samacharsecretary.com

सैकड़ों अनाथ बेटियों की उम्मीद बनीं, समाज सेवा में उदाहरण पेश कर रहीं ये महिला

कटनी  डॉ. स्नेह चौधरी ने पति डॉ. समीर चौधरी के साथ 2005 से समाज सेवा का ऐसा काम शुरू किया है जो हर किसी के दिल को छू जाता है। जिन बेटियों का कोई नहीं होता, उनके लिए डॉ. स्नेह ने मां का काम करना शुरू किया। उनकी देखरेख में बेटियां पढ़ाई, स्किल डेवलपमेंट, नौकरी, शादी और पूरी देखभाल पा रही हैं। इस कार्य में उनके पति डॉ. समीर चौधरी का भी विशेष सहयोग है। हिरवारा स्थित लिटिल स्टार फाउंडेशन में वर्तमान में 26 बेटियों को आश्रय मिला हुआ है। यहां उन्हें माता-पिता के स्नेह जैसी देखभाल, शिक्षा और जीवन के हर अवसर की सुविधा दी जा रही है। डॉ. स्नेह और डॉ. समीर चौधरी का यह प्रयास अनाथ बेटियों की जिंदगी में आशा की किरण बन गया है। उनके प्रयास ने कटनी में समाज सेवा का एक मार्मिक और प्रेरणादायक उदाहरण पेश किया है, जो हर किसी के लिए सीख और प्रेरणा बन सकता है। अनाथ बेटियों की सुरक्षा का बीड़ा उठाया डॉ. स्नेह चौधरी ने बताया कि उनकी समाज सेवा की शुरुआत एक ऐसे मामले से हुई, जब एमजीएम अस्पताल में एक गंभीर हालत में बेटी आई थी, जिसका परिवार उसे रखने को तैयार नहीं था। नाना-नानी रख पाने में असमर्थ थे। बेटी को जबलपुर के अनाथालय में भेजा गया, लेकिन वहां रखने से मना कर दिया गया। समाजसेवियों की मदद से वह कटनी वापस आई और इसी बेटी की देखभाल ने डॉ. स्नेह और डॉ. समीर को लिटिल स्टार फाउंडेशन शुरू करने की प्रेरणा दी।   शुरुआत में एक परिवार की मदद से बेटी की देखभाल शुरू की गई। गायत्री नगर में किराये का मकान लेकर डॉक्टर दंपत्ति ने वहां बेटी की देखभाल सुनिश्चित की। धीरे-धीरे इस प्रयास में और बेटियां जुड़ती गईं और संख्या 30 तक पहुंच गई। कलेक्टर एम. सैल्वेद्रम ने मदद का आश्वासन दिया और बाद में फाउंडेशन की नींव पड़ी। बेटियों के लिए साढ़े 3 एकड़ जमीन कलेक्टर एम. सैल्वेद्रम ने दिलवाई। इसके बाद कलेक्टर अशोक सिंह, विकास नरवाल और समाजसेवकों की मदद से सेंटर का निर्माण कराया गया। अब तक 600 बेटियों को आश्रय और शिक्षा दी जा चुकी है।   बेटियों को मिल रही नई जिंदगी सेंटर में बेटियों को पढ़ाई के साथ कढ़ाई, बुनाई, हॉर्स राइडिंग और स्किल डेवलपमेंट कोर्स भी करवाए जाते हैं। हॉर्स राइडिंग में 7 बेटियों ने बेहतर प्रदर्शन कर नौकरी भी हासिल की है। अब तक सेंटर में 7 बेटियों की शादी, 22 बेटियों को गोद दिलाया जा चुका है। देश-विदेश से लोग बेटियों को गोद ले चुके हैं। सेंटर में बेटियों को सभी सुविधाएं दी जाती हैं और डॉक्टर दंपत्ति उन्हें माता-पिता की तरह स्नेह व सुरक्षा प्रदान कर रहे हैं।

तलवार लिए नवरात्र डांस करती महिलाएं, सोशल मीडिया पर मचा धमाल

सासाराम  पूरे देश में इन दिनों नवरात्र और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम है और जगह-जगह डांडिया नाइट्स का आयोजन किया जा रहा है. इन्हीं उत्सवों के बीच रोहतास जिले के सासाराम में  रात एक अनोखा और साहसिक दृश्य देखने को मिला. शहर के शिव घाट पर आयोजित डांडिया नाइट कार्यक्रम में महिलाएं हाथों में डांडिया की जगह तलवार लेकर डांस करती नजर आईं. हाथों में डांडिया की जगह तलवार आम तौर पर डांडिया नृत्य में महिलाएं और पुरुष रंग-बिरंगे परिधानों में डांडिया स्टिक के साथ थिरकते हैं, लेकिन सासाराम की इस डांडिया नाइट ने परंपरा को नए अंदाज में पेश किया. जैसे ही महिलाएं मंच पर हाथों में चमचमाती तलवारों के साथ उतरीं, वहां मौजूद लोग हैरान रह गए. दर्शक दांतों तले उंगलियां दबाते नजर आए, जबकि माहौल में उत्साह और जोश भर गया. महिलाएं निर्भीक होकर मंच पर पारंपरिक गीतों और ढोल-नगाड़ों की ताल पर नृत्य करती रहीं. तलवारों के साथ किए गए इस नृत्य ने न सिर्फ दर्शकों को रोमांचित किया बल्कि यह संदेश भी दिया कि महिलाएं साहस और संस्कृति दोनों को साथ लेकर चलती हैं. स्त्रियां शक्ति की प्रतीक: आयोजक  शिव घाट परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे. स्थानीय लोगों का कहना था कि दशहरा और दुर्गा पूजा के मौके पर यह आयोजन स्त्रियों की शक्ति और पराक्रम का प्रतीक बन गया. आयोजन समिति ने बताया कि इसका उद्देश्य महिलाओं के आत्मविश्वास और साहस को सामने लाना था, साथ ही पारंपरिक नृत्य को नए अंदाज में पेश करना. तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं. लोग इसे 'अद्भुत दृश्य' और 'साहसिक डांडिया' कहकर साझा कर रहे हैं. कई दर्शकों ने कहा कि ऐसा नजारा उन्होंने पहली बार देखा है, जहां महिलाएं तलवार लेकर डांडिया कर रही हों. रोहतास की यह डांडिया नाइट इस साल की दुर्गा पूजा का खास आकर्षण बन गई है और इसकी चर्चा हर तरफ हो रही है.

