samacharsecretary.com

पटना के घर और दुकानों पर बढ़ा टैक्स, जानें क्या है वजह

पटना पटना शहर के मकान मालिकों और दुकानदारों के लिए एक अहम खबर है। दरअसल यहां पटना नगर निगम ने प्रॉपर्टी टैक्स में इजाफा कर दिया है। अब शहर के कई इलाके में लोगों को  पहले की तुलना में डेढ़ गुना तक अधिक संपत्ति कर का भुगतान करना होगा। बता दें कि यह बढ़ा हुआ संपत्ति कर उन लोगों की संपत्तियों पर लागू होगा जो अब ‘प्रधान मुख्य सड़क’ की श्रेणी में आ गई हैं। दरअसल, पटना नगर निगम ने शहर की सड़कों के पुनर्वर्गीकरण की प्रक्रिया पूरी कर ली है। इस प्रक्रिया के तहत प्रधान मुख्य सड़कों की संख्या बढ़ा दी है। पहले 24 सड़कें प्रधान मुख्य सड़क की श्रेणी में थीं। 19 नई सड़कों को ‘प्रधान मुख्य सड़क’ की श्रेणी में घोषित कर दिया है।  इन सड़कों पर करीब 5,500 से अधिक मकान और दुकानें स्थित है। जिस कारण ये मकान और दुकान अब बढ़े हुए प्रॉपर्टी टैक्स के दायरे में आ जाएंगे। नई टैक्स दरें 19 मई 2025 से प्रभावी मानी जाएगी।  बता दें कि प्रधान मुख्य सड़क की श्रेणी में आने वाली संपत्तियों से 30 रुपये प्रति यूनिट प्रॉपर्टी टैक्स की वसूली की जाएगी। 

पटना के 20 संवेदनशील इलाकों में स्पेशल महिला पुलिस तैनात, छेड़खानी पर होगी जीरो टॉलरेंस

पटना पटना में महिलाओं की सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए Shakti Safety Squad एक नया बड़ा कदम उठाने जा रहा है। टीम ने ऐसे 20 पॉइंट्स को चिह्नित किया है, जहां महिलाओं की आवाजाही ज्यादा होती है और जहां से लगातार छेड़छाड़ व असुरक्षा की शिकायतें मिलती रही हैं। जल्द ही इन स्थानों पर सिविल ड्रेस (Civil Dress) में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। इसकी जानकारी सिटी एसपी दीक्षा ने साझा की। सेंसिटिव लोकेशंस पर बढ़ाई जाएगी निगरानी शक्ति सुरक्षा दल द्वारा जिन जगहों को हॉट-स्पॉट माना गया है, उनमें एसके पुरी पार्क, जेपी गंगा पथ, ईको पार्क, सहदेव महतो मार्ग, बोरिंग रोड चौराहा और लोहिया पार्क जैसे भीड़भाड़ वाले स्पॉट शामिल हैं। इन क्षेत्रों से Harassment Complaints काफी संख्या में मिली थीं। इसी वजह से ग्राउंड पर महिला सुरक्षा बढ़ाने के लिए यह बड़ा फैसला लिया गया है।  सिर्फ नवंबर में 1909 महिलाओं ने मांगी मदद सिटी एसपी दीक्षा ने बताया कि नवंबर महीने में ही Shakti Squad Helpline पर कुल 1909 महिलाओं ने संपर्क किया। इनमें से—     62 मामलों में काउंसिलिंग की गई     45 शिकायतों पर जांच व कार्रवाई हुई     23 युवतियों को थाने भेज आगे की प्रक्रिया कराई गई शक्ति सुरक्षा दल का गठन 11 जून को किया गया था और तब से यह टीम शहरभर में सक्रिय है। खासकर उन क्षेत्रों में जहां महिलाओं की भीड़ अधिक रहती है, वहां टीम तुरंत पहुंचकर सहायता उपलब्ध कराती है। 24×7 हेल्पलाइन नंबर एक्टिव किसी भी आपात स्थिति में महिलाएं सीधे 24×7 Active Helpline Numbers पर कॉल कर सकती हैं—     9296598170     9296580210 इन नंबरों पर तत्काल मदद उपलब्ध कराई जाती है। सिटी एसपी के अनुसार, टीम की सक्रियता के कारण महिलाओं में भरोसा बढ़ा है और कई मामलों में शिकायतों पर तुरंत एक्शन लिया गया है। जल्द बढ़ेगा सुरक्षा का घेरा जल्द ही चिन्हित स्थानों पर Female Cops in Civil Dress की तैनाती से सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत हो जाएगी। इससे महिलाओं को सुरक्षित माहौल मिलेगा और असामाजिक तत्वों पर भी लगाम लगेगी।  

