samacharsecretary.com

कोर्ट का बड़ा फैसला: आयुर्वेदिक दवा बनाने वालों को नहीं मिली राहत, जानें वजह

ग्वालियर बिना लाइसेंस के नकली आयुर्वेदिक दवाइयां बनाने और बेचने वाले आरोपितों को मध्यप्रदेश हाईकोर्ट की ग्वालियर पीठ से राहत नहीं मिली है। एकलपीठ ने एफआईआर रद्द करने की मांग को अस्वीकार करते हुए कहा कि पुलिस द्वारा दर्ज अपराध प्रथम दृष्टया संज्ञेय हैं और जांच पूरी तरह वैध है। नकली आयुर्वेदिक दवाइयां बनाए जाने की शिकायतें मिली दरअसल, थाना जनकगंज पुलिस को लंबे समय से अपने क्षेत्र में बिना औषधि लाइसेंस के नकली आयुर्वेदिक दवाइयां बनाए जाने की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने गहन जांच के बाद विशेष टीम गठित कर छापामार कार्रवाई की। कार्रवाई में भारत सिंह कुशवाह, संतोष कुशवाह एवं विशाल सांखला द्वारा संचालित शिवम् फार्मेसी (नेहरू पेट्रोल पंप के पास, लक्ष्मीगंज, जनकगंज) के परिसर से बड़ी मात्रा में नकली आयुर्वेदिक औषधियां बरामद की गईं।   जान को खतरे में डालने का गंभीर अपराध इनमें “एडवांस ग्रोथ पाउडर”, “हाजमा चूर्ण हेल्थ बूटी” और “एक्टिव बॉडी ग्रोथ प्रोटीन पाउडर” जैसी दवाइयां शामिल थीं। जांच में पाया गया कि ये दवाइयां बिना किसी वैध लाइसेंस, फर्म का नाम, पता या बैच नंबर अंकित किए तैयार की जा रही थीं, जिससे मरीजों की जान को खतरे में डालने का गंभीर अपराध किया जा रहा था। पुलिस द्वारा बार-बार पूछे जाने पर भी आरोपी ड्रग कंट्रोलर, भोपाल से जारी वैध औषधि निर्माण लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सके।   मौके पर बुलाए गए आयुष अधिकारी मंगल सिंह यादव की उपस्थिति में दवाइयों के नमूने एकत्र किए गए और शेष माल जब्त कर एफआईआर दर्ज की गई। यह अपराध औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम तथा कापीराइट एक्ट के अंतर्गत पंजीकृत किया गया। जांच के दौरान आरोपी विशाल सांखला ने बयान में स्वीकार किया कि वह भारत सिंह कुशवाह एवं संतोष कुशवाह द्वारा निर्मित नकली दवाइयों को शहर के विभिन्न मेडिकल स्टोर्स पर सप्लाई करता था।

भोपाल के पास रेल हादसा: ट्रेन से गिरे 3 लोग, 2 की मौके पर ही मौत

मुंबई  महाराष्ट्र के नासिक रोड स्टेशन के पास एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां चलती ट्रेन से तीन युवक नीचे गिर गए। इस घटना में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। दिवाली और छठ पर्व के चलते ट्रेनों में भीड़ के बीच यह हादसा यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े करता है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, यह हादसा शनिवार रात करीब साढ़े 8 बजे नासिक रोड स्टेशन के पास हुआ। कर्मभूमि एक्सप्रेस लोकमान्य तिलक टर्मिनस मुंबई से रक्सौल बिहार जा रही थी और नासिक रोड स्टेशन पर बिना रुके आगे बढ़ रही थी। इसी दौरान तीन युवक ट्रेन से नीचे गिर गए। एक युवक गंभीर रूप से घायल रेलवे प्रशासन को घटना की सूचना ओढा स्टेशन मैनेजर ने दी। नासिक रोड पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और रेलवे ट्रैक से दो युवकों के शव बरामद किए। मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। वहीं एक युवक गंभीर रूप से घायल मिला, जिसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया है। घायल की भी शिनाख्त अभी नहीं हुई है। मौके पर मौजूद यात्रियों ने बताया कि युवकों की चीख सुनकर ट्रेन के अन्य यात्रियों ने शोर मचाया, जिससे लोको पायलट को घटना की जानकारी मिली और उसने नासिक रोड प्रशासन को सूचित किया। आसपास के लोग भी रेलवे ट्रैक की ओर दौड़े, लेकिन तब तक दो युवकों की मौत हो चुकी थी। पुलिस का कहना है कि दिवाली के समय ट्रेनों में भारी भीड़ होती है और यात्री अक्सर ट्रेन के दरवाजे के पास खड़े रहते हैं। संभव है कि भीड़-भाड़ के कारण युवकों का संतुलन बिगड़ा हो या उन्हें धक्का-मुक्की का सामना करना पड़ा हो, जिससे वे ट्रेन से गिर गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मृतकों की पहचान कर उनके परिजनों को सूचित करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस और रेलवे प्रशासन यात्रियों से अपील कर रहे हैं कि ट्रेन में यात्रा के दौरान सावधानी बरतें और खिड़की या दरवाजे के पास खड़े होने से बचें। 

