samacharsecretary.com

शटडाउन का असर एयर ट्रैवल पर, अमेरिका के 40 हवाई अड्डों से उड़ानें रद्द और लेट

वाशिगटन   अमेरिका में शटडाउन का असर अब हवाई सेवाओं पर भी दिखने लगा है। अमेरिकी मीडिया के अनुसार हजार से ज्याद फ्लाइट कैंसिल कर दी गई हैं। बता दें, अमेरिकी सरकार ने पहले ही 40 एयरपोर्ट पर 10 फीसदी फ्लाइट के संचालन में कटौती की चेतावनी जारी कर दी थी। अमेरिकी मीडिया ने बताया कि विमानन विश्लेषण कंपनी सिरियम के आंकड़ों के अनुसार, 7 से लेकर 9 नवंबर के लिए 1,700 से ज्यादा उड़ानें रद्द हुई हैं। वहीं फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एफएए) के आदेश के अनुसार, अमेरिका के प्रमुख शहरों के 40 हवाई अड्डों पर डोमेस्टिक फ्लाइट के संचालन में 4 फीसदी की कटौती की गई। जिन एयरपोर्ट की सेवाएं बाधित हुई हैं, उनमें अटलांटा, डेनवर, नेवार्क, शिकागो, ह्यूस्टन और लॉस एंजिल्स सहित अन्य शामिल हैं। एफएए ने कहा कि यह निर्णय वेतन न मिलने की वजह से हो रही वित्तीय कठिनाई के कारण लिया गया है। शुरुआत में चार प्रतिशत की कटौती लागू की गई, साथ ही चेतावनी दी गई कि अगर कांग्रेस किसी वित्तीय समझौते पर सहमत नहीं होती है, तो अगले सप्ताह कटौती को बढ़ाकर 10 प्रतिशत किया जा सकता है। एफएए ने कहा कि अगर यही स्थिति बरकरार रही तो एयरलाइनों को मंगलवार को इन हवाई अड्डों के लिए अपनी 6 फीसदी उड़ानें, गुरुवार को 8 फीसदी और अगले शुक्रवार को 10 फीसदी उड़ानें रद्द करनी पड़ सकती हैं। अमेरिका में शटडाउन को 38 दिन हो गए है और धीरे-धीरे इसका असर दिखने लगा है। यह अब तक का सबसे लंबा शटडाउन है। इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पहले कार्यकाल के दौरान सबसे लंबा शटडाउन 35 दिनों का था। एफएए ने इससे पहले बताया था कि शटडाउन के कारण कर्मचारियों की कमी के बीच सुरक्षा मानकों को बनाए रखने के लिए यह कदम आवश्यक था। इस शटडाउन के कारण हजारों हवाई यातायात नियंत्रक और परिवहन सुरक्षा प्रशासन (टीएसए) के निरीक्षक बिना वेतन के काम कर रहे हैं। दूसरी ओर एफएए प्रशासक ब्रायन बेडफोर्ड ने कहा कि 'एजेंसी के आंकड़ों से कर्मचारियों में फ्लाइट के ऑपरेशन को लेकर तनाव और थकान महसूस की जा रही है। अगर इसे अनदेखा किया गया, तो एयरलाइन प्रणाली की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है।' उन्होंने जोर देकर कहा कि दुनिया की सबसे सुरक्षित एयरलाइन प्रणाली बनाए रखने के लिए इस समस्या का हल निकालना जरूरी है।

क्रांति ने किया यादगार आगमन: ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और अपने क्रिकेट ग्राउंड को किया सलाम

 छतरपुर  विश्व विजेता बनकर पहली बार घर आई क्रांति गौड़ के घर पर दीपावली जैसा उत्सव रहा। पूरे नगर के लोग एकत्रित होकर अपनी बेटी की एक झलक देखने के लिए उत्सुक दिखे थे। महिला क्रिकेट विश्व कप विजेता क्रांति गौड़ खजुराहो से चलकर शुक्रवार देर रात अपने गृहग्राम घुवारा पहुंचीं। क्रांति के घर को फूलों से सजाया गया था। गांव वालों और इलाके के लोगों को बांटने के लिए 5 क्विंटल से ज्यादा लड्‌डू बनाए गए। इस दौरान इलाके के लोग उमड़ पड़े। ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और फूलों की वर्षा के बीच लोगों ने गौड़ का भव्य स्वागत किया। जमीन को चूम लिया, जहां पहली बार खेला था क्रिकेट हालांकि क्रांति अपने गांव घुवारा जैसे ही पहुंची तो सबसे पहले वहां गई, जहां पहली दफा क्रिकेट खेला था। क्रांति ने सबसे पहले उस उबड़-खाबड़ जमीन पर माथा टेका और फिर उसे चूमा। बाद में वह कार की छत पर बैठकर अभिवादन करती रहीं। खुद को नाचने से नहीं रोक पाई क्रांति गौड़ इस खास मौके पर उनके दोस्त डीजे पर झूमते हुए दिखे। वहीं क्रांति भी इस दौरान अपने आप को रोक नहीं पाई और ढोल-नगाड़ों पर खूब नाची। घुवारा पहुंचने से पहले क्रांति चौपरिया सरकार मंदिर पहुंचीं, जहां हनुमानजी के समक्ष माथा टेका था। इसके बाद वह घुवारा के लिए निकली।

