samacharsecretary.com

छठ पर्व पर सियासी संग्राम! RJD-कांग्रेस पर PM मोदी का वार—‘आस्था का मज़ाक उड़ाने वालों को जवाब मिलेगा’

मुजफ्फरपुर  बिहार चुनाव को लेकर हलचल तेज है। मुजफ्फरपुर में एक जनसभा को संबोधित करने पहुंचे पीएम मोदी ने राजद-कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजद और कांग्रेस पर छठी मईया के अपमान का आरोप लगाया है। पीएम मोदी ने कहा कि ये लोग भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य देने को ड्रामा कहते हैं। बिहार के लोग सैकड़ों साल तक इस बात को नहीं भूलेंगे। मुजफ्फरपुर के मोतीपुर में पीएम मोदी ने कहा, 'साथियों आपने देखा कि आपके बेटा जो छठी मईय़ा का जय-जयकार दुनिया में कराने में लगा है। दूसरी तरफ कांग्रेस और आरजेडी के लोग क्या कर रहे हैं?   वो छठी मईया का अपमान कर रहे हैं। आप मुझे बताइए कि क्या कोई कभी चुनाव में वोट पाने के लिए छठी मईय़ा का अपमान कर सकता है? क्या ऐसा अपमान बिहार सहेगा? क्या हिन्दुस्तान सहेगा? क्या जो माताएं निर्जला उपवास करती हैं वो सहेंगी? आरजेडी-कांग्रेस कैसी बेशर्मी से बोल रहे हैं। उनके लिए तो छठी मईया की पूजा एक ड्रामा है नौटंकी है। ऐसे लोगों को सजा दोगे कि नहीं दोगे जो माताएं बहने निर्जला व्रत रखती हैं जो गंगा जी में खड़ी होकर सूर्यदेव को अर्घ्य देती हैं वो राजद कांग्रेस की नजर में ड्रामा करती हैं। राहुल गांधी ने क्या कहा था आपको बता दें कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बुधवार को प्रधानमंत्री मोदी पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया कि ‘‘वह वोट के लिए कुछ भी कर सकते हैं, यहां तक ​​कि नाच भी सकते हैं’’। उन्होंने भाजपा पर बिहार में नीतीश कुमार सरकार को ‘रिमोट कंट्रोल’ से नियंत्रित करने का आरोप लगाया। राहुल गांधी ने मुजफ्फरपुर और दरभंगा में विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस)के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव के साथ लगातार दो संयुक्त रैलियों को संबोधित किया। गांधी ने दिल्ली में यमुना के किनारे छठ पूजा के आयोजन का हवाला देते हुए कहा कि एक तरफ यमुना नदी में गंदा पानी था और बगल में साफ पानी का तालाब बनाया गया था ताकि प्रधानमंत्री उसमें नहाकर ‘ड्रामा’ कर सकें, जबकि उन्हें छठ पूजा से कोई लेनादेना नहीं हैं। उन्होंने कहा कि इस बारे में जब पूरे हिंदुस्तान को पता चल गया तो प्रधानमंत्री मोदी छठ पूजा के इस आयोजन में नहीं गए। राहुल गांधी ने दावा किया कि प्रधानमंत्री वोट के लिए कुछ भी कर सकते हैं। कांग्रेस नेता ने लोगों से कहा, ‘‘अगर आप मोदी जी से कहें कि हम आपको वोट देंगे, आप मंच पर आकर नाचिए तो वह नाच लेंगे।’’  

गौसंवर्धन से ही समृद्धि का मार्ग: गोपाष्टमी पर सीएम का संदेश

जयपुर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को गोपाष्टमी के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री निवास पर सपत्नीक गौपूजन किया और प्रदेश की खुशहाली, समृद्धि तथा कल्याण की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने तिलक लगाकर गौमाता को पुष्प अर्पित किए, माला पहनाई और गुड़ खिलाकर श्रद्धा प्रकट की। मुख्यमंत्री ने गौमाता को वस्त्र भी अर्पित किए। मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि गोपाष्टमी केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति की आत्मा और सनातन परंपरा की अमर धरोहर है। उन्होंने कहा कि गौमाता के प्रति श्रद्धा, सेवा और संरक्षण की भावना हमारे संस्कारों में रची-बसी है। यह पर्व पशु-सेवा, पर्यावरण-संरक्षण और संवेदनशीलता का संदेश देता है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार गौसंवर्धन और गौशालाओं के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। गौशालाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने, गोवंश के पालन-पोषण की सुविधाएं बढ़ाने और गौपालकों को प्रोत्साहन देने के लिए कई योजनाएं लागू की जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि गौमाता केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था और पर्यावरणीय संतुलन की आधारशिला हैं। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे गौसेवा को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सजग रहें। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने गौमाता की आरती उतारी और उपस्थित जनों के साथ ‘गौमाता की जय’ के जयकारे लगाए। उन्होंने सभी से गौसंवर्धन का संकल्प लेने और समाज में दया, सेवा और सहयोग की भावना फैलाने का आह्वान किया।  पूजा में मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी गीता शर्मा सहित परिवारजन और अधिकारियों ने भी सहभागिता की।

