samacharsecretary.com

इंडिगो एयरलाइंस का बड़ा कदम: 10 हजार रुपये मुआवजा, साथ ही 10 हजार का ट्रैवल वाउचर

नई दिल्ली इंडिगो की फ्लाइट्स कैंसिल होने की वजह से यात्रियों को भारी दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं. दिसंबर के पहले हफ्ते में सबसे ज्यादा यात्रियों को परेशानी हुईं, क्योंकि इस दौरान सैकड़ों इंडिगो की फ्लाइट्स रद्द कर दी गईं. जिससे यात्रियों को आर्थिक तौर पर भी भारी नुकसान हुआ.  जिसके बाद एयरलाइन के खिलाफ DGCA ने सख्त कदम उठाया है. अब इंडिगो ने 3, 4 और 5 दिसंबर को बड़ी संख्या में उड़ानें रद्द होने की वजह से यात्रियों को राहत देने की घोषणा की है. कंपनी ने कहा है कि प्रभावित यात्रियों को सरकार के नियमों के अनुसार 5,000 रुपये से 10,000 रुपये तक का मुआवजा दिया जाएगा.  ट्रैवल वाउचर को लेकर ये नियम इसके साथ ही एयरलाइन ने सबसे ज्यादा प्रभावित यात्रियों के लिए 10,000 रुपये तक के अतिरिक्त ट्रैवल वाउचर जारी करने की भी घोषणा की है. यह फैसला उन यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण राहत माना जा रहा है, जिनकी यात्रा योजनाएं अचानक बदल गईं और जिन्हें भारी असुविधा का सामना करना पड़ा.  इस ट्रैवल वाउचर की खास बात यह है कि इसे अगले 12 महीनों तक कभी भी इस्तेमाल किया जा सकता है. यात्री भारत में इंडिगो की किसी भी घरेलू उड़ान या फिर अंतरराष्ट्रीय रूट के लिए इन वाउचर का उपयोग कर सकते हैं. यात्री ईमेल चेक करें इंडिगो ने बताया कि 10 हजार रुपये का ट्रैवल वाउचर उन यात्रियों दी जाएंगी, जिनकी यात्राएं एक से ज्यादा बार बदलनी पड़ीं, यानी जिनकी उड़ानें बार-बार रीशेड्यूल हुईं, या जिन्हें एयरपोर्ट पर लंबा इंतजार करना पड़ा. यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपने रजिस्टर्ड ईमेल और मोबाइल नंबर पर भेजे गए मैसेज को चेक करें, ताकि उन्हें मुआवजा और वाउचर क्लेम करने की प्रक्रिया में आसानी हो. इंडिगो ने यात्रियों से मांगी माफी  कंपनी के अनुसार, मुआवजा राशि DGCA (नागरिक उड्डयन महानिदेशालय) द्वारा निर्धारित दिशानिर्देशों के तहत दी जाएगी. जिन यात्रियों की उड़ानें एयरलाइन की वजह से रद्द हुईं, वे नियमों के मुताबिक इस मुआवजे के हकदार हैं. इंडिगो ने स्पष्ट किया कि मुआवजा राशि फ्लाइट की दूरी, टिकट श्रेणी और यात्री को हुई असुविधा के आधार पर दी जाएगी. इसका उद्देश्य यात्रियों को हुए आर्थिक नुकसान और अनावश्यक परेशानी को कम करना है.  इंडिगो ने बयान जारी कर कहा कि रद्द उड़ानों के कारण जिन यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी, उनके लिए कंपनी खेद व्यक्त करती है और यह सुनिश्चित कर रही है कि भविष्य में ऐसे हालात दोबारा न हो.      

कड़ाके की ठंड ने बढ़ाई सिहरन: कई जिलों में पारा सामान्य से नीचे, फरीदकोट रिकॉर्ड न्यूनतम पर

