samacharsecretary.com

सुबह घने कुहासे के साथ शाम में फिर कड़ाके की ठंड

मुजफ्फरपुर. कड़ाके की ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है। रविवार को सुबह घना कुहासा छाया रहा। दोपहर में धूप खिली और शाम में एक बार फिर ठंड की वापसी हो गई। इससे आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह से धूप निकलने तक कनकनी रही। वहीं, सुबह 10 बजे तक घना कुहासा छाने से सड़क पर चलने में परेशानी हुई। वाहनों की लाइट जल रही थी। दोपहर बाद धूप खिलने से थोड़ी राहत मिली। लोग धूप सेंकते नजर आए। जैसे-जैसे शाम होने लगी एक बार फिर ठंड की वापसी हो गई। शाम को फिर से कनकनी की अनुभूति हुई। दिनभर पछिया चलती रही। रविवार को अधिकतम तापमान 20.2 व न्यूनतम 4.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा। अधिकतम व न्यूनतम दोनों तापमान अब भी सामान्य से कम बना है। पिछले 24 घंटे में 12 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से पछिया चल रही है। कोल्ड डे का रहेगा प्रभाव मौसम विभाग की ओर से जारी अलर्ट के अनुसार उत्तर बिहार के जिलों में अभी कोल्ड डे का प्रभाव रहेगा। अगले दो से तीन दिनों तक कनकनी वाली ठंड की अनुभूति होगी। पछिया चलती रहेगी। तीन दिनों के बाद कोल्ड डे की स्थिति में धीरे-धीरे सुधार होने की संभावना है। सुबह के समय में मध्यम कुहासा छाएगा। इसको लेकर मौसम विभाग की ओर से अलर्ट जारी किया गया है। बताया गया है कि पूर्वानुमानित अवधि में अधिकतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम सात से नौ डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है। इस दौरान आठ से 10 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से पछिया चलेगी।

नारायणपुर महिला महाविद्यालय में राशि के दुरुपयोग पर प्राचार्य सहित सहायक प्राध्यापक निलंबित

रायपुर. छत्तीसगढ़ शासन के उच्च शिक्षा विभाग ने वित्तीय अनियमितताओं के गंभीर मामले में बड़ी प्रशासनिक कार्यवाही करते हुए शासकीय आदर्श महिला महाविद्यालय, नारायणपुर के छह प्राध्यापकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्यवाही पी.एम. उषा मद से आबंटित राशि के दुरुपयोग तथा शासन के निर्धारित वित्तीय नियमों का पालन नहीं करने के आरोपों के बाद की गई है। जारी आदेश के अनुसार सामग्री क्रय में गड़बड़ी, प्रक्रियागत अनियमितता एवं छत्तीसगढ़ वित्तीय नियम संहिता 2002 (संशोधित 2025) के उल्लंघन की पुष्टि प्रथम दृष्टया होने पर यह निर्णय लिया गया। इसके तहत महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ.योगेंद्र पटेल,सहायक प्राध्यापक भूषण जय गोयल, किशोर कुमार कोठारी, हरीश चंद बैद एवं नोहर राम के नाम शामिल हैं। निलंबन आदेश के तहत सभी संबंधित अधिकारियों को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 9(1)(क) के अंतर्गत तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय क्षेत्रीय अपर संचालक, कार्यालय जगदलपुर (छ.ग.) निर्धारित किया गया है तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी। उच्च शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस पूरे प्रकरण की विभागीय जांच पृथक से की जाएगी, जिससे दोषियों के विरुद्ध आगे कठोर कार्रवाई संभव हो सके। शासन के इस कदम को सार्वजनिक धन के दुरुपयोग पर शून्य सहनशीलता की नीति के रूप में देखा जा रहा है।