विजय शर्मा का कांग्रेस पर वार – बोले, संगठन सृजन नहीं ‘इटली संचालन’ कर रही पार्टी, पीएम मोदी कराएंगे गृह प्रवेश

रायपुर प्रधानमंत्री आवास को लेकर गृह मंत्री विजय शर्मा का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा, विगत सरकार ने 18 लाख आवास रोक कर रखा था, हमारी सरकार के आते ही कैबिनेट की पहली बैठक में इसे स्वीकृत किया। हम रोज 18 हजार आवास बना रहे हैं। पिछली बार जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिलासपुर आए थे तब उन्होंने प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत तीन लाख लोगों को गृह प्रवेश कराया था, इस बार यह संख्या और बड़ी होगी. कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा, कांग्रेस दिल्ली से नहीं इटली से चलने वाली पार्टी है, रिमोट से चलने वाले लोग हैं। घुसपैठियों को लेकर कांग्रेस नेता सुशील आनंद शुक्ला ने कहा था कि घुसपैठिए भाजपा के प्रिय हैं, वो प्रदेश में आए तो उन पर कार्रवाई होनी चाहिए। छत्तीसगढ़ में इतने घुसपैठिए कहां से आए इसका जवाब सरकार को देना चाहिए। कांग्रेस के इस आरोप पर गृह मंत्री शर्मा ने कहा, जो घुसपैठिये इनके प्रिय होते हैं उन्हें वह लाते हैं, मैंने देखा है कि रायपुर में जिनका नाम था वे कवर्धा में अपना नाम जुड़वा लिए। घुसपैठियों के माध्यम से कांग्रेस वोट बैंक बनाने का प्रयास करती है।

ट्रंप का बड़ा ऐलान: अमेरिका करेगा परमाणु विस्फोट की तैयारी, बोले— अब कोई हमें चुनौती नहीं दे सकता

वाशिंगटन   अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया है कि उनका देश तीन दशकों में पहली बार परमाणु हथियारों का परीक्षण फिर से शुरू कर सकता है। साथ ही उन्होंने कहा कि यह परीक्षण रूस और चीन के ‘‘समान स्तर'' पर किया जाएगा। ट्रंप ने अपने बयान में अमेरिकी नीति में संभावित बड़े बदलाव की बहुत कम जानकारियां दी हैं। ट्रंप ने यह घोषणा बृहस्पतिवार को दक्षिण कोरिया में चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग से मुलाकात से कुछ मिनट पहले अपने सोशल मीडिया मंच ‘ट्रुथ सोशल' पर की। अमेरिकी सेना पहले से ही परमाणु मुखास्त्र ले जाने में सक्षम मिसाइलों के परीक्षण करती रही है, लेकिन 1992 से अमेरिका ने परमाणु विस्फोट परीक्षणों पर रोक लगा रखी है। राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि अब बदलाव जरूरी है क्योंकि अन्य देश हथियारों का परीक्षण कर रहे हैं। हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि वह किन देशों की बात कर रहे हैं, लेकिन यह बयान शीत युद्ध काल जैसी परमाणु होड़ की याद दिलाता है।   उन्होंने कहा, ‘‘अन्य देशों के परीक्षण कार्यक्रमों के कारण मैंने युद्ध विभाग को निर्देश दिया है कि हमारे परमाणु हथियारों का समान स्तर पर परीक्षण शुरू करें। यह प्रक्रिया जल्द शुरू होगी।'' अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय व्हाइट हाउस ने इस बयान पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी। अमेरिकी रक्षा मंत्रालय के मुख्यालय पेंटागन के अधिकारियों ने भी परमाणु मिसाइल परीक्षणों पर ट्रंप की घोषणा पर सवालों का जवाब नहीं दिया।   