स्वामी नहीं, सुपर प्लेयर निकला चैतन्यानंद! फर्ज़ी पहचान से रच डाली नई दुनिया

नई दिल्ली दिल्ली पुलिस के हत्थे चढ़ने के बाद अब स्वामी चैतन्यनंद सरस्वती की असलियत की एक-एक परत खुल रही है. छात्राओं से यौन शोषण के गंभीर आरोप झेल रहे इस स्वयंभू बाबा ने गिरफ्तारी से बचने के लिए ऐसी चालें चलीं कि सुनने वाले भी दंग रह जाएं. कभी खुद को अंतरराष्ट्रीय संगठन का प्रतिनिधि बताकर रौब झाड़ा, तो कभी नकली कार्डों के दम पर पीएमओ से जुड़ाव का दावा किया. और तो और, मां-बाप तक को बदल डाला और दो-दो पासपोर्ट बनवा लिए. जांच में साफ हो गया है कि यह बाबा पहचान बदलने का गजब का ‘खिलाड़ी’ भी है. दो महीने की फरारी और गिरफ्तारी की कहानी जुलाई में विदेश जाने के बाद जब 6 अगस्त को दिल्ली के श्री शारदा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडियन मैनेजमेंट की छात्राओं ने उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई तो चैतन्यनंद सरस्वती समझ गया कि अब गिरफ्तारी तय है. शिकायत में 17 छात्राओं, खासकर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) कोटे की लड़कियों के यौन शोषण का आरोप था. एफआईआर दर्ज होते ही वह दिल्ली छोड़कर फरार हो गया और लगभग दो महीने तक पुलिस को चकमा देता रहा. दिल्ली पुलिस ने लुक आउट सर्कुलर जारी किया, कई टीमें बनाई, लेकिन बाबा लगातार ठिकाने बदलता रहा. कभी वृंदावन, कभी मथुरा और कभी आगरा . वह सस्ते होटलों में चेक-इन करता और टैक्सी से सफर कर अपनी पहचान छिपाने की कोशिश करता. दो पासपोर्ट, दो जन्मस्थान और बदले हुए मां-बाप जांच की सबसे सनसनीखेज कड़ी तब सामने आई जब पुलिस को उसके पास से दो पासपोर्ट मिले. एक पासपोर्ट पर उसका नाम स्वामी पार्थ सारथी था, जबकि दूसरे पर स्वामी चैतन्यनंद सरस्वती. केवल नाम ही नहीं, बल्कि जन्मस्थान और माता-पिता के नाम भी दोनों पासपोर्ट में अलग-अलग दर्ज थे. एक पासपोर्ट में जन्मस्थान दार्जिलिंग लिखा था, तो दूसरे में तमिलनाडु. उसके पैन कार्ड पर भी अभिभावकों के नाम अलग-अलग मिले. यानी बाबा ने अपनी पहचान को इतना उलझा दिया कि असली और नकली के बीच फर्क करना मुश्किल हो जाए. आधी रात का ऑपरेशन, होटल से दबोचा गया बाबा आखिरकार पुलिस को खुफिया इनपुट मिला कि वह आगरा के ताजगंज इलाके के एक होटल में ‘पार्थ सारथी’ नाम से ठहरा है. 27 सितंबर की शाम करीब 4 बजे उसने कमरा नंबर 101 लिया और पूरी रात वहीं रहा. रविवार तड़के 3:30 बजे पुलिस टीम ने अचानक दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया. होटल कर्मचारियों का कहना है कि वह बेहद साधारण ग्राहक की तरह पेश आ रहा था, लेकिन कमरे से बाहर न निकलने की वजह से उन पर भी शक हुआ. गिरफ्तारी के वक्त पुलिस ने उसके पास से मोबाइल, आईपैड और कई संदिग्ध दस्तावेज बरामद किए. छात्राओं पर दबाव डालने की करतूतें एफआईआर में दर्ज है कि चैतन्यनंद संस्थान का पूर्व चेयरमैन रहते हुए छात्राओं को रात में अपने कमरे में बुलाता था. देर रात आपत्तिजनक मैसेज भेजना उसकी आदत बन चुकी थी. उसके तीन महिला सहयोगी छात्राओं को धमकाकर चुप कराते और उनसे वह संदेश डिलीट करवाते थे. जांच में यह भी खुलासा हुआ कि बाबा अपने मोबाइल के जरिए संस्थान और हॉस्टल के सीसीटीवी कैमरों तक की लाइव फीड देखता था. इससे वह छात्राओं की हर गतिविधि पर नजर रखता था. अंतरराष्ट्रीय पहचान का झूठा मुखौटा गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके पास से कई नकली विज़िटिंग कार्ड जब्त किए. इनमें उसे संयुक्त राष्ट्र की आर्थिक एवं सामाजिक परिषद (ECOSOC) का स्थायी राजदूत और ब्रिक्स का भारतीय विशेष दूत दिखाया गया था. यही नहीं, उसने अपने परिचितों और अनुयायियों के बीच यह झूठा प्रचार भी किया कि उसके प्रधानमंत्री कार्यालय से सीधे संबंध हैं. इस झूठे प्रभाव के सहारे ही वह संस्थान में रुतबा बनाए रखता था और गिरफ्तारी से बचने की कोशिश करता रहा. बैंक खातों और करोड़ों की संपत्ति पुलिस ने उसकी वित्तीय गतिविधियों की जांच की तो नए खुलासे हुए. अलग-अलग नाम और दस्तावेजों के सहारे उसने कई बैंक खाते खोल रखे थे. एफआईआर दर्ज होने के बाद भी वह सक्रिय रहा और करीब 50 लाख रुपये की निकासी की. पुलिस ने उसके करीब आठ करोड़ रुपये की रकम, जो अलग-अलग बैंकों और फिक्स्ड डिपॉजिट में थी, को पहले ही फ्रीज कर दिया है. जांचकर्ताओं का मानना है कि यह रकम भी छात्राओं और संस्थान से जुड़े लोगों पर दबाव बनाने में काम आती थी. पुलिस हिरासत और अगली कार्रवाई गिरफ्तारी के बाद अदालत ने उसे पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है. अब पुलिस उसकी तीन महिला सहायिकाओं से आमने-सामने पूछताछ करेगी. संभावना यह भी है कि उसे संस्थान ले जाकर पीड़िताओं के सामने खड़ा किया जाए. पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान न केवल यौन उत्पीड़न से जुड़े तथ्य और पुख्ता होंगे, बल्कि उसके नेटवर्क और पहचान बदलने के तरीकों के भी बड़े खुलासे होंगे. न्याय आधा ही हुआ है गिरफ्तारी की खबर सामने आने के बाद छात्राओं और उनके परिवारों ने राहत की सांस ली. एक पीड़िता की सहेली ने कहा, यात्रा अभी आधी ही पूरी हुई है. हमें पता है कि न्याय सिर्फ गिरफ्तारी से नहीं मिलेगा. जरूरत है कि मामला अंत तक पहुंचे और उसे कड़ी से कड़ी सजा मिले. उसने कहा, अगर ऐसे अपराधियों को उम्रकैद दी जाए तभी और लोग सबक लेंगे और छात्राओं को शिकार बनाने की हिम्मत नहीं करेंगे.  

वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी का दावा — रायगढ़ में शहरी विकास ने पकड़ी रफ्तार

छट घाट निर्माण के लिए 15 लाख रूपए की घोषणा  58 लाख रूपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन   रायपुर वित्त मंत्री  ओ.पी.चौधरी ने कहा है कि रायगढ़ में आम नागरिकों के लिए शहरी सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। हमारा लक्ष्य रायगढ़ को सुंदर और व्यवस्थित शहर के रूप में विकसित करना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में तेजी से अधोसंरचना का निर्माण किया जा रहा है।   वित्त मंत्री  चौधरी ने आज रायगढ़ शहर के वार्ड क्रमांक 41 तुर्कूमुड़ा में 48.44 लाख रुपए की लागत से बनने वाली सीसी रोड एवं 10 लाख रुपए की लागत से शेड निर्माण कार्य का भूमिपूजन समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने इस मौके पर संतोषी मंदिर के पास छठ घाट निर्माण हेतु 15 लाख रुपये की स्वीकृति की घोषणा भी की।  वित्त मंत्री  चौधरी ने कहा कि रायगढ़ संभाग मुख्यालय से बाहर पहला जिला है जहां प्रयास विद्यालय का संचालन किया जा रहा है। यहां इंजीनियरिंग, मेडिकल, लॉ जैसे विभिन्न प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी करवायी जा रही है। राष्ट्रीय स्तर के लाईब्रेरी की सुविधा उपलब्ध कराने नालंदा परिसर की स्थापना की जा रही। जहां युवा विभिन्न प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारी आसानी से कर पायेंगे। इसी इसी प्रकार संगीत महाविद्यालय, ऑक्सीजोन जैसे अन्य प्रोजेक्ट पर भी कार्य प्रारंभ हो चुका है।  वित्त मंत्री  चौधरी ने आगे कहा कि किसानों को आर्थिक मजबूती प्रदान करने के लिए 31 सौ रुपए प्रति क्विंटल के मान से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदा जा रहा है। किसानों को दो साल का बोनस दिया गया। इसी तरह रामलला अयोध्या धाम दर्शन योजना में रायगढ़ जिले के 1200 से अधिक श्रद्धालु अयोध्या, काशी सहित अन्य तीर्थाे का दर्शन कर चुके है। राज्य सरकार के गठन के बाद बड़ी संख्या में आवास निर्माण को स्वीकृति दी गई है और इनका कार्य तेजी से जारी है। इससे गरीब परिवारों का पक्का मकान का सपना साकार हो रहा है। इस अवसर पर रायगढ़ महापौर  जीवर्धन चौहान सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। 

