samacharsecretary.com

पन्ना में चमत्कार! गरीब मजदूर को दिवाली पर मिले तीन हीरे, कीमत सुनकर लोग रह गए दंग

पन्ना।  मध्य प्रदेश के पन्ना की धरती ने एक बार फिर गरीब की किस्मत बदल दी। जिले के बेनीसागर मोहल्ले के निवासी वृद्ध मजदूर महादेव प्रसाद प्रजापति को दो हफ्तों के भीतर उथली हीरा खदान पटी से एक नहीं, बल्कि तीन चमचमाते हीरे मिले हैं। महादेव प्रसाद ने इन हीरों को हीरा कार्यालय में जमा किया। जानकारी के अनुसार, उन्होंने करीब 20 दिन पहले ही पट्टा लेकर हीरा खदान शुरू की थी।  इस दौरान उन्हें क्रमशः 2.58 कैरेट, 2.75 कैरेट और 3.09 कैरेट वजन के जेम्स क्वालिटी के तीन हीरे प्राप्त हुए, जिनका कुल वजन 8.42 कैरेट है। हीरा पारखी अनुपम सिंह के मुताबिक, इनकी अनुमानित कीमत 15 लाख रुपये से अधिक हो सकती है। वृद्ध महादेव प्रसाद ने बताया कि वह मजदूर तबके से हैं, सुनने में कठिनाई होती है और कच्चे घर में रहते हैं। उन्होंने कहा कि नीलामी के बाद मिलने वाली राशि से वे अपनी आर्थिक स्थिति सुधारना चाहते हैं। बताया गया कि आज दो लोगों ने कुल चार हीरे जमा किए हैं, जबकि अक्टूबर माह में अब तक 10 हीरे और साल की शुरुआत से अब तक 68 हीरे हीरा कार्यालय में जमा किए जा चुके हैं। 

सीएम योगी नोएडा एयरपोर्ट पहुंचे, देखी सुरक्षा और संचालन की तैयारियां

नोएडा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज (शनिवार) दोपहर 12 बजे ग्रेटर नोएडा के यीडा सिटी में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचे है. वह नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर चल रही तैयारियों का जायजा ले रहे है. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 30 अक्टूबर को एयरपोर्ट का उद्घाटन कर सकते है. मुख्यमंत्री योगी दोपहर में राजकीय विमान से हिंडन एयरपोर्ट पहुंचे. जहां से वह सड़क मार्ग से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर आए. वह अधिकारियों के साथ तैयारियों का निरीक्षण करने के बाद वह एक समीक्षा बैठक भी कर रहे है. एयरपोर्ट पर तैयारियां अंतिम चरण में यमुना प्राधिकरण के सीईओ राकेश कुमार सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री एयरपोर्ट का निरीक्षण करने आ चुके है. उनका मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री के आगमन से पहले एयरपोर्ट परिसर में की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लेना है. एयरपोर्ट परिसर में इन दिनों रनवे, टर्मिनल बिल्डिंग और पार्किंग क्षेत्र में तेजी से काम चल रहा है. सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सीआईएसएफ और अन्य एजेंसियों को तैनात किया जा रहा है. सफल ट्रायल के बाद बढ़ा आत्मविश्वास दो दिन पहले ही एयरपोर्ट पर यात्रियों के आगमन और विमान सेवाओं का सफल ट्रायल किया गया था. ट्रायल के दौरान रनवे, ग्राउंड हैंडलिंग और सुरक्षा इंतजामों की जांच की गई. शनिवार को भी एक और ट्रायल ऑपरेशन किया जा रहा है. प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह परखी जा रही है.   प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर प्रशासन अलर्ट प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 30 अक्टूबर को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन कर सकते है. इसको लेकर प्रशासन, प्राधिकरण और एयरपोर्ट प्रबंधन की टीमों में लगातार बैठकें हो रही हैं. एयरपोर्ट के आसपास के इलाकों में भी सड़क मरम्मत, सौंदर्यीकरण और ट्रैफिक प्रबंधन पर तेजी से काम हो रहा है.

