samacharsecretary.com

मौसम अलर्ट! पंजाब में ओले गिरे, इन इलाकों में सतर्क रहने की अपील

पंजाब  मौसम में अचानक बदलाव से शाम करीब साढ़े 5 बजे तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई और कुछ देर में कई इलाकों में ओलावृष्टि होने लगी। इससे जहां ठंडक का अहसास हुआ, वहीं धुएं की मोटी परत ने शहर को दिन भर अपनी चपेट में रखा।   वहीं मौसम विभाग के अनुसार यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के कारण हुआ है। शाम को अचानक हुई बारिश से खेतों में नमी बढ़ गई है, जिसका कपास और गेहूं की फसलों पर मिला-जुला असर पड़ेगा। यह बारिश उन किसानों के लिए लाभदायक साबित हुई, जिन्होंने हाल ही में कपास की कटाई पूरी की थी, क्योंकि हवा में नमी होने से अगली फसल की तैयारी आसान हो जाएगी।  इस बीच ओलावृष्टि से कपास के खेतों को नुक्सान पहुंचने की आशंका है, जहां अभी भी कपास की कटाई हो रही है। कुछ इलाकों में फलियों और कपास पर ओलों के निशान दिखाई दे रहे हैं। पर्यावरण विशेषज्ञों का कहना है कि इस बारिश से धुंध कुछ हद तक छंटेगी और हवा की गुणवत्ता में सुधार होगा। पिछले कुछ दिनों से बठिंडा, मानसा और फिरोजपुर इलाकों में पराली जलाने, वाहनों से होने वाले प्रदूषण और ठंडी हवाओं की कमी के कारण हवा की गुणवत्ता बेहद खराब बनी हुई है, ऐसे में इन शहरों के लोगों को घर से बाहर निकलने से पहले मुंह ढक कर जाने की अपील की गई है।  

लंबे इंतज़ार के बाद फिर मैदान में दिखेंगे ऋषभ पंत, टेस्ट सीरीज में शामिल

मुंबई  विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत की वापसी भारतीय टेस्ट टीम में तय मानी जा रही है। वह दक्षिण अफ्रीका के ख़लिाफ 14 नवंबर से कोलकाता में शुरू हो रही दो मैचों की सीरीज के लिए चयनित होने वाले हैं। चयन बैठक बुधवार को हुई और पंत का एन. जगदीशन की जगह चयन होना लगभग तय है। पंत ने वेस्टइंडीज के ख़लिाफ पिछली टेस्ट सीरीज मिस की थी, क्योंकि वह इंग्लैंड के खिलाफ जुलाई में मैनचेस्टर में खेले गए चौथे टेस्ट के दौरान लगी पैर की चोट से उबर रहे थे।  उन्होंने पिछले हफ्ते बेंगलुरु के BCCI सेंटर ऑफ एक्सिलेंस में दक्षिण अफ्रीका ए के खिलाफ पहले चार दिवसीय मैच में भारत ए को जीत दिलाकर अपनी फिटनेस साबित की। पंत ने दूसरी पारी में 90 रन बनाए और भारत ए ने 275 रन का लक्ष्य हासिल किया। भारत के टेस्ट कप्तान शुभमन गिल, जसप्रीत बुमराह, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर इस समय ऑस्ट्रेलिया में टी20 सीरीज खेल रहे हैं। यह पांच मैचों की सीरीज 8 नवंबर को खत्म होगी, जिसके बाद वे टेस्ट टीम से जुड़ेंगे।  कुलदीप यादव को टी20 टीम से तीसरे मैच के बाद होबार्ट में रिलीज किया गया ताकि वह टेस्ट सीरीज की तैयारी के लिए भारत ए के दूसरे चार दिवसीय मैच में भाग ले सकें, जो 6 नवंबर से शुरू हो रहा है। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच दो टेस्ट खेले जाएंगे। पहला 14 नवंबर से कोलकाता में और दूसरा 22 नवंबर से गुवाहाटी में, जहां पहली बार टेस्ट क्रिकेट का आयोजन होगा। भारत इस समय वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप तालिका में 61.90 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है, जबकि दक्षिण अफ्रीका 50 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर है। हाल ही में उन्होंने पाकिस्तान में सीरीज 1-1 से ड्रॉ की थी।   

