samacharsecretary.com

युवाओं के लिए सुनहरा मौका: बिहार के एक विभाग में 33,000+ पदों पर भर्ती की तैयारी तेज

पटना  बिहार के नवनियुक्त स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने पदभार ग्रहण करते ही कहा कि स्वास्थ्य विभाग में 33 हजार से अधिक पदों पर नियुक्तियों की प्रक्रिया आने वाले दिनों में पूरी की जाएगी। बिहार में नई सरकार के गठन के साथ ही प्रशासनिक निर्णयों के लेने की गति तेज हो गई है।  26 हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया अंतिम चरण में पांडेय ने स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में बड़े कदमों की घोषणा की। पांडेय ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि विभाग में 26 हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया अंतिम चरण में है और इसे जल्द पूरा कर लिया जाएगा। इसके अलावा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत 7,600 अतिरिक्त पदों पर नियुक्ति की योजना भी शीघ्र लागू की जाएगी। उन्होंने कहा कि नई सरकार की प्राथमिकता स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और पहुंच को बेहतर बनाना है। स्वास्थ्य मंत्री ने राज्य के युवाओं के लिए एक और महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए बताया कि अगले वर्ष वैशाली, सीवान और भोजपुर में तैयार हो रहे तीन नए मेडिकल कॉलेज काम करना शुरू कर देंगे। उन्होंने कहा कि इन संस्थानों के शुरू होने से राज्य में चिकित्सकों की संख्या बढ़ेगी और स्वास्थ्य शिक्षा एवं चिकित्सा सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी।  पांडेय ने कहा कि सरकार अब स्वास्थ्य ढांचे के उन्नयन, चिकित्सा संसाधनों की उपलब्धता बढ़ाने, विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की स्थिति सुधारने पर विशेष ध्यान देगी। उन्होंने बताया कि अस्पतालों के आधुनिकीकरण, सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं के विस्तार और आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में कार्य तेज किया जाएगा। पिछले कुछ वर्षों में भर्ती प्रक्रियाओं में सुस्ती की वजह से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी नियुक्ति पाने की प्रतीक्षा में थे। पांडेय के अनुसार, नई घोषणाओं से स्वास्थ्य विभाग की कार्य क्षमता में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिल सकता है।   

प्रदेश के जिला मुख्यालयों में राज्य जैव विविधता क्विज-2025 का आयोजन

भोपाल  जैवविविधता जागरूकता एवं संरक्षण के उद्देश्यों की पूर्ति के लिये मध्यप्रदेश राज्य जैवविविधता बोर्ड, भोपाल एवं वन विभाग के संयुक्त तत्वाधान में 25 नवम्बर 2025 को प्रदेश के समस्त 55 जिला मुख्यालयों में मध्यप्रदेश राज्य जैवविविधता क्विज-2025 का जिला स्तरीय आयोजन लिखित परीक्षा के माध्यम से ऑफलाईन आयोजित किया गया। जिला स्तरीय क्विज़ प्रतियोगिता प्रदेश के समस्त जिलों में क्षेत्रीय वनमण्डलाधिकारियों के निर्देशन मे सफलतापूर्वक आयोजित की गई। प्रतियोगिता में समस्त जिलों के नामांकित नोडल अधिकारियों, क्विज़ समन्वय अधिकारियों, विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षकों एवं स्थानीय प्रशासन द्वारा सराहनीय सहयोग प्राप्त हुआ। जिला स्तरीय जैवविविधता क्विज प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी 55 जिलों की कुल 3,720 विद्यालयीन टीमों के 11,160 विद्यार्थियों द्वारा प्रतिभागिता की गई। प्रत्येक जिले की प्रथम द्वितीय एवं तृतीय विजेता टीमों को समापन समारोह मे प्रमाण-पत्र एवं ट्रॉफी पदक से सम्मानित किया गया एवं शेष सभी पंजीकृत टीमों के प्रतिभागियों को क्विज सहभागिता प्रमाण-पत्र वितरित किया जाकर कार्यक्रम का समापन किया गया। अगले चरण में सभी जिलों में प्रथम रही 55 टीमों 12 दिसम्बर 2025 को आयोजित राज्य स्तरीय जैवविविधता क्विज प्रतियोगिता में भाग लेगी।  