अपनी ही पार्टी पर बरसे BJP नेता, बोले – कश्मीरी पंडितों के नाम पर हुई सियासत

जम्मू अपनी ही पार्टी पर विस्थापित कश्मीरी पंडितों का पॉलिटिकल फायदे के लिए इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए, नाराज बीजेपी नेता जहांजैब सिरवाल ने रविवार को पार्टी लीडरशिप से समुदाय के साथ लंबे समय से हो रहे अन्याय को दूर करने के लिए सही कदम उठाने की अपील की। पिछले साल अप्रैल में कांग्रेस छोड़ने के बाद बीजेपी में शामिल हुए सिरवाल ने कहा, “यह समुदाय BJP के लिए सबसे मजबूत, फिर भी बिना पैसे वाले, बिना पहचाने और बिना पहचाने कैंपेन करने वालों में से रहा है। बीजेपी लीडरशिप ने पॉलिटिकल फायदे के लिए पार्लियामेंट में उनकी तकलीफ का 500 से ज्यादा बार जिक्र किया है और हर पॉलिटिकल दुश्मन के खिलाफ एक टूल के तौर पर इस्तेमाल किया है।” उन्होंने कहा, “मैं पार्टी लीडरशिप से (कश्मीरी पंडित समुदाय के साथ) लंबे समय से हो रहे अन्याय को दूर करने के लिए पक्के और सही कदम उठाने की अपील करता हूं। वे सिर्फ दिखावे या पार्लियामेंट्री बहसों में बार-बार जिक्र से ज्यादा के हकदार हैं।” इससे पहले, 3 अक्टूबर को, सिरवाल ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मुसलमानों के खिलाफ पुलिस के बदले वाले रवैये का हवाला देते हुए पार्टी से इस्तीफा देने की धमकी दी थी। बीजेपी नेता ने कहा कि लीडरशिप को ऐसी पॉलिसी को प्राथमिकता देनी चाहिए जो कश्मीरी पंडितों की उनके वतन सुरक्षित वापसी पक्की करें, उनके अधिकार वापस दिलाएं, और उन्हें वह सुरक्षा और मौके दें जिनसे उन्हें बहुत लंबे समय से वंचित रखा गया है। सिरवाल ने यहां एक बयान में कहा, "वे ठोस कार्रवाई के हकदार हैं, जिसकी शुरुआत सीनियर नेताओं द्वारा उनके कैंपों का दौरा करके उनके संघर्षों को खुद देखने से हो, उसके बाद समुदाय के प्रतिनिधियों, जिनमें पार्टी के कुछ सदस्य भी शामिल हैं, के साथ मिलकर बातचीत हो, ताकि उनके सम्मानजनक पुनर्वास के लिए एक पूरा रोडमैप बनाया जा सके।" सिरवाल ने कहा कि उनके कैंपों के हालात, जिनमें सही घर, हेल्थकेयर और आर्थिक और सामाजिक तौर पर फिर से जुड़ने के मौके नहीं हैं, यह तीन दशकों से ज्यादा समय से चले आ रहे मानवीय संकट को सुलझाने में नाकामी को दिखाता है। कश्मीरी पंडितों के जाने को गहरी मानवीय त्रासदी बताते हुए, उन्होंने जोर देकर कहा कि यह सिर्फ एक आर्थिक मुद्दा नहीं था। सिरवाल ने बयान में कहा, “परिवारों को उनके घरों से निकाल दिया गया, उनकी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को उखाड़ फेंका गया, और उन्हें अपने ही देश में देश निकाला में रहने के लिए मजबूर किया गया, और अपर्याप्त सुविधाओं और अनदेखी वाले कैंपों में दशकों तक मुश्किलें झेलनी पड़ीं।” उन्होंने समुदाय की शिकायतों को दूर करने या उनके पुनर्वास की दिशा में काम करने के लिए उनके साथ सार्थक बातचीत की कमी की निंदा की।

