samacharsecretary.com

दैनिक राशिफल: 19 दिसंबर को कैसा रहेगा आपका दिन, जानें 12 राशियों की भविष्यवाणी

मेष राशि- आज आपका आत्मविश्वास मजबूत रहेगा। कार्यक्षेत्र में आपकी मेहनत और नेतृत्व क्षमता की सराहना हो सकती है। नौकरीपेशा लोगों को नई जिम्मेदारी मिल सकती है, जो आगे चलकर लाभदायक साबित होगी। आर्थिक स्थिति पहले से बेहतर रहेगी, लेकिन अनावश्यक खर्च से बचें। पारिवारिक माहौल अच्छा रहेगा। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा, बस गुस्से और जल्दबाजी से बचना जरूरी है। वृषभ राशि- आज का दिन संतुलन और धैर्य का है। खर्चों में बढ़ोतरी हो सकती है, इसलिए बजट संभालकर चलें। कार्यक्षेत्र में काम का दबाव रहेगा, लेकिन मेहनत का फल जरूर मिलेगा। पारिवारिक जीवन शांत रहेगा। प्रेम संबंधों में मधुरता बनी रहेगी। सेहत को लेकर खानपान पर विशेष ध्यान दें। मिथुन राशि- आज आपकी बातचीत और सोच आपको आगे बढ़ाने में मदद करेगी। रुके हुए काम पूरे होने के संकेत हैं। नौकरी और व्यापार में नए अवसर मिल सकते हैं। आर्थिक लाभ के योग बन रहे हैं। दोस्तों और सहकर्मियों का सहयोग मिलेगा। स्वास्थ्य ठीक रहेगा, लेकिन अधिक भागदौड़ से थकान महसूस हो सकती है। कर्क राशि- आज भावनाओं में बहकर कोई बड़ा फैसला न लें। कार्यक्षेत्र में धैर्य और समझदारी से काम करना जरूरी होगा। परिवार में किसी बात को लेकर चर्चा या चिंता हो सकती है। आर्थिक स्थिति स्थिर रहेगी। स्वास्थ्य के लिहाज से दिन सामान्य रहेगा, लेकिन मानसिक तनाव से बचें। सिंह राशि- आज आपके मान-सम्मान और प्रतिष्ठा में वृद्धि के योग हैं। करियर में सफलता मिलने की संभावना है। प्रभावशाली लोगों से मुलाकात फायदेमंद साबित हो सकती है। आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। प्रेम जीवन में सकारात्मकता रहेगी। ऊर्जा और आत्मविश्वास भरपूर रहेगा। कन्या राशि- आज योजनाबद्ध तरीके से काम करने से लाभ मिलेगा। करियर में नए अवसर सामने आ सकते हैं। धन से जुड़े मामलों में सोच-समझकर निर्णय लें। परिवार में सुख-शांति बनी रहेगी। स्वास्थ्य में सुधार के संकेत हैं और मानसिक रूप से हल्कापन महसूस करेंगे। तुला राशि- आज रिश्तों में संतुलन बनाए रखना जरूरी होगा। साझेदारी के काम में लाभ के योग हैं। नौकरी में बदलाव या नई जिम्मेदारी मिल सकती है। आर्थिक स्थिति सामान्य से अच्छी रहेगी। मानसिक शांति के लिए खुद को थोड़ा समय दें। वृश्चिक राशि- आज मेहनत अधिक करनी पड़ सकती है, लेकिन परिणाम आपके पक्ष में रहेंगे। करियर में आगे बढ़ने के मौके मिल सकते हैं। धन की स्थिति संतुलित रहेगी। प्रेम संबंधों में खुलकर बातचीत करें। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा। धनु राशि- आज भाग्य आपका साथ देगा। शिक्षा, नौकरी और व्यापार से जुड़े लोगों को सफलता मिल सकती है। यात्रा के योग बन सकते हैं। आर्थिक लाभ संभव है। स्वास्थ्य अच्छा रहेगा और मन प्रसन्न रहेगा। मकर राशि- आज जिम्मेदारियां बढ़ सकती हैं, लेकिन आप उन्हें अच्छे से निभाएंगे। कार्यक्षेत्र में अनुशासन और मेहनत से सफलता मिलेगी। आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। परिवार का सहयोग मिलेगा। सेहत को लेकर थोड़ी सतर्कता जरूरी है। कुंभ राशि- आज नए विचार और योजनाएं लाभ दिला सकती हैं। नौकरी और व्यापार में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेंगे। दोस्तों और सहयोगियों का साथ मिलेगा। प्रेम जीवन अच्छा रहेगा। मानसिक रूप से सुकून महसूस करेंगे। मीन राशि- आज रचनात्मक कार्यों में सफलता मिलने के योग हैं। करियर में नई संभावनाएं बन सकती हैं। आर्थिक स्थिति संतुलित रहेगी। रिश्तों में मधुरता आएगी। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा और आत्मविश्वास बढ़ेगा।