आने वाली ठिठुरन से सतर्क रहें पंजाबी, IMD ने दिया बड़ा अलर्ट

चंडीगढ़ पंजाब में अभी तक हल्की ठंड ही पड़ रही थी और लोग हल्के गरम कपड़े और कम्बलों से ही काम चला रहे थे, लेकिन अब रज़ाइयां निकालने का समय आ गया है क्योंकि 28 नवंबर के बाद राज्य में कंपा देने वाली ठंड पड़ने वाली है। मौसम विभाग के नए अलर्ट के अनुसार फिलहाल पंजाब का मौसम शुष्क रहेगा और बारिश का कोई अलर्ट नहीं है, लेकिन कुछ जगहों पर हल्का कोहरा और धुंध छाई रह सकती है। 28 नवंबर के बाद ठंड में तेज़ बढ़ोतरी होने की संभावना है। राज्य में रातें काफ़ी ठंडी हो चुकी हैं और सभी इलाकों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे पहुंच गया है। मौसम विभाग के ताज़ा आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों में तापमान में 0.6 डिग्री की और गिरावट दर्ज की गई है। विभाग के अनुसार 28 नवंबर से राज्य के ज़्यादातर हिस्सों में रात का तापमान 4 से 6 डिग्री के बीच रहेगा। हालांकि जालंधर, कपूरथला, पटियाला, लुधियाना और मोहाली में यह 6 से 8 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। 

H1B विवाद पर सफाई: ट्रंप के बयान की गलत व्याख्या हुई, व्हाइट हाउस ने विदेशी टैलेंट के समर्थन की पुष्टि की

वाशिंगटन  व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने कहा है कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की H1B  वीजा के मुद्दे पर ‘‘बहुत गहरी और व्यावहारिक राय'' है और वह अमेरिकी कर्मचारियों के स्थान पर अन्य देशों के कर्मियों को रोजगार दिए जाने का समर्थन नहीं करते हैं। अमेरिकी कर्मचारियों के स्थान पर H1B  वीज़ा धारकों को रोजगार दिए जाने और इस पर ट्रंप के रुख के बारे में पूछे जाने पर लेविट ने कहा कि इस मुद्दे पर राष्ट्रपति के रुख को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है। एच-1बी वीजा के मुद्दे पर लेविट ने कहा कि ट्रंप ‘‘इस मुद्दे पर बहुत व्यावहारिक राय रखते हैं। वह देखना चाहते हैं कि क्या विदेशी कंपनियां अमेरिका में खरबों डॉलर का निवेश कर रही हैं और क्या वे बैटरी जैसी वस्तुएं बनाने के लिए विदेशी कर्मचारियों को अपने साथ ला रही हैं। वह यह देखना चाहते हैं कि शुरुआत में ही उन विनिर्माण सुविधाओं और कारखानों को चालू किया जा सके।" उन्होंने कहा कि ट्रंप हमेशा से ही अमेरिकी कर्मचारियों को ही इन नौकरियों में देखना चाहते हैं, और उन्होंने देश में निवेश करने वाली विदेशी कंपनियों से कहा है कि ‘‘अगर उन्हें अमेरिका में कारोबार करना है तो बेहतर होगा कि वे मेरे लोगों को नौकरी पर रखें। राष्ट्रपति के रुख को लेकर काफी गलतफहमी रही है।''   लेविट ने कहा कि राष्ट्रपति अमेरिकी विनिर्माण उद्योग को पहले से कहीं बेहतर देखना चाहते हैं। लेविट ने कहा, ‘‘शुल्क के प्रभावी इस्तेमाल और दुनिया भर में अच्छे व्यापार समझौतों को कम करने के ज़रिए वह यह काम कर रहे हैं। इसीलिए उन्होंने हमारे देश में खरबों डॉलर का निवेश आकर्षित किया है। इससे यहां पर अच्छी तनख्वाह वाली अमेरिकी नौकरियां पैदा हो रही हैं।'' ट्रंप ने एच-1बी वीजा कार्यक्रम का बचाव करते हुए कहा था कि अमेरिका को दुनिया भर से प्रतिभाओं को लाना होगा, क्योंकि देश में "कुछ खास प्रतिभाएं" नहीं हैं। ट्रंप के एमएजीए (मेक अमेरिका ग्रेट अगेन) समर्थकों द्वारा एच-1बी वीजा पर की गई तीखी प्रतिक्रिया के बीच राष्ट्रपति स्पष्ट कर चुके हैं कि वह देश में कुशल पेशेवर प्रवासियों का ‘स्वागत' करेंगे, जो अमेरिकी पेशेवरों को ‘चिप' और ‘मिसाइल' जैसे जटिल उत्पादों को विकसित करना "सिखाएंगे"। ट्रंप ने स्वीकार किया था कि उन्हें अपने समर्थकों से इस पर ‘‘थोड़ी नाराजगी'' झेलनी पड़ सकती है, जो आव्रजन पर प्रतिबंधों का समर्थन करते हैं।    

