samacharsecretary.com

बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर सिंघार का BJP पर वार—आदिवासी वोट बैंक की राजनीति कर रही पार्टी

भोपाल  नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने शनिवार को महान क्रांतिकारी भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, “भगवान बिरसा मुंडा जी ने देश की आजादी और आदिवासी धर्म-संस्कृति की रक्षा के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया। उनकी 150वीं जयंती पर हम सभी को उनके बलिदान को याद करना चाहिए।” सिंघार ने भाजपा पर तीखा प्रहार करते हुए कहा, “भाजपा देश में आदिवासी वोट बैंक की राजनीति कर रही है। बिरसा मुंडा जी की जयंती पर पखवाड़ा मना तो रही है, लेकिन 150वीं जयंती के अवसर पर आदिवासियों के लिए प्रधानमंत्री द्वारा कोई भी घोषणा नहीं की गई।”   आदिवासी युवाओं से अपील करते हुए उन्होंने कहा, “मैं सभी से आह्वान करता हूं कि बिरसा मुंडा जी की जयंती पर हम शपथ लें कि उनके विचारों को जीवित रखेंगे और अपने धर्म व संस्कृति का संरक्षण करेंगे।”  बता दें, 15 नवंबर को देशभर में बिरसा मुंडा की जयंती ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में मनाई जा रही है।

डीएम–MLA विवाद: श्रीगंगानगर में बैठक दौरान नोकझोंक, तमीज और डेकोरम पर टकराव

  श्रीगंगानगर राजस्थान में श्रीगंगानगर में विधायक जयदीप बिहाणी और जिला कलेक्टर डॉ. मंजू के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। विधायक बिहानी ने नाराज़गी जताते हुए कहा कि आपको बोलने की तमीज़ नहीं है, डेकोरम समझिए। आपको पता नहीं है कि MLA क्या होता है। क्या आपको डेकोरम सिखाना पड़ेगा? दरअसल, बीते दिन पटेल जयंती कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय पद यात्रा में डीएम के देरी से पहुंचने पर विधायक बिहाणी आक्रोशित हो गए और मंच पर ही कलेक्टर से बहस हो गई। चर्चा में छाई ये बहस नेताओं और अफसरों के बीच बहस की घटना श्रीगंगानगर में चर्चा में बनी हुई है।  विधायक  और कलेक्टर डॉ. मंजू के बीच तीखी नोकझोंक का पूरा मामला प्रोटोकॉल को लेकर था। विधायक का आरोप है कि उन्हें कार्यक्रम में सम्मान नहीं मिला। इस पर उन्होंने आपत्ति जताई। आरोप: स्वागत के लिए कोई अफसर वहां मौजूद नहीं था दरअसल, सरदार पटेल जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय पद यात्रा कार्यक्रम श्रीगंगानगर में आयोजित किया गया था। इसमें DM देरी से पहुंचीं, इस पर विधायक बिहाणी नाराज हो गए। उन्होंने वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को मंच से समझाइश दी। विधायक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे। इतना ही नहीं, विधायक जयदीप बिहाणी का आरोप है कि प्रोटोकॉल के अनुसार उनके स्वागत के लिए कोई अफसर वहां मौजूद नहीं था। कार्यक्रम में उनके सम्मान के अनुरूप व्यवस्था नहीं की गई थी। उनकी जानबूझकर उपेक्षा की गई। इस पूरे मामले में विधायक जयदीप बिहाणी ने एडीएम सुभाष चंद्र और कलेक्टर डॉ. मंजू को डेकोरम बनाए रखने की बात भी कही। अब इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।