स्वामी विवेकानंद जयंती पर मुख्यमंत्री साय ने किया नमन

रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री निवास में स्वामी विवेकानंद के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और ‘राष्ट्रीय युवा दिवस’ के मौके पर प्रदेश के युवाओं को हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद का जीवन और विचार आज भी भारत की युवाशक्ति के लिए ऊर्जा, दिशा और आत्मविश्वास का सबसे बड़ा स्रोत हैं। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने युवाओं को यह विश्वास दिया कि वे स्वयं अपने भविष्य के निर्माता हैं। उनके विचारों ने सेवा, आत्मबल और राष्ट्रप्रेम को जीवन का उद्देश्य बनाने की प्रेरणा दी। आज जब भारत अमृतकाल की ओर अग्रसर है, तब विवेकानंद जी की शिक्षाएँ युवाओं को जिम्मेदार, आत्मनिर्भर और राष्ट्रहित के प्रति सजग नागरिक बनने का मार्ग दिखाती हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के लिए यह गौरव का विषय है कि स्वामी विवेकानंद का जीवन रायपुर से भी जुड़ा रहा है। यहां की धरती पर बिताया गया उनका समय प्रदेश की सांस्कृतिक चेतना और वैचारिक परंपरा को विशेष पहचान देता है। मुख्यमंत्री साय ने विश्वास व्यक्त किया कि स्वामी विवेकानंद के विचार आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरित करते रहेंगे और छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश के युवा उनके आदर्शों को अपनाकर समाज, राष्ट्र और मानवता की सेवा में अग्रणी भूमिका निभाएंगे।

IND vs NZ विवाद: बुमराह को लेकर सवाल पर हर्षित ने खोया आपा, बयान से मचा हड़कंप

नई दिल्ली धाकड़ तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में भारतीय स्क्वॉड का हिस्सा नहीं हैं। उन्हें वर्कलोड मैनेज करने की वजह से आराम दिया गया है। बुमराह की गैर मौजूदगी में भारतीय पेस अटैक की कमान मोहम्मद सिराज संभाल रहे हैं। वडोदरा में आयोजित पहले वनडे में भारत का विकेट का खाता 22 ओवर में खुला। हालांकि, भारतीय गेंदबाजों ने न्यूजीलैंड को ज्यादा खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। सिराज के अलावा पेसर हर्षित राणा और प्रसिद्ध कृष्णा ने दो-दो शिकार किए। न्यूजीलैंड ने 300/8 का स्कोर बनाया और भारत ने 6 गेंद बाकी रहते चार विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की।   वडोदरा वनडे में भारत की जीत के बाद हर्षित राणा प्रेस कॉन्फ्रेंस में आए। उन्होंने कई सवालों के जवाब दिए। हालांकि, जब हर्षित से बुमराह का जिक्र करते हुए सवाल किया गया तो उनका सब्र का बांध टूट गया। दरअसल, एक पत्रकार ने गेंदबाज से पूछा कि क्या बुमराह की अनुपस्थिति में भारतीय गेंदबाजों को नई गेंद से शुरुआती ओवरों में विकेट लेने में दिक्कत होती है? हर्षित ने जवाब में कहा, ''मुझे नहीं पता कि आप कौन सा क्रिकेट देख रहे हैं, लेकिन आज भले ही हमें शुरुआती विकेट नहीं मिले, फिर भी सिराज भाई ने बहुत अच्छी गेंदबाजी की। नई गेंद से भी हमने ज्यादा रन नहीं दिए। कभी आपको शुरू में विकेट नहीं मिलते हैं लेकिन बाद में मिल जाते हैं और हमने ऐसा ही किया। पिच धीमी थी, और उसमें ज्यादा उछाल भी नहीं था।'' बता दें कि हर्षित ने वडोदरा में भारत को पहला विकेट दिलाया। उन्होंने हेनरी निकोल्स को 22वें ओवर की चौथी गेंद पर विकेटकीपर केएल राहुल के हाथों कैच कराया। निकोल्स ने 69 गेंदों में 62 रन बनाए। उन्होंने डेवोन कॉनवे (67 गेंदों में 56) के साथ 117 रनों की ओपनिंग पार्टनरशिप की। कॉनवे को हर्षित ने 24वें ओवर में बोल्ड किया। उन्होंने न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों को चकमा देने के लिए धीमी गेंदों के साथ कुछ तेज रफ्तार की गेंद भी डालीं। कॉनवे और निकोल्स ने आदर्श शुरुआत कराई लेकिन न्यूजीलैंड का मध्य क्रम इसका फायदा उठाने में विफल रहा। इसके बाद डेरिल मिचेल ने 71 गेंदों में 84 रन जुटाए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान पांच चौके और तीन छक्के लगाए।  

ग्वारीघाट स्टेशन पर मकर संक्रांति और वसंत पंचमी के मौके पर चार ट्रेनें रुकेंगी, श्रद्धालुओं को मिलेगा लाभ

