samacharsecretary.com

बिहार आने वाली फ्लाइट्स के किराये में चार गुना उछाल, दिवाली-छठ पर घर लौटने के लिए खर्च करने होंगे हजारों रुपये

पटना  दिवाली और छठ जैसे बड़े पर्व अब करीब आ चुके हैं और विभिन्न महानगरों से इन त्योहारों में घर आने की इच्छा रखने वाले बिहारियों के लिए सफर बेहद महंगा हो चुका है। मुंबई से पटना का हवाई करिया तो लगभग 30 हजार रुपया पहुंच चुका है। बेलगाम हवाई किराये की वजह से इस दिवाली और छठ में अन्य शहरों से पटना आना मुश्किल है। बेंगलुरु, नई दिल्ली, मुंबई, कोलकाता आदि से किराया चार गुना तक महंगा हो गया है। दिवाली से एक दिन पहले यानी सात नवंबर को बेंगलुरु पटना मार्ग पर न्यूनतम किराया 26 हजार और अधिकतम किराया 29 हजार के पार हो गया है। हवाई किराये में मनमर्जी की वजह से एक परिवार को केवल पटना आने में एक लाख रुपये तक खर्च करना पड़ रहा है। बुकिंग एप के अनुसार सात नवंबर को दोपहर 2.45 बजे इंडिगो की फ्लाइट का किराया 26 हजार 53 रुपये है। वहीं एयर इंडिया एक्सप्रेस के दोपहर 1.10 का विमान का अधिकतम किराया 29,178 रुपये है। दिवाली के दिन इस मार्ग पर न्यूनतम किराया 18 हजार 73 रुपये है जबकि सुबह 8.25 की फ्लाइट का अधिकतम किराया 24 हजार 215 रुपये है। सामान्य दिनों में छह से आठ हजार रहता है। 13 नवंबर को दोपहर 2.45 बजे के विमान का किराया 19 हजार 490 रुपये है। नई दिल्ली-पटना के लिए मारामारी महत्वपूर्ण ट्रेनों में कंफर्म टिकट का टोटा होने से नई दिल्ली मार्ग पर सबसे ज्यादा बुकिंग की मारामारी है। दिवाली से एक दिन पहले सात नवंबर को सुबह सात बजे की स्पाइस जेट की उड़ान का किराया 13,188 है। दोपहर 2.50 के विमान का किराया 17,209 है जबकि एयर इंडिया एक्सप्रेस की सुबह 7.35 का किराया 26,179 तक पहुंच गया है। छठ से पहले 13 नवंबर को इस मार्ग पर न्यूनतम किराया 15,488 है। इस दिन स्पाइस जेट के दोपहर 2.50 बजे की उड़ान का किराया 26 हजार 458 रुपये है। सामान्य दिनों पर इस मार्ग पर किराया चार से छह हजार के बीच होता है। मुंबई -पटना मार्ग पर भी राहत नहीं, किराया लगभग 30 हजार मुंबई से पटना आने में सात नवंबर को अधिकतम किराया लगभग 30 हजार रुपये है। इस दिन सुबह 9.30 बजे के स्पाइस जेट के विमान का किराया 29 हजार 952 रुपये है। वेब चेन करते समय सीट चयन के लिए अतिरिक्त राशि भी देनी है। इस दिन इस मार्ग पर एयर इंडिया के शाम सात बजे के विमान का न्यूनतम किराया 18 हजार 812 रुपये है। वहीं इंडिगो के शाम 3.05 बजे का किराया 25 हजार 643 रुपये है। दस नवंबर को इस मार्ग पर न्यूनतम किराया 18 हजार 812 रुपये है जबकि अधिकतम किराया 29 हजार 972 रुपये है। पटना एयरपोर्ट: नए वर्ष में इमिग्रेशन और कस्टम काउंटर की मिलेगी सुविधा पटना एयरपोर्ट से अभी विदेश की उड़ान नहीं है। लेकिन यहां से विदेश जाने वाले यात्रियों के लिए नई सुविधा शुरू हो रही। परिसर में इमिग्रेशन और कस्टम काउंटर बनाने का सिविल कार्य शुरू हो गया है। सूत्रों के मुताबिक नए वर्ष में सेवा शुरू हो सकती है। एयरपोर्ट पर यात्री और बैगेज सेग्रिगेशन, सिक्योरिटी होल्ड एरिया में बदलाव का काम चल रहा है। सबसे ज्यादा फायदा पटना से कनेक्टिंग फ्लाइट से विदेश जाने वाले यात्रियों को होगा। अभी पटना से दिल्ली, कोलकाता या मुंबई होकर जाने वालों को अन्य एयरपोर्ट पर कतार में लगना होता है। वहां कस्टम जांच और दोबारा चेक-इन जैसी औपचारिताओं को पूरा करना पड़ता है। अब कस्टम जांच पटना में हो जाएगी। लगेज सीधे गंतव्य तक के लिए बुक हो जाएगा। इस सुविधा से दिल्ली-मुंबई में टर्मिनल बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी और एयरसाइड से ही अगली अंतरराष्ट्रीय उड़ान के लिए सुगमता बढ़ेगी।