धमाके से कांपा लाल किला क्षेत्र, CCTV में कैद हुआ पूरा मंजर

नई दिल्ली  दिल्ली के लाल किले के पास हुए भीषण कार ब्लास्ट से पहले और बाद के पलों की एक नई CCTV फुटेज सामने आई है, जिसने धमाके की तीव्रता और उसके प्रभाव को बेहद स्पष्ट कर दिया है। यह फुटेज लाल किला मेट्रो स्टेशन के अंदर लगे सर्विलांस कैमरों से प्राप्त हुई है। फुटेज में शुरू में यात्रियों की सामान्य आवाजाही दिखती है। कुछ ही सेकंड बाद एक तेज कंपन और झटके के साथ पूरा स्टेशन हिलता दिखाई देता है।  यह वही क्षण था जब मेट्रो स्टेशन के बाहर ट्रैफिक सिग्नल के पास खड़ी कार में विस्फोट हुआ। स्टेशन के अंदर रखी वस्तुएं हिलने लगीं और कई यात्री अचानक घबराकर पीछे की ओर भागते दिखाई दिए। एक अधिकारी के अनुसार, “यह फुटेज धमाके की तीव्रता, संरचनाओं पर उसके असर और ब्लास्ट वेव की दिशा समझने में अहम भूमिका निभा रही है।” धमाके के तुरंत बाद से लाल किला मेट्रो स्टेशन बंद है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) रोजाना अपडेट जारी कर रहा है और गुरुवार को कहा कि स्टेशन अगली सूचना तक बंद रहेगा, क्योंकि सुरक्षा समीक्षा और जांच जारी है। सुरक्षा एजेंसियां इस नए CCTV फुटेज सहित कई अन्य कैमरों ब्लास्ट साइट, आस-पास की सड़कों और स्टेशन की रिकॉर्डिंग का विश्लेषण कर रही हैं। इन विज़ुअल्स से धमाके के ठीक पहले और बाद की पूर्ण घटनाक्रम श्रृंखला तैयार की जा रही है। 13 लोगों की जान लेने वाले इस विस्फोट की जांच अब कई सुरक्षा एजेंसियां मिलकर तेजी से आगे बढ़ा रही हैं।  

DRI का पंजाब में शिकंजा कसना: दो आरोपी दबोचे, अवैध गतिविधियों का भंडाफोड़

लुधियाना  लुधियाना में नशे के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) ने एक कार से 103 किलो गांजा बरामद किया है। यह नशा एक खास तरीके से तस्करी किया जा रहा था, जिसे डी.आर.आई. की टीम ने पकड़ लिया। इस कार्रवाई में दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है। बरामद नशे की बाजार में कीमत करीब 31 लाख रुपए बताई जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, डी.आर.आई. को जानकारी मिली थी कि कुछ लोग नशे की बड़ी खेप लेकर लुधियाना की ओर आ रहे हैं। इस सूचना के बाद, डी.आर.आई. टीम ने साहनेवाल के पास एक कार को रुकवाया और उसकी जांच शुरू की। टीम को कार के फर्श में छिपाए गए पैकेट मिले, जिनमें गांजा भरा हुआ था। कुल 74 पैकेट खाकी रंग की टेप से लिपटे हुए थे और ये पैकेट कार के फ्रंट और रियर फ्लोर में बनाए गए विशेष कमरों में छिपाए गए थे। इस तस्करी को अंजाम देने के लिए तस्करों ने कार की बॉडी को मोडिफाई कर लिया था, जिससे गांजा आसानी से छिपा लिया गया था। डीआरआई के अधिकारियों ने बताया कि यह तरीका तस्करों द्वारा नशे की तस्करी करने का नया तरीका है, जिसमें वे वाहनों के फ्लोर को बदलकर उसमें गांजा या अन्य नशीली सामग्री छिपाते हैं। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह खेप कहां से आई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। डी.आर.आई. टीम ने कार और गांजा दोनों जब्त कर लिए हैं और अब मामले की गहन जांच की जा रही है। 

सड़क हादसा: बस का इंतजार कर रहे लोगों को कार ने कुचला, एक मृत, दो की हालत नाज़ुक

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में रफ्तार का कहर देखने को मिला है. बस के इंतेजार में कुछ ग्रामीण सड़क किनारे खड़े हुए थे. इस दौरान तेज रफ्तार कार ने ग्रामीणों को रौंद दिया. भीषण हादसे में एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं एक महिला और बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई. यह घटना पेंड्रा-सिवनी मुख्य मार्ग के मझगवां गांव के पास की है. जानकारी के मुताबिक, MG Hector काफी स्पीड से आ रही थी. बताया जा रहा है कि कार चालक नशे में धुत था. उसने कार से नियंत्रण खो दिया और ग्रामीणों को रौंद दिया. घटना के बाद कार सड़क किनारे पलट गई और मौके पर स्थानीय निवासी पहुंच गए, जिसके बाद उन्होंने कार ड्राइवर की जमकर धुनाई कर दी. सूचना पर घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह लोगों को समझाइश देकर शांत करवाया, फिर आरोपी चालक और घायल मां-बेटी को अस्पताल पहुंचाया. फिलहाल गंभीर घायल मां-बेटी को बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर कर दिया गया है. पेंड्रा थाना और यातायात पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई जुटी है.