2016 के एक्ट संशोधन के बाद सभी राज्य ELIS सिस्टम पर कर रहे हथियार लाइसेंस कार्य, MP में लोकसेवा पर भेजे जाते आवेदन प्रभावित

ग्वालियर  लाइसेंसी हथियारों के नवीनीकरण सहित अन्य कामों को लेकर मध्य प्रदेश को छोड़कर पूरे देश में आर्म लाइसेंस इश्युएंस सिस्टम (एलिस) पर काम हो रहा है, लेकिन मप्र में लोकसेवा पर दोहरी व्यवस्था चल रही है। हाल ही में प्रदेश के गृह मंत्रालय की ओर से नेशनल डाटाबेस ऑफ आर्म लाइसेंस(एलिस) सिस्टम पर डाटा अपडेट करने के लिए कहा गया है, यानी अब सभी लाइसेंस का काम एलिस पर ही कराया जाएगा। 2016 में इसको लेकर एक्ट में संशोधन कर आदेश जारी किए गए थे। सभी राज्य हथियार लाइसेंस संबंधी कार्य एलिस पर ही कर रहे हैं, जो कि नेशनल सिस्टम है। प्रदेश में लोकसेवा पर आवेदन भेजे जाते हैं, जिसमें यूआईएन नंबर की अनिवार्यता नहीं होता है। एलिस में बिना यूआईएन नंबर के काम नहीं होता है। 2019 में लोकसेवा पर हथियारों का काम करने को लेकर राज्य शासन ने निर्देश दिए थे। अब मप्र में जिन लाइसेंसधारकों के पास यूआईएन नंबर नहीं है उनका नवीनीकरण नहीं किया जाएगा। मध्य प्रदेश में 913 ऐसे शस्त्र धारक हैं, जिनके पास दो से ज्यादा शस्त्र हैं इनसे शस्त्र सरेंडर होने की कार्रवाई भी होना है। अतिरिक्त शस्त्र जमा करने की कार्रवाई बता दें कि नेशनल डाटाबेस ऑफ आर्म लाइसेंस का आर्म लाइसेंस इश्युएंस सिस्टम (एलिस) है जिसपर शस्त्र संबंधी काम होता है। गृह मंत्रालय की ओर से भी जिलों के कलेक्टरों को पत्र लिखे गए हैं। इसमें लिखा है कि मप्र में कुल 913 लाइसेंसधारियों के पास से अधिक शस्त्र हैं। उनसे अतिरिक्त शस्त्र जमा करने की कार्रवाई की जानी है। एनडीएल-एलिस पोर्टल पर अतिशीघ्र इनका निराकरण सुनिश्चित किया जाए। भारत सरकार गृह मंत्रालय द्वारा यूएन जारी करने की अंतिम तिथि 30 जून 2020 निर्धारित की गई थी। शस्त्र संबंधी सेवाओं के लिए आवेदन ऑनलाइन पब्लिक पोर्टल पर पेश किया जा सकता है।

सुसाइड नोट में सामने आया सांसद का नाम, लेडी डॉक्टर केस में 4 बार रेप और फेक सर्टिफिकेट के आरोपों का खुलासा