झारखंड कक्षपाल भर्ती 2025: युवाओं के लिए बड़ी राहत, दौड़ के नए नियम लागू

रांची झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की ओर से निकाली गई जेल वार्डर ( कक्षपाल ) के 1733 पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 7 नवंबर 2025 से शुरू होगी। झारखण्ड कक्षपाल प्रतियोगिता परीक्षा 2025 के लिए उम्मीदवार jssc.jharkhand.gov.in पर जाकर एप्लाई कर सकेंगे एप्लाई करने की लास्ट डेट 8 दिसंबर 2025 तय की गई है। 10 दिसंबर 2025 की मध्य रात्रि तक परीक्षा शुल्क भुगतान तथा फोटो एवं हस्ताक्षर अपलोड कर आवेदन पत्र का प्रिंटआउट लेने के लिए लिंक उपलब्ध रहेगा। 11 दिसंबर 2025 से 13 दिसंबर 2025 के मध्य रात्रि तक ऑनलाइन आवेदन पत्र में अभ्यर्थी के नाम, जन्म तिथि, ईमेल आईडी एवं मोबाइल संख्या को छोड़कर किसी भी गलत एंट्री को संशोधित करने के लिए फिर से लिंक उपलब्ध करायी जायेगी। नियुक्ति की कार्रवाई झारखंड राज्य की पुलिस, कक्षपाल, सिपाही (गृह रक्षा वाहिनी), उत्पाद सिपाही संयुक्त भर्ती नियमावली-2025 के तहत की जाएगी। फिजिकल टेस्ट के नियम हुए आसान शारीरिक परीक्षा के तहत अभ्यर्थियों के लिए दौड़ का आयोजन होगा। दौड़ प्रक्रिया को पहले से काफी सरल करते हुए दूरी को घटाया गया है। बता दें कि बीते मार्च माह में हुई कैबिनेट बैठक में पुलिस, कक्षपाल, सिपाही और उत्पाद सिपाही नियुक्ति के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा में बदलाव किया गया है। पुरुष अभ्यर्थियों को 06 मिनट में 1600 मीटर दौड़ पूरी करनी होगी। पहले यह दौड़ 10 किमी की होती थी। वहीं, महिला अभ्यर्थियों को 10 मिनट में 1600 मीटर की दौड़ पूरी करनी होगी। पहले महिलाओं को 06 किलोमीटर की दौड़ लगानी पड़ती थी। कक्षपाल भर्ती की वैकेंसी डिटेल्स रिक्तियों में 1634 पद पुरुषों और 64 पद महिलाओं के लिए हैं। पुरुषों में 165 पद भूतपूर्व सैनिकों के लिए, 413 होमगार्ड के लिए और शेष 1056 अन्य अभ्यर्थियों के लिए हैं। कक्षपाल भर्ती योग्यता – 10वीं पास। आयु सीमा – 18 वर्ष से 25 वर्ष। अधिकतम आयु सीमा में अत्यंत पिछड़ा वर्ग के पुरुषों को दो वर्ष, अनारक्षित, अत्यंत पिछड़ा वर्ग, ईडब्ल्यूएस वर्गों की महिलाओं को 3 वर्ष, एससी एसटी पुरुष व महिलाओं को 5 वर्ष की छूट मिलेगी। कद काठी कितनी हो पुरुष अनारक्षित, ईडब्ल्यूएस, अत्यंत पिछड़ा वर्ग – लंबाई कम से कम 160 सेमी, सीना फुलाकर कम से कम 81 सेमी हो। एससी व एसटी – लंबाई कम से कम 155 सेमी, सीना फुलाकर कम से कम 79 सेमी हो। महिलाओं के लिए लंबाई कम से कम 148 सेमी हो। चयन – सबसे पहले शारीरिक मापदंड व शारीरिक दक्षता परीक्षा होगी। इसमें सफल अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा। इसके बाद मेडिकल जांच होगी। वेतन – लेवल -2 (19900 – 63200 रुपये) आवेदन फीस – 100 रुपये राज्य के एससी व एसटी के लिए – 50 रुपये झारखंड सहायक कारापाल प्रतियोगिता परीक्षा झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने झारखंड सहायक कारापाल प्रतियोगिता परीक्षा 2025 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इसके जरिए राज्य में सहायक कारापाल ( JSSC Assistant Jailor Vacancy ) के 42 पदों पर भर्ती होगी। इच्छुक अभ्यर्थी jssc.jharkhand.gov.in पर जाकर 7 नवंबर से 8 दिसंबर 2025 तक आवेदन कर सकेंगे। 11 दिसंबर से 13 दिसंबर के बीच एप्लीकेशन फॉर्म में करेक्शन कर सकेंगे। चयनितों को पे मैट्रिक्स लेवल-5 29200 – 92300 का वेतनमान मिलेगा। लिखित परीक्षा, शारीरिक दक्षता परीक्षण और चिकित्सकीय परीक्षण के आधार पर चयन करेगा। कारपाल के अलावा कक्षपाल के 1700 से ज्यादा पदों पर भी भर्ती निकाली गई है। इसकी डिटेल्स आप नीचे दिए गए लिंक से देख सकते हैं। शैक्षणिक योग्यता: मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक या समकक्ष डिग्री कद काठी कितनी हो पुरुष अनारक्षित, ईडब्ल्यूएस, अत्यंत पिछड़ा वर्ग – लंबाई कम से कम 160 सेमी, सीना फुलाकर कम से कम 81 सेमी हो। एससी व एसटी – लंबाई कम से कम 155 सेमी, सीना फुलाकर कम से कम 79 सेमी हो। महिलाओं के लिए लंबाई कम से कम 148 सेमी हो। फिजिकल टेस्ट पुरुष अभ्यर्थियों को 06 मिनट में 1600 मीटर दौड़ पूरी करनी होगी। महिला अभ्यर्थियों को 10 मिनट में 1600 मीटर की दौड़ पूरी करनी होगी। चयन – शारीरिक दक्षता परीक्षा, लिखित परीक्षा, मेडिकल टेस्ट। लिखित परीक्षा का स्वरूप एवं पाठ्यक्रम :- (क) परीक्षा दो चरणों में ली जायेगी – प्रारंभिक परीक्षा एवं मुख्य परीक्षा। परन्तु शारीरिक क्षमता परीक्षा में 50,000 (पचास हजार) से कम अभ्यर्थियों के सफल रहने पर सामान्यतः प्रारंभिक परीक्षा नहीं ली जायेगी। 50,000 की अधिकतम सीमा से अधिक अभ्यर्थी रहने की स्थिति में भी विभिन्न परिस्थितियों के आधार पर सीधी मुख्य परीक्षा आयोजित करने के संबंध में आयोग निर्णय ले सकेगा। (ख) परीक्षा में सभी प्रश्न वस्तुनिष्ठ एवं बहुविकल्पीय उत्तर आधारित होंगे। एक प्रश्न का पूर्णांक 3 (तीन) होगा। प्रत्येक सही उत्तर के लिए 3 (तीन) अंक दिये जायेंगे तथा प्रत्येक गलत उत्तर के लिए 1 (एक) अंक की कटौती की जायेगी। (ग) भाषा विषयों को छोड़कर अन्य विषयों के प्रश्न हिन्दी एवं अंग्रेजी भाषा में होंगे। (घ) प्रारंभिक परीक्षा का पाठ्यक्रम – सामान्य ज्ञान से संबंधित निम्नलिखित विषयों से संबंधित बहुविकल्पीय उत्तर आधारित प्रश्न पूछे जायेंगे। परीक्षा की अवधि दो घंटों की होगी। (i) सामान्य अध्ययन – 30 प्रश्न (ii) झारखण्ड राज्य से संबंधित ज्ञान – 60 प्रश्न (iii) सामान्य गणित – 10 प्रश्न (iv) सामान्य विज्ञान – 10 प्रश्न (v) मानसिक क्षमता जाँच – 10 प्रश्न कुल – 120 प्रश्न  

