samacharsecretary.com

केन्द्रीय गृह मंत्री का सेमरिया क्षेत्र में आगमन हमारे लिए गौरव का क्षण है: उप मुख्यमंत्री

भोपाल उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने बसामन मामा गौअभ्यरण्य में 25 दिसंबर को आयोजित होने वाले प्राकृतिक खेती माडल के लोकार्पण तथा किसान एवं सहकारिता सम्मेलन की तैयारियों का जायजा लिया। उप मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल, पार्किंग स्थल, नवनिर्मित भोजन शाला, गौशाला, मंदिर तथा प्राकृतिक खेती के लिए बनाये गये विभिन्न प्रकल्पों का निरीक्षण किया। उप मुख्यमंत्री ने गौअभ्यारण्य के प्रशासनिक भवन परिसर में आयोजित बैठक में सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा की। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह 25 दिसंबर को बसामन मामा गौअभ्यारण्य का दौरा करेंगे। केन्द्रीय गृह मंत्री किसान एवं सहकारिता सम्मेलन में निर्माण कार्यों का लोकार्पण तथा भूमिपूजन करने के साथ विशाल जनसभा को सम्बोधित करेंगे। केन्द्रीय गृह मंत्री बसामन मामा गौअभ्यारण्य का भ्रमण कर गौवंश की सेवा के लिए किये जा रहे प्रयासों की जानकारी लेंगे। साथ ही उद्यानिकी तथा खेती के लिए गौअभ्यारण्य में विकसित किये जा रहे प्राकृतिक एवं जैविक खेती के लिए माडल का लोकार्पण करेंगे। इस माडल में जैविक विधि से उगाये गये पौधे, जैवविविधता से जुड़े 60 तरह के बीज तथा 12 तरह के जैविक खाद कीटनाशकों का प्रदर्शन किया जायेगा। केन्द्रीय गृह मंत्री का सेमरिया क्षेत्र में आगमन हमारे लिए गौरव का क्षण है। उप मुख्यमंत्री ने सम्मेलन की मंच व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, वाहन की पार्किंग, साफ-सफाई तथा पेयजल व्यवस्था तथा बिजली की आपूर्ति के संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये। बैठक में उपस्थित अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर तथा एसडीएम सिरमौर दृष्टि जायसवाल ने सम्मेलन के लिए की जा रही तैयारियों की जानकारी दी। गौ-अभ्यारण्य प्रबंधन समिति के सचिव सेवानिवृत्त उप संचालक पशुपालन डॉ. राजेश मिश्रा ने गौअभ्यारण्य में किये जा रहे कार्यों का विवरण दिया। बैठक में जिला पंचायत श्रीमती नीता कोल, पूर्व विधायक श्री के.पी. त्रिपाठी,  श्री राजेश पाण्डेय अन्य जनप्रतिनिधिगण संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। उप मुख्यमंत्री ने बसामन मामा तीर्थ जाकर दर्शन तथा पूजा अर्चना की। 

यात्रियों को राहत: इंडिगो 26 दिसंबर से जारी करेगा ₹10,000 का ट्रैवल वाउचर, रद्द उड़ानों का मुआवजा

