samacharsecretary.com

सलमान खान को ‘आतंकवादी’ बताने से हिली शहबाज सरकार, सफाई देने में जुटी

इस्लामाबाद  बॉलीवुड एक्टर सलमान खान को लेकर कुछ दिन पहले रिपोर्ट्स आईं कि पाकिस्तान ने उन्हें आतंकवादी घोषित कर दिया। इससे सिर्फ भारत में ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में सलमान के फैंस की नाराजगी पाकिस्तान को झेलनी पड़ी। अब यूटर्न लेते हुए पाकिस्तान ने उन रिपोर्ट्स को ही खारिज कर दिया है और सफाई दी है कि ऐसा कुछ भी नहीं घोषित किया गया। यह सब फर्जी खबरें हैं। पाकिस्तान की इन्फोर्मेशन एंड ब्रॉडकास्टिंग मिनिस्ट्री ने मामले में सफाई पेश की है। पाकिस्तान के मंत्रालय की ऑफिशियल फैक्ट-चेकिंग टीम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर उन खबरों पर बात की जिनमें कहा गया था कि सलमान टेरर वॉच लिस्ट में हैं। पोस्ट में एक हेडलाइन का स्क्रीनशॉट था जिसमें लिखा था- ‘बलूचिस्तान पर टिप्पणी के बाद पाकिस्तान ने सलमान खान को टेरर वॉचलिस्ट में डाला। स्क्रीनशॉट पर फेक न्यूज/ अनवेरिफाइड लिखा एक स्टैम्प लगा हुआ था। पोस्ट में न्यूज रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावे को हाईलाइट किया गया- बलूचिस्तान के बारे में कमेंट करने के बाद सलमान खान को कथित तौर पर पाकिस्तान के एंटी-टेररिज्म एक्ट के तहत फोर्थ शेड्यूल में डाल दिया गया है, और उन्हें टेरर फैसिलिटेटर कहा गया है। इसके बाद पोस्ट में आगे लिखा, “NACTA के प्रोसिक्यूटेड पर्सन्स पेज या किसी मिनिस्ट्री ऑफ इंटीरियर / प्रोविंशियल होम डिपार्टमेंट के गजट पर सलमान खान को फोर्थ शेड्यूल में शामिल करने की जानकारी देने वाला कोई पाकिस्तानी सरकार का ऑफिशियल बयान, नोटिफिकेशन या एंट्री नहीं मिली।” आखिर में, पाक MoIB ने कहा, “वेरिफाई किए जा सकने वाले प्राइमरी सबूतों की कमी में यह दावा अनवेरिफाइड और झूठा है। देखने से, यह एक पक्के फैक्ट के बजाय एक सनसनीखेज हेडलाइन लगती है।” यानी कि पाकिस्तान सरकार ने बता दिया है कि उसने सलमान खान को आतंकवादी नहीं घोषित किया है। सलमान के किस बयान से पाक को लगी थी मिर्ची दरअसल, इस महीने की शुरुआत में, सलमान खान सऊदी अरब के रियाद में जॉय फोरम 2025 में शामिल हुए थे। यहां पर उन्होंने बलूचिस्तान को एक तरह से अलग देश बताया था। इससे पाकिस्तानी भड़क गए थे। इस कार्यक्रम में सलमान ने शाहरुख खान और आमिर खान के साथ स्टेज पर परफॉर्म किया था। स्टेज पर, एक्टर ने मिडिल ईस्ट में इंडियन फिल्मों की अपील पर बात की और कहा था, “अभी, अगर आप एक हिंदी फिल्म बनाते हैं और उसे यहां (सऊदी अरब में) रिलीज करते हैं, तो वह सुपरहिट होगी। अगर आप एक तमिल, तेलुगु, या मलयाली फिल्म बनाते हैं, तो वह सैकड़ों करोड़ का बिजनेस करेगी क्योंकि दूसरे देशों से बहुत सारे लोग यहां आए हैं। बलूचिस्तान के लोग हैं, अफगानिस्तान के लोग हैं, पाकिस्तान के लोग हैं… हर कोई यहां काम कर रहा है।”