लोकतंत्र का पर्व सहरसा में जोरों पर: दो सीटों पर 1 घंटे पहले थमेगा मतदान

सहरसा बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण का प्रचार थमने के साथ ही सहरसा जिले में मतदान की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी दीपेश कुमार और पुलिस अधीक्षक हिमांशु ने समाहरणालय के सभा कक्ष में संयुक्त रूप से प्रेस वार्ता कर विस्तृत जानकारी दी। डीएम ने बताया कि जिले की चार विधानसभा सीटों 74 सोनवर्षा, 75 सहरसा, 76 सिमरी बख्तियारपुर और 77 महिषी पर 6 नवंबर, गुरुवार को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। हालांकि, सिमरी बख्तियारपुर और महिषी विधानसभा क्षेत्रों में भौगोलिक स्थिति को देखते हुए मतदान शाम 5 बजे तक ही कराया जाएगा। मतगणना 14 नवंबर, शुक्रवार को होगी। सहरसा जिले में कुल 12 लाख 96 हजार 74 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 6 लाख 79 हजार 117 पुरुष, 6 लाख 16 हजार 875 महिला और 22 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। मतदान के लिए कुल 1566 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। सोनवर्षा विधानसभा में 6 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, जहां 358 मतदान केंद्रों पर 3 लाख 1 हजार 868 मतदाता मतदान करेंगे। सहरसा विधानसभा में 10 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं और यहां 437 मतदान केंद्रों पर 3 लाख 69 हजार 912 मतदाता वोट डालेंगे। सिमरी बख्तियारपुर विधानसभा में 15 उम्मीदवार मैदान में हैं और यहां 410 मतदान केंद्रों पर 3 लाख 36 हजार 625 मतदाता मतदान करेंगे। इस क्षेत्र में पूर्वी कोसी तटबंध के अंदर 35 लोकेशन पर 69 मतदान केंद्र हैं, जहां भौगोलिक स्थिति के कारण मतदान शाम 5 बजे तक ही होगा। महिषी विधानसभा में 14 प्रत्याशी मैदान में हैं और यहां 361 मतदान केंद्रों पर 2 लाख 87 हजार 669 मतदाता मतदान करेंगे। महिषी क्षेत्र में भी पूर्वी कोसी तटबंध के अंदर 46 मतदान केंद्र हैं, जो कठिन भूगोल वाले क्षेत्र में स्थित हैं और यहां भी मतदान शाम 5 बजे तक ही होगा। दोनों तटबंध वाले क्षेत्रों में मतदान कर्मियों और सामग्री के आवागमन के लिए जीपीएस युक्त नावों और ट्रैक्टरों की व्यवस्था की गई है। डीएम ने बताया कि सोनवर्षा और महिषी विधानसभा क्षेत्रों के ईवीएम डिस्पैच, संग्रहण और मतगणना केंद्र के रूप में रमेश झा महिला महाविद्यालय को चुना गया है। सोनवर्षा के विभागीय जांच अधिकारी अपर समाहर्ता गणेश कुमार और महिषी के विभागीय अधिकारी अपर समाहर्ता मृत्युंजय कुमार होंगे। सहरसा विधानसभा का मतगणना केंद्र सहरसा जिला स्कूल में रहेगा, जिसके प्रभारी अपर समाहर्ता संजीव चौधरी होंगे। वहीं, सिमरी बख्तियारपुर का मतगणना केंद्र राजकीय कन्या उच्च विद्यालय सहरसा में बनाया गया है, जिसके अधिकारी उप विकास आयुक्त संजय कुमार निराला होंगे। डीएम ने बताया कि आदर्श आचार संहिता उल्लंघन का एक मामला जन सुराज पार्टी के निर्वाचन अभिकर्ता पर दर्ज किया गया है। सहरसा जिले में 3092 मतदान कर्मियों ने डाक मतपत्र के माध्यम से मतदान किया है। चुनावी सख्ती के तहत अब तक 40 लाख 39 हजार 490 रुपये नकद और 11,153.525 लीटर अवैध शराब जब्त की गई है, जिसकी कीमत करीब 36 लाख 72 हजार रुपये है। पुलिस अधीक्षक हिमांशु ने बताया कि शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान के लिए 53 कंपनियां CAPF, 2 कंपनियां BSAP, 1500 पुलिसकर्मी और पदाधिकारी, तथा 2400 होमगार्ड जवान तैनात किए गए हैं। कोसी तटबंध के भीतर स्थित 105 मतदान केंद्रों तक पहुंचने के लिए मतदान कर्मियों को जीपीएस युक्त नावों और ट्रैक्टरों की सुविधा दी गई है। इन मतदान केंद्रों पर 15 क्लस्टर पॉइंट बनाए गए हैं, जहां जनरेटर और प्रकाश की व्यवस्था भी की गई है। रात में नावों को आसानी से पहचानने के लिए रेडियम लाइट स्ट्रिप लगाई गई है। इसके अलावा, दुर्गम इलाकों में मतदान कर्मियों की मदद के लिए 8 SDRF टीम तैनात की गई हैं। सभी मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है। इस बार जिले में 12 मॉडल मतदान केंद्र, 11 यूथ केंद्र, 15 वीमेन केंद्र, और 4 पीडब्लूडी केंद्र बनाए गए हैं। जिले में 6932 पोलिंग अधिकारी और 177 माइक्रो ऑब्जर्वर तैनात रहेंगे। सभी मतदान केंद्रों पर पुरुष और महिला के लिए अलग-अलग शौचालय, स्वच्छ पेयजल, बिजली, और रैंप की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। दिव्यांग मतदाताओं के लिए 794 व्हीलचेयर और स्वयंसेवकों की सहायता का प्रावधान किया गया है। डीएम ने बताया कि सक्षम ऐप के माध्यम से पंजीकृत दिव्यांग मतदाताओं को मतदान के दिन वाहन सुविधा भी दी जाएगी, ताकि वे आसानी से मतदान केंद्र तक पहुंच सकें।