मंत्री मंगल पांडेय का ऐलान: पटना में बनेगा देश का सबसे बड़ा ऑर्थोपेडिक अस्पताल

पटना बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने मंगलवार को बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि बिहार में देश का सबसे बड़ा 400 बेड का हड्डी का अस्पताल बनाया जाएगा। पांडेय ने मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग के मंत्री का चौथी बार कार्यभार संभाला। इस मौके पर उन्होंने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि बिहार में 400 बेड का हड्डी का अस्पताल बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह बिहार के लिए बड़ी उपलब्धि होगी। इसके बन जाने से राज्यभर के हड्डी से जुड़े रोग से पीड़ति मरीजों को लाभ होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की इच्छा के अनुसार लोकनायक जय प्रकाश नारायण हड्डी अस्पताल के पास 215 करोड़ की लागत से‘ऑर्थो हॉस्पिटल'बनाया जाएगा। तीन महीने में इसका निर्माण पूरा करा लिया जाएगा।       स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि अस्पतालों और दूसरे स्वास्थ्य केंद्रों में रिक्तियों को भरने का काम तेजी से किया जा रहा है। पिछले कार्यकाल में बड़ी संख्या में नियुक्तियां की गई थीं। इस वर्ष दिसंबर तक सामान्य चिकित्सा पदाधिकारी के 663 खाली पदों को भर लिया जाएगा। दंत चिकित्सक के 808 पदों पर नियुक्ति की कारर्वाई दिसंबर तक पूरी हो जाएंगी। इसी तरीके से स्टाफ नर्स के 11 हजार 389 पदों पर नियुक्ति के लिए बीटीएससी ने परीक्षा संपन्न करा लिया है। नर्सिंग स्कूलों, कॉलेजों में इंटर के 498 पदों के लिए बीटीएससी से परीक्षा संपन्न किया जा चुका है। पांडेय ने कहा कि फॉर्मासिस्ट के 2473, ड्रेसर के 3326, लैब टेक्नीशियन के दो हजार 969, एक्स-रे टेक्नीशियन के 1232, शल्यकक्ष सहायक 1683, ईसीजी टेक्नीशियन के 242, दंत विज्ञानी 702 यानी तकनीकी स्तर के कुल 12 हजार 627 पदों के लिए परीक्षा हो चुका है। 12 हजार 627 पैरा मेडिकल स्टाफ, 11 हजार 389 ग्रेड ए नर्स, दंत चिकित्सा पदाधिकारी, सामान्य चिकित्सा पदाधिकारी आदि को मिलाकर करीब 26 हजार से अधिक पदों पर नियुक्ति की कार्रवाई अंतिम चरण में हैं।         स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के माध्यम से भी मानव बल की नियुक्ति की जाती है। अगले चार महीने में एनएचएम के माध्यम से 220 नेत्र सहायक, 1504 आयुष चिकित्सा पदाधिकारी, पांच हजार से अधिक एएनएम की नियुक्ति प्रक्रिया पूरी की जाएगी। विशेषज्ञ चिकित्सक के 36, सामान्य चिकित्सा पदाधिकारी के 449 एवं 216 सीएचओ की नियुक्ति एक महीने में पूरी की जाएगी। उन्होंने कहा कि एनएचएम की ओर से भी करीब सात हजार 600 विभिन्न पदों पर नियुक्ति की कारर्वाई एक से चार महीने के भीतर पूर्ण कर ली जाएगी। इस तरीके से कुल करीब 32 हजार 700 नई नियुक्तियों की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। मंत्री ने कहा कि चालू वित्तीय वर्ष में 925 करोड़ के कार्यों का शिलान्यास किया गया था। जल्द ही 610 नए हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर राज्य को दिए जाएंगे। आयुष्मान योजना के माध्यम से राज्य की जनता की सेवा की जा रही हैं। राज्य में 4 करोड़ से अधिक आयुष्मान काडर् बन चुका है। राज्य के अंदर मुख्यमंत्री चिकित्सा योजना के तहत हर साल 350 करोड़ रुपए खर्च किए जाते हैं।  