‘आशुतोष राणा थोड़े आक्रामक हैं,’ जब रेणुका शहाणे ने पति के स्वभाव पर की थी बात

मुंबई, अभिनेत्री रेणुका शहाणे ने एक बार स्वीकार किया था कि उनके पति और अभिनेता आशुतोष राणा स्वभाव से थोड़े आक्रामक हैं। दरअसल सोशल मीडिया पर रेणुका के एक पुराने इंटरव्यू का वीडियो वायरल है। इसमें वह अपनी पर्सनल लाइफ के बारे में बात करती दिख रही हैं। वीडियो में वह अपने पति के स्वभाव के बारे में भी बताती हैं। वीडियो में रेणुका शहाणे कहती हैं, “मुझे लगता है कि मैं और मेरे पति हमेशा एक-दूसरे को बेहतर करने के लिए प्रोत्साहित करते हैं, क्योंकि वह एक अद्भुत अभिनेता हैं। मुझे लगता है कि वह अपने काम में माहिर हैं और मेरे अभिनय पर भी सुझाव देते रहते हैं। उनके सुझाव हमेशा मुझे बेहतर प्रदर्शन करने में मदद करते हैं, और मुझे लगता है कि अभिनय के प्रति उनका जो जुनून और जोश है, वह मुझमें नहीं है। मैं महत्वाकांक्षी नहीं हूं, इसलिए मुझे लगता है कि एक अभिनेता के रूप में मेरे लिए वह जुनून मेरे अंदर होना बहुत जरूरी है, इसलिए मैं उसे अपने अंदर लाने की कोशिश कर रही हूं।” रेणुका ने आगे कहा, “वह स्वभाव से आक्रामक है, लेकिन मुझे लगता है कि मेरी वजह से वह थोड़े नरम पड़ गए हैं। इसलिए हम एक-दूसरे की मदद करते हैं। हम दोनों के बारे में सबसे अच्छी बात यह है कि एक ही पेशे से होने के बावजूद हमारे बीच बिल्कुल भी अहंकार नहीं है। अगर उनके अभिनय की मैं आलोचना करती हूं, तो वह इसे बहुत सकारात्मक तरीके से लेते हैं क्योंकि हम दोनों का मानना है कि प्यार से अधिक, एक-दूसरे के प्रति सम्मान ही हमारे रिश्ते की नींव है।” आशुतोष राणा और रेणुका शहाणे ने 2001 में शादी की और दो बेटों के माता-पिता हैं। दिलचस्प बात यह है कि उनकी प्रेम कहानी हंसल मेहता की एक फिल्म के प्रीव्यू से शुरू हुई थी, जो कभी रिलीज नहीं हुई। इस साल 25 मार्च को इस जोड़े ने अपनी 24वीं शादी की सालगिरह मनाई। इसका एक वीडियो दोनों ने सोशल मीडिया पर शेयर किया था, जिसमें उनकी खूबसूरत यात्रा और शादी के दिन के यादगार पलों की झलक दिखाई गई।  

पड़ोस में गुप्त धंधे का खुलासा! किराए के मकान से पकड़ा गया सेक्स रैकेट, तीन गिरफ्तार

जबलपुर मध्य प्रदेश के जबलपुर में पुलिस ने एक किराए के मकान में चल रहे सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया है। गोहलपुर थाना पुलिस ने छापामार कार्रवाई करते हुए एक महिला सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि कुछ लोग मौके से फरार हो गए।   जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार महिला लंबे समय से किराए के मकान में यह अनैतिक कारोबार चला रही थी। स्थानीय लोगों ने बताया कि घर में हर दिन अलग-अलग लोग आते-जाते थे, और जब भी किसी ने विरोध किया, तो महिला गालियां देने लगती और धमकाती थी। मोहल्ले की महिलाओं ने कई बार इसकी शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। आखिरकार आज सभी महिलाएं एकजुट होकर गोहलपुर थाने पहुंचीं और लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद पुलिस ने तुरंत छापा मारा और मौके से तीन लोगों को गिरफ्तार किया।   स्थानीय निवासियों का कहना है कि महिला कभी किसी को अपना पति तो कभी रिश्तेदार बताकर धोखा देती थी। जब लोगों ने मकान मालिक को इस अनैतिक गतिविधि के बारे में बताया, तो उसने कार्रवाई करने के बजाय चुप रहने की सलाह दी। फिलहाल पुलिस ने गिरफ्तार तीनों आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है और फरार लोगों की तलाश में छापेमारी जारी है। 

झारखंड में रेल दुर्घटना! सिमडेगा के पास मालगाड़ी के 10 डिब्बे पटरी से उतरे, अफरा-तफरी मची