कीमतों की परवाह नहीं, आस्था की उड़ान जारी: बिहार जा रही हर फ्लाइट भरी

नई दिल्ली सूर्य उपासना के महापर्व छठ पर बिहार जाने वाली सारी फ्लाइट फुल हो गई हैं। 50 से 60% महंगे किराए के बावजूद हजारों प्रवासियों ने आस्था को प्राथमिकता दी है। ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट भी खत्म हो गई है जबकि बस संचालक छठ पर बिहार जाने वालों की भारी भीड़ देखते हुए मनमाना किराया वसूल रहे हैं। ट्रैवल पोर्टल्स और एयरलाइंस के आंकड़ों के अनुसार, सामान्य दिनों में जहां दिल्ली-पटना का एक ओर का किराया 4,000 से 6,000 रुपये के बीच रहता है, वहीं 25 से 27 अक्तूबर के लिए यह 8,000 से 10,000 रुपये तक पहुंच गया है। दिल्ली-दरभंगा रूट पर किराया 13,000 रुपये और दिल्ली-गया पर 12,000 रुपये के आसपास है। लास्ट-मिनट की बुकिंग की कीमतें और भी ज्यादा हैं। छठ महापर्व पर दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और अन्य महानगरों में रहने वाले लाखों बिहारी प्रवासी त्योहार मनाने के लिए गांव लौटते हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि त्योहारों के मौसम में मांग, आपूर्ति के असंतुलन से एयरलाइंस डायनामिक प्राइसिंग मॉडल अपनाती हैं, जिससे किराये में अचानक उछाल आता है। इंडिगो, स्पाइसजेट और एयर इंडिया जैसी प्रमुख एयरलाइंस ने इन रूट्स पर अतिरिक्त फ्लाइट्स जोड़ी हैं। सीटें बढ़ने के बावजूद किराया कम नहीं हुआ है। पिछले सप्ताह से बुकिंग्स में 200 फीसदी की बढ़ोतरी निजी ट्रैवल पोर्टल्स के डेटा से पता चलता है कि पिछले हफ्ते बुकिंग्स में 200% फीकी बढ़ोतरी हुई है। मूल रूप से पटना निवासी दिल्ली में नौकरीपेशा राजेश कुमार ने बताया कि पिछले साल 5,500 रुपये में टिकट मिल गया था, लेकिन इस बार 9,800 रुपये देने पड़े। परिवार के साथ जाना है, मजबूरी है। दिल्ली से बिहार बस किराये में भी उछाल : सामान्य दिनों में किराया 1,000 से 2,000 रुपये के बीच रहता है लेकिन छठ पर यह बढ़कर 1,500 से 4,000 रुपये हो गया है।  दिल्ली-दरभंगा रूट पर नॉन-एसी बसों का किराया 1,000-1,500 रुपये होता है, लेकिन त्योहारी भीड़ में यह 2,599-4,999 रुपये तक पहुंच गया है। सरकार किराया कैपिंग पर विचार करे ट्रैवल एजेंट्स एसोसिएशन ने  मांग की कि सरकार किराया कैपिंग पर विचार करे। रेलवे ने स्पेशल ट्रेनें चलाई हैं, लेकिन पटना की ट्रेनें पहले से पैक हैं और वेटिंग लिस्ट हजारों में है। यह समस्या दशहरा, दीपावली और छठ जैसे त्योहारों में पूर्वी भारत के रूट्स पर हर साल यही हाल होता है। विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि यात्रियों को कम से कम कई महीने पहले बुकिंग करनी चाहिए। वैकल्पिक रूप से, लखनऊ या वाराणसी से कनेक्टिंग फ्लाइट्स या बस सेवाएं सस्ती पड़ सकती हैं। लेकिन लास्ट-मिनट प्लान करने वालों के लिए यह बोझिल साबित हो रहा है।

