samacharsecretary.com

सीवर में 2 लोगों की मौत पर मानव अधिकार आयोग सख्त

चंडीगढ़. हरियाणा मानव अधिकार आयोग ने सीवर में सफाई के दौरान दो व्यक्तियों की दर्दनाक मृत्यु के मामले में सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया है कि ऐसी अमानवीय घटनाएं न केवल कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि मानवाधिकारों पर गंभीर आघात भी हैं। हरियाणा मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष जस्टिस ललित बत्रा तथा दोनों सदस्यों कुलदीप जैन और दीप भाटिया को मिलाकर बने पूर्ण आयोग के आदेश से है कि दोषियों की जवाबदेही तय किए बिना किसी भी सूरत में मामले को ठंडे बस्ते में नहीं डाला जाएगा। आयोग के अध्यक्ष माननीय न्यायमूर्ति ललित बत्रा की अध्यक्षता में पारित आदेश में यह उल्लेख किया गया कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा सफाई कर्मचारी आंदोलन बनाम भारत संघ मामले में दिए गए स्पष्ट निर्देशों के बावजूद सीवर में बिना सुरक्षा उपकरणों के मैनुअल एंट्री कराए जाने की घटनाएं चिंता का विषय बनी हुई हैं। सर्वोच्च न्यायालय ने ऐसे मामलों में मृतक के परिजनों को ₹10 लाख मुआवजा देने को अनिवार्य ठहराया है। हरियाणा मानव अधिकार आयोग ने पुलिस अधीक्षक, हांसी द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट का संज्ञान लेते हुए पाया कि मामले की जांच अपेक्षित गति से आगे नहीं बढ़ी है तथा अब तक जिम्मेदार व्यक्तियों की स्पष्ट जवाबदेही तय नहीं की गई है। रिपोर्ट में जिम्मेदारी तय करने के संबंध में कोई स्पष्ट विवरण नहीं है, जबकि जिला अटॉर्नी की राय में संज्ञेय अपराध प्रथम दृष्टया बनता पाया गया है। यह लापरवाही मानव जीवन की हानि एवं गंभीर मानवाधिकार उल्लंघन के मामले में जांच एजेंसी के उदासीन रवैये को दर्शाती है।आयोग यह भी पाता है कि एफआईआर संख्या 326 दिनांक 19.10.2025 की जांच अपेक्षित ढंग से आगे नहीं बढ़ी है, विशेषकर जिम्मेदार व्यक्तियों की पहचान एवं जवाबदेही तय करने के संदर्भ में। इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए आयोग ने जांच अधिकारी एवं उप पुलिस अधीक्षक (अपराध), हांसी को समस्त मूल रिकॉर्ड सहित व्यक्तिगत रूप से आयोग के समक्ष उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं। उपायुक्त हिसार छह सप्ताह के भीतर मृतक श्रमिकों के परिवारों को दी गई या स्वीकृत राहत एवं मुआवजे, किसी भी अंतरिम सहायता तथा आश्रितों के पुनर्वास हेतु प्रस्तावित उपायों के संबंध में विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करें। नगर परिषद, हांसी (या यदि क्षेत्र नगर सीमा से बाहर हो तो संबंधित ग्राम पंचायत, ग्राम रामपुरा, तहसील हांसी, जिला हिसार, सरपंच के माध्यम से) छह सप्ताह के भीतर घटना की परिस्थितियों, होटल परिसर के लाइसेंस व निरीक्षण तथा मैला ढोने वालों के नियोजन का प्रतिषेध एवं उनका पुनर्वास अधिनियम, 2013 के उल्लंघन के संबंध में रिपोर्ट प्रस्तुत करें। पुलिस अधीक्षक, हांसी छह सप्ताह के भीतर दर्ज की गई एफआईआर, लागू धाराओं तथा मृत्यु के लिए जवाबदेही तय करने हेतु जांच की प्रगति की स्थिति रिपोर्ट प्रस्तुत करें। होटल प्रबंधन तत्काल बिना सुरक्षा उपकरणों, गैस परीक्षण, रेस्क्यू स्टैंडबाय, ऑक्सीजन सिलेंडर, ऑक्सीजन मास्क एवं यंत्रीकरण के सेप्टिक/सीवर टैंक में किसी भी प्रकार की मैनुअल एंट्री को निलंबित करे तथा छह सप्ताह के भीतर अनुपालन रिपोर्ट दाखिल करे।”