सिमडेगा झारखंड के सिमडेगा जिले में बानो रेलवे स्टेशन के पास राउरकेला से रांची जा रही एक मालगाड़ी के 10 डिब्बे बुधवार को पटरी से उतर गए। दुर्घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन 3 से 4 डिब्बे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और ट्रैक को काफी नुकसान पहुंचा है। हादसे के कारण राउरकेला-हटिया रेलखंड पर रेल संचालन प्रभावित हो गया है। यह हादसा बुधवार दिन करीब 11 बजे कनरावां नामक जगह पर उत्तरी केबिन के पास पोल संख्या 524/29 से 524/35 के बीच हुआ। घटना के बाद रेलवे पुलिस, बानो थाना पुलिस और हटिया-बंडा मुंडा रेल खंड के इंजीनियर और कर्मचारी मौके पर पहुंचकर राहत एवं मरम्मत कार्य में जुट गए। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना के कारण अप और डाउन, दोनों रेल लाइनें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं, जिससे हटिया-राउरकेला रेलखंड पर रेल यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है। स्थिति को देखते हुए पुरी-हटिया तपस्विनी एक्सप्रेस को टाटी रेलवे स्टेशन पर रोक दिया गया है, जबकि कई अन्य ट्रेनों के परिचालन पर भी असर पड़ा है। रेलवे के रांची मंडल के जनसंपर्क विभाग ने बताया है कि हटिया से राउरकेला के बीच चलने वाली पैसेंजर ट्रेन (58659 और 58660) बुधवार और गुरुवार को रद्द कर दी गई। इसी तरह हटिया-सांकी-हटिया पैसेंजर (58665/58666) भी रद्द रहेगी। 10 से अधिक ट्रेनों का रूट परिवर्तित कर दिया गया है। घटना की सूचना मिलते ही रांची से रेलवे के वरीय अधिकारी भी मौके के लिए रवाना हो गए। मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर जारी है ताकि जल्द से जल्द रेल सेवाओं को बहाल किया जा सके। रेलवे ने दुर्घटना के कारणों की जांच के लिए एक विशेष तकनीकी टीम को बुलाया है। स्थानीय सूत्रों का कहना है कि हादसे के वक्त मालगाड़ी सामान्य रफ्तार से गुजर रही थी। उस पर आयरन ओर के रॉड लदे थे। अचानक झटके के साथ पिछले हिस्से के कई डिब्बे पटरी से उतर गए, जिससे जोरदार आवाज हुई। हादसे से आसपास के ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। 

जय भानुशाली के साथ जापान में हैं तारा, लखनऊ में बैठी माही विज को सता रही बेटी की याद

  मुंबई,  टीवी अभिनेत्री माही विज इन दिनों लखनऊ में अपने एक प्रोजेक्ट की शूटिंग कर रही हैं। वहीं उनके पति और बेटी तारा जापान में छुट्टियां मना रहे हैं। जापान से जय भानुशाली ने बेटी तारा के साथ एक वीडियो शेयर किया है। माही विज ने पोस्ट पर कमेंट कर बेटी के लिए अपना प्यार लुटाया है। माही विज ने भी सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर बताया है कि जल्द ही वह भी अपनी बेटी तारा से मिलने जापान जाएंगी। उन्हें बेटी की बहुत याद आती है। माही विज ने इंस्टाग्राम पर शेयर किए एक वीडियो में बताया कि वह अपनी बेटी तारा और खुशी से लगभग 15 दिनों से दूर हैं। दोनों बेटियां जापान में छुट्टियां मना रही हैं। माही ने यह भी कहा कि तारा उनसे इतने लंबे समय तक कभी दूर नहीं रही। वह वह अपनी प्यारी बेटियों को गले लगाने के लिए बेताब हैं। वीडियो में माही ने यह भी बताया कि वह अपने बेटे राजवीर को मिस कर रही हैं जो फिलहाल मुंबई में है। पिछले कुछ दिनों से माही विज और जय भानुशाली के तलाक की खबरें आ रही हैं। बताया जा रहा है कि दोनों ने तलाक के लिए कोर्ट में अर्जी दी है। इस वीडियो में भी माही ने अपने बच्चों से मिलने की बात की, लेकिन पति जय भानुशाली के बारे में कुछ नहीं कहा। इससे तलाक की अफवाहों को और बल मिलता है। हालांकि, अभी तक दोनों में से किसी ने भी तलाक के विषय पर कुछ नहीं कहा है। मगर दोनों के तलाक की खबरें इतनी वायरल हुईं कि लोग दोनों की पोस्ट पर कमेंट कर सवाल पूछने लगे। बता दें कि माही विज और जय भानुशाली ने दो बच्चों को गोद लिया हुआ है। राजवीर, खुशी और तारा की परवरिश दोनों मिलकर कर रहे हैं।  

विदेश जाने वाले यात्रियों के लिए बुरी खबर, एयरपोर्ट पर मिला बड़ा झटका!

