samacharsecretary.com

टॉम हॉलैंड और जेंडाया की शादी की आधिकारिक पुष्टि

हॉलीवुड के मशहूर कपल जेंडाया और टॉम हॉलैंड शादी कर चुके हैं। महीनों से इनकी शादी के कयास लग रहे थे। मीडिया रिपोर्ट्स में अलग-अलग दावे किए जा रहे थे। अब खुद टॉम हॉलैंड ने यह पुष्टि कर दी है कि वे जेंडाया के साथ शादी कर चुके हैं। अभिनेता ने यह भी कहा कि इस शादी में उनके परिवार के सदस्य और दोस्त मौजूद थे शादी को लेकर टॉम हॉलैंड ने क्या कहा? टॉम ने जेंडाया संग शादी की बात कबूल कर ली है, मगर उन्होंने इस बारे में अधिक जानकारी साझा नहीं की है। फिलहाल, इस खूबसूरत जोड़ी को पसंद करने वालों के लिए यह किसी खुशखबरी से कम नहीं कि दोनों घर बसा चुके हैं। बता दें कि टॉम हॉलैंड ने हाल ही में 'एस्क्वायर' 'Esquire' से बातचीत में शादी की बात कबूल की है। शादी की फेक तस्वीर पर क्या बोले टॉम हॉलैंड? टॉम और जेंडाया की AI-जनरेटेड शादी की तस्वीरों पर दिए गए अभिनेता के जवाब से यह पुष्टि हो गई की दोनों ने पहले ही शादी कर ली है। मार्च 2026 में वायरल हुईं फेक तस्वीरों में दोनों को इटली के लेक कोमो में शादी करते हुए दिखाया गया था। बातचीत में टॉम हॉलैंड ने बताया कि ये तस्वीर देख उनकी दादी भी धोखा खा गईं और उन्हें लगा कि ये असली तस्वीरें हैं। दादी ने नाराजगी भी जताई कि उन्हें शादी में क्यों नहीं बुलाया गया। जब उनसे पूछा गया कि क्या उन तस्वीरों से कोई और भी धोखा खा गया था? इस पर हॉलैंड ने जवाब दिया, 'नहीं, मुझे किसी और रिश्तेदार को नहीं समझाना पड़ा, क्योंकि वे सभी वहां हमारी असली शादी में मौजूद थे'। इसी जवाब से कंफर्म हो गया कि दोस्तों और परिवार की मौजूदगी में इस खूबसूरत जोड़ी ने शादी की। शादी पर और जानकारी देने से किया इनकार शादी की पुष्टि तो टॉम ने कर दी, मगर इस बारे में और कुछ बताने से इनकार कर दिया। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, 'इस बारे में आपको बस इतना ही पता चलेगा'। दोनों की सीक्रेट शादी की अफवाहें कई महीनों से चल रही थीं। मार्च में इन अटकलों को और बल मिला जब ज़ेंडाया के लंबे समय से स्टाइलिस्ट रहे लॉ रोच ने इशारा किया कि शादी हो चुकी है। रेड कार्पेट पर 'एक्सेस हॉलीवुड' से बात करते हुए रोच ने मजाक में कहा, 'शादी तो हो चुकी है। आप उसे मिस कर गए'। कब से शुरू हुईं डेटिंग की अफवाहें? अब तक शादी को लेकर चल रहीं खबरों और अटकलों पर टॉम हॉलैंड और जेंडाया, दोनों ने ही चुप्पी साध रखी थी। पहली बार एक्टर ने शादी को लेकर सार्वजनिक रूप से बात की है और पुष्टि की है। इंटरव्यू में हॉलैंड ने जेंडाया के साथ अपने मजबूत रिश्ते पर बात करते हुए कहा कि वे वे एक-दूसरे के सबसे बड़े सपोर्ट सिस्टम हैं। उन्होंने जेंडाया को अपनी जिंदगी में सबसे स्पेशल इंसान और खास दोस्त बताया। टॉम हॉलैंड और जेंडाया की डेटिंग की अफवाहें सबसे पहले साल 2016 में 'स्पाइडर-मैन- होमकमिंग' की शूटिंग के दौरान शुरू हुई थीं। बता दें कि हाल ही में दोनों अपनी नई फिल्म 'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' के प्रमोशन के लिए स्पेन की राजधानी मैड्रिड पहुंचे।  

