samacharsecretary.com

देशभर में एलपीजी सप्लाई पर सख्ती, 990 FIR और 1.2 लाख छापेमारी से हड़कंप

नई दिल्ली  देशभर में एलपीजी की निष्पक्ष आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन ने बड़े स्तर पर कार्रवाई की। कंपनी ने जानकारी दी कि अब तक 10,600 से अधिक निरीक्षण किए गए हैं। नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों व एजेंसियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए गए हैं। इनमें कारण बताओ नोटिस जारी करना और सस्पेंशन जैसी कार्रवाई शामिल है। कंपनी ने यह भी बताया कि राज्य सरकारों के साथ मिलकर देशभर में 1.2 लाख से अधिक छापेमारी की गई है और 990 से ज्यादा एफआईआर दर्ज की गई हैं, ताकि एलपीजी की निष्पक्ष वितरण व्यवस्था बनी रहे। इंडियनऑयल ने कहा कि इंडेन गैस डिस्ट्रीब्यूटर्स पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, जिससे सेवा मानकों को बनाए रखते हुए हर सही उपभोक्ता तक गैस पहुंच सके। घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता     इंडियन ऑयल ने स्पष्ट किया कि घरेलू उपभोक्ताओं के लिए एलपीजी की आपूर्ति को प्राथमिकता दी जा रही है।     कंपनी का फोकस पारदर्शिता, दक्षता और बिना रुकावट वितरण सुनिश्चित करने पर है।     डायवर्जन, कालाबाजारी और जमाखोरी को रोकने के लिए कड़ी निगरानी और सख्त प्रवर्तन उपाय लागू किए गए हैं। कितने सिलेंडरों की डिलीवरी और बिक्री?     सरकार के अनुसार 10 अप्रैल को देशभर में 51.5 लाख से अधिक घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की डिलीवरी की गई।     इसी दिन लगभग 1 लाख 5 किलोग्राम फ्री ट्रेड एलपीजी (एफटीएल) सिलेंडर भी बेचे गए, जबकि फरवरी 2026 में इनकी औसत दैनिक बिक्री करीब 77,000 थी।     सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों ने पिछले 8 दिनों में करीब 2,900 जागरूकता शिविर लगाए, जिनमें 29,000 से अधिक 5 किलोग्राम वाले सिलेंडर बेचे गए।     पेट्रोलियम मंत्रालय ने बताया कि 23 मार्च 2026 से अब तक 12 लाख से ज्यादा 5-किलोग्राम एफटीएल सिलेंडर छात्रों और प्रवासी मजदूरों जैसे कमजोर वर्गों को उपलब्ध कराए गए हैं।     इन सिलेंडरों को राज्य सरकारों के पास रखा जाएगा ताकि ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (ओएमसी) की मदद से इन्हें खास तौर पर प्रवासी मजदूरों तक पहुंचाया जा सके। मंत्रालय ने की लोगों से अपील मंत्रालय ने नागरिकों से अपील की है कि पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की घबराहट में खरीदारी न करें और केवल आधिकारिक सोर्स पर भरोसा करें। उपभोक्ताओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म से गैस बुक करने और डिस्ट्रीब्यूटर के पास जाने से बचने की सलाह दी गई है। साथ ही पीएनजी, बिजली या इंडक्शन जैसे वैकल्पिक ईंधनों के उपयोग और ऊर्जा बचत पर भी जोर दिया गया है।  