उर्वरक कालाबाजारी केवल आपूर्ति की समस्या नहीं, बल्कि खाद्य सुरक्षा और किसान हितों से जुड़ा गंभीर अपराध

खाद माफिया पर एनएसएः खेती के साथ खिलवाड़ अब 'सामान्य अपराध' नहीं उर्वरक कालाबाजारी केवल आपूर्ति की समस्या नहीं, बल्कि खाद्य सुरक्षा और किसान हितों से जुड़ा गंभीर अपराध कालाबाजारी की शिकायतों पर एफआईआर और सीधी प्रशासनिक कार्रवाई का प्रावधान सरप्राइज इंस्पेक्शन से तय हुई अफसरों की जवाबदेही, सभी जिलों में डेली स्टॉक रिपोर्टिंग सिस्टम लागू पिछले 2 वर्षों में 5,000 से ज्यादा खाद दुकानों का निरीक्षण किया गया, सैकड़ों लाइसेंस निलंबित और रद्द किये गये रबी सीजन 2025-26 में प्रदेश में यूरिया, डीएपी और एनपीके की कुल उपलब्धता 130 लाख मीट्रिक टन से अधिक लखनऊ  योगी सरकार खाद की कालाबाजारी को लेकर काफी सख्त है। योगी सरकार ने खाद की कालाबाजारी के खिलाफ अब तक की सबसे सख्त कार्रवाई करते हुए साफ संदेश दिया है कि खेती और किसान हितों से जुड़ा अपराध किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री के निर्देश पर खाद माफिया के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) जैसी कठोर कार्रवाई की जा रही है। योगी सरकार का मानना है कि उर्वरकों की कालाबाजारी केवल आपूर्ति या प्रशासनिक लापरवाही का मामला नहीं है, बल्कि यह सीधे तौर पर खाद्य सुरक्षा, किसान की आजीविका और प्रदेश की अर्थव्यवस्था से जुड़ा गंभीर अपराध है। एफआईआर और सीधी प्रशासनिक कार्रवाई का प्रावधान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बैठक में स्पष्ट शब्दों में कहा कि जो लोग किसानों को संकट में डालकर मुनाफाखोरी कर रहे हैं, वे केवल कानून नहीं तोड़ रहे, बल्कि देश और प्रदेश की खाद्य सुरक्षा से खिलवाड़ कर रहे हैं। ऐसे तत्वों को ‘सामान्य अपराधी’ मानकर नहीं छोड़ा जाएगा। जरूरत पड़ी तो उनके खिलाफ एनएसए जैसी कठोर धाराएं लगाई जाएंगी, ताकि वे लंबे समय तक समाज के लिए खतरा न बन सकें। योगी सरकार ने खाद की कालाबाजारी, जमाखोरी और ओवररेटिंग की शिकायतों पर त्वरित एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। अब केवल नोटिस या चेतावनी देकर मामले को ठंडे बस्ते में नहीं डाला जाएगा। जिला प्रशासन को अधिकार दिया गया है कि वह मौके पर ही सख्त कार्रवाई करे। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान को खाद के लिए दर-दर भटकना पड़े, यह सरकार के लिए स्वीकार्य नहीं है। अगर कहीं भी कालाबाजारी की सूचना मिलती है, तो संबंधित अधिकारी सीधे हस्तक्षेप करेंगे और दोषियों पर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। सरप्राइज इंस्पेक्शन से अफसरों की जवाबदेही हुई तय योगी सरकार ने खाद की आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए सरप्राइज इंस्पेक्शन का तंत्र मजबूत किया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर अब केवल दुकानदार ही नहीं, बल्कि निगरानी में लापरवाही बरतने वाले अफसर भी जवाबदेह होंगे। औचक निरीक्षण के दौरान स्टॉक, बिक्री रजिस्टर, दर सूची और वितरण प्रक्रिया की गहन जांच की जा रही है। यदि किसी स्तर पर मिलीभगत या आंख मूंदने की शिकायत सामने आती है तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ भी कार्रवाई तय है। योगी सरकार ने प्रदेश के सभी जिलों में डेली स्टॉक रिपोर्टिंग सिस्टम लागू किया है। इसके तहत हर खाद दुकान और गोदाम को रोजाना उपलब्ध स्टॉक, बिक्री और शेष मात्रा की जानकारी ऑनलाइन अपलोड करनी होगी। इससे न केवल पारदर्शिता बढ़ेगी, बल्कि किसी भी जिले या ब्लॉक में संभावित कमी का पहले ही आकलन किया जा सकेगा। ऐसे में तकनीक का इस्तेमाल कर खाद माफिया की हर चाल पर नजर रखी जा रही है और समय रहते कार्रवाई की जा रही है। दो वर्षों में 5,000 से अधिक दुकानों का निरीक्षण योगी सरकार की सख्ती का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पिछले दो वर्षों में प्रदेश भर में 5,000 से ज्यादा खाद दुकानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान अनियमितता पाए जाने पर सैकड़ों दुकानों के लाइसेंस निलंबित और रद्द किए गए। कई मामलों में भारी जुर्माना भी लगाया गया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि यह अभियान केवल आंकड़ों तक सीमित न रहे, बल्कि इसका असर जमीनी स्तर पर किसानों को दिखना चाहिए। योगी सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि रबी सीजन 2025-26 के लिए प्रदेश में उर्वरकों की कोई कमी नहीं है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार यूरिया, डीएपी और एनपीके की कुल उपलब्धता 130 लाख मीट्रिक टन से अधिक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब पर्याप्त स्टॉक मौजूद है, तो कालाबाजारी का कोई औचित्य नहीं बनता। अगर फिर भी कहीं कृत्रिम संकट पैदा किया जाता है, तो यह साफ तौर पर आपराधिक साजिश मानी जाएगी। किसानों को भरोसा, माफिया को चेतावनी मुख्यमंत्री ने किसानों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की कालाबाजारी, ओवररेटिंग या जबरन टैगिंग की शिकायत तुरंत प्रशासन तक पहुंचाएं। सरकार उनके साथ खड़ी है और हर शिकायत पर कार्रवाई होगी। वहीं, खाद माफिया को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा गया है कि अब कानून का डंडा और भी सख्त होगा। खेती के साथ खिलवाड़ करने वालों के लिए प्रदेश में कोई जगह नहीं है।

