samacharsecretary.com

मुंबई और दिल्ली में आज भी रद्द हैं इंडिगो की फ्लाइट्स, CSMIA पर 109 फ्लाइट्स प्रभावित

  नई दिल्ली इंडिगो एयरलाइन में आई अचानक स्टाफ-शॉर्टेज और तकनीकी मैनेजमेंट से जुड़ी समस्या ने पूरे देश में हजारों यात्रियों को मुसीबत में डाल दिया. दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद, जयपुर, इंदौर, कोच्चि, तिरुवनंतपुरम सहित कई एयरपोर्टों पर बड़े पैमाने पर उड़ानें रद्द या लेट हो रही हैं, जिससे एयरपोर्ट टर्मिनलों पर भारी भीड़ है. कई जगह यात्रियों ने नाराजगी जताई, और सोशल मीडिया पर इसका बड़ा असर देखने को मिल रहा है. इंडिगो के बेड़े और कनेक्टिविटी नेटवर्क की वजह से पूरे देश में इसका असर दिखा है. देर रात एयरपोर्ट प्राधिकरण और इंडिगो की ओर से एडवाइजरी जारी की जाती रहीं, मगर स्थिति देर रात 12 बजे तक भी संभलने में वक्त लग रहा था. दिल्ली एयरपोर्ट ने जारी की एडवाइजरी. इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGI) दिल्ली ने रात में पैसेंजर एडवाइजरी जारी की है. इसमें कहा गया कि हम आपको अपडेट करना चाहते हैं कि इंडिगो की फ्लाइट सेवाएं धीरे-धीरे सामान्य हो रही हैं. यात्रियों से अनुरोध है कि घर से निकलने से पहले अपनी फ्लाइट की स्थिति अवश्य जांच लें. इसके साथ ही IGI ने अपनी वेबसाइट व एयरलाइंस से सीधे संपर्क करने की सलाह दी. सोशल मीडिया पर यह एडवाइजरी दिल्ली एयरपोर्ट के आधिकारिक X हैंडल से शेयर की गई. दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनलों पर रात के समय भीड़ है, क्योंकि कई यात्री अनिश्चितता के बीच अगले अपडेट का इंतजार करते रहे. दिल्ली-मुंबई एयरपोर्ट पर यात्रियों का बुरा हाल – मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर आज भी इंडिगो की फ्लाइट रद्द होने का सिलसिला जारी है. आज मुंबई से 109 फ्लाइट्स सुबह 9:00 बजे तक रद्द की गई हैं, जिनमें 51 अराइवल और 58 डिपार्चर फ्लाइट हैं. जिन लोगों ने मुंबई से वापस जाने के लिए इंडिगो की फ्लाइट की टिकट ली थी, वह भी कैंसल करवाने के लिए कतार में खड़े हैं. उनका कहना है कि इंडिगो की ऑनलाइन सेवा भी काम नहीं कर रही है. कस्टमर केयर सपोर्ट सिर्फ नाम के लिए ही बचा है, कोई फोन नहीं उठाता. – दिल्ली की बात करें तो यहां IGI एयरपोर्ट के अनुसार, प्लान्ड इंडिगो कैंसलेशन 86 हैं. इनमें 37 डिपार्चर फ्लाइट्स और 49 अराइवल फ्लाइट्स शामिल हैं. – चंडीगढ़ में इंडिगो की अब तक दस उड़ानें रद्द हो चुकी हैं. बेंगलुरु, लखनऊ, लेह, श्रीनगर, मुंबई, हैदराबाद, अहमदाबाद और कुछ अन्य शहरों की उड़ानें रद्द हुई हैं. आज यात्रियों को पहले से जानकारी होने के कारण इंडिगो काउंटर पर यात्रियों की संख्या बहुत कम है. – बैंगलोर की बात करें तो यहां 63 डिपार्चर फ्लाइट रद्द हुई हैं. वहीं 61 अराइवल रद्द हैं.  – हैदराबाद में इंडिगो की तरफ से प्लान्ड कैंसलेशन जानकारी दी गई है, इमें अराइवल 26 और डिपार्चर 43 फ्लाइट्स रद्द हैं. यहां कुल 69 फ्लाइट्स कैंसल हैं. – त्रिवेंद्रम एयरपोर्ट पर निर्धारित इंडिगो उड़ानों की कुल संख्या डोमस्टिक अराइवल 11 और डिपार्चर 11 हैं. यहां इंटरनेशनल अराइवल 2, डिपार्चर 2 हैं. अब तक रद्द उड़ानें डोमस्टिक अराइवल 4, डोमस्टिक डिपार्चर 5 हैं. ये फ्लाइट्स दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, हैदराबाद और बेंगलुरु के लिए थीं. – पुणे इंटरनेशनल एयरपोर्ट से इंडिगो स्टेटस सामने आया है. एयरपोर्ट अथॉरिटी के अनुसार, आज पुणे से शेड्यूल की गई कुल 42 इंडिगो फ्लाइट्स कैंसल कर दी गई हैं. जो फ्लाइट्स शाम 4 बजे के बाद ऑपरेट होने वाली थीं, वे पहले लेट हो गई थीं, लेकिन अब सभी इंडिगो डिपार्चर कैंसल हैं. अहमदाबाद एयरपोर्ट: 7 अराइवल और 12 डिपार्चर फ्लाइट रद्द अहमदाबाद हवाई अड्डे पर स्थिति सबसे गंभीर रही. आधिकारिक जानकारी के अनुसार, 12 AM से 6 AM के बीच 7 आगमन (Arrivals) उड़ानें रद्द हुई हैं, इसी के साथ 12 प्रस्थान (Departures) रद्द हुईं. यानी कुल 19 इंडिगो उड़ानें प्रभावित रहीं. इससे एयरपोर्ट परिसर के बाहर और भीतर यात्री परेशान रहे. कई यात्रियों ने कहा कि उन्हें एयरलाइन की ओर से समय पर सही जानकारी नहीं मिली. चेन्नई एयरपोर्ट पर इंडिगो की कई फ्लाइट्स कैंसल चेन्नई एयरपोर्ट से इंडिगो की उड़ानें बड़े पैमाने पर रद्द होने के बीच एयरलाइन का एक आंतरिक पत्र सामने आया है. 6 दिसंबर 2025 को जारी इस पत्र में इंडिगो के ड्यूटी मैनेजर ने CISF के असिस्टेंट कमांडेंट को लिखा है कि रद्द की गई उड़ानों के यात्रियों को टर्मिनल में प्रवेश की अनुमति न दी जाए, ताकि एयरपोर्ट पर बढ़ती भीड़ को नियंत्रित किया जा सके. इसमें कुल 29 फ्लाइट का जिक्र है, जिन्हें दिनभर विभिन्न शहरों के लिए रवाना होना था, लेकिन सभी को ऑपरेशनल कारणों से रद्द कर दिया गया. इनमें चेन्नई से पोर्ट ब्लेयर, अहमदाबाद, गोवा, लखनऊ, मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद, कोलकाता, पटना, पुणे और कोच्चि जैसी प्रमुख रूटों की उड़ानें शामिल हैं. रद्द हुई उड़ानों के निर्धारित समय सुबह 10:30 बजे से लेकर देर रात 11:15 बजे तक फैले हुए थे, यानी लगभग पूरे दिन की शेड्यूलिंग प्रभावित हुई. रद्द की गई फ्लाइट की सूची (समय सहित)     फ्लाइट नं.    सेक्टर                               निर्धारित समय     6E 845       चेन्नई – पोर्ट ब्लेयर (IXZ)           10:30     6E 6374     चेन्नई – अहमदाबाद                  11:40     6E 973       चेन्नई – गोवा                            12:20     6E 515      चेन्नई – लखनऊ                        12:40     6E 2578    चेन्नई – अहमदाबाद                   12:45     6E 6058    चेन्नई – मुंबई                            12:55     6E 6055    चेन्नई – बेंगलुरु                         13:15     6E 5837    चेन्नई – मुंबई                            14:45     6E 902      चेन्नई – जबलपुर                        15:45     6E 979      चेन्नई – गुवाहाटी                  … Read more

