samacharsecretary.com

राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 पर भोपाल संभाग की कार्यशाला 17 को

सरोजिनी नायडू शासकीय कन्या स्नातकोत्तर स्वशासी महाविद्यालय भोपाल में होगी कार्यशाला भोपाल, सीहोर, रायसेन, विदिशा और राजगढ़ जिले के अंतर्गत आने वाले महाविद्यालय होंगे शामिल भोपाल  राष्ट्रीय शिक्षा नीति -2020 के प्रभावी क्रियान्यन लेकर भोपाल संभाग की संभागीय कार्यशाला 17 अक्टूबर 2025 को होगी। यह कार्यशाला सरोजिनी नायडू, शासकीय कन्या स्नातकोत्तर स्वशासी (नूतन) महाविद्यालय, भोपाल में होगी। इसमें भोपाल, सीहोर, रायसेन, विदिशा और राजगढ़ जिले के अंतर्गत आने वाले महाविद्यालय शामिल होंगे। विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी श्री धीरेंद्र शुक्ला ने बताया कि आयुक्त उच्च शिक्षा विभाग श्री प्रबल सिपाहा द्वारा कार्यशाला का शुभारंभ किया जाएगा। कार्यशाला में भोपाल संभाग के 63 महाविद्यालयों के प्राचार्य, राष्ट्रीय शिक्षा नीति के नोडल अधिकारी, स्वयं पोर्टल एवं अकादमिक बैंक ऑफ क्रेडिट के नोडल अधिकारी तथा भोपाल शहर के शासकीय महाविद्यालय के प्रत्येक कक्षा के शिक्षा मित्र बालक-बालिका सहित करीब 350 लोग शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि कार्यशाला के दौरान विषय विशेषज्ञों द्वारा प्रस्तुतिकरण, जिज्ञासाओं के समाधान को लेकर चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही एईडीपी एवं कृषि पाठ्यक्रम तथा एआई सर्टिफिकेट कोर्स सहित स्वयं पोर्टल, अपार आईडी के बारे में चर्चा की जाएगी। कार्यशाला सुबह 10.30 बजे से शुरू होगी।  

फॉलन आउट अतिथि विद्वानों को हर माह दो बार मिले स्थान चयन का अवसर : उच्च शिक्षा मंत्री परमार

उच्च शिक्षा मंत्री ने की विभागीय समीक्षा भोपाल  उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री श्री इन्दर सिंह परमार ने गुरुवार को मंत्रालय में उच्च शिक्षा विभाग की बैठक विभागीय गतिविधियों एवं कार्यों के क्रियान्वयन की समीक्षा की। बैठक में उच्च शिक्षा मंत्री श्री परमार ने विभिन्न विभागीय विषयों पर विस्तृत चर्चा कर, आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने उच्च शिक्षा परिषद् की बैठक का आयोजन शीघ्र सुनिश्चित करने को कहा। मंत्री श्री परमार ने नियमित भर्तियों एवं स्थानांतरण की वजह से फॉलन आउट अतिथि विद्वानों को प्रत्येक माह में दो बार स्थान चयन के लिए अवसर प्रदान किए जाने एवं रिक्त पदों की जानकारी पोर्टल पर अद्यतन किए जाने के निर्देश भी दिए। बैठक में लोक सेवा आयोग द्वारा भर्तियां, वरिष्ठता सूची, विभागीय पोर्टल एवं स्वीकृत पदों के युक्तियुक्तकरण सहित अन्य विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। अपर मुख्य सचिव उच्च शिक्षा श्री अनुपम राजन एवं आयुक्त उच्च शिक्षा श्री प्रबल सिपाहा सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।  

