samacharsecretary.com

रूसे जलाशय में लौटी दुर्लभ Steppe Gull, 5 वर्षों बाद दर्ज हुई खास मौजूदगी

खैरागढ़ मैकाल पर्वत श्रृंखला से घिरे खैरागढ़ के जंगलों ने एक बार फिर अपनी समृद्ध जैव विविधता का प्रमाण दिया है। करीब पांच वर्षों के अंतराल के बाद खैरागढ़ स्थित रूसे जलाशय में दुर्लभ प्रवासी पक्षी स्टेपे गल (Steppe Gull) की मौजूदगी दर्ज की गई है। पक्षी विज्ञानी प्रतीक ठाकुर ने इसे अपने कैमरे में रिकॉर्ड किया है। पक्षी विज्ञानी और विशेषज्ञों द्वारा इसकी पहचान की पुष्टि के बाद यह घटना छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे मध्य भारत के लिए एक महत्वपूर्ण पर्यावरणीय उपलब्धि के रूप में देखी जा रही है। स्टेपे गल मूल रूप से पूर्वी यूरोप, दक्षिणी रूस और मध्य एशिया की स्टेपी क्षेत्रों में प्रजनन करता है। सर्दियों के मौसम में यह हजारों किलोमीटर की उड़ान भरकर पश्चिम एशिया और दक्षिण एशिया तक पहुंचता है। भारत में इसकी उपस्थिति अत्यंत दुर्लभ मानी जाती है और वह भी अधिकतर समुद्री तटों तक सीमित रहती है। ऐसे में छत्तीसगढ़ जैसे आंतरिक वन क्षेत्र के रूसे जलाशय में इसका दिखना वैज्ञानिक दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि किसी भी प्रवासी गल का आंतरिक भू-भाग के जलाशय में ठहरना इस बात का संकेत होता है कि वहां जल गुणवत्ता, भोजन उपलब्धता और प्राकृतिक शांति का संतुलन बना हुआ है। यही कारण है कि स्टेपे गल जैसे संवेदनशील प्रवासी पक्षी इस क्षेत्र को अस्थायी आश्रय के रूप में चुन रहे हैं। रूसे जलाशय पहले से ही अपनी जैव विविधता के लिए जाना जाता रहा है। यह छत्तीसगढ़ का एकमात्र ऐसा क्षेत्र है, जहां हर वर्ष कॉमन क्रेन जैसे दुर्लभ पक्षियों की नियमित उपस्थिति दर्ज होती है। इसके अलावा जलपक्षियों और प्रवासी पक्षियों की कई प्रजातियां यहां देखी जाती रही हैं, जो खैरागढ़ को पक्षी विज्ञान के मानचित्र पर एक महत्वपूर्ण स्थान दिलाती हैं। पर्यावरणविदों का मानना है कि स्टेपे गल की मौजूदगी इस बात की पुष्टि करती है कि रूसे जलाशय अब केवल एक जलस्रोत नहीं, बल्कि प्रवासी और संभावित रूप से संकटग्रस्त पक्षियों के लिए सुरक्षित ठिकाने के रूप में विकसित हो रहा है। यदि इस क्षेत्र में अवैध शिकार, अतिक्रमण और अनियंत्रित मानवीय गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा गया, तो खैरागढ़ भविष्य में मध्य भारत के प्रमुख पक्षी क्षेत्रों में शामिल हो सकता है। विशेषज्ञ यह भी सुझाव दे रहे हैं कि संरक्षण को प्राथमिकता में रखते हुए यहां बर्ड टूरिज्म की संभावनाओं को विकसित किया जाए। इससे न सिर्फ जैव विविधता के संरक्षण को बल मिलेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार और पर्यावरणीय जागरूकता को भी बढ़ावा मिलेगा। रूसे जलाशय में स्टेपे गल की यह दुर्लभ उपस्थिति खैरागढ़ के लिए एक मजबूत संदेश है, यदि प्रकृति को संरक्षण और सम्मान दिया जाए, तो वह स्वयं अपनी पहचान और समृद्धि लौटाकर देती है।

कठिन चुनौती के लिए तैयार सात्विक–चिराग, BWF वर्ल्ड टूर फाइनल्स में मिला ‘ग्रुप ऑफ डेथ’

