samacharsecretary.com

फॉर्म से बाहर विराट… एडिलेड में फिर जीरो, इंटरनेशनल कमबैक के बाद लगातार दो डक!

 एडिलेड  भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला 23 अक्टूबर (गुरुवार) को एडिलेड ओवल में खेलने उतरी. इस मुकाबले में भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली से धमाकेदार बल्लेबाजी की उम्मीद थी. लेकिन किंग कोहली उम्मीदों पर खरा नहीं उतर सके. कोहली इस मैच में भी खाता नहीं खोल पाए. कोहली को तेज गेंदबाज जेवियर बार्टलेट ने एलबीडब्ल्यू आउट किया. विराट कोहली भारतीय पारी के सातवें ओवर में आउट हुए. उस ओवर में बार्टलेट की पांचवीं गेंद अंदर की ओर स्विंग होकर आई. कोहली क्रीज में फंस गए और गेंद बल्ले का संपर्क होने से पहले ही पैड पर जा लगी थी. कोहली पूरी तरह से गेंद को जज नहीं कर पाए. बॉल ट्रैकर ने दिखाया कि गेंद सीधे मिडिल स्टम्प पर टकरा रही थी. अंपायर सैम नोगाज्स्की ने बिना किसी झिझक के उंगली उठा दी. कोहली ने रिव्यू नहीं लिया क्योंकि वह आउट साफ आउट थे. एडिलेड ओवल पर सन्नाटा छा गया और दर्शक अवाक रह गए. कोहली ने सिर झुकाकर और ग्लव्स उठाकर दर्शकों का अभिवादन किया. फिर शांत कदमों से पवेलियन लौट गए. कोहली के करियर में पहली बार हुआ ऐसा विराट कोहली लगातार दूसरे मैच में शून्य पर आउट हुए हैं. इससे पहले पर्थ वनडे में भी उनका खाता नहीं खुला था. तब कोहली को मिचेल स्टार्क ने ऑफ-स्टम्प से बाहर की गेंद पर फंसाया था. कोहली के अंतरराष्ट्रीय करियर में ऐसा पहली बार हुआ है, जब वो लगातार दो इनिंग्स में शून्य पर चलते बने हैं. विराट कोहली का ये आखिरी ऑस्ट्रेलिया दौरा माना जा रहा है, ऐसे में ये एडिलेड ओवल पर उनका शायद आखिरी मैच था. कोहली का इस ग्राउंड पर रिकॉर्ड शानदार रहा है. कोहली ने एडिलेड ओवल में तीनों फॉर्मेट को मिलाकर कुल 13 मुकाबले खेले हैं, जिसमें उन्होंने 60.93 के एवरेज से 975 रन बनाए हैं. इस दौरान कोहली के बल्ले से 5 शतक निकले. देखा जाए तो कोहली ने इस मैदान पर 5 वनडे इंटरनेशनल मैचों में भाग लिया है, जिसमें उनके नाम पर 48 की औसत से 244 रन दर्ज हैं. कोहली ने इस मैदान पर वनडे इंटरनेशनल में दो शतक जड़े हैं.

यात्रियों के लिए खुशखबरी! यूपी रोडवेज की बसें अब दिन-रात करेंगी सफर आसान

मेरठ भैया-दूज पर्व पर यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रोडवेज विभाग ने 300 किलोमीटर की दूरी वाले जनपदों के लिए विशेष रूप से बसों की व्यवस्था की है। इन बसों को बुधवार से चला दिया गया है। शुक्रवार तक यह बसें 24 घंटे चलेंगी। इसी कारण एक बस पर दो चालकों एवं दो परिचालकों की नियुक्ति की गई है। मेरठ डिपो के स्टेशन प्रभारी आसिफ ने बताया कि पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों के लिए आनंद विहार से बसों को संचालित किया जाएगा। सोहराब गेट डिपो से 28 बसें दिल्ली आनंद विहार भेजी गई हैं। मेरठ से दिल्ली के लिए 35 बसों को बुधवार को संचालित किया गया। वहीं देहरादून के लिए 22, बिजनौर के लिए 35, नोएडा के लिए 20 और शामली के लिए 30 बसें चलाई गई है। भैसाली अड्डे इन बसों को चलाया जाएगा। सोहराब गेट डिपो से, 20 बसे मुरादाबाद, बरेली, 47 बसें बुलंदशहर खुर्जा, 50 बसों को आगरा अलीगढ़ मार्ग पर बुधवार को चलाया गया है। डिपो प्रभारी आसिफ ने बताया यह बसें लगातार मेरठ और 300 किमी के दायरे वाले जनपदों के बीच शटलिंग करेंगी। क्षेत्रीय प्रबंधक संदीप नायक ने बताया कि भैया दूज पर आसपास के जनपदों के लिए यात्री बड़ी संख्या में निकलते हैं, इसलिए बुधवार से बसों का संचालन शुरू कर दिया है। शुक्रवार तक बसों का 24 घंटे का शेड्यूल जारी रहेगा। 