आचार संहिता प्रभावी: पटना में नहीं बजेगा डीजे, 16 नवंबर तक जश्न पर सख्त मनाही

पटना बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजों से पहले पटना जिला प्रशासन ने कानून-व्यवस्था को काबू में रखने के लिए बड़ा कदम उठाया है। चुनाव आयोग के निर्देश पर पटना जिले में आदर्श आचार संहिता (Model Code of Conduct) को 16 नवंबर तक बढ़ा दिया गया है। इस दौरान किसी भी तरह के विजय जुलूस, राजनीतिक सभा, रैली या डीजे बजाने पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। जिला प्रशासन ने साफ कहा है कि मतगणना के दिन या उसके बाद किसी भी तरह की भीड़भाड़ या उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पटना जिले की 14 विधानसभा सीटों के लिए मतगणना 14 नवंबर को एएन कॉलेज में होगी। इसी को देखते हुए जिला दंडाधिकारी (DM) ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) 2023 की धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया है। आदेश में कहा गया है कि 16 नवंबर तक किसी भी राजनीतिक सभा, जुलूस, प्रदर्शन या धरने पर रोक रहेगी। साथ ही लाउडस्पीकर और साउंड सिस्टम के इस्तेमाल पर भी पाबंदी लागू की गई है। कानून व्यवस्था से समझौता नहीं होगा: डीएम पटना डीएम पटना ने सख्त लहजे में कहा कि, “कानून-व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। जो भी व्यक्ति या पार्टी नियमों का उल्लंघन करेगी, उसके खिलाफ कार्रवाई तय है।” इसके साथ ही प्रशासन ने सभी उपमंडलीय अधिकारियों (SDO) और पुलिस अधिकारियों (SDPO) को कानून व्यवस्था पर लगातार नजर रखने का निर्देश दिया है। वहीं डिस्ट्रिक्ट कंट्रोल रूम (0612-2219810 / 2219234) को 24 घंटे सक्रिय रखा गया है ताकि किसी भी घटना पर तुरंत प्रतिक्रिया दी जा सके

एग्जिट पोल के बाद JDU समर्थकों में जोश, पटना में लगे ‘टाइगर अभी जिंदा है’ के पोस्टर

पटना बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों से पहले जेडीयू खेमे में जोश और आत्मविश्वास की नई लहर दिखाई दे रही है। पटना के जेडीयू मुख्यालय में शुक्रवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समर्थन में “टाइगर अभी जिंदा है” का बड़ा पोस्टर लगाया गया। पोस्टर में नीतीश कुमार की मुस्कुराती तस्वीर दिखाई दे रही है। पोस्टर के अंदर बड़े अक्षरों में- टाइगर अभी जिंदा है लिखा हुआ है। यहा पोस्टर इस बात का संकेत है कि एग्जिट पोल के बाद एनडीए और जेडीयू खेमे में जोश लौट आया है। गौरतलब है कि दूसरे चरण के चुनाव के बाद आए एग्जिट पोल्स ने बिहार में एनडीए गठबंधन के पक्ष में रुझान दिखाए हैं। कई चैनलों ने संकेत दिया है कि नीतीश कुमार की अगुवाई में एनडीए सरकार बनाने की स्थिति में हो सकता है। तेजस्वी ने एग्जिट पोल को नकारा वहीं राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव ने चुनाव के बाद आये 'एग्जिट पोल' को खारिज करते हुए बुधवार को कहा कि प्रदेश में महागठबंधन बड़ी जीत की तरफ बढ़ रहा है और 18 नवंबर को वह मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। तेजस्वी ने कहा कि भाजपा के प्रभाव में मीडिया अपनी विश्वसनीयता खो चुका है और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह जैसा सर्वे चाहते हैं उसी के हिसाब से आंकड़े जनता के सामने पेश किये जाते हैं। तेजस्वी यादव ने कहा कि इसी मीडिया ने ऑपरेशन सिंदूर के समय लाहौर पर भारत का कब्जा करवाया था। झारखंड और बंगाल में 'एग्जिट पोल' में भाजपा को जिताया था और अब बिहार में उसी भूमिका का निर्वहन कर रहा है। उन्होंने कहा कि देश मे मीडिया की विश्वसनीयता निम्नतम स्तर पर पहुंच गई है और एक दिन पहले इसी मीडिया ने फिल्म अभिनेता धर्मेंद्र को जीते जी मार दिया था। उन्होंने कहा कि हास्य का विषय है कि कुछ भाजपाई नेताओं में धर्मेंद्र के निधन पर शोक भी व्यक्त कर दिया था।  