हांगझोउ सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को बुधवार से यहां शुरू होने वाले सत्रांत बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर फाइनल्स में कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा क्योंकि भारत की शीर्ष पुरुष युगल जोड़ी को उस ग्रुप में जगह मिली है जिसे ‘ग्रुप ऑफ डेथ’ (सबसे मुश्किल ग्रुप) माना जा रहा है। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में हर वर्ग में आठ शीर्ष खिलाड़ी या जोड़ियां शामिल होती हैं जिनका चयन विश्व टूर कैलेंडर में प्रदर्शन के आधार पर किया जाता है। दुनिया की पूर्व नंबर एक और अब तीसरे नंबर की सात्विक और चिराग की जोड़ी इस एलीट प्रतियोगिता में एकमात्र भारतीय प्रतिनिधि हैं। एशियाई खेलों के चैंपियन सात्विक और चिराग को ग्रुप बी में कड़ी चुनौती का सामना करना होगा क्योंकि इस ग्रुप में कई ओलंपिक पदक विजेता शामिल हैं। भारतीय जोड़ी अपने अभियान की शुरुआत चीन के लियांग वेई केंग और वांग चांग के खिलाफ करेगी जो पेरिस ओलंपिक के रजत पदक विजेता हैं। इसके बाद उनकी भिड़ंत इंडोनेशिया के फजर अल्फियान और मुहम्मद शोहिबुल फिक्री से होगी। शुक्रवार को अपने आखिरी ग्रुप मैच में भारतीय जोड़ी अपनी चिर प्रतिद्वंद्वी आरोन चिया और सोह वूई यिक की मलेशियाई जोड़ी से भिड़ेगी जो पेरिस ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता हैं। चिया और यिक को यहां दूसरी वरीयता मिली है। आमने-सामने के रिकॉर्ड की बात करें तो सात्विक और चिराग ने दुनिया की सातवें नंबर की चीन की जोड़ी के खिलाफ तीन मैच जीते हैं जबकि सात मैच में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। सितंबर में हांगकांग ओपन फाइनल में भी सात्विक और चिराग को लियांग और वांग के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। भारतीय जोड़ी ने हालांकि चीन मास्टर्स में पिछले मुकाबले में इस जोड़ी के खिलाफ जीत दर्ज की थी। सात्चिक और चिराग को दुनिया की 11वें नंबर की इंडोनेशियाई जोड़ी के खिलाफ अपनी एकमात्र भिड़ंत में ऑस्ट्रेलियाई ओपन क्वार्टर फाइनल में हार का सामना करना पड़ा था जबकि आरोन और सोह के खिलाफ भारतीय जोड़ी को अपने करियर में अधिकांश समय परेशानी का सामना करना पड़ा है। प्रत्येक ग्रुप से केवल शीर्ष दो जोड़ियां सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी और ऐसे में गलती की गुंजाइश बहुत कम है। सात्विक और चिराग ने इस साल कोई खिताब नहीं जीता लेकिन भारतीय जोड़ी ने चोट के कारण ब्रेक के बाद वापसी करते हुए निरंतरता और लचीलापन दिखाया है। उन्होंने विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक के साथ फॉर्म में वापसी की और हांगकांग ओपन तथा चीन मास्टर्स में उपविजेता रहे। भारतीय जोड़ी मलेशिया ओपन, इंडिया ओपन, सिंगापुर ओपन, चीन ओपन और डेनमार्क ओपन में भी सेमीफाइनल में पहुंची। साल के आखिर में होने वाले फाइनल्स में भारत की उपस्थिति छिटपुट लेकिन महत्वपूर्ण रही है। पीवी सिंधू यह खिताब जीतने वाली एकमात्र भारतीय हैं जिन्होंने 2018 में महिला एकल का खिताब जीता था जबकि साइना नेहवाल 2011 में फाइनल में पहुंची थीं। युगल में ज्वाला गुट्टा और वी दिजू 2009 के सुपर सीरीज फाइनल में मिश्रित युगल के फाइनल में पहुंचे थे।  

