samacharsecretary.com

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किया पोस्टर लांच

भोपाल  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार की शाम समत्व भवन मुख्यमंत्री निवास में अभ्युदय मध्यप्रदेश अभियान का पोस्टर लांच किया। यह अभियान 12 जनवरी से 26 जनवरी 2026 तक संचालित होगा। पोस्टर विमोचन के अवसर पर मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष श्री मोहन नागर, अपर मुख्य सचिव, योजना आर्थिक एवं सांख्यिकी श्री संजय कुमार शुक्ला और परिषद के कार्यपालक निदेशक डॉ. बकुल लाड उपस्थित थे।  

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने साहिबजादों की शहादत को किया नमन

सिख वीरों के बलिदान की गाथाओं को शामिल किया जायेगा शैक्षणिक पाठ्यक्रम में भोपाल  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रथम गुरु गुरुनानक देव से लेकर 10वें गुरु तक सिख धर्म के सभी गुरु महाराज और उनके परिवारों ने देश की रक्षा के लिए कुर्बानियां दीं। भारतीय इतिहास में सिख वीरों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। वीर बाल दिवस, 10वें सिख गुरु, गुरु गोविंद सिंह के छोटे बेटों की असाधारण वीरता और शहादत की याद दिलाता है। साहिबजादा फतेह सिंह और जोरावर सिंह की शहादत पर हर वर्ष वीर बाल दिवस मनाने की शुरुआत प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने की। बहुत छोटी उम्र में साहिबजादों ने अन्याय के सामने झुकने से इनकार कर दिया और धर्म व सच्चाई की रक्षा के लिए महान साहस दिखाया। उनका जीवन हमें सिखाता है कि सच्चाई, हिम्मत और आत्मसम्मान सबसे बड़ी ताकत हैं। आज का दिन भारतीय युवाओं को वीरता, ईमानदारी और दृढ़ता के मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित करता है। सच्चाई और धर्म की रक्षा के लिए वीर साहिबजादों के बलिदान को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता है। राज्य सरकार गुरु गोविंद सिंह और सिख वीरों के बलिदान की गाथाओं को शैक्षणिक पाठ्यक्रम में शामिल करेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गुरु गोविंद सिंह के साहिबजादों की शहादत को समर्पित वीर बाल दिवस पर गुरुद्वारा हमीदिया रोड पहुंच कर माथा टेका तथा संगत को संबोधित किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गुरुद्वारे में मौजूद बच्चों के साथ बैठकर कीर्तन का श्रवण किया और बच्चों को दुलार भी किया। गुरुद्वारा हमीदिया रोड के आयोजन में संपूर्ण व्यवस्थाओं का संचालन बच्चों ने किया। गुरुद्वारे में बच्चों द्वारा कीर्तन दरबार का संचालन किया गया और चित्र प्रदर्शनी भी लगाई गई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भोपाल में गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व के आयोजन के लिए राज्य सरकार द्वारा सहयोग प्रदान किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रथम गुरु नानक देव जी की उज्जैन यात्रा और उज्जैन स्थित गुरुद्वारा इमली साहब का उल्लेख करते हुए कहा कि सिख गुरुओं ने सदैव मानवता का मार्ग दिखाया है, उनके आदर्श हमारे लिए प्रेरणा के केंद्र रहेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने "वीर बालक दिवस" पर पार्टी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचकर दशम गुरु साहिब श्री गुरु गोविंदसिंह के साहिबजादों के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। संत सिपाहियों द्वारा अखाड़ा गत्तका प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ विधायक एवं प्रदेशाध्यक्ष श्री हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि देश की आजादी में सिख वीरों ने कुर्बानियां दी हैं। वीर बाल दिवस के माध्यम से युवा पीढ़ी को धर्म और देश की रक्षा के लिए प्रेरणा मिलती है। भारत वीर साहिबजादों के बलिदान को सदैव याद रखेगा। अरेरा कॉलोनी गुरुद्वारा कमेटी के अध्यक्ष श्री पजिंदर सिंह ने ऐतिहासिक रूप से धर्म संस्कृति की रक्षा में सिख वीरों द्वारा दिए गए योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि सिख धर्म गुरुओं ने मुगलों का मुकाबला करने के लिए सिख वीरों की फौज बनाई। गुरु गोबिंद सिंह ने खालसा पंथ की शुरुआत की। नामधारी सिखों ने गौमाता की रक्षा के लिए अंग्रेजों से संघर्ष किया। आजाद हिंद फौज की स्थापना में भी खालसा पंथ ने अहम भूमिका निभाई थी। इस अवसर पर सांसद भोपाल श्री आलोक शर्मा, प्रदेशाध्यक्ष तथा वरिष्ठ विधायक श्री हेमंत खंडेलवाल, विधायक श्री भगवानदास सबनानी, जिलाध्यक्ष श्री रवीन्द्र यती, वरिष्ठ समाजसेवी सुश्री नेहा बग्गा सहित समाज के प्रतिनिधि उपस्थित थे।  