पटना हादसा: मकान की छत गिरी, पांच लोगों की मौत से मचा कोहराम

पटना पटना जिले के दानापुर दियारा अंतर्गत अकीलपुर थाना क्षेत्र के मानस पंचायत स्थित मानस नया पानापुर गांव में घर की छत गिरने से एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। स्थानीय लोगों कहना है कि घर के सभी लोग सो रहे थे, अचानक छत भरभरा कर गिर गई। इसमें तीन बच्चे समेत पांच लोगों की मौत हो गई। इधर, छत गिरने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मरने वालों की पहचान बबलू (36) उसकी पत्नी रोशन खातून (32) बेटी रुखसार (12) चांदनी (2) और बेटे चांद (10) के रूप में हुई। घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। उनका कहना है की रोजाना की तरह पूरा परिवार खाना खाकर सो रहा था, इसी दौरान यह घटना हुई। हादसा इतना भीषण था कि परिवार के सभी पांचों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इधर, स्थानीय लोगों कहना है कि कुछ साल पहले ही बबलू को यह मकान आवास योजना के तहत मिला था। किसी को अंदाजा नहीं था कि यह मकान इतना कमजोर होगा। बबलू आर्थिक तंगी के कारण मकान की मरम्मत नहीं करवा पा रहा था। लोगों ने प्रशासन से अपील है कि वह इस मामले को गंभीरता से ले और पूरी घटना की जांच करे। वहीं पुलिस का कहना है कि हादसे की जांच की जा रही है। लाशों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

RJD पर बरसे अमित शाह, बोले—बिहार में फिर नहीं आने देंगे जंगलराज

पटना बिहार के चुनावी मैदान में आज गृह मंत्री अमित शाह ने जमुई में लोगों के अंदर जोश भरने का काम किया। शाह ने मंच से कहा कि एक वक्त था जब जमुई लाल खून और लाल आतंक से सना हुआ था। यही वो जमीन थी जहां नक्सलवादियों ने अपना ठिकाना बनाया था। मगर आज, मोदी जी की सरकार ने बिहार से नक्सलवाद को पूरी तरह खत्म कर दिया है। शाह ने रैली को संबोधित करते हुए जनता से कहा कि अगर आपसे जरा भी गलती हुई और आप कमल छाप या तीर छाप से जरा भी इधर-उधर गए तो फिर से जंगलराज आने वाला है। जमुई को जंगलराज चाहिए क्या? कल ही चुनाव का पहला चरण समाप्त हुआ है। लालू-राहुल की पार्टी का सूपड़ा साफ हो गया है। जमुई में भी उनका खाता नहीं खुलना चाहिए। यहां की सभी चारों सीटें आपको NDA के खाते में डालनी हैं। आरजेडी पर खूब बरसे अमित शाह रैली को संबोधित करते हुए शाह ने कहा, “कभी गया, औरंगाबाद और जमुई में नक्सलियों का राज चलता था। उन्होंने 150 साथियों के साथ धनबाद-पटना एक्सप्रेस को हाईजैक किया था और तीन यात्रियों की हत्या कर दी थी। मगर आज हालात बदल चुके हैं, चोरमारा गांव, जो मुंगेर-जमुई बॉर्डर पर है, 25 साल बाद नक्सलमुक्त हुआ है।” उन्होंने कहा, “पहले बिहार में ऐसे जिले थे जहां तीन बजे तक ही मतदान होता था, डर के माहौल में। अब शाम पांच बजे तक वोटिंग चल रही है, क्योंकि डर खत्म हो गया है।” अमित शाह ने लालू-राबड़ी राज पर भी जमकर हमला बोला। शाह ने कहा बोले, “उन दिनों बारात जाती थी तो उगाही के लिए कट्टा लेकर लोग पहुंचते थे। अपहरण, फिरौती और बीस से ज्यादा नरसंहार होता था, यही था उस दौर का बिहार। उसी जंगलराज ने बिहार की फैक्ट्रियां और कारोबार बंद करवा दिए और राज्य को गरीबी की तरफ धकेला।”