विभिन्न राज्यों के अफसरों ने देखा इंदौर का स्मार्ट मीटरीकरण

भोपाल मप्र पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी इंदौर के प्रबंध निदेशक श्री अनूप कुमार सिंह के मार्गदर्शन में स्मार्ट मीटर परियोजना का प्रभावी संचालन किया जा रहा हैं। इसी क्रम में आरडीएसएस अंतर्गत पावर फायनेंस कार्पोरेशन ऊर्जा मंत्रालय भारत सरकार के सहयोग से भारतीय प्रबंध संस्थान इंदौर में क्षमता वृद्धि की ट्रेनिंग ले रहे बिजली अधिकारी गुरुवार दोपहर पोलोग्राउंड इंदौर स्थित स्मार्ट मीटर मास्टर कंट्रोल सेंटर पहुंचे। श्री के लिंगामूर्ति, श्री एम मूर्ति कुमार, श्री एस विजय प्रताप, श्री जीडी वासनिक समेत अन्य अधिकारियों का स्वागत स्मार्ट मीटर परियोजना निदेशक श्री संजय जैन, अधीक्षण यंत्री श्रीमती कीर्ति सिंह ने किया। विभिन्न राज्यों के अधिकारियों ने स्मार्ट मीटर परियोजना के संबंध में मीटरीकरण, बिलिंग, पावर फैक्टर छूट, टीओड़ी छूट, सौर ऊर्जा के लिए पृथक मीटर की जरूरत नहीं होने, सटीक बिलिंग, त्रुटिरहित बिलिंग, मोबाइल एप पर खपत का ताजा ब्यौरा इत्यादि की जानकारी प्राप्त की। कंट्रोल सेंटर प्रभारी श्री नवीन गुप्ता ने दल के सदस्यों के स्मार्ट मीटर संबंधी प्रश्नों के उत्तर देकर जिज्ञासाओं का समाधान किया। दल को बताया गया कि सतत स्मार्ट मीटरीकरण किया जा रहा है, वर्तमान में करीब 13.24 लाख स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं और कुछ शहर शत प्रतिशत स्मार्ट मीटरीकृत घोषित कर दिए गए हैं।  

चीन ने अफगानिस्तान-पाकिस्तान तनाव पर तोड़ी चुप्पी, कहा– ‘पड़ोसी बदले नहीं जा सकते’

बीजिंग  अफगानिस्तान और तालिबान के बीच हफ्तेभर के संघर्ष के बाद 48 घंटे का सीजफायर लागू है. लेकिन दोनों ओर से हल्की-फुल्की झड़प की रह-रहकर खबरें आ रही हैं. इस बीच चीन ने भी इस सीजफायर पर प्रतिक्रिया दी है. चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियान ने कहा कि अस्थाई सीजफायर लागू करने और बातचीत के जरिए समाधान खोजने के पाकिस्तान और अफगानिस्तान के फैसले पर गौर किया है. यह दोनों पक्षों के साझा हितों को पूरा करता है और क्षेत्रीय शांति एवं स्थिरता के अनुकूल है. चीन इस कदम का स्वागत और समर्थन करता है. लिन जियान ने कहा कि चीन ने बार-बार इस मुद्दे पर अपनी रुख साफ किया है. चीन का रूस सहित दुनियाभर के देशों के साथ व्यापार और ऊर्जा सहयोग सामान्य है और यह पूरी तरह से वैध है. उन्होंने कहा कि अमेरिका का रुख एकतरफा और धौंस जमाने का रहा है, जिससे अंतरराष्ट्रीय व्यापार नियमों पर असर पड़ा है और दुनियाभर के उद्योगों की स्थिरता और सप्लाई चेन बाधित हुई है.  उन्होंने कहा कि पाकिस्तान और अफगानिस्तान दोनों चीन के मित्रवत पड़ोसी हैं. ऐसे पड़ोसी हैं जिन्हें बदला नहीं जा सकता. चीन दोनों देशों का समर्थन करता है कि वे शांत और संयमित रहें, एक व्यापक और स्थायी युद्धविराम हासिल करें. संवाद और बातचीत के जरिए आपसी मतभेदों को सुलझाएं, राजनीतिक समाधान के रास्ते पर लौटें और दोनों देशों के बीच और क्षेत्र में शांति और स्थिरता को संयुक्त रूप से बनाए रखें. लिन ने कहा कि हम पाकिस्तान-अफगानिस्तान संबंधों को बेहतर बनाने और विकसित करने में रचनात्मक भूमिका निभाने के लिए तैयार है. बता दें कि पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच 48 घंटे के लिए अस्थायी युद्धविराम लागू करने पर सहमति बनी है. सीमा पर ताजा झड़पों के बाद यह कदम उठाया गया है. पाकिस्तान और अफगान तालिबान के बीच आठ अक्टूबर को संघर्ष शुरू हुआ था. यह संघर्ष पिछले हफ्ते शुरू हुआ जब पाकिस्तान ने काबुल में तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान के ठिकानों पर हमला किया. पाकिस्तानी सेना के मीडिया विंग (ISPR) ने कहा था कि सुरक्षा बलों ने बलूचिस्तान बॉर्डर पर अफगान तालिबान के हमले को नाकाम कर दिया. इसके बाद पाकिस्तान सुरक्षा बलों और अफगान तालिबान के बीच मंगलवार रात को झड़पें हुई थीं. अफगानिस्तान के तालिबान प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने बताया था कि पाकिस्तानी सेना ने कंधार के स्पिन बोल्डक इलाके में हमला किया. इसके बाद बुधवार को पाकिस्तानी हवाई हमलों में काबुल और कंधार में 15 अफगान नागरिक मारे गए और 100 से ज्यादा घायल हो गए थे. इस घटना के बाद ही अफगानिस्तान ने बॉर्डर पर टैंक भेजे थे. इस तरह हफ्तेभर की जंग के बाद बुधवार शाम को 48 घंटे के लिए सीजफायर का ऐलान किया गया.