धनबाद में तीन मंजिला बिल्डिंग में लगी आग, 2 लोगों की गई जान

धनबाद झारखंड के धनबाद जिले में एक तीन मंजिला इमारत में आग लगने से एक बुजुर्ग महिला समेत एक ही परिवार के दो सदस्यों की जलने से मौत हो गई जबकि दो अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना सोमवार रात सेराइढेला पुलिस थाना क्षेत्र के विकास नगर की है। दमकल कर्मियों ने बाद में आग पर काबू पा लिया और अन्य निवासियों को सुरक्षित निकाल लिया गया। सेराइढेला पुलिस थाना प्रभारी मंजीत कुमार ने बताया, "इमारत से दो जले हुए शव बरामद किए गए और दो अन्य घायल लोगों को शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया है।" पुलिस थाना प्रभारी मंजीत कुमार ने बताया कि मृतकों की पहचान चिंता देवी (70) और प्रशांत कुमार (22) के रूप में हुई है। एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि आग लगने का सटीक कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है लेकिन प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट इसका कारण प्रतीत होता है। उन्होंने कहा, "हालांकि, यह भी दावा किया गया है कि आग कमरे को गर्म रखने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे हीटर से लगी। मामले की आगे जांच चल रही है।"  

रईसी का दिखावा पड़ा भारी! भाड़े की लग्जरी कार में शूट हुआ तान्या मित्तल का वीडियो, अब हो रही जमकर किरकिरी

मुंबई तान्या मित्तल 'बिग बॉस 19' से निकलकर अपने घर ग्वालियर पहुंच गई हैं। वहां पहुंचते ही उन्होंने कई वीडियोज इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए और लोगों को अपनी रईसी का सबूत देने लगीं। लेकिन इसी बीच उनसे एक बड़ी भूल हो गई, जिसके बाद तो लोगों ने उनको झूठा और फेक कहने में कोई कसर नहीं छोड़ी। क्योंकि इस बार लोगों ने सबूत भी पेश किया है, जो इंटरनेट पर वायरल हो रहा है। आपको याद हो तो तान्या मित्तल ने इंस्टा स्टोरी पर ग्वालियर पहुंचते ही एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें वह कार के अंदर से पीछे आ रही गाड़ी का वीडियो बना रही थीं और कह रही थीं, 'अम्मू आ गया। आ जा… आ जा…।' अब उसमें उनके भाई अमृतेश तो नजर नहीं आ रहे थे लेकिन कार जरूर दिख रही थी, जिसकी नंबर प्लेट दिल्ली और मध्यप्रदेश की नहीं, बल्कि उत्तराखंड की थी। तान्या मित्तल की खुली पोल! एक्स हैंडल पर एक यूजर ने तान्या की स्टोरी का स्क्रीनशॉट पोस्ट किया है, जिसमें लिखा है, 'अम्मू आ गया।' वहीं, दूसरी फोटो RTO डिटेल्स की है, जिसमें गाड़ी का नंबर UK07DK3600 है और मालिक का नाम छिपाया गया है। लेकिन ये क्लियर है कि कोई शर्मा है। और ये गाड़ी उत्तराखंड के देहरादून की रजिस्टर्ड है। इसे शेयर करते हुए यूजर ने लिखा, 'मतलब तान्या मित्तल का भाई किराए की गाड़ी में आया और इनकी हिम्मत देखिए।' तान्या मित्तल की आलोचना, फैंस ने किया बचाव तान्या की गाड़ी के बारे में जानकारी सामने आने के बाद लोगों ने भी रिएक्ट किया। एक ने लिखा, 'भाई थोड़ा और डिटेल में जाओ, इनश्योरेंस भी एक्सपायर मिलेगा।' तो मेन यूजर ने जवाब दिया, 'इतना काफी है फेक लोगों के लिए।' एक ने लिखा, 'झूठ की दुकान।' एक ने लिखा, 'ये कार उनके मैनेजर की है, जो अमृतेश का मैनेजर है।' एक ने लिखा, 'मुझे तो लगता है कि कपड़े भी भाड़े के होंगे।' एक ने लिखा, 'मनीष उसका मैनेजर है।'