चंडीगढ़  पंजाब और हरियाणा में बृहस्पतिवार को भी शीत लहर का प्रकोप जारी रहा। दोनों ही पड़ोसी राज्यों में कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से कुछ डिग्री नीचे बना हुआ है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार फरीदकोट पंजाब का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अमृतसर में न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस जबकि लुधियाना में 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से थोड़ा कम है। पटियाला में न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम है। वहीं, पठानकोट में न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री सेल्सियस, बठिंडा में 6.2 डिग्री सेल्सियस और गुरदासपुर में सात डिग्री सेल्सियस रहा। दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में पारा 6.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री कम है। हरियाणा के अंबाला में न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस, हिसार में 6.4 डिग्री सेल्सियस, करनाल में 6.5 डिग्री सेल्सियस, नारनौल में छह डिग्री सेल्सियस, रोहतक में 7.8 डिग्री सेल्सियस, भिवानी में 7.5 डिग्री सेल्सियस और सिरसा में 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कश्मीर के अधिकांश क्षेत्रों में तापमान में गिरावट कश्मीर के अधिकांश क्षेत्रों में तापमान में गिरावट के कारण लोगों को रात के समय कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वहीं कई हिस्सों में हल्की धुंध छाई रही। अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर में बुधवार रात को तापमान मंगलवार रात के मुकाबले एक डिग्री गिरकर शून्य से 2.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि रात का तापमान इस मौसम के सामान्य तापमान से 2.3 डिग्री कम था। दक्षिण कश्मीर के काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात की तुलना में 1.6 डिग्री कम था।   उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में पारा शून्य से 4.2 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण कश्मीर के कोकरनाग में तापमान शून्य से 1.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि गुलमर्ग में तापमान में 1.5 डिग्री की वृद्धि हुई और यह शून्य डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण कश्मीर के पुलवामा और शोपियां शहर जम्मू-कश्मीर में सबसे ठंडे स्थान रहे, जहां दोनों जगहों पर तापमान शून्य से 5.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने कहा कि 12 दिसंबर तक मौसम आमतौर पर शुष्क रहने की संभावना है, हालांकि 13 से 15 दिसंबर के बीच उत्तरी और मध्य कश्मीर के ऊंचाई वाले कुछ इलाकों में हल्की बर्फबारी होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने कहा कि आने वाले दिनों में घाटी के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम स्तर की धुंध छाई रहने का अनुमान है।

US में आया ट्रंप का ‘गोल्ड कार्ड’ मॉडल: कौन ले सकेगा फायदा, ग्रीन कार्ड से कैसे अलग?