कांग्रेस में टिकट की ‘घोड़ा-दौड़’! पप्पू यादव-अल्लावरू का धमाकेदार ऑडियो मचा रहा हड़कंप

पटना  बिहार चुनाव से पहले टिकटों की खरीद-फरोख्त को लेकर कांग्रेस पर गंभीर इल्जाम लग रहे हैं। गंभीर बात यह है कि यह आरोप कोई और नहीं बल्कि कांग्रेस के ही विधायक अफाक आलम लगा रहे हैं। अफाक आलम कस्बा से कांग्रेस विधायक हैं। कस्बा से कांग्रेस विधायक आफाक आलम और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम के बीच हुई बातचीत का एक ऑडियो भी वायरल हुआ है। इसमें आफाक आलम के पूछने पर राजेश राम कह रहे हैं कि आपके टिकट पर हम साइन कर दिए हैं। अब प्रभारी के पास है। लेकिन कोई मुकतु और इरफान है। खेल, हाथी, घोड़ा सब हो रहा है। बता दें कि कस्बा से कांग्रेस ने इरफान को टिकट दिया है। अफाक आलम का कहना है कि घोड़ा कृष्णा अल्लावरू हैं और हाथी पप्पू यादव। सबसे पहले हम आपको बताते हैं कि अफाक आलम और राजेश राम के बीच क्या बातचीत हुई। हालांकि, लाइव हिन्दुस्तान इस ऑडियो की पुष्टि नहीं करता है। जो ऑडियो वायरल हुआ है उसमें अफाक आलम कहते हैं कि अध्यक्ष जी बताइए ना क्या करें, बैठे हए हैं। इसपर राजेश राम कहते हैं कि यहां पर एक मुत्थु हैं, कोई इरफान हैं। उसके लिए बहुत है, आपका ओके है लेकिन अभी सिंबल रोके हुए है। इसके बाद अफाक आलम ने कहा कि तो हमको दे दिजिए। इसपर राजेश राम ने कहा कि हम तो साइन कर के दे ही दिए हैं वहां, हम चले आए क्षेत्र पर। अफाक आलम राजेश राम से कहते हैं कि धन्यवाद आपका सर। खेल, हाथी-घोड़ा हो रहा – राजेश राम इसपर राजेश राम ने कहा कि हम साइन, वगैरह जितना था उतना कर दिए हैं। लेकिन अब ये जो है वो प्रभारी जी के पास है। अफाक आलम कहते हैं कि आप अध्यक्ष है सर। इसपर राजेश राम कहते हैं कि अध्यक्ष हैं तो हम अनुमति तक सबकुछ कर दिए हैं। अफाक आलम ने इसपर पूछा कि तो फिर ये क्या खेल हो रहा है सर। इसपर राजेश राम ने कहा कि खेल, हाथी-घोड़ा सब हो रहा है। हमने कहा था कि किसी भी विधायक का टिकट नहीं कटना चाहिए। इसपर अफाक आलम ने कहा कि आप ऊपर खबर कर दीजिए सर। इसपर कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि अभी पप्पू यादव लगा हुआ है ना। तब अफाक आलम ने कहा कि किसके पीछे लगा हुआ है पप्पू यादव, पप्पू यादव क्या चीज है, पप्पू यादव क्या है? पप्पू यादव हमलोग की पार्टी का क्या है? इसपर राजेश राम कहते हैं कि यह तो आप ऊपर पूछिएगा ना सर। हमने आपका नाम आगे बढ़ा दिया। बाद में आकर टिकट रूका है। अफाक आलम ने पूछा कि किसने रोक दिया? इसपर राजेश राम ने कहा कि ये सब तो पप्पू जी, वेणु जी सब बैठ कर क्या-क्या कर रहे हैं। हमलोग तो पहले ही साइन करके दे चुके हैं। अफाक आलम इसे बाद कहते हैं कि क्या सर इससे पार्टी चलेगा? तब राजेश राम कहते हैं कि पार्टी एकदम नहीं चलेगा। इससे हम भी बहुत परेशान हैं। आप एक साफ-सुथरा आदमी हैं। आपके बनने से एक मैसेज है कि आपके होने से हमलोग बातचीत कर सकते हैं। आप हमारे अध्यक्ष हैं आपको अड़ना होगा सर। इधर इस ऑडियो क्लिप के वायरल होने के बाद अफाक आलम ने न्यूज 18 से बातचीत में माना कि यह बातचीत उनके और राजेश राम के बीच की ही है। इन लोगों ने टिकट बेचा है और टिकट बेचकर वैसे लोगों को बेचा गया है जो हारा हुआ है। कांग्रेस में टिकट बेचे जाने की बात पर अड़े अफाक आलम अफाक आलम ने कहा कि जो बिहार कांग्रेस के प्रभारी अल्लावरू और अध्यक्ष राजेश राम और शकील खान इन तीनों की जिम्मेदारी थी टिकट देने की। हम लगातार फोन करते रहे लेकिन अल्लावरू साहब ने फोन नहीं उठाया। हमने कहा कि दूसरे चरण में हमलोगों को टिकट मिलना है। हमलोगों को टिकट दिया जाए। उसके बाद हमको धीरे-धीरे पता चला कि पप्पू यादव जी ने पैसे की उगाही कराई और इन लोगों दबाव में लाकर वैसे लोगों को टिकट दिया गया जिनका कोई जनाधार नहीं है और जो समिति में हारा हुआ है। पैसा लेकर टिकट दिया गया है। अफाक आलम ने कहा कि मनमाने ढंग से कांग्रेस पार्टी को बर्बाद करने के लिए कई लोग लगे हुए हैं। अफाक आलम ने कहा कि हम अपनी बात को राहुल गांधी, खरगे और केसी वेणुगोपाल तक पहुंचाया है। यहां बिहार में ये लोग टिकट बेचने का काम कर रहे हैं। किशनगंज में भी फ्रॉड करने की कोशिश की गई है। कसम खाकर कहें कि पैसा दिया गया या नहीं – अफाक आलम कस्बा विधायक ने अपनी अगली रणनीति को लेकर कहा कि हमारे समर्थक हमारे साथ हैं। कई हजार लोग यहां आ गए हैं। हम उनसे राय लेने के बाद ही कदम उठाएंगे। हम इंसाफ मांगते हैं कि आखिर ऐसा क्यों हआ? लोकतंत्र में ईमानदार लोगों को ही क्यों रोका जाता है? ऐसे तो लोकतंत्र में कोई आगे नहीं बढ़ेगा। वहीं दलाल, फ्रॉड लोग आगे आएंगे। अफाक आलम ने कहा कि मुझसे पप्पू यादव ने पूछा कि आप जीतिएगा कि वो जीतेंगे? यह सारा खेल वहीं से हुआ है। पैसा लिया गया है। वो रामायण-पुराण की कसम खाकर कहें कि पैसे दिया गया है नहीं। रातोंरात पैसा कैसे पहुंचा है और पैसा मिलने के बाद टिकट ओके किया गया है।

सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल: मुस्लिम युवाओं ने प्रेमानंद जी महाराज के लिए दरगाह में मांगी दुआ

हरिद्वार  वृंदावन के प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज के स्वास्थ्य को लेकर दुआ का दौर जारी है। जहां एक तरफ हिंदू समुदाय के लोग मंदिरों में उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कलियर में भी मुस्लिम समुदाय के लोगों ने भी उनके चित्र को हाथों में लेकर दरगाह साबिर पाक में चादर व फूल पेश कर प्रेमानंद महाराज की लंबी आयु और उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ मांगी है। वृंदावन के संत प्रेमानंद महाराज की कई दिन से स्वास्थ्य ठीक न होने से देशभर में भक्त काफी मायूस और परेशान हैं। उनकी सेहत के लिए दुआएं मांगी जा रही हैं। दुआओं का असर है कि संत प्रेमानंद महाराज के स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है। इसी को लेकर कलियर में भी मुस्लिम समाज के लोग ने भी प्रेमानंद महाराज के दीर्घायु और जल्द स्वस्थ होने की दुआ मांग रहे है। इस दौरान मुस्लिम समाज के लोगों ने हाथों में संत प्रेमानंद महाराज की तस्वीर लकर दरगाह साबिर पाक ने चादर और फूल पेश कर हुए उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ मांगी। इस दौरान सिंगर राजा तुर्क, शफीक साबरी, इस्तेखार साबरी आदि शामिल रहे। संत प्रेमानंद की सेहत पर चिंता में भक्त प्रेमानंद महाराज की सेहत पिछले कई दिनों से कमजोर चल रही है। उन्हें पॉलीसिस्टिक किडनी डिजीज नामक गंभीर किडनी की बीमारी है, जिसके कारण उन्हें नियमित डायलिसिस करानी पड़ती है। 2006 में पेट दर्द के बाद यह बीमारी सामने आई थी। हाल ही में उनकी तबीयत खराब होने के कारण उनकी तीर्थयात्रा अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई है। वे अब वृंदावन में भक्तों से मिलने लगे हैं और स्वास्थ्य सुधार की दिशा में हैं।