HDFC बैंक और ICICI बैंक बने सबसे बड़े गेनर, रिलायंस और इंफोसिस को नुकसान

नई दिल्ल भारतीय शेयर बाजार में पिछले सप्ताह आई जबरदस्त तेजी के बीच देश की सबसे मूल्यवान टॉप-10 कंपनियों में से 8 के मार्केट कैप में कुल 4,13,003.23 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है। इस दौरान HDFC बैंक और ICICI बैंक सबसे बड़े मुनाफे वाले शेयर बनकर उभरे। वहीं रिलायंस और इंफोसिस कंपनियां नुकसान में रहीं। पिछले सप्ताह बीएसई सेंसेक्स 4,230.7 अंक (5.77%) और निफ्टी 1,337.5 अंक (5.88%) की भारी बढ़त के साथ बंद हुए थे। एक्सपर्ट के मुताबिक बाजार में तेजी इन दो प्रमुख कारणों से आई:     अमेरिका और ईरान के बीच अस्थायी युद्धविराम की खबरों ने निवेशकों के सेंटीमेंट को सकारात्मक बनाया।     अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल के नीचे आने से घरेलू चिंताओं में कमी आई और बाजार में चौतरफा खरीदारी देखी गई। किन कंपनियों को हुआ फायदा?     HDFC बैंक: सबसे ज्यादा 91,282.67 करोड़ रुपये का लाभ हुआ। अब इसका कुल मार्केट कैप 12,47,478.57 करोड़ रुपये हो गया है।     ICICI बैंक: इसकी वैल्युएशन 76,036.36 करोड़ रुपये बढ़कर 9,46,741.85 करोड़ रुपये पर पहुंच गई।     Bajaj Finance: मार्केट कैप 60,980.35 करोड़ रुपये बढ़ा। अब यह कुल 5,75,206.47 करोड़ रुपये हो गया है।     Larsen & Toubro (L&T): बाजार पूंजीकरण में 47,624.97 करोड़ रुपये की वृद्धि हुई और यह 5,44,736.59 करोड़ रुपये हो गया।     Bharti Airtel: कंपनी की वैल्युएशन में 45,873.43 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ। अब यह बढ़कर 10,66,293.69 करोड़ रुपये हो गया है।     State Bank of India (SBI): इसका मार्केट कैप 43,614.67 करोड़ रुपये बढ़कर 9,84,629.98 करोड़ रुपये हो गया।     TCS: मार्केट कैप 26,303.49 करोड़ रुपये बढ़ा। इसी के साथ यह 9,13,331.92 करोड़ रुपये हो गया है।     Hindustan Unilever (HUL): इसकी वैल्युएशन 21,287.29 करोड़ रुपये बढ़कर 5,06,477.89 करोड़ रुपये हो गई है। इन्हें हुआ नुकसान बाजार की इस रैली के बावजूद दो दिग्गज कंपनियों के मूल्यांकन में गिरावट दर्ज की गई:     Infosys: इसका मार्केट कैप 3,285.03 करोड़ रुपये घटकर 5,24,124.40 करोड़ रुपये रह गया।     Reliance Industries : देश की सबसे मूल्यवान कंपनी के मार्केट कैप में 947.28 करोड़ रुपये की मामूली गिरावट आई और यह 18,27,086.79 करोड़ रुपये रह गया। सबसे मूल्यवान कंपनी कौन? पिछले हफ्ते नुकसान के बाद भी रिलायंस इंडस्ट्रीज देश की सबसे मूल्यवान कंपनी बनी हुई है। इसके बाद HDFC बैंक, भारती एयरटेल, भारतीय स्टेट बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, टीसीएस, बजाज फाइनेंस, लार्सन एंड टुब्रो, इन्फोसिस और हिंदुस्तान यूनिलीवर का स्थान है।

राजस्थान में ओलावृष्टि से तबाही, ई-गिरदावरी ऐप से नुकसान दर्ज करने की सुविधा

जयपुर राजस्थान में बीते दिनों बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है और किसानों को मुआवजा देने की तैयारी की जा रही है। राजस्थान के नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन राज्यमंत्री झाबर सिंह खर्रा ने शनिवार को यह जानकारी दी। खर्रा के मुताबिक फसलों को हुए नुकसान के लिए गिरदावरी की प्रक्रिया जारी है और किसान खुद भी मोबाइल एप (ई-गिरदावरी) के जरिए अपनी-अपनी फसलों को हुए नुकसान की डिटेल को अपलोड कर सकते हैं। उन्होंने शनिवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि ‘फसल के नुकसान का आकलन दो तरीके से किया जा रहा है।सरकारी स्तर पर गिरदावरी की जा रही है, और किसान मोबाइल एप का इस्तेमाल करके अपने खेतों से नुकसान की डिटेल भी अपलोड कर सकते हैं।’ कांग्रेस पर भी कसा तंज वहीं पिछली कांग्रेस सरकार पर तंज कसते हुए उन्होंने आगे कहा, ‘एक समय था जब मुआवजा तभी दिया जाता था जब नुकसान 50% से ज्यादा हो। अब, किसान 33% नुकसान पर भी इसके पात्र हैं, और मुआवजे की राशि में भी बढ़ोतरी की गई है।’ कई जिलों में लगातार बारिश और ओलावृष्टि से नुकसान आपको बता दें कि मजबूत पश्चिमी विक्षोभ के चलते प्रदेश के कई जिलों में लगातार बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को काफी नुकसान हुआ है। विशेषकर खेतों में खड़ी फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। ऐसी आशंका जताई गई है कि इस दौरान गेहूं, सरसों और चना जैसी फसलों को भी खासा नुकसान पहुंचा है। बारिश के चलते खेतों में पानी भर गया था। मुख्यमंत्री ने किया है उचित मदद का वादा बीते महीने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सभी जिला क्लेक्टर को बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान का सर्वे करवाने और रिपोर्ट देने के निर्देश दिए थे। सीएम ने इस दौरान कहा कि किसानों का दर्द उनकी सरकार का ही दर्द है। उन्होंने कहा है कि सभी पीड़ित किसानों को उचित मदद दी जाएगी।  