वाशिंगटन  संयुक्त राज्य अमेरिका ने एक बड़ा और विवादास्पद बदलाव करते हुए एक नया इमिग्रेशन प्रोग्राम शुरू किया है। इसे ‘गोल्ड कार्ड’ नाम दिया गया है। इसके तहत कोई भी विदेशी नागरिक 10 लाख अमेरिकी डॉलर अमेरिकी खजाने में जमा कराकर स्थायी निवासी बन सकता है। यह घोषणा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को की है। इसके साथ ही इस ‘गोल्ड कार्ड’ वीजा के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू हो चुके हैं। वाइट हाउस इसे उच्च कौशल वाले विदेशी कर्मचारियों को तेज-तर्रार प्रक्रिया से अमेरिका में रखने का एक नया साधन बता रहा है। ‘गोल्ड कार्ड’ एक नया वीजा आधारित इमिग्रेशन प्रोग्राम है जो अमेरिका में कानूनी स्थायी निवास (ग्रीन कार्ड जैसा) प्रदान करता है। दोनों में फर्क सिर्फ इतना है कि इसमें न तो पारिवारिक स्पॉन्सर की जरूरत है और न ही रोजगार/नियोक्ता स्पॉन्सरशिप की। यह पूरी तरह वित्तीय योगदान पर आधारित है। गोल्ड कार्ड पाने वाले आवेदकों को आगे चलकर अमेरिकी नागरिकता के लिए सामान्य प्रक्रिया के अनुसार आवेदन करने का अधिकार भी मिलेगा। कितना खर्च आएगा? व्यक्तिगत गोल्ड कार्ड के लिए 1,000,000 अमेरिकी डॉलर यानी कि लगभग 8.4 करोड़ रुपये देने होंगे। इनमें 15,000 डॉलर का नॉन-रिफंडेबल प्रोसेसिंग शुल्क भी शामिल है। जांच के के बाद यह राशि अमेरिकी ट्रेजरी को उपहार के रूप में जमा करानी होती है। किसी कर्मचारी को स्पॉन्सर करने के लिए कंपनी को 2,000,000 डॉलर की दर से प्रति व्यक्ति की दर से जमा करना होगा। इनमें 15,000 डॉलर की प्रोसेसिंग शुल्क भी शामिल है। कंपनियां चाहें तो यह 20 लाख डॉलर किसी दूसरे कर्मचारी को “ट्रांसफर” भी कर सकती है। इसके लिए 1% वार्षिक मेंटेनेंस शुल्क और 5% ट्रांसफर शुल्क देना होगा। यह पैसा जाता कहां है? संपूर्ण राशि सीधे अमेरिकी ट्रेजरी में जाती है, जिसे वाइट हाउस अर्थव्यवस्था और सार्वजनिक वित्त को मजबूत करने का तरीका बता रहा है। गोल्ड कार्ड और ग्रीन कार्ड में अंतर ग्रीन कार्ड कई मार्गों से मिलता है। परिवार, रोजगार, असाधारण प्रतिभा, डाइवर्सिटी लॉटरी, शरण/शरणार्थी स्थिति या निवेश आधारित नौकरी-निर्माण मॉडल के जरिए ग्रीन कार्ड का रास्ता खुलता है। लेकिन गोल्ड कार्ड में नियम बेहद सरल है। सरकार को बड़ी रकम दीजिए और स्थायी निवास पाएं। ग्रीन कार्ड में सरकार को सीधे करोड़ों रुपये नहीं देने पड़ते हैं। निवेशक-वीजा में भी पैसा व्यवसाय में निवेश होता है, न कि सरकार को उपहार के रूप में पैसे देने होते हैं। गोल्ड कार्ड इसे पलट देता है। सीधा पैसा दीजिए और स्थायी निवासी बन जाइए। ग्रीन कार्ड की प्रक्रिया में वर्षों लग सकता है। जटिल दस्तावेज, कोटा और लंबा इंतजार करना पड़ सकता है। किसके लिए है यह वीजा? यह कार्यक्रम अत्यंत संपन्न व्यक्तियों और मल्टीनेशनल कंपनियों को ध्यान में रखकर बनाया गया है। सामान्य प्रवासियों के लिए यह रास्ता नहीं है। व्यक्तियों और कंपनियों दोनों के लिए गोल्ड कार्ड वीजा आवेदन अब अमेरिकी सरकारी पोर्टल पर लाइव हैं। यह प्रोग्राम अमेरिका की इमिग्रेशन नीति में शायद सबसे बड़ा वित्त-आधारित बदलाव माना जा रहा है। इससे राजनीतिक और नैतिक बहस तेज होने की संभावना है।  