सीमा पार पहुंचते ही बदल गई पहचान! ‘नूर हुसैन’ के नाम पर पकड़ी गई सरबजीत, पासपोर्ट ने खोला पूरा मामला

कपूरथला पंजाब के हरे-भरे खेतों से निकलकर करतारपुर साहिब की पावन धरती पर सिर झुकाने वाली सरबजीत कौर की कहानी अब एक रहस्यमयी मोड़ पर पहुंच चुकी है। 52 वर्षीय यह सिख महिला गुरु नानक देव जी के 555वें प्रकाश गुरपुरब पर पाकिस्तान गई थी, लेकिन अचानक लापता हो गई। अब पाकिस्तानी सोशल मीडिया पर एक निकाहनामा वायरल हो रहा है जिसमें दावा किया जा रहा है कि सरबजीत ने इस्लाम कबूल कर लिया है, अपना नाम 'नूर' रख लिया है और शेखुपुरा के एक स्थानीय युवक नासिर हुसैन से शादी कर ली है। यह खुलासा न सिर्फ उसके परिवार को स्तब्ध कर रहा है, बल्कि पंजाब पुलिस के रिकॉर्ड में दर्ज तीन पुराने केसों और पासपोर्ट में गड़बड़ी ने पूरे मामले को और उलझा दिया है।   सरबजीत कौर के अचानक लापता होने और उसके बाद धर्म परिवर्तन व निकाह के दावों ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। सरबजीत कपूरथला की रहने वाली है और 4 नवंबर को वाघा-अटारी बॉर्डर पार कर करीब 1,992 सिख तीर्थयात्रियों के साथ पाकिस्तान रवाना हुई थी। लेकिन 10 दिन बाद 13 नवंबर को जत्था भारत लौटा, तो कौर उनके साथ वापस नहीं आई। उर्दू निकाहनामा वायरल, लेकिन प्रमाणिकता संदिग्ध पाकिस्तान के कुछ मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया है कि सरबजीत कौर ने इस्लाम कबूल कर अपना नाम 'नूर हुसैन' रख लिया और शेखुपुरा निवासी नासिर हुसैन से निकाह कर लिया। सोशल मीडिया पर एक उर्दू निकाहनामा वायरल हो रहा है, जिसके अनुसार यह निकाह शेखुपुरा की एक मस्जिद में हुआ। हालांकि, किसी भी भारतीय मीडिया संस्था ने इस दस्तावेज की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की है। यात्रा दस्तावेजों में कई गड़बड़ियां ट्रिब्यून की रिपोर्ट के मुताबिक, स्थानीय सूत्रों ने बताया कि कौर के यात्रा दस्तावेजों में कई गड़बड़ियां सामने आई हैं। उसके पासपोर्ट पर पता मलौत (जिला मुक्तसर) का दर्ज है, न कि कपूरथला का। पासपोर्ट में पिता का नाम दिया गया है, जबकि वह पिछले काफी समय से अपने पति के घर अमानीपुर में रह रही थी। पाकिस्तान में एंट्री करते समय उसने इमिग्रेशन फॉर्म में नागरिकता से जुड़े कॉलम खाली छोड़ दिए, जो एक गंभीर प्रक्रिया-उल्लंघन माना जा रहा है। परिवार और आपराधिक मामलों का इतिहास सामने आया कपूरथला पुलिस के अनुसार, सरबजीत कौर के खिलाफ पहले से तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं- दो कपूरथला सिटी में और एक बठिंडा के कोट फत्ता में। ये सभी मामले धोखाधड़ी और ठगी से जुड़े बताए जा रहे हैं। पुलिस अब इन मामलों की पृष्ठभूमि दोबारा खंगाल रही है। इसके अलावा, SHO निर्मल सिंह ने बताया कि कौर के दो बेटों- लवजोत सिंह और नवजोत सिंह पर कुल 10 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें से कई मामलों में सुनवाई चल रही है। दोनों फिलहाल जमानत पर हैं। पाकिस्तान जाने से पहले, सरबजीत कौर अपने पति करनैल सिंह के घर अमानीपुर में रह रही थी। पति लगभग तीन दशकों से इंग्लैंड में रह रहा है। सरबजीत तलाकशुदा है और उसकी पिछली शादी से दो बेटे हैं। स्थानीय निवासियों ने इस परिवार के बारे में चुप्पी साध रखी है। पुलिस और सरकारी एजेंसियां सतर्क कपूरथला तथा अन्य जिलों की पुलिस अब कौर की पृष्ठभूमि, पाकिस्तान जाने के इरादे, दस्तावेजों की विसंगतियों और सोशल मीडिया पर आए निकाहनामा की जांच कर रही है। फिलहाल, भारतीय एजेंसियां पाकिस्तान से आधिकारिक जानकारी की प्रतीक्षा कर रही हैं कि सरबजीत कौर की स्थिति क्या है- क्या वह वास्तव में धर्म परिवर्तन कर चुकी है या मामला किसी बड़े नेटवर्क या व्यक्तिगत विवाद से जुड़ा है।