अंबाला स्टेशन पर छठ पूजा स्पेशल सर्विस: यात्रियों के लिए इंतजाम पूरी तरह तैयार

अंबाला  छठ पूजा के अवसर पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए अंबाला रेल प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। अंबाला रेल मंडल ने विशेष रूप से अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई अतिरिक्त इंतजाम किए हैं।रेल मंडल प्रबंधक विनोद भाटिया ने मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में बताया कि त्योहार के दौरान ट्रेनों में भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए ट्रेन को तीन मिनट तक का अतिरिक्त ठहराव दिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों की प्रतीक्षा कर रहे यात्रियों के लिए टेंट की व्यवस्था की गई है ताकि उन्हें धूप या अन्य असुविधा का सामना न करना पड़े। इसके अलावा प्लेटफॉर्म पर 150 अतिरिक्त बेंच भी लगाई गई हैं ताकि यात्रियों को बैठने में परेशानी न हो। डीआरएम भाटिया ने बताया कि छठ पर्व पर घर लौट रहे यात्रियों की सुविधा के लिए तीन स्पेशल ट्रेनें चंडीगढ़ से चलायी गई हैं, जो बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश जाने वाले यात्रियों को आसानी से गंतव्य तक पहुंचाएंगी। इनमें चंडीगढ़–कटिहार और चंडीगढ़–पटना के बीच विशेष ट्रेनें शामिल हैं। इसके अलावा पटियाला से भी आज शाम एक विशेष ट्रेन रवाना की जाएगी। उन्होंने बताया कि फिरोजपुर मंडल से भी कुछ विशेष गाड़ियां चलाई गई हैं, जिनकी सूची अंबाला रेल मंडल को प्राप्त हो चुकी है। इन ट्रेनों में भी यात्री आसानी से अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। रेल प्रबंधक ने यात्रियों से अपील की कि वे भीड़ के दौरान अफरा-तफरी न मचाएं और रेलवे कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करें। उन्होंने कहा कि “अंबाला रेल मंडल कई दिनों से छठ पर्व की तैयारियों में जुटा हुआ था और अब सभी व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गई हैं।” रेल प्रशासन ने कहा कि वह यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और सुचारु आवागमन सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह जिम्मेदार और सतर्क है।

खबर: जैश-ए-मोहम्मद ने शुरू किया 500 रुपये में महिलाओं के लिए जिहाद प्रशिक्षण — सुरक्षा एजेंसियाँ चिंतित