US–वेनेजुएला तनाव चरम पर, शिप अटैक में 4 लोगों की मौत, नेवी अलर्ट

  वाशिंगटन अमेरिका और वेनेजुएला के बीच तनाव उच्चतम स्तर पर पहुंच गया है. अमेरिकी सेना ने कहा कि उसने पूर्वी प्रशांत महासागर में एक जहाज पर अपने ताजा हमले में चार लोगों को मार गिराया है. अमेरिका का दावा है कि बु पूर्वी प्रशांत महासागर में कथित ड्रग-ट्रैफिकिंग बोट पर हमला किया, जिसमें 4 लोग मारे गए. इस बीच वेनेजुएला ने अपनी नेवी को पोर्ट से पेट्रोलियम प्रोडक्ट ले जाने वाले जहाजों को एस्कॉर्ट करने का आदेश दिया है. इसके साथ ही दोनों देशों के बीच टकराव का खतरा बढ़ गया है. पूर्वी प्रशांत महासागर में हमले की जानकारी देते हुए अमेरिकी सेना ने कहा कि बुधवार को पूर्वी प्रशांत महासागर में ड्रग्स की तस्करी करने वाली एक और नाव पर हमला किया जिसमें 4 लोग मारे गए. अमेरिका सेना ने एक्स पर लिखा, "17 दिसंबर को पीट हेगसेथ के निर्देश पर, जॉइंट टास्क फोर्स सदर्न स्पीयर ने अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में एक नामित आतंकवादी संगठन द्वारा संचालित एक जहाज पर घातक हमला किया." साउथकॉम ने आगे कहा कि इस हमले में कोई भी अमेरिकी सैनिक घायल नहीं हुआ.   हमला इस हफ्ते का दूसरा हमला है, इससे पहले सोमवार को अमेरिका ने पूर्वी प्रशांत महासागर में ड्रग्स तस्करी करने वाली तीन नावों पर हमला किया था जिसमें 8 लोग मारे गए थे.  अमेरिका की यह कार्रवाई ट्रंप प्रशासन के "ऑपरेशन सदर्न स्पीयर" का हिस्सा है, जिसमें सितंबर 2025 से अब तक 26 नावों पर हमले हुए और कम से कम 99 लोग मारे गए.  इस बीच वेनेजुएला की सरकार ने तेल टैंकरों की पूर्ण नाकेबंदी की घोषणा के बाद अपने नेवी को तेल टैंकरों को एस्कॉर्ट करने को कहा है. बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वेनेजुएला से तेल लेकर निकलने वाले जहाजों पर टोटल ब्लॉकेड का ऐलान किया है. इससे वेनेजुएला के तेल टैंकरों की आवाजाही लगभग ठप हो जाएगी. लेकिन ट्रंप के फैसले के खिलाफ वेनेजुएला ने अपनी नेवी को ऑयल टैंकरों को एस्कॉर्ट करने को कह दिया है.   इससे पहले  ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा कि वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की सरकार को एक विदेशी आतंकवादी संगठन (FTO) घोषित किया गया है, जो ड्रग्स तस्करी और मानव तस्करी में भी शामिल था. वेनेजुएला ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद से देश के खिलाफ अमेरिका की लगातार आक्रामकता पर चर्चा करने के लिए बैठक करने का अनुरोध किया है. संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने दोनों देशों के बीच तनाव को तुरंत कम करने का आह्वान किया और दोनों देशों से अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत अपने दायित्वों का सम्मान करने के लिए कहा है.