सुल्तान अजलान शाह कप में बेल्जियम ने भारत को 2-3 से हराया

इपोह  मलेशिया के इपोह में मंगलवार को सुल्तान अजलान शाह कप में बेल्जियम के खिलाफ खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम को अच्छे प्रदर्शन के बावजूद 2-3 से हार का सामना करना पड़ा। भारतीय टीम ने मुकाबले की शुरुआत मजबूती से करते हुए बेल्जियम पर दबाव बनाया था। बेल्जियम को मैच शुरू होने के दस मिनट बाद पेनल्टी कॉर्नर से पहला मौका मिला, और जल्द ही उन्हें दूसरा मौका भी मिला। भारतीय टीम की मजबूत रक्षापंक्ति के सामने बेल्जियम पेनल्टी कॉर्नर को गोल में नहीं बदल सका। दूसरे क्वार्टर में बेल्जियम ने बढ़त बनाई। रोमन डुवेकोट (17’) ने मैच का पहला गोल किया। भारतीय टीम ने इसके बाद गोल की लगातार कोशिश की लेकिन सफलता नहीं मिली। बेल्जियम ने हाफटाइम तक अपनी 1-0 की बढ़त बनाए रखी। दूसरे हाफ की शुरुआत में अभिषेक (33’) के गोल से भारतीय टीम ने वापसी की और मैच को 1-1 से बराबरी पर ला दिया। भारतीयों ने दूसरे गोल की तलाश में बेल्जियम पर दबाव बनाया, लेकिन बेल्जियम ने निकोलस डी केर्पेल (45’) के पेनल्टी कॉर्नर पर किए गोल से वापस बढ़त बना ली। चौथे क्वार्टर की शुरुआत में रोमन डुवेकोट (46’) ने गोल करके बेल्जियम की बढ़त 1-3 कर दी। भारत के लिए शिलानंद लाकड़ा (57’) ने रबीचंद्र सिंह के शानदार क्रॉस पर गोल करके बढ़त को कम किया। भारत को उम्मीद की एक किरण दिखाई। लेकिन अंत तक भारत बेल्जियम की बराबरी नहीं कर सका। भारतीय टीम को 2-3 से हार का सामना करना पड़ा। भारत ने टूर्नामेंट के पहले मैच में कोरिया को 1-0 से हराया था। बेल्जियम के साथ दूसरा मैच बारिश की वजह से मंगलवार को पुनर्निर्धारित किया गया था। भारत का अगला मैच 26 नवंबर को 17:30 (आईएसटी) पर मलेशिया से होगा। सुल्तान अजलान शाह कप 2025 के मैच फैनकोड पर लाइव दिखाए जा रहे हैं।