Shrek 5 का ट्रेलर रिलीज, 17 साल बाद श्रेक की धमाकेदार वापसी

  ‘श्रेक 5’ का मच अवेटेड ट्रेलर रिलीज हो चुका है और इसमें इस बार कहानी और भी मजेदार और अलग नजर आ रही है। यह फिल्म 30 जून 2027 को रिलीज होगी, यानी अभी इसमें थोड़ा समय है, लेकिन ट्रेलर ने अभी से लोगों की एक्साइटमेंट बढ़ा दी है। पुरानी कहानी से नई शुरुआत ट्रेलर की शुरुआत एक स्टोरीबुक से होती है, जिसमें 2001 वाली पहली ‘श्रेक’ फिल्म की कहानी को दोबारा दिखाया जाता है। लेकिन तभी डॉन्की बीच में आकर मजाकिया अंदाज में कहता है कि अब समय है कुछ नया करने का। इससे साफ है कि इस बार फिल्म की कहानी पहले से अलग और फ्रेश होगी। नए किरदार और मजेदार सफर श्रेक, फियोना और डॉन्की एक बार फिर जादुई दुनिया ‘फार, फार अवे’ में निकलते हैं। इस सफर में उन्हें एक बड़ा दानव, पुलिस जैसी ताकत और एक डरावना स्नोमैन मिलता है, जो ‘फ्रोजन’ के ओलाफ का मजेदार पैरोडी वर्जन लगता है। फिल्म में इस बार श्रेक और फियोना के बच्चों- फेलिशिया, फर्गस और फार्कल की भी एंट्री है, जो कहानी को और दिलचस्प बनाते हैं। गिंगी की वापसी और कॉमेडी का तड़का फैंस के पसंदीदा किरदार गिंगी (Gingy) भी वापस आ गया है और इस बार भी अपने मजेदार अंदाज से हंसी का तड़का लगाता नजर आता है। ट्रेलर के आखिर में श्रेक, फियोना, उनके बच्चे और डॉन्की जेल में फंसे नजर आते हैं। वहीं डॉन्की गाने गाता है, जिससे श्रेक और भी परेशान हो जाता है और यही सीन ट्रेलर को मजेदार एंड देता है। 17 साल बाद वापसी बता दें कि ‘श्रेक 5’ इस फ्रेंचाइजी की 17 साल बाद वापसी है। इससे पहले ‘श्रेक फॉरएवर आफ्टर’ 2010 में रिलीज हुई थी। इसके बाद ‘पस इन बोट्स’ जैसी स्पिन-ऑफ फिल्में आईं, लेकिन अब असली श्रेक की वापसी हो रही है। कुल मिलाकर, ‘श्रेक 5’ का ट्रेलर देखकर लगता है कि यह फिल्म कॉमेडी, इमोशन और एडवेंचर का शानदार मिश्रण होने वाली है।  

ईशान खट्टर का जवाब वायरल, धर्म पर पूछे सवाल को दिया अनोखा संदेश

बॉलीवुड एक्टर ईशान खट्टर इन दिनों अपनी फिल्मों से ज्यादा अपनी हाजिरजवाबी की वजह से चर्चा में हैं. हाल ही में सोशल मीडिया पर हुए एक 'आस्क मी एनीथिंग' सेशन के दौरान ईशान ने एक ऐसा जवाब दिया, जिसने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया. सवाल भी उनसे उनके धर्म से रिलेटेड किया गया था, फिर इसपर चर्चा तो होनी ही थी. किस धर्म को मानते हैं ईशान? दरअसल, एक फैन ने ईशान से उनके धर्म को लेकर सवाल पूछ लिया. फैन ने लिखा- आपका धर्म क्या है? मैं थोड़ा कन्फ्यूज हो रहा हूं. अब आमतौर पर कोई भी स्टार इस सवाल का सीधा जवाब देता, लेकिन ईशान ने अपने मजेदार अंदाज से सबको चौंका दिया. उन्होंने जवाब में लिखा- जय जीसस, श्री अल्लाह, होली स्पिरिट दी फतेह. ईशान का ये जवाब देखते ही सोशल मीडिया पर लोगों के रिएक्शन्स की बाढ़ आ गई. कई लोगों को उनका ये अंदाज बेहद पसंद आया तो कई यूजर्स इस जवाब की खूब चर्चा करते नजर आए. लेकिन बात यहीं खत्म नहीं हुई. मजाकिया जवाब के तुरंत बाद ईशान ने एक गंभीर और खूबसूरत संदेश भी दिया. उन्होंने लिखा- नेचर, दयालुता, इंसानियत और सृजन. इस कैप्शन के साथ उन्होंने अपनी एक शानदार तस्वीर भी शेयर की, जिसमें वो खूबसूरत पहाड़ों और आसमान में उड़ते हॉट एयर बैलून के बीच खड़े नजर आ रहे थे. धर्म से ज्यादा इंसानियत को मानते हैं ईशान! ईशान का फैमिली बैकग्राउंड बेहद अलग है. उनकी मां नीलिमा अजीम मुस्लिम परिवार से ताल्लुक रखती हैं, जबकि उनके पिता राजेश खट्टर पंजाबी हिंदू हैं. शायद यही वजह है कि ईशान हमेशा धर्म से ऊपर इंसानियत और प्रेम की बात करते दिखाई देते हैं. बहुत कम लोग जानते हैं कि ईशान बॉलीवुड सुपरस्टार शाहिद कपूर के सौतेले भाई हैं. दोनों की मां नीलिमा अजीम एक ही हैं, जबकि शाहिद कपूर, नीलिमा और एक्टर पंकज कपूर के बेटे हैं. एक्टर के पिता राजेश खट्टर ने भी दो शादिया की हैं. नीलिमा के बाद उन्होंने वंदना सजनानी से दूसरी शादी की. कम उम्र में शुरू हुआ था फिल्मी सफर ईशान बचपन से ही फिल्मों में एक्टिव हैं. हालांकि 2017 में उन्होंने ईरानी फिल्ममेकर माजिद मजीदी की फिल्म 'बियॉन्ड द क्लाउड्स' से बतौर लीड एक्टर डेब्यू किया और अपनी दमदार एक्टिंग से सबका ध्यान खींच लिया. फिर उन्होंने 'धड़क', 'खाली पीली', 'फोन भूत' और 'पिप्पा' जैसी फिल्मों में काम किया और धीरे-धीरे इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बना ली.