यूपी के मुख्यमंत्री ने सासाराम विधानसभा क्षेत्र से एनडीए प्रत्याशी स्नेहलता कुशवाहा के पक्ष में की जनसभा

सासाराम, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी,  नीतीश कुमार, उपेंद्र कुशवाहा, जीतनराम मांझी और चिराग पासवान को पांडव की संज्ञा दी। उन्होंने कहा कि 1990 से 2005 के बीच राजद ने बिहार में जंगलराज लाया था, लेकिन पीएम मोदी व नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए सरकार बिहार का विकास कर रही है। देश का उत्थान करते हुए भारत को वैश्विक महाशक्ति के रूप में स्थापित किया जा रहा है। पांच पांडव (मोदी, नीतीश कुमार, उपेंद्र कुशवाहा, जीतनराम मांझी और चिराग पासवान) के नेतृत्व में मजबूत गठबंधन एनडीए के रूप में संकल्प लेकर बढ़ा है कि बिहार में फिर से जंगलराज नहीं आने देना है। सीएम ने बिहार वासियों से अपील की कि जंगलराज के खिलाफ सुशासन की सुदृढ़ नींव पर मजबूत व समृद्ध बिहार के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ना है। उत्तर प्रदेश की व्यस्तताओं के बीच बुधवार को भी बिहार विधानसभा चुनाव में प्रचार किया। दूसरी रैली में सासाराम विधानसभा क्षेत्र से एनडीए उम्मीदवार स्नेहलता कुशवाहा के पक्ष में रैली की।सीएम ने यहां भी राजद-कांग्रेस गठबंधन पर करारा प्रहार भी किया। उन्होंने कार्तिक पूर्णिमा की शुभकामनाएं दीं। योगी का तंज- ठगी की दुकान खोलकर चुनाव के बहाने आपके बीच आए हैं महागठबंधन वाले सीएम ने वाराणसी के देव दीपावली का जिक्र करते हुए मिट्टी से बनने वाले दीप से प्रजापति समाज को लाभ होगा। इसमें लगे तेल का पैसा किसानों के पास जाएगा। पुजारी, माली,  कुम्हार समेत हर व्यक्ति इससे जुड़कर आस्था का सम्मान व रोजगार का सृजन कर रहा है। सीएम योगी ने मां जानकी के साथ ही बिहार के अनेक महापुरुषों का भी स्मरण किया। सीएम ने कहा कि बिहार की तरह सासाराम व रोहतास जनपद का भी गौरवशाली इतिहास रहा है, लेकिन कांग्रेस व राजद ने नागरिकों के सामने पहचान,  बहन-बेटियों, व्यापारियों व उद्यमियों के सामने सुरक्षा का संकट खड़ा किया था तो किसानों को आत्महत्या के लिए मजबूर कर दिया। आज जो लोग घोषणाएं कर रहे हैं, वह लोग महागठबंधन बनाकर ठगी की दुकान खोलकर चुनाव के बहाने आपके बीच आए हैं, इन्हें फिर से नहीं आने देना है। सीएम ने दिलाया विश्वास- वाराणसी में हुई घटना की कर रहे जांच, दोषियों पर करेंगे कड़ी कार्रवाई सीएम योगी ने कहा कि साल भर पहले यहां की बेटी परीक्षा की तैयारी की कोचिंग के लिए वाराणसी गई थी। उसके साथ दुखद घटना हुई,  हम उसकी जांच कर रहे हैं। एसआईटी गठित करेंगे और दोषियों को सख्त सजा देंगे। बेटी की सुरक्षा व सम्मान होगा। बेटी की सुरक्षा में सेंध लगाने वालों का यमराज के घर का टिकट कटवा देंगे। बिहार को भी त्रस्त करने वाले माफिया के आतंक को समाप्त किया और उसकी हवेली को धराशायी कराया सीएम योगी ने कहा कि एक माफिया ने बिहार को भी त्रस्त किया था। आजमगढ़, गाजीपुर, वाराणसी, लखनऊ तक उसका आतंक था। वह सपा और राजद का शागिर्द था। उसने लखनऊ में डीजीपी आवास के सामने गरीबों व सरकारी जमीन पर कब्जा कर महलनुमा आवास बना लिया था। सरकार बनी तो हमने पूछा कि सरकारी जमीन पर किसने कब्जा किया है। लोग नाम लेने से डरते थे। हमने जमीन कब्जा मुक्त कराई, उसकी हवेली को धराशायी कराया और वहां गरीबों के आवास बनवाए। आज सुबह वहां गरीबों को आवास उपलब्ध कराया। यह कार्य केवल एनडीए कर सकती है। यूपी में नौजवान मस्त और माफिया पस्त है सीएम योगी ने कहा कि एनडीए गठबंधन स्वर्णिम बिहार के लिए आप सभी का समर्थन मांगने आई है। यूपी व बिहार सांझी विरासत को लेकर बढ़ता है। श्रीराम व मां जानकी के अटूट संबंध जैसा ही यूपी व बिहार का संबंध इसी पवित्रता के साथ जुड़ा हुआ है। यूपी में कानून का राज, सबको सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन है। विकास, रोजगार सृजन, निवेश हो रहा है। यूपी में नौजवान मस्त है, माफिया पस्त है। यही बिहार के अंदर भी करना है।   11 वर्ष में पीएम मोदी ने भारत को दिलाई वैश्विक पहचान सीएम योगी ने केंद्र सरकार की योजनाएं भी गिनाईं। फिर कहाकि पिछले 20 वर्ष में नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार को आगे बढ़ते देखा है। आज रेल,  एयर, मेट्रो कनेक्टिविटी समेत इनलैंड वॉटरवे की कनेक्टिविटी बिहार होते हुए यूपी के काशी व प्रयागराज तक होने जा रही है। बिहार में अब विकास की हर योजनाएं हैं। 11 वर्ष में पीएम मोदी ने भारत को वैश्विक पहचान दिला दी। बिहार का व्यक्ति देश में कहीं भी चला जाए, यदि उसके पास राशन-आयुष्मान कार्ड है तो वह यूपी-एमपी, गुजरात में भी लाभ ले सकता है। यूपी में बनी भाजपा सरकार तो हमने कराया राम मंदिर का निर्माण सीएम योगी ने कहा कि मोदी सरकार ने गरीब कल्याणकारी योजनाओं को बढ़ाया तो विरासत का सम्मान भी किया है। योगी ने राजद व कांग्रेस के पार्टनर समाजवादी पार्टी के कारनामे पर भी चर्चा की। बोले कि कांग्रेस कहती थी कि राम हुए ही नहीं,  राजद ने राम मंदिर के रथ को रोक दिया और समाजवादी पार्टी ने रामभक्तों पर गोली चलाकर अयोध्या को लहुलूहान किया था। हम तब भी बोलते थे कि रामलला हम आएंगे, लाठी-गोली खाएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे। यूपी में भाजपा की डबल इंजन सरकार बनने के बाद राममंदिर बनने से कोई नहीं रोक पाया। सीतामढ़ी में भी मां जानकी का मंदिर भी बन रहा है। अयोध्या को सीतामढ़ी से जोड़ने के लिए 6155 करोड़ रुपये से कॉरिडोर बन रहा है। अयोध्या में भव्य राम मंदिर और काशी में काशी विश्वनाथ धाम का निर्माण का निर्माण हो गया।