सहमति की उम्र नहीं, फिर भी किया शोषण: नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में आरोपी को आजीवन कारावास

कोलकाता  कलकत्ता हाईकोर्ट ने POCSO एक्ट के तहत एक 23 वर्षीय युवक को 12 साल की बच्ची के साथ यौन संबंध बनाने के आरोप में आजीवन कारावास और 2 लाख रुपये जुर्माने की सजा को बरकरार रखा है। जस्टिस राजशेखर मंथा और जस्टिस अजय कुमार गुप्ता की खंडपीठ ने अपने फैसले में स्पष्ट किया कि नाबालिग बच्ची यौन संबंधों के परिणामों को नहीं समझ सकती और वह वैध सहमति देने में असमर्थ होती है, भले ही वह प्यार या शादी के झूठे वादे में विश्वास कर ले। मामला 2015-2017 का है। पीड़िता उस समय सिर्फ 12 साल की थी जब आरोपी ने उसके साथ कथित प्रेम-संबंध शुरू किया। आरोपी की उम्र उस समय 23 साल थी। बाद में उसने शादी का झूठा वादा देकर नाबालिग क साथ बार-बार शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता ने अदालत में स्वीकार किया कि वह आरोपी से प्यार करती थी और शादी की उम्मीद में संबंध बनाती रही, लेकिन जैसे ही उसे गर्भ ठहरा तो आरोपी ने जिम्मेदारी लेने से इनकार कर दिया। तब 15 साल की उम्र में यानी 2017 में लड़की के परिवार ने POCSO के तहत शिकायत दर्ज कराई। बार एंड बंच की रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी ने बचाव में तीन मुख्य तर्क दिए। पहला- यौन संबंध कथित तौर पर दो साल पहले हुआ था, फिर शिकायत में इतनी देरी क्यों? दूसरा- डीएनए रिपोर्ट में सिर्फ यह लिखा है कि 'उसके जैविक पिता होने से इनकार नहीं किया जा सकता', यानी रिपोर्ट निष्कर्षात्मक नहीं है। तीसरा- पीड़िता की उम्र भी साबित नहीं हुई है।' हाईकोर्ट ने सभी दलीलें खारिज कर दीं: 1. देरी पर: अदालत ने कहा कि बच्ची आरोपी से प्यार करती थी और शादी की उम्मीद में चुप रही। गर्भ ठहरने के बाद जब आरोपी ने मुंह फेर लिया तब शिकायत हुई। अदालत ने कहा- बच्ची को यौन संबंधों के परिणामों की जानकारी नहीं होती। देरी प्राकृतिक और स्वाभाविक है। 2. सहमति पर: पीठ ने दोहराया- पीड़िता नाबालिग थी और वैध एवं कानूनी रूप से सहमति देने में असमर्थ थी। वह आरोपी के शादी के वादे पर भरोसा करती रही। 3. डीएनए रिपोर्ट पर: अदालत ने कहा- 'नहीं इनकार किया जा सकता’ का मतलब यह नहीं कि आरोपी निर्दोष है। यह रिपोर्ट पीड़िता के बयान की पुष्टि करती है और साक्ष्यों की श्रृंखला को पूरा करती है। 4. उम्र पर: जन्म प्रमाण-पत्र रिकॉर्ड पर था और बचाव पक्ष ने उचित समय पर आपत्ति नहीं की थी, इसलिए पीड़िता की नाबालिग होने में कोई संदेह नहीं। अदालत ने पाया कि आरोपी के कृत्य POCSO की धारा 5(j)(ii) एवं 5(l) के तहत अग्रेवेटेड पेनेट्रेटिव सेक्शुअल असॉल्ट की श्रेणी में आते हैं, जिसकी सजा धारा 6 के तहत न्यूनतम 20 वर्ष से लेकर आजीवन कारावास तक है। सियालदह ट्रायल कोर्ट ने दी गई आजीवन कारावास एवं 2 लाख रुपये जुर्माने की सजा को हाईकोर्ट ने पूरी तरह बरकरार रखा। पीड़िता को तुरंत मुआवजा दिलाने के लिए खंडपीठ ने अतिरिक्त निर्देश दिए:     राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (SLSA) 15 दिनों के अंदर जुर्माने की 90% राशि यानी 1.80 लाख रुपये पीड़िता को देगा।     इसके अलावा SLSA अपने कोष से अलग से 2 लाख रुपये और देगा।     यदि भविष्य में आरोपी जुर्माना भरता है तो SLSA को राशि वापस मिल जाएगी। अदालत ने इस मामले में बच्चियों के साथ रोमांटिक रिलेशनशिप के नाम पर होने वाले यौन शोषण पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि नाबालिग की हां कानूनी रूप से कभी सहमति नहीं मानी जा सकती, चाहे वह कितना भी प्यार क्यों न जताए।

अवैध कब्जों पर चला परिषद का हथौड़ा, झज्जर में 8 कमर्शियल प्रतिष्ठान एक साथ सील

झज्जर  झज्जर नगर परिषद ने गुरूवार को टैक्स बकाया वसूली के लिए शहर में सिलिंग अभियान चलाते हुए ढाबा, दुकानों और बैंक स्थित बिल्डिंग सहित आठ प्रतिष्ठानों को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट और पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। परिषद के अनुसार जिन प्रतिष्ठानों को सील किया गया है, उन पर लाखों रुपये का हाउस टैक्स बकाया था। कार्रवाई शुरू होते ही शहर में हड़कंप मच गया और कई बकायादार मौके पर पहुंचे। वहीं पर टैक्स जमा कराना शुरू कर दिया। कार्रवाई के दौरान एक बिल्डिंग में चल रहे बैंक पर भी ताला लगाया गया, जिस पर करीब साढ़े तीन लाख रुपये का टैक्स बकाया बताया गया है। सिलिंग के कारण उसी बिल्डिंग में बने पीजी में रह रहे लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। बैंक के कर्मचारी ने बताया कि जिस बिल्डिंग में उनका बैंक है उस बिल्डिंग पर करीब साढे़ तीन लाख रूपए का टैक्स नगर परिषद का बकाया है। परिषद ने कई बार इन्हें नोटिस दिए है। जब टैक्स नहीं भरा गया तो आखिरकार फिर यह सीलिंग की कार्यवाहीं परिषद को करनी पड़ी। सीलिंग के दौरान बैंक के सभी कर्मचारियों को बाहर निकाल दिया गया और उसके बाद बिल्डिंग पर सील लगा दी गई। उधर इसी बिल्डिंग में एक पीजी में रहने वाले लोगों ने भी मीडिया के सामने अपना दर्द ब्यां किया। सीलिंग के बाद उन्हें काफी परेशान हो रही है। नगर परिषद सचिव ने शहरवासियों से अपील की कि समय पर टैक्स जमा कराएं, ताकि उन्हें किसी असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि टैक्स वसूली अभियान निरंतर जारी रहेगा। परिषद का दावा है कि शहर में अभी भी कई प्रतिष्ठान ऐसे हैं, जिन पर लाखों रुपये का टैक्स बकाया है और उन पर भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।