रवि किशन और रीवा किशन पहली बार साथ रियलिटी शो में नजर आएंगे

भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार और सांसद रवि किशन एक बार फिर रियलिटी शो की दुनिया में धमाकेदार वापसी करने जा रहे हैं. लेकिन इस बार उनका सफर पहले से कहीं ज्यादा खास होने वाला है. वजह है उनकी सबसे बड़ी बेटी रीवा किशन, जो पहली बार अपने पिता के साथ किसी रियलिटी शो में नजर आने वाली हैं. प्राइम वीडियो के नए हाई-वोल्टेज रियलिटी शो 'अलायंस इंडिया' में रवि किशन और रीवा किशन की जोड़ी हिस्सा लेने जा रही है. इस खबर के सामने आते ही फैंस की एक्साइटमेंट सातवें आसमान पर पहुंच गई है. सोर्स की मानें तो रवि और रीवा के बीच बेहद मजबूत बॉन्डिंग है और दोनों लंबे समय से किसी प्रोजेक्ट में साथ काम करना चाहते थे. ऐसे में 'अलायंस इंडिया' उनके लिए एकदम परफेक्ट मौका बनकर सामने आया है. अब रिश्ते की होगी असली परीक्षा! इस शो की खास बात ये है कि यहां सिर्फ टास्क जीतना ही काफी नहीं होगा. रिश्तों, भरोसे और गठजोड़ की भी कड़ी परीक्षा होगी. ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या रवि किशन एक प्रोटेक्टिव पिता बनकर बेटी का साथ देंगे या फिर गेम जीतने के लिए एक सख्त प्रतियोगी की भूमिका निभाएंगे? जहां रवि किशन को रियलिटी शोज का अच्छा-खासा अनुभव है, वहीं रीवा शो में नई एनर्जी और नजरिया लेकर आएंगी. यही वजह है कि इस पिता-बेटी की जोड़ी को शो के सबसे दिलचस्प कंटेस्टेंट्स में गिना जा रहा है. क्या करती हैं रवि किशन की बेटी? 29 साल की रीवा किशन ने साल 2020 में फिल्म सब कुशल मंगल से बॉलीवुड में कदम रखा था. इस फिल्म में उनके साथ अक्षय खन्ना भी नजर आए थे. हालांकि इसके अलावा वो और किसी फिल्म में दिखाई नहीं दी हैं. रीवा ने नसीरुद्दीन शाह के एक्टिंग प्लेग्रुप और अमेरिका के एक्टिंग कॉर्प्स इंस्टीट्यूट से एक्टिंग की पढ़ाई की है. वो कई बार पिता के साथ फिल्म इवेंट्स पर दिखाई दी हैं. वहीं रवि किशन इन दिनों अपनी हालिया सफलता का आनंद ले रहे हैं और जल्द ही फिल्म धमाल 4 में दिखाई देंगे. क्या है 'अलायंस इंडिया' का खेल? प्राइम वीडियो ने हाल ही में 'अलायंस इंडिया' का ऐलान किया है. शो को एक्टर कुणाल खेमू होस्ट करेंगे. रिपोर्ट्स के मुताबिक टीवी स्टार कुशाल टंडन और बॉलीवुड एक्ट्रेस डेजी शाह भी इस शो का हिस्सा बनने वाले हैं. प्राइम वीडियो का पिछला रियलिटी शो द ट्रेटर्स इंडिया भी दर्शकों के बीच काफी चर्चा में रहा था. अब मेकर्स को उम्मीद है कि 'अलायंस इंडिया' उससे भी बड़ा धमाका करेगा. ये छह हफ्तों तक चलने वाला शो 26 जून से शुरू होगा और रोजाना दोपहर 12 बजे स्ट्रीम किया जाएगा. अब देखना दिलचस्प होगा कि रवि किशन और रीवा किशन की जोड़ी इस भरोसे और दिमाग के खेल में कितना लंबा सफर तय कर पाती है.