यमुना को खतरा! आप नेता सौरभ भारद्वाज का सरकार पर तंज, मंत्री प्रवेश वर्मा पर सवाल

नई दिल्ली  दिल्ली में आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने बीजेपी सरकार पर बड़ा हमला बोला है. सौरभ ने गुरुवार को पार्टी मुख्यालय पर प्रेसवार्ता के दौरान सीएम रेखा और मंत्री प्रवेश वर्मा पर यमुना नदी पर राजनीति करने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि जब उनकी सरकार थी तो बीजेपी के यही नेता नोटंकी करते थे. अधिकारियों से बदसलूकी करते थे और उनके कामों का विरोध करते थे. सौरभ भारद्वाज ने आगे कहा कि यमुना नदी को साफ करने के लिए जो काम उनकी सरकार कर रही थी, वही काम आज रेखा गुप्ता की सरकार कर रही है. उन्होंने कहा कि आज से 5 साल पहले डी फॉमिंग का टेंडर दिया गया था. यमुना नदी से उठने वाले झागों और फोम को खत्म करने का शुरू किया गया था, लेकिन प्रवेश वर्मा ने काम करने नहीं दिया. वो बार-बार वहां पहुंच जाते थे और अधिकारियों से बदतमीजी करते थे. क्योंकि इनकी पुलिस है तो कोई भी बदतमीजी कर सकता है. दिल्ली में झूठे लोगों की सरकार सौरभ भारद्वाज ने कहा कि अब से पहले यमुना में उनकी सरकार द्वारा केमिकल डालकर उसे साफ किया जा रहा था. उस समय बीजेपी नेता इसका विरोध करते थे. आज पुराने ही केमिकल को टेंडर जारी कर यमुना को साफ किया जा रहा है. अगर ऐसा था तो पहले इसका विरोध क्यों करते थे. असल में ये राजीनितक रोटियां सेंक रहे हैं. पहले ये बोलते थे कि ये यमुना नदी में केमिकल है छठ में इसमें नहीं नहाएं, अब उसी में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता जा कर राजनीति कर रही हैं.   भाजपा और प्रवेश वर्मा पर की थी राजनीति बुराड़ी विधानसभा से आप विधायक संजीव झा ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर एक वीडियो पोस्ट किया है. इस वीडियो में संजीव झा यमुना नदी पर दिखाई दे रहे हैं. संजीव झा एक केमिकल केन पर इशारा करके बताते हैं कि अब छठ को देखते हुए यमुना नदी को साफ करने के लिए केमिकल डाला जा रहा है. करीब 5 साल पहले इसी केमिकल को डालने को लेकर प्रवेश वर्मा और भाजपा के सभी नेता आप सरकार को घेरते थे. कहते थे कि आप सरकार यमुना नदी में जहर डलवा रही है. आज बीजेपी उसी केमिकल को यमुना में डलवा रही है.   दिल्ली के लोगों से माफी मांगे प्रवेश वर्मा संजीव झा ने आगे कहा कि ऐसे में प्रवेश को यह बताना पड़ेगा वो ये केमिकल क्या डलवा रहे हैं. अगर उन्होंने आप सरकार के दौरान झूठ बोला था तो उन्हें दिल्ली के लोगों से माफी मांगनी चाहिए. प्रवेश वर्मा की पुरानी वीडियो भी उनके पास है. संजीव ने कहा कि उन्हें भाजपा सरकार और प्रवेश वर्मा के जवाब का इंतजार रहेगा. आप विधायक ने पुरानी प्रवेश वर्मा और भाजपा प्रवक्ता की पुरानी पुरानी वीडियो को भी एक्स पर पोस्ट कर भाजपा सरकार पर सवाल दागा है. उन्होंने कहा कि बीजेपी ने यमुना को लेकर बेहद घटिया राजनीति की थी. दूसरी पार्टी की सरकारों को काम करने से रोकती है भाजपा आप प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि जिस-जिस राज्य में दूसरी पार्टी की सरकार है. भाजपा उन्हें करने से रोक रही है. बंगाल में टीएमसी सरकार को काम करने से रोकते हैं. दिल्ली अरविंद केजरीवाल को काम करने रोकते थे. पंजाब में आप की भगवंत मान को काम करने रोक रहे हैं. अगर केंद्र सरकार राज्य सरकारों को काम करने से रोकेगी तो देश पीछे चला जाएगा. असल में इनकी यही राजनीति है.  