ऑनलाइन मद् भगवद् गीता ज्ञान प्रतियोगिता में इस वर्ष मिलेंगे 70 पुरस्कार :मुख्यमंत्री डॉ. यादव

गीता ज्ञान प्रतियोगिता में व्यापक भागीदारी करें सुनिश्चित : मुख्यमंत्री डॉ. यादव ऑनलाइन मद् भगवद् गीता ज्ञान प्रतियोगिता में इस वर्ष मिलेंगे 70 पुरस्कार गीता जयंती पर पूरे प्रदेश में मद् भगवद् गीता का होगा सस्वर पाठ 7 से 25 नवम्बर प्रदेश में ऑनलाइन प्रतियोगिता उज्जैन में 1 से 3 दिसम्बर तक होगा अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव राजधानी में भी 1 दिसम्बर को होंगी कई गतिविधियां भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि गीता जयंती, अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के प्रदेश में गरिमापूर्ण आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण की जाएं। इसके साथ ही ऑनलाइन मद् भगवद् गीता ज्ञान प्रतियोगिता में अधिकाधिक भागीदारी के प्रयास किए जाएं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शुक्रवार को समत्व भवन (मुख्यमंत्री निवास) में हुई बैठक में वरिष्ठ अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। मध्यप्रदेश में 7 से 25 नवंबर की अवधि में ऑनलाइन मद् भगवद् गीता ज्ञान प्रतियोगिता हो रही है। मध्यप्रदेश के 70 वें स्थापना वर्ष में इस स्पर्धा में 70 पुरस्कारों का प्रावधान किया गया है। पुरस्कार में प्रथम पुरस्कार एक लाख रूपए, द्वितीय पुरस्कार 51 हजार रूपए का रहेगा। इसके साथ ही 31 हजार रूपए के तीन तृतीय पुरस्कारों सहित 15 लैपटाप, 30 ई-बाइक और 20 ई-रिक्शा का वितरण भी किया जाएगा। श्रेष्ठ ज्ञान स्तर के लिए प्रतियोगिता में 11 से 25 वर्ष आयु के विद्यार्थियों को प्रोत्साहन स्वरूप 2 वर्ष तक शिक्षावृत्ति देने का प्रावधान भी किया गया है। प्रतियोगिता में नागरिकों, विद्यार्थियों के साथ ही प्रतियोगिता में कारावास के बंदी भी हिस्सा ले सकेंगे। यह ऑनलाइन प्रतियोगिता प्रदेशभर में शिक्षण संस्थानों के सहयोग से आयोजित की जा रही है। हरियाणा के कुरूक्षेत्र में सजेंगे मध्यप्रदेश के व्यंजनों के स्टॉल मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 24 नवंबर से 1 दिसंबर की अवधि में कुरुक्षेत्र में हो रहे अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव 2025 की तैयारी की जानकारी भी प्राप्त की। इस महोत्सव में मध्यप्रदेश के आंचलिक और जनजातीय व्यंजनों के स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके साथ ही मध्यप्रदेश की जनजातीय लोक कला एवं बोली विकास अकादमी की ओर से प्रदर्शनी, मेले और नाट्य समारोह के आयोजन होंगे। नाट्य समारोह में पुनीत इस्सर और मोहित शेवानी मुंबई, शिरीष राजपुरोहित उज्जैन के कार्यक्रमों सहित जनजातीय संग्रहालय के सौजन्य से जनजातीय नृत्यों की प्रस्तुति होगी। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने कृष्ण पाथेय न्यास, महाराजा विक्रमादित्य शोध पीठ, वीर भारत न्यास सहित उच्च शिक्षा, स्कूल शिक्षा, गृह, जनसंपर्क, संस्कृति संचालनालय, कृषि उद्योग विकास परिषद नई दिल्ली, इस्कॉन, गीता परिवार और विश्व गीता प्रतिष्ठानम की भागीदारी के संबंध में भी अधिकारियों से चर्चा की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नगरों में गीता भवन और विभिन्न चिन्हित स्थानों पर कृष्ण पाथेय से संबंधित कार्यों को भी पूर्ण किया जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उद्योग और रोजगार वर्ष 2025 के समापन अवसर पर विश्वविद्यालय और महाविद्यालयों के साथ स्कूल विद्यार्थियों को जोड़कर एक अभिनव कार्यक्रम तैयार करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उज्जैन में 1 से 3 दिसंबर तक अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के लिए की जा रही तैयारी की भी जानकारी प्राप्त की। इस महोत्सव में ऑनलाइन मद् भागवत गीता ज्ञान प्रतियोगिता के पुरस्कृत प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इस वर्ष प्रतियोगिता में 21 लाख नागरिकों की विशाल भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 1 दिसम्बर को दशहरा मैदान उज्जैन में गीता पाठ और प्रदर्शनी सहित सांगीतिक प्रस्तुति होगी। दूसरे दिन काव्य पाठ और सांगीतिक प्रस्तुति और तीसरे दिन बैंगलोर एवं भोपाल के संगीत दल प्रस्तुति देंगे। भोपाल में लाल परेड ग्राउंड पर होगा मद् भगवद् गीता का सस्वर पाठ भोपाल में अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के अंतर्गत 1 दिसम्बर को लाल परेड ग्राउण्ड पर आचार्यों की सन्निधि में मद् भगवद् गीता के 15वें अध्याय का सस्वर पाठ होगा। इसके साथ ही गौ और गोपाल पर आधारित प्रदर्शनी और बैंगलोर के दल द्वारा गीता ऑन व्हील्स सांगीतिक प्रस्तुति होगी। दो दिसम्बर को रवीन्द्र भवन भोपाल के हंसध्वनि सभागार में कृष्णायन की प्रस्तुति के साथ दिव्यांग कलाकार भी कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। जिला स्तर पर कार्यक्रमों का स्वरूप बैठक में जानकारी दी गई कि 1 दिसम्बर को प्रदेश के विकासखंडों में गीता पाठ होंगे। जिला मुख्यालय पर भी आचार्यों की सन्निधि में सस्वर पाठ होंगे। भगवान कृष्ण से जुड़े विशेष स्थलों जैसे इंदौर जिले के जानापाव, धार जिले के अमझेरा, उज्जैन जिले के नारायणा, अशोकनगर जिले के चंदेरी, रायसेन जिले के जामगढ़, देवास जिले के पीवडिया-खातेगांव, सागर जिले के प्राचीन नगर एरण और पन्ना जिले में भी विशेष कार्यक्रम होंगे। गीता जयंती पर कृष्ण मंदिरों की विशेष सज्जा की जाएगी। जिला स्तर पर संतों और विद्वतजनों के व्याख्यान भी आयोजित किए जाएंगे। संस्कृति विभाग द्वारा इन सभी कार्यक्रमों की तैयारियां की जा रही है। विक्रमोत्सव 2026 के आयोजन पर चर्चा बैठक में विक्रमोत्सव 2026 के आयोजन पर भी चर्चा हुई। विक्रमोत्सव की शुरूआत 15 फरवरी 2026 से होगी और 19 मार्च 2026 तक विभिन्न गतिविधियां होंगी। इसके बाद 19 मार्च से 30 जून तक जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत प्रस्तावित कार्यक्रमों और गतिविधियों की जानकारी दी गई। विक्रमोत्सव में मुख्य रूप से अनादि देव शिव की कलाओं का शिवार्चन, कलश यात्रा, प्रदर्शनी, शिव पुराण, विक्रम व्यापार मेला, विक्रम नाट्य समारोह, पुतुल कठपुतली समारोह, अनादि पर्व, शिल्प कार्यशाला, मालवी कलम कार्यशाला, विक्रमादित्य का न्याय वैचारिक समागम, कवि सम्मेलन, लोकरंजन, अनहद वैचारिक समागम, पौराणिक फिल्म अंतर्राष्ट्रीय महोत्सव, महाकाल पृथ्वी का समय शोध संगोष्ठी, वेद अंताक्षरी, सूर्य उपासना की गतिविधियां होंगी। प्रदेश के जिलों में भी विक्रमोत्सव के कार्यक्रम होंगे। बैठक में मुख्यमंत्री के संस्कृति सलाहकार राम तिवारी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।  