मोरहाबादी मेले में महिलाओं की पहल बनी आकर्षण, मछली से बने उत्पादों ने खींचा ध्यान

रांची मोरहाबादी मैदान में आयोजित तीन दिवसीय कृषि व्यापार मेले में मंगलवार को राज्य के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में किसान, उद्यमी और आम लोग पहुंचे। मेले में कृषि, पशुपालन, मत्स्य पालन, सिंचाई, उन्नत बीज, पौधों और कृषि उपकरणों से जुड़े कई स्टॉल लगाए गए हैं, जहां लोग नई तकनीकों और व्यवसायिक संभावनाओं की जानकारी ले रहे हैं। मेले का प्रमुख आकर्षण महेशपुर मत्स्यपालन सहयोग समिति का स्टॉल रहा। समिति से जुड़ी 60 महिलाओं का समूह सामूहिक रूप से मछली पालन का कार्य कर रहा है। समूह की सदस्य सुनीता देवी ने बताया कि महिलाएं केवल मछली पालन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उससे मूल्यवर्धित उत्पाद भी तैयार कर रही हैं। मछली से समोसा, बर्गर, कटलेट और अचार बनाकर बाजार में उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मछली के अचार की खासियत यह है कि उसमें मछली की गंध बिल्कुल महसूस नहीं होती और उसका स्वाद सामान्य अचार की तरह ही होता है। इस पहल से महिलाओं को रोजगार और आत्मनिर्भरता का नया अवसर मिला है। वर्तमान में 60 महिलाएं इस कार्य से जुड़कर अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत बना रही हैं। मेले में मोती पालन की आधुनिक तकनीक भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। विशेषज्ञों ने बताया कि सीप (शीप) के माध्यम से मोती उत्पादन की प्रक्रिया में लगभग दो वर्षों का समय लगता है। इसके पालन में स्वच्छ जल, पर्याप्त ऑक्सीजन और शैवाल (ऐलगी) की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। प्रदर्शनी में मोती उत्पादन की पूरी प्रक्रिया को मॉडल और प्रदर्शन के माध्यम से समझाया गया, जिससे किसानों और युवाओं ने काफी रुचि दिखाई। इसके अलावा मेले में उन्नत किस्म के मिर्च, बैंगन तथा अन्य सब्जियों के पौधों की भी बिक्री की जा रही है। किसान नई किस्मों के बीज और पौधों की जानकारी लेकर अपनी खेती को अधिक लाभकारी बनाने के उपाय जान रहे हैं।  

हाईकोर्ट ने कहा विशेषज्ञों की राय पर अदालत नहीं ले सकती प्रतिस्थापन, भर्ती प्रक्रिया पर बड़ा फैसला