अमृतसर  अमृतसर के श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर यात्रियों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। हाल ही में यहां आने वाले कई यात्रियों ने शिकायत की है कि एयरपोर्ट टर्मिनल के अंदर बड़ी संख्या में कबूतर घूमते नजर आते हैं। यात्रियों का कहना है कि कभी ये कबूतर सिर के ऊपर उड़ते हैं, तो कभी कपड़ों पर गंदगी गिरा देते हैं, जिससे बैठना भी मुश्किल हो जाता है। अमृतसर एयरपोर्ट पंजाब का सबसे व्यस्त हवाई अड्डा है, जहां हर दिन देश-विदेश से हजारों यात्री पहुंचते हैं। पर्यटन और प्रवासी पंजाबी समुदाय के लिए यह एक प्रमुख गेटवे है। इंटरनेशनल यात्री और विदेशों से आने वाले पंजाबी इस एयरपोर्ट पर लैंड होते हैं और फ्लाइट पकड़ते हैं। ऐसे में एयरपोर्ट परिसर में पक्षियों की मौजूदगी न केवल यात्रियों की असुविधा बढ़ा रही है बल्कि सुरक्षा एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर रही है। लुधियाना के उद्योगपति ने सोशल मीडिया पर एयरपोर्ट की तस्वीरें साझा करते हुए बताया कि देर रात के समय भी टर्मिनल के अंदर दर्जनों कबूतर उड़ते नजर आए। एयरपोर्ट जैसी हाई-सिक्योरिटी जगह पर पक्षियों का इस तरह प्रवेश होना बेहद चिंताजनक है और यह सफाई व रखरखाव की स्थिति पर सवाल उठाता है। वहीं हवाई सुरक्षा पर खतरा पैदा कर सकते हैं।  हवाई सुरक्षा पर मंडराता खतरा विशेषज्ञों का मानना है कि बर्ड स्ट्राइक विमानन सुरक्षा के लिए लगातार गंभीर चुनौती बना हुआ है। विश्व स्तर पर हर साल हजारों विमान पक्षियों की टक्कर से क्षतिग्रस्त होते हैं। कई बार यह घटनाएं जानलेवा भी साबित होती हैं। रनवे या उसके आसपास पक्षियों की मौजूदगी पायलटों और एयर ट्रैफिक कंट्रोल दोनों के लिए जोखिमपूर्ण स्थिति पैदा करती है। एयरपोर्ट प्रशासन हुआ सक्रिय एयरपोर्ट निदेशक भूपेंद्र सिंह ने बताया कि टर्मिनल क्षेत्र में पक्षियों की आवाजाही को रोकने के लिए टीम को निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट परिसर की सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा रहा है तथा आधुनिक तकनीकों की मदद से कबूतरों को दूर रखने के उपाय किए जा रहे हैं। प्रशासन का दावा है कि आने वाले दिनों में यात्रियों को साफ-सुथरा और सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराया जाएगा।

‘महारानी 4’ का ट्रेलर रिलीज, इस बार दिल्ली की राजगद्दी के लिए लड़ाई लड़ेंगी भारती देवी