मौसम में बदलाव को ध्यान में रखते हुए पंजाब के सभी स्कूलों का बदला समय

चंडीगढ़ पंजाब सरकार ने मौसम में बदलाव और विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए राज्य के सभी स्कूलों के समय में बदलाव किया है। ताज़ा जानकारी के अनुसार, स्कूलों के समय में बदलाव संबंधी आदेश 1 नवंबर से लागू होंगे। सरकार के नए निर्देशों के मुताबिक, प्राथमिक स्कूल सुबह 9:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक चलेंगे। वहीं मिडल और सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में कक्षाएं सुबह 9:00 से दोपहर 3:20 बजे तक लगेंगी। बता दें कि उक्त आदेश 20 फरवरी 2026 तक लागू रहेंगे।  

भीषण सड़क हादसा: बेकाबू कार की टक्कर में तीन की मौत, आरोपी ड्राइवर फरार

रायगढ़ छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में भीषण सड़क हादसे में दो युवक और एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई. यह घटना कापू थाना क्षेत्र में धरमजयगढ़ कापू मार्ग चाल्हा मोड़ पर हुई. हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची है और आगे की कार्रवाई में जुटी है. जानकारी के मुताबिक, तेज रफ्तार कार पहले बाइक को टक्कर मारी, फिर सड़क पर पैदल चल रही ग्रामीण महिला को रौंदा. हादसे में तीनों की मौत हो गई. वहीं कार चालक गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया. घटना की सूचना पर कापू पुलिस मौके पर पहुंची है.

बिहार मिशन तेज़ी पर — कांग्रेस ने बनाया रोडमैप, भाजपा इलाके कैसे तोड़ेगी?

पटना  बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की तारीख नजदीक आते ही कांग्रेस ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी अब खुद मोर्चा संभालेंगे। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, दोनों नेता मिलकर राज्य के अलग-अलग इलाकों में 15 रैलियां करेंगे। इन रैलियों के जरिए कांग्रेस मतदाताओं के दिल तक पहुंचने की कोशिश करेगी और महागठबंधन के पक्ष में हवा बनाने का प्रयास करेगी। साथ ही कमजोर इलाकों में पार्टी के प्रति माहौल बनाने की कोशिश भी करेंगे। राहुल गांधी ने बुधवार को मुजफ्फरपुर और दरभंगा से अपने चुनाव अभियान की शुरुआत की। मंच पर उनके साथ तेजस्वी यादव भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने एनडीए सरकार पर तीखे हमले किए और जनता से भ्रष्ट और सांप्रदायिक ताकतों को उखाड़ फेंकने की अपील की। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता केसी वेणुगोपाल ने सोशल मीडिया पर लिखा, “सकरा और दरभंगा की रैलियों ने चुनावी माहौल गरमा दिया है, जनता बदलाव चाहती है।” प्रियंका गांधी करेंगी जनसंवाद की शुरुआत प्रियंका गांधी फिलहाल वायनाड में हैं लेकिन इस हफ्ते के अंत तक बिहार पहुंचेंगी। उनके लिए भी कई बड़ी सभाएं तय की गई हैं। बताया जा रहा है कि वो महिला मतदाताओं और युवाओं पर खास ध्यान देंगी। कांग्रेस चाहती है कि प्रियंका की रैलियों से चुनावी अभियान में नई ऊर्जा आए और महिलाओं के मुद्दे चर्चा में लौटें। खड़गे और बड़े नेता भी होंगे सक्रिय कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे हाल ही में मेडिकल प्रक्रिया से गुजरे हैं, लेकिन वो भी बिहार में तीन रैलियों और कुछ प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। पार्टी के अन्य बड़े चेहरे जैसे सोनिया गांधी, अशोक गहलोत, भूपेश बघेल, सचिन पायलट और पप्पू यादव भी प्रचार में शामिल होंगे। गौरतलब है कि बिहार में 6 और 11 नवंबर को वोटिंग होगी, जबकि नतीजे 14 नवंबर को आएंगे। महागठबंधन की ओर से तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री पद के चेहरे हैं। कांग्रेस को उम्मीद है कि गांधी परिवार की सक्रियता से मतदाताओं के बीच पार्टी की पकड़ मजबूत होगी और गठबंधन को बढ़त मिलेगी।  