 सातारा महाराष्ट्र के सातारा में लेडी डॉक्टर सुसाइड केस में नया मोड़ आया है. महाराष्ट्र के सतारा में सुसाइड करने वाली डॉक्टर ने एक पुलिस ऑफिसर पर चार बार रेप का आरोप लगाया था. उसने अपनी हथेली पर पुलिस ऑफिसर का जिक्र किया था. अब नई जानकारी सामने आई है कि उसने एक चार पेज का सुसाइड नोट भी छोड़ा है, जिसमें एक सांसद का भी नाम है. मरने से पहले लिखे सुसाइड नोट में उसने कहा है कि उस पर पुलिस केस में आरोपियों के फेक फिटनेस सर्टिफिकेट जारी करने का दबाव डाला जा रहा था. जब उसने मना किया तो उसे परेशान किया गया. उसने अपने लेटर में कहा है कि यह दबाव सिर्फ पुलिस अधिकारियों ने ही नहीं, बल्कि एक मामले में एक सांसद और उसके दो पर्सनल असिस्टेंट ने भी डाला था. दरअसल, 26 साल की यह लेडी डॉक्टर सतारा के फलटन सब-डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल में मेडिकल ऑफिसर के तौर पर काम करती थी. उसने अपनी हथेली पर लिखा था कि सब-इंस्पेक्टर गोपाल बडने ने उसके साथ चार बार रेप किया और पांच महीने से अधिक समय तक उसे मानसिक और शारीरिक तौर पर परेशान किया. यह महिला 23 महीनों से हॉस्पिटल में काम कर रही थी और उसका बॉन्ड पीरियड खत्म होने में बस एक महीना बाकी था. इसके तहत उसे ग्रामीण इलाके में सर्विस देनी थी. इसके बाद वह पोस्ट-ग्रेजुएट डिग्री करना चाहती थी. चार पेज के सुसाइड नोट में दर्द एनडीटीवी के मुताबिक, उस चार पेज के लेटर में लेडी डॉक्टर ने बताया कि कैसे पुलिस ऑफिसर उस पर आरोपियों के लिए नकली फिटनेस सर्टिफिकेट जारी करने का दबाव डाल रहे थे. इनमें से कई को तो मेडिकल जांच के लिए लाया भी नहीं जाता था. जब उसने मना किया तो उसे परेशान किया जाने लगा. एक खास घटना का जिक्र करते हुए उसने कहा कि उसने एक सर्टिफिकेट जारी करने से मना कर दिया था और एक सांसद के दो पर्सनल असिस्टेंट हॉस्पिटल में आ गए थे. उसने सांसद को फोन लगाया और उनसे बात करवाई और सांसद ने उन्हें इशारों-इशारों में धमकी दी. सीएम ने क्या आदेश दिया बहरहाल, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घटना का संज्ञान लेते हुए सातारा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) तुषार दोशी से फोन पर बात की और ‘सुसाइड नोट’ में जिस पुलिस उपनिरीक्षक का जिक्र किया गया है, उसे तत्काल निलंबित करने का आदेश दिया. पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि बीड जिले से ताल्लुक रखने वाली 28 वर्षीय महिला चिकित्सक फलटण तहसील के एक सरकारी अस्पताल में काम करती थी. उन्होंने बताया कि महिला चिकित्सक का शव गुरुवार देर रात फलटण में एक होटल के कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला. पुलिस क्या बोली पुलिस के अनुसार, महिला चिकित्सक ने अपनी हथेली पर लिखे ‘सुसाइड नोट’ में आरोप लगाया है कि पिछले पांच महीनों में सातारा के एक पुलिस उपनिरीक्षक ने उसके साथ कई बार बलात्कार किया, जबकि एक अन्य व्यक्ति उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था. पुलिस ने बताया कि ‘सुसाइड नोट’ में महिला चिकित्सक ने लिखा है कि उपनिरीक्षक गोपाल बदाने ने उसके साथ कई बार बलात्कार किया, जबकि पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर प्रशांत बांकर ने उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया. इसने कहा कि बदाने और बांकर के खिलाफ बलात्कार और आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है.  

क्रिकेट इतिहास में रोहित शर्मा का अनोखा कारनामा, फील्डिंग शतक के साथ बढ़ी उपलब्धियों की लंबी फेहरिस्त