उप मुख्यमंत्री साव बनवाएंगे जी.ई. रोड पर बहुप्रतीक्षित फ्लाईओवर, 173 करोड़ किए मंजूर

डिप्टी सीएम साव ने दी राजधानी को बहुप्रतीक्षित फ्लाईओवर की मंजूरी उप मुख्यमंत्री साव बनवाएंगे जी.ई. रोड पर बहुप्रतीक्षित फ्लाईओवर, 173 करोड़ किए मंजूर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने पी.टी.एस. चौक में फ्लाईओवर का प्रस्ताव अगले बजट में शामिल करने के दिए निर्देश रायपुर उप मुख्यमंत्री, लोक निर्माण तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्री अरुण साव की पहल पर राजधानी रायपुर के यातायात को व्यवस्थित करने तथा रेलवे स्टेशन से एयरपोर्ट तक सुगम यातायात के लिए शहर के बीच कई फ्लाईओवर्स की कार्ययोजना को धरातल पर उतारा जा रहा है। उप मुख्यमंत्री श्री साव के अनुमोदन के बाद लोक निर्माण विभाग ने आज जी.ई. रोड पर बहुप्रतीक्षित गुरू तेगबहादुर उद्यान से तेलीबांधा में नेताजी सुभाष चौक से गुरूनानक चौक तक फ्लाईओवर के लिए 173 करोड़ रुपए की स्वीकृति दे दी है। इसके निर्माण से गुरू तेगबहादुर उद्यान से नेताजी सुभाष चौक से गुरूनानक चौक तक जी.ई. रोड पर शहर का यातायात सुगम हो जाएगा। इससे लोगों को काफी राहत मिलेगी।  रायपुर शहर के यातायात को व्यवस्थित करने चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट में इस फ्लाईओवर के निर्माण को शामिल किया गया था। करीब डेढ़ किलोमीटर लंबे इस फोरलेन (16.61 मीटर चौड़ा) फ्लाईओवर के निर्माण से शंकर नगर चौक, केनाल रोड क्रासिंग व गुरूनानक चौक में यातायात की समस्या से निजात मिलेगी। इस फ्लाईओवर से नगर घड़ी चौक से यातायात सीधे तेलीबांधा थाने तक पहुंच जाएगी तथा नगर घड़ी चौक का ट्रैफिक तेलीबांधा चौक से पहले बांयी ओर मुड़कर अटल एक्सप्रेस-वे से सीधे एयरपोर्ट तक पहुंच जाएगा।  एक्सप्रेस-वे के फुंडहर चौक में भी फ्लाईओवर प्रस्तावित है। फुंडहर चौक से आगे अटल एक्सप्रेस-वे को व्ही.आई.पी. रोड (एयरपोर्ट रोड) से जोड़ने के लिए राज्य शासन द्वारा पहले ही फ्लाईओव्हर निर्माण की स्वीकृति दी जा चुकी है। इसका निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के लिए कार्यवाही प्रक्रियाधीन है। उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने पी.टी.एस. चौक में फ्लाईओवर निर्माण का प्रस्ताव आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में शामिल करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए हैं। इन फ्लाईओवर्स के निर्माण से रेलवे स्टेशन से एयरपोर्ट तक यातायात सुगम हो जाएगा।

ठिठुरन में इजाफा: 48 घंटों में छत्तीसगढ़ का पारा 1-3 डिग्री लुढ़कने का अनुमान

रायपुर छत्तीसगढ़ में ठिठुरन और बढ़ने वाली है। मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के अनुसार अगले 48 घंटों में प्रदेश के न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। फिलहाल प्रदेश भर में मौसम शुष्क है और अगले दो दिनों तक किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। मौसम सारांश प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहा। छत्तीसगढ़ में गुरुवार को दर्ज सबसे अधिक अधिकतम तापमान 30.2°C दुर्ग में रहा। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 6.9°C अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया। वर्षा के सभी प्रमुख आंकड़े निरंक रहे। मौसम प्रणाली भी निरपेक्ष बताई गई है। आज का पूर्वानुमान मौसम विभाग के अनुसार, 5 दिसंबर को भी प्रदेश में शुष्क मौसम की स्थिति बनी रहेगी। कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। रायपुर का स्थानीय पूर्वानुमान राजधानी रायपुर में 5 दिसंबर को धुंध छाए रहने की संभावना है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 28°C और 13°C के आसपास रहने की संभावना है।

8 दिसंबर को जन्म, मृत्यु और विवाह पंजीयन विषय पर विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला

भोपाल  आर्थिक एवं सांख्यिकी संचालनालय,मध्यप्रदेश एवं यूनिसेफ,मध्यप्रदेश के संयुक्त तत्वाधान में जन्म मृत्यु एवं विवाह पंजीयन के संबंध में प्रशिक्षण सह कार्यशाला 8 दिसम्बर को आयोजित होगी। आयुक्त एवं मुख्य रजिस्ट्रार (जन्म-मृत्यु) आर्थिक एवं सांख्यिकी, श्री विकास मिश्रा ने बताया कि कार्यशाला सुबह 10 बजे से आर.सी. नरोन्हा प्रशासन अकादमी, भोपाल में होगी। आयुक्त एवं मुख्य रजिस्ट्रार (जन्म-मृत्यु) आर्थिक एवं सांख्यिकी श्री मिश्रा ने बताया कि बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र उसकी एक पहचान है जो उसकी जन्म दिनांक एवं जन्म के स्थान को दर्शाती है। अक्टूबर 2023 से जन्म प्रमाण पत्र एक मात्र दस्तावेज जो हर क्षेत्र में मान्य किया जायेगा, चाहे वह स्कूल में एडमिशन हो नौकरी हो पासपोर्ट बनवाना हो इत्यादि। मृत्यु प्रमाण पत्र किसी भी व्यक्ति की मृत्यु का प्रमाण है जो यह बतलाता है कि वह अब इस दुनिया में नहीं है एवं उससे जुड़े समस्त क्लेम आदि उसके उत्तराधिकारी को दिए जा सकते है, का एक प्रमाणिक दस्तावेज है। मध्यप्रदेश विवाहों का अनिवार्य रजिस्ट्रीकरण नियम 2008 के अनुसार विवाह रजिस्ट्रेशन भी अनिवार्य है, जो दो नवदम्पति की शादी का प्रमाण होता है, जिसके अभाव में व्यक्ति को कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है| इन दस्तावेजो की आवश्यकता एवं महत्ता को देखते हुए तथा इसकी उपलब्धता को आमजन तक पहुचाने एवं इसकी प्रक्रिया को सरल करने के सम्बन्ध में आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के द्वारा लगातार अथक प्रयास किये जा रहे है। इस सम्बन्ध में यूनिसेफ तथा आर्थिक एवं सांख्यिकी संचालनालय के संयुक्त तत्वाधान में जिला रजिस्ट्रार (ज.मृ.) रजिस्ट्रार(ज.मृ.)- शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, नगर पालिक निगम, चयनित खंड चिकित्सा अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उप रजिस्ट्रार(ज.मृ.)- पंचायत सचिव इसके अतिरिक्त महिला बाल विकास विभाग से आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, ग्राम संगठन से चयनित महिला पदाधिकारी को भी इस कार्यशाला में आमंत्रित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य जन-जन तक जन्म मृत्यु एवं विवाह प्रमाण पत्र का लाभ सुगमता से प्रदाय करना है।  

इतिहास रचने को तैयार कोलकाता : ब्रिगेड मैदान में 5 लाख से अधिक श्रद्धालु करेंगे सामूहिक गीता पाठ

कोलकाता  बंगाल की राजधानी कोलकाता में रविवार यानी  7 दिसंबर को सामूहिक गीता पाठ की तैयारियां पूरी हो गई हैं। ब्रिगेड परेड ग्राउंड में होने वाले इस आयोजन में पांच लाख से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना है। यह जानकारी शुक्रवार को यहां आयोजित पत्रकार वार्ता में गीता पाठ कार्यक्रम के अध्यक्ष और सनातन संस्कृति संसद के सभापति स्वामी प्रदीप्तानंद उर्फ कार्तिक महाराज ने दी। राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री को भी आमंत्रित किया गया स्वामी निर्गुणानंद महाराज ने बताया कि कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सहित देश भर के प्रमुख हस्तियों को आमंत्रित किया गया है। कायक्रम में मुख्य अतिथि पद्मभूषण साध्वी ऋतंभरा होंगी। धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री, बाबा रामदेव, जितेन्द्रानन्द और गोरखपुर के गीताप्रेमी संत भी उपस्थित रहेंगे। आयोजकों का मानना है कि यह देश का सबसे बड़ा गीता पाठ होगा। इससे पहले नवद्वीप, कोलकाता और सिलिगुड़ी में सफल गीता यज्ञ का आयोजन हो चुका है। कई राज्य के लोग होगे शामिल इस बार असम, त्रिपुरा, दिल्ली, बिहार और ओडिशा सहित कई राज्यों से लोगों के आने की उम्मीद है। नेपाल और बांग्लादेश से भी संत और गीता प्रेमियों को आमंत्रण भेजा गया है। कार्तिक महाराज ने बताया कि इस कार्यक्रम का किसी भी प्रकार की राजनीति से कोई संबंध नहीं है। उद्देश्य केवल आम लोगों तक सनातन की मूल भावना और गीता के संदेश को पहुंचाना है। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए किसी प्रकार का पंजीकरण आवश्यक नहीं है। हर इच्छुक व्यक्ति आ सकता है। कुल 25 गेट बनाए जा रहे हैं और पूरा परिसर अर्ध चंद्राकार संरचना में तैयार किया जा रहा है। सभी प्रतिभागियों को गीता की प्रति नि:शुल्क दी जाएगी। पार्थ सारथी, चैतन्य और शंकराचार्य तीन मंच बनाए गए हैं जिन पर क्रमशः प्रथम, नवम और 18वां अध्याय का पाठ होगा। सुबह 8 बजे वैदिक पाठ का संचालन रविंद्रनाथ भट्टाचार्य करेंगे जो कलकत्ता विश्वविद्यालय के डीन रहे हैं। 9.30 बजे से प्रवचन शुरू होंगे और 11.30 बजे तक जारी रहेंगे। शंख ध्वनि और उलूक ध्वनि के साथ पूरे परिसर का माहौल आध्यात्मिक बनाया जाएगा। 12.30 बजे तक सामूहिक गीता पाठ पूरा होगा और अंत में गीता पाठ के उद्देश्य का संकल्प पाठ कराया जाएगा।  