रायपुर : धान खरीदी के लिए किसानों को टोकन जारी विशेष व्यवस्था

रायपुर : धान खरीदी के लिए किसानों को टोकन जारी विशेष व्यवस्था धान खरीदी के लिए किसानों को टोकन जारी विशेष व्यवस्था खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में 31 जनवरी तक होगा धान खरीदी रायपुर खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में प्रदेश में धान उपार्जन प्रक्रिया को सुचारू एवं पारदर्शी रूप से संचालित करने के लिए राज्य शासन द्वारा धान खरीदी 15 नवंबर 2025 से 31 जनवरी 2026 तक निर्धारित की गई है। लगभग 50 कार्य दिवसों में खरीदी कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। किसानों की सुविधा के लिए पूर्व की भांति इस वर्ष भी टोकन जारी कर धान खरीदी की जा रही है। टोकन तुहर हाथ मोबाइल ऐप के माध्यम से टोकन उपलब्ध राज्य शासन के निर्देशों के अनुसार किसानों की भूमि धारिता के आधार पर टोकन जारी किए जा रहे हैं। 2 एकड़ तक भूमि वाले किसानों को एक टोकन, 2 से 10 एकड़ तक भूमि वाले किसानों को अधिकतम  2 टोकन और 10 एकड़ से अधिक भूमि वाले किसानों को अधिकतम 3 टोकन जारी किए जा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि किसान टोकन उपार्जन केंद्र से सीधे प्राप्त कर सकते हैं अथवा टोकन तुहर हाथ मोबाइल ऐप के माध्यम से स्वयं भी टोकन ले सकते हैं। यह मोबाइल ऐप गूगल प्ले स्टोर में उपलब्ध है। शिकायतें एवं सुझाव खाद्य विभाग के टोल-फ्री नंबर 1800-233-3663 पर इसके अलावा धान खरीदी से संबंधित शिकायतें एवं सुझाव खाद्य विभाग के टोल-फ्री नंबर 1800-233-3663 पर दर्ज कराए जा सकते हैं। इसके साथ ही जिले में अपर कलेक्टर की अध्यक्षता में इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर तथा कॉल सेंटर का गठन किया गया है, जो धान की रीसाइक्लिंग पर रोक, कोचियों/बिचौलियों की गतिविधियों की निगरानी और धान के उठाव एवं परिवहन की सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित कर रहा है।  प्रशासन ने अपील की है कि उपार्जन केंद्र में धान लाते समय किसान-धान को अच्छी तरह सुखाकर लाएं, जिसमें नमी 17 प्रतिशत से अधिक न हो, धान साफ-सुथरा एवं अशुद्धियों से मुक्त हो। साथ में टोकन, ऋण पुस्तिका एवं आधार कार्ड अवश्य रखें। जिला प्रशासन ने किसानों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि निर्धारित निर्देशों का पालन करते हुए समय पर धान विक्रय करें, जिससे खरीदी कार्य सुचारू एवं बाधारहित पूर्ण किया जा सके।

हरियाणा कफ सिरप केस में बड़ी कार्रवाई, BJP नेता के बेटे की करोड़ों की संपत्ति सीज़

पानीपत  जम्मू सब जोनल प्रवर्तन निदेशालय ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हैल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड में पार्टनर हरियाणा के भाजपा नेता नीरज भाटिया की 1 करोड़ की सम्पति जब्त की है। जांच एजेंसी ने यह कार्रवाई जम्मू नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो द्वारा कप सिरप मामले में नीरज भाटिया, निकेत कंसल और उनके सहयोगियों पर कोरक्स और कोडीन खांसी सिरप की दवा की नशे के रूप में आपूर्ति करने के आरोप लगाए गए थे। ई.डी. की जांच में पता चला कि कम्पनी द्वारा 2018 से 2024 तक बड़ी मात्रा में दवा एस.एस. इंडस्ट्रीज, कंसल इंडस्ट्रीज, नोवेटा फार्मा, कंसल फार्मास्यूटिकल्स और एन. के, फार्मास्यूटिकल्स को भेजी गई थी। ये सभी निकेत कंसल के लोगों की बताई गई है। इसी में एक पार्ट श्रीनगर निवासी रईस अहमद भटूट तक भी पहुंचा जिसके यहां से एन.सी.बी. ने जनवरी 2024 में भारी मात्रा में खांसी सिरप जब्त किए थे। नवीन के घर से बरामद किया था सामान प्रवर्तन निदेशालय की टीम फरवरी 2025 पानीपत पहुंची थी। टीम ने नीरज भाटिया के मॉडल टाउन स्थित आवास पर 17 घंटे सर्वे किया था। उनके आवास से छह लाख रुपये, ज्वेलरी के 50-60 खाली डिब्बे और विदेशी शराब मिली थी। घर में डिफेंडर समेत पांच गाड़ियां और दो विदेशी नस्ल के कुत्ते भी थे। टीम उनके घर से तीन बड़े बॉक्स और एक थैले में सामान ले गई थी। 