श्रद्धा और आस्था का सैलाब: चित्रकूट दीपावली मेले में पहले दिन लाखों की भीड़, CM मोहन आज करेंगे परिक्रमा

चित्रकूट दीपावली में आस्था और भक्ति से सराबोर चित्रकूट में पांच दिवसीय दीपावली मेले का शुभारंभ हो गया है। पहले ही दिन लगभग आठ लाख से अधिक श्रद्धालु मां मंदाकिनी के तटों पर उमड़े और श्रीकामदगिरि की परिक्रमा की। अनुमान है कि अगले पांच दिनों में 50 लाख से अधिक श्रद्धालु धर्मनगरी पहुंचकर राजाधिराज मत्यगजेंद्र का जलाभिषेक करेंगे और दीपदान भी करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को चित्रकूट पहुंचेंगे और कामदगिरि परिक्रमा करेंगे। उनके आगमन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं के पुख्ता इंतजाम किए हैं। मंदाकिनी तट पर दीपों की जगमगाहट कई दशकों बाद चित्रकूट को इस तरह भव्य रूप में सजाया गया है। मंदाकिनी नदी के दोनों तटों को अत्याधुनिक लाइटिंग और विजुअल डिस्प्ले से सजाया गया है। पूरा क्षेत्र दीपमालाओं की आभा में नहाया नजर आ रहा है। श्रद्धालुओं के लिए परिक्रमा पथ पर साफ-सफाई, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था की विशेष सुविधाएं दी गई हैं। मेला क्षेत्र को 11 जोन में बांटा गया चित्रकूट मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए पूरे मेला क्षेत्र को 11 जोन में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन में कार्यपालिक मजिस्ट्रेट और सुरक्षा बल तैनात हैं। एएसपी (ग्रामीण) प्रेमलाल कुर्वे के अनुसार, मेले में 1500 से अधिक पुलिसकर्मी ड्यूटी पर लगाए गए हैं। कमांड सेंटर से निगरानी इस बार मेले की सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए पहली बार कमांड सेंटर बनाया गया है। कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस और एसपी हंसराज सिंह ने विकास प्राधिकरण स्थित इस सेंटर से सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भीड़ प्रबंधन की समीक्षा की। इस दौरान अपर कलेक्टर विकास सिंह भी मौजूद रहे, जिनकी उपस्थिति में कड़ी निगरानी के साथ मेले का संचालन किया जा रहा है।   'अभी आठ लाख ले अधिक भक्त आ चुके हैं' अपर कलेक्टर विकास सिंह ने बताया कि पहले दिन चित्रकूट में आठ लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे हैं। उन्होंने परिक्रमा कर भगवान कामतानाथ के दर्शन किए और घाट पर स्नान भी किया। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु सभी आवश्यक इंतजाम किए हैं।    मेले में ऑटो-वाहनों का किराया तय, वसूली पर कार्रवाई चित्रकूट मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिला प्रशासन ने ऑटो और अन्य वाहनों के किराए तय किए हैं। एआरटीओ रामप्रकाश सिंह ने बताया कि रेलवे स्टेशन कर्वी से रामघाट तक किराया 20 रुपये, सीतापुर तक 15 रुपये, बेड़ी पुलिया तक 10 रुपये, हनुमान धारा मार्ग से रामघाट तक 30 रुपये और सती अनुसूइया-गुप्त गोदावरी होकर लौटने तक 90 रुपये निर्धारित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि स्टेशन से रामघाट तक ऑटो बुक कराने पर 200 रुपये किराया लगेगा। एआरटीओ ने चेतावनी दी है कि तय दर से अधिक किराया वसूलने वाले चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।  