शिक्षकों के बिना पढ़ाई! DAVV में विजिटिंग फैकेल्टी के भरोसे अकादमिक व्यवस्था

इंदौर देवी अहिल्या विश्वविद्यालय में शिक्षकों का अभाव बना हुआ है। बरसों से रिक्त पदों पर शिक्षकों की भर्ती नहीं हुई है। इनकी कमी अब विभागों में महूसस होने लगी है, क्योंकि वरिष्ठ प्राध्यापक लगातार सेवानिवृत्त हो रहे है। ऐसे में विभागों की शैक्षणिक, परीक्षा और रिजल्ट से जुड़े गतिविधियां प्रभावित होती है। विजिटिंग फैकेल्टी के भरोसे 90 फीसद विभाग टीके हुए है। इन दिनों जनवरी से शुरू होने वाले सेमेस्टर को लेकर तैयारी चल रही है। आधा दर्जन से ज्यादा विभागों ने विजिटिंग फैकल्टी के लिए आवेदन मांगवाएं है। अधिकारियों के मुताबिक कई विभागों में नियमित व सेल्फ फाइनेंस शिक्षकों के पद नहीं है।   हर साल विभागों को सालभर में दो मर्तबा विजिटिंग फैकेल्टी की भर्तियां करना पड़ती है। मई और दिसंबर में आवेदन मांगवाए जाते है। 11 महीने की अवधि रखी जाती है। इन दिनों वाणिज्य, सांख्यिकी, कम्प्यूटर साइंस, सोशल साइंस, फिजिक्स सहित अन्य विभागों ने विज्ञापन निकाला है। विभाग स्तर पर आवेदनों की स्क्रूटनी की जाएगी। उसके बाद उम्मीदवारों के लिए साक्षात्कार रखे जाएंगे। अधिकारियों के मुताबिक प्रत्येक विभाग की आवश्यकता अनुसार विजिटिंग फैकेल्टी रखी जाएगी। इन विभागों में पांच से लेकर आठ शिक्षकों को रखा जाएगा। 180 पद हैं अभी रिक्त विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों में प्राध्यापक, असिस्टेंट प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर, रीडर व लेक्चरार के 450 से अधिक पद है। 270 पद पर शिक्षक कार्यरत है, जिसमें 112 प्रोफेसर, 54 रीडर, 43 लेक्चरार, 60 एसोसिएट व असिस्टेंट प्रोफेसर है। 2009 के बाद 2022 में रिक्त पदों के लिए विज्ञापन निकाला गया था। उस दौरान 45 सेल्फ फाइनेंस और 47 बैंकलाग पदों पर भर्तियां की गई। उसके बाद अभी 180 पद पर नियुक्तियां होना बाकी है। इन्हें भरने को लेकर अभी विश्वविद्यालय ने कोई प्रक्रिया नहीं शुरू की है।  

अगली किस्त पाने के लिए जरूरी हुई यह खास ID, बिना इसके नहीं आएंगे ₹2000

नई दिल्ली  देश के करोड़ों किसानों के लिए केंद्र सरकार ने पीएम किसान सम्मान निधि योजना में एक अहम बदलाव कर दिया है। अब अगली किस्त पाने के लिए किसानों के पास एक नई किसान ID (Farmer ID) होना अनिवार्य कर दिया गया है। सरकार ने साफ कर दिया है कि बिना इस ID के किसानों के खाते में पैसा जारी नहीं किया जाएगा। ऐसे में जिन किसानों ने यह ID अभी तक नहीं बनवाई है, उनके लिए यह बड़ा अलर्ट है क्योंकि नियम पूरा न होने पर किस्त अटक सकती है। क्यों जरूरी हुई किसान ID? केंद्र सरकार राज्य सरकारों के साथ मिलकर किसानों का डिजिटल डेटाबेस तैयार कर रही है। इसका उद्देश्य है-     किसानों को बिचौलियों से बचाना     फर्जी किसानों की पहचान करना     जमीन, फसल और अन्य कृषि संबंधी जानकारी को डिजिटल रूप से जोड़ना इसी प्रक्रिया के तहत 14 राज्यों में नया नियम लागू कर दिया गया है। अब पीएम किसान का लाभ पाने के लिए किसान के पास यह विशेष ID होना अनिवार्य है। किसान ID कैसे बनवाएं? सरकार ने आवेदन की प्रक्रिया को आसान रखा है। किसान तीन तरीकों से अपनी किसान ID बनवा सकते हैं-     सेल्फ रजिस्ट्रेशन- किसान खुद ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।     कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) पर आवेदन- नजदीकी CSC पर जाकर रजिस्ट्रेशन कराया जा सकता है।     स्थानीय कृषि कार्यालय में आवेदन- अपने कृषि विभाग कार्यालय में दस्तावेज जमा कर ID के लिए अप्लाई कर सकते हैं।   इन दस्तावेजों की जरूरत पड़ेगी     आधार कार्ड     जमीन संबंधी दस्तावेज     बैंक विवरण     अन्य आवश्यक कृषि दस्तावेज सरकार ने किसानों को सलाह दी है कि अगली किस्त समय पर पाने के लिए जल्द से जल्द किसान ID बनवाने की प्रक्रिया पूरी करें, ताकि लाभ मिलने में कोई बाधा न आए।