बस्तर में जनगणना की अधिकारियों को सौंपी अहम जिम्मेदारियां

जगदलपुर. जिले में आगामी जनगणना 2026-27 के मद्देनजर प्रशासनिक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसी कड़ी में जिले में जनगणना कार्य को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए विभिन्न प्रशासनिक अधिकारियों को दायित्व सौंपे गए हैं। जनगणना अधिनियम 1948 और राज्य शासन द्वारा जारी अधिसूचना के तहत उक्त दायित्व सम्बन्धी नियुक्तियां की गई हैं, जो तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। संभाग और जिला स्तर पर वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में यह महाअभियान चलाया जाएगा। बस्तर संभाग के संभागायुक्त डोमन सिंह को संभागीय जनगणना अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि बस्तर जिले के कलेक्टर हरिस एस. प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी के रूप में कमान संभालेंगे। इनके सहयोग के लिए अपर कलेक्टर चंद्रिका प्रसाद बघेल और डिप्टी कलेक्टर सु हीरा गवर्ना को जिला जनगणना अधिकारी नियुक्त किया गया है, वहीं योजना एवं सांख्यिकी विभाग के उप संचालक सुरेश चन्द्र सिंह अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी का दायित्व निभाएंगे। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में जनगणना के सूक्ष्म नियोजन और क्रियान्वयन के लिए अनुविभागीय अधिकारियों और तहसीलदारों को जिम्मेदारी दी गई है। जगदलपुर नगर पालिक निगम क्षेत्र की जिम्मेदारी नगर आयुक्त प्रवीण वर्मा को सौंपी गई है, जिन्हें नगर चार्ज जनगणना अधिकारी बनाया गया है। इसी प्रकार राजस्व अनुविभाग स्तर पर जगदलपुर अनुविभाग हेतु ऋषिकेश तिवारी, तोकापाल अनुविभाग हेतु शंकर लाल सिन्हा, बस्तर अनुविभाग हेतु गगन शर्मा, लोहण्डीगुड़ा अनुविभाग हेतु नीतीश वर्मा और बकावण्ड अनुविभाग हेतु मनीष कुमार वर्मा को अनुविभागीय जिला प्रशासन ने ग्रामीण अंचलों में जनगणना कार्य की सटीकता सुनिश्चित करने के लिए सभी तहसीलदारों को चार्ज जनगणना अधिकारी के रूप में नियुक्त किया है। इसमें जगदलपुर तहसीलदार राहुल गुप्ता, नानगुर तहसीलदार दीपिका देहारी, तोकापाल तहसीलदार यशोदा केतारप, बस्तर तहसीलदार जॉली जेम्स और भानपुरी तहसीलदार जीवेश कुमार शोरी, लोहण्डीगुड़ा तहसीलदार कैलाश पोयाम, बकावण्ड तहसीलदार जागेश्वरी गावड़े, दरभा तहसीलदार सुनील कुमार ध्रुव, बास्तानार तहसीलदार पुष्पराज मिश्रा और करपावण्ड तहसीलदार गौतम गौरे को भी उनके राजस्व क्षेत्राधिकार के भीतर जनगणना का प्रभारी बनाया गया है। नगर पंचायत बस्तर के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी तरून पाल लहरे को नगर चार्ज जनगणना अधिकारी नियुक्त किया गया है।

ईरान में प्रदर्शनों में मृतकों की संख्या 544 तक पहुंची, पेजेशकियन की नागरिकों से शांति की अपील