पुराना वादा, नया बवाल: फडणवीस सरकार के खिलाफ हाईवे पर उमड़े हजारों किसान

मुंबई  महाराष्ट्र में कृषि ऋण माफी की मांग को लेकर जारी आंदोलन महायुति सरकार की मुश्किलें बढ़ा सकता है। दरअसल, राज्य सरकार ने चुनाव से पहले किसानों से कर्ज माफी का वादा किया था। फिलहाल, इसे लेकर कोई सहमति नहीं बन सकी है। कडू ने कहा कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से गुरुवार को मुलाकात के बाद आगे की रणनीति तय की जाएगी। कडू ने बुधवार शाम कहा कि प्रदर्शनकारी राष्ट्रीय राजमार्ग खाली कर पास के मैदान में चले जाएंगे। यह घटनाक्रम उस समय सामने आया जब मुंबई उच्च न्यायालय ने नागपुर शहर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 44 को अवरुद्ध कर रहे प्रदर्शनकारियों को शाम छह बजे तक स्थल खाली करने का निर्देश दिया। इसके बाद मंत्री पंकज भोयर और आशीष जायसवाल ने प्रदर्शनकारियों के साथ बातचीत की। भोयर ने प्रदर्शनकारियों को बताया कि वे मुख्यमंत्री का संदेश लेकर आए हैं, जिसमें उन्हें मुंबई आकर चर्चा करने के लिए कहा गया है। हाईवे खाली कर मैदान में जाने का वादा मंत्रियों और प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे पूर्व विधायक बच्चू कडू, किसान नेता राजू शेट्टी तथा अन्य किसानों के बीच लंबी बातचीत के बाद कडू ने मीडिया और किसानों को बताया कि वे राष्ट्रीय राजमार्ग (जिसे नागपुर-वार्धा रोड भी कहा जाता है) खाली कर पास के मैदान में चले जाएंगे। उन्होंने कहा कि आंदोलन की आगे की रूपरेखा मुख्यमंत्री फडणवीस से गुरुवार को मुंबई में होने वाली बैठक के बाद तय की जाएगी। कोर्ट ने जताई थी आपत्ति न्यायमूर्ति रजनीश व्यास की एक अवकाशकालीन पीठ ने मीडिया की खबरों से इस मुद्दे पर स्वतः संज्ञान लिया और कहा था कि कडू और उनके समर्थक बिना अनुमति के आंदोलन जारी रखे हुए हैं। अदालत ने कहा कि प्रदर्शनकारियों के अधिकार को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता, लेकिन तथ्य यह है कि एक सार्वजनिक सड़क, विशेष रूप से एक राष्ट्रीय राजमार्ग, प्रदर्शनकारियों द्वारा अवरुद्ध किया गया है, जो निश्चित रूप से भारत के पूरे क्षेत्र में स्वतंत्र रूप से घूमने के नागरिकों के मौलिक अधिकार का उल्लंघन करता है। अदालत ने कहा, 'ऐसी स्थिति में न्यायपालिका की भूमिका सक्रिय प्रकृति की होनी चाहिए, क्योंकि वह हमारे संविधान के तहत प्रदत्त मौलिक अधिकारों की रक्षक है।' महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री ओमप्रकाश उर्फ ​​बच्चू कडू के नेतृत्व में बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी ‘महा एल्गार मोर्चा’ में शामिल हो रहे हैं। उच्च न्यायालय ने बुधवार को कहा कि 26 अक्टूबर को पुलिस ने कडू को 28 अक्टूबर को नागपुर के मौजा परसोडी में केवल एक दिन के लिए आंदोलन करने की अनुमति दी थी। उच्च न्यायालय ने कहा, 'प्रथमदृष्टया यह स्पष्ट है कि बिना किसी अनुमति के आंदोलन/विरोध अब भी जारी है और आम जनता के सामने समस्याएं बढ़ गई हैं।' पीठ ने कडू को आदेश दिया कि वह और उनके समर्थक तुरंत आंदोलन स्थल से हट जाएं। उच्च न्यायालय ने कहा कि लोगों के हटने का काम शांतिपूर्ण तरीके से होना चाहिए, जिससे कानून-व्यवस्था और सार्वजनिक शांति में कोई व्यवधान उत्पन्न न हो। तो पुलिस करेगी कार्रवाई इसने कहा कि यदि सार्वजनिक संपत्ति को कोई नुकसान पहुंचाया जाता है तो कडू और उनके समर्थकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अदालत ने कहा कि यदि कडू और प्रदर्शनकारी सड़कों और अन्य सार्वजनिक स्थानों से नहीं हटते हैं, जहां प्रदर्शन जारी है, तो पुलिस अधिकारियों को प्रदर्शनकारियों को हटाने और यातायात को सामान्य स्थिति में लाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया जाता है। पीठ ने नागपुर शहर के पुलिस आयुक्त को गुरुवार सुबह अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। इसने कहा कि यदि विरोध प्रदर्शन में कोई विशेष रूप से सक्षम व्यक्ति मौजूद है तो उसे सम्मानपूर्वक हटाया जायेगा। न्यायमूर्ति व्यास ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 44, जिसे आमतौर पर वर्धा रोड कहा जाता है, पर यातायात अवरुद्ध होने के कारण आम जनता को अत्यधिक असुविधा का सामना करना पड़ा, क्योंकि पूर्व विधायक ओमप्रकाश उर्फ ​​बच्चू कडू के नेतृत्व में ऋण माफी की मांग को लेकर 10,000 से अधिक प्रदर्शनकारियों ने आंदोलन/विरोध प्रदर्शन किया था। अदालत ने कहा कि प्रदर्शन के कारण 20 किलोमीटर तक यातायात जाम हो गया है और यहां तक ​​कि एम्बुलेंस और पुलिस वाहनों की भी आवाजाही नहीं हो पा रही हैं। इसने कहा कि नागपुर हवाई अड्डा उसी राजमार्ग पर स्थित है जिसका इस्तेमाल राष्ट्रीय कैंसर संस्थान तक पहुंचने के लिए भी किया जाता है। अदालत ने कहा कि एक अस्पताल और कई स्कूल राजमार्ग पर स्थित हैं और यह मुंबई-नागपुर समृद्धि एक्सप्रेसवे से जुड़ा हुआ है। सुनवाई के दौरान सरकार का प्रतिनिधित्व अधिवक्ता देवेंद्र चौहान ने किया। हाईकोर्ट के फैसले पर कडू ने कहा, 'हम उच्च न्यायालय का अपमान नहीं करना चाहते, लेकिन हर रोज 12 किसान आत्महत्या कर रहे हैं। हम इंतजार कर रहे हैं कि न्यायालय इसका संज्ञान ले, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इसके बजाए हम देख रहे हैं कि हाईकोर्ट ने एक दिन में फैसला दे दिया…। हम हमारी जगह पर रहेंगे। पुलिस हम सभी को गिरफ्तार कर सकती है।'