गुरु घासीदास बाबा ने समाज को समानता, सद्भाव और मानवता का दिया संदेश: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

रायपुर, गुरु घासीदास बाबा ने समाज को समानता, सद्भाव और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। बाबा के विचार आज भी सामाजिक एकता, भाईचारे और समरसता को सुदृढ़ करते हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज मुंगेली जिले के खैरा-सेतगंगा धाम में आयोजित बाबा गुरु घासीदास जयंती समारोह को संबोधित करते हुए यह बात कही। इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने जैतखंभ में विधिवत पूजा-अर्चना कर पालो चढ़ाया तथा गुरुगद्दी एवं राम जानकी मंदिर में दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और जनकल्याण की कामना की। मुख्यमंत्री श्री साय ने सेतगंगा धाम के समग्र विकास के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए सामुदायिक भवन निर्माण हेतु 50 लाख रुपये, राम जानकी मंदिर पर्यटन क्षेत्र विकास के लिए 50 लाख रुपये तथा गुरु घासीदास जयंती कार्यक्रम आयोजन के लिए 10 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव, खाद्य मंत्री श्री दयालदास बघेल, अनुसूचित जाति विकास मंत्री गुरु श्री खुशवंत साहेब, विधायक सर्वश्री पुन्नूलाल मोहले, धरमलाल कौशिक, सुशांत शुक्ला, डोमन लाल कोरसेवाड़ा तथा श्रीमती भावना बोहरा उपस्थित थीं। मुख्यमंत्री साय ने राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने एवं छत्तीसगढ़ के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़क, बिजली, सुरक्षा और विकास के कार्य तेज़ी से किए जा रहे हैं। गरीबों को प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ निरंतर दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है और किसानों के धान का एक-एक दाना खरीदा जाएगा। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख से अधिक महिलाओं को आर्थिक सशक्तिकरण के उद्देश्य से राशि प्रदान की जा रही है। प्रशासनिक पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए ई-ऑफिस प्रणाली को बढ़ावा दिया जा रहा है तथा नक्सलवाद उन्मूलन की दिशा में भी ठोस और प्रभावी कार्य किए जा रहे हैं। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने सेतगंगा धाम के ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ निरंतर विकास की ओर अग्रसर है। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब एवं खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने भी गुरु घासीदास जयंती की शुभकामनाएं देते हुए समाज के हित में सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। विधायक पुन्नूलाल मोहले ने गुरु घासीदास बाबा के जीवन, विचारों और आदर्शों पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में सतनाम पंथ के अनुयायी उपस्थित थे।

महामारी की तैयारी पर ICMR DG का जोर, देश को सतर्क रहने की सलाह

नई दिल्ली इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (ICMR) के डायरेक्टर जनरल डॉ. राजीव बहल ने भविष्य की महामारियों (Pandemic) से निपटने के लिए सतर्क रहने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि इसके लिए वन हेल्थ अप्रोच अपनाना बेहद जरूरी है। उनका कहना था कि इंसानों, जानवरों और पर्यावरण तीनों की सेहत पर एक साथ ध्यान देना होगा, क्योंकि केवल इंसानों पर ध्यान देने से महामारी को रोकना पर्याप्त नहीं है। महामारियों के पीछे वायरस और जानवर डॉ. राजीव बहल ने न्यूज़ एजेंसी आईएएनएस को बताया कि पिछले 100 साल में ज्यादातर महामारियां वायरस और जानवरों से फैलने वाली बीमारियों के कारण हुई हैं। उन्होंने कोविड-19 महामारी का उदाहरण देते हुए बताया कि पांच साल पहले आई इस वैश्विक महामारी की उत्पत्ति भी जानवरों से ही हुई थी। डॉ. बहल ने वैज्ञानिकों, इंडस्ट्री और बड़े संस्थानों से अपील की कि वे लगातार बीमारियों पर नजर रखें और उनकी दवाइयों और वैक्सीन की तैयारी बनाए रखें। ICMR NIV ने आयोजित किया VIROCON 2025 सम्मेलन डॉ. राजीव बहल ने ये बातें पुणे में आयोजित VIROCON 2025 नामक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान कही। यह सम्मेलन ICMR-नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी (NIV) पुणे द्वारा आयोजित किया गया था। तीन दिन चले इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में अमेरिका, कनाडा, थाईलैंड और भारत सहित कई देशों से 650 से अधिक विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया। सम्मेलन में भारत के प्रमुख संस्थानों जैसे IISc, IITs, IISERs के प्रतिनिधि भी शामिल हुए। सम्मेलन की थीम और चर्चा सम्मेलन की मुख्य थीम थी: “इंसानों, जानवरों और पौधों के वायरस में बदलते हालात और कैसे बेसिक साइंस, इनोवेशन और पब्लिक हेल्थ को जोड़ा जाए।” इस दौरान विशेषज्ञों ने वन हेल्थ अप्रोच और भविष्य की महामारियों के लिए तैयार रहने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की। इसमें शामिल था कि दवाइयां और वैक्सीन कैसे तैयार रखी जाएं, वायरस की बेसिक साइंस यानी फंडामेंटल वायरोलॉजी पर किस तरह रिसर्च बढ़ाई जाए और पब्लिक हेल्थ सिस्टम को मजबूत कैसे किया जाए।