चंडीगढ़  हरियाणा सिविल सेवा (एचसीएस) प्रारंभिक परीक्षा-2026 की उत्तर कुंजी और परिणाम को चुनौती देने वाली याचिकाओं को खारिज करते हुए पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया है कि अदालतें शैक्षणिक और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मामलों में विशेषज्ञों की राय का स्थान नहीं ले सकतीं। जस्टिस जगमोहन बंसल ने कहा कि जब तक उत्तर कुंजी में त्रुटि प्रत्यक्ष, स्पष्ट और संदेह से परे साबित न हो, तब तक न्यायिक हस्तक्षेप उचित नहीं है। अदालत ने यह भी कहा कि किसी प्रश्न के उत्तर को लेकर यदि संदेह या अस्पष्टता हो तो उसका लाभ परीक्षा आयोजित करने वाली संस्था को दिया जाना चाहिए, न कि अभ्यर्थी को। हाईकोर्ट एचसीएस (कार्यकारी शाखा) एवं संबद्ध सेवाओं की भर्ती प्रक्रिया से संबंधित याचिकाओं पर सुनवाई कर रहा था। याचिकाकर्ताओं ने 26 अप्रैल को आयोजित प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम और अंतिम उत्तर कुंजी को चुनौती दी थी। सुनवाई के दौरान अदालत ने क्या पाया? उनका कहना था कि सामान्य अध्ययन और सिविल सर्विसेज एप्टीट्यूड टेस्ट (सीसैट) के कई प्रश्नों के उत्तर गलत हैं तथा प्रमाणिक स्रोतों के विपरीत हैं। सुनवाई के दौरान अदालत ने पाया कि परीक्षा के बाद हरियाणा लोक सेवा आयोग (एचपीएससी) ने 28 अप्रैल को अस्थायी उत्तर कुंजी वेबसाइट पर अपलोड कर अभ्यर्थियों से आपत्तियां मांगी थीं। प्राप्त आपत्तियों को विषय विशेषज्ञों के पास भेजा गया, जिनकी राय के आधार पर कुछ उत्तरों में संशोधन किया गया और 2 मई को संशोधित उत्तर कुंजी जारी की गई। इसके बाद 4 मई को परिणाम घोषित किया गया।हाईकोर्ट ने आयोग को निर्देश देकर यह भी जानकारी मांगी थी कि कुल कितनी आपत्तियां प्राप्त हुईं और उन्हें निपटाने में कितना समय लगा। इसके साथ ही विशेषज्ञ समिति के सदस्यों की टिप्पणियां भी तलब की गई थीं। आयोग ने जवाब में बताया कि अदालत के निर्देश के बाद विवादित प्रश्नों पर विशेषज्ञों से दोबारा राय ली गई, लेकिन उन्होंने अंतिम उत्तर कुंजी में किसी अतिरिक्त बदलाव की आवश्यकता नहीं बताई।याचिकाकर्ताओं ने दलील दी कि अंतिम उत्तर कुंजी तैयार करने से पहले उन्हें अन्य अभ्यर्थियों की आपत्तियों पर प्रतिक्रिया देने का अवसर नहीं दिया गया। हालांकि अदालत ने इस तर्क को स्वीकार नहीं किया और कहा कि ऐसा कोई नियम, विनियमन या विज्ञापन की शर्त नहीं है जो आयोग को ऐसी प्रक्रिया अपनाने के लिए बाध्य करती हो। जस्टिस बंसल ने अपने फैसले में विभिन्न निर्णयों का हवाला देते हुए कहा कि उत्तर कुंजी को चुनौती देने वाले अभ्यर्थी पर यह साबित करने का दायित्व होता है कि त्रुटि इतनी स्पष्ट है कि उसके लिए किसी अनुमान या विस्तृत तर्क की आवश्यकता न पड़े। अदालत ने कहा कि रिकार्ड से यह साबित नहीं होता कि विशेषज्ञों द्वारा स्वीकार किए गए उत्तर प्रत्यक्ष रूप से गलत हैं। इसलिए विशेषज्ञों की राय को प्रतिस्थापित करने का कोई आधार नहीं बनता। फैसले में अदालत ने यह भी कहा कि यदि हर आपत्ति पर पुन आपत्ति और फिर पुनर्विचार की अनुमति दी जाए तो भर्ती प्रक्रिया कभी समाप्त नहीं हो सकेगी। चूंकि यह केवल प्रारंभिक परीक्षा थी और मुख्य परीक्षा इसी माह के अंत में प्रस्तावित है, इसलिए कुछ असफल अभ्यर्थियों की मांग पर पूरी चयन प्रक्रिया रोकना सार्वजनिक हित और सफल उम्मीदवारों दोनों के लिए नुकसानदेह होगा। इसी आधार पर सभी याचिकाएं खारिज कर दी गईं।  