 जबलपुर  मकर संक्रांति और वसंत पंचमी पर आसपास से श्रृद्धालु स्नान के लिए ग्वारीघाट पहुंचते है। उनकी आवाजाही की सुविधा के लिए इस बार रेलवे ने बड़ा कदम उठाया है। जबलपुर-नैनपुर रेलखंड पर संचालित चार एक्सप्रेस ट्रेनों का संबंधित दोनों तिथियों पर ग्वारीघाट रेलवे स्टेशन पर अस्थाई ठहराव घोषित किया है। इस संबंध में दक्षिण पूर्व मध्य रेल की ओर से दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए है। मकर संक्रांति पर 13 से 15 जनवरी और वसंत पंचमी पर 22 से 26 जनवरी तक चांदाफोर्ट सुपरफास्ट (त्रिसाप्ताहिक), शहडोल-नागपुर और रीवा-इतवारी एक्सप्रेस ग्वारीघाट स्टेशन पर रुकेगी। संबंधित तिथि पर आते-जाते दोनों तिथियों पर एक्सप्रेस ट्रेनों का ग्वारीघाट में अस्थाई ठहराव रहेगा। ग्वारीघाट स्टेशन पर भी आवश्यक तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। ग्वारीघाट से रिजर्वेशन भी उपलब्ध रेलवे ने श्रृद्धालुओं की सुविधा ने मकर संक्रांति और वसंत पंचमी के दौरान अस्थायी ठहराव वाली एक्सप्रेस ट्रेनों में ग्वारीघाट से रिजर्वेशन की सुविधा भी उपलब्ध कराई है। संबंधित तिथियों पर यात्री एक्सप्रेस ट्रेनों का ग्वारीघाट स्टेशन तक एवं वहां से वापसी के लिए सीट आरक्षित करा सकते हैं। ट्रेनों के ठहराव और स्टेशन तक रिजर्वेशन की सुविधा से छिंदवाड़ा, गोंदिया, बालाघाट, कटनी से श्रृद्धालुओं का ग्वारीघाट तक पहुंचना आसान होगा। जबलपुर से भी जा सकेंगे श्रृद्धालु जबलपुर-नैनपुर रेलखंड पर वर्तमान में तीन पैसेंजर ट्रेन संचालित है। इनका शहर के अंतर्गत आने वाले मदन महल, गढ़ा स्टेशन और जमतरा पैसेंजर हाल्ट में ठहराव है। ग्वारीघाट, जमतरा में रुकने वाली एक डेमू ट्रेन का संचालन भी गढ़ा-गोंदिया के बीच होता है। चार एक्सप्रेस ट्रेनों को अस्थायी ठहराव से ग्वारीघाट स्टेशन तक आवाजाही के विकल्प बढ़ गए हैं। ग्वारीघाट मार्ग पर जाम में फंसने से बचने के बजाय ट्रेन से श्रृद्धालु ग्वारीघाट पहुंच सकते हैं। इन ट्रेनों का ठहराव और ग्वारीघाट स्टेशन पर टाइमिंग     नागपुर-नैनपुर-शहडोल एक्सप्रेस (11201) दोपहर 3.30-03:32 बजे।     शहडोल-नैनपुर-नागपुर एक्सप्रेस (11202) सुबह 09:49-09:51 बजे।     इतवारी-सिवनी-रीवा एक्सप्रेस (11755) मध्यरात्रि 02:47-02:49 बजे।     रीवा-सिवनी-इतवारी एक्सप्रेस (11756) रात 10:59-11:01 बजे।     इतवारी-गोंदिया-रीवा एक्सप्रेस (11753) मध्यरात्रि 02:47-02:49 बजे।     रीवा-गोंदिया-इतवारी एक्सप्रेस (11754) रात 10:59-11:01 बजे।     चांदा फोर्ट-जबलपुर सुपरफास्ट (22173) रात 9:30-9:32 बजे।     जबलपुर-चांदाफोर्ट सुपरफास्ट (22174) सुबह 5:49-05:51 बजे।  

जम्मू-कश्मीर में हाई अलर्ट: LoC के पास पाकिस्तानी ड्रोन देखे गए, सेना ने की सख्त जवाबी कार्रवाई