खान मंत्रालय ने राज्य खनन तत्परता सूचकांक और राज्य रैंकिंग की जारी

भोपाल  मध्यप्रदेश ने एक बार फिर खनन क्षेत्र में अपनी नेतृत्व क्षमता को सिद्ध करते हुए देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया। केन्द्रीय खान मंत्रालय द्वारा गुरुवार को राज्य खनन तत्परता सूचकांक और राज्य रैंकिंग जारी की गई है। यह उपलब्धि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के दूरदर्शी नेतृत्व और खनन क्षेत्र को उत्तरदायी एवं औद्योगिक विकास का केन्द्र बनाने की उनकी प्राथमिकता का परिणाम है। राज्य सरकार द्वारा खनन क्षेत्र में किये गये सुधार, आधुनिकीकरण और सतत विकास के प्रयासों की बड़ी सफलता को दर्शाती है। एसएमआरआई के अंतर्गत राज्यों को उनके खनिज भण्डार के आधार पर तीन श्रेणियों में वर्गीकृत किया गया है। श्रेणी-ए में शीर्ष तीन स्थान प्राप्त करने वाले राज्यों में मध्यप्रदेश, राजस्थान और गुजरात शामिल हैं। श्रेणी-बी में गोवा, उत्तर प्रदेश और असम शीर्ष तीन स्थान पर है और श्रेणी-सी में पंजाब, उत्तराखण्ड और त्रिपुरा शीर्ष तीन स्थान पर है। उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश खनिज नीलामी के क्षेत्र में देश में अग्रणी राज्य बनकर उभरा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में राज्य ने बड़े पैमाने पर खनिज ब्लॉकों की नीलामी कर देश में पहला स्थान प्राप्त किया था। हाल ही में क्रिटिकल मिनरल्स की नीलामी में केंद्र सरकार की नीति को लागू करने में मध्यप्रदेश ने देश का पहला राज्य बनने का गौरव भी हासिल किया है। खनिज ब्लॉकों की सर्वाधिक नीलामी के लिए मध्यप्रदेश को भारत सरकार ने सम्मानित भी किया है। मध्यप्रदेश खनन और खनिज संसाधनों के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण केन्द्र के रूप में उभरा है। खनिजों की प्रचुरता और राज्य सरकार की निवेश अनुकूल नीतियों के कारण मध्यप्रदेश देश की औद्योगिक प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। खनन क्षेत्र में प्रदेश की उपलब्धियों से राज्य की अर्थव्यवस्था मजबूत हो रही है। केन्द्रीय खान मंत्रालय द्वारा खनन क्षेत्र में राज्य स्तर पर सुधारों को प्रोत्साहित करने के लिये राज्य खनन तत्परता सूचकांक और राज्य रैंकिंग जारी की गई है। सूचकांक जारी करने की घोषणा केन्द्रीय बजट 2025-26 में की गई थी। राज्यों के खनन क्षेत्र में तैयारियों और प्रदर्शन का मूल्यांकन किया गया है। इसमें नीलामी, खनन पट्टों का शीघ्र संचालन, अन्वेषण और सतत खनन जैसे प्रमुख मानकों के आधार पर राज्य रैंकिंग निर्धारित की गयी है।  