मुख्यमंत्री जीएसटी 2.0 रिफॉर्म्स धन्यवाद मोदी जी कार्यक्रम में हुए शामिल

रायपुर : जीएसटी रिफॉर्म्स से आर्थिक क्षेत्र में हुए ऐतिहासिक बदलाव- मुख्यमंत्री  साय मुख्यमंत्री जीएसटी 2.0 रिफॉर्म्स धन्यवाद मोदी जी कार्यक्रम में हुए शामिल पद्म प्राप्त विभूतियों और राष्ट्रीय खिलाड़ियों को मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित रायपुर मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय आज राजधानी रायपुर के मेडिकल कॉलेज सभागार में आयोजित जीएसटी 2.0 रिफॉर्म्स "धन्यवाद मोदी जी" कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री  साय ने कहा कि जीएसटी रिफॉर्म्स से आर्थिक क्षेत्र में ऐतिहासिक बदलाव हुए हैं, जिनका सीधा लाभ आम जनता को मिल रहा है। जीएसटी दरों में कटौती से 140 करोड़ देशवासियों के जीवन में खुशी आई है।  इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के पद्म सम्मान प्राप्त विभूतियों और राष्ट्रीय खिलाड़ियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम का आयोजन व्यापार प्रकोष्ठ, आर्थिक प्रकोष्ठ और व्यवसायी प्रकोष्ठ के तत्वावधान में किया गया था। रायपुर संभाग के छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की भी आयोजन उपस्थिति रही। मुख्यमंत्री  साय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि जीएसटी रिफॉर्म्स का निर्णय प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी द्वारा लिया गया ऐतिहासिक और साहसिक निर्णय है। प्रधानमंत्री  मोदी के नेतृत्व में लगातार ऐसे निर्णय हुए हैं जिनके बारे में यह कहा जाता था कि ये कभी नहीं हो सकते। चाहे वह धारा 370 हटाना हो या ट्रिपल तलाक बिल लाने का निर्णय। इसी कड़ी में जीएसटी रिफॉर्म्स लोगों को आर्थिक मजबूती प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।  मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं स्वयं लोगों के बीच जाकर जीएसटी दरों में कटौती से मिले लाभ की जानकारी ले रहा हूँ। पिछले दिनों जब मैं दैनिक जरूरत का सामान खरीद रहे लोगों से मिलने एक मार्ट में गया तो वहां मुझे गृहणियों ने बताया कि इन सुधारों से हमारे किचन के बजट में कमी आई है। जब मुझे गृहणियां प्रत्येक वस्तु के कम हुए दाम बता रही थीं तो उनके चेहरे पर मुस्कान थी। इन सुधारों से किसानों को बड़ी राहत मिली है। मैं ट्रेक्टर शोरूम भी गया जहां मुझे पता चला कि ट्रैक्टर के दाम में 65 हजार से 1 लाख रुपये की कमी आयी है।  मुख्यमंत्री  साय ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में प्रदेश के व्यापारियों का बड़ा योगदान होगा। छत्तीसगढ़ की नई औद्योगिक नीति को निवेशकों द्वारा बहुत पसन्द किया जा रहा है। अभी मैंने जापान और कोरिया की यात्रा की जहां इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम भी हुए। एशिया महाद्वीप के कई निवेशकों ने छत्तीसगढ़ में निवेश में रुचि दिखाई है। प्रदेश में औद्योगिक निवेश से बड़ी संख्या में रोजगार का सृजन होगा।  सांसद  बृजमोहन अग्रवाल ने कहा प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी ने जो जीएसटी सुधार किए हैं वे ‘न भूतो न भविष्यति’ हैं। यह कदम आम आदमी को ताकतवर बना रहा है। जहां एक ओर दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुओं की कीमत कम होने से लोगों को लाभ मिल रहा है तो वहीं देश की अर्थव्यवस्था भी मजबूत हो रही है। जीएसटी रिफॉर्म्स को लेकर जनता की ओर से बहुत अच्छी प्रतिक्रिया आ रही है।  मुख्यमंत्री  साय ने कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट योगदान के लिए पद्म प्राप्त विभूतियों और राष्ट्रीय खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इनमें  जॉन मार्टिन नेल्सन, डॉ राधेश्याम बारले, मती उषा बारले, डॉ पुखराज बाफना, मती फुलबासन बाई यादव, मती शमशाद बेगम, डॉ भारती बंधु,  अनुज शर्मा,  मदन सिंह चौहान, सु सबा अंजुम,  अजय कुमार मंडावी,  हेमचन्द मांझी,  पंडी राम,  जागेश्वर यादव,  राजेन्द्र प्रसाद,  राजेश चौहान, सु नीता डुमरे शामिल रहे।  इस अवसर पर सांसद मती रूपकुमारी चौधरी, विधायक  पुरन्दर मिश्रा,  मोतीलाल साहू,  अनुज शर्मा,  संपत अग्रवाल, छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष  संजय वास्तव, सीजीएमएससीएल के अध्यक्ष  दीपक म्हस्के, छत्तीसगढ़ अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष  अमरजीत सिंह छाबड़ा, छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष  सतीश थौरानी,  अखिलेश सोनी,  चंद सुंदरानी,  लाभचंद बाफना,  यशवंत जैन,  नवीन मार्कण्डेय,  रमेश ठाकुर,  जयंती पटेल, मती हर्षिता पांडेय,  अजय भसीन सहित रायपुर संभाग के छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के पदाधिकारी उपस्थित थे।