नई दिल्ली भारतीय बल्लेबाज रोहित शर्मा वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में बड़े-बड़े शतक लगाने के लिए जाने जाते हैं। बल्ले से तो रोहित शर्मा ने कई बार शतक वनडे क्रिकेट में लगाया है, लेकिन फील्डर के तौर पर अब रोहित शर्मा ने अपने करियर के अंतिम पड़ाव में एक खास शतक पूरा किया है। रोहित शर्मा ने वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में बतौर फील्डर 100वां कैच पकड़ा है और वे ऐसा करने वाले सातवें भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में 100 या इससे ज्यादा कैच एक फील्डर के तौर पर पकड़ने का कमाल किया है। रोहित शर्मा से पहले भारत के लिए 100 या इससे ज्यादा कैच पकड़ने का रिकॉर्ड, विराट कोहली, मोहम्मद अजहरुद्दीन, सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़, सुरेश रैना और सौरव गांगुली ने बनाया है। विराट के नाम 163, अजहर के नाम 156, तेंदुलकर के नाम 140, द्रविड़ 124, रैना 102 और गांगुली के नाम 100 कैच वनडे क्रिकेट में लेने का रिकॉर्ड दर्ज है। रोहित शर्मा ने जैसे ही ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी में जारी तीसरे वनडे मैच में दूसरा कैच पकड़ा, वैसे ही उनके वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में कैचों की संख्या 100 हो गई। भारत के लिए ODI क्रिकेट में सबसे ज्यादा कैच 163 – विराट कोहली 156-मोहम्मद अजहरुद्दीन 140 -सचिन तेंदुलकर 124 -राहुल द्रविड़ 102 -सुरेश रैना 100 -सौरव गांगुली 100 -रोहित शर्मा हिटमैन रोहित शर्मा दुनिया के 34वें खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने 100 कैच इंटरनेशनल वनडे क्रिकेट में पकड़े हैं। अपने 276वें वनडे इंटरनेशनल मैच में रोहित ने कैचों का शतक पूरा किया। सिडनी में रोहित ने पहला कैच मिचेल ओवेन का स्लिप में पकड़ा और फिर दूसरा कैच नैथन एलिस का पकड़ा। इस सीरीज के पहले मैच में भी रोहित ने एक कैच पकड़ा था। दूसरे मैच में उन्होंने कोई कैच नहीं पकड़ा था। इस सीरीज में कई उपलब्धि रोहित अपने नाम कर चुके हैं।  

तूफान की दस्तक : मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी, इन क्षेत्रों में रहे सतर्क

नई दिल्ली बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती तूफान के कारण ओडिशा में आपदा मैनेजमेंट टीमें हाई अलर्ट पर हैं। इस तूफान के 27 अक्टूबर से राज्य में भारी बारिश लाने की संभावना है। हालांकि, चक्रवात के ओडिशा में सीधे तट से टकराने की उम्मीद नहीं है। इसके बावजूद जोरदार बरसात और तेज हवाएं चल सकती हैं। राजस्व और आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने आश्वासन दिया कि राज्य आने वाले चक्रवाती तूफान के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, जल संसाधन, ऊर्जा और कृषि विभाग स्थिति से निपटने के लिए तैयारी कर ली गई है। सुरेश पुजारी ने कहा, 'ओडिशा प्राकृतिक आपदाओं जैसे भारी बारिश, बाढ़, नदियों में उफान और चक्रवातों के प्रति अत्यधिक संवेदनशील है। हम 22 या 29 अक्टूबर को तट से टकराने वाले संभावित चक्रवाती तूफान की तैयारी कर रहे हैं। स्वास्थ्य, जल संसाधन, ऊर्जा और कृषि विभाग पूरी तरह तैयार हैं। ओडिशा के स्थानीय प्रशासन विशेष रूप से संवेदनशील क्षेत्रों में राहत केंद्रों, निकासी और आवश्यक आपूर्ति की व्यवस्था कर चुके हैं। हम लोगों से घबराने की बजाय शांत रहने की अपील करते हैं, क्योंकि हम पूरी तरह तैयार हैं।' चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 24 अक्टूबर को दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव क्षेत्र की पहचान की। इस सिस्टम के 25 अक्टूबर तक डिप्रेशन, 26 अक्टूबर तक गहरा डिप्रेशन और 27 अक्टूबर तक बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है। मौसम विज्ञानियों का अनुमान है कि यह तूफान संभवतः आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ेगा। ओडिशा में 27 से 29 अक्टूबर तक तटीय और दक्षिणी जिलों में भारी बारिश की उम्मीद है। आईएमडी ने पूरे राज्य के लिए यलो अलर्ट जारी किया है, जिसमें कुछ क्षेत्रों में अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है। 27 अक्टूबर से दक्षिण ओडिशा तट पर 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और 60 किमी प्रति घंटे तक की झोंकेदार हवाएं चलने की उम्मीद है।