वाहन छोड़ने के नाम पर प्रधान आरक्षक ने मांगे 80 हजार, SP की सख्त कार्रवाई

जांजगीर-चांपा जिले में पुलिस महकमे की छवि को धूमिल करने वाला एक मामला सामने आया है, जहां गाड़ी छुड़वाने के नाम पर अवैध उगाही के आरोप में एक प्रधान आरक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ने की है। मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी मड़वा निवासी टी. आर. साहू ने अपनी गाड़ी किसी अन्य व्यक्ति के पास गिरवी रखी थी। उसी गाड़ी को दिलाने के नाम पर प्रधान आरक्षक विनोद दिवाकर ने 80 हजार रुपये की मांग की थी। जिसके बाद प्रार्थी ने पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडे से इसकी शिकायत की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने तत्काल प्रधान आरक्षक को निलंबित कर दिया और जांच की पूरी जिम्मेदारी डीएसपी योगिता खापर्डे को सौंप दी है। प्रधान आरक्षक (प्र.आर. 138) विनोद दिवाकर को निलंबन के बाद रक्षित केंद्र जांजगीर-चांपा में संबद्ध किया गया है। नियमों के अनुसार निलंबन अवधि में उन्हें निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।

मनरेगा पर संकट: सरकार की कथित योजना के विरोध में सड़कों पर उतरेगी कांग्रेस—केसी वेणुगोपाल

नई दिल्ली  कांग्रेस के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने मनरेगा को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि मनरेगा को खत्म करने की सरकार की योजना के खिलाफ कांग्रेस विरोध प्रदर्शन करेगी। केसी वेणुगोपाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) को खत्म करने की सरकार की योजना के खिलाफ लड़ने के लिए कांग्रेस पार्टी बुधवार यानी 17 दिसंबर को सभी जिला मुख्यालयों पर देशव्यापी विरोध प्रदर्शन करेगी।  इसके अलावा, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के स्थापना दिवस, 28 दिसंबर को, हमारी पार्टी के कार्यकर्ता हर मंडल और गांव में महात्मा गांधी की तस्वीरें लेकर कार्यक्रम आयोजित करेंगे, ताकि इस जनविरोधी कानून और बापू जी की विरासत पर सीधे हमले का विरोध किया जा सके। उन्होंने कहा कि मनरेगा एक ऐतिहासिक कानून है, जिसने लोगों को काम का अधिकार दिया है, श्रम की गरिमा को बनाए रखा है, और पूरे भारत में करोड़ों ग्रामीण परिवारों को आजीविका सुरक्षा प्रदान की है। हमारा संघर्ष किसी सामान्य बिल का विरोध करने के बारे में नहीं है, यह एक मुश्किल से मिले अधिकार की रक्षा करने और उन लाखों लोगों के साथ खड़े होने के बारे में है जिनकी जिंदगी, गरिमा और उम्मीद मनरेगा पर निर्भर करती है। वेणुगोपाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी महात्मा गांधी की भावना से और भारत के सबसे गरीब लोगों की रक्षा में इस लड़ाई का नेतृत्व करती रहेगी। कांग्रेस नेता ने एक्स पर पत्र भी शेयर करते हुए कहा कि सरकार द्वारा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) को खत्म करने के लिए एक बिल लाकर एक खतरनाक और जानबूझकर उठाया गया कदम है। यह कोई सामान्य विधायी प्रक्रिया नहीं है। यह एक ऐतिहासिक, अधिकार-आधारित लोगों के कानून को कमजोर करने और भारत के सबसे पहचाने जाने वाले कल्याणकारी कानून से महात्मा गांधी का नाम और मूल्यों को मिटाने की एक सोची-समझी राजनीतिक चाल है। मनरेगा जन संघर्ष से पैदा हुआ था और इसमें 'हर हाथ को काम दो, काम का पूरा दाम दो' का वादा था। इसने ग्रामीण भारतीयों को काम मांगने का कानूनी अधिकार दिया, पूरे ग्रामीण भारत में 100 दिनों के रोजगार की गारंटी दी, विकेन्द्रीकृत शासन को मजबूत किया, महिलाओं और भूमिहीनों को सशक्त बनाया, और लागू करने योग्य अधिकारों के माध्यम से श्रम की गरिमा को बनाए रखा।

एशेज : बॉन्डी बीच गोलीबारी की घटना के बाद एडिलेड टेस्ट में सुरक्षा के कड़े इंतजाम