रेलवे ने बढ़ाया सुविधा का तोहफा, त्योहारों में 3 राज्यों के लिए 8 स्पेशल ट्रेनें चलेंगी

रतलाम  पश्चिम रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए बड़ा फैसला लिया है। दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ पूजा के त्योहारी सीज़न के दौरान स्पेशल ट्रेने चलाई जाएंगी। यात्रियों को जानकारी के लिए बता दें कि बांद्रा टर्मिनस-अयोध्या कैंट, बांद्रा टर्मिनस-लुधियाना और उधना-जयनगर के बीच विशेष किराए पर त्योहार स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएगी। ये रहेगी टाइमिंग ट्रेन नंबर 09095 बांद्रा टर्मिनस-अयोध्या कैंट साप्ताहिक स्पेशल प्रत्येक बुधवार को बांद्रा टर्मिनस से सुबह 11 बजे चलेगी अगले दिन शाम 5:30 बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी। यह ट्रेन 1 अक्टूबर से 19 नवंबर तक चलेगी। इस ट्रेन का रतलाम 8.30/8.40 आगमन/प्रस्थान होगा। इसी प्रकार, ट्रेन नंबर 09096 अयोध्या कैंट-बांद्रा टर्मिनस स्पेशल प्रत्येक गुरुवार को अयोध्या कैंट से रात 9 बजे चलेगी और शनिवार सुबह 6 बजे बांद्रा टर्मिनस पहुंचेगी, रतलाम शाम 6 बजे ट्रेन आएगी। ट्रेन 2 अक्टूबर से 20 नवंबर तक चलेगी। यह ट्रेन दोनों दिशाओं में बोरीवली, पालघर, वापी, वलसाड, नवसारी, सूरत, भरूच, वडोदरा, दाहोद, मेघनगर, रतलाम, नागदा, उज्जैन, मक्सी, शुजालपुर, सीहोर, संत हिरदाराम नगर, बीना, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, उरई, कानपुर सेंट्रल, लखनऊ और बाराबंकी स्टेशनों पर रुकेगी। ट्रेन में एसी-3 टियर, स्लीपर क्लास और जनरल सेकेंड क्लास कोच होंगे। बांद्रा टर्मिनस-लुधियाना स्पेशल ट्रेन नंबर 09097 बांद्रा टर्मिनस-लुधियाना साप्ताहिक स्पेशल प्रत्येक रविवार को बांद्रा टर्मिनस से रात 9:50 बजे चलेगी और मंगलवार रात 12:30 बजे लुधियाना पहुंचेगी। सोमवार सुबह 7.25 ट्रेन रतलाम आएगी। यह 5 अक्टूबर से 30 नवंबर तक चलेगी। ट्रेन नंबर 09098 लुधियाना-बांद्रा टर्मिनस साप्ताहिक स्पेशल प्रत्येक मंगलवार को लुधियाना से सुबह 4 बजे चलेगी और अगले दिन सुबह 10:20 बजे बांद्रा टर्मिनस पहुंचेगी। मंगलवार को रात 10.10 ट्रेन रतलाम आएगी। ट्रेन 7 अक्टूबर से 2 दिसंबर तक चलेगी। ट्रेन दोनों दिशाओं में बोरीवली, पालघर, वापी, वलसाड, सूरत, भरूच, वडोदरा, रतलाम, कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, हिंडौन सिटी, मथुरा, नई दिल्ली, पानीपत और अंबाला स्टेशनों पर रुकेगी। उधना-जयनगर स्पेशल ट्रेन नंबर 09151 उधना-जयनगर स्पेशल 30 सितंबर को उधना से सुबह 6:45 बजे चलेगी और अगले दिन रात 9:30 बजे जयनगर पहुंचेगी। रतलाम यह ट्रेन दोपहर 1 बजे आएगी। ट्रेन संया 09152 जयनगर-उधना स्पेशल 1 अक्टूबर को जयनगर से रात 11 बजे चलेगी और शुक्रवार शाम 5:45 बजे उधना पहुंचेगी। रतलाम सुबह 9.35 बजे ट्रेन आएगी। ट्रेन दोनों दिशाओं में सूरत, भरूच, वडोदरा, गोधरा, रतलाम, उज्जैन, शुजालपुर, संत हिरदाराम नगर, बीना, कटनी मुरवारा, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, पंडित दीन दयाल उपाध्याय, बक्सर, आरा, दानापुर, पाटलिपुत्र, सोनपुर, हाजीपुर, मुजफरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा और मधुबनी स्टेशनों पर रुकेगी। बांद्रा टर्मिनस -सांगानेर सुपरफास्ट बांद्रा टर्मिनस-सांगानेर सुपरफास्ट स्पेशल प्रत्येक गुरुवार को बांद्रा टर्मिनस से शाम 4:45 बजे चलेगी और अगले दिन दोपहर 12:30 बजे सांगानेर पहुंचेगी। इस ट्रेन का रतलाम रात 3.40/3.50 आगमन-प्रस्थान होगा। ट्रेन 2 अक्टूबर से 27 नवंबर तक चलेगी। इसी प्रकार ट्रेन संया 09024 सांगानेर-बांद्रा टर्मिनस सुपरफास्ट स्पेशल प्रत्येक शुक्रवार को सांगानेर से शाम 4:50 बजे चलेगी और अगले दिन 11:15 बजे बांद्रा टर्मिनस पहुंचेगी। ट्रेन का रतलाम रात 12.55/1.05 बजे आगमन-प्रस्थान होगा। ट्रेन 3 अक्टूबर से 28 नवंबर तक चलेगी। यह ट्रेन दोनों दिशाओं में बोरीवली, पालघर, वापी, वलसाड, सूरत, भरूच, वडोदरा, रतलाम, नागदा, चौमहला, शामगढ़, भवानी मंडी, रामगंज मंडी, कोटा और सवाई माधोपुर स्टेशनों पर रुकेगी।