खैबर पख्तूनख्वा में आसिम मुनीर को लेकर घमासान, विपक्ष की तीखी चेतावनी सेना को

पेशावर  पाकिस्तान में आसिम मुनीर को भारत के ऑपरेशन सिंदूर में मात खाने के बाद फील्ड मार्शल बनाया गया है। इसके अलावा चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ का दर्जा भी संविधान संशोधन करके मिला है। जानकार मानते हैं कि पाकिस्तान ने ऐसा इसलिए किया है ताकि भारत से मिली हार को छिपाया जा सके और जनता में गलत जानकारी देकर ही सही, सेना और सरकार का भरोसा कायम रहे। फिर भी इमरान खान के नेतृत्व वाली विपक्षी पार्टी पीटीआई से सेना की अदावत जारी है। यहां तक कि गुरुवार को तो खैबर पख्तूनख्वा की विधानसभा में आसिम मुनीर के पोस्टर लहराए जाने पर विवाद छिड़ गया।   इसके अलावा पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता की ओर से इमरान खान और खैबर के सीएम सोहैल आफरीदी के खिलाफ बयान देने पर भी विवाद मचा है। सदन में पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज की महिला विधायक सोबिया शाहिद ने फील्ड मार्शल आसिम मुनीर के पोस्टर लहराए। इस पर स्पीकर सुरैया बीबी ने मार्शलों को आदेश दिया कि वे आसिम मुनीर के पोस्टरों को हटाएं। इसके अलावा उन्होंने पीएमएल-एन की विधायक से भी कहा कि चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ सेना का प्रतिनिधित्व करते हैं। उनका आपकी पार्टी से कोई ताल्लुक नहीं है। उन्होंने कहा कि आप अपनी परफॉर्मेंस के बारे में बात करें। चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ की तस्वीरें लहराने का क्या मतलब है। वहीं पीटीआई के विधायकों ने कहा कि इस देश में गंभीर समस्याएं हैं। गरीबी, आर्थिक संकट और राजनीतिक अस्थिरता है। इसके बाद भी सेना के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ चौधरी पीटीआई नेतृत्व के खिलाफ बयान देते हैं। विशेष तौर पर इमरान खान और सीएम सोहैल आफरीदी के खिलाफ उन्होंने जो बोला है, उससे खैबर पख्तूनख्वा के लोगों में गुस्सा है। पीटीआई के विधायक हुमायूं खान ने कहा कि आखिर सेना के लोगों को राजनीतिक मसले में बोलने की क्या जरूरत है। खान ने कहा कि कुछ लोग यहां राष्ट्रपति शासन लगवाने की बात भी कर रहे हैं, लेकिन खैबर पख्तूनख्वा में इससे संकट ही पैदा होगा और लोग ऐसी स्थिति को स्वीकार नहीं करेंगे।  

मोहाली होगी ग्लोबल इन्वेस्टर्स की पहली पसंद, भगवंत मान ने किया ऐलान

चंडीगढ़  पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपनी जापान और दक्षिण कोरिया यात्रा से लौटने के बाद कहा कि जापान स्थित कई बहुराष्ट्रीय कंपनियाँ आईटी क्षेत्र, चिकित्सा और कृषि अनुसंधान, बागवानी और अन्य क्षेत्रों में पंजाब में निवेश करने की इच्छुक हैं, और मोहाली को इस मुहिम में निवेश के लिये पसंदीदा जगह के तौर पर पेश किया जा रहा है। उन्होंने कहा, ‘कंपनियां 14 से 16 मार्च तक यहां आयोजित होने वाले निवेश शिखर सम्मेलन में भाग लेंगी।’ उन्होंने कहा कि होंडा मोटर्स, टोपन, कोरियाई कंपनी नोगशिम ने पंजाब में निवेश पर सकारात्मक रुख दिखाया है। कांग्रेस पर कसा तंज इस मौके पर कांग्रेस पर तंज कसते हुए मान ने दावा किया कि कांग्रेस पार्टी राज्य में एक नए आर्थिक विकास मॉडल के प्रणेता हैं। उन्होंने कहा कि जहां वह पंजाब के कल्याण के लिए लगातार काम कर रहे हैं, वहीं कांग्रेस अपनी पार्टी में मुख्यमंत्री, मंत्री या विधायक पद की कीमत पूरी दुनिया को बता रही है। जापान और कोरिया की 10 दिवसीय यात्रा से लौटे मान ने कहा कि कांग्रेस में चल रही अंदरूनी कलह उनके नेताओं की ‘नीयत’ और पंजाब के कल्याण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की कमी को उजागर करती है।