राजनीति में ‘थलपति’ की एंट्री: विजय होंगे TVK के मुख्यमंत्री चेहरा

चेन्नई तमिल फिल्म अभिनेता और तमिलगा वेत्त्री कझगम (TVK) पार्टी के प्रमुख थलपति विजय को पार्टी ने 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनावों के लिए मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया है। साथ ही, उन्हें गठबंधन को लेकर अंतिम निर्णय लेने का अधिकार भी दिया गया है। महाबलीपुरम के एक निजी होटल में बुधवार को आयोजित टीवीके की विशेष महासभा की बैठक में यह फैसला सर्वसम्मति से लिया गया। बैठक में विजय अपने ट्रेडमार्क सफेद शर्ट और हल्की दाढ़ी वाले लुक में पहुंचे। बैठक के दौरान कुल 12 प्रस्ताव पारित किए गए, जिनमें तमिलनाडु की महिलाओं की सुरक्षा, श्रीलंकाई नौसेना द्वारा भारतीय मछुआरों की बार-बार गिरफ्तारी और मतदाता सूची की विशेष संशोधन प्रक्रिया (SIR) जैसे मुद्दे शामिल थे। करूर रैली में मारे गए 41 लोगों को दी श्रद्धांजलि टीवीके महासभा ने अपने प्रस्ताव में कहा विजय सभी वर्गों के लोगों द्वारा पसंद किए जाने वाले नेता हैं। उनके नेतृत्व में पार्टी 2026 के विधानसभा चुनावों में उतरेगी। उन्हें गठबंधन से जुड़ा हर निर्णय लेने का अधिकार दिया जाता है। बैठक की शुरुआत करूर रैली में हुए स्टांपेड हादसे में मारे गए 41 लोगों को श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर मृतकों को श्रद्धांजलि दी। साथ ही, एक प्रस्ताव में विजय और जनता को टीवीके आयोजनों के दौरान पर्याप्त पुलिस सुरक्षा देने की मांग की गई। रणनीतिक निर्णय सही समय पर लिए जाएंगे विजय ने बैठक में कहा कि वर्तमान राजनीतिक माहौल पार्टी के पक्ष में है, इसलिए आने वाले चुनावों को लेकर रणनीतिक निर्णय समय पर लिए जाएंगे। गौरतलब है कि टीवीके ने पहले ही घोषणा कर दी है कि वह 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनाव अपने दम पर लड़ेगी। विजय हाल के महीनों में राज्य की सत्तारूढ़ डीएमके सरकार पर तीखे हमले कर चुके हैं और जनता के बीच उनकी लोकप्रियता तेजी से बढ़ रही है।