वन मेले में वनोपज एवं हर्बल उत्पाद से निर्मित औषधियों की बढ़ी मांग

दोपहर तक लगभग 10 लाख से अधिक की हुई बिक्री बांधवगढ़ के गोंडी व्यंजन, अलीराजपुर का दालपनिया, छिंदवाड़ा की वन भोज रसोई बने आकर्षण का केन्द्र भोपाल : अंतर्राष्ट्रीय वन मेला-2025 अंतर्राष्ट्रीय वन मेला की लोकप्रियता की वजह से राजधानी ही नहीं वरन् आसपास के कई जिलों से लोग यहाँ मेला देखने आ रहे है। शहर के लाल परेड ग्राउंड में आयोजित मेले में दिनांक 18 दिसम्बर की दोपहर तक लगभग 10 लाख से अधिक के वनोपज एवं हर्बल उत्पाद से निर्मित औषधियों की बिक्री हो चुकी है। मेले में स्थापित ओ.पी.डी में बड़ी संख्या में लगभग 100 से अधिक आगंतुकों ने निशुल्क चिकित्सीय परामर्श प्राप्त किया। इस हेतु प्रातः 10.30 से अपराह्न 3.00 बजे एवं सांय 3.00 से रात्रि 8.00 बजे तक आयुर्वेद चिकित्सकों तथा अनुभवी वैद्य अपनी सेवाएँ दे रहे हैं। ओ.पी.डी में निःशुल्क परामर्श आयुर्वेदिक चिकित्सकों तथा अनुभवी वैद्यों द्वारा मेले के अंतिम दिन तक जारी रहेगा। मेले के कान्फ्रेंस हॉल में गुरूवार को म.प्र. राज्य लघु वनोपज संघ की प्रबंध संचालक डॉ. समीता राजोरा द्वारा स्टार्टअप कान्क्लेव का शुभारंभ किया गया। आयोजन में रविन्द्रनाथ टैगोर यूनिवर्सिटी से श्री रोनॉल्ड फर्नान्डेंज, ए.आई.सी. एवं स्टार्टअप इन्क्यूबेशन सेंटर से सुश्री नेहा चतुर्वेदी, व्ही.एस.एस.पी.ए. मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए।कार्यक्रम में 6 नये स्टार्ट अप बस्तर फड़, शाम्या प्रकाश, श्यामी, फार्म 93, पी.एस.एस.एस. इंडिया एवं त्रिष्टा टी के प्रतिनिधियों द्वारा चर्चा में भाग लिया जाकर अपने अनुभव साझा किये गये। मेले में लघु वनोपज प्रसंस्करण एवं अनुसंधान केंद्र के विन्ध्य हर्बल्स ब्रांड के उत्पादों जैसे शहद, च्यवनप्राश के अलावा अन्य उत्पाद वेलनेस किट, केश तेल, महुआ बॉडी बटर, महुआ लोशन, हेयर शैम्पू, विंध्य बाडी मसाज तेल आदि को उनके प्रभावी असर एवं गुणवत्ता की वजह से आगंतुकों द्वारा काफी सराहा जा रहा। इस वर्ष नर्सरी के औषधीय पौधे भी आगंतुकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहे। प्रधानमंत्री वन धन योजना अंतर्गत मध्यप्रदेश एवं अन्य राज्यों में संचालित वन धन केन्द्रों के द्वारा बनाए जा रहे सभी उत्पाद के प्रति लोगों का अत्यधिक रुझान रहा। इन उत्पादों में महुए एवं देशी मोटे अनाज (मिलेट्स) के प्रति बढ़ती लोकप्रियता ने महुए के लड्डू, महुए का अचार, महुआ कुकीज, कोदो-कुटकी कुकीज, अलसी लड्डू, तिल लड्डू, देशी मक्का कुकीज, वनीय शहद, आंवला कैंडी, आंवला पाचक ने लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। आगंतुकों ने बड़ी उत्सुकता के साथ इन उत्पादों को खरीदा। इसके साथ ही वनांचलों के एलोवेरा से निर्मित साबुन, शैम्पू, हैण्ड वॉश, जैल, आंवला अचार,शतावर अचार, जंगली शहद एवं अन्य उत्पादों को भी लोगों ने काफी पसंद किया। विभिन्न जिलों से शामिल प्राथमिक वनोपज समितियों के उत्पाद, जंगली जड़ी बूटियों एवं मध्यप्रदेश राज्य बम्बू मिशन के उत्पादों से लोगों की नजर नहीं हट रही है। इसके अतिरिक्त फ़ूड स्टॉल एवं फूड जोन में वन विभाग से बांधवगढ़ के गोंडी व्यंजन, अलीराजपुर का दालपनिया एवं पश्चिम छिन्दवाड़ा की वन भोज रसोई जो मुख्य आकर्षण का केंद्र है। मेला प्रांगण में सुबह 10.30 बजे से रात्रि 10 बजे तक रंगारंग कार्यक्रम चलते रहे, जिनमें छात्र-छात्राओं द्वारा सोलो गायन तथा समूह गायन की प्रतियोगिता में लगभग 10 विद्यालयों से 50 से भी अधिक छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई। दोपहर में योगा शो में योग गुरू श्री महेश अग्रवाल द्वारा योगासन सीखाएं गए एवं जैवविविधता बोर्ड द्वारा कथक नृत्य एवं नुकक्ड़ नाटक प्रतियोगिता आयोजित की गई और सायं 07 बजे से सम्राट म्युज़िकल ग्रुप द्वारा आर्केस्ट्रा की रंगारंग प्रस्तुति में ऑगन्तुकों द्वारा आनंद लिया गया। प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले छात्र – छात्राओं को पुरस्कृत किया गया एवं उनकी विलक्षण प्रतिभा को सराहा गया। अंतर्राष्ट्रीय वन मेले में शुक्रवार 19 दिसम्बर को लघु वनोपज संघ द्वारा लघु वनोपज द्वारा NTFPs for Inclusive Growth : "Linking Forest Prosperity with Community Well-being" विषय पर दो दिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ होगा। कार्यशाला का शुभारंभ अपर मुख्य सचिव, वन विभाग श्री अशोक बर्णवाल की उपस्थिति में सम्पन्न होगा। कार्यशाला में लघु वनोपज क्षेत्र में कार्यरत देश के ख्याति प्राप्त वैज्ञानिक, अनुसंधानकर्ताओं के साथ-साथ विषय विशेषज्ञ भी भाग लेंगे।  