प्रधानमंत्री मोदी की मौजूदगी में भोपाल की बेटियाँ देंगी बैंड की प्रस्तुति

स्टैच्यू ऑफ यूनिटी परिसर में होगी प्रस्तुति भोपाल  भोपाल की बेटियाँ राष्ट्रीय एकता दिवस 31 अक्टूबर 2025 को गुजरात के एकता नगर (स्टैच्यू ऑफ यूनिटी) परिसर में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की मौजूदगी में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में मध्यप्रदेश का मान बढ़ाएंगी। स्कूल ​शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित बैंड प्रतियोगिता में सेंट जोसेफ कॉन्वेंट ईदगाह हिल्स स्कूल भोपाल की बालिका टीम ने राज्य में प्रथम स्थान हासिल कर राष्ट्रीय स्तर पर मध्यप्रदेश का प्रतिनि​धित्व करते हुए देश में दूसरा स्थान हासिल किया था। उसी टीम को केन्द्रीय गृह मंत्रालय ने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी परिसर में 31 अक्टूबर को होने वाले कार्यक्रम में प्रस्तुति देने के लिए चुना है। गृह मंत्रालय ने राष्ट्रीय बैंड प्रतियोगिता में शामिल दो टीमों को आमंत्रित किया है। बालिका वर्ग में द्वितीय स्थान हासिल करने वाले भोपाल के सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल और बालक वर्ग में देश में पहला स्थान हासिल करने वाली राजस्थान की टीम शामिल है। यह दोनों टीमें संयुक्त रूप से प्रधानमंत्री श्री मोदी और केन्द्रीय गृह मंत्री श्री शाह की मौजूदगी में होने वाले कार्यक्रम में अपनी प्रस्तुति देंगी। यह कार्यक्रम लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल के 150वीं जयंती के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में प्रदेश की बैंड टीम राज्य पुलिस बल, सीमा सुरक्षा बल, अन्य सुरक्षा बल और एनसीसी की टीमों के साथ मंच साझा करेगी। बैंड में शामिल 30 बालिकाओं की टीम उनके प्र​शिक्षक श्री रसिक नागर पांडेय के साथ 23 अक्टूबर को गुजरात के लिए प्रस्थान करेगी। श्री पांडेय ने बताया कि कार्यक्रम में बैंड टीम द्वारा हिन्दी, गुजराती, अंग्रेजी, स्पेनिश और जर्मन धुनें प्रस्तुत की जाएंगी। स्कूल की प्राचार्य सिस्टर लिली ने बताया कि बैंड की टीम पिछले 15 दिन से इस गौरवपूर्ण कार्यक्रम के लिए तैयारी कर रही है। इस कार्यक्रम में ​शामिल होना हमारे स्कूल, भोपाल और पूरे मध्यप्रदेश के लिए गौरव की बात है।  