एडिलेड ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच एशेज सीरीज का तीसरा टेस्ट मैच बुधवार से एडिलेड ओवल में खेला जाना है। इससे पहले प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी करने का ऐलान किया है। यह फैसला सिडनी के बॉन्डी बीच पर हुई गोलीबारी की घटना के बाद लिया गया है। दक्षिण ऑस्ट्रेलिया के स्टेट प्रीमियर पीटर मलिनाउस्कस ने बताया कि स्टेडियम के आसपास अतिरिक्त सुरक्षा नियम लागू किए जाएंगे। इनमें राइफल से लैस पुलिसकर्मियों की तैनाती भी शामिल होगी। उन्होंने कहा कि सिडनी की घटना को देखते हुए यह कदम एहतियात के तौर पर उठाया गया है और फिलहाल सतर्क रहना जरूरी है। डेली मेल के हवाले से मलिनाउस्कस ने कहा, “सिडनी में हुई घटनाओं को देखते हुए, एडिलेड ओवल में अतिरिक्त प्रोटोकॉल लागू किए जाएंगे। यह सिर्फ़ एहतियात के तौर पर किया जा रहा है, लेकिन यह सही है कि इस समय हम ज़्यादा सतर्क रहें।” बॉन्डी बीच पर यह हमला एक यहूदी धार्मिक कार्यक्रम के दौरान हुआ था, जिसमें दो लोगों ने गोलीबारी की। इस घटना में 16 लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हुए। हमलावरों को जल्द ही पकड़ लिया गया, जिनमें से एक की मौत हो गई और दूसरा अस्पताल में गंभीर हालत में है। इस घटना के बाद दक्षिण ऑस्ट्रेलिया पुलिस आयुक्त ग्रांट स्टीवंस ने बताया कि मैच के दौरान एडिलेड ओवल के आसपास विशेष रूप से प्रशिक्षित सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे, जो किसी भी आपात स्थिति से निपटने में सक्षम हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस की मौजूदगी लोगों की सुरक्षा के लिए जरूरी है। हालांकि, अधिकारियों ने साफ किया है कि फिलहाल क्रिकेट मैच या अन्य सार्वजनिक कार्यक्रमों पर किसी बड़े खतरे के संकेत नहीं मिले हैं। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने संयुक्त बयान जारी कर इस हमले पर गहरा दुख जताया है और पीड़ितों व उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। सम्मान के तौर पर मैच शुरू होने से पहले एक मिनट का मौन रखा जाएगा और दोनों टीमों के खिलाड़ी काली पट्टी बांधकर मैदान में उतरेंगे। पांच मैचों की इस सीरीज में ऑस्ट्रेलिया फिलहाल 2-0 से आगे है और तीसरा टेस्ट जीतकर एशेज ट्रॉफी अपने पास बनाए रखने की कोशिश करेगा।  

रूखी और बेजान त्वचा को कहें अलविदा, इन 4 घरेलू फेस स्क्रब से मिलेगा सॉफ्ट-ग्लोइंग स्किन