आधार कार्ड अपडेट करना हुआ आसान! UIDAI नंबर से घर बैठे करें सुधार

नई दिल्ली आधार कार्ड आज हर जरूरी काम के लिए अहम दस्तावेज बन चुका है, ऐसे में उसमें छोटी-सी गलती भी बड़ी परेशानी खड़ी कर सकती है। नाम, पता या मोबाइल नंबर की गलती के कारण लोगों को बार-बार दफ्तरों और साइबर कैफे के चक्कर लगाने पड़ते हैं। अगर आपके आधार कार्ड में नाम, पता या मोबाइल नंबर गलत है, तो अब उसे ठीक कराने के लिए न आधार सेंटर जाना पड़ेगा और न ही साइबर कैफे। कई लोग फर्जी एजेंट्स की वजह से अपना समय और पैसा बर्बाद कर देते हैं, जबकि आधार से जुड़ी ज़्यादातर समस्याएं सिर्फ एक फोन कॉल से हल हो सकती हैं। UIDAI ने इसके लिए टोल-फ्री नंबर 1947 जारी किया है। इस नंबर पर कॉल करके आप आधार में सुधार, अपडेट और जरूरी जानकारी पा सकते हैं। यह सेवा हिंदी, अंग्रेजी समेत 12 भाषाओं में उपलब्ध है। इस नंबर से आपको सही और भरोसेमंद जानकारी मिलती है, खर्च बचता है और गलत जानकारी से होने वाली परेशानी नहीं होती। यह नंबर पूरे भारत में मुफ्त है और याद रखना भी आसान है। कॉल करने का समय सोमवार से शनिवार सुबह 7 बजे से रात 11 बजे तक, और रविवार को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक कॉल कर सकते हैं।

ललित मोदी की आलीशान प्री-बर्थडे पार्टी पर सोशल मीडिया पर ट्रोल, विजय माल्या शामिल