साइबर ठगी रैकेट का खुलासा, बैंक कर्मचारी फर्जी खाते के आरोप में गिरफ्तार

नई दिल्ली दिल्ली में साइबर ठगी रैकेट से जुड़े मामले में एक निजी बैंक कर्मचारी की गिरफ्तारी ने जांच एजेंसियों को बड़ा सुराग दिया है. दिल्ली पुलिस के अनुसार, 35 वर्षीय बैंक कर्मचारी इरशाद मलिक को फर्जी दस्तावेजों के आधार पर बैंक खाता खोलकर ठगी की रकम ट्रांसफर कराने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. आरोपी मूल रूप से गाजियाबाद का रहने वाला है. पुलिस ने बताया कि यह मामला अक्टूबर 2023 में द्वारका में दर्ज एक एफआईआर से जुड़ा है. शिकायत एक पुलिस अधिकारी ने दर्ज कराई थी, जिसमें उनके बैंक खाते से बिना अनुमति और बिना ओटीपी प्रमाणीकरण के 88 हजार रुपये की अनधिकृत निकासी की बात सामने आई थी. जांच के दौरान सामने आया कि रकम एक निजी बैंक खाते में ट्रांसफर की गई थी. आगे की जांच में पता चला कि यह खाता एक निजी फर्म के नाम पर खोला गया था, लेकिन इसके लिए इस्तेमाल किए गए दस्तावेज फर्जी थे. दस्तावेजों में जिस व्यक्ति का नाम इस्तेमाल किया गया, उसने बाद में ऐसे किसी खाते की जानकारी होने से साफ इनकार कर दिया. फर्जी दस्तावेजों से खोला गया खाता पुलिस के मुताबिक, फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की जांच में खाता खोलने वाले फॉर्म पर किए गए हस्ताक्षर फर्जी पाए गए. साथ ही यह भी सामने आया कि खाता बिना उचित केवाईसी प्रक्रिया पूरी किए ही खोल दिया गया था. यह गंभीर लापरवाही और जानबूझकर नियमों की अनदेखी का मामला माना जा रहा है. जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि इरशाद मलिक की मुलाकात सह-आरोपी हरजिंदर उर्फ हरजी से हुई थी. हरजी ने उसे कमीशन का लालच देकर ऐसे फर्जी खातों को खोलने और ठगी की रकम ट्रांसफर कराने के लिए तैयार किया. पुलिस ने 10 अप्रैल को आरोपी को न्यू फ़्रेंड्स कॉलोनी से गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने जानबूझकर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर खाता खोला और ठगी की रकम को आगे भेजने के बदले कमीशन लिया. पुलिस के अनुसार यह खाता एक बड़े साइबर ठगी नेटवर्क में इस्तेमाल हो रहा था, जहां लोगों को सोशल मीडिया समूहों के जरिए नकली निवेश और पार्ट-टाइम नौकरी के झांसे देकर फंसाया जाता था. पहले भी गिरफ्तार हो चुके हैं चार आरोपी पुलिस ने बताया कि इस मामले में चार सह-आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं और फिलहाल जमानत पर बाहर हैं. मामले की जांच जारी है और साइबर ठगी के इस बड़े नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है.