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने की कुटीर और ग्रामोद्योग विभाग की समीक्षा

प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा महत्वपूर्ण अतिथियों को भेंट के रूप में दिया जा रहा है प्रदेश का महेश्वरी स्टोल प्रदेश के हैण्डलूम और हस्तशिल्प उत्पादों की सोशल मीडिया पर उपस्थिति बढ़ाएं मां अहिल्यादेवी को समर्पित 52 डिजाइन की साड़ियों का संग्रह होगा विकसित – महेश्वर के किले पर उकरे गए डिजाइन बनेंगे आधार भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि हैण्डलूम और हस्तशिल्प से जुड़ी गतिविधियां महिलाओं की दक्षता और क्षमता का सदुपयोग करते हुए उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में सहायक हैं। इन गतिविधियों से स्व-सहायता समूहों औरलाड़ली बहनों को जोड़ते हुए मृगनयनी तथा कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग के अन्य ब्राण्ड के विक्रय केन्द्रों का विस्तार जिला स्तर तक किया जाए। इन ब्राण्डों की फ्रेंचाइजी भी निजी उद्यमियों और समूहों को प्रदान की जाए। लाड़ली बहनों को लूम तथा चरखे उपलब्ध कराकर उत्पादन आरंभ करने के लिए चयनित जिलों में पॉयलेट प्रोजेक्ट लिए जाएं। इस गतिविधि में निजी पहल को भी प्रोत्साहित किया जाए। प्रदेश के हैण्डलूम और हस्तशिल्प की सोशल मीडिया के माध्यम से राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मार्केट में प्रस्तुति दर्ज कराई जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग की 2 वर्ष की उपलब्धियों तथा आगामी 3 वर्ष की कार्य योजना के संबंध में शुक्रवार को मुख्यमंत्री निवास में आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री दिलीप जायसवाल, अपर मुख्य सचिव श्री नीरज मंडलोई, अपर मुख्य सचिव श्री के.सी. गुप्ता सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव को बैठक से पहले 'एक जिला-एक उत्पाद' (ओडीओपी) के उत्पाद भेंट किए गए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हस्तशिल्प और हैण्डलूम से जुड़े विभाग के ब्राण्ड- मृगनयनी, विंध्या वैली, कबीरा और प्राकृत के उत्पाद मध्यप्रदेश पर्यटन की इकाइयों और प्रदेश के प्रमुख धार्मिक केन्द्रों तथा लोकों में विक्रय के लिए आकर्षक रूप से प्रदर्शित किए जाएं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने साड़ी पहनने की गौरवशाली परम्परा को प्रोत्साहित करने के लिए इंदौर में हुए साड़ी वॉकथान जैसे आयोजन प्रदेश के अन्य शहरों में करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रेशम उत्पादन गतिविधियों का प्रदेश के अन्य जिलों में विस्तार करने तथा इस गतिविधि में निजी भागीदारी को प्रोत्साहित करने के भी निर्देश दिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न प्रकार के उत्पादों के जीआई टैग प्राप्त की जानकारी का संकलन एकीकृत रूप से किया जाए। बैठक में बताया गया कि प्रधानमंत्री कार्यालय में अतिथियों को भेंट करने के लिए प्रदेश के हेरिटेज