मप्र में बदलेगा मौसम का रंग: अक्टूबर में हल्की बारिश, नवंबर से दस्तक देगी सर्दी

भोपाल बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से आ रही नमी के चलते मध्य प्रदेश का मौसम एक बार फिर बदल गया है। फिलहाल 22-23 अक्टूबर तक मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहेगा।खास करके 20 अक्टूबर से प्रदेश के दक्षिणी जिलों में हल्की बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।भोपाल, जबलपुर, नर्मदापुरम, इंदौर और उज्जैन संभाग के जिलों में बादल छाने के साथ कहीं-कहीं हल्की वर्षा या बूंदाबांदी के आसार हैं।इधर, 21 और 24 अक्टूबर को भी दो नए वेदर सिस्टम सक्रिय होने वाले है, जिसका प्रदेश पर असर देखने को मिलेगा। नवंबर के दूसरे सप्ताह कड़ाके की ठंड़ पड़ना शुरू हो जाएगी जो जनवरी तक बनी रहेगी। इस बार ठंड का असर फरवरी तक जारी रह सकता है।  मध्य प्रदेश में अक्टूबर महीने में मौसम का मिला-जुला असर दिखने को मिल रहा है। जहां रात और सुबह हल्की ठंड महसूस हो रही है, वहीं दिन में धूप का असर भी बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, अक्टूबर में मौसम की मिजाज ऐसे ही रहेंगे, लेकिन नवंबर के दूसरे सप्ताह से प्रदेश में तेज ठंड का दौर शुरू होने की संभावना है। मौसम का वर्तमान हाल 18 अक्टूबर को मौसम का मिजाज बदला रहा। भोपाल में दिनभर बादल छाए रहे, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। वहीं इंदौर और खंडवा में तेज बारिश हुई। उज्जैन समेत कई शहरों में भी बादल छाए रहे। मौसम विभाग के अनुसार, 20 अक्टूबर से हल्की बूंदाबांदी शुरू होगी। 21 अक्टूबर से दक्षिणी हिस्से के ज्यादातर जिलों में हल्की बारिश और गरज-चमक का दौर रह सकता है। मध्य प्रदेश के सभी जिलों में 19 अक्टूबर को मौसम साफ रहेगा। धूप खिली रहेगी, हल्की बारिश की कोई चेतावनी नहीं। अगले 2 दिन कैसा रहेगा मौसम 20 अक्टूबर: बालाघाट, मंडला, डिंडौरी और अनूपपुर जिलों में हल्की बारिश की संभावना। बाकी जिलों में मौसम साफ और धूप रहेगी। 21 अक्टूबर: बैतूल, नर्मदापुरम, खंडवा, हरदा, बुरहानपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्ना, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी और अनूपपुर में गरज-चमक और हल्की बारिश का अलर्ट। बाकी जिलों में तेज धूप। मौसम विशेषज्ञ के अनुसार, बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से आ रही नमी की वजह से मौसम का मिजाज बदल रहा है। 22-23 अक्टूबर तक यही स्थिति बनी रहेगी। नवंबर से ठंड का असर मौसम विभाग के अनुसार, नवंबर के दूसरे सप्ताह से कड़ाके की ठंड का दौर शुरू होगा, जो जनवरी तक जारी रहेगा। इस बार ठंड का असर फरवरी तक रह सकता है। 2010 के बाद इस बार सर्दी सबसे भीषण हो सकती है। उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और ला-नीना परिस्थितियों के कारण इस सर्दी में सामान्य से ज्यादा बारिश होने की संभावना है। इस साल मानसून का रिकॉर्ड     प्रदेश से मानसून विदा हो चुका है। 16 जून से 13 अक्टूबर तक मानसून 3 महीने 28 दिन सक्रिय रहा।     इस साल प्रदेश में सामान्य से 15% ज्यादा बारिश दर्ज हुई (121% बारिश)।     कुल बारिश: 48 इंच, सामान्य औसत 37.2 इंच।     सबसे ज्यादा बारिश: गुना (65.6 इंच), मंडला-रायसेन (62 इंच), श्योपुर-अशोकनगर (56 इंच से अधिक)।     सबसे कम बारिश: शाजापुर (28.9 इंच)।     ग्वालियर-चंबल संभाग में बारिश का आंकड़ा सामान्य से दोगुना रहा।     अधिकांश जिलों में कोटा पूरा हो गया, जबकि उज्जैन, शाजापुर, बैतूल और सीहोर में बारिश सामान्य स्तर के आसपास रही।

शिवराज मामा का मज़ाकिया अंदाज़, धनतेरस पर बोले – ‘सिक्का महंगा है तो छोटा ही सही!’