कीमती धातुओं में बड़ी गिरावट – सोने में ₹10,000 और चांदी में ₹21,000 की कमी दर्ज

 नई दिल्ली सोना और चांदी की कीमत में गिरावट (Gold-Silver Price) का सिलसिला जारी है. बीते 14 कारोबारी दिनों में एक-दो दिन की बढ़त को छोड़ दें, तो दोनों कीमती धातुओं के दाम फिसले ही हैं. अपने हाई लेवल से गोल्ड और सिल्वर प्राइस बुरी तरह क्रैश (Gold-Silver Price Crash) हो चुके हैं. जहां एमसीएक्स पर ये गिरे हैं, तो घरेलू मार्केट में बीते 17 अक्टूबर के भाव के मुकाबले गोल्ड 10000 रुपये से ज्यादा सस्ता, जबकि चांदी 21000 रुपये के आस-पास सस्ती मिल रही है.  10774 रुपये सस्ता हो गया Gold घरेलू मार्केट में शुक्रवार को भी सोने का भाव टूटकर (Gold Rate Fall) 1,20,100 रुपये पर आ गया. पिछले बंद भाव के मुकाबले ये 570 रुपये सस्ता हुआ. वहीं पिछले 14 कारोबारी दिनों में आए चेंज को देखें, तो इंडियन बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन की वेबसाइट IBJA.Com के मुताबिक, 10 ग्राम 24 कैरेट गोल्ड का रेट बीते 17 अक्टूबर की सुबह 1,30,874 रुपये था और इस हिसाब से कैलकुलेशन करें, तो पीली धातु इस हाई लेवल से 10,774 रुपये तक सस्ती मिल रही है.  मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर सोने के भाव में आए बदलाव (MCX Gold Rate) पर नजर डालें, 17 अक्टूबर को 5 दिसंबर की एक्सपायरी वाले 24 कैरेट सोने की वायदा कीमत 1,27,008 रुपये प्रति 10 ग्राम था, जो कि 7 अक्टूबर शुक्रवार को गिरकर 1,21,038 रुपये रह गया. यानी 10 Gram Gold Rate में इस दौरान  5,970 रुपये की कमी आई है.  चांदी का दाम तो क्रैश हो गया  बात दूसरी कीमती धातु चांदी की करें, तो घरेलू मार्केट में 14 दिनों में Silver Rate करीब 21000 रुपये प्रति किलो तक कम हुआ है. दरअसल, आईबीजीए की वेबासाइट पर मौजूद रेट्स को देखें, तो 17 अक्तूबर की शाम को 1 किलोग्राम चांदी का भाव 1,69,230 रुपये था, जो कि बीते शुक्रवार को गिरकर 1,48,275 रुपये पर बंद हुआ. इस हिसाब से सिल्वर प्राइस में 20,955 रुपये की गिरावट आई है.  एमसीएक्स पर भी चांदी का भाव टूटा है और इसमें गिरावट लगातार जारी है. 14 कारोबारी दिन पहले इसका वायदा भाव 1,56,604 रुपये प्रति किलो पर बंद हुआ था और अब तक इसमें 8,815 रुपये की गिरावट आ चुकी है. वहीं अगर Gold-Silver के हाई वायदा भाव से तुलना करें, तो चांदी 1,70,415 रुपये से 22,626 रुपये, जबकि सोना 11,256 रुपये तक सस्ता हो चुका है.  घरेलू मार्केट में GST+ मेकिंग चार्ज  बता दें कि इंडियन बुलियन की वेबसाइट पर अपडेट होने वाले Gold-Silver Rates देशभर में समान रहते हैं, लेकिन जब आप ज्वेलरी शॉप पर आभूषण खरीदने के लिए जाते हैं, तो फिर आपको 3 फीसदी जीएसटी के साथ ही मेकिंग चार्ज भी देना होता है, जिससे इसकी कीमत में इजाफा हो जाता है. एक और बात ध्यान रखें कि जो Gold Jewellery आप खरीदें, उस पर दर्ज हॉलमार्क के जरिए उसकी क्वालिटी की पहचान जरूर कर लें.  

अंतरराष्ट्रीय राजनीति में नया मोड़: तालिबान को रूस का समर्थन, भारत ने मदद का इशारा

काबुल  अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच तुर्की में हो रही शांति वार्ता पर पाकिस्तानी हमलों का साया पड़ गया है। काबुल और इस्लामाबाद के संबंध भी नाजुक मोड़ पर आ गए हैं। एक तरफ दोनों पक्षों ने ताजा शांति वार्ता शुरू की, वहीं दूसरी ओर गुरुवार को अफगान-पाक सीमा पर स्पिन बोल्डक कस्बे के पास पाकिस्तान ने गोलीबारी को भड़काया। आपको बता दें कि दोनों पक्षों ने 19 अक्टूबर को दोहा में संघर्षविराम समझौते पर हस्ताक्षर किए थे। हालांकि, पिछले हफ्ते इस्तांबुल में हुई दूसरे दौर की बातचीत बिना किसी दीर्घकालिक समझौते के समाप्त हो गई थी। इसी कारण तीसरे दौर की वार्ता आवश्यक हो गई। अफगान मामलों के विशेषज्ञों के अनुसार, काबुल के प्रति पाकिस्तान की आक्रामक नीतियों के कारण दोनों के संबंध तनावपूर्ण और उदासीन बने रहने की आशंका है। जैसे ही शांति वार्ता शुरू हुई अफगानिस्तान में तालिबान शासन को रूस से समर्थन मिला। गुरुवार को, रूसी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (सेक्रेटरी ऑफ द कंट्रीज सिक्योरिटी काउंसिल) सर्गेई शोइगु ने सामूहिक सुरक्षा संधि संगठन (CSTO) और स्वतंत्र राज्यों के राष्ट्रमंडल (CIS) की संयुक्त बैठक के दौरान अफगानिस्तान में "महत्वपूर्ण और सकारात्मक विकास" की बात की। शोइगु ने अफगानिस्तान की सुरक्षा स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए भी अफगानिस्तान को क्षेत्रीय आर्थिक ढांचों में फिर से शामिल करने के महत्व पर जोर दिया। इसी बैठक को संबोधित करते हुए, CSTO के महासचिव इमानगाली तस्मागाम्बेटोव ने अफगानिस्तान और ताजिकिस्तान के बीच सीमा सुरक्षा को मजबूत करने वाले कार्यक्रम को लागू करने पर बल दिया। उन्होंने उल्लेख किया कि अफगानिस्तान की स्थिरता और विकास उसके पड़ोसी देशों, विशेष रूप से CSTO सदस्य देशों के हितों के अनुरूप है। कृषि में भारत का सहयोग इस बीच, भारतीय राजनयिक मिशन के प्रमुख ने इस सप्ताह अफगानिस्तान के कृषि मंत्री से मुलाकात की। इस बैठक का उद्देश्य कृषि क्षेत्र और अनुसंधान में क्षमता निर्माण के साथ काबुल की सहायता करना था।

ECI का अपडेट! बिहार पहले फेज की वोटिंग में आया नया आंकड़ा – बढ़ी वोटिंग या घटी?