हॉस्टल में छात्र ने की आत्महत्या, छठी कक्षा के सुनील की मौत ने उठाए कई सवाल

जगदलपुर दंतेवाड़ा जिले के बारसूर थाना क्षेत्र में स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां कक्षा 6 के एक 11 वर्षीय छात्र ने अपने हॉस्टल के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, मृतक छात्र सुनील पोड़ियामी, जो कि गाटम, दंतेवाड़ा का रहने वाला था, गुरुवार की सुबह अपने हॉस्टल के कमरे में मृत पाया गया। उसके साथ रहने वाले अन्य छात्रों ने उसे पंखे से लटका हुआ देखा तो तत्काल रस्सी काटकर उसे बचाने का प्रयास किया और बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आरके बर्मन ने बताया कि फिलहाल छात्र के पास से कोई भी सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस हॉस्टल के अन्य छात्रों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके। साथ ही, मृतक छात्र के परिजनों को भी सूचित कर दिया गया है और उनसे भी घटना के संबंध में जानकारी ली जा रही है। छात्रों में भय का माहौल: इस दुखद घटना के बाद से हॉस्टल में छात्रों के बीच भय और दहशत का माहौल है। सभी छात्र सहमे हुए हैं और इस घटना से आहत हैं। स्कूल प्रशासन ने भी छात्रों को ढांढस बंधाने और किसी भी तरह की परेशानी से निपटने के लिए प्रयास शुरू कर दिए हैं। सुनील पोड़ियामी ने किस अज्ञात कारण से यह खौफनाक कदम उठाया, यह अभी एक पहेली बनी हुई है। पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है।

2 नवंबर तक पंजाब में बारिश और ठंड की दस्तक, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

पंजाब  पंजाब के मौसम में बदलाव आना शुरू हो गया है। ठंड ने धीरे-धीरे दस्तक देनी शुरू कर दी है। वहीं मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए बड़ी भविष्यवाणी की है। मौसम विभाग की जानकारी के अनुसार आज से लेकर 2 नवंबर तक पंजाब में मौसम पूरी तरह साफ और शुष्क रहेगा। राज्य में बारिश की कोई संभावना नहीं है।   मौसम विभाग ने आज से 2 नवंबर तक की जानकारी साझा की है, जिसमें पूरे सप्ताह मौसम साफ रहने के आसार बताए गए हैं। 2 नवंबर के बाद मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा और ठंड में और बढ़ोतरी होगी। विभाग के अनुसार इस सप्ताह अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा। हालांकि इसके बाद ठंड बढ़ने की संभावना है। इसके अलावा पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव आ सकता है। वहीं केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा जारी किए गए बुलेटिन के मुताबिक जालंधर में सबसे खराब एयर क्वालिटी इंडेक्स 209 दर्ज किया गया। खन्ना का एयर क्वालिटी इंडेक्स 190, लुधियाना का 125 और मंडी गोबिंदगढ़ का 186 है।