महेश्वरी स्टोल का चयन किया गया है। विभाग द्वारा यह स्टोल विशेष रूप से गोंड पेंटिंग और बेलमेटल से सुसज्जित लकड़ी के बॉक्स में प्रदाय किए जा रहे हैं। इन स्टोल की मांग विदेशी दूतावासों से भी प्राप्त हुई है। बैठक में बताया गया कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के निर्देशानुसार माँ अहिल्यादेवी की 300वीं जयंती के उपलक्ष में महेश्वर के किले पर उकरे गए डिजाइन के अनुसार मां अहिल्यादेवी को समर्पित 52 डिजाइन की साड़ियां तैयार कराई जा रही हैं। रेशम समृद्धि योजना का विस्तार प्रदेश के सभी जिलों में किया जा रहा है। बैठक में बताया गया कि इंदौर में 7 मार्च को आयोजित साड़ी वॉकथान में 27 हजार महिलाओं द्वारा भागीदारी की गई। कुनो चीता अभ्यारण्य में विक्रय के लिए प्रदेश की 35 से अधिक क्रॉफ्ट पर चीता थीम पर नए गिफ्ट आयटम बनाए जा रहे हैं। बैठक में विगत दो वर्ष की उपलब्धियों के संबंध में बताया गया कि –     प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम में 2568 ग्रामोद्योग इकाइयों को स्वीकृति प्रदान की गई। कुल 63 करोड़ रूपए अनुदान राशि वितरित की गई तथा बैंकों से 252 करोड़ रूपए का ऋण स्वीकृत कराया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत 6300 नवीन रोजगार सृजित हुए।     कौशल उन्नयन विकास कार्यक्रम में 1710 लोगों को प्रशिक्षण तथा 1197 का प्लेसमेंट कराया गया।     विभाग द्वारा 10 करोड़ रूपए की सामग्री का उत्पादन किया गया तथा एम्पोरियम से 23 करोड़ रूपए की सामग्री का विक्रय हुआ।     भोपाल में जवाहर चौक और भोपाल हाट में नवीन एम्पोरियम आरंभ किए गए।     जिला स्तर पर 49 और राज्य स्तर पर 30 प्रदर्शनियों के साथ ही नई दिल्ली, मुम्बई, रांची, कलकत्ता और छत्तीसगढ़ में प्रदर्शनियां लगाई गईं।     डिजिटल मीडिया के माध्यम से आउटरिच का लगातार विस्तार किया जा रहा है। आगामी तीन वर्ष की कार्ययोजना     ग्वालियर तेलघानी केन्द्र का उन्नयन कर, वहां उत्पादन बढ़ाना।     उज्जैन, देवास, सागर, महेश्वर और बुरहानपुर में स्फूर्ति योजना में खादी वस्त्र उत्पादन, प्रोसेस कार्य, चर्म सामग्री निर्माण का विस्तार करना।     भोपाल में बुटिक एवं ब्लॉक प्रिंट, जरी-जरदोजी, सिलाई और माटीकला पर केन्द्रित सामान्य सुविधा केन्द्र की स्थापना।     बुनकरों के लिए ई-कॉमर्स प्लेटफार्म उपलब्ध कराना।     एक हजार बुनकरों को डिजाईन विकास, मार्केट लिंकेज आदि में सहायता।     1700 बुनकरों को प्रशिक्षण तथा 800 बुनकरों को उन्नत उपकरण उपलब्ध कराना।     प्रदेश के भीतर और बाहर प्रमुख महानगरों में 270 मेलों/प्रदर्शनियों का आयोजन कर बुनकरों और शिल्पियों को मार्केट उपलब्ध कराना।     खादी वस्त्र उत्पादन क्षमता को दुगना करना।     देवास के ग्राम बालगढ़ में 15 करोड़ की लागत से पोनी प्लांट की स्थापना।     जबलपुर में खादी ग्रामोद्योग एम्पोरियम का नवीनीकरण।  

परिवार सत्ता में, फिर भी सवाल! उपेंद्र कुशवाहा पर जीतन राम मांझी के बयान के मायने क्या हैं?