पटना  बिहार चुनाव के लिए पहले फेज की वोटिंग हो गई. पहले फेज की वोटिंग का फाइनल डेटा भी आ गया है. चुनाव आयोग ने लेटेस्ट डेटा जारी कर बताया है कि पहले फेज में कितना मतदान हुआ. जी हां, चुनाव आयोग के मुताबिक, बिहार विधानसभा चुनाव के लिए पहले फेज की वोटिंग में कुल 65.8% मतदाताओं ने वोट डाला है. यह पहले के वोटिंग टर्नआउट वाले डेटा से अधिक है. चुनाव आयोग ने पहले बताया था कि बिहार में पहले चरण में अब तक का सबसे अधिक 64.66% वोटर टर्नआउट रहा. चुनाव आयोग के मुताबिक, बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में अंतिम मतदान 65.08% रहा. 6 नवंबर 2025 को बिहार के 18 जिलों के 121 विधानसभा क्षेत्रों में पहले चरण का मतदान हुआ था. वोटिंग के मामले में बिहार ने नया इतिहास रच दिया है. वोटिंग को लेकर बिहार में अब तक के सारे रिकॉर्ड टूट गए. पहले चरण की वोटिंग में 75 साल का रिकॉर्ड टूट गया. इस तरह चुनाव आयोग का फाइनल डेटा पुराने डेटा से करीब 1 फीसदी अधिक है. बता दें कि 2020 के बिहार विधानसभा आम चुनाव में राज्य का औसत मतदान 57.29 प्रतिशत और 2024 के लोकसभा आम चुनाव में 56.28 प्रतिशत रहा था. चुनाव आयोग ने क्या कहा था बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) विनोद सिंह गुंजियाल ने पहले ही बताया था कि वोटिंग वाले दिन जो डेटा जारी हुआ, वह फाइनल डेटा नहीं था. उन्होंने कहा था कि फाइनल डेटा में थोड़ा बहुत अंतर हो सकात है. 6 नवंबर की शाम तक प्राप्त आंकड़ों के अनुसार 3.75 करोड़ मतदाताओं में करीब 64.46 प्रतिशत (अनंतिम) ने मतदान किया था. उन्होंने बताया कि यह आंकड़ा कुल 45,341 मतदान केंद्रों में से 41,943 केंद्रों से प्राप्त सूचनाओं पर आधारित है. गुंजियाल ने कहा, ‘‘यह फाइनल आंकड़ा नहीं है, क्योंकि कुछ मतदान केंद्रों से सूचनाएं अभी आनी बाकी हैं। अंतिम मतदान प्रतिशत के आंकड़े के इससे अधिक रहने की संभावना है.’ पहले चरण की वोटिंग में क्या हुआ मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदान शांतिपूर्ण और निष्पक्ष माहौल में संपन्न हुआ. कुछ स्थानों पर छिटपुट घटनाओं के अलावा कहीं से कोई बड़ी गड़बड़ी की सूचना नहीं मिली. राज्य के 18 जिलों में फैली इन 121 सीट के लिए 6 नवंबर को हुए मतदान में मतदाताओं में काफी उत्साह देखने को मिला. सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लंबी-लंबी कतारें देखने को मिलीं और मतदाताओं ने लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. बिहार में सबसे अधिक वोटिंग मुजफ्फरपुर में हुई. अब दूसरे फेज की वोटिंग 11 नवंबर को होगी. नतीजे 14 नवंबर 2025 को आएंगे.