युद्ध का पर्यटन पर असर: शाही ट्रेन पैलेस ऑन व्हील्स में सिर्फ 30 यात्री पहुंचे जैसलमेर

जैसलमेर ईरान पर अमेरिका-इजरायल के हमले और फिर मिडिल ईस्ट में युद्ध का असर राजस्थान पर भी पड़ रहा है. दुनिया की सबसे आलीशान ट्रेनों में शुमार ‘पैलेस ऑन व्हील्स' के लिए इस पर्यटन सीजन निराशाजनक रहा. वैश्विक स्तर पर बढ़ते युद्ध और तनावपूर्ण हालात का सीधा असर इस शाही ट्रेन के यात्री भार पर पड़ा है.  इस सीजन के अंतिम फेरे पर पैलेस ऑन व्हील्स मात्र 30 यात्रियों को लेकर जैसलमेर पहुंची. इसके चलते अब पर्यटन इंडस्ट्री से जुड़े व्यवसायी काफी निराश हैं. आशंका है कि टूरिज्म इंडस्ट्री को इससे भारी नुकसान हो सकता है. स्टेशन पर ढोल-नगाड़ों से ट्रेन का स्वागत जैसलमेर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का भव्य स्वागत किया गया. ढोल-नगाड़ों की गूंज, लोकसंगीत और पारंपरिक नृत्य के बीच विदेशी सैलानियों का गर्मजोशी से अभिनंदन हुआ. यात्रियों ने मिडल ईस्ट में चल रहे तनाव को यात्री भार कम होने का बड़ा कारण बताया और विश्व शांति की प्रार्थना की. मिडल ईस्ट में युद्ध के अलावा पहले भी रूस-यूक्रेन युद्ध और हमास-इजरायल तनाव के चलते अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों की संख्या घटी थी. पहले ट्रेन में 70-80 प्रतिशत तक ऑक्यूपेंसी रहती थी, लेकिन इस बार अंतिम फेरे में केवल 26 प्रतिशत यात्री ही सवार थे. 32 में से 10 फेरे रद्द इस सीजन में कुल 32 फेरों में से 10 फेरे रद्द करने पड़े. जैसलमेर रेलवे स्टेशन अधीक्षक पंकज कुमार झा ने बताया कि कोरोना काल के बाद पर्यटन उद्योग पर बुरा प्रभाव पड़ा. हाल ही में ईरान-इजराइल युद्ध के कारण विदेशी पर्यटकों की आवक घटी, जिससे कई फेरे रद्द करने पड़े. अभी तक लगभग 10 फेरे ही पूरे हो पाए हैं. लोक कलाकारों की आजीविका पर भी संकट ट्रेन का 1982 में शुरू होना और 2023 में निजीकरण के बाद आधुनिक सुविधाओं से लैस होना भी अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों को आकर्षित करने में पूरी तरह सफल नहीं हो सका. अत्यधिक किराया और वैश्विक अस्थिरता दोनों ही बड़ी बाधाएं बनी हुई हैं. इस शाही ट्रेन के यात्री भार में कमी से राजस्थान पर्यटन को बड़ा झटका लगा है. लोक कलाकारों की रोजी-रोटी भी प्रभावित हुई है. जैसलमेर में कालबेलिया नृत्य करने वाले कलाकार बक्स खान ने कहा कि पर्यटक कम होने से उनके कार्यक्रम घट गए हैं और आजीविका पर असर पड़ा है.

अमेरिका में ऐतिहासिक पहल: सिएटल में स्थापित हुई स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा

शिकागो  भारतीय दार्शनिक और आध्यात्मिक गुरु स्वामी विवेकानंद की अमेरिका में पहली जीवन-आकार की कांस्य प्रतिमा का अनावरण सिएटल के व्यस्त वेस्टलेक स्क्वायर में किया गया। यह अमेरिका में किसी भी शहर सरकार द्वारा होस्ट की गई स्वामी विवेकानंद की पहली ऐसी प्रतिमा है। भारतीय मूर्तिकार नरेश कुमार कुमावत द्वारा बनाई गई यह जीवन-आकार की कांस्य प्रतिमा सिएटल के डाउनटाउन स्थित वेस्टलेक स्क्वायर में स्थापित की गई है। प्रतिमा रोजाना चार लाख से अधिक आगंतुकों वाले इस व्यस्त स्थान पर अमेजन हेडक्वार्टर के स्फीयर्स, सिएटल कन्वेंशन सेंटर और सिएटल सेंटर मोनोरेल जैसी प्रमुख इमारतों के निकट स्थित है। प्रतिमा का संयुक्त अनावरण सिएटल की मेयर केटी विल्सन और भारतीय वाणिज्य दूत प्रकाश गुप्ता ने किया। समारोह ICCR डे के अवसर पर आयोजित किया गया। सिएटल दूतावास का सोशल मीडिया पोस्ट भारतीय वाणिज्य दूतावास ने सोशल मीडिया पर लिखा कि 1893 का शिकागो से 2026 का सिएटल! सिएटल की स्काईलाइन में नया भारतीय आइकन: स्वामी विवेकानंद! सिएटल शहर अब अमेरिका में किसी भी शहर सरकार द्वारा डाउनटाउन के दिल में स्वामी विवेकानंद स्मारक होस्ट करने वाला पहला शहर बन गया है। यह वीडियो भी देखें मेयर ने क्या है? मेयर केटी विल्सन ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि यह स्मारक सिएटल की समावेशी भावना को दर्शाता है और अमेरिका के पैसिफिक नॉर्थवेस्ट स्थित इस विविधतापूर्ण टेक हब के साथ भारत के सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करेगा। यह प्रतिमा भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (ICCR) की ओर से सिएटल शहर को उपहार में दी गई है। ICCR ने इसे शहर की समृद्ध बहुसांस्कृतिक पहचान और समावेशिता की भावना को मान्यता देते हुए भेंट किया है। यह अनावरण भारत की व्यापक सांस्कृतिक कूटनीति का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य भारत और अमेरिका के पैसिफिक नॉर्थवेस्ट क्षेत्र के बीच लोगों के बीच संबंधों को मजबूत करना है। स्वामी विवेकानंद का शिकागो में ऐतिहासिक भाषण स्वामी विवेकानंद ने वर्ष 1893 में शिकागो में विश्व धर्म संसद में अपना ऐतिहासिक भाषण दिया था, जिसमें उन्होंने हिंदू दर्शन और वेदांत को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत किया था। शिकागो 1893 से सिएटल 2026 तक यह यात्रा भारत-अमेरिका सांस्कृतिक आदान-प्रदान का प्रतीक बन गई है। समारोह में ग्रेटर सिएटल क्षेत्र के कई स्थानीय नेता, मेयर, समुदाय के प्रतिनिधि और भारतीय-अमेरिकी समुदाय के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

जुबली हिल्स में शराबी ड्राइवर की कार से मिला नंबर प्लेट छिपाने वाला हाई-टेक सिस्टम

हैदराबाद तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के पॉश इलाके जुबली हिल्स में ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन और तकनीक के दुरुपयोग का चौंकाने वाला मामला सामने आया है. जूबली हिल्स पुलिस ने एक BMW कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जो कथित रूप से चालान से बचने के लिए रिमोट कंट्रोल से संचालित फ्लिप नंबर प्लेट सिस्टम का इस्तेमाल कर रहा था. पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई नियमित ड्रंक-ड्राइविंग चेकिंग के दौरान की गई. जांच के समय पुलिस को चालक की गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद वाहन की विस्तृत तलाशी ली गई. तलाशी के दौरान अधिकारियों को कार में लगा एक अवैध फ्लिप मैकेनिज्म मिला, जिससे चालक एक बटन दबाकर गाड़ी की नंबर प्लेट बदल सकता था या पूरी तरह छिपा सकता था. प्रारंभिक जांच में सामने आया कि इस तकनीक की मदद से चालक अलग-अलग नंबर प्लेट के बीच स्विच कर सकता था या असली रजिस्ट्रेशन नंबर को छिपा सकता था. इससे ट्रैफिक कैमरों और कानून लागू करने वाली एजेंसियों के लिए उल्लंघनों का पता लगाना मुश्किल हो जाता है. पुलिस जांच में सामने आया तकनीकी दुरुपयोग पुलिस ने पुष्टि की कि चेकिंग के समय चालक शराब के नशे में था. ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट के बाद उसके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया. आरोपों में नशे में गाड़ी चलाना, वाहन के रजिस्ट्रेशन में छेड़छाड़ और अनधिकृत संशोधन शामिल हैं. अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के उपकरण ट्रैफिक कानून लागू करने की प्रक्रिया को प्रभावित करते हैं और सार्वजनिक सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा करते हैं. जांच के दौरान यह भी स्पष्ट हुआ कि यह सिस्टम विशेष रूप से इस तरह तैयार किया गया था कि ट्रैफिक निगरानी प्रणाली को धोखा दिया जा सके. पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और चालक से पूछताछ जारी है. मामले की तकनीकी जांच भी शुरू कर दी गई है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह सिस्टम कब और कैसे लगाया गया. वाहन जब्त, पुराने मामलों की जांच शुरू जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि क्या आरोपी ने इस सिस्टम का इस्तेमाल पहले भी ट्रैफिक उल्लंघनों से बचने के लिए किया था. पुलिस का मानना है कि यदि ऐसा पाया जाता है, तो आरोपी के खिलाफ और सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सकती है. अधिकारियों ने जनता से अपील की है कि वाहन में किसी भी प्रकार के अनधिकृत बदलाव से बचें, क्योंकि यह न केवल अवैध है बल्कि सड़क सुरक्षा के लिए भी खतरा है. पुलिस ने स्पष्ट किया कि इस तरह के मामलों पर सख्त निगरानी जारी रहेगी और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी.