त्योहारों की भीड़ में राहत: पूर्वोत्तर रेलवे की इन ट्रेनों में मिल रही है आसान बुकिंग

बरेली त्योहारी सीजन में रेलवे और रोडवेज दोनों ही विभागों पर भार है। इसी बीच पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर की ओर से ट्रेनों की सूची जारी की गई है, जिसमें विशेष ट्रेनों में सीट की उपलब्ध अलग-अलग तिथियों पर है। इसमें बरेली से होकर गुजरने वाली छह ट्रेनें भी शामिल हैं। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह की ओर से इसकी सूचना सार्वजनिक की गई है। इन ट्रेनों में सीटों की है उपलब्धता – 05049 छपरा-अमृतसर पूजा विशेष ट्रेन… 10 अक्तूबर को एसी तृतीय इकोनॉमी में 686 बर्थ और 17 अक्तूबर को एसी तृतीय इकोनॉमी श्रेणी में 773 सीट उपलब्ध है। – 04607 छपरा-अमृतसर पूजा विशेष ट्रेन… 13 अक्तूबर को एसी द्वितीय श्रेणी में 497 सीट, 20 अक्तूबर को एसी तृतीय में 536 व स्लीपर में 324 सीट और 27 अक्तूबर को एसी तृतीय श्रेणी में 491 व स्लीपर में 242 बर्थ उपलब्ध है। – 05301 मऊ-अम्बाला कैंट पूजा विशेष ट्रेन… नौ अक्तूबर को एसी प्रथम में 06, एसी द्वितीय में 102, एसी तृतीय श्रेणी में 314, एसी तृतीय इकोनॉमी श्रेणी में 105 सीट उपलब्ध हैं। इसके अलावा 16 अक्तूबर को एसी प्रथम में 06, एसी द्वितीय में 100, वातानुकूलित तृतीय में 328, एसी तृतीय इकोनॉमी में 124 व स्लीपर में 231 सीट हैं। 23 अक्तूबर को एसी द्वितीय में 73, एसी तृतीय में 300 और वातानुकूलित तृतीय इकोनॉमी में 101 सीट और 30 अक्तूबर को एसी प्रथम में एक एवं एसी द्वितीय में 12 सीट उपलब्ध है। – 05005 बढ़नी-अमृतसर पूजा विशेष ट्रेन… 15 अक्तूबर को स्लीपर में 363, 22 अक्तूबर को स्लीपर में 329 तथा 29 अक्तूबर को स्लीपर में 366 सीट उपलब्ध हैं। – 05023 गोमती नगर-खातीपुरा पूजा विशेष ट्रेन… 14 अक्तूबर को एसी द्वितीय में 25, एसी तृतीय में 125 स्लीपर श्रेणी में 384, 21 अक्तूबर एसी द्वितीय में 21, एसी तृतीय में 118 और स्लीपर में 351 सीट तथा 28 अक्तूबर को एसी द्वितीय श्रेणी में 21, एसी तृतीय श्रेणी में 118 एवं स्लीपर में 304 सीट उपलब्ध है। – 04021 गोरखपुर-नई दिल्ली पूजा विशेष ट्रेन…11 अक्तूबर एसी प्रथम श्रेणी में 17, एसी द्वितीय श्रेणी में 77, एसी तृतीय श्रेणी में 338, स्लीपर में 224 सीट उपलब्ध हैं। 18 अक्तूबर को एसी प्रथम में 17, एसी द्वितीय में 76, एसी तृतीय श्रेणी में 339, स्लीपर में 303 और 25 अक्तूबर को एसी द्वितीय में 22, एसी तृतीय में 162 सीट उपलब्ध हैं।