इस्लामाबाद  पाकिस्तान से धंधा चलाने वाला जैश-ए-मोहम्मद जिहाद का नया चूरन लेकर आया है. जैश-ए-मोहम्मद अब 500 रुपये में लड़कियों, महिलाओं को जिहाद की ट्रेनिंग दे रहा है. इसके लिए आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद ने नया कोर्स चलाया है. इस कोर्स को आतंकी मसूद अजहर की बहनें और उमर फारुक की बीवी लीड कर रही है. जिहाद के इस कोर्स में दाखिला लेने के लिए हर लड़की से 500 पाकिस्तानी रुपये लिए जाएंगे.  जैश ए मोहम्मद अब अपने ब्रिगेड में ख्वातिनों यानी की महिलाओं की नियुक्ति बढ़ा दी है.  हाथ ऐसे एक्सक्लूसिव दस्तावेज लगे हैं जिससे पता चलता है कि ये आतंकी संगठन बड़े पैमाने पर महिलाओं को जिहाद की ऑनलाइन ट्रेनिंग देना शुरू कर रहा है. जैश ए मोहम्मद महिलाओं से फंड इकट्ठा कर रहा है. इस कोर्स को 'तुफत अल मुमिनात' नाम दिया गया है.  इससे पहले इस बात की जानकारी सामने आई थी कि संयुक्त राष्ट्र से प्रतिबंधित जैश-ए-मोहम्मद ने महिलाओं की नियुक्ति के लिए 'जमात-उल-मुमिनात' का गठन किया है.  महिलाओं को टेरर फैक्ट्री में लाया अजहर इस टेरर संगठन को मजबूत करने और इसकी महिला ब्रिगेड में और ज़्यादा महिलाओं की भर्ती के लिए आतंकियों ने अपने घर की औरतों को सामने लाया है. इसमें जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी शामिल है. इसके अलावा इसमें जैश के टेरर कमांडरों की महिला सदस्य शामिल हैं. ये महिलाएं जिहाद और मजहब की ट्रेनिंग देंगी.  ऑनलाइन लाइव लेक्चर के ज़रिए भर्ती अभियान 8 नवंबर से शुरू होने वाला है. मसूद अज़हर की दो बहनें सादिया अज़हर और समायरा अजहर, रोज़ाना 40 मिनट के ऑनलाइन मीटिंग प्लेटफ़ॉर्म के जरिए महिलाओं को जैश-ए-मोहम्मद की महिला ब्रिगेड जमात-उल-मुमिनात में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित करेंगी. मसूद अजहर की छोटी बहन को मिला चार्ज नए-नए जमात-उल-मुमीनत में मौलाना मसूद अजहर ने इस महिला ब्रिगेड की कमान अपनी छोटी बहन सादिया अजहर को सौंपी है. सादिया का पति आतंकी यूसुफ़ अजहर ऑपरेशन सिंदूर में मारा गया था. मसूद अजहर ने इस काम में अपनी छोटी बहन सफिया और उमर फ़ारूक़ की बीवी अफरीरा फ़ारूक़ को भी शामिल किया है, उमर फारूक ने पुलवामा आतंकी हमला किया था और बाद में भारतीय सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में मारा गया था.  मसूद अजहर की जिहाद की नई कोर्स. आतंकी मसूद अजहर पाकिस्तान में फंड इकट्ठा करने के लिए जकात का प्रोग्राम शुरू कर दिया है और तेजी से इसमें लगा है. 27 सितंबर को अपने ताजा संबोधन में बहावलपुर में उसने मरकज उस्मान अली में जनता से दान की अपील की थी. अब जैश-ए-मोहम्मद महिलाओं को ट्रेनिंग देने वाले इस प्रोग्राम से पैसा जमा कर रहा है. इसके लिए हर महिला से 500 पाकिस्तानी रुपये लिए जा रहे हैं और उनसे ऑनलाइन फॉर्म भरवाया जा रहा है.   इस महीने की शुरुआत में 8 अक्टूबर को मसूद अजहर ने जैश-ए-मोहम्मद की महिला ब्रिगेड जमात उल-मुमीनत के गठन की घोषणा की थी और 19 अक्टूबर को पाक अधिकृत कश्मीर के रावलकोट में महिलाओं को ग्रुप में शामिल करने के लिए 'दुख्तरिन-ए-इस्लाम” नाम का एक कार्यक्रम आयोजित किया था.  ISIS, हमास, लिट्टे की तर्ज पर फिदायीन दस्ता बनाने की कोशिश सूत्रों के अनुसार चूंकि पाकिस्तान में कट्टरपंथी सामाजिक मानदंडों के अनुसार महिलाओं का अकेले बाहर जाना अनुचित माना जाता है, इसलिए जैश-ए-मोहम्मद अब महिलाओं की भर्ती के लिए ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का उपयोग कर रहा है ताकि वह आईएसआईएस, हमास और एलटीटीई की तर्ज पर अपने पुरुष आतंकवादी ब्रिगेड के साथ-साथ महिला आतंकवादी ब्रिगेड का गठन कर सके और संभवतः उनका इस्तेमाल आत्मघाती/फिदायीन हमलों के लिए कर सके.  जैश की पूरी कार्यप्रणाली के तहत प्रत्येक महिला से 500 रुपये का चंदा लिया जा रहा है. ये पाकिस्तान के पाखंड को भी उजागर करता है जो FATF के नियमों का लागू करने का दावा करता है और कहता है कि वह आतंक से जुड़े किसी भी गतिविधि की फंडिंग नहीं कर रहा है. लेकिन पाकिस्तान मरकज की आड़ में पैसा लेता रहा है और अब खुलकर जिहाद की ऑनलाइन कक्षाओं के नाम पर पैसा ले रहा है. 