नई दिल्ली भारत की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो इस महीने की शुरुआत में बड़ी संख्या में उड़ानों के रद्द होने से प्रभावित यात्रियों को अगले हफ्ते से 10,000 रुपए का ट्रैवल वाउचर जारी करना शुरू करेगा। कई रिपोर्ट्स के मुताबिक, बजट एयरलाइन इंडिगो 26 दिसंबर से इस महीने की 3,4 और 5 तारीख को रद्द हुई उड़ानों से प्रभावित यात्रियों को 10,000 रुपए की वैल्यू का ट्रैवल वाउचर जारी करेगा। यह वाउचर प्रभावित यात्रियों को सरकारी नियमों के अनुसार दिए जाने वाले 5,000 रुपए से 10,000 रुपए तक के मुआवजे के अतिरिक्त होगा। सरकार ने इंडिगो को सख्ती के साथ कहा है कि वह इस बात को बिना पुख्ता करें कि सभी पात्र यात्रियों तक भुगतान बिना किसी देरी के पहुंचे। इंडिगो को ट्रैवल एजेंटों और ऑनलाइन ट्रैवल एजेंसियों से यात्रियों का विवरण एकत्र करने और प्रभावित ग्राहकों को सीधे भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया था। नागर विमानन महानिदेशालय को मुआवजे के सफल वितरण की निगरानी का जिम्मा सौंपा गया है और नागर विमानन मंत्रालय अपने वायु सेवा शिकायत पोर्टल के माध्यम से इस प्रक्रिया की निगरानी करेगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इंडिगो ने रद्द उड़ानों के लिए रिफंड की प्रक्रिया शुरू कर दी है, लेकिन ऑनलाइन ट्रैवल एजेंसियों (ओटीए) के जरिए बुकिंग कराने वाले कई यात्रियों को अभी तक भुगतान नहीं मिला है, जो एयरलाइंस और बुकिंग प्लेटफॉर्म के बीच समन्वय की कमी को दर्शाता है। रिपोर्ट्स में कहा गया कि मेकमाईट्रिप ने डीसीजीए के निर्देश के बाद इंडिगो से भुगतान मिलने से पहले ही लगभग 10 करोड़ रुपए का रिफंड प्रोसेस कर दिया है। इससे पहले इंडिगो के चेयरमैन विक्रम सिंह मेहता ने कहा था कि एयरलाइन का बोर्ड, प्रबंधन के साथ मिलकर काम करने और पिछले सप्ताह हुई व्यापक उड़ान रद्दीकरण के मूल कारणों की पहचान करने के लिए बाहरी तकनीकी विशेषज्ञों को नियुक्त करेगा। उन्होंने कहा कि विशेषज्ञ यह सुनिश्चित करने में मदद करेंगे कि इस तरह की व्यापक परिचालन विफलताएं दोबारा न हों। इस बीच, कंपनी ने बताया कि 8 दिसंबर से एयरलाइन के नेटवर्क के सभी गंतव्य पूरी तरह से जुड़े हुए हैं और 9 दिसंबर से परिचालन स्थिर हो गया है।

नौकरी दिलाने के नाम पर 8 लाख हड़पे, यूनिवर्सिटी का नकली ज्वॉइनिंग लेटर बना ठगी का हथियार

कुरुक्षेत्र कुरुक्षेत्र में सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर 8 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक ने यूनिवर्सिटी में लैब क्लर्क की नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाकर पीड़ित परिवार से मोटी रकम वसूल ली और बाद में फर्जी ज्वाइनिंग लेटर थमा दिया। मामले की शिकायत मिलने पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, कुरुक्षेत्र जिले में मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र के एक गांव के युवक को सरकारी नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया गया था। आरोपी विकास, जो पीड़ित परिवार की जान-पहचान का बताया जा रहा है, ने खुद को प्रभावशाली बताते हुए यूनिवर्सिटी में लैब क्लर्क पद पर नियुक्ति कराने का भरोसा दिलाया। इसी विश्वास के चलते पीड़ित परिवार आरोपी के झांसे में आ गया। 10 लाख की मांग, 8 लाख लिए शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने नौकरी लगवाने के एवज में 10 लाख रुपये की मांग की। बातचीत पक्की होने के बाद परिवार ने 5 लाख रुपये नकद दिए, जबकि 3 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए। कुछ दिनों बाद आरोपी ने पीड़ित युवक को ज्वाइनिंग लेटर सौंप दिया, जिसे देखकर परिवार को नौकरी लगने का यकीन हो गया।   जांच में फर्जी निकला ज्वाइनिंग लेटर  जब युवक ने नियुक्ति प्रक्रिया के संबंध में जानकारी जुटाई तो संदेह हुआ। जांच कराने पर सामने आया कि दिया गया ज्वाइनिंग लेटर फर्जी है। इसके बाद पीड़ित परिवार ने आरोपी से अपने पैसे वापस मांगे। आरोप है कि आरोपी ने पहले तो टालमटोल की और फिर दूसरी जगह नौकरी लगवाने का नया आश्वासन देकर समय खींचता रहा, लेकिन न तो नौकरी लगी और न ही रकम वापस की गई।    पुलिस में शिकायत, FIR दर्ज   आखिरकार पीड़ित परिवार ने थाना बाबैन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी समेत संबंधित धाराओं में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि लेन-देन से जुड़े दस्तावेज, ऑनलाइन ट्रांजैक्शन और फर्जी ज्वाइनिंग लेटर की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।  लोगों को सतर्क रहने की अपील  पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि सरकारी नौकरी के नाम पर किसी भी प्रकार के दलालों या निजी व्यक्तियों के झांसे में न आएं। किसी भी भर्ती प्रक्रिया की जानकारी केवल आधिकारिक वेबसाइट और नोटिफिकेशन से ही प्राप्त करें। इस तरह के मामलों में समय रहते शिकायत दर्ज कराना जरूरी है, ताकि ठगी करने वालों पर सख्त कार्रवाई हो सके।