लखनऊ वनडे: भारत 402 पर ऑलआउट, अफगानिस्तान का पीछा शुरू

 लखनऊ भारत और अफगानिस्तान के बीच खेली जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला बुधवार (17 जून) को लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में है. इस मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले खेलते हुए 402 रनों पर ऑलआउट हो गई. अब अफगान‍िस्तान की टीम रनचेज कर रही है.मुकाबले में टॉस अफगान‍िस्तान के कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी ने जीता और गेंदबाजी करने का फैसला किया. मुकाबले के अपडेट और स्कोरकार्ड के लिए इस पेज को र‍िफ्रेश करते रहें. भारतीय पारी की हाइलाइट्स लखनऊ में हुए इस मुकाबले में यशस्वी जायसवाल और कुलदीप यादव की टीम में वापसी हुई, वहीं प्रिंस यादव डेब्यू का डेब्यू हुआ. मुकाबले में भारत की शुरुआत खराब रही, यशस्वी जायसवाल मोहम्मद सलीम साफी की गेंद पर नांगेयालिया खारोटी को 4 रनों पर कैच थमा बैठे. हालांकि इसके बाद रोहित शर्मा और तीसरे नंबर पर खेलने उतरे शुभमन ग‍िल ने संभलकर खेलना शुरू किया. रोहित 48 रन पर राश‍िद खान की फ‍िरकी में फंसकर बोल्ड हो गए. रोहित के आउट होते ही भारतीय टीम का स्कोर 96/2 हो गया . इसके बाद शुभमन ग‍िल ने 38 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया. दूसरी ओर ईशान किशन ने भी 52 गेंदों पर अपना अर्धशतक कंपलीट किया. वहीं शुभमन ग‍िल जमे रहे और उन्होंने अपना शतक 77 गेंदों में पूरा किया. ग‍िल का वनडे में यह नौवां शतक रहा. शुभमन के बाद ईशान ने भी 71 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया. ईशान का यह वनडे कर‍ियर का दूसरा शतक रहा. ईशान किशन 79 गेंदों में 125 रन जड़कर नांगेयालिया खारोटी की गेंद पर कैच आउट हुए, उनकी पारी में 14 चौके और 7 छक्के शाम‍िल रहे. अफगानिस्तान के स्पिनर नांगेयालिया खारोटी ने कुछ ही ओवरों में मैच का रुख बदलने की कोशिश की. 42.3 ओवर में उन्होंने शानदार बल्लेबाजी कर रहे शुभमन गिल को 154 रन पर आउट किया. गिल रिवर्स स्वीप खेलने के प्रयास में डीप कवर पर कैच दे बैठे. अगली ही गेंद पर केएल राहुल बिना खाता खोले लॉन्ग ऑन पर कैच आउट हो गए. इसके बाद 44.3 ओवर में खारोटी ने श्रेयस अय्यर का भी विकेट झटक लिया, जो 26 रन बनाकर बड़े शॉट की कोशिश में लॉन्ग ऑन पर कैच दे बैठे. खारोटी ने लगातार अंतराल पर तीन बड़े विकेट लेकर भारत को झटके दिए. खारोटी ने कुल 4 व‍िकेट झटके गुरनूर बरार और अर्शदीप सिंह 3-3 रन बनाकर आउट हुए. वॉश‍िंंगटन सुंदर 19 रन बनाकर राश‍िद खान की गेंद पर आउट हुए. भारतीय टीम 49.5 ओवर्स में 402 रन बनाकर आउट हो गई. आउट होने वाले आख‍िरी बल्लेबाज प्र‍िंस यादव रहे. अफगानिस्तान के ख‍िलाफ सबसे बड़ा ODI टोटल 417/6 ऑस्ट्रेलिया, पर्थ, 2015 402 इंडिया, लखनऊ, 2026 397/6 इंग्लैंड, मैनचेस्टर, 2019 381/3 श्रीलंका, पल्लेकेले, 2024 लखनऊ वनडे में भारत की प्लेइंग इलेवन: यशस्वी जायसवाल, रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, गुरनूर बरार, अर्शदीप सिंह और प्रिंस यादव लखनऊ वनडे में अफगानिस्तान की प्लेइंग इलेवन: रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), इब्राहिम जादरान, सदिकुल्लाह अटल, रहमत शाह, हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), दरविश रसूली, राशिद खान, नांगेयालिया खारोटी, एएम गजनफर, मोहम्मद सलीम साफी और बिलाल सामी भारत और अफगान‍िस्तान का हेड टू हेड भारत और अफगानिस्तान के बीच अब तक केवल 5 वनडे इंटरनेशनल मुकाबले हुए हैं. इस दौरान भारतीय टीम ने चार मैचों में जीत हासिल की. वहीं एक मुकाबला टाई पर छूटा. यानी भारतीय टीम का पलड़ा अफगानिस्तान के खिलाफ पूरी तरह भारी रहा है.

विकास और पर्यावरण में संतुलन की पहल, नई पॉलिसी के तहत पेड़ों की कटाई पर कड़े नियम