इंदौर-खंडवा सड़क परियोजना में तेजी: मार्च तक पूरा काम, सुरंगें और पुल 4 महीने में होंगे तैयार

खरगोन निमाड़-मालवा वालों के लिए खुशखबर यह है कि इंदौर-खंडवा रोड का काम मार्च तक पूरा हो जाएगा। इस रोड पर अक्टूबर तक मोरटक्का के नर्मदा ब्रिज और सिमरोल के वायडक्ट पर गर्डर लान्चिंग का काम आखिरी स्टेज में पहुंच गया है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के मुताबिक अगले चार महीने के भीतर तीनों सुरंग, नर्मदा पुल और वायडक्ट बनकर तैयार हो जाएंगे। एनएचएआई के मुताबिक, इंदौर-हैदराबाद कॉरिडोर के तहत तेजाजी नगर से बलवाड़ा तक छह लेन हाईवे बन रहा है। इसी हिस्से में सिमरोल टनल के बाद बनाए जा रहे वाया डक्ट पर 160 गर्डर की लॉन्चिंग पूरी हो चुकी है। यह कुल 450 मीटर का वायाडक्ट है, जिसमें 30-30 मीटर का एक-एक स्पान (हिस्सा) है। यहां 80 से 100 टन वजनी प्रत्येक गर्डर को दो क्रेन की मदद से खाई से 30 मीटर ऊपर बने दो पियर के बीच रखा गया। यह पूरी प्रक्रिया मार्च में शुरू हुई थी और पिछले सप्ताह ही पूरी हुई है। मार्च तक ट्रैफिक शुरू करने का दावा निर्माण कंपनी मेघा इंजीनियरिंग ने अगले साल मार्च तक इस हिस्से से ट्रैफिक शुरू करने का दावा किया है। इधर, नर्मदा नदी पर मोरटक्का में बन रहे ब्रिज का कार्य भी मार्च तक पूरा कराने का दावा किया गया है। इस ब्रिज के साथ ही बलवाड़ा से धनगांव के बीच बन रहा 45 किलोमीटर का फोरलेन भी कम्प्लीट होगा। खंडवा एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर आशुतोष सोनी के मुताबिक, बलवाड़ा-धनगांव प्रोजेक्ट 45 किलोमीटर का है, जिस पर सड़क निर्माण लगभग पूरा हो गया है। एक रेलवे ब्रिज का काम अधूरा है और बाकी नर्मदा नदी का ब्रिज है। नर्मदा नदी पर चार स्पान बाकी हैं, जो पांचवां स्पान था, उसे पिछले महीने कम्प्लीट किया है। इंदौर-हैदराबाद के सफर में आठ घंटे बचेंगे 713 किमी की इस सड़क में अभी कई जगह स्टेट हाईवे हैं, जिन्हें एनएचएआई द्वारा नेशनल हाईवे की तर्ज पर बनाया जा रहा है। मौजूदा सड़क से अभी इंदौर-हैदराबाद के बीच 876 किमी का रास्ता है, जो हाईवे बन जाने के बाद 157 किमी कम हो जाएगा। इससे 18 घंटे का रास्ता 8 घंटे कम हो जाएगा और 10 घंटों में इंदौर से हैदराबाद पहुंचा जा सकेगा।