सर्दियों का मौसम अपने साथ ठंडी हवाएं और सुहावना मौसम लेकर आता है, लेकिन यह त्वचा के लिए कई चुनौतियां भी लाता है। ठंड और शुष्क हवा के कारण त्वचा रूखी और बेजान हो जाती है, जिसके कारण डेड सेल्स जमा होने लगते हैं। इन डेड सेल्स के कारण त्वचा का रूखापन और बढ़ सकता है। ऐसे में, फेस स्क्रब का इस्तेमाल त्वचा की इन समस्याओं को दूर करने में बेहद कारगर साबित हो सकता है। बाजार में मिलने वाले स्क्रब्स में केमिकल्स हो सकते हैं, जो त्वचा के लिए हानिकारक हो सकते हैं। इसलिए, प्राकृतिक और होम-मेड फेस स्क्रब्स सर्दियों में त्वचा की देखभाल के लिए एक बेहतर विकल्प हैं। आइए जानें ऐसे ही होम-मेड फेस स्क्रब्स के बारे में। दही और ओटमील स्क्रब यह स्क्रब सर्दियों की रूखी त्वचा के लिए बेहद फायदेमंद है। दही में लैक्टिक एसिड होता है, जो डेड सेल्स को हटाने और त्वचा को मॉइस्चराइज करने में मदद करता है। वहीं, ओटमील एक प्राकृतिक एक्सफोलिएंट है, जो त्वचा को कोमलता से साफ करता है। इसे बनाने के लिए दो चम्मच ओटमील को एक चम्मच दही के साथ मिलाकर पेस्ट बना लें। इस पेस्ट को चेहरे पर हल्के हाथों से 2-3 मिनट तक सर्कुलर मोशन में मसाज करें और फिर ठंडे पानी से धो लें। यह स्क्रब त्वचा की गंदगी और डेड सेल्स को साफ करके उसे प्राकृतिक चमक देगा। शहद और ब्राउन शुगर स्क्रब शहद एक प्राकृतिक मॉइस्चराइजर और एंटीबैक्टीरियल एजेंट है, जो त्वचा को पोषण देता है और उसे मुलायम बनाता है। ब्राउन शुगर के दाने त्वचा से डेड सेल्स को आसानी से हटाते हैं। इस स्क्रब को तैयार करने के लिए एक चम्मच शहद में एक चम्मच ब्राउन शुगर मिलाएं और इसे चेहरे पर लगाकर हल्के हाथों से मसाज करें। 5 मिनट बाद गुनगुने पानी से धो लें। यह स्क्रब न सिर्फ त्वचा के डेड सेल्स को हटाएगा, बल्कि उसमें नमी बनाए रखने में भी मदद करेगा। केला और दालचीनी स्क्रब केला विटामिन और मिनरल्स से भरपूर होता है, जो त्वचा को पोषण देता है और उसे हाइड्रेट रखता है। दालचीनी में एंटीऑक्सीडेंट और एंटीबैक्टीरियल गुण होते हैं, जो ब्लड सर्कुलेशन को बढ़ाते हैं और डेड सेल्स को हटाने में सहायता करते हैं। आधा केला मैश करके उसमें आधा चम्मच दालचीनी पाउडर मिलाएं। इस मिश्रण को चेहरे पर लगाएं और 10 मिनट तक सूखने दें, फिर हल्के हाथों से रगड़ते हुए धो लें। इस स्क्रब के नियमित इस्तेमाल से त्वचा कोमल और चमकदार बनेगी। नारियल तेल और कॉफी स्क्रब नारियल तेल सर्दियों में त्वचा के लिए एक बेहतरीन मॉइस्चराइजर है, जो त्वचा की गहराई से नमी पहुंचाता है। कॉफी में मौजूद कैफीन त्वचा के ब्लड सर्कुलेशन को बढ़ाता है और डेड सेल्स को हटाने में मदद करता है। एक चम्मच नारियल तेल में एक चम्मच बारीक पिसी कॉफी मिलाकर पेस्ट बना लें। इसे चेहरे पर लगाकर 5-7 मिनट तक मसाज करें और फिर हल्के गुनगुने पानी से धो लें। यह स्क्रब त्वचा को एक्सफोलिएट करने के साथ-साथ उसे पोषण भी देगा।  

CSK का मास्टरस्ट्रोक! IPL 2026 ऑक्शन में प्रशांत वीर और कार्तिक शर्मा पर करोड़ों की बोली