मध्यप्रदेश पुलिस के डायल-112 की त्वरित और प्रभावी प्रतिक्रिया

मध्यप्रदेश पुलिस की डायल-112 की संवेदनशील एवं त्वरित कार्यवाही तीन अलग-अलग घटनाओं के दौरान आत्महत्या का प्रयास कर रहे व्यक्तियों को समय रहते बचाया भोपाल  मध्यप्रदेश में डायल-112 की त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली लगातार आम जन की सुरक्षा और जीवन रक्षा में प्रभावी भूमिका निभा रही है। बीते दिनों रायसेन, देवास और छिंदवाड़ा जिलों में तीन अलग-अलग घटनाओं के दौरान आत्महत्या का प्रयास कर रहे व्यक्तियों को समय रहते बचाने में डायल-112 के पुलिसकर्मियों ने तत्परता, संवेदनशीलता और मानवीयता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। रायसेन जिले के थाना कोतवाली क्षेत्र में मखनी गाँव में एक 35 वर्षीय व्यक्ति द्वारा स्वयं को कमरे में बंद कर आत्महत्या के उद्देश्‍य से फाँसी लगाने का प्रयास कर रहा था। जिसकी सूचना राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम, डायल-112 भोपाल में प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही डायल-112 वाहन घटना स्थल के लिए रवाना हुआ। आरक्षक संजय श्रीवास्तव एवं पायलेट रोहित कुमार ने मौके पर पहुँचकर स्थानीय लोगों की मदद से गेट तोड़ कर पीड़ित व्यक्ति को तत्काल फंदे से उतारा। डायल 112 जवानों ने पीड़ित व्यक्ति को एफआरव्ही वाहन से लेकर तत्काल जिला शासकीय चिकित्सालय रायसेन में भर्ती करवाया। दूसरी घटना देवास जिले के थाना भौंरासा क्षेत्र की है, जहाँ एक 21 वर्षीय महिला ने पारिवारिक विवाद के चलते आत्महत्या का प्रयास किया। यह सूचना प्राप्त होते ही आरक्षक अरुण रावत और पायलट अनुराग चौधरी मौके पर पहुँचे। उन्होंने समझाइश, संवाद और संवेदनशील व्यवहार के माध्यम से महिला को आत्मघाती कदम उठाने से रोका और उसे सुरक्षित थाना भौंरासा लाया गया। तीसरी घटना छिंदवाड़ा जिले के थाना अमरवाड़ा क्षेत्र में हुई, जहाँ 24 वर्षीय युवक ने अज्ञात कारणों से जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था। सूचना प्राप्त होते ही सैनिक गेंदालाल यादव एवं पायलट उमेश पुरी गोस्वामी ने युवक को तुरंत सिविल अस्पताल अमरवाड़ा पहुँचाकर उपचार शुरू कराया। युवक का इलाज जारी है। डायल-112 की इन लगातार त्वरित और प्रभावी कार्रवाइयों ने यह सिद्ध किया है कि मध्यप्रदेश पुलिस की यह सेवा आपात पुलिस सहायता के साधन के साथ मानव जीवन की रक्षा करने वाली ‘जीवन-रेखा’ बनती जा रही है। मध्यप्रदेश पुलिस सभी नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी प्रकार के मानसिक तनाव, अवसाद या संकट की स्थिति में स्वयं को नुकसान पहुँचाने के बजाय सहायता के लिए पुलिस या अपने निकटवर्ती लोगों से संपर्क करें।  

धैलाधार रन चाहिए: निर्णायक मुकाबले में रोहित–कोहली पर फैंस की निगाह, जायसवाल और गेंदबाजों पर भी भरोसा