तेहरान  ईरान में पिछले दो हफ्तों से सरकार विरोधी हिंसक प्रदर्शन जारी है. इस दौरान कम से कम 544 प्रदर्शनकारी मारे गए जिनमें आठ बच्चे भी शामिल हैं. सीएनएन ने ह्यूमन राइट्स एक्टिविस्ट्स के हवाले से ये रिपोर्ट दी है. विरोध प्रदर्शन 28 दिसंबर को बढ़ती महंगाई और आर्थिक मुश्किलों के खिलाफ शुरू हुए थे, लेकिन जल्द ही ये पूरे देश में तनावपूर्ण अशांति में बदल गए, जिसमें प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच हिंसक झड़पें हुई. विरोध प्रदर्शन कई शहरों में फैल गए. अधिकारी गिरफ्तारियों, कार्रवाई और बल प्रयोग करके जवाब दे रहे हैं. मानवाधिकार समूहों ने बार-बार हताहतों की संख्या और प्रदर्शनकारियों के साथ किए जा रहे बर्ताव पर चिंता जताई. ईरानी अधिकारियों ने अशांति के लिए दंगाइयों और विदेशी दखलअंदाजी को जिम्मेदार ठहराया है, जबकि यह भी कहा है कि जायज आर्थिक शिकायतों को दूर किया जाएगा. अंतरराष्ट्रीय नेताओं ने इस स्थिति पर खुलकर बात की है. पोप लियो ने अपनी एंजेलस प्रार्थना के बाद वेटिकन में भीड़ को संबोधित करते हुए कहा कि वह ईरान में शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं. उन्होंने कहा, 'मेरे विचार इन दिनों मध्य पूर्व में खासकर ईरान और सीरिया में जो हो रहा है, उस पर हैं, जहाँ लगातार तनाव के कारण कई लोगों की मौत हो रही है. मुझे उम्मीद है और मैं प्रार्थना करता हूँ कि पूरे समाज की भलाई के लिए बातचीत और शांति को धैर्यपूर्वक बढ़ावा दिया जाएगा.' फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब ने भी ईरानी अधिकारियों से हिंसा से बचने की अपील की और एक्स पर पोस्ट किया, 'आक्रामकता बंद होनी चाहिए. हम गलत तरीके से हिरासत में लिए गए सभी प्रदर्शनकारियों को रिहा करने की मांग करते हैं.' आयरलैंड की विदेश मंत्री हेलेन मैकएन्टी ने कहा कि वह ईरान से आ रही रिपोर्टों से 'बहुत चिंतित' हैं. साथ ही इस बात पर जोर दिया कि अभिव्यक्ति की आजादी, शांतिपूर्ण सभा और जानकारी तक पहुंच का पूरी तरह से सम्मान किया जाना चाहिए. उन्होंने ईरानी अधिकारियों से आगे हिंसा न करने और प्रदर्शनकारियों से बातचीत करने की भी अपील की.   इजराइल के विदेश मंत्री गिदोन सार ने कहा कि इजराइल ईरानी लोगों का समर्थन करता है और एक्स पर कहा. 'हम आजादी के लिए ईरानी लोगों के संघर्ष का समर्थन करते हैं और उन्हें सफलता की शुभकामनाएं देते हैं.' इजराइल डिफेंस फोर्सेज (IDF) ने रविवार को कहा कि वह ईरान में हो रहे घटनाक्रम पर करीब से नज़र रख रही है, क्योंकि विरोध प्रदर्शन तीसरे हफ्ते में प्रवेश कर गए हैं. आईडीएफ के एक प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, 'ये विरोध प्रदर्शन ईरान का अंदरूनी मामला है. फिर भी आईडीएफ रक्षात्मक रूप से तैयार है और लगातार अपनी क्षमताओं और ऑपरेशनल तैयारी में सुधार कर रही है.'  सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के भी रविवार को बाद में एक सीमित सुरक्षा परामर्श करने की उम्मीद है, जिसमें ईरान और लेबनान के घटनाक्रम एजेंडे में होंगे. जापान के प्रधानमंत्री कार्यालय ने भी ईरान की स्थिति पर एक बयान जारी किया, जिसमें कहा गया कि जापान शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शनों के खिलाफ किसी भी तरह की ताकत के इस्तेमाल के खिलाफ हैं. अशांति के बीच अमेरिकी अधिकारियों ने सीएनएन को बताया कि राष्ट्रपति ट्रंप हिंसक विरोध प्रदर्शनों के बाद ईरान में मिलिट्री विकल्पों पर विचार कर रहे हैं, और उन्होंने तेहरान को प्रदर्शनकारियों पर जानलेवा बल का इस्तेमाल न करने की चेतावनी दी है. ईरानी अटॉर्नी जनरल मोहम्मद मोवाहेदी आजाद ने कहा कि प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई सख्त होगी. तस्नीम समाचार एजेंसी के अनुसार, उन्होंने कहा कि कार्रवाई बिना किसी नरमी, दया या रियायत के की जाएगी. उन्होंने कहा, 'सभी दंगाईयों पर आरोप एक जैसे हैं.' इस बीच, ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने नागरिकों से अपील की कि वे उस चीज में शामिल न हों जिसे उन्होंने हिंसक अशांति बताया. टेलीविजन पर दिए गए भाषण में उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण विरोध और हिंसा के बीच साफ अंतर है. उन्होंने कहा, 'अगर लोगों को कोई चिंता है, तो यह हमारा कर्तव्य है कि हम उनकी चिंताओं को दूर करें, लेकिन सबसे बड़ा कर्तव्य यह है कि हम दंगाइयों के एक समूह को आकर पूरे समाज को बाधित करने की अनुमति न दें.' पेजेशकियन ने आगे कहा, 'यह किस तरह का विरोध है? यह किस तरह का संदेश है, जो लोगों के दिलों में नफरत पैदा कर रहा है?' उन्होंने आगे कहा, 'अमेरिका और इजराइल वहाँ बैठे हैं और उन्हें जाने के लिए कह रहे हैं और (कह रहे हैं) 'हम तुम्हारे साथ हैं'. ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई ने रविवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से कहा कि वे ईरान के अंदरूनी मामलों पर टिप्पणी करने के बजाय "अपने देश को संभालें'. सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट किए गए एक संदेश में खामेनेई ने अमेरिकी राष्ट्रपति पर ईरान में अशांति को बढ़ावा देने और अपने देश की गंभीर समस्याओं को हल करने में नाकाम रहने का आरोप लगाया. खामेनेई ने लिखा, 'अमेरिका के राष्ट्रपति ने घोषणा की कि अगर ईरानी सरकार ऐसा या वैसा करती है, तो वह दंगाइयों का साथ देंगे. दंगाइयों ने उन पर उम्मीदें लगा रखी हैं. अगर वह इतने काबिल हैं, तो उन्हें अपने देश को संभालना चाहिए.'