नई दिल्ली,  बॉलीवुड एक्ट्रेस हुमा कुरैशी ‘महारानी 4’ के साथ एक बार फिर ओटीटी पर तूफान लाने के लिए तैयार हैं। इसका नया ट्रेलर सोशल मीडिया पर रिलीज कर दिया है। इस सीजन में पहले से भी ज्यादा राजनीतिक षड्यंत्र देखने को मिल रहे हैं, लेकिन भारती देवी हार नहीं मानने वाली हैं, बल्कि दिल्ली की कुर्सी तक पहुंचने की कोशिश करेंगी। ‘महारानी 4’ का लेटेस्ट ट्रेलर रिलीज हो गया है जिसमें इस बार भारती देवी अकेली नहीं, बल्कि अपने कुनबे के साथ दिख रही हैं। सीरीज में भारती सिंह की बेटी और बेटे की एंट्री हो चुकी है। भारती सिंह की बेटी का किरदार श्वेता प्रसाद ने निभाया है, जो मां की विरासत को आगे बढ़ाने के लिए संघर्ष कर रही हैं, लेकिन इस बार भारती देवी दिल्ली की राजगद्दी यानी प्रधानमंत्री बनने की लड़ाई लड़ती दिखेंगी। सीरीज में ट्विस्ट ये भी है कि 10 साल पुराने केस में भारती देवी को फंसाने की कोशिश की जाएगी। अब भारती देवी इन परिस्थितियों से कैसे लड़ती हैं, ये तो सीरीज देखने के बाद ही पता चलेगा। ‘महारानी 4’ को सात नवंबर से सोनी लिव पर स्ट्रीम किया जाएगा। गौर करने वाली बात ये भी है कि सीरीज को बिहार चुनाव के दौरान स्ट्रीम करने का फैसला लिया गया। 6 नवंबर को बिहार में पहले चरण के विधानसभा चुनाव हैं और 7 नवंबर से दर्शक सीरीज को देख पाएंगे। ‘महारानी’ का हर सीजन बिहार की राजनीति पर बना है और बिहार चुनाव के दौरान सीरीज को रिलीज करना मेकर्स को फायदा पहुंचा सकता है। बता दें कि ‘महारानी’ के तीनों सीजन को दर्शकों का भरपूर प्यार मिला है। पहले सीजन में भारती देवी अकेली सत्ता और अपने आत्मसम्मान के लिए संघर्ष करती दिखीं थी, लेकिन अब उनका पूरा परिवार उनके साथ है, जो बिहार की राजनीति में उथल-पुथल लेकर आएगा। हालांकि भारती सिंह का बेटा बिहार का सीएम बनना चाहता है, ऐसे में भारती देवी अपने परिवार की अंदरूनी लड़ाई भी लड़ती दिखेंगी। इस बार सीरीज में कुछ नए चेहरों को भी जोड़ा गया है। इस बार सीरीज में श्वेता बसु, प्रमोद पाठक, शार्दुल भारद्वाज, अमित सियाल, कनी कुसरुति और विनीत कुमार जैसे कलाकारों को भी शामिल किया गया है।  

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिहार के बक्सर में की जनसभा, बीजेपी व एनडीए प्रत्याशियों के लिए मांगे वोट