विदेश में भारत विरोधी ताकतों से संवाद पर सियासी घमासान, भाजपा का तीखा हमला

नई दिल्ली  भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के जर्मनी दौरे को लेकर तल्ख टिप्पणी की। भाजपा ने शनिवार को आरोप लगाया कि संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान विदेश जाकर राहुल गांधी ने न केवल भारत को बदनाम किया, बल्कि भारत विरोधी ताकतों से मुलाकात भी की। भाजपा मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने राहुल गांधी पर आरोप लगाए।  उन्होंने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष का पहला कर्तव्य संसद में मौजूद रहना होता है, लेकिन राहुल गांधी संसद सत्र छोड़कर जर्मनी चले गए। भाटिया ने कहा, "विदेश जाकर भारत को बदनाम करना और भारत विरोधी लोगों से मिलना, यह काम देश के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी कर रहे हैं, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।" गौरव भाटिया ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी जर्मनी के हर्टी स्कूल गए, जहां उन्होंने डॉ. कॉर्नेलिया वोल से मुलाकात की। उन्होंने दावा किया कि डॉ. वोल सेंट्रल यूरोपियन यूनिवर्सिटी (सीईयू) की ट्रस्टी हैं, जिसे अमेरिकी निवेशक और परोपकारी जॉर्ज सोरोस से जुड़ा बताया जाता है। भाजपा का आरोप है कि जॉर्ज सोरोस और उनसे जुड़े संस्थानों के भारत विरोधी रुख रहे हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भाजपा प्रवक्ता ने एक राजनीतिक मीम का जिक्र करते हुए कहा कि राहुल गांधी और जॉर्ज सोरोस के बीच करीबी संबंध हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जब भी संसद सत्र चल रहा होता है, राहुल गांधी विदेश यात्रा पर निकल जाते हैं और ऐसे लोगों से मिलते हैं जो भारत के विरोधी हैं या भारत की प्रगति से जलन रखते हैं। गौरव भाटिया ने सवाल उठाया कि आखिर नेता प्रतिपक्ष किस एजेंडे के तहत विदेशों में जाकर भारत के खिलाफ माहौल बनाते हैं। उन्होंने कहा कि यह कोई पहली बार नहीं है जब राहुल गांधी का नाम कथित तौर पर भारत विरोधी गतिविधियों से जुड़ा हो। उन्होंने राहुल गांधी की तुलना 'मीर जाफर' से करते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधियां देश के हितों के खिलाफ हैं। भाजपा प्रवक्ता ने यह भी कहा कि जॉर्ज सोरोस भारत को लेकर कई बार नकारात्मक बयान दे चुके हैं और उन पर भारत में अशांति फैलाने के आरोप लगते रहे हैं। उन्होंने कहा कि सोरोस भारतीय नागरिक नहीं हैं और न ही उन्होंने भारतीय संविधान की शपथ ली है, लेकिन राहुल गांधी ने संविधान की शपथ ली है, इसके बावजूद उनका ऐसा व्यवहार बेहद शर्मनाक है। भाटिया ने कहा कि राहुल गांधी को मासूम नहीं बल्कि चालाक बताया जा सकता है और उनका रवैया सत्ता हासिल करने के लिए भारत विरोधी ताकतों के साथ खड़े होने जैसा है। उन्होंने इसे देश के खिलाफ साजिश करार देते हुए गंभीर शब्दों का इस्तेमाल किया। उन्होंने पश्चिम बंगाल के आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कहा, "मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ये जान चुकी हैं कि वो आगामी चुनाव हारने जा रही हैं। इसलिए वो सांप्रदायिक राजनीति करके चुनाव को प्रभावित करना चाहती हैं। टीएमसी के विधायक मदन मित्रा ने जिस प्रकार से हिंदू विरोधी वक्तव्य दिया, उससे हिंदुओं की भावनाएं काफी आहत हुई हैं। ये बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। मदन मित्रा ने कहा कि प्रभु श्रीराम हिंदू नहीं, मुसलमान हैं। इसके बावजूद ममता बनर्जी ने न तो इसकी निंदा की और न ही उन्हें पार्टी से निकाला।"