प्रधानमंत्री मोदी और गृहमंत्री शाह के नेतृत्व में लागू की गई रणनीति से वामपंथी उग्रवाद समाप्ति की ओर : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

नक्सलियों द्वारा हथियार त्याग कर मुख्यधारा में लौटने की घटना ऐतिहासिक दो दिन में छत्तीसगढ़ में 170 और महाराष्ट्र में 61 सहित देश में कुल 258 वामपंथी उग्रवादियों के आत्मसमर्पण की उपलब्धि भोपाल  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और गृहमंत्री श्री अमित शाह के नेतृत्व में लागू की गई रणनीति से वामपंथी उग्रवाद समाप्ति की ओर है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केन्द्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह द्वारा सोशल मीडिया पर छत्तीसगढ़ में गुरूवार को और महाराष्ट्र में बुधवार को नक्सलियों के आत्मसमर्पण के संबंध में दी गई जानकारी पर प्रतिक्रिया व्यक्त की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में 170 और महाराष्ट्र में बुधवार को 61 नक्सलियों ने हथियार त्याग कर मुख्यधारा में लौटने का कार्य किया है। यह घटना एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि हिंसा छोड़कर आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटने वालों का सदैव स्वागत है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारे सुरक्षा बल नक्सलवाद के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने में तत्पर रहते हैं। उल्लेखनीय है कि गत दो दिवस में 258 वामपंथी उग्रवादियों ने हिंसा का रास्ता छोड़ा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी और केन्द्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह के नेतृत्व में सरकार की निरंतर कोशिशों का ही यह परिणाम है कि देश में नक्सलवाद दम तोड़ रहा है। नक्सलियों के विरुद्ध हमारी नीति स्पष्ट है, जो हिंसा त्यागना चाहते हैं उनका स्वागत है। लेकिन जो लोग हथियार उठाए रहेंगे, उन्हें हमारी सुरक्षा बलों की कठोर कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सभी नक्सलियों से मेरी अपील है कि वे अपने हथियार त्याग दें और मुख्यधारा में लौट आएं।  