राजौरी: जम्मू-कश्मीर के नौशेरा-राजौरी सेक्टर में लाइन ऑफ कंट्रोल के पास कुछ ड्रोन देखे गए. इनके पाकिस्तान के होने का शक है. इस घटना के बाद भारतीय सेना ने काउंटर-अनमैंड एरियल सिस्टम के उपाय किए. इसके बाद ये ड्रोन वापस चले गए. रिपोर्ट के अनुसार रविवार शाम को जम्मू-कश्मीर के सांबा, राजौरी और पुंछ जिलों में इंटरनेशनल बॉर्डर (IB) और लाइन ऑफ कंट्रोल (LoC) के पास कई फॉरवर्ड इलाकों में संदिग्ध ड्रोन की हलचल देखी गई, जिनके पाकिस्तान के होने का शक है. सुरक्षा अधिकारियों के हवाले से बताया कि ये उड़ने वाली चीजें बॉर्डर के पाकिस्तान की तरफ से आई और कुछ मिनट तक भारतीय इलाके के ऊपर मंडराने के बाद वापस चली गई. संदिग्ध ड्रोन गतिविधि देखे जाने के बाद जमीन पर तलाशी अभियान भी शुरू किया गया. सेना के जवानों ने शाम करीब 6:35 बजे गनिया-कलसियां ​​गांव के ऊपर ड्रोन की हलचल देखने पर मीडियम और लाइट मशीन गन से फायरिंग की. उसी समय, राजौरी के टेरियथ में खब्बर गांव में एक और ड्रोन देखा गया. अधिकारियों ने बताया कि यह उड़ने वाली चीज, जिसमें टिमटिमाती रोशनी थी, कलाकोट के धर्मसाल गांव की दिशा से आई थी, और फिर भरख की ओर आगे बढ़ी. एक और ऐसी ही चीज, जिसमें टिमटिमाती रोशनी थी, शाम करीब 7:15 बजे चक बबरल के ऊपर कई मिनट तक मंडराती हुई देखी गई. एक और ऐसी ही चीज पुंछ में एलओसी के पास मनकोट सेक्टर में टैन से टोपा की ओर जाती हुई देखी गई. इस घटना के बाद भारतीय सेना के जवानों ने काउंटर-अनमैंड एरियल सिस्टम के उपाय भी किए, जिससे उन्हें वापस लौटना पड़ा. बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने शनिवार को सांबा जिले के पालूरा गांव में सीमा के पास से हथियार और गोला-बारूद का एक जखीरा बरामद होने के बाद एक जॉइंट सर्च ऑपरेशन शुरू किया. इस जखीरे में चीन में बनी एक 9 एमएम पिस्टल जिसके साथ दो मैगजीन, एक ग्लॉक 9एमएम पिस्टल जिसके साथ एक मैगजीन थी और एक चीनी हैंड ग्रेनेड जिस पर एपीएल एचजीआर 84 लिखा था, शामिल था. पुलिस के मुताबिक पैकेट से कुल सोलह 9एमएम कारतूस भी बरामद किए गए.

हरियाणा में घनी धुंध के बीच विजिबिलिटी हुई जीरो

चंडीगढ़. हरियाणा में आज सुबह कड़ाके की ठंड के साथ धुंध पड़ी। कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, जींद, भिवानी, रेवाड़ी, झज्जर, फतेहाबाद और महेंद्रगढ़ में विजिबिलिटी जीरो से 50 मीटर तक रही। फसलों और पानी की पाइपों पर पाला जम गया। मौसम विभाग ने शीतलहर और घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। 15 जनवरी से सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ ठंड का प्रकोप न केवल रात में, बल्कि दिन में भी देखने को मिल रहा है। इस वजह से लोगों को दिन और रात हाड़ कंपा देने वाली ठंड का सामना करना पड़ रहा है। प्रदेश में धुंध और शीतलहर का प्रकोप 14 जनवरी तक जारी रहेगा। 15 जनवरी से एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे हरियाणा में बादल छाए रहेंगे। लोगों को दी चेतावनी मौसम विभाग ने इम्पैक्ट बेस्ड फोरकास्ट के जरिए चेतावनी जारी की है कि घने कोहरे के कारण सड़कों पर दृश्यता कम रहेगी, जिससे यातायात और विमान सेवाओं पर असर पड़ सकता है। लोगों को चेतावनी दी गई है कि ठंड के लंबे समय तक संपर्क में रहने से फ्लू, नाक बहना और फ्रॉस्ट बाइट जैसी समस्याएं हो सकती हैं।