लंदन इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के पूर्व चेयरमैन ललित मोदी ने लंदन में भगोड़ा व्यवसायी विजय माल्या के लिए एक ग्लैमरस प्री-बर्थडे सेलिब्रेशन का आयोजन किया. यह पार्टी बेलग्रेव स्क्वायर स्थित ललित मोदी के आलीशान आवास पर हुई, जिसमें कई बड़े नाम शामिल हुए. इस खास मौके पर बायोकॉन की संस्थापक किरण मजूमदार-शॉ, अभिनेता इदरीस एल्बा और फेशन डिजाइनर मनोविराज खोसला जैसे सेलिब्रिटीज मौजूद थे. पार्टी की तस्वीरों में किरण मजूमदार-शॉ को मनोविराज खोसला के साथ पोज़ देते और इदरीस एल्बा के साथ बातचीत करते देखा जा सकता है. मशहूर फोटोग्राफर जिम राइडेल ने भी इस आयोजन की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा कीं और ललित मोदी को विजय माल्या के लिए "एक शानदार प्री-70वें जन्मदिन की पार्टी" आयोजित करने के लिए धन्यवाद दिया. ललित मोदी ने भी अपनी पोस्ट में पार्टी में आए सभी मेहमानों को धन्यवाद दिया और विजय माल्या को अपना दोस्त बताते हुए उनकी तारीफ की. इस पार्टी का निमंत्रण कार्ड भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें माल्या को "किंग ऑफ गुड टाइम्स" कहा गया और एक कार्टून चित्र भी था. हालांकि, इस आलीशान पार्टी की तस्वीरों को सोशल मीडिया पर भारी आलोचना का सामना करना पड़ा. कई यूजर्स ने दोनों मोदी और माल्या को निशाना बनाते हुए कहा कि ये लोग सालों तक भारतीय अधिकारियों से बचते हुए इतना आनंद कैसे मना सकते हैं. कुछ ने मजाकिया टिप्पणियों के साथ केंद्र सरकार पर भी तंज कसा. विजय माल्या मार्च 2016 में भारत छोड़कर ब्रिटेन चले गए थे, जहां वे बैंक लोन धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों का सामना कर रहे हैं. वहीं लालित मोदी 2010 में वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों के बाद भारत छोड़ चुके हैं. यह पार्टी फिर से इन दोनों विवादास्पद हस्तियों को सुर्खियों में ला दी है, जहां सरकार और जनता के बीच सवाल खड़े हो रहे हैं कि वे अपनी आज़ादी की जश्न मनाते हुए भारत की न्याय व्यवस्था का अपमान कैसे कर सकते हैं.

मध्यप्रदेश पुलिस की मानवीय पहल, विगत एक सप्ताह में 19 बिछड़े बच्चों को सकुशल परिजनों से मिलाया

पुलिस की सक्रियता से मासूमों के चेहरों पर लौटी मुस्कान भोपाल मध्यप्रदेश पुलिस ने गुमशुदा व बिछड़े बच्चों की दस्तयाबी के विशेष अभियान में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। विगत एक सप्ताह में पुलिस ने प्रदेश के मंदसौर, भोपाल, छतरपुर, उज्जैन, झाबुआ और कटनी जिलों से कुल 19बच्चों को खोजकर उनके परिजनों से मिलाया है। पुलिस की संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई ने कई परिवारों के चेहरों पर मुस्कान लौटाई है। मंदसौर पुलिस की बड़ी सफलता जिले के जीवागंज क्षेत्र से 14 दिसंबर को एक वर्षीय बालक के अपहरण की घटना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र 48 घंटों में बालक को राजस्थान के नागौर जिले (मेड़ता शहर) से सकुशल बरामद किया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से दबिश देकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। भोपाल में चार घंटे में मिली नाबालिग राजधानी भोपाल के टीटी नगर थाना क्षेत्र से लापता हुई नाबालिग बालिका को पुलिस ने विशेष टीम गठित कर मात्र चार घंटे में ढूंढ निकाला। सार्वजनिक स्थलों पर सघन तलाशी अभियान के बाद बालिका को हर्षवर्धन नगर पार्क से सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द किया गया। छतरपुर मेले में बिछड़े 13 बच्चों को मिलाया जिले के जुझारनगर थाना क्षेत्र में वैदेही बाबा मंदिर परिसर में आयोजित विशालमेले के दौरान 13 बालक-बालिकाएं अपने परिजनों से बिछड़ गए थे। पुलिस सहायताकेंद्र की सक्रिय टीम ने लगातार गश्त और लाउडस्पीकर अनाउंसमेंट के माध्यम से सभी बच्चों को सुरक्षित उनके माता-पिता से मिलाया। अन्य जिलों में भी दिखाई सजगता उज्जैन के माधवनगर थाना पुलिस ने रात के समय लापता हुए सात वर्षीय बालक को डेढ़ घंटे की कार्रवाई में सुरक्षित बरामद किया। झाबुआ जिले के थांदला थाना क्षेत्र में पुलिस ने नवापाड़ा से लापता दो मासूम बच्चों को त्वरित समन्वय से मछली माता रोड से खोज निकाला। इसी प्रकार कटनी जिले में एन.के.जे. थाना पुलिस ने आधुनिक CCTV सर्विलांस के जरिए छह घंटे में गुमशुदा बालक का पता लगाकर उसे उसके माता-पिता के सुपुर्द किया। इन कार्यवाहियों से स्पष्ट है कि मध्यप्रदेश पुलिस बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मानवीय संवेदनशीलता, तकनीकी दक्षता और त्वरित समन्वय के साथ कार्य कर रही है। अपहरण जैसी संगीन घटनाओं पर सख्त कार्रवाई और बिछड़े बच्चों को घर तक पहुँचाना पुलिस की सजगता और प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण है।  