ग्वालियर मध्यप्रदेश सरकार ने विकास परियोजनाओं के दौरान पेड़ों की कटाई को कम करने के उद्देश्य से 'ट्री ट्रांसलोकेशन पॉलिसी-2026' का मसौदा तैयार किया है।  यह ड्राफ्ट हाई कोर्ट की डबल बेंच के समक्ष पेश किया गया। प्रस्तावित नीति के तहत सड़क, मेट्रो, रेलवे और फ्लाईओवर जैसी परियोजनाओं में पेड़ों को काटने के बजाय वैज्ञानिक तरीके से दूसरी जगह प्रत्यारोपित करने पर जोर दिया गया है। थाटीपुर पुनर्विकास परियोजना के बाद बनी नीति सरकारी सूत्रों के अनुसार, ग्वालियर के थाटीपुर पुनर्विकास परियोजना के दौरान बड़ी संख्या में पेड़ों का प्रत्यारोपण किया गया था। बाद में पर्याप्त देखरेख नहीं होने से कई पेड़ नष्ट हो गए। इस मामले में हाई कोर्ट ने संज्ञान लेते हुए सरकार से स्पष्ट नीति बनाने को कहा था। हाई कोर्ट के निर्देश के बाद तैयार हुआ ड्राफ्ट न्यायालय ने सरकार को निर्देश दिए थे कि पेड़ों के प्रत्यारोपण और कटाई से संबंधित कार्य वैज्ञानिक मानकों और स्पष्ट नीति के आधार पर किए जाएं। इसके बाद राज्य सरकार ने ट्री ट्रांसलोकेशन पॉलिसी का मसौदा तैयार किया। पेड़ काटना नहीं होगा पहला विकल्प प्रस्तावित नीति के अनुसार किसी भी निर्माण एजेंसी को यह साबित करना होगा कि परियोजना के डिजाइन में बदलाव कर पेड़ों को बचाने के सभी विकल्पों पर विचार किया गया है। यदि पेड़ों को हटाना अपरिहार्य हो, तो प्रभावित पेड़ों में से कम से कम 80 प्रतिशत का वैज्ञानिक तरीके से प्रत्यारोपण करना होगा। जियो-टैगिंग और ऑनलाइन मॉनिटरिंग नीति में प्रत्यारोपित पेड़ों और उनके स्थान पर लगाए जाने वाले नए पौधों की जियो-टैगिंग का प्रावधान किया गया है। इसके लिए एक केंद्रीकृत ऑनलाइन डैशबोर्ड विकसित किया जाएगा। डैशबोर्ड पर पेड़ों की लोकेशन, तस्वीरें और रखरखाव से जुड़ी जानकारी उपलब्ध रहेगी, जिससे निगरानी और पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सकेगी। नए पौधे लगाने की भी व्यवस्था ड्राफ्ट के अनुसार प्रत्यारोपित किए गए प्रत्येक पेड़ के बदले निर्धारित संख्या में नए पौधे लगाने होंगे। इन पौधों की निगरानी भी डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से की जाएगी।

सनी-डिंपल की तस्वीरें लेने पर थी रोक, फोटोग्राफर का बड़ा खुलासा

बॉलीवुड गलियारों में कई अधूरी प्रेम कहानियां आज भी हॉट टॉपिक हैं. सनी देओल और डिंपल कपाड़िया भी उन्हीं सितारों में से एक हैं. सालों से दोनों के अफेयर के चर्चे हो रहे हैं. अब एक फोटोग्राफर ने दोनों के रिश्ते को लेकर चौंकाने वाला खुलासा किया है. सेट पर साथ आते थे सनी-डिंपल सनी और डिंपल ने कई फिल्मों में साथ काम किया है. एक समय पर दोनों के अफेयर के चर्चे थे. कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि दोनों एक-दूसरे संग रिलेशनशिप में हैं. हिंदी रश को दिए इंटरव्यू में फोटोग्राफर रमांकांत मुंडे ने दोनों के बॉन्ड को लेकर अनसुनी स्टोरी शेयर की. उन्होंने कहा कि पैरराजी कल्चर शुरू होने से पहले वो एक्टर्स की तस्वीरें खींच रहे हैं. रमांकांत मुंडे ने कहा कि उन्हें अपने करियर में कुछ ऐसे स्टार्स मिले, जो खुद को पब्लिक और लाइमलाइट से दूर रखना चाहते थे. उस दौरान सभी फोटोग्राफर्स से कह दिया गया था कि कोई भी सनी और डिंपल की फोटो नहीं लेगा. कई बार सनी देओल और डिंपल कपाड़िया फिल्म के सेट या इवेंट में साथ आते थे. लेकिन दोनों को साथ में फोटो क्लिक कराना पसंद नहीं था. ये बात हर किसी को पता थी. कई बार फोटोग्राफर्स को एक्टर्स के आने से पहले ही तस्वीरें ना क्लिक करने हिदायत दी जाती थी. रमांकांत ने बताया कि सनी और डिंपल की टीम की ओर से ये मैसेज दिया जाता था कि दोनों की साथ में फोटो नहीं लेनी है. ये मैसेज हर फोटोग्राफर तक पहुंचाया जाता था. कई बार टीम यही बात इशारों में समझाती थी. उन्होंने कहा कि आज की तरह पहले स्टार्स की कैंडिड फोटोज की वैल्यू नहीं होती थी. पहले स्टार्स अच्छे कपड़े, मेकअप और जूलरी में होते थे. उस समय जो उनकी तस्वीरें बेची जाती थीं, वो बहुत खूबसूरत होती थीं. रमांकांत ने कहा कि पर अब सब बदल चुका है और फोटोग्राफर्स सेलेब्स की छोटी से छोटी चीज में कैमरे में कैप्चर लेते हैं. सनी और डिंपल की बात करें, तो कुछ साल पहले दोनों का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें दोनों विदेश के एक बस स्टैंड पर एक-दूजे का हाथ थामे दिख रहे थे. पर अब तक इन्होंने अपने रिलेशन पर ऑफिशियली कुछ नहीं कहा है.