गैंगस्टर का असली चेहरा! जेल में काम करते हुए DGP ने दलजीत सिहाग को कहा चिरकुट

हिसार  जेलों में बंद होकर भी सोशल मीडिया पर अपनी जिंदगी को 'ग्लैमरस' दिखाने वाले गैंगस्टरों की 'माचो पर्सनालिटी' को खत्म करने के लिए हरियाणा पुलिस ने कमर कस ली है। पुलिस अब सलाखों के पीछे के सच्चे और नीरस जीवन को जनता के सामने लाने की तैयारी कर रही है। हरियाणा के पुलिस महानिदेशक (DGP) ओ.पी. सिंह ने शीर्ष अधिकारियों को निर्देश दिया है कि इन गैंगस्टरों के मुखौटे को उतारा जाए और जनता को दिखाया जाए कि जेल के अंदर की जिंदगी कैसी होती है। डीजीपी सिंह ने दो टूक शब्दों में कहा, "जेलों में सड़ने वाले चिरकुट रील्स से लोगों को बेवकूफ बना रहे हैं।" 14 अक्टूबर को कार्यभार संभालने के बाद से डीजीपी ओपी सिंह ने हरियाणा के गिरोहों के खिलाफ चहुंमुखी हमला शुरू कर दिया है। वह एक तरफ गैंगस्टरों के ऑनलाइन आभा मंडल को खत्म कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ आत्मसमर्पण करने और सुधरने के इच्छुक लोगों के लिए वापसी का रास्ता भी पेश कर रहे हैं। 5 नवंबर को पुलिस ने 'ऑपरेशन ट्रैकडाउन' शुरू किया, जो हालिया गोलीबारी से जुड़े भगोड़ों को पकड़ने के लिए 16 दिवसीय राज्यव्यापी कार्रवाई है। पहले ही दिन 32 गिरफ्तारियां की गईं। डीजीपी ने फरार अपराधियों की सख्त ट्रैकिंग, जमानत मामलों को फिर से खोलने, अपराध से जुड़ी संपत्ति जब्त करने और एसएचओ तथा डीएसपी के लिए व्यक्तिगत जवाबदेही तय करने का आदेश दिया है। अधिकारियों को अपने "सबसे खराब पांच" और जिला व एसटीएफ इकाइयों को अपने "सबसे खराब 10" और "सबसे खराब 20" को पकड़ना होगा। डीजीपी का गुस्सा कुख्यात गैंगस्टर दलजीत सिहाग उर्फ सिसई के उस सोशल मीडिया पोस्ट से भड़का, जिसमें वह हरियाणा दिवस पर साफ सफेद कपड़ों में हाथ जोड़े दिख रहा था। इस पोस्ट से सहजता और प्रभाव का भ्रम पैदा हो रहा था। सिहाग झज्जर जेल में बंद है, जहां उसे टॉयलेट सफाई का काम सौंपा गया है। पुलिस जांच में पता चला कि 55 से अधिक मामलों का सामना कर रहे सिहाग ने 5,000 प्रति माह पर जींद निवासी 27 वर्षीय एक व्यक्ति को अपना सोशल मीडिया संभालने और अदालत में पेशी के दौरान वीडियो शूट करने के लिए रखा था। सोशल मीडिया हैंडलर को गिरफ्तार कर लिया गया है। अब Meta, X (ट्विटर) और इंस्टाग्राम को "गैंग कल्चर" को बढ़ावा देने वाले अकाउंट्स का विवरण मांगने के लिए नोटिस भेजे गए हैं। डीजीपी सिंह अपनी रणनीति में सख्ती के साथ नरमी पर भी जोर दे रहे हैं। उन्होंने 'द इंडियन एक्सप्रेस' से कहा, "जो भी व्यक्ति वैध रास्ते पर लौटना चाहता है, उसे वापसी का रास्ता दें। लेकिन जो धमकी देते हैं, नुकसान पहुंचाते हैं या जबरन वसूली करते हैं, उन्हें मुंहतोड़ जवाब दें। एक गणतंत्र में, केवल कानून का शासन ही चलेगा।"

J&K के कुपवाड़ा में बड़ी सफलता! सेना ने घुसपैठ की कोशिश नाकाम कर 2 आतंकियों को किया ढेर

कुपवाड़ा जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में नियंत्रण रेखा (LoC) के साथ घुसपैठ की कोशिश को सेना ने नाकाम कर दिया। साथ ही, जवानों ने 2 अज्ञात आतंकवादियों को मारा गिराया है। सेना के श्रीनगर स्थित चिनार कोर ने बताया कि खुफिया एजेंसियों से इनपुट मिला था। इसके आधार पर कुपवाड़ा के केरन सेक्टर में घुसपैठ की कोशिश को रोकने के लिए अभियान शुरू किया गया। सेना ने एक्स पर पोस्ट में कहा, 'सतर्क सैनिकों ने संदिग्ध गतिविधि देखी और चुनौती दी। इस दौरान आतंकवादियों ने अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने दो आतंकवादियों को मार गिराया। फिलहाल इलाके की तलाशी जारी है।' वहीं, श्रीनगर में पुलिस ने  तीन संदिग्ध लोगों को गिरफ्तार किया। उनके पास से हथियार और गोला-बारूद जब्त कर आतंकी साजिश नाकाम कर दी गई। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि ममता चौक, कोनाखान डलगेट के पास नियमित वाहनों की जांच चल रही थी। इस दौरान पुलिस की टीम ने बिना पंजीकरण संख्या वाली काले रंग की मोटरसाइकिल को रोका। रुकने का इशारा करने पर मोटरसाइकिल सवार और पीछे बैठे दो लोगों ने भागने की कोशिश की, लेकिन सतर्क पुलिसकर्मियों ने उन्हें तुरंत पकड़ लिया। देसी कट्टा और 9 जिंदा कारतूस बरामद पुलिस अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान शाह मुतैयब और कामरान हसन शाह के रूप में हुई है। ये दोनों कुलीपोरा खानयार श्रीनगर के निवासी हैं। मोहम्मद नदीम उत्तर प्रदेश के मेरठ का निवासी है और वर्तमान में कावा मोहल्ला, खानयार में रह रहा है। पुलिस ने बताया कि इनके पास से एक देसी कट्टा और 9 जिंदा कारतूस बरामद हुए। शुरुआती जांच से संकेत मिलता है कि आरोपी बरामद हथियार और गोला-बारूद का इस्तेमाल करके इलाके में किसी आतंकी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। खानयार पुलिस स्टेशन में यूएपीए और मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

भारतीय क्रिकेट को गर्व का पल – ICC ने अमोल मजूमदार और मिताली राज को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी

नई दिल्ली  पूर्व भारतीय कप्तान मिताली राज और मौजूदा महिला टीम के मुख्य कोच अमोल मजूमदार को अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) की महिला क्रिकेट समिति में शामिल किया गया है. यह फैसला हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली टीम द्वारा 2025 में पहली बार ODI विश्व कप जीतने के बाद लिया गया. भारत ने फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराया था. मेजबान भारत ने मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में दक्षिण अफ्रीका को 52 रनों से हराकर महिला क्रिकेट में अपना पहला खिताब जीता. इस टूर्नामेंट को स्टेडियम में लगभग 300,000 फैंस ने देखा, जो किसी भी महिला क्रिकेट इवेंट के लिए अब तक की सबसे अधिक उपस्थिति है. आधिकारिक बयान में कहा गया, “ICC बोर्ड ने ICC महिला क्रिकेट समिति के कई सदस्यों की नियुक्ति को मंजूरी दी. इसमें एशले डी सिल्वा, मिताली राज, अमोल मजूमदार, बेन सॉयर, शार्लोट एडवर्ड्स और साला स्टेला सियाले-वैआ शामिल हैं.” ICC महिला क्रिकेट समिति का काम क्या है ICC महिला क्रिकेट समिति का अहम काम महिला क्रिकेट से संबंधित सभी मामलों पर सलाह देना है. इसका मुख्य उद्देश्य महिला क्रिकेट के विकास, प्रगति और प्रचार को वैश्विक स्तर पर समर्थन देना है. समिति खेल की शर्तों, नियमों और विनियमों की समीक्षा करती है और उन्हें लागू करने की सिफारिश करती है ताकि सभी फॉर्मेट में निष्पक्षता और स्थिरता सुनिश्चित हो सके. यह समिति ICC महिला टूर्नामेंटों, जैसे महिला विश्व कप और T20 विश्व कप की संरचना, योग्यता मार्ग और शेड्यूलिंग पर भी इनपुट प्रदान करती है. इसके अलावा, समिति प्रतिभा विकास और खिलाड़ी मार्गदर्शन के लिए पहल करती है, खेल में समानता और समावेशिता को बढ़ावा देती है, और महिला क्रिकेट की दृश्यता, फंडिंग और मीडिया कवरेज को बढ़ाने के लिए काम करती है. क्रिकेट की गवर्निंग बॉडी ने ‘प्रोजेक्ट USA’ पर पहली अपडेट प्राप्त करने की पुष्टि की. जिसे USA क्रिकेट के निलंबन के बाद और ICC के निर्देश के अनुसार लॉन्च किया गया था कि “बोर्ड के गैर-अनुपालन के कारण US राष्ट्रीय टीमों के खिलाड़ियों के व्यावसायिक और विकास हितों पर नकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ना चाहिए.”

पचमढ़ी में राहुल गांधी की सक्रियता: जिलाध्यक्षों की ट्रेनिंग और गांधी प्रतिमा पर फूल अर्पित करेंगे