इस छठ पर खास ज्योतिषीय संयोग, सूर्य देव देंगे भरपूर आशीर्वाद

दिवाली खत्‍म ही छठ का इंतजार शुरू हो जाता है. छठ महापर्व कार्तिक शुक्‍ल की षष्‍ठी तिथि को मनाते हैं, इस दिन सूर्य देव को अर्घ्‍य दिया जाता है. लेकिन यह पर्व कुल 4 दिनों तक चलता है. नहाय खाय से शुरुआत के बाद खरना और फिर ढलते और उगते सूर्य को अर्घ्‍य देने के साथ-साथ यह पर्व समाप्‍त होता है. इन 4 दिनों में बिहार राज्‍य में छठ की जबरदस्‍त धूम देखने को मिलती है. कई दिन पहले से छठ पर्व मनाने के लिए तैयारियां की जाती हैं. इसके अलावा झारखंड, उत्तर प्रदेश के साथ-साथ नेपाल में भी छठ मनाया जाता है. इस साल छठ कब है और इस दौरान कौन-कौनसे शुभ योग बन रहे हैं, आइए जानते हैं.  साल 2025 में छठ पूजा की शुरुआत 25 अक्टूबर से हो रही है और 28 अक्‍टूबर को समापन होगा. सबसे पहले 25 अक्टूबर को नहाय-खाय होगा, इसके अगले दिन 26 अक्टूबर को खरना होगा. फिर तीसरे दिन 27 अक्टूबर को अस्ताचलगामी यानी डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा. फिर 28 अक्‍टूबर को उगते हुए सूर्य को अर्घ्‍य दिया जाएगा. छठ में सूर्य देव और छठी मैया की पूजा करने का विधान है.  छठ पर शुभ योग  इस साल छठ पर्व पर कई शुभ योग बन रहे हैं, जिसमें रवि योग का बनना अत्‍यंत शुभफलदायी माना जा रहा है. ज्योतिषियों की मानें तो कार्तिक मास की शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि यानी छठ पूजा पर रवि योग और सुकर्मा योग बन रहे हैं. सूर्य का ही एक नाम रवि योग है. ऐसे में सूर्य की आराधना के पर्व छठ पर रवि योग का बनना व्रतियों को पूजा का कई गुना ज्‍यादा फल देगा.  27 अक्‍टूबर को रवि योग का संयोग देर रात 10 बजकर 46 मिनट तक रहेगा. वहीं सुकर्मा योग का संयोग पूरी रात रहेगा. व्रती रवि योग में सूर्य देव को जल का अर्घ्य देंगे. इस योग में सूर्य देव की उपासना करने से आरोग्यता का वरदान मिलेगा. साथ ही सुख और समृद्धि में बढ़ती है. इसके अलावा छठ पूजा के दिन कौलव और तैतिल करण का भी संयोग निर्मित हो रहा है. इन योगों को भी शुभ माना गया है.  

आज का राशिफल (23 अक्टूबर): मकर राशि वालों को खुशखबरी, बाकी राशियों के लिए कैसा रहेगा दिन?