मंदिर की अनोखी परंपरा: आरती के दौरान माता का झूला अपने आप झूलता है, सीएम मोहन यादव ने बताई कहानी

उज्जैन  एमपी में नवरात्र का उल्लास चरम पर है। जगह जगह कन्या पूजन और भोज आयोजित किए जा रहे हैं। उज्जैन में ऐसे ही एक कार्यक्रम में सीएम डॉ. मोहन यादव भी शामिल हुए। उन्होंने विक्रमादित्य क्लॉथ मार्केट में कन्या पूजन किया। उज्जैन में सीएम मोहन यादव ने 369 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन भी किया। इस मौके पर उन्होंने प्राचीन हरसिद्धि माता मंदिर में नित्य होनेवाले एक चमत्कार का भी जिक्र किया। सीएम मोहन यादव ने बताया कि कैसे आरती के समय माता का झूला अपने आप झूलने लगता है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को उज्जैन पहुंचे और अनेक कार्यक्रमों में शामिल हुए। उन्होंने नवरात्रि पर्व के अवसर पर कन्या पूजन भी किया। उज्जैन में 121 स्थानों पर एक साथ कार्यक्रम आयोजित कर 25 हजार कन्याओं का पूजन किया गया।   सायंकाल की आरती शुरु होते ही अपने आप झूलने लगता झूला मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस अवसर पर उज्जैन के प्राचीन हरसिद्धि माता मंदिर की विशेषताओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि 2 हजार साल पुराने अतीत को याद करें तो हरसिद्धि माता का एक रूप यह भी है कि रात में उज्जैन में रहना और दिन में गुजरात में रहना। सीएम मोहन यादव ने मंदिर में होनेवाली अनूठी घटना भी बताई। उन्होंने कहा कि अद्भुत तो तब होता है जब सायंकाल की आरती शुरु होते ही झूला अपने आप झूलने लगता है। माता के यहां से निकल जाने का अहसास होता है। सुबह की आरती होते ही माता अपने आप आ जाती है, झूला फिर प्रारंभ हो जाता है। सीएम मोहन यादव ने कहा कि उज्जैन में कदम-कदम पर ऐसे ऐसे कई रहस्यों के साथ वास्ता आता है। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद बालयोगी उमेशनाथ महाराज, विधायक अनिल जैन कालूहेडा, सतीश मालवीय, महापौर मुकेश टटवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री बोले– खादी केवल वस्त्र नहीं, बल्कि विचार है

उद्यमियों को मिलेगा निःशुल्क स्टॉल प्रदेश के सभी जिलों में पहली बार इतने बड़े स्तर पर आयोजन खादी वस्त्र नहीं, विचार है– राकेश सचान जीएसटी सुधार से एमएसएमई सेक्टर को मिली ताकत मोदी सरकार के प्रयासों से खादी की बिक्री में दोगुनी बढ़ोतरी ग्रेटर नोएडा केंद्र सरकार द्वारा जीएसटी स्लैब में कटौती के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने उद्यमियों को बड़ा तोहफा दिया है। खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री राकेश सचान ने घोषणा की कि प्रदेश के सभी 75 जिलों में 9 से 16 अक्टूबर तक आठ दिवसीय ट्रेड शो आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में उद्यमियों को निःशुल्क स्टॉल उपलब्ध कराए जाएंगे ताकि वे अपने उत्पादों का व्यापक प्रचार-प्रसार कर सकें। यह घोषणा मंत्री ने यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) के चौथे दिन “खादी फॉर नेशन, खादी फॉर फैशन” विषय पर आयोजित सेमिनार में की। एमएसएमई सेक्टर को मिली नई ऊर्जा राकेश सचान ने कहा कि जीएसटी लागू होने के बाद पहली बार इतने बड़े स्तर पर सुधार किया गया है, जिससे एमएसएमई सेक्टर को नई ऊर्जा मिली है। पहले केवल मंडल स्तर पर ट्रेड शो आयोजित होते थे, लेकिन यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो की सफलता को देखते हुए सरकार ने इसे अब जिला स्तर पर भी ले जाने का निर्णय लिया है। इन शो में खादी, टेक्सटाइल, ODOP समेत सभी सेक्टर के उद्यमी भाग लेंगे। अधिकारियों को इसके लिए उपयुक्त स्थान तय करने के निर्देश दे दिए गए हैं। खादी उत्पादन और शोरूम घटने पर चिंता मंत्री ने कहा कि खादी के उत्पादन और शोरूम की संख्या घटने पर सरकार गंभीर है। इस पर विशेषज्ञों और स्टेकहोल्डर्स से लगातार विमर्श हो रहा है। युवाओं को खादी से जोड़ने के लिए विश्वविद्यालयों में खादी शोरूम खोलने की योजना पर भी विचार किया जा रहा है। पर्यावरण व स्वास्थ्य के लिए बेहतर है खादी राकेश सचान ने कहा कि बाजार में उपलब्ध अधिकांश कपड़े पर्यावरण और स्वास्थ्य दोनों के लिए हानिकारक हैं, जबकि खादी पूरी तरह शुद्ध और सुरक्षित है। उन्होंने खादी को महंगा मानने की धारणा को गलत बताते हुए कहा कि अन्य कपड़ों की तुलना में खादी सस्ती है। दोगुनी हुई खादी की बिक्री मंत्री ने बताया कि जब से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यभार संभाला है, तब से खादी को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है। प्रधानमंत्री लगातार खादी को डिजाइन और तकनीक से जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं। इसके परिणामस्वरूप बीते वर्षों में खादी की बिक्री दोगुनी से अधिक बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