बीजेपी के धमाकेदार प्रदर्शन पर कांग्रेस हैरान: ‘हमारा 1984 भी फीका पड़ गया’

नई दिल्ली बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों ने राजनीतिक हलकों में हड़कंप मचा दिया है। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने अप्रत्याशित प्रदर्शन करते हुए 243 में से 202 सीटें अपने नाम की हैं। इसने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेतृत्व वाले इंडिया गठबंधन को करारी हार दी। इस बीच, कांग्रेस पार्टी ने चुनाव प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाते हुए परिणामों की जांच की मांग की है। पार्टी के वरिष्ठ नेता अजय माकन ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में यह बयान दिया। कांग्रेस के 61 प्रत्याशियों में सिर्फ छह ही एनडीए की लहर में अपनी जीत बचा पाए। अजय माकन ने कहा कि 'शुरुआत से ही पूरी चुनाव प्रक्रिया पर सवालिया निशान लगा हुआ था। जब ऐसा है, तो परिणाम भी इस तरह अप्रत्याशित आएंगे। कभी ऐसा स्ट्राइक रेट नहीं रहा। 1984 में भी कांग्रेस का स्ट्राइक रेट ऐसा नहीं था, जैसा इन चुनावों में बीजेपी का है। बीजेपी का 90 परसेंट से भी ऊपर का स्ट्राइक रेट.. किसी को भी उम्मीद नहीं थी और इसमें दाल में काला नजर आता है। हमने अपने गठबंधन सहयोगियों से बात की है। सभी का मानना है कि ये अप्रत्याशित परिणाम हैं और इनकी जांच होनी चाहिए, डेटा का विश्लेषण होना चाहिए। बिहार भर से हमारे कार्यकर्ताओं के फोन आ रहे हैं कि अनियमितताएं हुई हैं और इसकी जांच होनी चाहिए। हमारे लोग डेटा इकट्ठा कर रहे हैं, हम फॉर्म 17 सी, मतदाता सूची देखेंगे और फिर तथ्यों और डेटा के साथ आपके सामने आएंगे।' कांग्रेस नेता की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब एनडीए की इस ऐतिहासिक जीत को ‘ब्रैंड मोदी नीतीश’ के रूप में देखा जा रहा है। इसके उलट, विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन 34 सीट पर सिमट गया। बैठक के बाद खरगे के आवास से निकलते हुए कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने कहा कि बिहार से जो नतीजे आए हैं, वे हम सभी के लिए अविश्वसनीय हैं… हमारे गठबंधन दल इस पर विश्वास नहीं कर रहे हैं… हम आंकड़े इकट्ठा कर रहे हैं और गहन विश्लेषण कर रहे हैं, और 1-2 हफ्ते के भीतर हम ठोस सबूत पेश करेंगे… चुनाव आयोग पूरी तरह से एकतरफा है… यह प्रक्रिया संदिग्ध है…" बिहार के चुनाव नतीजों पर राहुल, खरगे ने किया मंथन कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के साथ बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों पर चर्चा की। बिहार विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और महगठबंधन को करारी हार का सामना करना पड़ा है। कांग्रेस सिर्फ छह सीट पर सिमट गई है। सूत्रों ने बताया कि इस दौरान कांग्रेस के संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल, पार्टी कोषाध्यक्ष अजय माकन और पार्टी के बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लावरू भी मौजूद थे। सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस नेताओं ने बिहार में कांग्रेस के खराब प्रदर्शन पर चर्चा की। पार्टी ने बिहार में 61 सीट पर चुनाव लड़ा था और केवल छह सीट ही जीत पाई। वर्ष 2010 के बाद बिहार में पार्टी का यह दूसरा सबसे खराब प्रदर्शन था। उसने 2010 में केवल चार सीट जीती थीं। स के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे को चौंकाने वाला करार दिया था और कहा था कि विपक्षी गठबंधन एक ऐसे चुनाव में जीत हासिल नहीं कर सका, जो शुरू से ही निष्पक्ष नहीं था। उन्होंने यह भी कहा था कि कांग्रेस पार्टी और 'इंडिया' गठबंधन इस परिणाम की गहराई से समीक्षा करेंगे।