नई दिल्ली  भारत के कुछ युवा खिलाड़ी अभी तक अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं और ऐसे में उन पर दबाव होगा। दक्षिण अफ्रीका टेस्ट श्रृंखला जीतने के बाद अब वनडे श्रृंखला जीतने में भी कसर नहीं छोड़ेगा और ऐसे में भारतीय टीम को अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की जरूरत है। भारत अगर इस मैच में जीत हासिल करता है तो पिछले कुछ समय से टीम को लेकर चल रही अटकलें पर भी विराम लग जाएगा। इसके लिए कोहली और रोहित को फिर से अपना महत्वपूर्ण योगदान देना होगा। इसमें कोई संदेह नहीं कि इन दोनों का वनडे क्रिकेट में कोई सानी नहीं है और उन्हें इस तरह के दबाव वाले मैच में खेलने का अच्छा अनुभव है। इसलिए भारत की जीत में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण होगी। रोहित और कोहली अपनी करियर के अवसान पर हैं और वह इसमें एक और गौरवशाली अध्याय जोड़ने की कोशिश करेंगे। कोहली ने अपनी पिछली तीन पारियों में दो शतक और एक अर्धशतक लगाया है, जबकि रोहित ने अपनी पिछली चार पारियों में एक शतक और दो अर्धशतक लगाए हैं। उन्हें कुछ युवा बल्लेबाजों का अच्छा सहयोग मिल रहा है जैसा कि पिछले मैच में रुतुराज गायकवाड़ ने अपना योगदान दिया था। उन्होंने अपना पहला वनडे शतक लगाया था। लेकिन यशस्वी जायसवाल को अभी भी इस श्रृंखला में सलामी बल्लेबाज के रूप में अपनी क्षमता का भरपूर प्रदर्शन करना बाकी है। यह प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ी अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में बदलने के लिए उत्सुक होगा। जायसवाल को बाएं हाथ के तेज गेंदबाजों के खिलाफ जूझना पड़ रहा है फिर चाहे वह वेस्टइंडीज के जेडन सील्स हों या इस श्रृंखला में मार्को यानसन और नांद्रे बर्गर। वह अपने करियर में 30 बार बाएं हाथ के गेंदबाजों का शिकार बने हैं। जायसवाल और टीम प्रबंधन इससे अनजान नहीं रह सकते और इसमें सुधार करने का काम शायद पहले ही शुरू हो चुका है। लेकिन अगर वह सुधार नहीं कर पाए तो टीम को अन्य विकल्पों पर विचार करने के लिए बाध्य होना पड़ सकता है। टीम के पास गायकवाड़ के रूप में एक अदद सलामी बल्लेबाज मौजूद है। एसीए-वीडीसीए स्टेडियम की पिच अक्सर बल्लेबाजों के अनुकूल होती है और भारत का यहां शानदार रिकॉर्ड रहा है। उसने यहां 2005 से 10 एकदिवसीय मैचों में से सात में जीत हासिल की है लेकिन यहां खेले गए पिछले मैच में उसे ऑस्ट्रेलिया से हार का सामना करना पड़ा था। भारत वॉशिंगटन सुंदर को विश्राम देकर उनकी जगह तिलक वर्मा को मध्यक्रम की बल्लेबाजी को मजबूत करने के लिए अंतिम एकादश में शामिल करने पर भी गंभीरता से विचार करेगा। ऋषभ पंत भी एक विकल्प हो सकते हैं लेकिन तिलक स्पिन गेंदबाजी भी कर लेते हैं और वह बेहतरीन क्षेत्ररक्षक के भी हैं। कप्तान केएल राहुल ने अभी तक अच्छा प्रदर्शन किया है लेकिन इस श्रृंखला में ओस के कारण टॉस की भूमिका भी महत्वपूर्ण हो गई है। भारत वनडे में पिछले 20 मैच से टॉस नहीं जीत पाया है जिसका खामियाजा उसे रायपुर में दूसरे वनडे में भुगतना पड़ा। भारतीय गेंदबाज भी अभी तक अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं। अब भारत को उम्मीद होगी कि उनके युवा तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा और हर्षित राणा अच्छा प्रदर्शन करेंगे और प्रभावशाली अर्शदीप सिंह का पूरा साथ देंगे। दूसरी ओर दक्षिण अफ्रीका श्रृंखला जीतने के लिए प्रतिबद्ध है। लेकिन वह तेज गेंदबाज बर्गर और बल्लेबाज टोनी डी जॉर्जी की फिटनेस को लेकर चिंतित है। यह देखना होगा कि ये दोनों खिलाड़ी इस मैच के लिए पूरी तरह फिट हो पाते हैं या नहीं। टीम इस प्रकार हैं: भारत: केएल राहुल (कप्तान/विकेट कीपर), रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, तिलक वर्मा, ऋषभ पंत (विकेट कीपर), वाशिंगटन सुंदर, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्षित राणा, रुतुराज गायकवाड़, प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह, ध्रुव जुरेल। दक्षिण अफ्रीका: तेम्बा बावुमा (कप्तान), ओटनील बार्टमैन, कॉर्बिन बॉश, मैथ्यू ब्रीट्ज़के, डेवाल्ड ब्रेविस, नांद्रे बर्गर, क्विंटन डी कॉक, टोनी डी जॉर्जी, रुबिन हरमन, केशव महाराज, मार्को यानसन, एडेन मार्क्रम, लुंगी एनगिडी, रयान रिकेलटन, प्रेनेलन सुब्रायन। समय: मैच दोपहर 1.30 बजे शुरू होगा।  