कागज रहित रजिस्ट्री का युग शुरू! हरियाणा में आज से लागू, CM सैनी होंगे मुख्य समारोह में

चंडीगढ़  हरियाणा सरकार आज पूरे प्रदेश में पेपरलेस रजिस्ट्री और निगरानी प्रणाली तथा व्हाट्सऐप चैटबॉट सेवा की ऐतिहासिक शुरुआत करेगी। इस डिजिटल पहल का मकसद जमीन-जायदाद की रजिस्ट्री और राजस्व से जुड़ी सभी सेवाओं को पूरी तरह काग़ज़ रहित और पारदर्शी बनाना है। मुख्य समारोह कुरुक्षेत्र के लाडवा उपमंडल में होगा, जहां मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि रहेंगे। उनके साथ राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल मंच साझा करेंगे। मुख्यमंत्री इस योजना का औपचारिक शुभारंभ करेंगे। केंद्रीय शहरी विकास एवं ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर करनाल जिले के घराैंडा उपमंडल में मुख्य अतिथि होंगे। उनके साथ विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार विशेष अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। गुरुग्राम के कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) योजना एवं कॉरपोरेट अफेयर्स राव इंद्रजीत सिंह मुख्य अतिथि रहेंगे। सिरसा में पूर्व मंत्री और हरियाणा लोकहित पार्टी (हलोपा) अध्यक्ष गोपाल कांडा की भी ड्यूटी लगाई गई है। गोपाल कांडा की पार्टी ने 2024 के विधानसभा चुनावों में भाजपा को समर्थन दिया था, लेकिन वर्तमान में वे किसी भी सरकारी पद या संवैधानिक दायित्व पर नहीं हैं। इसके बावजूद उन्हें इस राज्यव्यापी कार्यक्रम में सिरसा जिले के मुख्य अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया गया है। इस तरह समझें पूरी योजना पेपरलेस रजिस्ट्री से जमीन-जायदाद की रजिस्ट्री के लिए बार-बार तहसील या उप-रजिस्ट्रार कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। नागरिक अपने सभी दस्तावेज़ पहले ही ऑनलाइन अपलोड और सत्यापित करा सकेंगे। रजिस्ट्री वाले दिन केवल मूल काग़ज़ लेकर दफ्तर में एक बार आना होगा, जहां बायोमैट्रिक और हस्ताक्षर की औपचारिकता पूरी होगी। व्हाट्सऐप चैटबॉट से आवेदन की स्थिति, फीस और शिकायत दर्ज कराने की सुविधा मिलेगी। इससे समय, मेहनत और बिचौलियों पर होने वाला खर्च बचेगा और रिकॉर्ड सीधे डिजिटल स्वरूप में सुरक्षित रहेगा। अधिकांश नेताओं की लगी ड्यूटी सोमवार को हर जिले और उपमंडल में मंत्री, सांसद और वरिष्ठ जनप्रतिनिधि कार्यक्रम में शामिल होंगे। ऊर्जा मंत्री अनिल विज (अंबाला कैंट), विधायक पवन सैनी (नारायणगढ़), पूर्व मंत्री असीम गोयल (अंबाला सिटी), फरीदाबाद में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल, तिगांव में खाद्य एवं उपभोक्ता मामले मंत्री राजेश नगर, बल्लबगढ़ में विधायक मूलचंद शर्मा व पलवल में खेल मंत्री गौरव गौतम मुख्यातिथि होंगे। उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह (बदशाहपुर), विधायक मुकेश शर्मा (गुरुग्राम), विधायक तेजपाल तंवर (सोहना) लोक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा हिसार में रहेंगे।