वास्तु के अनुसार यहां लगाएं मनी प्लांट, कुछ ही दिनों में दिखेगा चमत्कारी असर

वास्तु शास्त्र के अनुसार, कुछ ऐसे पेड़-पौधे हैं, जिनको घर में लगाने से सकारात्मक ऊर्जा का प्रवाह बना रहता है। साथ ही खुशियों का आगमन होता है। ऐसा माना जाता है कि वास्तु शास्त्र के नियम का पालन कर पौधे को लगाने से ही शुभ परिणाम मिलते हैं। वास्तु शास्त्र की मानें तो घर में मनी प्लांट लगाने से धन-समृद्धि में वृद्धि होती है और परिवार में सुख-शांति बनी रहती है। अगर आप भी घर में सुख-शांति का माहौल चाहते हैं, तो मनी प्लांट जरूर लगाएं। आइए आपको बताते हैं कि कब और किस दिशा में लगाना चाहिए मनी प्लांट। किस दिशा में लगाएं वास्तु शास्त्र के अनुसार, मनी प्लांट को लगाने के लिए दक्षिण-पूर्व दिशा को शुभ माना जाता है। इस दिशा में मनी प्लांट लगाने से सकारात्मक ऊर्जा में वृद्धि होती है और आर्थिक स्थिरता बनी रहती है। साथ ही नकारात्मक ऊर्जा का नाश होता है। ऐसा माना जाता है कि गलत दिशा में इस प्लांट को लगाने से व्यक्ति को कई तरह की समस्याएं झेलनी पड़ सकती हैं। वास्तु के अनुसार, सही दिशा में मनी प्लांट को लगाने से मां लक्ष्मी प्रसन्न होती हैं। किस दिन लगाएं मनी प्लांट? अगर आप घर में मनी प्लांट लगाने के लिए प्लानिंग कर रहे हैं, तो इसे लगाने के लिए शुक्रवार का दिन शुभ माना जाता है। क्योंकि यह दिन धन की मां लक्ष्मी को समर्पित है। वास्तु शास्त्र के अनुसार, शुक्रवार के दिन मनी प्लांट लगाने से धन प्राप्ति के मार्ग खुलते हैं। मिलते हैं ये लाभ     ऐसा माना जाता है कि मनी प्लांट लगाने से आर्थिक तंगी की समस्या दूर होती है और धन से हमेशा तिजोरी भरी रहती है।     इसके अलावा सही दिशा में मनी प्लांट को लगाने से कुंडली में शुक्र मजबूत होता है, जिससे जातक के सुख-सुविधाओं में वृद्धि होती है।     सकारात्मक ऊर्जा में वृद्धि होती है।     तनाव कम की समस्या दूर होती है। कहां न लगाएं मनी प्लांट आपकी जानकारी के लिए बता दें कि मनी प्लांट को उत्तर-पूर्व दिशा में भूलकर भी नहीं लगाना चाहिए। ऐसा माना जाता है कि गलत दिशा में इस पौधे को लगाने से धन हानि और आर्थिक तंगी की समस्या आ सकती है, क्योंकि उत्तर-पूर्व दिशा जल तत्व से जुड़ी होती है।  

हरियाणा के सीएम सैनी बोले- ‘चुटकुलों से नहीं भरते पेट’

चंडीगढ़. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि झूठे वादों और खोखली बातों की राजनीति करने वालों को सत्ता से बाहर करना अब पंजाब के लोगों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि राजनीति सत्ता सुख का साधन नहीं, बल्कि जनसेवा का माध्यम होनी चाहिए, लेकिन पंजाब में मौजूदा सरकार ने इसे मजाक बना दिया है। आप और कांग्रेस ने पंजाब के लोगों को किया निराश: सीएम सैनी रविवार को लुधियाना के समराला में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम सैनी ने कहा कि पंजाब में पहले कांग्रेस और अब आम आदमी पार्टी, दोनों सरकारें लोगों से किए वादे निभाने में पूरी तरह विफल रही हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा में डबल इंजन सरकार ने विधानसभा चुनावों के दौरान 217 वादे किए थे, जिनमें से एक साल के भीतर 54 वादे पूरे कर दिए गए, जबकि पंजाब में चार साल बीतने के बावजूद घोषणाएं ही घोषणाएं हैं। सीएम सैनी ने कटाक्ष करते हुए कहा कि चुटकुलों से पेट नहीं भरता है। पंजाब सरकार ने चार साल निकाल दिए, लेकिन धरातल पर कोई ठोस काम नजर नहीं आता। बुजुर्गों को 2500 रुपये मासिक पेंशन देने का वादा आज तक अधूरा है, जबकि हरियाणा में बुजुर्गों को 3200 रुपये प्रति माह भत्ता दिया जा रहा है। इसी तरह महिलाओं को 1100 रुपये महीना देने का वादा भी सिर्फ कागजों तक सीमित रह गया। किसानों के मुद्दे पर सीएम सैनी ने कहा कि खराब फसलों के मुआवजे को लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री झूठ की राजनीति कर रहे हैं। सीएम ने वीबी-जी राम जी को लेकर पंजाब विधानसभा में पारित प्रस्ताव को बेतुका करार देते हुए कहा कि उसमें न तो कोई तथ्य है, न आंकड़े और न ही सुधार का कोई सुझाव। सीएम सैनी ने सोशल ऑडिट का हवाला देते हुए कहा कि 13,304 ग्राम पंचायतों में से 5,915 पंचायतों के ऑडिट में 10,663 वित्तीय गबन के मामले सामने आए, लेकिन किसी पर कार्रवाई नहीं हुई। पंजाब का युवा नशे और बेरोजगारी से परेशान होकर अवैध रास्तों से विदेश जाने को मजबूर है, लेकिन सरकार के पास इसका कोई स्थायी समाधान नहीं है। तो हमारा इतिहास कुछ और ही होता – सीएम सीएम सैनी ने लुधियाना के माछीवाड़ा स्थित गुरुद्वारा चरण कंवल साहिब में माथा टेका। उन्होंने कहा कि इस पवित्र स्थल पर आकर वे स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। सीएम ने कहा कि गुरुओं के बलिदानों ने ही भारत की पहचान गढ़ी है। यदि ये कुर्बानियां न होतीं, तो इतिहास कुछ और ही होता। उन्होंने सभी से गुरुओं की शिक्षाओं को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।इसके बाद सीएम सैनी ने प्राचीन श्री मुक्तेश्वर शिव मंदिर (मुक्तिधाम) चहिला में जाकर पूजा अर्चना कर जलाभिषेक किया।