बड़ा साइबर अलर्ट: WhatsApp यूजर्स पर मंडराया खतरा, बिना नोटिफिकेशन जासूसी कर सकता है नया टूल

नई दिल्ली दुनिया भर में व्हाट्सऐप के तीन अरब से ज्यादा यूजर्स की निजता खतरे में पड़ सकती है। एक सुरक्षा विशेषज्ञ ने ऐसा टूल बनाया है जो सिर्फ फोन नंबर जानकर किसी की भी एक्टिविटी पर नजर रख सकता है। यह टूल चुपके से काम करता है और यूजर को पता भी नहीं चलता। इस तरीके को 'साइलेंट व्हिस्पर' नाम दिया गया है। यह व्हाट्सऐप और सिग्नल ऐप में मौजूद एक कमजोरी का फायदा उठाता है। हमला करने वाला कोई संदेश नहीं भेजता, फिर भी वह फोन से जानकारी ले सकता है। यह जासूसी करने का एक सीक्रेट टूल है, जो आपकी निजता के लिए बहुत बड़ा खतरा साबित हो सकता है। चलिए समझते हैं कि यह टूल कैसे काम करता है और आप ऐसे साइबर अटैक को कैसे पहचान सकते हैं? अटैकर्स कैसे करते हैं हमला? साइबर न्यूज की एक रिपोर्ट (Ref.) के मुताबिक, व्हाट्सऐप और सिग्नल में जब कोई मैसेज आता है तो ऐप अपने आप एक कन्फर्मेशन भेजता है कि मैसेज मिल गया। यह कन्फर्मेशन बहुत तेजी से होता है और यूजर को दिखाई नहीं देता। हमलावर इस कन्फर्मेशन के आने-जाने के समय को मापता है। इस समय के आधार पर वह पता लगा सकता है कि फोन चालू है या बंद, यूजर फोन इस्तेमाल कर रहा है या नहीं, घर पर है या बाहर घूम रहा है। अगर फोन वाई-फाई पर है तो जवाब तेज आता है, मोबाइल डेटा पर तो थोड़ा धीमा। लंबे समय तक नजर रखने से यूजर की रोज की आदतें, सोने-उठने का समय और ट्रेवल का पता चल जाता है। यह सब बिना कोई मैसेज पढ़े या कॉन्टैक्ट लिस्ट देखे हो जाता है। साइबर अटैक को ऐसे पहचानें यह हमला फोन की बैटरी को बहुत तेज खराब करता है। नॉर्मल सिचुएशन में खाली फोन एक घंटे में एक फीसदी से कम बैटरी खाता है। लेकिन इस हमले के दौरान आईफोन 13 प्रो में 14 फीसदी, आईफोन 11 में 18 फीसदी और सैमसंग गैलेक्सी एस23 में 15 फीसदी बैटरी प्रति घंटे कम हो जाती है। मोबाइल डेटा भी ज्यादा खर्च होता है लगातार हमला करने से मोबाइल डेटा भी बहुत खर्च होता है। वीडियो कॉल जैसी चीजें चलाने में दिक्कत आती है। यूजर को लगता है फोन खुद ही गर्म हो रहा है या बैटरी जल्दी खत्म हो रही है, लेकिन कारण पता नहीं चलता। क्या रीड रिसीप्ट बंद करने से बच जाएंगे? टूल बनाने वाले ने कहा है कि यह सिर्फ रिसर्च के लिए है और गलत इस्तेमाल न करें। लेकिन कोई भी इसे डाउनलोड कर इस्तेमाल कर सकता है। दिसंबर 2025 तक व्हाट्सऐप और सिग्नल में यह कमजोरी ठीक नहीं हुई है। रीड रिसीप्ट बंद करने से कुछ मदद मिलती है, लेकिन पूरी सुरक्षा नहीं। व्हाट्सऐप में अज्ञात नंबरों से ज्यादा मैसेज ब्लॉक करने का ऑप्शन है, लेकिन उसकी लिमिट कितनी है, यह स्पष्ट नहीं है।

लापरवाही पर गिरी गाज: रोहतक में ASI-कांस्टेबल निलंबित, SP सुरेंद्र भौरिया ने दिखाई सख्ती