संसद में प्रियंका की बढ़ती पकड़! दो दिनों की हलचल ने कांग्रेस में क्यों मचा दी हलचल

नई दिल्ली  संसद के इस सत्र में काफी कुछ देखने को मिल रहा है। कुछ सियासी घटनाक्रम ऐसे हुए हैं जिससे कांग्रेस पार्टी के भीतर सत्ता संतुलन को लेकर नए सवाल भी खड़े कर दिए हैं। वंदे मातरम् पर चर्चा और चुनावी सुधार के मुद्दे ने पार्टी के नेतृत्व की भूमिका को स्पष्ट रूप से सामने ला दिया है। ‘वंदे मातरम्’ पर बहस के दौरान राहुल गांधी संसद से अनुपस्थित रहे और कांग्रेस की ओर से यह जिम्मेदारी उनकी बहन और वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने निभाई। दिलचस्प बात यह है कि प्रियंका गांधी ने उसी दिन भाषण दिया, जिस दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद को संबोधित किया। अगले दिन के अखबारों में दोनों की तस्वीरें छपीं, जैसे यह बहस पीएम बनाम प्रियंका गांधी हो।   संसदीय परंपरा के मुताबिक, यह मुकाबला पीएम बनाम नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी होना चाहिए था। लेकिन राहुल की अनुपस्थिति और प्रियंका की तेजतर्रार उपस्थिति ने तस्वीर बदल दी। प्रियंका ने मुस्कराते हुए तंज कसते हुए भाषण दिया। BJP के कुछ सदस्यों ने भी उनकी शैली की तारीफ की। पीएम के भाषण के समय वह सदन में नहीं थीं, लेकिन उनके जवाब से साफ था कि वह पूरी तैयारी के साथ आई थीं। कांग्रेस और INDIA गठबंधन के कई नेताओं को यह भाषण उम्मीद की किरण जैसा लगा। लेकिन पार्टी में यह भी असमंजस है कि क्या प्रियंका नेतृत्व को संभालने की इच्छुक हैं या उन्हें पीछे रखा जाता है। अगले दिन राहुल गांधी को चुनावी सुधार के मुद्दे पर बोलना था। उनसे टकराव की उम्मीद थी, लेकिन न प्रधानमंत्री मौजूद थे और न ही राहुल में वह आक्रामक ऊर्जा दिखी जो उन्होंने 'वोट चोरी' वाली प्रेस कॉन्फ़्रेंस में दिखाई थी। राहुल कुछ ही देर पहले सदन में आए और भाषण समाप्त होते ही चले गए। कांग्रेस सांसदों को यह रवैया खल गया, क्योंकि एक बड़े टकराव की उम्मीद अधूरी रह गई। राहुल गांधी के भाषण का जवाब प्रधानमंत्री ने नहीं, बल्कि गृह मंत्री अमित शाह ने दिया। वह भी बेहद कठोर, बिंदुवार और प्रभावी अंदाज में। यह संकेत था कि पीएम ने इस मुकाबले को अपने नंबर 2 पर छोड़ दिया है। इन दो दिनों के घटनाक्रम ने कांग्रेस के भीतर शक्ति संतुलन पर कई संकेत छोड़े। प्रियंका ने अपने भाषण से यह संकेत दिया कि वह पार्टी की ओर से एक संभावित राष्ट्रीय चेहरा बन सकती हैं। दूसरी तरफ, राहुल का स्वभाव कुछ हद तक चिड़चिड़ा और कठोर देखा गया। अमित शाह ने उन्हें कड़े राजनीतिक तर्कों से घेरा। कांग्रेस की दुविधा: नेतृत्व का चेहरा कौन? कांग्रेस में एक ओर प्रियंका के भाषण से उत्साह है, दूसरी ओर यह चिंता भी कि क्या वह नेतृत्व आगे बढ़कर अपने हाथ में लेंगी। राहुल की अनिश्चित उपस्थिति और भाषणों में ऊर्जा की कमी ने पार्टी में सवाल खड़े किए हैं। 48 घंटे में कांग्रेस के नेतृत्व की तस्वीर उलट गई। प्रधानमंत्री का सीधा मुकाबला प्रियंका से दिखा और राहुल की टक्कर अमित शाह से हुई। कांग्रेस के कई नेता मान रहे हैं कि पार्टी के भीतर असली चुनौती अब दोनों गांधी भाई-बहन के बीच की भूमिका को स्पष्ट करना है।  