बिहार विधानसभा चुनाव – बक्सर, डुमरांव और ब्रह्मपुर के एनडीए प्रत्याशियों पूर्व आईपीएस आनंद मिश्रा, राहुल सिंह और हुलास पांडेय के समर्थन में सीएम योगी की जनसभा – कांग्रेस और आरजेडी ने तो गरीब का हक ही नहीं, पशुओं का चारा तक डकार लिया था, अब लालटेन नहीं, विकास की रोशनी चाहिए – सीएम योगी  – ताड़का, मारीच, सुबाहू के रूप में कार्य कर रही आरजेडी-कांग्रेस बिहार को फिर अंधकार में धकेलना चाहती हैं – बक्सर की धरती से बोले सीएम योगी, बिहार बदलेगा तो भारत बदलेगा, आरजेडी-कांग्रेस का अंधकार खत्म होगा – जब बिहार अंगड़ाई लेता है तो भारत अंगड़ाई लेता है, बिहार विकसित होगा तो भारत विकसित होने से कोई ताकत रोक नहीं सकती- सीएम योगी – सीएम योगी ने जनता से किया आह्वान, बोले- बिहार को भ्रष्टाचार और अराजकता से मुक्त कर विकास की राह पर आगे बढ़ाना है – बक्सर की यह धरती केवल ऐतिहासिक ही नहीं, बल्कि भारत की आध्यात्मिक दिशा तय करने वाली भूमि है- सीएम योगी – खेसारी लाल यादव का बिना नाम लिए सीएम योगी ने कसा तंज, कहा- मूर्खों को नहीं पता कि मंदिर से पहले अयोध्या में हुआ मेडिकल कॉलेज का निर्माण – डबल इंजन की सरकार ने अयोध्या में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट और 500 वर्षों बाद रामलला के भव्य मंदिर का निर्माण कराया- योगी  – बोले सीएम योगी- बिहार और उत्तर प्रदेश की आस्था एक-दूसरे से जुड़ी है, अयोध्या से सीतामढ़ी तक ‘राम-जानकी मार्ग’ का निर्माण जारी है – बहनों की इज्जत से खेलने वालों को मिलेगा यमराज के घर का टिकट, यूपी इसका उदाहरण, अब बिहार को भी यही राह चुननी है- सीएम योगी बक्सर बिहार विधानसभा चुनाव की गर्मी के बीच बक्सर की पवित्र भूमि बुधवार को “हर हर महादेव” और “जय श्रीराम” के नारों से गूंज उठी, जब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यहां आईटीआई ग्राउंड में जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्ष पर तीखे प्रहार किए। भीड़ से लबालब भरे मैदान में सीएम योगी ने कहा कि जब डकैती डालनी होती थी, लालटेन बुझा देते थे। कांग्रेस और आरजेडी ने तो गरीब का हक ही नहीं, पशुओं का चारा तक डकार लिया था। लालटेन बुझाकर डकैती डालने वाली ये पार्टियां बिहार को फिर अंधकार में धकेलना चाहती हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बक्सर की यह धरती केवल ऐतिहासिक ही नहीं, बल्कि भारत की आध्यात्मिक दिशा तय करने वाली भूमि है। उन्होंने कहा कि त्रेता युग में महर्षि विश्वामित्र ने यहीं आतंक से मुक्ति का संकल्प लिया था और भगवान राम ने इसी धरती से राक्षसों का नाश कर ‘रामराज्य’ की स्थापना की थी। सीएम योगी ने कहा कि बक्सर की यही भूमि आज फिर से आतंक, भ्रष्टाचार और लालटेन के अंधकार से मुक्ति कर एक नए युग की शुरुआत करने जा रही है। आरजेडी, कांग्रेस और उनके सहयोगी अराजकता, अपराध और भ्रष्टाचार के प्रतीक हैं- सीएम योगी सीएम योगी ने बिहार की जनता को चेताते हुए कहा कि कांग्रेस और आरजेडी जैसी पार्टियां जनता के अधिकारों पर डकैती डालने वाली हैं। उन्होंने कहा कि ये वही लोग हैं जिन्होंने बिहार को अपहरण उद्योग बना दिया था, जहां अपराधी और भ्रष्टाचारी सत्ता की पहचान थे। लालटेन बुझाकर डकैती डालने वाली ये पार्टियां बिहार को फिर अंधकार में धकेलना चाहती हैं। योगी ने आरजेडी-कांग्रेस गठबंधन को “अपराध की फैक्ट्री और विकास के बैरियर” बताते हुए कहा कि आज अगर बिहार में शांति और प्रगति की बात हो रही है, तो वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में चल रही डबल इंजन की सरकार की देन है। भगवान श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल उठाने वाली कांग्रेस का असली चेहरा सबको पता है- योगी जनसभा में योगी आदित्यनाथ ने धर्म और संस्कृति के मुद्दे पर कांग्रेस और आरजेडी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कहती है कि भगवान राम हुए ही नहीं! ये वही लोग हैं जो राम भक्तों पर गोली चलाते हैं और राम मंदिर के स्थान पर अस्पताल बनाने की बात करते हैं। छपरा से आरजेडी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे भोजपुरी कलाकार खेसाली लाल यादव द्वारा राम मंदिर निर्माण पर पूर्व में दिए गए बयान पर बिना नाम लिए सीएम योगी ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इन मूर्खों को यह भी नहीं पता कि यह भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन की सरकार ही थी जिसने अयोध्या में राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज, महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट और फिर 500 वर्षों बाद रामलला के भव्य मंदिर का निर्माण कराया। रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे यह वादा मोदी जी ने पूरा किया है, कांग्रेस और आरजेडी कभी नहीं कर सकते थे। अब लालटेन नहीं, डबल इंजन की रोशनी चाहिए- योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज बिहार में कनेक्टिविटी, मेडिकल कॉलेज, बिजली और सड़क जैसी सुविधाएं तेजी से बढ़ रही हैं। बिहार में अब अपहरण नहीं, रोजगार की चर्चा होती है। हर गरीब को राशन, घर, शौचालय, गैस और स्वास्थ्य सुरक्षा मिल रही है। यह है मोदी जी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ का असली चेहरा है। उन्होंने कहा कि यूपी में डबल इंजन की सरकार ने जिस तरह माफियाओं पर बुलडोजर चलाया, उसी तर्ज पर बिहार में भी अब आरजेडी-कांग्रेस जैसे “राजनीतिक माफियाओं” को बेदखल करने का समय आ गया है। रामराज्य की राह पर चल पड़ा यूपी, अब बिहार की बारी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज ‘रामराज्य के नए युग’ में प्रवेश कर चुका है, जहां अपराधियों की जगह गरीबों को मकान मिल रहा है और बहन-बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित हुई है। उन्होंने कहा कि जो गरीब का हक मारेगा, जो बहनों की इज्जत से खेलेगा, उसे यमराज के घर का टिकट मिलेगा।  

ऑटो मार्केट में फैला था 1.40 लाख टन मलबा, MCG ने एक झटके में कराया सफाया!