रोहतक  रोहतक जिले के महम क्षेत्र की शहर चौकी में युवक से मारपीट के मामले में एएसआई और हवलदार को निलंबित कर दिया गया है। किशनगढ़ निवासी अक्षय ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पुलिसकर्मी उसे किसी मामले के सिलसिले में बाइक पर बैठाकर चौकी ले गए, जहां उसे रातभर रोके रखा गया। अक्षय ने बताया कि चौकी में उसके साथ मारपीट की गई, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। खूब प्रताड़ित करने के बाद उसे अगले दिन छोड़ा गया। बाद में जब पीड़ित का मेडिकल कराया गया तो पैर में फ्रैक्चर होने की पुष्टि हुई।  इस मामले में पीड़ित ने डीएसपी महम और एसपी को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी सुरेंद्र सिंह भौरिया ने एएसआई रोहतास और हवलदार कृष्ण को निलंबित कर दिया है। पुलिस प्रशासन ने निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है। फिलहाल पुलिस इस मामले में जांच कर रही है। 

राष्ट्र प्रेरणा स्थल लोकार्पण समारोह के कारण लखनऊ का सामान्य यातायात प्रभावित न हो, इसका रखें ध्यान: मुख्यमंत्री

राष्ट्र प्रेरणा स्थल लोकार्पण कार्यक्रम की मुख्यमंत्री ने की समीक्षा, कहा सुरक्षा के हों पुख्ता इंतजाम, ठंड के बीच न हो किसी को समस्या दो लाख लोगों की उपस्थिति में होगा राष्ट्र प्रेरणा स्थल का लोकार्पण समारोह में आ रहे आम जन हेतु परिवहन, पार्किंग, भीड़ प्रबंधन व चिकित्सा व्यवस्था को अंतिम रूप देने के निर्देश लखनऊ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को एक महत्वपूर्ण बैठक में आगामी 25 दिसंबर को आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के आगमन तथा नवनिर्मित ‘राष्ट्र प्रेरणा स्थल’ के लोकार्पण कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री जी द्वारा लखनऊ को प्रदान किया जा रहा यह उपहार राष्ट्रीय चेतना, सांस्कृतिक विरासत एवं गौरव का प्रतीक बनेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर स्थापित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी एवं अटल जी की प्रतिमाएं आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रीय एकता, एकात्म मानववाद तथा आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना को समझने और आत्मसात करने की प्रेरणा देंगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रधानमंत्री जी की उपस्थिति को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा, यातायात, प्रोटोकॉल, आतिथ्य एवं भीड़ प्रबंधन से संबंधित सभी व्यवस्था उच्चतम मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही की गुंजाइश न रहे।  मुख्यमंत्री ने राष्ट्र प्रेरणा स्थल की फाइनल टचिंग, लैंडस्केपिंग, उद्यान, संग्रहालय परिसर, एम्फीथिएटर एवं मार्गों के सुंदरीकरण कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रदेश भर से आने वाले दो लाख से अधिक जनता के लिए तैयार की गई व्यवस्था; परिवहन, पार्किंग लेआउट, बस रूट प्लान, नियंत्रण कक्ष एवं चिकित्सा इकाइयों की समीक्षा की और कहा कि प्रत्येक बस, पार्किंग ब्लॉक और प्रवेश द्वार हेतु जिम्मेदार नोडल अधिकारी नामित किए जाएं। मुख्यमंत्री ने पुलिस एवं प्रशासन को वीवीआईपी रूट, हेलीपैड, कार्यक्रम स्थल एवं जनसभा क्षेत्र में बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू करने तथा यातायात डायवर्जन, पार्किंग व पैदल मार्ग हेतु स्पष्ट साइनेज लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने मीडिया प्रबंधन, स्वागत व्यवस्था, सांस्कृतिक प्रस्तुति और प्रोटोकॉल के सभी घटकों में समन्वय और समयबद्धता सुनिश्चित करने को कहा। राष्ट्र प्रेरणा स्थल : प्रमुख विशेषताएं ● लगभग 230 करोड़ रुपये की लागत से 65 एकड़ क्षेत्र में विकसित भव्य परियोजना। ● डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी की 65 फीट ऊंची भव्य कांस्य प्रतिमाएं। ● राष्ट्रपुरुषों के जीवन, विचार एवं योगदान पर आधारित आधुनिक संग्रहालय। ● दो लाख की क्षमता वाला रैली स्थल एवं मंच। ● एम्फीथिएटर, मेडिटेशन सेंटर, विपश्यना–योग केंद्र, कैफेटेरिया एवं नागरिक उपयोगिता सुविधाएं। ● आकर्षक लैंडस्केपिंग, स्पष्ट ज़ोनिंग, पार्किंग एवं सुरक्षा प्रबंधन के साथ सुदृढ़ ले-आउट।