मेष आज के दिन आपके लिए महत्वपूर्ण बदलाव लेकर आ रहा है। लव, करियर और धन के मामले में कई मौके मिल सकते हैं। इन बदलावों को पॉजिटिव नजरिए के साथ अपनाएं। अपने स्वास्थ्य पर ध्यान दें। वृषभ आज का दिन इमोशनल साबित हो सकता है। आपको कई महत्वपूर्ण डिसीजन लेने पड़ सकते हैं। पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ में बैलेंस बनाएं। खुले दिमाग से बदलावों को अपनाएं। मिथुन आज के दिन लाइफ में बैलेंस व खुद की देखभाल को प्राथमिकता दें। विकास और सफलता के अवसरों का लाभ उठाएं। खुद पर भरोसा रखें और आप किसी भी चैलेंज का आसानी से सामना कर लेंगे। कर्क आज के दिन नए अवसरों और बदलावों के लिए तैयार रहें। पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ के बीच बैलेंस बनाना चाहिए। करियर ग्रोथ, इमोशनल अंडरस्टैंडिंग व फाइनेंशियल स्टेबिलिटी पर फोकस करें। सिंह आज के दिन अवसरों और चुनौतियों को आसानी से पार करने के लिए अपनी सेहत को प्राथमिकता दें। दिन अवसरों से भरपूर रहने वाला है। प्रेम और करियर का क्षेत्र फलते-फूलते हैं। कन्या आज के दिन लव लाइफ रोमांटिक रहेगी। अगर आप चाहते हैं कि चीजें आपके अनुसार चलती रहें, तो दूसरों की बात सुनने के बजाय वही करें, जो आपका दिल कहे। नई नौकरी में ढलने के लिए कुछ जातकों को ज्यादा कठिनाई का सामना करना पड़ सकता है। तुला आज के दिन पैसों के मामले में अनुशासन जरूरी है। अच्छे स्वास्थ्य को बनाए रखें। नई शुरुआत को अपनाएं। किसी फंक्शन का आनंद ले सकते हैं। पिछले निवेश से कुछ लोगों को अच्छा रिटर्न मिल सकता है। वृश्चिक आज के दिन कामकाज के मामले में कुछ समस्याओं पर आपको तुरंत ध्यान देने की आवश्यकता होगी। आपकी लव लाइफ नॉर्मल रहेगी। करियर के मामले में आपको अपना काम सही तरीके से करने में कोई समस्या नहीं होगी। धनु आज के दिन आपका पार्टनर आपके द्वारा उनके लिए किए गए सभी अच्छे कामों की तारीफ करने के मूड में रहेगा। सस्ते दाम पर कुछ जातक संपत्ति खरीद सकते हैं। ऑफिस का काम आप पर भारी पड़ सकता है। मकर आज के दिन को रोमांचक बनाने के लिए कुछ जातक ट्रिप प्लान कर सकते हैं। स्टूडेंट्स को ज्यादा मेहनत करने की जरूरत है। इसलिए अपना ध्यान पढ़ाई पर रखें। अगर ऑफिस का कोई प्रोजेक्ट रुका हुआ है तो अब उसे पूरा करने का समय आ गया है। कुंभ आज के दिन रुका हुआ पैसा मिल सकता है। जॉब कर रहे कुछ लोगों को प्रमोशन मिल सकता है। व्यवसाय से जुड़े लोगों के लिए सप्ताह अनुकूल रहेगा। प्रेमी के साथ रोमांचक समय बिताने की संभावना है। मीन आज के दिन धन के मामले में आपको किसी पर भी भरोसा नहीं करने की सलह दी जाती है। करियर की पॉलिटिक्स आपको अपना ध्यान केंद्रित करने पर मजबूर कर सकती है।

सोन पापड़ी विवाद: दिवाली पर गुस्साए कर्मचारियों ने फैक्ट्री में ही किया हंगामा

चंडीगढ़  दिवाली के मौके पर मिलने वाले बोनस का इंतजार कर्मचारी पूरे साल करते हैं। ऐसे में जब हाल ही में जब एक कंपनी के कर्मचारियों को मन माफिक बोनस नहीं मिला, तो उन्होंने विरोध का अनोखा तरीका अपनाया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जहां कंपनी की ओर से दिवाली के मौके पर सोन पापड़ी मिलने पर कर्मचारी बुरी तरह भड़क गए। कर्मचारियों ने विरोध जताने के लिए सोन पापड़ी के सारे डब्बे के फैक्ट्री के गेट पर फेंक डाले। कथित तौर पर यह वीडियो हरियाणा के सोनीपत की एक फैक्ट्री का है। वायरल क्लिप में कई कर्मचारियों को फैक्ट्री के गेट के बाहर सोन पापड़ी के डिब्बे फेंकते हुए देखा जा सकता है। लाइव हिन्दुस्तान वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है। इस क्लिप में एक स्थानीय समाचार चैनल पर प्रसारित की जा रही एक रिपोर्ट में एंकर ने बताया कि वर्कर्स को दिवाली पर बोनस देने का वादा किया गया था। हालांकि दिवाली से कुछ दिन पहले, उन्हें नकद बोनस या गिफ्ट वाउचर की जगह उन्हें सोन पापड़ी के डिब्बे थमा दिए गए, जिससे कर्मचारियों का गुस्सा फुट पड़ा। वायरल वीडियो को सोशल मीडिया पर 6 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है। वीडियो पर लोगों की मजेदार प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं। जहां कुछ लोगों ने कर्मचारियों के प्रति सहानुभूति जताई है, वहीं कुछ लोग खाने की बर्बादी और अपमान के के लिए उनकी आलोचना भी कर रहे हैं। एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा, “एक ही दिन होता है जब कर्मचारी उपहार का इंतजार करते हैं। ऐसी चिंदीचोरी नहीं करनी चाहिए।” वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा, “शर्म आनी चाहिए ऐसे मालिकों को क्योंकि वर्कर पूरे साल जीते तोड़ मेहनत करके काम करके देता है और दिवाली पर उम्मीद करता है एक अच्छी सी गिफ्ट जरूर देगा।” कुछ लोग तो बोनस देने के लिए कानून बनाने की मांग भी करने लगे। हालांकि कुछ लोगों ने कर्मचारियों के बर्ताव का कड़ा विरोध किया। एक यूजर ने लिखा, “दुखद! ऐसा रवैया नहीं होना चाहिए। यह सिर्फ एक दिखावा है, दिवाली पर कुछ पाने का हक नहीं। जो भी उपहार मिले उसे विनम्रता से स्वीकार करना चाहिए। अगर बोनस देना हो तो उस पर औपचारिक रूप से चर्चा की जा सकती है।” एक अन्य यूजर ने लिखा, “काम करने के बदले वेतन दिया जाता है। बोनस बंधन नहीं है, ये खुशी बांटने की बात है। जरुरी नहीं कि बोनस में पैसे ही दिया जाए। चलाकर देखिये पता चलेगा कितना मुश्किल है, सभी कंपनियां करोड़ो अरबों नहीं कमाती। १४ साल में मुझे कभी एक रुपया बोनस नहीं मिला,मुझे कोई शिकायत भी नहीं थी।”