पीएम मोदी का नर्मदा दौरा: देवमोगरा मंदिर में पूजा-अर्चना, बिरसा मुंडा को दी श्रद्धांजलि

सूरत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज गुजरात के दौरे पर हैं, जहां वे कई परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। अपने गुजरात दौरे के दौरान पीएम मोदी सबसे पहले सूरत पहुंचे हैं, जहां उन्होंने अंत्रोली इलाके में बन रहे बुलेट ट्रेन स्टेशन का जायजा भी लिया है। बता दें कि, पीएम मोदी मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर (एमएएचएसआर) की प्रगति की समीक्षा करेंगे। मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर लगभग 508 किलोमीटर लंबा है, जिसमें 352 किलोमीटर हिस्सा गुजरात और दादरा व नगर हवेली में और 156 किलोमीटर महाराष्ट्र में है। यह कॉरिडोर साबरमती, अहमदाबाद, आणंद, वडोदरा, भरूच, सूरत, बिलिमोरा, वापी, बोईसर, विरार, ठाणे और मुंबई समेत प्रमुख शहरों को जोड़ेगा। गुजरात को देंगे 9700 करोड़ रुपये की सौगात पीएम मोदी अपने गुजरात दौरे के दौरान जनजातीय गौरव दिवस के मौके पर और भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती समारोह में भी शिरकत करेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री नर्मदा जिले में 9700 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे। इन परियोजनाओं में आदिवासी कल्याण, बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य, शिक्षा और विरासत पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। पीएम मोदी के दौरे का पूरा कार्यक्रम पीएम मोदी दोपहर में डेडियापाड़ा पहुंचेंगे और एक सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां वह कई परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे। इन परियोजनाओं में प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान (डीए-जगुआ) के तहत बने एक लाख घरों का गृह प्रवेश शामिल है। इसके अलावा पीएम मोदी लगभग 1900 करोड़ रुपये की लागत वाले 42 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों,  डिब्रूगढ़ में असम मेडिकल कॉलेज में एक सक्षमता केंद्र और आदिवासी संस्कृति के संरक्षण के लिए इंफाल में एक जनजातीय अनुसंधान संस्थान भवन का भी उद्घाटन करेंगे। 250 बस, 50 नए एकलव्य विद्यालयों की सौगात प्रधानमंत्री गुजरात के 14 आदिवासी जिलों में कनेक्टिविटी बेहतर बनाने के लिए 250 बसों को हरी झंडी दिखाएंगे। वह आदिवासी क्षेत्रों में 748 किलोमीटर नई सड़कों और डीए-जगुआ के तहत 14 आदिवासी बहु-विपणन केंद्रों की आधारशिला रखेंगे। पीएम मोदी 2,320 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले 50 नए एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों की भी आधारशिला रखेंगे।

TR-4 बस में धुआँ फैलते ही मची अफरा-तफरी, समय रहते चालक-परिचालक सुरक्षित बाहर निकले

 भोपाल राजधानी भोपाल की सड़कों पर उस समय अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला, जब बीसीएलएल की लो फ्लोर रेड बस में आग लगने की घटना होते-होते बच गई। पूरा मामला भोपाल के लिंक रोड नंबर एक का है, जहां बोर्ड ऑफिस चौराहे से न्यू मार्केट की ओर जा रही लो फ्लोर बस से अचानक धुआं निकलने लगा। बस लगातार सड़क पर दौड़ रही थी, लेकिन समय रहते चालक और यात्रियों की सतर्कता से धुएं को काबू कर लिया गया। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। यह बस टीआर-4 रूट पर बैरागढ़ से एम्स तक संचालित होती है। गौरतलब है कि बीसीएलएल की बसों की खराब हालत को लेकर इलाके में लगातार सवाल उठते रहे हैं। अधिकारियों ने घटना की जांच शुरू कर दी है।