237 रन के लक्ष्य की ओर बढ़ा भारत, कप्तान रोहित और शुभमन गिल संभाल रहे मोर्चा

नई दिल्ली इंडिया वर्सेस ऑस्ट्रेलिया तीन मैच की वनडे सीरीज का तीसरा और आखिरी मैच सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जा रहा है। टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम पूरे 50 ओवर भी नहीं खेल पाई। भारतीय गेंदबाजों की कहर बरपाती बॉलिंग के आगे पूरी टीम 236 रनों पर ही सिमट गई। भारत के लिए हर्षित राणा ने सर्वाधिक 4 विकेट चटकाए, वहीं वॉशिंगटन सुंदर को 2 और कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और अक्षर पटेल को 1-1 सफलता मिली। ऑस्ट्रेलिया के लिए मैट रेनशॉ एकमात्र ऐसे बल्लेबाज रहे जो 50 रन का आंकड़ा पार करने में कामयाब रहे। उन्होंने 56 रनों की शानदार पारी खेली। ऑस्ट्रेलिया 46.4 ओवर में ही ऑलआउट हो गया। भारत को जीत के लिए 237 रनों का टारगेट मिला है। भारत की धीमी शुरुआत 4 ओवर के बाद भारत का स्कोर 11 रन है। रोहित शर्मा और शुभमन गिल संभलकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। कुछ ओवर देखने के बाद दोनों प्रहार करेंगे। ऑस्ट्रेलिया ऑलआउट, भारत को 237 का टारगेट हर्षित राणा ने जोश हेजलवुड को बोल्ड कर ऑस्ट्रेलियाई पारी को 236 रनों पर ही समेट दिया है। राणा की यह पारी की चौथी सफलता है। वह इस मैच में भारत के सबसे सफल गेंदबाज रहे। ऑस्ट्रेलिया ने 46.4 ओवर में ही भारत के आगे घुटने टेक दिए।

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने शान मसूद को दी नई जिम्मेदारी, टेस्ट प्रदर्शन रहे निराशाजनक