पटाखों की धमाल, लेकिन हवा रहेगी फ्रेश! दिल्ली में लागू हुई सुपर-कूल तकनीक

नई दिल्ली  दिल्ली में दिवाली से पहले ही प्रदूषण बढ़ने लगा है. बीते दिन दिल्ली के 5 अलग-अलग सेंटरों आनंद विहार, नॉर्थ कैंपस, मथुरा रोड, द्वारका, वजीरपुर में एक्यूआई 300 के पार दर्ज किया गया. इसी बीच दिल्ली में कृत्रिम बारिश कराए जाने की तैयारियां चल रही हैं. तेजी से बढ़ रहे प्रदूषण पर दिल्ली सरकार में पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि दिल्ली में क्लाउड सीडिंग यानी कृत्रिम बारिश को लेकर तैयारी पूरी कर ली गई है. दिल्ली सरकार के मंत्री ने कहा कुछ चुनिंदा इलाकों में दिवाली के एक दिन बाद प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए कृत्रिम बारिश कराए जाने की तैयारी चल रही है. उन्होंने कहा कि जल्द ही इसका एक सैंपल लिया जाएगा. हालाकिं इसके लिए मौसम विभाग से हरी झंडी मिलने का इंतजार है. उन्होंने कहा कि हम जल्द बादलों के छाने का इंतजार कर रहे हैं. एक प्लेन भेजकर कृत्रिम बारिश के लिए काम शुरू कर सकते हैं. दिल्ली सरकार ने इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं. इतना ही नहीं 2 पायलट इसके लिए 4 दिन तक ट्रेनिंग ले चुके हैं. 3 घंटे में इसका असर नजर आ जाएगा. इधर, दिल्ली से लगे नोएडा में भी वायु गुणवत्ता ‘खराब’ हो गई थी. वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने 14 अक्टूबर को दिल्ली-एनसीआर में GRAP-1 लागू किया था. नोएडा प्राधिकरण ने वायु प्रदूषण के प्रभावों को कम करने के लिए GRAP-1 उपायों के तहत सड़कों पर पानी का छिड़काव करा रहा है. दिल्ली में प्रदूषण का लेवल दिल्ली में सबसे ज्यादा प्रदूषण आनंद विहार में दर्ज किया गया. यहां एक्यू्आई 345 दर्ज किया गया. वहीं डीयू नॉर्थ कैंपस में 307, सीआरआरआई मथुरा रोड में 307, द्वारका सेक्टर-8 में 314 गया. जबकि वजीरपुर में प्रदूषण का स्तर 325 बेहद खराब कैटेगरी में दर्ज किया गया. दिल्ली के 20 सेंटरों पर AQI खराब कैटेगरी में दर्ज किया, जबकि 13 सेंटरों पर यह मध्यम श्रेणी में दर्ज किया गया. प्रदूषण की वजह पराली जलाना दरअसल, उत्तर और मध्य भारत में दिवाली के बाद किसान पराली जलाना शुरू कर देते है. इसी वजह से प्रदूषण बढ़ने की रफ्तार भी तेज हो जाती है. एक रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली के सबसे नजदीक हरियाणा और पंजाब में सबसे ज्यादा पराली जलाई जाती है. 2015 में एनजीटी ने पराली जलाने पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया था. हालांकि पराली जलाने पर प्रतिबंध लगाए जाने से किसानों को पराली का सफाया करने में परेशानी होने लगी. केंद्र सरकार ने वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) अधिनियम 2021 के तहत पराली जलाने पर नियम लागू किए. इसके मुताबिक 2 एकड़ से कम जमीन पर पराली जलाने पर 5,000 रुपए के जुर्माना लगाने की बात कही गई. 2 से 5 एकड़ जमीन पर 10,000 रुपए और 5 एकड़ से ज्यादा जमीन पर पराली जलाने पर 30,000 रुपए का जुर्माना लगाया जाता है. AQI 400 के पार पहुंचने पर लगाया जाता है GRAP वायु प्रदूषण की जांच के लिए इसे 4 कैटेगरी में बांटा गया है. इसे ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) कहते हैं. इसकी 4 कैटेगरी के तहत सरकार पाबंदियां लगाती है और प्रदूषण कम करने के उपाय जारी करती है. दरअसल, 201 से 300 तक एक्यूआई होने पर धूल पर नियंत्रण और खुले में कचरा जलाने पर रोक लगाई जाती है. 301 से 400 तक डीजल जनरेटर चालाने पर रोक लगाई जाती है और पानी का छिड़काव शुरू कर दिया जाता है. 401 से 450 एक्यूआई होने पर गैरजरूरी निर्माण और ईंट भट्टों पर पाबंदियां लगा दी जाती हैं. वहीं एक्यूआई 450 से अधिक होने पर भारी वाहन पर रोक, निर्माण पर रोक और स्कूलों को बंद कर दिया जाता है. दिल्ली सरकार ने कृत्रिम बारिश की तैयारियां कर ली है. दरअसल, कृत्रिम बारिश के लिए पहले से तैयारियां की जाती हैं. हेलीकॉप्टर, विमान या ड्रोन से बादलों के पास सिल्वर आयोडाइड छोड़ा जाता है. जिससे भाप इसके संपर्क में आते ही ठंडी होकर बारिश की बूदों में बदल जाती है. इस प्रक्रिया को संघनन कहा जाता है. जानकारी के अनुसार 50 से अधिक देश बारिश के लिए इस तकनीक का इस्तेमाल करते हैं.  