यशस्वी जायसवाल ने बताया—कौन है टीम इंडिया का ‘हार्डेस्ट वर्कर’ खिलाड़ी

नई दिल्ली  भारतीय टीम में सबसे मेहनती खिलाड़ी कौन है? इसका जवाब अलग-अलग लोगों के लिए अलग-अलग हो सकता है। फिटनेस के लिहाज से सबसे मेहनती खिलाड़ी की बात करें तो ज्यादातर लोग विराट कोहली का नाम लेंगे। हालांकि यशस्वी जायसवाल को शुभमन गिल सबसे मेहनती खिलाड़ी लगते हैं। उन्होंने ऐसा मानने के पीछे की वजह भी बताई है। जायसवाल ने आज तक से कहा, 'शुभमन गिल। उनको मैंने हाल में बहुत करीब से देखा है। वह बहुत ज्यादा मेहनत करते हैं और वह अपने रूटीन को लेकर बहुत ही कंसिस्टेंट हैं। वह अपनी फिटनेस, डाइट, स्किल और ट्रेनिंग पर बहुत काम करते हैं। यह अविश्वसनीय है। मैं उन्हें देखने और उनके साथ खेलने का बहुत लुत्फ उठाता हूं। वह एक अद्भुत इंसान हैं।' जायसवाल ने आगे कहा, ‘वह इंग्लैंड टेस्ट सीरीज के दौरान बहुत ही शानदार ढंग से समझदारी से खेले। हम उनमें विश्वास करते हैं कि वह हर हालात में प्रदर्शन करेंगे।’   यशस्वी जायसवाल ने 2026 के टी20 वर्ल्ड कप में खेलने की अपनी इच्छा का भी इजहार किया है। 2024 के वर्ल्ड कप में वह स्क्वाड का हिस्सा तो जरूर थे लेकिन प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं बना सके थे। उन्होंने कहा, ‘मेरा सपना टी20 वर्ल्ड कप खेलना है। लेकिन मैं अपने खेल पर ध्यान देने की कोशिश करता हूं और अपने वक्त का इंतजार कर रहा हूं।’   जायसवाल के अब तक के टी20 इंटरनेशनल करियर पर नजर डालें तो उन्होंने 23 मैच में 36.15 के औसत से 723 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 1 शतक और 5 अर्धशतक भी जड़े हैं और उनका स्ट्राइक रेट 164.31 का है। उन्होंने 2023 में टी20 डेब्यू किया था और अपना आखिरी टी20 इंटरनेशनल मैच जुलाई 2024 में खेला है।  

गोल्ड और चांदी की ताजा कीमतें: 11 दिसंबर के 10 ग्राम सोने का रेट, 18K, 22K और 24K सोने का लेटेस्ट रेट आपके शहर में