मध्यप्रदेश में 6 दिसंबर को मनाया जाएगा होमगार्ड और नागरिक सुरक्षा स्थापना दिवस

मध्यप्रदेश में 6 दिसंबर को ‍होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा स्थापना दिवस का आयोजन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव होंगे मुख्य अतिथि आपदा में वीरता दिखाने वाले जवानों को मिलेगा पहली बार प्रारंभ “मुख्यमंत्री अदम्य साहस पुरस्कार” भोपाल  मध्यप्रदेश में होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा संगठन का स्थापना दिवस 6 दिसंबर 2025 को पूरे उत्साह और सम्मान के साथ मनाया जाएगा। मुख्य कार्यक्रम का आयोजन जहांगीराबाद, भोपाल स्थित होमगार्ड्स परेड ग्राउंड में प्रातः 10 बजे से किया जाएगा, जिसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस अवसर पर राज्य शासन के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स, आपदा मित्र तथा बड़ी संख्या में होमगार्ड अधिकारी-सैनिक उपस्थित रहेंगे। ,होमगार्ड संगठन प्रतिवर्ष 6 दिसंबर को स्थापना दिवस मनाता है। यह कार्यक्रम राजधानी सहित प्रदेश के सभी जिलों में भी आयोजित किया जाता है। संगठन कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ बाढ़, दुर्घटनाओं, आगजनी, प्राकृतिक आपदा और आपातकालीन परिस्थितियों में प्रशासन का महत्वपूर्ण सहयोगी रहा है। संकट की घड़ी में फँसे लोगों की सहायता करने में होमगार्ड एवं सिविल डिफेंस ने सदैव अद्वितीय साहस और प्रतिबद्धता का परिचय दिया है। पहली बार मिलेगा मुख्‍यमंत्री अदम्‍य साहस पुरस्‍कार इस वर्ष राज्य शासन द्वारा पहली बार “मुख्यमंत्री अदम्य साहस पुरस्कार” प्रारंभ किया गया है। यह पुरस्कार उन होमगार्ड सैनिकों, एसडीईआरएफ सदस्यों और सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स को प्रदान किया जाएगा, जिन्होंने आपदा के समय स्वयं की परवाह किए बिना नागरिकों की जान बचाई। मुख्यमंत्री चयनित बहादुर जवानों को राज्यस्तरीय समारोह में सम्मानित करेंगे। विभिन्न जिलों से प्राप्त प्रस्तावों के आधार पर इंदौर, सिवनी, गुना, रतलाम, मंडला, नरसिंहपुर, रीवा, छतरपुर, टीकमगढ़ और उज्जैन की कुल 10 टीमों को 51-51 हजार रूपए की राशि वितरित की जाएगी। मुख्‍यमंत्री को परेड की सलामी दी जाएगी कार्यक्रम के दौरान परेड द्वारा मुख्‍यमंत्री को सलामी दी जाएगी। इसके बाद परेड का निरीक्षण, मार्च-पास्ट एवं मुख्य अतिथि का उद्बोधन होगा। एसडीईआरएफ और सिविल डिफेंस की टीमों द्वारा आपदा के दौरान किए जाने वाले रेस्क्यू कार्यों का लाइव डेमो भी प्रस्तुत किया जाएगा। स्थापना दिवस पर होमगार्ड की सशस्त्र प्लाटून और सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स की टुकड़ी भी मुख्यमंत्री को सलामी देगी। मेधावी छात्र-छात्राओं का होगा सम्‍मान स्थापना दिवस समारोह में होमगार्ड सैनिकों के मेधावी छात्र-छात्राओं को भी प्रशस्ति पत्र एवं प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी में 95 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों से लेकर डिप्लोमा, स्नातक, तकनीकी शिक्षा और स्नातकोत्तर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कुल 10 मेधावी छात्रों को प्रोत्साहन राशि 5 हजार रूपए से 30 हजार रुपए तक प्रदान की जाएगी। कार्यक्रम में होमगार्ड नागरिक सुरक्षा के अधिकारी सैनिकों और उनके परिजनों के द्वारा सांस्कृतिक कार्यकम, खेल गतिविधि और महिलाओं संबंधी इवेंट भी आयोजित किए जाएंगे।