गुड़गांव गुड़गांव में सी एंड डी वेस्ट के मलबे में तब्दील हुई एक दशक से प्रस्तावित ऑटो मार्केट में लोगों ने करीब 1.40 लाख टन मलबा डाल दिया था। इस मलबे को नगर निगम ने एक महीने की कड़ी मशक्कत के बाद साफ कराया है। नगर निगम अधिकारियों की मानें तो अब यह प्रस्तावित ऑटो मार्केट पूरी तरह से मलबा मुक्त हो गई है। यहां पर जमा पूरे मलबे को उठाकर बसई स्थित सीएंडडी वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट में भेजा गया। सेक्टर-10 ऑटो मार्केट क्षेत्र में पिछले कई वर्षों से भारी मात्रा में मलबा जमा था, जिससे स्थानीय निवासियों, को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। क्षेत्र की सुंदरता और स्वच्छता पर भी इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा था। नगर निगम गुरुग्राम की स्वच्छता टीमों ने विशेष अभियान चलाकर मात्र एक माह की अवधि में शहर के विभिन्न क्षेत्रों से 1.40 टन मलबा हटाया है। अभियान को मिशन मोड में चलाया जा रहा है, जिसमें भारी मशीनरी, डंपर ट्रक और जेसीबी मशीनों का उपयोग हो रहा है। सफाई के दौरान उठाए गए सभी मलबे को पर्यावरण अनुकूल तरीके से निस्तारित करने के लिए बसई स्थित सीएंडडी वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट में भेजा गया है, जहां इसको पुन: उपयोग योग्य निर्माण सामग्री में परिवर्तित किया जाता है। नगर निगम गुरुग्राम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया ने नागरिकों से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थलों पर मलबा या निर्माण सामग्री न फेंके और शहर को स्वच्छ रखने में निगम का सहयोग करें। निगम का लक्ष्य गुरुग्राम को स्वच्छ, प्रदूषण मुक्त और सुंदर शहर के रूप में स्थापित करना है। नगर निगम द्वारा अवैध मलबा व कचरा डंपिंग की कड़ी निगरानी की जा रही है। अगर कोई व्यक्ति सार्वजनिक स्थान, ग्रीन बेल्ट, खाली जमीन, नालों या सड़कों के किनारे मलबा या कचरा फेंका तो उस पर भारी जुर्माना लगाने के साथ ही उसका वाहन जब्त करके थाने में एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी। 