सड़कें बंद, ट्रैफिक प्लान तैयार: पटना में 2 दिन की व्यवस्था

पटना छठ पर्व के मौके पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पटना ट्रैफिक पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। 27 और 28 अक्तूबर को शहर के कई मुख्य मार्गों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव रहेगा। खासकर इन दो दिनों में अशोक राजपथ और जेपी गंगा पथ पर वाहनों की आवाजाही पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगी। दो दिन रहेगा ट्रैफिक प्रतिबंध 27 अक्तूबर को दोपहर 12 बजे से शाम 7 बजे तक और 28 अक्तूबर को देर रात 2 बजे से सुबह 8 बजे तक अशोक राजपथ और जेपी गंगा पथ पर वाहनों की आवाजाही बंद रहेंगी। इन अवधियों में केवल एम्बुलेंस, अग्निशामक, मरीज/शव वाहन और छठव्रतियों के वाहन ही चल सकेंगे। अन्य सभी निजी और व्यावसायिक वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। अशोक राजपथ पर कारगिल चौक से दीदारगंज तक पूर्ण प्रतिबंध छठ पूजा के दौरान कारगिल चौक से दीदारगंज के बीच ट्रैफिक पूरी तरह बंद रहेगा। केवल प्रशासनिक और आपातकालीन वाहन ही गुजर सकेंगे। अशोक राजपथ के सभी प्रवेश द्वार बंद रहेंगे। हालांकि, खजांची रोड से पटना कॉलेज और साइंस कॉलेज परिसर में छठव्रतियों के वाहनों के लिए विशेष पार्किंग व्यवस्था की गई है। वैकल्पिक रूट और डायवर्जन कारगिल चौक से शाहपुर तक छठव्रतियों के वाहनों को जाने की अनुमति होगी। दीघा मोड़ से आशियाना मोड़ (उत्तर से दक्षिण दिशा में) तक 27 अक्तूबर को दोपहर 2 बजे से शाम 6:30 बजे तक और 28 अक्तूबर को सुबह 3 बजे से 6 बजे तक यातायात बंद रहेगा। इस दौरान वाहन रामजीचक मोड़ से नहर रोड होकर नेहरू पथ की ओर डायवर्ट किए जाएंगे। जेपी गंगा पथ पर पूर्ण प्रतिबंध 27 और 28 अक्तूबर को जेपी गंगा पथ पर दीघा गोलंबर से दीदारगंज तक दोनों लेन में ट्रैफिक पूरी तरह बंद रहेगा। किसी भी वाहन को पार्किंग की अनुमति नहीं होगी और यू-टर्न लेने या घूमने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। दीघा पहुंचने वाले वाहन एलसीटी अंडरपास से बाहर निकलेंगे। वहीं, जेपी सेतु पूर्वी घाट और गेट-93 घाट की ओर जाने वाले वाहनों को रेलवे ब्रिज के पूरब वाले रास्ते से निर्धारित स्थल तक ही पार्किंग की अनुमति होगी।