कराची  पाकिस्तान और साउथ अफ्रीका के बीच दोनों मैचों की टेस्ट सीरीज 1-1 से बराबरी पर छूटी थी. लाहौर में खेले गए सीरीज के पहले टेस्ट मैच को पाकिस्तान ने 93 रनों से जीता था. वहीं रावलपिंडी टेस्ट मैच में साउथ अफ्रीका ने 8 विकेट से जीत हासिल की थी. टेस्ट सीरीज में पाकिस्तानी कप्तान शान मसूद का प्रदर्शन शानदार रहा था और उन्होंने अपनी टीम के लिए सबसे ज्यादा 170 रन बनाए. इस टेस्ट सीरीज की समाप्ति के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने ऐसा निर्णय लिया है, जिसकी काफी चर्चा हो रही है. पीसीबी ने टेस्ट कप्तान शान मसूद को इंटरनेशनल क्रिकेट और प्लेयर अफेयर्स के लिए अपना कंसल्टेंट नियुक्त किया है. यह फैसला बेहद अभूतपूर्व है क्योंकि शायद पहली बार किसी टीम के कप्तान को बोर्ड में प्रशासनिक जिम्मेदारी भी दी गई है. हालांकि, पीसीबी ने यह स्पष्ट नहीं किया कि क्या शान मसूद टेस्ट कप्तान बने रहेंगे या दोनों जिम्मेदारियां एक साथ निभाएंगे. रिपोर्ट्स के मुताबिक पाकिस्तानी खिलाड़ियों को शान मसूद की इस नई भूमिका की जानकारी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की ओर से आयोजित डिनर के दौरान दी गई, जो साउथ अफ्रीकी टीम के सम्मान में आयोजित किया गया था.  शान मसूद की क्या भूमिका होगी? पीसीबी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट निदेशक (Director of International Cricket) के पद के लिए आवेदन आमंत्रित करने रहा है, जो इस समय खाली है. माना जा रहा है कि मसूद फिलहाल अस्थायी तौर पर कंसल्टेंट की भूमिका निभाएंगे, जब तक इस पद पर कोई स्थायी नियुक्ति नहीं होती. पीसीबी के बयान में इस बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं दी गई कि मसूद की जिम्मेदारी क्या-क्या होगी या यह व्यवस्था कितने समय तक चलेगी. वैसे सवाल उठ रहा है कि क्या एक सक्रिय टेस्ट कप्तान बोर्ड में प्रशासनिक पद पर काम कर सकता है, खासकर जब वो खिलाड़ियों और क्रिकेट संचालन से जुड़ा मामला हो. शान मसूद का बतौर कप्तान प्रदर्शन औसत रहा है. उन्होंने अब तक 14 टेस्ट मैचों में पाकिस्तानी टीम की कप्तानी है. इस दौरान टीम को केवल चार मैचो में जीत मिली. हालांकि बतौर बल्लेबाज शान मसूद का प्रदर्शन टेस्ट मैचों में अच्छा रहा है. उनकी यह नियुक्ति पाकिस्तान क्रिकेट में पहली बार हुई किसी अनोखी व्यवस्था के रूप में देखी जा रही है. यह फैसला दर्शाता है कि पाकिस्तान क्रिकेट में अनिश्चितता और अप्रत्याशित निर्णय देखने को मिल रहे हैं.

महरौली और नांगलोई में पुलिस एनकाउंटर, चार अपराधियों को लगी गोली

नई दिल्ली दिल्ली पुलिस ने राजधानी में अपराधियों के खिलाफ दो अहम ऑपरेशन करते हुए बड़ी कार्रवाई की है. महरौली और नांगलोई इलाके में हुए एनकाउंटरों में पुलिस ने कई बदमाशों को अरेस्ट किया है. पुलिस के मुताबिक, दोनों घटनाओं में सुरक्षा बलों की सतर्कता और पेशेवर रवैये की बदौलत गंभीर नुकसान को टाला जा सका. महरौली थाने की टीम ने काकू पहाड़िया नाम के कुख्यात अपराधी को एनकाउंटर के दौरान पकड़ लिया है. पुलिस का कहना है कि काकू पहाड़िया पर कई आपराधिक मामलों में वारंट थे, जिनमें अवैध हथियारों की आपूर्ति से जुड़े मामले भी शामिल हैं. महरौली पुलिस को अवैध हथियारों की आपूर्ति में शामिल एक शातिर अपराधी के बारे में सूचना मिली थी. पुलिस टीम ने लाडो सराय स्मशान घाट रोड पर नाकाबंदी कर दी. लगभग 3:15 बजे एक संदिग्ध ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर उसने गोलियां चला दीं. आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसके बाद हमलावर को पकड़ लिया गया, उसके पैर में चोट आई है. आरोपी की पहचान 27 वर्षीय कनिष्क उर्फ ​​कोकू उर्फ ​​विशाल निवासी मदनगीर दिल्ली के रूप में हुई है. उसके पास से दो पिस्टल, भरी हुई मैगजीन और चार खाली कारतूस बरामद किए गए हैं. दो पुलिसकर्मियों की बुलेटप्रूफ जैकेट में गोली लगी है, जबकि एक कॉन्स्टेबल के हाथ में चोट आई है. गोली लगने से घायल काकू पहाड़िया को तुरंत एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया. नांगलोई में बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ इसी तरह, नांगलोई इलाके में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई. इसमें चार बदमाशों में से तीन घायल हो गए और उन्हें पकड़ लिया गया. डीसीपी आउटर सचिन शर्मा ने बताया कि यह वही गिरोह था, जो दो दिन पहले पुलिस के साथ हुई एक हॉट चेज के दौरान फायरिंग कर भाग निकला था. पुलिस टीम ने जब बदमाशों को रोकने की कोशिश की तो उन्होंने फिर से फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की और गोली लगने से तीन बदमाश घायल हो गए. सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस ने बताया कि दोनों एनकाउंटरों में सुरक्षा बलों ने सतर्कता दिखाते हुए काम किया. दोनों मामलों में पुलिस ने जनता और अपने अधिकारियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी. दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता ने कहा कि इन एनकाउंटरों के पीछे का उद्देश्य न केवल अपराधियों को पकड़ना है, बल्कि राजधानी में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों को रोकना और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी है. एनकाउंटर के बाद जांच और पूछताछ जारी है, जिससे पूरे गिरोह और उनके नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके.