बिहार में राजद और कांग्रेस का कार्यकाल कलंक से कम नहींः सीएम योगी

बिहार विधानसभा चुनाव उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने शाहपुर विधानसभा में की जनसभा, भाजपा प्रत्याशी राकेश रंजन ओझा के पक्ष में कमल खिलाने की अपील  2005 से पहले बिहार अराजकता, गुंडागर्दी व माफियाराज का शिकार हो गया था, 20 वर्ष में अथक परिश्रम कर नीतीश सरकार ने उससे उभाराः मुख्यमंत्री  सीएम योगी का कटाक्ष- यूपी में माफिया की छाती पर जब बुलडोजर दौड़ता है तो सपा वाले फातिहा पढ़ने चले जाते हैं भोजपुर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को दूसरी रैली शाहपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी राकेश रंजन ओझा के पक्ष में की। सीएम ने स्थानीय भाषा में संवाद की शुरुआत की और मतदाताओं से कमल खिलाने की अपील की। यहां उन्होंने विपक्षी दलों (राजद, कांग्रेस) को खूब धोया। सीएम ने कहा कि इंद्रदेव के आशीर्वाद से यह तय हो गया है कि फिर से एनडीए सरकार बिहार में बनेगी।  योगी के निशाने पर रही कांग्रेस व राजद   सीएम योगी ने कांग्रेस व राजद को निशाने पर रखा। बोले कि इन लोगों ने विकास कार्यों को पूरा नहीं किया, क्योंकि जो पशुओं का चारा खा जाए, वह मनुष्य का हक भी डकार जाता है। आज मोदी जी के नेतृत्व में सबका साथ, सबका विकास के भाव के साथ हर नौजवान, गरीब, किसान, माता-बहन को योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। मोदी जी के कार्यकाल में 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से उबरकर स्वावलंबन के पथ पर आगे बढ़े हैं। अब बिहार से पलायन नहीं होता, बल्कि यहां से निकले इंजीनियर बिहार को प्रगति पथ पर आगे बढ़ा रहे हैं। सीएम ने बिहार की प्रतिभा की सराहना की।बोले कि यहां के नौजवानों में ईश्वर प्रदत्त बुद्धि है। थोड़ा सा प्लेटफॉर्म मिले तो बिहार का नौजवान दुनिया को अपनी बुद्धि से आकर्षित रखने का सामर्थ्य रखता है। देश में जहां भी बिहार के युवाओं ने कार्य किया, अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।  राजद व कांग्रेस के समय भगवान भरोसे हो गई थी बेटी-बहन की सुरक्षा  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बिहार पर भारत का हर नागरिक गौरव की अनुभूति करता है। सीएम ने बिहार की धरती के महापुरुषों, लोकतंत्र सेनानियों का जिक्र किया और कहा कि यहां का अतीत गौरवशाली रहा, लेकिन राजद का 15 वर्ष और उससे पहले कांग्रेस का कार्यकाल कलंक से कम नहीं है। इस दौरान बिहार के नागरिकों को पहचान के संकट से गुजरना पड़ता था। नौजवान पलायन,  किसान आत्महत्या,  व्यापारी डरा-सहमा रहता था और बेटी-बहन की सुरक्षा भगवान भरोसे हो गई थी। बिहार ने जब 2005 में अंगड़ाई ली और नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए सरकार बनी तो माफिया की उल्टी गिनती शुरू हो गई। बिहार नई दिशा की ओर आगे बढ़ा। बिहार में आज वह सब कुछ है, जो 50 वर्ष पहले हो जाना चाहिए। यहां कनेक्टिविटी, बाढ़ प्रबंधन, स्कूली शिक्षा, मेडिकल, इंजीनियरिंग कॉलेज समेत गरीबों के लिए अनेक योजनाएं हैं।  2005 से पहले अराजकता व गुंडागर्दी की चपेट में आकर माफियाराज का शिकार हो गया था बिहार  मुख्यमंत्री ने कहा कि 2005 के पहले परिवारवाद का दंश झेल रहा बिहार अराजकता व गुंडागर्दी की चपेट में आकर माफियाराज का शिकार हो गया था, लेकिन 20 वर्ष में अथक परिश्रम कर नीतीश सरकार ने उसे उभारने में बड़ी मदद की। आज बिहार पर कोई प्रश्न नहीं खड़ा करता। जो बिहार के नागरिकों की आकांक्षा है, आज यहां वह सब कुछ है। उन्होंने अपील की कि बिहार के विकास में चल रही रफ्तार थमनी नहीं चाहिए। डबल इंजन सरकार बुलेट ट्रेन की स्पीड से बिहार की प्रगति को बढ़ा सके, इसके लिए आपका आह्वान करता हूं।  राम मंदिर का विरोध करती थी कांग्रेस, राजद व सपा  सीएम योगी ने कहा कि बिहार में आज विकास व विरासत भी है। राम-कृष्ण-शिव, बाबा महेंद्र नाथ, महर्षि विश्वामित्र,  महात्मा बुद्ध, बाबू जगजीवन राम, डॉ. राजेंद्र प्रसाद की परंपरा ही हमारी विरासत है। सीएम ने बिहारवासियों से पूछा कि राम मंदिर बनने से आप खुश हैं, जवाब आया हां। सीएम ने कहा कि कांग्रेस, राजद व यूपी में इनका पार्टनर समाजवादी पार्टी राम मंदिर का विरोध कर रहे थे। यह लोग अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण नहीं करा पाते। कांग्रेस कहती थी कि राम हुए ही नहीं, राजद ने कहा कि हम मंदिर नहीं बनने देंगे। सपा रामभक्तों पर गोली चलाती थी। हम तब भी कहते थे कि गोली चले या डंडा, रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे। आज मंदिर बन गया।  जनसभा स्थल पर बुलडोजर देख बोले योगी- यूपी में यह माफिया की छाती पर दौड़ता है जनसभा स्थल पर बुलडोजर देख सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एनडीए की भाजपा सरकार जो कहती है, करके दिखाती है। हमने कहा था कि माफिया राज का अंत करेंगे और किया भी। यूपी में माफिया की छाती पर बुलडोजर दौड़ता है तो सपा व उसके पार्टनर्स को सिर्फ फातिहा पढ़ने का अवसर मिलता है। बिहार भी जंगलराज से उभरकर प्रगति के नए प्रतिमान को स्थापित कर रहा है। योगी ने अपील की कि बिहार जिस दिशा में बढ़ा है, वह गति रूकनी, थमनी, झुकनी नहीं चाहिए।