ड्रेसिंग रूम में डर का माहौल! टीम से बाहर चल रही गेंदबाज ने बताया कप्तान का रवैया

नई दिल्ली बांग्लादेश की महिला क्रिकेट टीम से बाहर चल रहीं तेज गेंदबाज जहांआरा आलम ने एक बड़ा ही सनसनीखेज दावा अपनी टीम की कप्तान निगार सुल्ताना जोटी को लेकर किया है। जहांआरा ने दावा किया है कि कप्तान सुल्ताना अपनी जूनियर खिलाड़ियों को खूब पीटती हैं और ये कोई नई बात नहीं है। आईसीसी वुमेंस वर्ल्ड कप 2025 में बांग्लादेश की टीम ने शर्मनाक प्रदर्शन किया था। इसके बाद जहांआरा आलम ने बड़े आरोप कप्तान पर लगाए हैं। हालांकि, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने इन आरोपों का खंडन किया है। बांग्लादेश के अखबार कलेर कांथा से बात करते हुए 32 वर्षीय आलम ने कहा कि मौजूदा कप्तान जोटी टीम के जूनियर क्रिकेटरों को "बहुत पीटती" हैं। बांग्लादेश के लिए 52 वनडे और 83 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुकी आलम ने आखिरी बार दिसंबर 2024 में आयरलैंड के खिलाफ बांग्लादेश के लिए खेला था और उसके बाद उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया था। उन्होंने कहा है, “यह कोई नई बात नहीं है। जोटी जूनियर खिलाड़ियों को बहुत पीटती हैं। इस विश्व कप के दौरान भी, जूनियर खिलाड़ियों ने मुझसे कहा था, 'नहीं, मैं ऐसा दोबारा नहीं करूंगी। फिर भी मुझे फिर से थप्पड़ खाने पड़ेंगे।' मैंने कुछ लोगों से सुना, 'कल मेरी पिटाई हुई थी।' दुबई दौरे के दौरान भी, उन्होंने एक जूनियर खिलाड़ी को कमरे में बुलाया और उसे थप्पड़ मारा था।” जहांआरा आलम ने यह भी बताया कि उन्हें टीम से बाहर क्यों किया गया था? उन्होंने दावा किया कि सिस्टम की राजनीति ने टीम के अधिकांश खिलाड़ियों को प्रभावित किया है। उन्होंने कहा, "दरअसल, मैं अकेला नहीं हूं, बांग्लादेश टीम में हर कोई कमोबेश इसका शिकार है। सबकी पीड़ा अलग-अलग है। यहां एक-दो लोगों को उन्नत सुविधाएं मिलती हैं और कुछ मामलों में, सिर्फ एक ही व्यक्ति को। 2021 में, मेरे जैसे सीनियर खिलाड़ियों और कुछ अन्य लोगों को पोस्ट-कोविड कैंप से बाहर करने का सिलसिला शुरू हुआ। फिर मुझे बांग्लादेश खेलों की तीन टीमों में से एक का कप्तान बनाया गया। बाकी दो टीमों की कप्तान जोटी (निगार सुल्ताना) और शर्मिन सुल्ताना थीं। तभी से सीनियर खिलाड़ियों पर दबाव शुरू हो गया।" बोर्ड ने किया खंडन जनवरी 2025 में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने बताया था कि जहांआरा आलम ने नेशनल टीम से इसलिए ब्रेक लिया, क्योंकि उनको मानसिक समस्या थी। सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट से भी जहांआरा आलम ने खुद को बाहर रखा था। वे अब ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में रहती हैं और अब नेशनल टीम में शायद ही लौटेंगी। उधर, जहांआरा आलम के इन आरोपों पर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने एक प्रेस रिलीज जारी करते हुए कहा, "बीसीबी ने बांग्लादेश महिला राष्ट्रीय क्रिकेट टीम की एक पूर्व सदस्य द्वारा मीडिया में की गई हालिया टिप्पणियों पर ध्यान दिया है, जिसमें उन्होंने वर्तमान राष्ट्रीय टीम के कप्तान, खिलाड़ियों, कर्मचारियों और टीम प्रबंधन के खिलाफ कई आरोप लगाए हैं। बीसीबी इन आरोपों का स्पष्ट एवं दृढ़तापूर्वक खंडन करता है, जो निराधार, मनगढ़ंत एवं सत्य से रहित हैं।"  

iQOO 15 लाएगा एंड्रॉयड दुनिया में क्रांति — पहली बार मिलेगा ये खास फीचर!