16–18 अप्रैल सत्र से पहले बीजेपी का बड़ा आदेश, सभी सांसदों की उपस्थिति अनिवार्य

नई दिल्ली गुरुवार से शुरू हो रहे संसद के विस्तारित बजट सत्र के चरण से पहले बीजेपी ने अपने सांसदों को तीन लाइन की व्हिप जारी की है। इसमें कहा गया है कि किसी की भी छुट्टी स्वीकार नहीं होगी। गुरुवार को सबकी उपस्थिति जरूरी है। महिला आरक्षण विधेयक पर पूरी तैयारी, बीजेपी ने सांसदों को जारी की 3 लाइन की व्हिप भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपने सभी सांसदों को तीन लाइन का व्हिप जारी कर उनसे गुरुवार से शुरू होने वाले संसद के विस्तारित बजट सत्र के दौरान अपने-अपने सदन में उपस्थित रहने को कहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने 16 से 18 अप्रैल तक तीन दिन का विशेष सत्र बुलाया है। इस दौरान महिला आरक्षण अधिनियम में प्रस्तावित संशोधनों पर विचार करने एवं इन्हें पारित करने के लिए पेश किए जाने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय मंत्रिमंडल ने गत बुधवार (आठ अप्रैल) को उन प्रारूप विधेयकों को मंजूरी दे दी जिनका उद्देश्य 2029 के संसदीय चुनाव से पहले महिलाओं के लिए आरक्षण लागू करना और लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाकर 816 करना है। इनमें से 273 सीट महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी। भाजपा ने अपने सभी सांसदों को भेजे संदेश में कहा, ''16 से 18 अप्रैल 2026 तक यानी आगामी गुरुवार से शनिवार तक लोकसभा और राज्यसभा में भाजपा के सभी सदस्यों को तीन-लाइन का व्हिप जारी किया जा रहा है।'' इसने कहा, ''सभी माननीय केंद्रीय मंत्रियों और सदस्यों से अनुरोध है कि वे उपर्युक्त तीनों तिथियों पर सदन में उपस्थित रहें।'' संदेश में कहा गया, ''सदन में उपस्थिति अनिवार्य है। कोई अवकाश स्वीकृत नहीं किया जाएगा। सदस्यों से अनुरोध है कि वे व्हिप का सख्ती से पालन करें और सदन में अपनी निर्बाध उपस्थिति सुनिश्चित करें।''