एलएनसीटी यूनिवर्सिटी में हुआ भव्य दीक्षांत समारोह! 5 विभूतियों को मिली मानक उपाधि

भोपाल मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में शनिवार, 20 दिसंबर को शिक्षा और गौरव का उत्सव देखने को मिला। कोलार रोड स्थित एलएनसीटी यूनिवर्सिटी में चौथे दीक्षांत समारोह का भव्य आयोजन किया गया, जहां छात्र-छात्राओं के सपनों को नई उड़ान मिली। दीक्षांत समारोह में कर्नाटक राज्य के राज्यपाल थवारचंद गहलोत मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम की गरिमा को बढ़ाने के लिए केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते और भाजपा राष्ट्रीय महा सचिव अरुण सिंह भी बतौर विशेष अतिथि मौजूद रहे। मध्य प्रदेश शासन में राज्य मंत्री कृष्णा गौर, भोपाल की हुजूर विधानसभा से विधायक रामेश्वर शर्मा, एमपी प्राइवेट यूनिवर्सिटी रेगुलेटरी कमिशन के प्रेसिडेंट डॉ खेम सिंह डहरिया भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में अंडरग्रैजुएट और पोस्ट ग्रेजुएट समेत 835 और एचडी के 29 छात्र छात्राओं ने डिग्री प्राप्त की। वहीं 34 गोल्ड मैडल और 1 मेमोरल मेडल भी दिया गया। पांच विशिष्ट जनों को मिली मानक उपाधि समारोह के दौरान समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पांच व्यक्तियों को मानक उपाधि से सम्मानित किया गया: सतीश मालवीय – राजनीतिज्ञ, दीपक जायसवाल – राष्ट्रीय अध्यक्ष, नेशनल फ्रंट ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन (NFITU), मनोज कुमार पांडे – दिव्यांगजन पुनर्वास विशेषज्ञ, ब्रह्मऋषि सच्चिदानंद स्वामी – आध्यात्मिक युग और रवीश रोशन – डायरेक्टर, केगर अच्छे मनुष्य के साथ समाज के हर क्षेत्र में अच्छा ही होता है : जय नारायण चौकसे यूनिवर्सिटी के चांसलर जय नारायण चौक से ने सभी छात्र-छात्राओं को उनके उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी और कहा,“ज्ञान का कोई अंत नहीं होता। जीवन में कुछ पाने के लिए हमेशा मन में इच्छा रखनी चाहिए। आप अच्छे मनुष्य बनें, क्योंकि अच्छे मनुष्य के साथ समाज के हर क्षेत्र में अच्छा ही होता है।” उन्होंने फैकल्टी सदस्यों और अभिभावकों की भूमिका को भी सराहते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और सहयोग के बिना छात्रों की यह सफलता संभव नहीं थी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि एलएनसीटी ग्रुप भविष्य में शिक्षा, शोध और नवाचार के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करता रहेगा। संबोधन के अंत में उन्होंने सभी डिग्री प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें, बड़े सपने देखें और उन्हें साकार करने का साहस रखें। शिक्षा का वास्तविक अर्थ समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान देना : डॉ अनुपम चौकसे एलएनसीटी ग्रुप के सेक्रेटरी डॉ. अनुपम चौकसे ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए शिक्षा के वास्तविक उद्देश्य और सामाजिक जिम्मेदारी पर जोर दिया। अपने संबोधन में डॉ. अनुपम चौकसे ने कहा कि दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों के लिए गर्व का क्षण है, क्योंकि यह उनकी मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि एलएनसीटी ग्रुप का लक्ष्य केवल डिग्रियां बांटना नहीं, बल्कि ऐसे युवा तैयार करना है जो समाज के लिए उपयोगी, संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक बन सकें। डॉ. चौकसे ने कहा कि आज के समय में शिक्षा का वास्तविक अर्थ समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान देना है। छात्र जिस भी क्षेत्र में जाएं, वहां अपनी योग्यता, ईमानदारी और नैतिक मूल्यों से पहचान बनाएं। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर सीखते रहने और बदलते समय के साथ खुद को अपडेट रखने की सलाह दी। छात्र-छात्राओं को दिलाई गई दीक्षांत प्रतिज्ञा यूनिवर्सिटी के कुलपति ने डिग्री प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को दीक्षांत प्रतिज्ञा दिलाई और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। LNCT प्रबंधन और फैकल्टी की गरिमामयी उपस्थिति इस विशेष अवसर पर एलएनसीटी ग्रुप के सेक्रेटरी डॉ. अनुपम चौकसे, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर धर्मेंद्र गुप्ता, वाइस चेयरपर्सन पूनम चौकसे, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर डॉ श्वेता अनुपम चौकसे, पूजा चौकसे वी सी एन के थापक सहित सभी विभागों के डीन, डायरेक्टर्स और सीनियर फैकल्टी सदस्य मौजूद रहे।