राम की पैड़ी पर बनेगा नया ‘सेल्फी प्वाइंट’, जगमग अयोध्या में जीवंत होगी त्रेतायुग की महिमा

अयोध्या दीपोत्सव 2025 -दीपों और लेज़र लाइट के संग पुष्पक विमान में अनुभव करें रामराज्य की दिव्यता -आधुनिक तकनीक और पारंपरिक कला का संगम,दीपोत्सव 2025 का यह दृश्य बना विश्वभर के लिए आकर्षण केंद्र अयोध्या मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में इस वर्ष का दीपोत्सव 2025 केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि रामायण काल के जीवंत पुनर्प्रस्तुतीकरण का प्रतीक बनने जा रहा है। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या में इस बार राम की पैड़ी पर बनाया जा रहा भव्य पुष्पक विमान श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए सबसे बड़ा आकर्षण और सेल्फी प्वाइंट बनने जा रहा है। रामायण काल की झलक, आधुनिक तकनीक का संगम त्रेतायुग की उस अलौकिक कथा को, जब भगवान श्रीराम लंका विजय के बाद पुष्पक विमान से अयोध्या लौटे थे, इस दीपोत्सव में वास्तविक रूप में साकार किया जा रहा है। राम की पैड़ी के किनारे बन रहा यह राजशाही लुक वाला पुष्पक विमान अयोध्या की पहचान को नया आयाम देगा। इसकी लंबाई 32 फीट, ऊंचाई 25 से 30 फीट, और चौड़ाई 20 फीट होगी। मोर की आकृति पर आधारित इस डिजाइन को ईपीसी सीट पर तैयार किया जा रहा है, जिससे विमान हल्का, आकर्षक और लंबे समय तक संरक्षित रह सके। राम की पैड़ी बनेगी श्रद्धा और सौंदर्य का संगम स्थल पुष्पक विमान के सामने रामायण काल के दृश्यों को उकेरा जाएगा जिसमें भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के साथ अयोध्या आगमन की झांकी सजाई जाएगी। श्रद्धालुओं के लिए यह स्थान सेल्फी प्वाइंट के रूप में खोला जाएगा, ताकि हर आगंतुक इस दिव्य दृश्य को अपनी यादों में सहेज सके। संध्या के समय लेज़र लाइट शो, दीपों की रेखा और पुष्पवर्षा के साथ यह स्थान अयोध्या के सांस्कृतिक पर्यटन का नया केंद्र बनेगा। योगी सरकार की परिकल्पना अयोध्या बने विश्व की सांस्कृतिक राजधानी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि दीपोत्सव का हर दृश्य रामायण की भावभूमि को सजीव करे। इसी क्रम में राम की पैड़ी, धर्मपथ और रामकथा पार्क को थीम आधारित सजावट से अलंकृत किया जा रहा है। योगी सरकार का उद्देश्य अयोध्या को न केवल धार्मिक दृष्टि से, बल्कि सांस्कृतिक और पर्यटन की वैश्विक राजधानी के रूप में स्थापित करना है। कारीगरों का समर्पण, आस्था का सौंदर्यबोध अयोध्या, लखनऊ और वाराणसी के कुशल शिल्पकार मिलकर इस पुष्पक विमान को आकार दे रहे हैं।पारंपरिक कला में आधुनिक तकनीक का संगम इस कृति को अनोखा बना रहा है। स्वर्णिम रंगों, मोरपंखी डिजाइन और राजशाही शैली का यह विमान दीपोत्सव की शोभा में चार चांद लगाएगा। आस्था और आकर्षण का संगम ,दीपोत्सव की नयी पहचान बनेगा पुष्पक विमान दीपोत्सव के दौरान जब लाखों दीपों से जगमग अयोध्या में पुष्पक विमान की झलक दिखाई देगी, तब ऐसा लगेगा जैसे त्रेतायुग की अयोध्या पुनः लौट आई हो।श्रद्धालु, पर्यटक और कलाकार सभी के लिए यह स्थान अयोध्या के आध्यात्मिक वैभव और रामराज्य की परंपरा को अनुभव करने का अवसर बनेगा। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा चयनित कार्यदाई संस्था सार्क मीडिया के मालिक सौरभ कुमार सिंह का कहना है कि उनका लक्ष्य दीपोत्सव के दौरान ऐसा वातावरण तैयार करना है, जो न केवल दर्शनीय रूप से आकर्षक हो बल्कि अयोध्या के समृद्ध सांस्कृतिक मूल्यों को भी प्रतिबिंबित करे।