महंगी किताबें और फीस वृद्धि पर कार्रवाई, यूपी के कई स्कूलों को नोटिस और जुर्माना

 लखनऊ  नए शिक्षण सत्र के साथ ही निजी स्कूलों में फीस वृद्धि, ड्रेस व महंगी पाठ्य पुस्तकों के नाम पर आर्थिक शोषण शुरू हो गया है। प्रदेश भर में निजी स्कूलों की मनमानी की शिकायतें सामने आते ही जिला प्रशासन लगाम लगाने को सक्रिय हो गया है। आगरा, सहारनपुर और अलीगढ़ समेत कुछ जिलों में निजी स्कूलों को नोटिस देने के साथ ही जुर्माने की कार्रवाई की तैयारी है। आगरा में निजी प्रकाशकों की महंगी पुस्तकें पाठ्यक्रम में लगाने, चिन्हित दुकान से ही पुस्तकें, स्टेशनरी, यूनिफॉर्म आदि लेने की अनिवार्यता थोपने वाले 55 स्कूलों को नोटिस दिया गया है। सेंट पीटर्स जूनियर हाईस्कूल पर डीएम और बीएसए ने पांच लाख का जुर्माना लगाते हुए नोटिस जारी किया है। चार स्कूलों के अंदर पुस्तक बिक्री के काउंटर लगे पाए गए। फिरोजाबाद के स्कूलों में पुस्तक बिक्री पर डीएम रमेश रंजन ने पांच स्कूलों को एक-एक लाख जुर्माने के नोटिस भेजे हैं। एटा में पांच स्कूलों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है अलीगढ़ में कुछ दिन पहले तीन स्कूलों में हुए डीआईओएस के निरीक्षण में बच्चों के बस्तों में निजी प्रकाशकों की महंगी पुस्तकें मिलीं। स्कूल संचालकों को नोटिस जारी किया गया है। सहारनपुर में पाठ्यपुस्तकों की बिक्री की व्यवस्था में नियमों का खुला उल्लंघन कर अभिभावकों से अधिक रुपये वसूलने के मामले में शिक्षा विभाग की ओर से दिल्ली पब्लिक, इन्टेंट जीसस स्कूल और श्री चैतन्य टेक्नो स्कूल को नोटिस दिया गया है। डीआईओएस डॉ. अरविंद कुमार पाठक ने बताया कि इन स्कूलों के अंदर किताब बिक्री हो रही थी। उचित जवाब न देने पर स्कूल पर पांच लाख रुपये अर्थदंड लगाने की चेतावनी दी। तीनों स्कूलों में से किसी ने भी नोटिस का जवाब नहीं दिया है। टीम की जांच रिपोर्ट संग तीनों स्कूलों पर कार्रवाई के लिए डीएम से संस्तुति की जाएगी। प्रयागराज में अधिक फीस और हर साल बदल जाने वाली महंगी किताबों के मुद्दे को दैनिक जागरण ने प्रमुखता से उठाया तो जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला शुल्क नियामक समिति की बैठक हुई। इसमें पिछले पांच वर्ष में कितनी फीस बढ़ी है, इसका रिकार्ड 10 दिनों में जमा कराने को कहा गया है। स्कूलों को नोटिस देकर पूछा जाएगा कि पहली के बाद अन्य कक्षाओं में एडमिशन फीस की वसूली क्यों हो रही है? वसूली गई फीस की तुलना में शिक्षक व अन्य कर्मियों के वेतन में कितनी बढ़ोतरी की गई। स्कूल की वेबसाइट पर शुल्क का पूरा ब्योरा है या नहीं? स्कूल जिन दुकानों से पाठ्य सामग्री वितरित कराते हैं, उन्हें सूचिबद्ध किया जाए। उनकी आय, जीएसटी का लेखा-जोखा और टैक्स का विवरण जुटाते हुए कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। लखनऊ में डीएम विशाल जी तथा हरदोई में जिलाधिकारी अनन्य झा ने सिटी मजिस्ट्रेट की अध्यक्षता में विशेष जांच कमेटी गठित की है, जो दुकानों पर आकस्मिक छापेमारी करेगी। कार्रवाई का चाबुक     आगरा में 55 स्कूलों को नोटिस, एक पर पांच लाख का जुर्माना     फिरोजाबाद में पांच स्कूलों को एक-एक लाख जुर्माने के नोटिस     एटा में भी पांच स्कूलों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया     अलीगढ़ में बस्तों में मिली निजी प्रकाशकों की किताबें, तीन स्कूलों को नोटिस  

