. आपको बता दें कि सितंबर में ही सम्राट चौधरी ने मोकामा में तिरुपति बालाजी मंदिर निर्माण की घोषणा की थी. अब इसकी कवायद शुरू हो गई है. मंदिर के लिए बेहद खास है मोकामा बिहार सरकार ने मोकामा अंचल के मोकामा शहर में मौजा मोकामा खास, थाना सं. 30 की 10.11 एकड़ भूमि मंदिर निर्माण के लिए उपलब्ध कराया है. अब तक इस जमीन का स्वामित्व पथ निर्माण विभाग के पास था. आपको बता दें कि पटना जिला का मोकामा शहर गंगा नदी के किनारे तीन प्राचीन जनपदों अंग, मगध और मिथिला के संगम स्थल पर स्थित है. यह नदी के उस पार अवस्थित सिमरिया घाट पर नियमित अंतराल पर लगने वाले अर्ध कुंभ मेले का प्रवेश द्वार है. इस प्रकार यह शहर सदियों से पौराणिक और ऐतिहासिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण रहा है. इतना ही नहीं, इस शहर से होकर दिल्ली हावड़ा मेन लाईन और उत्तर बिहार को दक्षिण बिहार से जोड़ने वाली रेलवे गुजरती है. सड़क सम्पर्कता के दृष्टिकोण से भी यह कई राजमार्गो से जुड़ा हुआ है. इसीलिए इस जगह का चयन मंदिर के लिए हुआ है. जानें क्या है तिरूमला तिरुपति देवस्थानम् आंध्र प्रदेश के तिरुपति में स्थित तिरूमला तिरूपति देवस्थानम् एक अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त सरकारी ट्रस्ट है. इसके द्वारा न केवल तिरूपति स्थित प्राचीन पवित्र देवस्थानों का प्रबंधन किया जाता है. बल्कि कई महत्वपूर्ण सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक गतिविधियां भी संचालित की जाती हैं. इस संस्थान द्वारा अलग -अलग राज्यों जैसे दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, तमिलनाडु, उड़ीसा, केरल और हरियाणा में देवस्थान निर्माण के साथ वेद पाठशाला, वैदिक विश्वविद्यालय, हॉस्पिटल, निर्धन लोगों, वृद्ध व्यक्तियों और कुष्ठ पीड़ितों के लिए आश्रय स्थलों के निर्माण का कार्य किया गया है. साथ ही दिव्यांगों और हृदय रोग से ग्रस्त बच्चों के लिए विशेष चिकित्सकीय व्यवस्था भी की गई है. अब बिहार में भी इस तरह की सुविधा मिलने जा ही है. तिरूमला तिरुपति देवस्थानम् ने जताया आभार आपको बता दें कि पर्यटन विभाग ने मंदिर निर्माण के लिए तिरूमला तिरुपति देवस्थानम् यानी टीटीडी के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर करने का प्रस्ताव भेज दिया है. टीटीडी के अध्यक्ष बीआर नायडू ने सोशल मीडिया पर बिहार सरकार के इस कदम की सराहना करते हुए धन्यवाद जाहिर किया. उन्होंने लिखा कि पटना के मोकामा में टीटीडी मंदिर निर्माण के लिए जमीन उपलब्ध कराना एक ऐतिहासिक फैसला है. उन्होंने 99 सालों के लिए मात्र 1 रुपये के टोकन लीज पर जमीन देने के लिए बिहार सरकार के प्रति आभार जताया. साथ ही उन्होंने यह भी लिखा कि जल्द ही मंदिर निर्माण से संबंधित विस्तृत चर्चा शुरू करेगी.