मध्यप्रदेश के सहकारी बैंकों में डिजिटल पेमेंट की बड़ी छलांग, NEFT-RTGS हुआ शुरू

भोपाल अपेक्स बैंक के प्रशासक एवं मध्य प्रदेश के प्रमुख सचिव, सहकारिता श्री डी.पी.आहूजा ने आज अपेक्स बैंक मुख्यालय में 72 वें अखिल भारतीय सहकारी सप्ताह की शुरूआत पर मध्यप्रदेश के 38 जिला सहकारी केन्द्रीय बैंकों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों की पैक्स कम्प्यूटराईजेशन योजना पर राज्य स्तरीय क्रियान्वयन एवं अनुश्रवण समिति की बैठक को संबोधित करते हुए यह निर्देश दिये कि सभी पैक्स को सॉफ्टवेयर कार्यप्रणाली पर लाना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही मध्यप्रदेश के सभी जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक अपेक्स बैंक के सदस्य बनकर सीधे एन.ई.एफ.टी.(नेफ्ट) एवं आर.टी.जी.एस. की सुविधा आरंभ करेंगे।  उन्होंने कहा कि व्यवसायिक प्रतिस्पर्धा के दौर में यदि आधुनिक तकनीकी का सहकारी बैंकें उपयोग करेंगी तो निश्चित रूप से इसका भरपूर लाभ बैंक के व्यवसाय संवर्द्धन को मिलेगा और बैंक के काम में पारदर्शिता व गति भी आयेगी ।  उन्होंने कहा कि आज से 72 वां अखिल भारतीय सहकारी सप्ताह आरंभ हो रहा है एवं सरकार की मंशानुरूप अन्तर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष 2025 के दौरान हमें ''सहकार से समृद्धि'' की दिशा में अपने कर्तव्यों एवं दायित्वों का निर्वहन पूर्ण ईमानदारी, समर्पण एवं निष्ठाभाव से सम्पादित करने का भी आज संकल्प लेना होगा ।  बैठक में अपेक्स बैंक के प्रबंध संचालक श्री मनोज गुप्ता ने अपेक्षा की कि आज के चुनौतीपूर्ण दौर में व्यवसाय का विविधीकरण बहुत जरूरी हो गया है, अतः हमें पारम्परिक कार्यप्रणाली के बजाय नवीन संसाधनों का उपयोग आई.बी.पी.एस. के माध्यम से चयनित नवीन अधिकारियों/कर्मचारियों से कराने की शुरूआत करना चाहिए ।  इसके लिये हम अपेक्स बैंक स्तर पर एवं जिला स्तर पर भी प्रशिक्षण समय-समय पर प्रदान कर रहे हैं, फिर भी यदि आपको किसी भी प्रकार की कोई समस्या आती है तो हमें बताईये, हरसंभव उसका निराकरण प्राथमिकता के आधार पर किया जायेगा । उन्होंने यह भी कहा कि आज देश में मध्यप्रदेश का अपेक्स बैंक एकमात्र बैंक है, जिसने देश की बैंकिंग क्षेत्र में  भर्ती करने वाली सबसे बड़ी संस्था आई.बी.पी.एस. के माध्यम से पूरे प्रदेश में अधिकारियों/कर्मचारियों की भर्ती की है, जिसका अनुसरण देश के अन्य राज्यों द्वारा भी करने के प्रयास शुरू हो गये हैं और हमारी राष्ट्रीय स्तर पर सराहना भी हुई है । बैठक में श्री अरूण मिश्र, वि.क.अ., श्री के.टी.सज्जन, उप महाप्रबंधक एवं श्री अरविंद बौद्ध, वि.क.अ. ने बैंकिंग, कृषि अकृषि ऋण वितरण, वसूली, उपार्जन, पैक्स कम्प्यूटराईजेशन सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किये ।   बैठक में आयुक्त सहकारिता एवं पंजीयक श्री मनोज पुष्प, नाबार्ड मध्यप्रदेश की मुख्य महाप्रबंधक श्रीमती सी.सरस्वती, अपेक्स बैंक की विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी श्रीमती अरूणा दुबे, उप महाप्रबंधक नाबार्ड श्री नन्दू के.नायक के साथ बैंक के अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण तथा 38 जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों के मुख्य कार्यपालन अधिकारीगण भी उपस्थित हुए ।