नई दिल्ली 26 नवंबर को पहली बार किसी एंड्रॉयड स्‍मार्टफोन में एक ऐसा फीचर आने वाला है, जो फ्लैगश‍िप स्‍मार्टफोन कैटिगरी को नई द‍िशा में लेकर जाएगा। वीवो का सब ब्रैंड आईकू अपना नया फ्लैगशिप आईकू 15 लॉन्‍च करने जा रहा है। दावा है कि इस फोन के साथ यूजर्स को प्रीमियम परफॉर्मेंस, एडवांस कैमरा, बेहतरीन सॉफ्टवेयर और स्‍मार्टफोन में दमदार एआई फीचर्स दिए जाएंगे। बैटरी लाइफ और डिस्‍प्‍ले के मामले में ब्रैंड बहुत कुछ नया करने जा रहा है, जिनमें से एक है आईकू 15 का डिस्‍प्‍ले। इस फोन में Samsung 2K M14 LEAD ओलेड डिस्‍प्‍ले मिलने जा रहा है। दावा है कि किसी भी एंड्रॉयड फोन में पहली बार यह डिस्‍प्‍ले इस्‍तेमाल हो रहा है। क्‍या है Samsung 2K M14 LEAD ओलेड डिस्‍प्‍ले? Samsung 2K M14 LEAD ओलेड डिस्‍प्‍ले को सैमसंग ने बनाया है। रिपोर्टों के अनुसार, इस नाम में लीड का अर्थ है- लो पावर, इको फ्रेंडली, ऑगमेंटेड ब्राइटनैस, डिजाइंड टु बी स्‍ल‍िम एंड लाइट। डिस्‍प्‍ले को इस तरह बनाया है कि यह ज्‍यादा ब्राइट होता है और बैटरी कम खर्च करता है। यह डिस्‍प्‍ले 2K रेजॉलूशन ऑफर करता है। 144 हर्त्‍ज तक रिफ्रेश रेट देता है। ऐसे डिस्‍प्‍ले को गेमिंग के लिए बेहतरीन माना जाता है। सैमसंग के अनुसार, इस डिस्‍प्‍ले की बदौलत उतनी ही बैटरी खर्च होने पर ज्‍यादा ब्राइटैनस मिलती है। iQOO 15 में क्‍या डिस्‍प्‍ले होगा iQOO 15 में भी Samsung 2K M14 LEAD™ OLED डिस्‍प्‍ले दिया जा रहा है। यह 2K रेजॉलूशन और 144 हर्त्‍ज का रिफ्रेश रेट देगा। डिस्‍प्‍ले में 6 हजार निट्स की पीक्र ब्राइटनैस दी जाएगी। दावा है कि भारत का सबसे ब्राइट डिस्‍प्‍ले स्‍मार्टफोन होगा। इसके अलावा, फोन में डॉल्‍बी विजन और‍ ट्रिपल एंब‍िएंट लाइट सेंसर दिया जाएगा, जिससे ब्राइटनैस एडजस्‍ट करना आसान होगा। iQOO 15 में अबतक का सबसे तेज प्रोसेसर स्‍नैपड्रैगन 8 एलीट जेन 5 मिलने वाला है। यह ओरिजनओएस6 पर बेस्‍ड एंड्रॉयड 16 पर रन करेगा। इस फोन में 50 मेगापिक्‍सल का ट्र‍िपल कैमरा सिस्‍टम मिलने वाला है। मेन सेंसर सोनी आईएमएक्‍स921 होगा। उसके साथ 50 मेगापिक्‍सल का सोनी आईएमएक्‍स882 पेरिस्‍कोप कैमरा दिया जाएगा। तीसरा कैमरा अल्‍ट्रा वाइड कैमरा होने वाला है। फोन में 32 मेगापिक्‍सल का सेल्‍फी कैमरा दिया जाएगा। यह फोन 7 हजार एमएएच बैटरी के साथ लाया जा रहा है, जो 100 वॉट की फास्‍ट चार्जिंग और 40 वॉट की वायरलैस चार्जिंग को सपोर्ट करेगा।

उद्योगों की रफ्तार बढ़ी: राजस्थान में 7.05 लाख करोड़ के निवेश पर जमीन पर काम शुरू