नीतीश से उपेंद्र तक, सबको साधने की रणनीति, पटना में अमित शाह संभालेंगे कमान

नई दिल्ली बिहार विधानसभा चुनाव में दो गठबंधन आमने-सामने हैं और दोनों की ही अपनी समस्याएं हैं। एनडीए ने सीट बंटवारा तो कर लिया है, लेकिन उससे उपजी नाराजगी को थामने की चुनौती है। वहीं महागठबंधन में अब तक सीट बंटवारा ही अंतिम रूप नहीं ले सका और फिर कैंडिडेट्स को लेकर खींचतान तो बाकी ही है। इस बीच एनडीए क्राइसिस मैनेजमेंट में भी बढ़त लेने की कोशिश में है। होम मिनिस्टर अमित शाह खुद बिहार पर फोकस बढ़ा रहे हैं और अगले कुछ दिनों तक वह पटना में ही कैंप करेंगे। अलग-अलग दिनों में वह विधानसभा चुनाव होने तक पटना में समय देंगे। इसके तहत उनका पहला दौरा गुरुवार से ही शुरू हो रहा है। वह 16 से 18 अक्तूबर तक पटना में कैंप करेंगे। इस दौरान वह जेडीयू, जीतन राम मांझी, चिराग पासवान और उपेंद्र कुशवाहा के खेमे से डील करेंगे। दरअसल चर्चाएं हैं कि गठबंधन के साथियों में कुछ मतभेद हैं। नीतीश कुमार की नाराजगी की चर्चाएं हैं तो वहीं उपेंद्र कुशवाहा तो शेरो शायरी से बहुत कुछ कह ही रहे हैं। ऐसे में अमित शाह का पटना में कैंप करना मायने रखता है। वह अपने प्रवास के दौरान संगठन की बैठकों में रहेंगे। सहयोगी दलों के नेताओं से मिलेंगे और कुछ रैलियों को भी संबोधित करेंगे। कुछ प्रत्याशियों के नामांकन में भी रहेंगे होम मिनिस्टर अमित शाह अमित शाह का शेड्यूल अब तक फाइनल नहीं है, लेकिन खबर है कि कुछ प्रत्याशियों के नामांकन में भी वह शामिल हो सकते हैं। इसके बाद वह दीवाली ब्रेक पर लौटेंगे और 22 अक्तूबर से अगले 4 दिनों के लिए फिर से पटना में कैंप करेंगे। 25 अक्तूबर को उनका फिर से दिल्ली लौटने का प्लान है और उसके बाद 28 को छठ महापर्व के समापन के बाद बिहार वापसी करेंगे। भाजपा के चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, सह-प्रभारी सीआर पाटिल और यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य भी बिहार में ही रहेंगे। चर्चाएं हैं कि अमित शाह खुद हर चीज की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। प्रचार की कमान वह खुद अपने हाथ में ले चुके हैं और दूसरे राज्यों के नेताओं को भी जिम्मेदारी मिली है। कई राज्यों के सीएम और डिप्टी सीएम उतारेगी भाजपा भाजपा की प्रचार शैली अन्य दलों के मुकाबले काफी आक्रामक रहती है। इसी के तहत कई राज्यों के मुख्यमंत्री, डिप्टी सीएम, मंत्री समेत तमाम नेता बिहार पहुंचेंगे। फिलहाल पार्टी का पूरा फोकस इस बात पर है कि गठबंधन में एक राय रहे और सब मिलकर चुनाव लड़ेंगे। जनता के बीच किसी भी तरह से ऐसा संदेश ना जाए कि गठबंधन में ऑल इज वेल नहीं है।

‘ऑपरेशन जखीरा’ में बड़ी कामयाबी, पटना पुलिस ने 392 किलो विस्फोटक और 5 अपराधियों को पकड़ा

पटना पटना पुलिस ने आतिशबाजी बनाने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, एक देशी पिस्तौल और तीन कारतूस बरामद किए हैं। एक अधिकारी ने यह जानकारी देते हुए बताया कि इस संबंध में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारी ने बताया कि पिछले 40 घंटे के दौरान शहर के पश्चिमी क्षेत्र में चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन जखीरा' के तहत ये बरामदगी और गिरफ्तारियां की गईं। पटना (पश्चिम) के पुलिस अधीक्षक भानु प्रताप सिंह ने बताया, ‘‘पुलिस ने बेऊर और आईआईटी अमहारा थाना क्षेत्रों में समन्वित छापेमारी के दौरान एक वाहन, एक देशी पिस्तौल, तीन कारतूस और 392 किलोग्राम विस्फोटक सामग्री जब्त की है, जो संभवतः आतिशबाजी बनाने के लिए रखी गई थी।'' गुप्त सूचना के आधार पर की कार्रवाई अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। सिंह ने कहा कि गुप्त सूचना के आधार पर एक विशेष पुलिस दल का गठन किया गया, जिसने दोनों स्थानों पर छापेमारी कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस द्वारा जारी बयान में बताया गया कि बेऊर थाना क्षेत्र में विशुनपुर पकरी निवासी मुकुंद कुमार उर्फ मुकेश कुमार को वाहन, देशी पिस्तौल और तीन कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ रुपसपुर थाना में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं, आईआईटी अमहारा थाना क्षेत्र के तरनागर गांव में शनिवार रात चार लोगों मोहम्मद अरमान आलम (37), मोहम्मद राजा (31), मोहम्मद आफताब उर्फ अली इमाम (20) और मोहम्मद सोनू आलम उर्फ प्याजू (35) को विस्फोटक सामग्री के साथ गिरफ्तार किया गया। इन चारों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, 2023, विस्फोटक अधिनियम, 1908 और कॉपीराइट अधिनियम, 1957 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि विस्फोटक सामग्री के स्रोत तथा संभावित उपयोग का पता लगाने के लिए जांच जारी है।