नई दिल्ली  राज्यसभा सीट को लेकर एनडीए (NDA) में जुबानी जंग तेज हो गई है। दरअसल, बिहार कोटे से राज्यसभा की 5 सीटें 9 अप्रैल 2026 को खाली हो रही हैं। वहीं, एनडीए (NDA) गठबंधन के सहयोगी दल हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) के संरक्षक और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी (Jitan Ram Manjhi) ने अपनी पार्टी के लिए एक सीट की मांग की, लेकिन उपेंद्र कुशवाहा (Upendra Kushwaha) ने उनकी मांग को अनुचित बताया। वहीं, अब उपेंद्र कुशवाहा पर पलटवार करते हुए केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि उन्हें मेरी मांग पर ऐतराज नहीं जताना चाहिए था। कुशवाहा को चुप रहना चाहिए- Jitan Ram Manjhi जीतन राम मांझी (Jitan Ram Manjhi) ने कहा कि कुशवाहा एक परिपक्व राजनेता है। उन्हें मेरी मांग पर ऐतराज नहीं जताना चाहिए था, उन्हें चुप रहना चाहिए। वह खुद राज्यसभा जा चुके हैं। उनकी पत्नी विधायक है, जबकि बेटा बिहार सरकार में मंत्री है। इसलिए उन्हें दूसरों की मांग पर बोलने का हक नहीं है। उनको लाभ मिल गया है। वहीं, मांझी का यह बयान सिर्फ एक राजनीतिक नाराजगी नहीं, बल्कि एनडीए के भीतर शक्ति संतुलन को लेकर उठता सवाल है। बता दें कि हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) बिहार में एक दलित-केंद्रित क्षेत्रीय पार्टी है, जिसकी स्थापना जीतन राम मांझी ने 2015 में जनता दल (यूनाइटेड) से अलग होने के बाद की थी। मांझी, एक प्रमुख महादलित नेता, 2014 से 2015 तक थोड़े समय के लिए बिहार के मुख्यमंत्री रहे और तब से उन्होंने HAM (S) को हाशिए पर पड़े समुदायों की एक प्रमुख आवाज के रूप में स्थापित किया है। 2024 के लोकसभा चुनावों से पहले, HAM(S) बिहार में भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के साथ गठबंधन में शामिल हो गई। 2024 के लोकसभा चुनावों में केंद्र में NDA की जीत के बाद, मांझी को केंद्रीय मंत्रिपरिषद में शामिल किया गया। 

पहली बार मुख्यमंत्री निवास पहुंचे श्री कृष्ण पटेल मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मिलकर हुए भावुक

भोपाल  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से शुक्रवार को मुख्यमंत्री निवास में अनेक प्रतिनिधिमंडल मिले। इनमें विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस और श्रीमती मंजू दादू भी शामिल हैं। विधायक, बुरहानपुर श्रीमती अर्चना चिटनीस ने विकास कार्यक्रमों को गति देने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. यादव का आभार व्यक्त किया, वहीं विधायक नेपानगर श्रीमती मंजू राजेंद्र दादू ने वेदर इन्फोर्मेशन नेटवर्क एंड डाटा सिस्टम (WINDS) केंद्र की मंत्रि-परिषद द्वारा स्वीकृति के लिए आभार व्यक्त किया। उल्लेखनीय है कि इस केन्द्र के संचालन से मौसम आधारित आंकड़े उपलब्ध होंगे और कृषकों के हित में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का क्रियान्वयन तेजी से होगा। विधायक श्रीमती मंजू राजेंद्र दादू के साथ आए जनप्रतिनिधियों एवं प्रमुख नागरिकों में ग्राम कोरिया कौन के निवासी श्री कृष्ण पटेल भी शामिल थे जो पहली बार राजधानी आए। उन्हें मुख्यमंत्री डॉ. यादव से भेंट करने की उत्कंठा थी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव से मुलाकात करते ही वे प्रसन्नता से भावुक हो गए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव उनसे जिस आत्मीयता से मिले और हालचाल पूछा, तो श्री कृष्ण ने कहा कि वे आज बहुत आनंदित हैं। कभी यह सोचा नहीं था कि भोपाल आकर मुख्यमंत्री जी से सहज भेंट और बातचीत हो जाएगी।  

सलमान खान का 60वां बर्थडे धमाका: फार्महाउस पर ग्रैंड पार्टी, ‘द बैटल ऑफ गलवान’ का टीजर करेगा सरप्राइज