सोमवार का राशिफल: मेष से मीन तक जानें आज किसे मिलेगा लाभ और किसे सतर्क रहना होगा

आज 13 अप्रैल के दिन सोमवार है। ग्रह-नक्षत्रों की चाल से राशिफल का आंकलन किया जाता है। सोमवार के दिन शिवजी की पूजा करने का विधान है। आपको बता दें कि कल सुबह से एकादशी तिथि लग रही है। इस दिन भगवान विष्णु की पूजा की जाती है। ऐसा कहा जाता है कि एकादशी व्रत से आपको 10,000 साल तपस्या का फल मिलता है? धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, सोमवार को शिवजी जी की पूजा सुख-समृद्धि लाती है। ज्योतिषीय गणनाओं के अनुसार, 13 अप्रैल का दिन कुछ राशि वालों के लिए बेहद शुभ रहने वाला है, तो कुछ राशि वालों को जीवन में मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। आइए जानते हैं, 13 अप्रैल को किन राशि वालों को होगा लाभ और किसके लिए परेशानियां आएंगी। मेष मन परेशान हो सकता है। कला व संगीत के प्रति रुझान बढ़ सकता है। नौकरी में बदलाव के साथ तरक्की के अवसर मिल सकते हैं। कार्यक्षेत्र में वृद्धि होगी। कार्यक्षेत्र में परिश्रम अधिक रहेगा। वृषभ वाणी में मधुरता रहेगी। आत्मविश्वास भरपूर रहेगा। पठन-पाठन में रुचि बढ़ेगी। बौद्धिक कार्यों से आय में वृद्धि के साधन बन सकते हैं। कारोबार का विस्तार होगा। भागदौड़ भी अधिक रहेगी। मिथुन रारंभ में मन परेशान रहेगा। आत्मविश्वास में कमी रहेगी। कारोबार में कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। परिवार से दूर किसी दूसरे स्थान पर जा सकते हैं। सेहत का ध्यान रखें कर्क आत्मसंयत रहें। धैर्यशीलता बनाए रखने के प्रयास करें। आत्मविश्वास में कमी रहेगी। सेहत का ध्यान रखें। प्रारंभ में कारोबार में वृद्धि होगी। खर्चों में वृद्धि होगी। सिंह मन में शांति व प्रसन्नता रहेगी। आत्मविश्वास भी भरपूर रहेगा। कारोबार में उतार-चढ़ाव हो सकते हैं। भागदौड़ अधिक रहेगी। कठिनाइयां भी आ सकती है। रहन-सहन अव्यवस्थित रहेगा। तुला आत्मविश्वास में कमी रहेगी। मन में उतार-चढ़ाव भी हो सकते हैं। परिवार का साथ मिलेगा। कारोबार में भागदौड़ अधिक रहेगी। कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। सेहत का ध्यान रखें। धनु आत्मविश्वास तो भरपूर रहेगा, परंतु मन परेशान भी हो सकता है। परिवार की सेहत का ध्यान रखें। खर्चों की अधिकता रहेगी। पिता का साथ मिलेगा। परिवार के किसी बुजुर्ग से धन की प्राप्ति हो सकती है। मकर आत्मविश्वास भरपूर रहेगा, परंतु धैर्यशीलता बनाए रखने का प्रयास करें। परिवार का साथ मिलेगा। 15 अप्रैल के बाद कारोबार में वृद्धि हो सकती है। लाभ के अवसर भी मिलेंगे। कार्यक्षेत्र में वृद्धि होगी। कुम्भ मन परेशान रहेगा। आत्मविश्वास में कमी रहेगी। आत्मसंयत रहें। धैर्यशीलता बनाए रखें। धार्मिक संगीत के प्रति रुझान बढ़ सकता है। सेहत का ध्यान रखें। भागदौड़ अधिक रहेगी। कन्या आत्मविश्वास भरपूर रहेगा, परंतु मन अशांत हो सकता है। संयत रहें। क्रोध के अतिरेक से बचें। जीवनसाथी की सेहत का ध्यान रखें। परिवार का साथ मिलेगा। वृश्चिक आज दिन के शुरू में मन प्रसन्न रहेगा। आत्मविश्वास भी भरपूर रहेगा। पारिवारिक जीवन सुखमय रहेगा। कारोबार में वृद्धि होगी। लाभ के अवसर भी मिलेंगे। खर्चों में वृद्धि होगी। मीन मीन राशि वालों के लिए समय उत्तम है। आपको फैसलों में सावधानी रखनी होगी। क्रोध से बचें, वरना काम खराब हो सकता है।