आज का राशिफल 29 सितंबर 2025: किसे मिलेगी सफलता और किन्हें रखें सावधान

मेष राशि- आज आप नई ऊर्जा महसूस करेंगे। पुराने अधूरे कामों को पूरा करने की प्रेरणा मिलेगी। कार्यक्षेत्र में मन लगा रहेगा, पर किसी निर्णय को जल्दी न लें। थोड़ा समय लेकर सोचें। धन की स्थिति ठीक रहेगी, लेकिन अनावश्यक खर्चों से बचें। रिश्तों में स्पष्ट बोलचाल जरूरी है। अपनी भावनाएं खुलकर रखें। स्वास्थ्य आज सामान्य रहेगा, पर थोड़ी थकान हो सकती है। आराम और नींद पर ध्यान दें। वृषभ राशि- आज स्थिरता आपके साथ होगी। आप सोच-समझ कर कदम उठाएंगे। कार्यक्षेत्र में सहयोग मिलेगा, और टीम वर्क से काम आगे बढ़ेगा। आर्थिक स्थिति मध्यम रहेगी। छोटे निवेश में सावधानी रखें। परिवार और मित्रों से मेलजोल बढ़ेगा, आप सामाजिक रूप से सक्रिय रहेंगे। स्वास्थ्य ठीक रहेगा, हल्की सैर या योग आपको ऊर्जा देगा। मिथुन राशि- आज आपको नई दिशा मिल सकती है। कार्यक्षेत्र में बातचीत, प्रस्तुति या मेल-जोल लाभदायक रहेगा। धन संबंधी मामलों में सोच-समझ कर कदम उठाएं, अनावश्यक खर्च न करें। रिश्तों में संवाद की कमी से भ्रम हो सकता है। अपनी सोच स्पष्ट रखें।तनाव हो सकता है। विश्राम और ध्यान जरूरी है। कर्क राशि- आज आपका मन कुछ भावुक हो सकता है। कार्य में चुनौतियां आएंगी, लेकिन संयम से आप उनसे पार पाएंगे। धन की स्थिति मिश्रित रहेगी। अनपेक्षित खर्चें हो सकते हैं। रिश्तों में संवेदनशीलता ज्यादा रहेगी। स्नेह और समझदारी से काम लें। स्वास्थ्य के लिए हल्का व्यायाम और शांत मनोवृति उपयोगी रहेगी। सिंह राशि- आज आप आत्मविश्वास से भरे रहेंगे। नेतृत्व और आयोजन की जिम्मेदारियां अच्छी तरह निभा पाएंगे। धन की स्थिति मजबूत रहेगी। यदि पहले की योजनाएं हों, तो उनका लाभ मिल सकता है। रिश्तों में आपकी चमक दिखेगी, लोग आपकी बात सुनेंगे। स्वास्थ्य सब ठीक रहेगा, पर अधिक मेहनत से थकान हो सकती है। बीच-बीच में आराम लें। कन्या राशि- आज आपकी व्यवस्था और अनुशासन ज्यादा काम आएंगे। कार्य में विवरणों पर ध्यान दें। छोटी गलतियों से बड़ा फर्क पड़ सकता है। धन संबंधी फैसलों में सावधानी रखें। प्रत्येक शर्त पढ़ लेना बेहतर है। रिश्तों में थोड़ी दूरी या गलतफहमी हो सकती है। संवाद करें। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा, लेकिन आंख, पेट आदि की हल्की परेशानी हो सकती है। सतर्क रहें। तुला राशि- आज संतुलन बनाए रखना जरूरी होगा। कार्य में साझेदारी और सौहार्द उपयोगी होंगे। धन संबंधी मामलें कुछ जटिल हो सकते हैं। समझौता या विचार-विमर्श लाभदायक रहेगा। रिश्तों में अपेक्षाओं को कम रखें, संवाद और समझ ज्यादा जरूरी है। स्वास्थ्य में तनाव या गर्दन-कंधे की समस्या हो सकती है। स्ट्रेचिंग करें। वृश्चिक राशि- आज आपके अंदर गहराई और अंतर्मुखी भाव रहेंगे। कार्यक्षेत्र में गुप्त या जटिल विषयों में सफलता मिलने की संभावना है। धन मामलों में सावधानी आवश्यक है। बड़े निर्णय आज न लें। रिश्तों में भावनाएं तीव्र होंगी लेकिन खुलकर बात करना जरूरी है। स्वास्थ्य में हल्की कमजोरी या मानसिक दबाव हो सकता है। विश्राम करें। धनु राशि- आज आपका उत्साह बढ़ा रहेगा। कार्य में बड़े दृष्टिकोण से सोचने का अवसर मिलेगा। धन की स्थिति सामान्य रहेगी लेकिन अनावश्यक खर्चों से बचें। रिश्तों में मिलन और सामाजिक संपर्कों से सकारात्मक ऊर्जा मिलेगी। स्वास्थ्य अच्छा रहेगा, लेकिन अधिक गतिविधि से थकान हो सकती है। संतुलन बनाए रखें। मकर राशि- आज मेहनत और अनुशासन से काम बनेंगे। कार्यक्षेत्र में आपकी लगन और समर्पण पहचान दिलाएंगे। धन संबंधित मामलों में स्थिरता रहेगी, पर बड़े खर्चों में संयम जरूरी है। रिश्तों में समय निकालकर बात करें। इसका असर गहरा हो सकता है। स्वास्थ्य ठीक रहेगा, लेकिन पीठ या जोड़ की समस्या हो सकती है। सावधानी रखें। कुंभ राशि- आज आपके विचार और संपर्क महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। कार्यक्षेत्र में नई योजनाएं और नेटवर्किंग सफल हो सकती है। धन मामलों में छोटी शुरुआत बेहतर होगी। बड़े निवेश आज जोखिम हो सकते हैं। रिश्तों में खुलापन और भरोसा जरूरी है। संवाद से दूरी मिटेगी। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा। आंखों या सिरदर्द से बचने के लिए आराम करें। मीन राशि- आज आपकी संवेदनशीलता और कल्पनाशीलता ज्यादा बढ़ेगी। रचनात्मक या सेवा-प्रधान कार्यों में सफलता मिल सकती है। धन के मामलों में सोच-समझ कर कदम उठाएं। अनावश्यक व्यय न करें। रिश्तों में आपने जो महसूस किया है, वो साझा करें। इससे दूरी कम होगी। स्वास्थ्य की दृष्टि से मानसिक शांति और अच्छी दिनचर्या जरूरी है।