कैंसर का अनदेखा कारण: शराब – हार्वर्ड के एक्सपर्ट्स ने बताया क्यों मॉडरेट ड्रिंकिंग भी सुरक्षित नहीं

नई दिल्ली  शराब पीने वाले अक्सर पीने का बहाना खोजते हैं। इतना ही नहीं उन्हें समझाना भी मुश्किल होता है। पीने वाले अक्सर यह लॉजिक देते हैं कि वह थोड़ी पीते हैं या ओकेजनल ड्रिंकर हैं। अब हार्वर्ड ट्रेन्ड गैस्ट्रोइंटेरोलॉजिस्ट ने बताया है कि शराब पीने का शरीर पर क्या असर होता है। उन्होंने बताया कि रोजाना शराब पीने से कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी तक हो सकती है। महीने में एक बार पीने वालों पर खतरा हार्वर्ड और एम्स ट्रेंड गेस्ट्रो डॉक्टर सौरभ सेठी अपने इंस्टाग्राम पर लोगों को अवेयर करते रहते हैं। उन्होंने बताया कि शराब पीने के कैसे शरीर को नुकसान पहुंच सकता है, जो लोक कभी-कभी पीते हैं उनको भी। डॉक्टर ने बताया, जो लोग महीने में एक बार पीते हैं उनकी नींद की क्वॉलिटी खराब हो जाएगी। डिहाइड्रेशन होगा। वीकली पीने वालों पर असर हफ्ते में एक बार पीने से लीवर में दिक्कतें शुरू हो जाएंगी। नींद की क्वॉलिटी खराब हो जाएगी। जबरदस्त डिहाइड्रेशन होगा। हफ्ते में तीन-चार बार हफ्ते में तीन से चार बार पीने से स्ट्रेस हॉरमोन कॉर्टिसॉल बढ़ेगा। इंसुलिन रेजिस्टेंस के लक्षण बढ़ेंगे यानी डायबिटीज का खतरा बढ़ जाएगा। मेटाबॉलिजम धीमा पड़ेगा यानी पेट निकलेगा। चर्बी और मोटापा बढ़ने लगेगा और मेटाबॉलिजम से जुड़ी समस्याएं शुरू हो जाएंगी। रोजाना पीने वालों पर असर रोजाना पीने वालों का लीवर डैमज होगा। यहां तक कि लीवर फेल भी हो सकता है। मेटाबॉलिजम पूरी तरह से बिगड़ जाएगा। लीवर, पैंक्रिआज और ब्रेस्ट कैंसर होने की संभावना बढ़ जाएगी। एक बूंद से ही शुरू होता खतरा लैंसेट पब्लिक हेल्थ में WHO की रिपोर्ट में भी पहले यह बात छप चुकी है कि शराब की कोई भी मात्रा सेफ नहीं होती। आप कम मात्रा में पिएं या लंबे गैप पर यह आपके शरीर पर खराब असर डालती है। एल्कोहल कितना भी महंगा या कितने भी अमाउंट में हो यह कैंसर का खतरा बढ़ाता है। हेल्थ एक्सपर्ट्स का कहना है कि शराब की एक बूंद से खतरा शुरू हो जाता है। जितनी ज्यादा मात्रा होगी खतरा उतना बढ़ जाएगा। कई तरह के कैंसर के अलावा शराब पीने से डायबिटीज और हार्ट अटैक का रिस्क भी बढ़ जाता है।