रायपुर : प्रदेश के सभी किसानों को धान खरीदी केंद्र में दी जा रही है सभी बुनियादी सुविधाएं

रायपुर : प्रदेश के सभी किसानों को धान खरीदी केंद्र में दी जा रही है सभी बुनियादी सुविधाएं रायपुर, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देशों के अनुरूप प्रदेश भर में चल रहा धान खरीदी अभियान पूरी तरह सुचारू, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ रहा है। जशपुर जिले के सभी 46 धान खरीदी केंद्रों में आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है, ताकि प्रत्येक पंजीकृत किसान बिना किसी परेशानी के अपने धान की बिक्री कर सके। धान खरीदी केंद्र में व्यवस्था अत्यंत संतोषजनक       प्रशासन द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसानों का धान प्राथमिकता के आधार पर खरीदा जाए और किसी भी स्तर पर देरी या असुविधा न हो। इसी व्यवस्था के अंतर्गत पत्थलगांव विकासखण्ड के बागबहार धान खरीदी केंद्र में ग्राम मयूरनांचा के किसान सुशांत कुमार साहू ने आज अपना धान बेचा। उन्होंने बताया कि खरीदी केंद्र में व्यवस्था अत्यंत संतोषजनक थी। कर्मचारियों ने सहयोगपूर्ण व्यवहार किया और धान तौलने से लेकर रसीद प्राप्त करने तक पूरे प्रक्रिया में उन्हें कहीं भी कोई दिक्कत का सामना नहीं करना पड़ा। उन्होंने यह भी कहा कि सोसायटी में उनके नाम से पंजीयन पहले से ही सही तरीके से दर्ज था, जिसके कारण खरीदी प्रक्रिया और भी सरल हो गई। धान खरीदी की व्यवस्था को मजबूत             किसान सुशांत कुमार ने प्रशासन व सोसायटी की ओर से उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र में पानी, बैठने की व्यवस्था और अन्य आवश्यक सेवाएँ उपलब्ध थीं, जिससे किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। जिले में इस वर्ष धान खरीदी की व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए किए गए प्रयासों का सकारात्मक प्रभाव किसानों तक सीधे रूप से पहुंच रहा है।

रायपुर : दो सिंचाई योजना के कार्यों के लिए 7.48 करोड़ रूपए स्वीकृत

रायपुर : दो सिंचाई योजना के कार्यों के लिए 7.48 करोड़ रूपए स्वीकृत रायपुर, छत्तीसगढ़ शासन, जल संसाधन विभाग द्वारा दो सिंचाई योजनाओं के कार्यों के लिए 7 करोड़ 48 लाख 58 हजार रूपए स्वीकृत किए गए है। स्वीकृत सिंचाई योजना के कार्यों में बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के विकासखण्ड शंकरगढ़ की खर्रानाला स्टापडेम निर्माण कार्य हेतु तीन करोड़ 74 लाख 19 हजार रूपए स्वीकृत किए गए हैं। योजना से निस्तारी, भूजल संवर्धन, पेयजल, आवागमन एवं किसानों द्वारा स्वयं के साधन से 58 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा होगी। सरगुजा जिले के विकासखण्ड-उदयपुर की पण्डरीडांड जलाशय के बांध एवं नहर जीर्णोद्धार कार्य हेतु तीन करोड़ 74 लाख 39 हजार रूपए स्वीकृत किए गए है। योजना के प्रस्तावित कार्यों के पूर्ण होने के उपरांत रूपांकित सिंचाई क्षमता 445 हेक्टेयर के विरूद्ध 233 हेक्टेयर की हो रही कमी की पूर्ति सहित पूर्व रूपांकित क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा उपलब्ध होगी। सिंचाई योजनाओं के कार्यों को पूर्ण कराने मुख्य अभियंता हसदेव गंगा कछार जल संसाधन विभाग अंबिकापुर को प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है।