Kalki 2898 AD के सीक्वल में Alia Bhatt की एंट्री की चर्चा तेज

प्रभास स्टारर 'कल्कि 2898 एडी' के सीक्वल को लेकर इन दिनों जबरदस्त चर्चा हो रही है. फिल्म से दीपिका पादुकोण के बाहर होने की खबर के बाद से ही फैंस एक सवाल का जवाब तलाश रहे हैं- आखिर उनकी जगह कौन लेगा? और अब इस सवाल के बीच आलिया भट्ट का नाम सामने आने से सोशल मीडिया पर हलचल मच गई है. हालांकि अगर आप सोच रहे हैं कि आलिया सीधे दीपिका को रिप्लेस करने जा रही हैं, तो मामला थोड़ा अलग है. नई रिपोर्ट्स के मुताबिक, आलिया भट्ट फिल्म में एक बेहद खास और दमदार किरदार निभाती नजर आ सकती हैं. वैष्णो देवी बनेंगी आलिया? खबरों की मानें तो आलिया भट्ट को फिल्म में देवी वैष्णो देवी के रोल के लिए अप्रोच किया गया है. इतना ही नहीं, उनका किरदार कलयुग के उन दिव्य चिरंजीवियों में से एक हो सकता है, जिनका मकसद सुमति और उसके गर्भ में पल रहे बच्चे की रक्षा करना होगा. अगर ऐसा होता है तो 'कल्कि 2' में आलिया का रोल सिर्फ कैमियो नहीं, बल्कि कहानी का एक बेहद अहम हिस्सा साबित हो सकता है. हाल ही में आलिया की अल्फा का ट्रेलर जारी हुआ है, जिसमें उनके किरदार का नाम सीता बताया गया है. वो फिल्म में हाई ऑक्टेन एक्शन करती दिखेंगी. अगर कल्कि 2898 एडी में वैष्णो देवी का किरदार निभाने की खबर सही निकलती है तो आलिया के करियर के लिए ये बड़ा जंप होगा. नाग अश्विन ने तोड़ी चुप्पी आलिया की कास्टिंग को लेकर बढ़ती अटकलों के बीच डायरेक्टर नाग अश्विन ने भी रिएक्ट किया है. उन्होंने साफ कहा कि अभी तक किसी भी कास्टिंग को लेकर ऑफिशियल अनाउंसमेंट नहीं हुई है. उन्होंने कहा- हमें अभी ये बताना है कि कल्कि 2 में सुमति का किरदार कौन निभाएगा. फिलहाल जो भी बातें चल रही हैं, वो सिर्फ अटकलें हैं. लेकिन इतना तय है कि ये किरदार फिल्म में जरूर रहेगा क्योंकि कहानी के लिए ये बेहद महत्वपूर्ण है. यानि मेकर्स ने न तो आलिया की एंट्री कन्फर्म की है और न ही इन खबरों को पूरी तरह खारिज किया है. आखिर क्यों हुई थी दीपिका की विदाई? सितंबर 2025 में मेकर्स ने एक ऑफिशियल बयान जारी कर फैंस को बड़ा झटका दिया था. बयान में बताया गया कि दीपिका पादुकोण अब 'कल्कि 2' का हिस्सा नहीं होंगी. मेकर्स ने कहा था कि 'कल्कि जैसी फिल्म को पूरी प्रतिबद्धता की जरूरत है और कई दौर की बातचीत के बाद हमने अलग होने का फैसला किया है.' इसके बाद इंडस्ट्री में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं. कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि दीपिका ने अपनी फीस में 25 फीसदी बढ़ोतरी और सिर्फ 7 घंटे की शिफ्ट की मांग रखी थी. कहा गया कि मेकर्स और एक्ट्रेस के बीच इन शर्तों को लेकर सहमति नहीं बन पाई. दीपिका ने भी दिया था जवाब फिल्म से बाहर होने के कुछ समय बाद दीपिका पादुकोण ने बिना किसी का नाम लिए इस पूरे विवाद पर प्रतिक्रिया दी थी. उन्होंने कहा था कि वो हमेशा अपने संघर्ष सम्मान और शालीनता के साथ लड़ती हैं और सार्वजनिक विवादों का हिस्सा बनना उन्हें पसंद नहीं है. हालांकि दीपिका ने सीधे तौर पर 'कल्कि 2' विवाद का जिक्र नहीं किया, लेकिन उनके बयान को इसी मामले से जोड़कर देखा गया. फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या वाकई आलिया भट्ट 'कल्कि 2' का हिस्सा बनने जा रही हैं? और अगर हां, तो क्या उनका किरदार फिल्म की कहानी में कोई बड़ा ट्विस्ट लेकर आएगा? जब तक मेकर्स आधिकारिक घोषणा नहीं कर देते, तब तक फैंस के बीच कयासों का दौर जारी रहने वाला है. लेकिन एक बात तय है कि'कल्कि 2' रिलीज से पहले ही सुर्खियों का सुपरहिट पैकेज बन चुकी है.