मुंबई सलमान खान का 27 दिसंबर को 60वां बर्थडे है और इसके लिए खास तैयारियां की गई हैं। जहां पनवेल फार्महाउस पर एक ग्रैंड पार्टी की तैयारी है, वहीं सलमान फैंस को एक शानदार सरप्राइज देने वाले हैं। खबर है कि सलमान पनवेल फार्महाउस पर 60वां बर्थडे परिवार और करीबी दोस्तों के साथ मनाएंगे। फैंस काफी समय से बड़ी बेसब्री से सलमान के बर्थडे का इंतजार कर रहे थे, और अब जब वह दिन आ गया है तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं है। सलमान भी फैंस के लिए एक बड़े सरप्राइज के साथ तैयार हैं। सलमान खान के 60वें बर्थडे के मौके पर एक स्पेशल वीडियो दिखाया जाएगा, जिसमें एक्टर संग काम कर चुके सभी डायरेक्टर्स का खास मैसेज होगा। चलिए आपको बताते हैं कि सलमान के 60वें बर्थडे के लिए क्या प्लान है। सलमान के 60वें बर्थडे की गेस्ट लिस्ट, स्पेशल वीडियो मैसेज 'इंडियाटुडे' की रिपोर्ट के मुताबिक, सलमान की पार्टी में जो शामिल होंगे, इनका नाम तो सामने नहीं आया है, पर गेस्ट लिस्ट काफी छोटी और बेहद खास होगी। सलमान ने पार्टी में सिर्फ उन्हीं लोगों को बुलाया है, जो उनके दिल के करीब हैं। इसमें परिवार, रिश्तेदार और दोस्तों के अलावा वो डायरेक्टर्स भी शामिल हैं, जिनके साथ उन्होंने आज तक काम किया है। सलमान की पार्टी में पूरा फोकस प्रोफेशनल और पर्सनल रिश्तों पर रहेगा। यहां सितारों को कोई जमावड़ा देखने को नहीं मिलेगा। 'द बैटल ऑफ गलवान' का टीजर 2-4 बजे के बीच होगा रिलीज बताया जा रहा है कि सलमान 60वें बर्थडे पर पपाराजी के साथ भी केक काटेंगे। इसके अलावा फैंस को खास सरप्राइज भी देंगे। दरअसल, उनके 60वें बर्थडे पर मेकर्स ने 'द बैटल ऑफ गलवान' का टीजर रिलीज करने का फैसला किया है। यानी 27 दिसंबर को सलमान की इस नई फिल्म का टीजर रिलीज किया जाएगा। कहा जा रहा है कि दोपहर 2 बजे से 4 बजे के बीच टीजर रिलीज किया जाएगा। 'द बैटल ऑफ गलवान' की कहानी और सलमान खान का किरदार 'द बैटल ऑफ गलवान' साल 2020 में चीन और भारत के बीच गलवान घाटी में हुई हिंसक झड़प पर आधारित है। फिल्म में सलमान ने कर्नल बी. संतोष बाबू का किरदार निभाया है, जो 16 बिहार रेजिमेंट के कमांडिंग अफसर थे, और देश के लिए लड़ते हुए शहीद हो गए थे। बी. संतोष बाबू को मरणोपरांत देश के दूसरे सर्वोच्च वीरता पुरस्कार महावीर चक्र से सम्मानित किया गया था। फिल्म में चित्रांगदा सिंह भी हैं और इसे अपूर्व लाखिया ने डायरेक्ट किया है।

इंदौर में युवतियों से सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज खुलासा, 5 आरोपियों पर केस दर्ज