अलीराजपुर कलेक्टर के सोशल मीडिया अकाउंट पर बड़ा हमला, हैकरों ने मांगे पैसे

अलीराजपुर कलेक्टर नीतू माथुर का सोशल मीडिया अकाउंट किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा हैक कर लिया गया है। इस गंभीर घटना की जानकारी स्वयं कलेक्टर ने सार्वजनिक रूप से साझा करते हुए आमजन से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने बताया कि उनके नाम से सोशल मीडिया पर संदेश या काल के माध्यम से आर्थिक मदद की मांग की जा रही है, जो कि पूर्णतः फर्जी और अवैधानिक है। इस पूरे मामले का खुलासा उस समय हुआ जब मंगलवार की शाम लगभग सवा सात बजे जिला सूचना विज्ञान केंद्र के तूफानसिंह को कलेक्टर के नाम से एक संदिग्ध मैसेज प्राप्त हुआ। संदेश की भाषा और मांग को देखकर उन्होंने बिना देर किए इसकी सूचना कलेक्टर नीतू माथुर को दी। तत्पश्चात कलेक्टर ने तुरंत साइबर सेल को पूरे मामले से अवगत कराया, जहां से जांच प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।   इस तरह के संदेशों से रहें सावधान हैकर्स द्वारा भेजे जा रहे संदेशों में किसी निजी और आपातकालीन परिस्थिति का हवाला देते हुए एक ग्राहक के खाते में तत्काल पैसे भेजने की अपील की जा रही है। संदेश में लिखा जा रहा है कि मुझे एक जरूरी काम के लिए आपकी मदद चाहिए। मैं मीटिंग में हूं, ऑनलाइन बैंकिंग काम नहीं कर रही। कृपया एक ग्राहक के खाते में थोड़ी राशि ट्रांसफर कर दें, शाम तक लौटा दूंगा। यह संदेश पूरी तरह भ्रामक और धोखाधड़ी का हिस्सा है। आमजन से अपील की गई है कि वे इस प्रकार के किसी भी संदेश, काल या अनुरोध पर विश्वास न करें और न ही किसी प्रकार का आर्थिक लेनदेन करें। पहले भी हो चुका है ऐसा मामला गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब अलीराजपुर में इस प्रकार की साइबर धोखाधड़ी हुई हो। पूर्व में तत्कालीन कलेक्टर डॉ. अभय अरविंद बेडेकर का भी सोशल मीडिया अकाउंट हैक हुआ था और उसी तरह के संदेशों के माध्यम से लोगों से पैसे मांगे गए थे। कलेक्टर नीतू माथुर ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि, मेरे नाम से किसी भी प्रकार की आर्थिक सहायता की मांग की जा रही हो, तो कृपया उसे नजरअंदाज करें। यह एक गंभीर साइबर अपराध है और इसकी जांच की जा रही है। सभी से निवेदन है कि ऐसे किसी भी काल या मैसेज पर विश्वास न करें और न ही किसी प्रकार का आर्थिक सहयोग करें।   प्रशासन और पुलिस सतर्क जिला प्रशासन और पुलिस विभाग इस मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर अपराधियों की तलाश में जुट गया है। संबंधित एजेंसियों को सतर्क कर दिया गया है और आमजन से अपील की गई है कि किसी भी प्रकार की संदेहास्पद गतिविधि की तत्काल सूचना प्रशासन या पुलिस को दें।