रोजगार का मौका: पंजाब में नए राशन डिपो खोलने की प्रक्रिया शुरू, इच्छुक उम्मीदवार करें आवेदन

लुधियाना  खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग द्वारा लुधियाना जिले से संबंधित ईस्ट और वेस्ट सर्कल में 755 परिवारों को नए राशन डिपो आवंटित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इससे न केवल 755 परिवारों को रोजगार के नए साधन मिलेंगे, बल्कि लाभार्थी परिवारों को दी जाने वाली वित्तीय सहायता को ध्यान में रखते हुए विभाग द्वारा प्रत्येक राशन डिपो के साथ 200 राशन कार्ड भी अटैच किए जाएंगे। जानकारी के अनुसार, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की ओर से सामान्य श्रेणी, दिव्यांग वर्ग, पूर्व सैनिक, स्वतंत्रता सेनानी, एस.ई./सी.बी. वर्ग, आतंकवाद व दंगा पीड़ित परिवारों सहित महिलाओं के लिए नए राशन डिपो आवंटन का कोटा निर्धारित किया गया है। यदि राशन डिपो धारकों को गेहूं वितरण के बदले मिलने वाली मार्जिन मनी की बात करें, तो सरकार द्वारा डिपो होल्डरों को प्रति क्विंटल 90 रुपये की दर से कमीशन दिया जा रहा है।  

ऊंचाई पर निर्मित मेट्रो ट्रेन ट्रेक से सफर करते हुए भोपाल की सुंदरता देखना विशेष अनुभव

भोपाल  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मेट्रो ट्रेन को शनिवार की शाम सुभाष नगर से एम्स मेट्रो स्टेशन तक 7 किलोमीटर का सफर किया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री श्री मनोहर लाल खट्टर ने भी उनके साथ यात्रा की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मेट्रो ट्रेन से विकास को पंख लग जाते हैं। इससे शहर के विकास की नई कहानी शुरू हो जाती है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने एम्स मेट्रो रेल स्टेशन पर उपस्थित नागरिकों और मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सफर के दौरान भी अनेक यात्रियों से बातचीत की और उनके अनुभव जाने। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भोपाल की इस मेट्रो ट्रेन यात्रा में अपना अनुभव बताते हुए कहा कि ऊंचाई पर बने ट्रेक से ट्रेन यात्रा करते हुए दोनों ओर शहर की हरियाली और सुंदरता देखने का अनुभव भी अपने आप में बेजोड़ है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भोपाल में यह शहरी ट्रांसपोर्ट के क्षेत्र में बड़ी सौगात है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सभी यात्रियों सहित एम्स आने वाले रोगियों और नागरिकों के लिए यह महत्वपूर्ण सुविधा है। उन्होंने मध्यप्रदेश सरकार की ओर से केंद्रीय मंत्री श्री मनोहरलाल का अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इंदौर मेट्रो से जुड़े हर कार्य के लिये केंद्र सरकार आवश्यक धनराशि भी प्रदान कर रही है। मध्यप्रदेश में शहरी विकास योजनाओं में भारत सरकार का पूरा सहयोग मिल रहा है। आज ही 262 विकास कार्यों की शुरुआत की गई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मेट्रो ट्रेन के शुभारंभ पर समस्त राज्य की जनता को बधाई दी। केन्द्रीय मंत्री श्री मनोहरलाल ने भोपाल को मिली इस विशेष सुविधा को समय की बचत और पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने भोपालवासियों को मेट्रो ट्रेन प्रारंभ होने पर बधाई दी। इस अवसर पर भोपाल मेट्रो रेल कार्पोरेशन के पदाधिकारी, अनेक जनप्रतिनिधि, मीडिया प्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित थे।