2 फरवरी से शुरू होंगे 8वीं-10वीं और 12वीं के बोर्ड एग्जाम

लुधियाना. पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (पी.एस.ई.बी.) ने फरवरी/मार्च 2026 में होने वाली वार्षिक परीक्षाओं के लिए प्रैक्टिकल परीक्षाओं का शैड्यूल और विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। बोर्ड द्वारा जारी पत्र के अनुसार, 8वीं, 10वीं और 12वीं श्रेणी की प्रैक्टिकल परीक्षाएं 2 से 12 फरवरी तक आयोजित की जाएंगी। इन परीक्षाओं में नियमित विद्यार्थियों के साथ-साथ ओपन स्कूल, कंपार्टमैंट, री-अपीयर और अतिरिक्त विषय वाले परीक्षार्थी भी शामिल होंगे।इस बार बोर्ड ने बड़ा फैसला लेते हुए शैक्षणिक सत्र 2025-26 से 12वीं श्रेणी के कम्प्यूटर साइंस विषय की प्रैक्टिकल परीक्षा भी एक्सटर्नल परीक्षकों (बाहरी स्टाफ) द्वारा लेने का निर्णय लिया है। ये परीक्षाएं विद्यार्थियों के 'सैल्फ सैंटर' में ही होंगी और इनके प्रश्न पत्र ऑनलाइन लिंक के माध्यम से भेजे जाएंगे। वहीं, 10वीं श्रेणी की कम्प्यूटर साइंस प्रैक्टिकल परीक्षा स्कूल स्तर पर ही होगी जिसके लिए परीक्षकों को परीक्षा की छोटी वीडियो क्लिप बनाकर सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं ताकि जरूरत पड़ने पर बोर्ड को भेजी जा सकें। इन विषयों के लिए नियुक्त होंगे एक्सटर्नल परीक्षक 12वीं श्रेणी के मुख्य विषयों जैसे फिजिक्स, कैमिस्ट्री, बायोलॉजी, अकाऊंटैंसी-2, फंडामैंटल्स ऑफ ई-बिजनैस, होम साइंस और कम्प्यूटर एप्लीकेशन के लिए बोर्ड द्वारा एक्सटर्नल परीक्षक नियुक्त किए जाएंगे। इसके लिए जिला शिक्षा अफसर सरकारी और प्राइवेट स्कूलों के कम्प्यूटर लेक्चरर/अध्यापकों की ड्यूटी इंटरचेंज करके दूसरे स्कूलों में लगाएंगे। बाकी बचे अन्य विषयों की प्रैक्टिकल परीक्षाएं स्कूल स्तर पर ही संबंधित विषयों के अध्यापकों द्वारा तैयार प्रश्न पत्रों के आधार पर ली जाएंगी। बोर्ड ने समूह जिला शिक्षा अफसर (स), समूह जिला मैनेजर (क्षेत्रीय दफ्तर) और पंजाब राज्य के समूह स्कूल प्रमुखों को इन हिदायतों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा है।