पचमढ़ी  कांग्रेस नेता और रायबरेली से सांसद राहुल गांधी शनिवार से दो दिन के मध्यप्रदेश प्रवास पर रहेंगे। वे पचमढ़ी में कांग्रेस जिलाध्यक्षों और वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ संगठन की मजबूती, सामाजिक न्याय और आर्थिक नीतियों पर चर्चा करेंगे। बैठक में राहुल गांधी कुछ चुनिंदा नेताओं से अलग-अलग भी बातचीत कर सकते हैं। यह बैठक 2028 के विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की रणनीति तय करने में अहम मानी जा रही है।  राहुल गांधी के आगमन को लेकर पचमढ़ी में सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए गए हैं। करीब 150 पुलिसकर्मी और सीआरपीएफ के जवान तैनात रहेंगे। राहुल दोपहर 2:30 बजे भोपाल पहुंचेंगे और वहां से हेलीकॉप्टर से पचमढ़ी जाएंगे। चप्पे-चप्पे पर तैनात होगी पुलिस पचमढ़ी में गांधी के दौरे को लेकर 150 पुलिस कर्मियों चप्पे चप्पे पर नजर रखेंगे। पचमढ़ी के हर चौक चौराहों पर शस्त्र बल तैनात रहेगा। राहुल हेलीपेड से गांधी चौक पर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करने जाएंगे। बताया जाता है कि इस प्रतिमा का वर्ष 1959 में तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने सोनिया गांधी ने अनावरण किया था। यहां से राहुल प्रशिक्षण स्थल पर पहुंचेंगे। यहां जिला अध्यक्षों से वन टू वन करेंगे। कार्यक्रम को लेकर पचमढ़ी में कांग्रेसियों ने जगह-जगह पोस्टर, बैनर लगाए हैं। रविशंकर भवन से प्रशिक्षण स्थल तक मार्गों विशेष साफ सफाई की गई है। राहुल के दौरे पर शिक्षा मंत्री ने कसा तंज सेठानी घाट पर सामूहिक वंदे मातरम सामूहिक गायन में शामिल हुए शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने राहुल गांधी के पचमढ़ी दौरे पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि आजाद मुल्क में किसी भी नागरिक को आने जाने और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता रहती है। राहुल महत्वपूर्ण अवसर पर घूमते ही हैं। देश में चुनाव चलते हैं तो विदेश जाते हैं। बिहार में चुनाव चल रहे है तो मध्य प्रदेश आते हैं। यह तो उनके सही वक्त पर लिए गए निर्णय को प्रमाणित करता है। भारतीय अर्थशास्त्र और राजनीति पर सत्र भारतीय अर्थशास्त्र और राजनीति विषय पर एक विशेष सत्र का आयोजन किया गया। इस सत्र में ऑल इंडिया प्रोफेशनल कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवीण चक्रवर्ती ने अपने गहन अनुभव और विशेषजता के साथ भारतीय अर्थव्यवस्था की वास्तविकताओं, चुनौतियों और अवसरों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। चक्रवर्ती ने बताया कि किस प्रकार वर्तमान भारतीय जनता पार्टी की सरकार आंकड़ों, जुमलों और भामक प्रस्तुतियों के माध्यम से जनता को गुमराह कर रही है। उन्होंने तथ्यों और आर्थिक संकेतकों के माध्यम से यह स्पष्ट किया कि अर्थव्यवस्था की वास्तविक स्थिति प्रचारित किए जा रहे दावों से भिन्न है। सत्र के दौरान उन्होंने प्रेजेंटेशन के माध्यम से आर्थिक नीतियों और उनके प्रभावों का विश्लेषण किया तथा प्रश्नोत्तर सत्र में जिला अध्यक्षों के साथ सार्थक संवाद स्थापित किया।  पांच माह में दूसरी बार आएंगे मध्यप्रदेश राहुल गांधी पांच माह में दूसरी बात मध्यप्रदेश आ रहे हैं। इसके पहले वे संगठन सृजन अभियान के चलते 3 जून को भोपाल आए थे। कार्यकर्ताओं से संवाद किया था। स्पष्ट तौर से यह भी बताया था कि पार्टी में जिलाध्यक्ष ही पॉवरफुल होंगे। अब जबकि जिलाध्यक्ष के चुनाव हो चुके हैं तो राहुल फिर इन्हें संबोधित करने आ रहे हैं। जाहिर है राहुल के आने पर कार्यकर्ताओं को बूस्टर डोज मिलेगा। कार्यकर्ताओं में उत्साह बना रहे पार्टी का यही प्रयास है। अगले विधानसभा और लोकसभा चुनाव को फोकस रखकर पार्टी काम कर रही है। जिलाध्यक्षों का प्रशिक्षण भी इसी की कड़ी है। पचमढ़ी में आयोजित कांग्रेस संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर के पांचवें दिन सभी जिला कांग्रेस अध्यक्षों एवं विधायकों के लिए ऽजाति, संविधान और राजनीति के विषय पर एक महत्वपूर्ण सत्र आयोजित किया। इस सत्र का उद्देश्य भारतीय समाज और राजनीति में जाति की भूमिका, संविधान में उसके प्रावधानों तथा कांग्रेस के दृष्टिकोण की गहराई से समझ विकसित करना था। जाति, संविधान और राजनीति के मुद्दे पर होगी चर्चा सीडब्ल्यूसी के सदस्य एवं झारखंड के प्रभारी के. राजू ने सत्र को संबोधित करते हुए कहा जाति हमारे सामाजिक और राजनीतिक जीवन की एक सच्चाई है, जिसे केवल परंपरा नहीं बल्कि समानता और सामाजिक न्याय के संदर्भ में समझना चाहिए। संविधान ने समानता और अवसर की समानता के माध्यम से जातीय भेदभाव को समाप्त करने का मार्ग प्रशस्त किया है, और कांग्रेस पार्टी सदैव इस भावना को व्यवहार में लाने के लिए प्रतिबद्ध रही है। कार्यक्रम में कहा कि जाति जनगणना सामाजिक न्याय की दिशा में नीति निर्माण का सशक्त आधार बन सकती है। जाति, संविधान और राजनीति ये तीनों भारतीय लोकतंत्र के मूल तत्व हैं, और जब तक समानता तथा सामाजिक न्याय का लक्ष्य प्राप्त नहीं होता, तब तक संविधान की आत्मा अधूरी रहेगी। इस सत्र में जिला अध्यक्षों, प्रशिक्षणार्थियों ने भागीदारी की और संगठन निर्माण में समावेशी दृष्टिकोण अपनाने पर बल दिया।  पचमढ़ी पहुंचने के बाद राहुल गांधी गांधी चौक पर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे और फिर प्रशिक्षण सत्र में शामिल होंगे। शाम 4:30 बजे वे जिलाध्यक्षों की ट्रेनिंग कैंप में शामिल होंगे। इसके बाद रात 8 बजे जिलाध्यक्षों और उनके परिवारों के साथ डिनर करेंगे। वे रात को रविशंकर भवन में रुकेंगे और रविवार सुबह 11 बजे बिहार के लिए रवाना होंगे।  बैठक में ‘भारतीय अर्थव्यवस्था और राजनीति की दिशा’ विषय पर एक विशेष सत्र हुआ। इसमें ऑल इंडिया प्रोफेशनल कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवीण चक्रवर्ती ने देश की आर्थिक चुनौतियों पर बात की और सुझाव दिया कि पार्टी को जनता के आर्थिक मुद्दों को प्राथमिकता देनी चाहिए।  राहुल गांधी का यह दौरा केवल बैठक तक सीमित नहीं रहेगा। वे पार्टी संगठन को मजबूत करने, युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर नई रणनीति बनाने पर जोर देंगे। कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, यह बैठक पार्टी की नई कार्ययोजना की दिशा तय करेगी।