इंदौर  खरमास से पहले सोना या चांदी खरीदने का विचार कर रहे है और बाजार जाने का सोच रहे है तो पहले ताजा भाव चेक कर लीजिए। आज 11 दिसंबर को सोने के दाम में 110 रूपए प्रति 10 ग्राम की गिरावट आई है लेकिन चांदी की कीमतों में 2000 रूपए प्रति किलो का उछाल है। आज गुरूवार 22 कैरेट सोने के दाम (Gold Rate Today) 1, 19,500 , 24 कैरेट का भाव 1, 30,350 और 18 ग्राम सोने का रेट 97,800 रुपए पर ट्रेंड कर रहे है। वहीं 1 किलो चांदी का रेट (Silver Rate Today)2,01,000 रुपए चल रहा है। आईए जानते है आपके शहर का 18, 22 और 24 कैरेट सोने का भाव…… गुरूवार का 18 कैरेट सोने का ताजा भाव दिल्ली व जयपुर सराफा बाजार में आज 10 ग्राम सोने की कीमत (Gold Rate Today) 97,800/- रुपये। कोलकाता और मुंबई सराफा बाजार में 97,650/- रुपये। इंदौर और भोपाल में सोने का भाव 97,700 चल रहा है। चेन्नई सराफा बाजार में कीमत 1,00,450/- रुपये पर ट्रेड कर रही है। गुरूवार का 22 कैरेट सोने का ताजा भाव भोपाल और इंदौर में आज 10 ग्राम सोने की कीमत (Gold Rate Today) 1,19,400/- रुपये । जयपुर, लखनऊ, दिल्ली सराफा बाजार में आज 10 ग्राम सोने की कीमत (Gold price Today) 1,19,550/- रुपये । हैदराबाद, केरल, कोलकाता, मुंबई सराफा बाजार में 1 19,350/- रुपये ट्रेंड कर रहा है। गुरूवार का 24 कैरेट सोने का ताजा भाव भोपाल और इंदौर में आज 10 ग्राम सोने की कीमत 1,30,250 रुपये दिल्ली जयपुर लखनऊ और चंडीगढ़ सराफा बाजार में आज 10 ग्राम सोने की कीमत 1, 30, 350/- रुपये। हैदराबाद, केरल, बैंगलुरू और मुंबई सराफा बाजार में 1,30, 200/- रुपये । चेन्नई सराफा बाजार में कीमत 1,31, 460 /- रुपये पर ट्रेंड कर रहा है। पढ़िए गुरूवार का आपके शहर का चांदी का लेटेस्ट रेट जयपुर कोलकाता अहमदाबाद लखनऊ मुंबई दिल्ली सराफा बाजार में 01 किलोग्राम चांदी की कीमत (Silver Rate Today) 2,01,000 /- रुपये चेन्नई, मदुरै , विजयवाड़ा, विशाखापटनम, हैदराबाद और केरल सराफा बाजार में कीमत 2,09,000/- रुपये। भोपाल और इंदौर में 1 किलो चांदी की कीमत 2,01,000/ रुपए ट्रेंड कर रही है। Gold SILVER : कैसे चेक करें प्योरिटी? सोना खरा है या नहीं? ISO (Indian Standard Organization) द्वारा सोने की शुद्धता पहचानने के लिए हॉल मार्क दिए जाते हैं।24 कैरेट गोल्ड 99.9 प्रतिशत शुद्ध होता है और 22 कैरेट लगभग 91 प्रतिशत शुद्धता होती है। 24 कैरेट सोने में 1.0 शुद्धता (24/24 = 1.00) होनी चाहिए। 22 कैरेट सोने में 0.916 शुद्धता (22/24 = 0.916) होनी चाहिए।24 कैरेट सोने के आभूषण पर 999, 23 कैरेट पर 958, 22 कैरेट पर 916, 21 कैरेट पर 875 और 18 कैरेट पर 750 लिखा होता है। 22 कैरेट गोल्ड में 9% अन्य धातु जैसे तांबा, चांदी, जिंक मिलाकर जेवर तैयार किए जाते हैं। 24 कैरेट में कोई मिलावट नहीं होती, इसके सिक्के मिलते है, लेकिन 24 कैरेट सोने के आभूषण नहीं बनाए जा सकते, इसलिए ज्यादातर दुकानदार 18, 20 और 22 कैरेट सोना बेचते हैं और इसी के आभूषण बनाते है। चांदी पर हॉलमार्किंग का नियम सोने के बाद अब 1 सितंबर 2025 से चांदी की ज्यूलरी पर हॉलमार्किंग का नियम लागू कर दिया है।चांदी के लिए हॉलमार्किंग अनिवार्य नहीं है। आप बिना हॉलमार्क वाली चांदी भी खरीद सकते हैं। हॉलमार्किंग के नियमों के तहत, चांदी पर 6 अंकों का यूनिक HUID कोड होगा। इससे तुरंत पता चल जाएगा कि गहना किस शुद्धता का है और वह असली है या नहीं। भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) ने चांदी की शुद्धता के लिए 6 नए स्टैंडर्ड 800, 835, 900, 925, 970 और 990 तय किए हैं। 925 या 9250 अंक का मतलब है कि चांदी 92.5% शुद्ध है।