इंदौर शहर में हिंदू युवतियों से सामूहिक दुष्कर्म के दो मामले सामने आए हैं। पुलिस ने दोनों मामले में पांच मुस्लिम युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया है। एक पीड़िता ने ड्रग्स देने और गर्भपात करवाने का आरोप भी लगाया है। आरोपित पीड़िता के साथ मारपीट भी कर रहे थे। पहला मामला लसूड़िया थाना क्षेत्र का है। स्कीम-134 निवासी 25 वर्षीय युवती ने आरोपित एजाज खान (शराफत नगर), फारुख खान (शराफतनगर) और शहजाद खान निवासी मानवता नगर के खिलाफ केस दर्ज करवाया है। पुलिस के अनुसार पीड़िता युवती की साल 2020 में खजराना निवासी युवक से शादी हुई थी। उसका एक बेटा भी है। कुछ समय पूर्व उसका पति से विवाद हो गया और पति से तलाक का केस चल रहा है। पीड़िता ने एडवाइजरी फर्म में नौकरी की और इसी दौरान एजाज खान से दोस्ती हो गई। आरोपित ने शादी करने और बच्चे की जिम्मेदारी लेने का झांसा दिया और न्यायनगर के खजराना में रहने लगी। इसके बाद मानवतानगर में दोस्त शहजाद खान के रूम पर लेकर आ गया।   पीड़िता के साथ मारपीट भी की आरोपित शहजाद ने भी पीड़िता के साध जबरदस्ती की। आरोप है कि एजाज खान ने उसके साथ मारपीट करना शुरु कर दी। बुधवार को एजाज के भाई फारुख ने रेडिसन होटल के सामने मारपीट कर दी। गुरुवार को पीड़िता ने हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं से मदद मांगी और लसूड़िया थाने में शून्य पर कायमी करवाई। मुस्लिम युवकों पर गैंगरेप का आरोप,एक आरोपित जेल में एरोड्रम पुलिस ने भी गुरुवार को दो मुस्लिम युवकों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का केस दर्ज किया है। हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं के साथ पहुंची थी पीड़िता पीड़िता हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं के साथ पहुंची थी। डीसीपी जोन-1 कृष्ण लालचंदानी के अनुसार पीड़िता ने आरोपित शानू उर्फ लाला और शानू उर्फ काला के खिलाफ रिपोर्ट की है। पीड़िता शानू लाला के साथ लिवइन रिलेशन में रहती थी। आरोप है कि शानू ने मतांतरण का दबाव बनाया और उसके दोस्त शानू काला ने भी जबरदस्ती की। डीसीपी के अनुसार शानू लाला जेल में बंद है।

खेल-खेल में शिक्षा: छुट्टियों में रोचक गतिविधियों से सीखेंगे बच्चे, लौटकर देंगे फीडबैक

चंडीगढ़  प्रदेश के सरकारी स्कूलों में इस बार शीतकालीन अवकाश बच्चों के लिए सिर्फ छुट्टियों का समय नहीं बल्कि सीखने और परिवार से जुड़ने का अवसर बनेगा। कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों के लिए निपुण हरियाणा मिशन और राष्ट्रीय शिक्षा नोति-2020 के तहतरोचक गृहकार्य तैयार किया गया है। इसमें पढ़ाई के साथ संस्कार, संवाद और जीवन मूल्य भी जुड़ेंगे। इस संबंध में शिक्षा निदेशालय की ओर से सभी जिला मौलिक शिक्षा व सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी किया गया है। 1 जनवरी से 15 जनवरी 2026 तक के शीतकालीन अवकाश में बच्चे अपनी नानी-दादी, दादा-दादी और परिवार के बुजुर्गों से कहानियां सुनेंगे, उनके अनुभव जानेंगे और फिर स्कूल लौटकर उसका फीडबैक भी देंगे। बच्चों से कहा गया है कि वे बुजुर्गों से सुनी कहानियों को अपनी भाषा में लिखें या कक्षा में सुनाएं, ताकि सीखने के साथ भावनात्मक जुड़ाव भी मजबूत हो। इस गृहकार्य में हिंदी और गणित से जुड़ी रोचक गतिविधियां शामिल हैं। बच्चे कहानियां सुनने के साथ-साथ गिनती, जोड़-घटाव, शब्द पहचान और छोटे वाक्य लिखने का अभ्यास करेंगे। परिवार के साथ बैठकर चर्चा, बातचीत और प्रस्तुति के माध्यम से उनका आत्मविश्वास भी बढ़ेगा।   कक्षा पहली से तीसरी तक के विद्यार्थी अपने पारिवारिक सदस्यों के साथ दाल, मटर, राजमा के दाने, तरबूज और खरबूजे के बीजों की साफ कर उन्हें जोड़कर गिनती तैयार करेंगे। बच्चों को हर रोज का तापमान, माता-पिता से पूछकर नीट करना होगा। बच्चों को सूर्योदय और सूर्यास्त का समय मोट करना होगा। उन्हें 3 से 5 पक्तियां में अपना परिचय लिखकर वीडियो बनाकर शिक्षक को भोजनी होगी। खास बात यह है कि बच्चों को मोबाइल से दूर रखने पर जोर दिया गया है। उन्हें मिट्टी या आटे से खिलौने बनाना, पक्षियों के लिए दाना पानी रखना, सुबह योग करना, बिस्तर समेटना और प्रकृति से जुड़ने बाली छोटी-छोटी गतिविधियों करनी होंगी। बच्चों को रोज का तापमान नोट करने, सूर्योदय सूर्यास्त देखने और अपने अनुभव लिखने के लिए भी प्रेरित किया गया है। शिक्षा विभाग का कहना है कि यह गृहकार्य बच्चों के मानसिक, शारीरिक और सामाजिक विकास को ध्यान में रखकर तैयार किया है। इसमें किसी तरह का अतिरिक्त खर्च नहीं है और सभी गतिविधियां घर के माहौल में सहज रूप से की जा सकती हैं। बच्चे जब स्कूल लौटेंगे तो शिक्षक उनके अनुभवों को समीक्षा करेंगे।  