भोपाल  मध्य प्रदेश के भोपाल की रौनक से सजी धनतेरस की शाम में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और उनकी पत्नी साधना सिंह जब न्यू मार्केट पहुंचे, तो वहां एक पल ऐसा आया जिसने सभी को ठहाकों में डुबो दिया। परंपरा निभाते हुए दोनों ने चांदी का सिक्का, बर्तन और मूंगफली खरीदी। सोने-चांदी की दुकान पर साधना सिंह ने जब एक चांदी का सिक्का दिखाया, तो मामा शिवराज मुस्कराकर बोले — “अगर महंगा होगा तो छोटा वाला ले लेंगे।” बस फिर क्या था! वहां मौजूद सभी लोग हंस पड़े और माहौल खुशनुमा हो गया। बाद में साधना सिंह ने सिक्का फाइनल किया और शिवराज सिंह चौहान ने कार्ड से पेमेंट किया। इसके बाद उन्होंने बर्तन की दुकान से थाली, ग्लास और कटोरी खरीदी, साथ ही एक बुजुर्ग महिला से मूंगफली भी ली।     पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा है कि.. धनतेरस के पावन पर्व की सभी देशवासियों को, बहनों-भाइयों को, भांजे-भांजियों को बहुत-बहुत शुभकामनाएं! सबके जीवन में धन-धान्य की वर्षा हो, सुख-समृद्धि और रिद्धि-सिद्धि आएं, सबके घर खुशियों से भर जाएं, यही प्रार्थना है। अब दीपावली का महापर्व प्रारंभ हो गया है, एक बार फिर धनतेरस की बहुत-बहुत शुभकामनाएं।  

सेमीफाइनल की दहलीज़ पर टीम इंडिया! इंदौर में इंग्लैंड से भिड़ंत, होम ग्राउंड पर क्रांति गौड़ पर दारोमदार

इंदौर  साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लगातार दो हार के बाद भारतीय महिला टीम रविवार (19 अक्टूबर) को महिला वर्ल्ड कप के अहम मुकाबले में इंग्लैंड से भिड़ेगी। इंग्लैंड की टीम यह मैच जीती तो वह सेमीफाइनल में पहुंचने वाली तीसरी टीम होगी। भारतीय टीम के लिए सेमीफाइनल की राह आसान नहीं है। भारत के अभी तीन मैच बाकी हैं और अगले दौर में जगह बनाने के लिए उसे इनमें से दो में जीत की जरूरत है। बल्लेबाजी में गहराई के लिए भारतीय टीम 3 ऑलराउंडर्स के साथ उतर रही है। इससे गेंदबाजी काफी कमजोर दिखाई दे रही है। इंग्लैंड के खिलाफ मैच में 6 गेंदबाजी विकल्प के साथ उतर सकता है। रेणुका सिंह ठाकुर को मैच में मौका मिल सकता है। भारतीय टीम टूर्नामेंट में अभी तक कुल चार मैचों में मैदान पर उतरी है, जिसमें से उसे 2 में जीत और 2 में हार का सामना पड़ा है. यही कारण है कि टीम इंडिया सिर्फ 4 अंक लेकर चौथे स्थान पर हैं. वहीं इंग्लैंड के पास 4 मैच में 7 अंक है वह तीसरे स्थान पर काबिज है. सेमीफाइनल के लिए ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका की टीम क्वालिफाई कर लिया है. ऐसे में अब अंतिम चार में पहुंचने के लिए सिर्फ दो स्लॉट बचे हैं, लेकिन उससे पहले आइए जानते हैं भारत और इंग्लैंड की महिला टीम का वनडे में क्या रिकॉर्ड रहा है. भारत बनाम इंग्लैंड महिला टीम का वनडे में रिकॉर्ड विश्व कप से पहले भारतीय टीम ने इंग्लैंड का दौरा किया था. इस दौरे पर टीम इंडिया ने दमदार जीत हासिल की थी. हालांकि, ओवर ऑल रिकॉर्ड की बात करें को तो ये टक्कर का है. भारत और इंग्लैंड की महिला टीम अब तक कुल 79 मैच में मैदान पर उतरी है, जिसमें टीम इंडिया ने 36 मुकाबलों में जीत हासिल की और 41 में इंग्लैंड ने बाजी मारी है। वहीं 2 मैच ऐसे रहे जिसका नतीजा नहीं निकल पाया. विश्व कप में भारतीय टीम का प्रदर्शन औसत आईसीसी वनडे विश्व कप 2025 में टीम इंडिया के प्रदर्शन की बात करें तो वह काफी औसत रहा है. हालांकि, भारतीय टीम ने शुरुआत बहुत अच्छी की थी. पहले ही मैच में भारतीय टीम ने श्रीलंका को हराया था. उसके बाद टीम इंडिया ने पाकिस्तान को भी रौंदा, लेकिन अगले दो मैच में उसे पहले ऑस्ट्रेलिया और फिर साउथ अफ्रीका से निराशाजनक हार का सामना करना पड़ा.  