जयपुर राजस्थान में निवेश परिदृश्य अब इरादों से हकीकत की ओर बढ़ रहा है। अब तक हुए 3,362 एमओयू पर ज़मीनी स्तर पर काम शुरू हो गया है, जिनमें 7.05 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव शामिल हैं। ये निवेश राज्य के 20 प्रमुख सेक्टरों में किए जा रहे हैं। ऊर्जा क्षेत्र निवेश में सबसे आगे है, जिसमें 432 एमओयू के माध्यम से 5.60 लाख करोड़ रुपये से अधिक के प्रोजेक्ट चल रहे हैं। इनमें अक्षय ऊर्जा और ग्रीन हाइड्रोजन से जुड़े बड़े उपक्रम शामिल हैं, जो राजस्थान को देश का अग्रणी क्लीन एनर्जी हब बनाने की दिशा में हैं। सेक्टर वाइज निवेश का ब्योरा: उद्योग विभाग ने 1,182 एमओयू के तहत 57,319 करोड़ रुपये के निवेश आकर्षित किए हैं, जो विनिर्माण और एमएसएमई सेक्टर में निवेशकों के बढ़ते भरोसे को दर्शाते हैं। शहरी विकास एवं आवासन क्षेत्र में भी 306 एमओयू के तहत 26,826 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट क्रियान्वयन के चरण में हैं, जिनका फोकस शहरी विस्तार, सस्ती आवास योजनाओं और इंफ्रास्ट्रक्चर विकास पर है। इसके अलावा, खनन क्षेत्र में 22 एमओयू के माध्यम से 28,092 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट शुरू किए गए हैं। पर्यटन क्षेत्र में 267 एमओयू के तहत 8,907 करोड़ रुपये के निवेश से हेरिटेज, इको और एडवेंचर टूरिज्म को बढ़ावा दिया जा रहा है। कृषि क्षेत्र में 663 एमओयू से 7,741 करोड़ रुपये के निवेश के जरिए एग्री-वैल्यू चेन और फूड प्रोसेसिंग को मज़बूती दी जा रही है। चिकित्सा और तकनीकी शिक्षा में भी 5,500 करोड़ रुपये से अधिक के प्रोजेक्ट शुरू किए गए हैं, जो स्वास्थ्य और कौशल विकास के बुनियादी ढांचे को सशक्त करेंगे। इसके साथ ही, एविएशन, आयुष, पशुपालन, आईटी और खेल जैसे उभरते क्षेत्रों में भी नई नीतियों के तहत ठोस प्रगति हो रही है। सभी एमओयू की मॉनिटरिंग के लिए एक समर्पित तंत्र बनाया गया है ताकि तय समयसीमा में इन निवेशों को धरातल पर उतारा जा सके। एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, यह राजस्थान की आर्थिक यात्रा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। राज्य ने निवेश घोषणाओं और वास्तविक कार्यान्वयन के बीच की खाई को पाट दिया है। 7.05 लाख करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स पर कार्य प्रगति पर होने के साथ, राजस्थान देश के सबसे तेज़ी से बढ़ते निवेश गंतव्यों में शामिल हो रहा है- अक्षय ऊर्जा, विनिर्माण उत्कृष्टता और प्रगतिशील नीतियों के बल पर। गौरतलब है कि दिसंबर 2024 में आयोजित इन्वेस्ट राजस्थान समिट (9-11 दिसंबर) के दौरान राज्य सरकार ने रिकॉर्ड 35 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों पर हस्ताक्षर किए थे। 12 नई नीतियां लाने की तैयारी निवेश प्रस्तावों को रफ्तार देने के लिए सरकार इसी साल 12 नई नीतियां भी लाने की तैयारी कर चुकी है। इनमें से कुछ नीतियों के ड्रॉफ्ट कैबिनेट की मंजूरी के लिए भेजे जा चुके हैं। आने वाली नई नीतियां इस प्रकार हैं: 1. एग्रीकल्चर एवं फूड प्रोसेसिंग: किसानों की आय बढ़ाने और एग्रो-बेस्ड इंडस्ट्री को प्रोत्साहन देने पर जोर। 2. नई औद्योगिक नीति: मैन्युफैक्चरिंग को सशक्त बनाकर बड़े निवेश को आकर्षित करने की योजना। 3. एविएशन और लगिंग: राजस्थान को एयरक्राफ्ट मेंटेनेंस का हब बनाना, ड्रोन्स और स्पेयर पार्ट्स के लिए तैयार करेंगी नीति। 4. ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर: बहुराष्ट्रीय कंपनियों के लिए राजस्थान को नया ग्लोबल हब बनाना। मल्टीनैशनल कंपनियों के आने से टेक्नोलॉजी, इनोवेशन और सपोर्ट सेंटर खुल सकेंगे। 5. नई टूरिज्म नीति: राजस्थान की सांस्कृतिक और प्राकृतिक विविधता को नए रूप में पेश करने की कोशिश। हेरिटेज, ईको और ग्रामीण टूरिज्म को प्राथमिकता। 6. ग्रीन ग्रोथ क्रेडिट नीति: पर्यावरण अनुकूल प्रोजेक्ट्स को बढ़ावा, जिसमें सोलर एनर्जी, ग्रीन एनर्जी और हरित उद्योग शामिल होंगे। 7. स्पोर्ट्स नीति: नई प्रतिभाओं के लिए अवसर, विश्वस्तरीय ढांचा का विकास। प्रशिक्षकों और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए बेहतर अवसर पर फोकस। 8. एफएमसीजी नीति: मैन्युफैक्चरिंग और कृषि की बेहतर उपयोगिता सुनिश्चित कर एफएमसीजी क्षेत्र को बढ़ावा। छोटे और मध्यम उद्योगों की भागीदारी की दिशा में कदम। 9. आईटी आउटसोर्सिंग और फॉरेस्ट नीति: ग्रामीण क्षेत्रों में तकनीकी और युवाओं को रोजगार बढ़ाने और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को सशक्त बनाने की दिशा। 10. ट्रेड प्रमोशन नीति: व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ाने और विदेशी निवेश को आकर्षित करने के लिए योजना। 11. सेमीकंडक्टर पॉलिसी: टेक्नोलॉजी हार्डवेयर निवेश के लिए नई सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग नीति तैयार की जाएगी। 12. ड्रोन और एयरो स्पेस पॉलिसी: एयरोस्पेस उद्योगों में निवेश को नई दिशा देने। राज्य में हार्ड-कोर मैन्युफैक्चरिंग और सर्विस हब स्थापित करने पर फोकस।  

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन दंपति ने प्रकाश उत्सव पर गुरुग्रंथ साहिब के आगे झुकाया शीश

रांची मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज यानी गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के मौके पर पीपी कंपाउंड स्थित गुरु नानक स्कूल में 556वें “प्रकाश उत्सव” में शामिल हुए। इस दौरान उनकी पत्नी कल्पना सोरेन भी मौजूद रही। मुख्यमंत्री ने गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष मत्था टेका और झारखंड वासियों की सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु नानक देव जी के विचार समाज को एक सूत्र में बांधने का संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि यह दिन सिख समाज ही नहीं, पूरे समाज के लिए प्रेरणादायी है। प्रकाश उत्सव में शामिल होकर मुझे हर बार अपार हर्ष की अनुभूति होती है। यह आयोजन सामाजिक एकता और सद्भाव का प्रतीक है। सीएम हेमंत ने कहा कि गुरु नानक देव जी सिर्फ सिख समाज के लिए ही नहीं, बल्कि समूचे मानव समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनकी दूरदर्शी सोच और मानवीय दृष्टिकोण आज भी मार्गदर्शन देता है। उनके बताए रास्तों और आदर्शों पर चलकर ही एक सशक्त और समरस समाज का निर्माण संभव है।