रानी मुखर्जी को मिला ‘एक्सीलेंस इन वूमन एम्पावरमेंट थ्रू सिनेमा अवॉर्ड’

मुंबई, भामला फाउंडेशन ने बॉलीवुड अभिनेत्री रानी मुखर्जी को सिनेमा के माध्यम से महिला सशक्तिकरण में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘एक्सीलेंस इन वूमन एम्पावरमेंट थ्रू सिनेमा अवॉर्ड’ से सम्मानित किया है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका ने भामला फाउंडेशन के साथ मिलकर भारत की बेटियों को सशक्त और शिक्षित करने के उद्देश्य से एक विशेष अभियान ‘सुपरगर्ल्स ऑफ टुमॉरो’ की शुरुआत की है। इस पहल का नेतृत्व भामला फाउंडेशन के संस्थापक आसिफ भामला कर रहे हैं। इस अभियान के तहत भामला फाउंडेशन ने अभिनेत्री रानी मुखर्जी को सिनेमा के माध्यम से महिला सशक्तिकरण में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘एक्सीलेंस इन वूमन एम्पावरमेंट थ्रू सिनेमा अवॉर्ड’ से सम्मानित किया है। भारतीय फिल्म उद्योग में अपने 30 वर्षों के शानदार सफर का जश्न मना रहीं रानी मुखर्जी न केवल सिनेमा की एक आइकॉन हैं, बल्कि एक ऐसी ट्रेलब्लेज़र भी हैं, जिनके काम ने लगातार रूढ़ियों और सीमाओं को तोड़ा है। अपने सशक्त, आत्मनिर्भर और प्रेरणादायक किरदारों के ज़रिए उन्होंने हमेशा महिलाओं की गरिमा, समानता और सम्मान का पक्ष लिया है। मिसेज चटर्जी वर्सेज नॉर्वे में उनके दमदार अभिनय को इस वर्ष राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया, जिसने भारतीय सिनेमा की महानतम अभिनेत्रियों में उनके स्थान को और मजबूत किया। आधुनिक भारतीय महिला की पहचान मानी जाने वाली रानी मुखर्जी का सिनेमा ब्लैक, नो वन किल्ड जेसिका, मर्दानी फ्रैंचाइज़ी, युवा, बंटी और बबली, साथिया, हम तुम, वीर -जारा, हिचकी और मिसेज चटर्जी वर्सेज नॉर्वे जैसी प्रभावशाली फिल्मों तक फैला हुआ है। उनके सिनेमा ने महिलाओं को हमेशा मजबूत, स्वतंत्र और निडर रूप में प्रस्तुत किया है और भारतीय समाज में महिलाओं को देखने के नजरिए को आकार देने में अहम भूमिका निभाई है। रानी मुखर्जी ने कहा, “सुपरगर्ल्स ऑफ टुमॉरो को सशक्त और शिक्षित करने के लिए समर्पित ऐसे अभियान एक अधिक समान और संवेदनशील समाज के निर्माण के लिए बेहद जरूरी हैं। मैं खुद को सौभाग्यशाली मानती हूं कि मुझे ऐसे मजबूत और आत्मनिर्भर महिला किरदार निभाने का अवसर मिला, जो पितृसत्ता को चुनौती देते हैं, रूढ़ियों को तोड़ते हैं और दर्शकों को यह देखने के लिए प्रेरित करते हैं कि महिलाएं बदलाव की वाहक, राष्ट्र निर्माता और समाज में समान अधिकारों की हकदार हैं। मुझे गर्व है कि मैंने ऐसी निडर महिलाओं की भूमिकाएं निभाईं, जो उदाहरण पेश करती हैं और अंध रूढ़ियों को तोड़ती हैं। सिनेमा में समाज को प्रभावित करने और उसकी सोच को बदलने की ताकत होती है, और मेरा काम हमेशा महिलाओं को सशक्त व्यक्तित्व के रूप में प्रस्तुत करने की कोशिश करता है, जो यथास्थिति को चुनौती दे सकें। सिनेमा के ज़रिए मेरे काम को मिले इस सम्मान के लिए मैं दिल से आभारी हूं। यह मेरे लिए बेहद खास पल है। मैं आगे भी इस मिशन पर काम करती रहूंगी और दुनिया को बताती रहूंगी कि लड़कियां हमारे देश की रीढ़ हैं, हमारे सामाजिक ढांचे की बुनियाद हैं, और अब समय आ गया है कि हम हर एक बेटी का जश्न मनाएं।” रानी मुखर्जी अगली बार मर्दानी 3 में अपनी आइकॉनिक भूमिका, निडर महिला पुलिस अधिकारी शिवानी शिवाजी रॉय के रूप में नज़र आएंगी। यह फिल्म 27 फरवरी 2026 को रिलीज होने वाली है।