रायपुर : परिवहन मंत्री केदार कश्यप बोले — ड्राइविंग टेस्ट होंगे आधुनिक तकनीक आधारित, लाइसेंस प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और निष्पक्ष

रायपुर छत्तीसगढ़ राज्य में परिवहन विभाग द्वारा वाहन चालकों की योग्यता और सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाने के लिए ड्राइविंग टेस्ट और लाइसेंसिंग प्रक्रिया का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। परिवहन मंत्री श्री केदार कश्यप के निर्देशानुसार राज्य के 8 जिले रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, जगदलपुर, अंबिकापुर, रायगढ़ और कोरबा में ई-ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक (ई-ट्रैक) की स्थापना की जा रही है। अब लाइसेंस प्रक्रिया अधिक पारदर्शी एवं निष्पक्ष इन आधुनिक ई-ट्रैकों के माध्यम से ड्राइविंग टेस्ट पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी तरीके से लिए जाएंगे। इसका उद्देश्य है कि ड्राइविंग परीक्षण में मानव हस्तक्षेप कम हो, निष्पक्षता बनी रहे और सड़क दुर्घटनाओं में कमी आए। ई-ट्रैक प्रणाली में वाहन नियंत्रण, लेन अनुशासन, सिग्नलिंग, गति नियंत्रण और सड़क सुरक्षा से जुड़ी तकनीकों का उपयोग किया जाएगा। इसमें लगे डिजिटल सेंसर और कैमरे अभ्यर्थियों की ड्राइविंग क्षमता का सटीक मूल्यांकन करेंगे। इससे लाइसेंस प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष होगी तथा पात्र आवेदकों को समय पर सही परिणाम प्राप्त होंगे। परिवहन मंत्री श्री केदार कश्यप ने कहा कि यह पहल न केवल सड़क सुरक्षा को बढ़ाएगी बल्कि छत्तीसगढ़ को स्मार्ट परिवहन व्यवस्था की दिशा में आगे ले जाएगी। सुरक्षित और आधुनिक परिवहन व्यवस्था राज्य के लोगों के जीवन में सहजता और भरोसा लाएगी। उन्होंने कहा कि यह राज्य में सुरक्षित, स्मार्ट और विश्वसनीय परिवहन व्यवस्था के निर्माण की दिशा में एक बड़ा कदम है।  परिवहन सचिव श्री एस प्रकाश ने कहा कि ई-ट्रैक की मदद से योग्य चालकों को प्रमाणित किया जाएगा, जिससे जिम्मेदार ड्राइविंग को बढ़ावा मिलेगा और सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी। उन्होंने बताया कि इन जिलों में ई-ट्रैक शुरू होने के बाद आवेदक ऑनलाइन आवेदन और अपॉइंटमेंट बुकिंग के माध्यम से ड्राइविंग टेस्ट दे सकेंगे। सफल परीक्षण के बाद उन्हें डिजिटल फीडबैक और लाइसेंस जारी किया जाएगा।