अबू धाबी  प्रशांत वीर और कार्तिक शर्मा आईपीएल नीलामी के सबसे महंगे 'अनकैप्ड खिलाड़ी' बन गए हैं। पांच बार की आईपीएल चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने इन दोनों युवा खिलाड़ियों को 14.2-14.2 करोड़ रुपए में अपने साथ जोड़ा है। बाएं हाथ के खिलाड़ी प्रशांत वीर का बेस प्राइज 30 लाख रुपए था। उन्हें खरीदने के लिए लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) ने सबसे पहले दिलचस्पी दिखाई। इसके बाद मुंबई इंडियंस बिड वॉर में कूद पड़ी। 1.30 करोड़ रुपए की बोली लगाते हुए चेन्नई सुपर किंग्स ने भी प्रशांत को अपने साथ जोड़ने में दिलचस्पी दिखाई। इस बीच राजस्थान रॉयल्स भी इस होड़ में शामिल हो गया। सनराइजर्स हैदराबाद ने 6.80 करोड़ रुपए की बोली लगाकर सभी को चौंकाया, लेकिन सीएसके ने आखिरकार प्रशांत को अपने साथ जोड़ने में कामयाबी हासिल की। 20 वर्षीय प्रशांत वीर ने 2 फर्स्ट क्लास मुकाबलों में 2 विकेट हासिल किए हैं, जबकि 9 टी20 मुकाबलों में 16.66 की औसत के साथ 12 विकेट निकाले। इस खिलाड़ी ने 28 की औसत के साथ 112 रन भी बनाए हैं। दूसरी ओर, रणजी ट्रॉफी में शतक लगाने वाले 19 वर्षीय विकेटकीपर-बल्लेबाज कार्तिक शर्मा को खरीदने के लिए मुंबई इंडियंस, लखनऊ सुपर जायंट्स, कोलकाता नाइट राइडर्स, चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद ने दिलचस्पी दिखाई। आखिरकार, चेन्नई सुपर किंग्स ने 30 लाख रुपए के बेस प्राइज वाले इस खिलाड़ी को 14.20 करोड़ रुपए की बोली लगाकर अपने साथ जोड़ने में सफलता हासिल की। कार्तिक 8 फर्स्ट क्लास मुकाबले, 9 लिस्ट-ए मुकाबले और 12 टी20 मैच खेल चुके हैं। इस दौरान उन्होंने लिस्ट-ए क्रिकेट में 2 शतक, जबकि फर्स्ट क्लास मुकाबलों में 3 शतक लगाए हैं। इससे पहले, आईपीएल नीलामी में सबसे महंगे 'अनकैप्ड खिलाड़ी' का रिकॉर्ड आवेश खान के नाम पर था, जिन्हें आईपीएल 2022 की नीलामी में लखनऊ सुपर जायंट्स ने 10 करोड़ रुपए में खरीदा था। आईपीएल 2021 की नीलामी में चेन्नई सुपर किंग्स ने कृष्णप्पा गौतम पर 9.25 करोड़ रुपए खर्च किए थे। शाहरुख खान (पंजाब किंग्स) और राहुल तेवतिया (गुजरात टाइटंस) आईपीएल 2022 की नीलामी में 9-9 करोड़ रुपए में खरीदे गए थे।

छत बचाने सड़क पर उतरे 250 परिवार, रेलवे नोटिस के खिलाफ मुख्य चौक पर प्रदर्शन

 कोरबा शहर के इंदिरा नगर बस्ती के 250 परिवारों के सिर से छत छिनने का संकट मंडरा रहा है. घर खाली करने के लिए रेलवे ने परिवारों को नोटिस जारी किया. रेलवे प्रबंधन के खिलाफ आक्रोशित लोगों ने मंगलवार को मुख्य चौक (पवन टॉकिज फाटक के पास) पर धरने पर बैठे. इस दौरान काफी संख्या में महिलाएं भी शामिल हुईं. धरने के बाद मचा हड़कप प्रदर्शन से चौक के चारों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं है. सोमवार को रेलवे अधिकारियों ने इन घरों पर खाली कराने के लिए निशान लगाए. मुआवजा इसके विरोध में सोमवार को भी बड़ी संख्या में लोगों ने स्टेशन परिसर में प्रदर्शन किया था. उन्होंने मंगलवार को शहर के मुख्य चौक पर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया. विस्थापन और मुआवजे की मांग प्रदर्शनकारियों की मांग है कि उन्हें विस्थापन और मुआवजा तत्काल दिया जाए. मांगें पूरी नहीं होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा. जिन घरों को हटाने का नोटिस दिया गया है, उन्हें पहले रहने के लिए वैकल्पिक जगह उपलब्ध कराई जाए. आश्वासन के बाद खत्म हुआ प्रदर्शन नायब तहसीलदार दीपक पटेल ने बताया कि बस्तीवासियों ने ज्ञापन सौंपा है. उनकी मांग है कि विस्थापन और मुआवजा के बाद रेलवे कार्रवाई करें. इस संबंध में जिला प्रशासन के समक्ष बातें रखेंगे. फिलहाल अभी किसी तरह की कोई कार्रवाई नहीं होगी. कार्रवाई से पहले जिला प्रशासन को सूचना रेलवे द्वारा दी जाएगी. वार्ड पार्षद तामेश अग्रवाल ने बताया कि अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया गया जहां जिला प्रशासन के आश्वासन के बाद समाप्त किया गया है. अगर मांगे पूरे नहीं होने पर आने वाले दिनों में कलेक्ट्रेट का घेराव किया जाएगा.