रिंकू सिंह शो! विजय हजारे ट्रॉफी में कप्तानी पारी, यूपी की चंडीगढ़ पर 227 रन की ऐतिहासिक जीत

राजकोट  कप्तान रिंकू सिंह और आर्यन जुयाल की शतकीय पारियों के दम पर उत्तर प्रदेश ने शुक्रवार को चंडीगढ़ के खिलाफ 227 रन से फतह हासिल की। विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में लगातार दूसरी जीत के साथ उत्तर प्रदेश ग्रुप बी की प्वाइंट्स टेबल में शीर्ष पायदान पर पहुंच गया है। सानोसारा क्रिकेट ग्राउंड ए में खेले गए इस मुकाबले में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी यूपी की टीम ने निर्धारित 50 ओवरों के खेल में 4 विकेट खोकर 367 रन बनाए। इस टीम को महज 3 के स्कोर पर अभिषेक गोस्वामी (1) के रूप में झटका लगा। यहां से ध्रुव जुरेल ने आर्युन जुयाल के साथ दूसरे विकेट के लिए 96 रन जुटाते हुए टीम को 99 के स्कोर तक पहुंचाया। जुरेल 57 गेंदों में 11 चौकों के साथ 67 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद आर्यन जुयाल ने समीर रिजवी के साथ 71 रन जुटाते हुए टीम को मजबूत स्थिति में ला दिया। यह टीम 31.2 ओवरों में 3 विकेट खोकर 170 रन बना चुकी थी। यहां से कप्तान रिंकू सिंह ने मोर्चा संभाला। उन्होंने आर्यन जुयाल के साथ चौथे विकेट के लिए 83 गेंदों में 134 रन की साझेदारी करते हुए यूपी को 300 के पार पहुंचा दिया। आर्यन जुयाल ने 118 गेंदों में 8 छक्कों और 7 चौकों के साथ 134 रन की पारी खेली, जबकि रिंकू सिंह ने 60 गेंदों में नाबाद 106 रन बनाए। उनकी इस पारी में 4 छक्के और 11 चौके शामिल थे। विपक्षी टीम के लिए तरनप्रीत सिंह ने सर्वाधिक 2 विकेट हासिल किए, जबकि संदीप शर्मा और निशंक बिरला ने 1-1 विकेट निकाला। इसके जवाब में चंडीगढ़ की टीम 29.3 ओवर में महज 140 रन पर सिमट गई। इस टीम के लिए कप्तान मनन वोहरा ने सर्वाधिक 32 रन बनाए, जबकि तरनप्रीत सिंह ने 24 रन की पारी खेली, लेकिन चंडीगढ़ को जीत नहीं दिला सके। विपक्षी खेमे से जीशान अंसारी ने 4 विकेट निकाले, जबकि विपराज निगम ने 2 विकेट अपने नाम किए। इनके अलावा, कार्तिक त्यागी, वैभव चौधरी, प्रशांत वीर ने 1-1 विकेट हासिल किया।