दिल्ली में पंजाब कांग्रेस की बड़ी हलचल! वरिष्ठ नेता की एंट्री से बढ़ी सियासी गर्मी

पटियाला पंजाब कांग्रेस के भीष्म पितामह और पार्टी के ‘ब्रेन’ के रूप में माने जाने वाले पूर्व वित्त मंत्री तथा पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष लाल सिंह ने दिल्ली पहुंचकर कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से मुलाकात की। सूत्रों के अनुसार, दोनों नेताओं के बीच पंजाब की मौजूदा राजनीति को लेकर गंभीर चर्चा हुई।   पंजाब कांग्रेस की वर्तमान राजनीति में लाल सिंह सबसे पुराने नेताओं में से हैं। उन्होंने 1977 के बाद बने सभी कांग्रेसी मुख्यमंत्रियों के साथ बतौर कैबिनेट मंत्री काम किया है। उनके पास कांग्रेसी राजनीति का 50 वर्षों का अनुभव है। इन वर्षों के दौरान कांग्रेस में कई बार टूट-फूट हुई कभी तिवाड़ी कांग्रेस बनी, कभी एन.सी.पी. जैसी पार्टियों का गठन हुआ पर लाल सिंह ऐसे नेता रहे जो हर परिस्थिति में गांधी परिवार की अगुवाई वाली कांग्रेस के साथ डटे रहे। यही कारण है कि सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी उनका विशेष सम्मान करते हैं। लाल सिंह भी सदैव पार्टी की मजबूती के लिए हाईकमान को महत्वपूर्ण सलाह देते रहे हैं। कांग्रेस पार्टी का तरनतारन उपचुनाव में चौथे नंबर पर पहुंचना पार्टी के लिए बेहद चिंताजनक है। मौजूदा राजनीतिक माहौल में लोग आम आदमी पार्टी की सरकार से काफी निराश हैं। अकाली दल दोबारा खड़े होने की कोशिशों में लगा हुआ है, पर अभी तक वह सफल नहीं हो पाया। वहीं भाजपा की केंद्र सरकार के कुछ फैसलों से पंजाब में पार्टी की राजनीतिक स्थिति कमजोर होती दिख रही है। ऐसे माहौल में लाल सिंह जैसे वरिष्ठ नेता का राहुल गांधी से मुलाकात करना इस बात का संकेत है कि कांग्रेस पंजाब को लेकर बेहद गंभीर है। वर्तमान समय में लाल सिंह ही ऐसे नेता हैं जो पंजाब के सभी 117 विधानसभा हलकों की राजनीति को गहराई से समझते हैं। पार्टी 2027 विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए उनके अनुभव का लाभ लेना चाहती है, क्योंकि चुनावों में बहुत कम समय बचा है और सभी राजनीतिक पार्टियां अपनी गतिविधियां तेज कर चुकी हैं। आम आदमी पार्टी जहां विकास कार्यों के लिए ग्रांटों का वितरण कर रही है, वहीं गुरु तेग बहादुर साहिब की 350वीं शहीदी वर्षगांठ को बड़े स्तर पर मना कर अकाली दल के पंथक वोट बैंक में सेंध लगाने की कोशिश भी कर रही है। कांग्रेस पंजाब में संगठन निर्माण अभियान चला रही है। सभी जिलों के नए अध्यक्ष नियुक्त किए जा चुके हैं। अब प्रदेश कांग्रेस कमेटी का पुनर्गठन होना है और पंजाब को नया प्रदेशाध्यक्ष मिलने वाला है। ऐसे में लाल सिंह का दिल्ली जाकर हाईकमान से मिलना पंजाब की कांग्रेस राजनीति में अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।