दिवाली के बाद 21 अक्टूबर को क्या होगा? जानिए त्योहारों की पूरी कहानी

 दिवाली के पंच दिवसीय त्योहार की शुरुआत धनतेरस से हो चुकी है. इस साल लोगों के बीच में दिवाली की तिथि 20 अक्टूबर या 21 अक्टूबर, को लेकर बहुत ही बड़ा कंफ्यूजन है, आखिर दीपावली का पर्व कब मनाया जाएगा? इसी वजह से इन तिथियों को लेकर देशभर के बड़े ज्योतिषियों में, पंडितों और ज्योतिर्विदों में बहस भी छिड़ी हुई है. जिसका समाधान निकलते हुए ये सामने आया है कि प्रदोष व्यापिनी तिथि के कारण दिवाली इस बार 20 अक्टूबर 2025, सोमवार को मनाई जाएगी. 20 अक्टूबर को क्यों मनाई जाएगी दिवाली? गाजियाबाद के दुर्गा मंदिर के जाने माने ज्योतिषाचार्य पंडित राम किशोर जी के मुताबिक, इस साल 20 अक्टूबर को दिवाली मनाना उचित होगा. क्योंकि इसी दिन प्रदोष काल, वृषभ लग्न और महानिशीथ काल, सभी योग प्राप्त हो रहे हैं. दरअसल, इस दिन प्रदोष काल शाम 5 बजकर 46 मिनट से शुरू होकर रात 8 बजकर 18 मिनट पर रहेगा. वहीं, वृषभ लग्न शाम 7 बजकर 8 मिनट से शुरू होकर रात 9 बजकर 3 मिनट रहेगा. इसके अलावा, महानिशीथ काल का समय मध्यरात्रि 11 बजकर 36 मिनट से शुरू होकर 21 अक्टूबर की अर्धरात्रि 12 बजकर 27 मिनट तक रहेगा. 20 अक्टूबर की शाम बनने जा रहे इन्हीं संयोगों में लक्ष्मी पूजन और काली पूजन करना उचित होता है, इसलिए इसी दिन दिवाली मनाई जाएगी.  20 अक्टूबर को है दिवाली तो 21 अक्टूबर को क्या है? आगे ज्योतिषाचार्य पंडित राम किशोर जी बताते हैं कि, 20 अक्टूबर को अमावस्या तिथि दोपहर 3 बजकर 44 मिनट से शुरू होगी और यह तिथि 21 अक्टूबर को शाम 5 बजकर 54 मिनट अमावस्या तिथि ही रहेगी. यानी 21 अक्टूबर को अमावस्या का समापन सूर्यास्त के साथ हो जाएगा. इसके बाद प्रतिपदा तिथि की शुरुआत हो जाएगी. इसका मतलब है कि 21 अक्टूबर को अमावस्या तिथि ना तो प्रदोष काल में रहेगी और ना रात्रि में रहेगी. इसलिए, इस दिन कोई भी त्योहार नहीं है यानी यह दिन खाली रहेगा. हालांकि, इस दिन ब्रह्म मुहूर्त में कार्तिक अमावस्या का स्नान-दान होगा, जो कि बहुत ही विशेष अनुष्ठान माना जाता है.  20 अक्टूबर को ये रहेगा लक्ष्मी गणेश का पूजन मुहूर्त 20 अक्टूबर को दिवाली की पूजा के लिए 2 खास मुहूर्त प्राप्त होंगे. जिसमें पहला मुहूर्त प्रदोष काल है, इस दिन प्रदोष काल की शुरुआत शाम 5 बजकर 46 मिनट से होगी और इसका समापन रात 8 बजकर 18 मिनट पर होगा. इसके अलावा, स्थिर लग्न का वृषभ काल में भी मां लक्ष्मी के पूजन का अच्छा मुहूर्त माना जाता है जो कि शाम 7 बजकर 8 मिनट से शुरू होकर रात 9 बजकर 3 मिनट पर समाप्त होगा.  इन दोनों मुहूर्तों के अलावा, मां लक्ष्मी की पूजा का खास मुहूर्त शाम 7 बजकर 08 मिनट से शुरू होकर रात 8 बजकर 18 मिनट पर समाप्त हो जाएगा, जिसकी अवधि 1 घंटे 11 मिनट की रहेगी. इसके अलावा, इस दिन महानिशीथ काल मध्यरात्रि 11 बजकर 41 मिनट से शुरू होकर अर्धरात्रि 12 बजकर 31 मिनट तक रहेगा.