स्मार्टफोन का डार्क मोड एक मिथक? ये 3 कारण जानकर आप भी कर देंगे इस्तेमाल बंद

नई दिल्ली आजकल ज्यादातर स्मार्टफोन में डार्क मोड का ऑप्शन होता है। कई लोग सोचते हैं कि यह बैटरी बचाता है और आंखों के लिए अच्छा है। दरअसल, इसको इस्तेमाल करते हुए ऐसा लगता है जैसे आंखों पर रोशनी कम पड़ रही है, जिससे आंखें सही रहती हैं। इसके अलावा, ऐसा भी लगता है कि यह कम ब्राइटनेस का इस्तेमाल करता है, इसलिए लोग सोचते हैं कि इससे बैटरी कम खर्च होती है। लेकिन ये सिर्फ मिथक हो सकते हैं। चलिए जान लेते हैं वो 3 कारण, जिन्‍हें पढ़ने के बाद आप मोबाइल में डार्क मोड इस्तेमाल करना छोड़ देंगे। क्या सचमुच बचाता है बैटरी की पावर? मेक यूज ऑफ की एक रिपोर्ट (Ref.) बताती है कि लोग सोचते हैं कि OLED स्क्रीन वाले फोन में डार्क मोड बैटरी बचाता है, क्योंकि काले पिक्सल बंद हो जाते हैं। यह तब सच है अगर प‍िक्‍सल पूरी तरह ब्‍लैक हों। ज्यादातर डार्क मोड में गहरा ग्रे इस्तेमाल होता है। ग्रे पिक्सल भी बिजली खाते हैं। इसलिए बैटरी में ज्यादा फर्क नहीं पड़ता। OLED ड‍िस्‍प्‍ले में डार्क मोड को बैटरी सेवर बताया जाता है, लेकिन असल में ऐसा नहीं है। टेक्स्ट पढ़ने में होती है दिक्कत डार्क मोड में सफेद या हल्के रंग का टेक्स्ट काले बैकग्राउंड पर होता है। इससे पढ़ना मुश्किल हो जाता है। सदियों से किताबें काले अक्षरों वाले सफेद पन्नों पर छपी हैं क्योंकि इससे पढ़ना आसान होता है। डार्क मोड में कंट्रास्ट कम होता है और उससे टेक्‍स्‍ट पढ़ने में द‍िक्‍कत होती है। सैमसंग फोन्‍स में तो डार्क मोड और भी खराब लगता है क्योंकि वहां डार्क मोड काला, गहरा ग्रे और गहरा हरा रंग मिलाकर इस्तेमाल होता है। अजीब लगते हैं ऐप्स के इंटरफेस कई ऐप्स के स्क्रीनशॉट देखें तो लाइट मोड ज्यादा साफ और सुंदर लगता है। डार्क मोड में हाइलाइट किए गए हिस्से का रंग गहरा होता है और बैकग्राउंड पर अजीब लगता है। जैसे प्ले स्टोर में नीला रंग सफेद पर अच्छा दिखता है, लेकिन काले पर नहीं। जीमेल में काला टेक्स्ट सफेद पर आसानी से दिखता है, लेकिन डार्क मोड में हल्का सफेद टेक्स्ट, डार्क मोड पर अजीब लगता है। कई ऐप्स में डार्क मोड को बाद में जोड़ा गया है, इसलिए वह अच्छे से डिजाइन नहीं हुए हैं। इससे कुल मिलाकर आंखों के लिए अच्छा अनुभव नहीं मिलता। ये फीचर उतना भी अच्छा नहीं? डार्क मोड कभी बहुत लोकप्रिय हुआ था, लेकिन अब लोगों को एहसास होने लगा है क‍ि यह उतना अच्छा नहीं है। डार्क मोड में कंट्रास्ट कम होता है। ज्यादातर ऐप्स इसमें अच्छे नहीं द‍िखते। इसके अलावा, ग्रे स्क्रीन देने पर बैटरी की बचत भी नहीं होती है। लिहाजा, आप चाहें तो इस फीचर को ऑफ भी कर सकते हैं।