सीएम भगवंत मान ने प्रतियोगी परीक्षाओं की मुफ्त कोचिंग के मिशन प्रगति का किया शुभारंभ

चंडीगढ़. पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि राज्य सरकार मिशन प्रगति के तहत मुफ्त शैक्षणिक और शारीरिक प्रशिक्षण प्रदान करके युवाओं को भविष्य की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने के लिए ठोस प्रयास कर रही है। यहां जिला पुस्तकालय में छात्रों से बातचीत करते हुए, मान ने कहा कि यह पहल ग्रामीण और मेधावी छात्रों का समर्थन करने के लिए शुरू की गई है जो महंगी कोचिंग का खर्च वहन नहीं कर सकते हैं। उन्होंने आगे बताया कि सेवा चयन बोर्ड (एसएसबी), पुलिस और सशस्त्र बलों से संबंधित परीक्षाओं के लिए जिला पुस्तकालय में मुफ्त कोचिंग शुरू हो गई है। पहले बैच में 40 छात्रों का हुआ नामांकन मुख्यमंत्री ने बताया कि पहले बैच में 40 छात्रों का नामांकन हो चुका है। कक्षा शिक्षण के साथ-साथ, पंजाब पुलिस के अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा छात्रों को शारीरिक प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है ताकि उनकी समग्र तैयारी सुनिश्चित हो सके। मान ने कहा कि पुस्तकालय सदस्य बनने पर छात्रों को पुस्तकों और अध्ययन सामग्री तक निःशुल्क पहुंच मिलेगी। उन्होंने आगे कहा कि यह कार्यक्रम मौजूदा बुनियादी ढांचे का उपयोग करके चलाया जा रहा है, जिसके परिणामस्वरूप न्यूनतम व्यय हो रहा है। युवाओं को समान अवसर और मार्गदर्शन देने की पहल मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बताया कि मिशन प्रगति “युवाओं द्वारा युवाओं की मदद” के सिद्धांत पर काम करता है। इसमें मार्गदर्शक वे उम्मीदवार होंगे, जो पहले खुद प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम को शिक्षाविदों, विश्वविद्यालयों, पुलिस अधिकारियों, खिलाड़ियों और छात्रों का समर्थन मिला है। यह पहल “कोई भी पीछे न छूटे” के विचार पर आधारित है और इसका उद्देश्य युवाओं को समान अवसर देना और सरकारी नौकरियों में उनकी भागीदारी बढ़ाना है। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि पंजाब सरकार का उद्देश्य शिक्षा सुधारों के जरिए युवाओं को सिर्फ पढ़ाई तक सीमित न रखते हुए उन्हें नौकरी और विकास के अवसर प्रदान करना है।

रिकॉर्ड्स के बादशाह कोहली: 28,000 रन सबसे कम पारियों में, सचिन और संगाकारा पीछे

नई दिल्ली भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे पहले वनडे मैच में विराट कोहली ने शानदार शुरुआत की है। उन्होंने 25 रन बनाते ही एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। विराट कोहली अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 28000 रन बनाने वाले अब दुनिया के तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं। इतना ही नहीं उन्होंने यह रिकॉर्ड सबसे कम पारियों में बनाया है। यानी विराट कोहली सबसे तेज 28000 अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।   विराट कोहली ने सचिन तेंदुलकर के सबसे तेज 28000 रनों के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। सचिन तेंदुलकर ने जहां 644 अंतरराष्ट्रीय पारियों में 28 हजार रन पूरे किए थे, वहीं विराट कोहली ने यह कारनामा सिर्फ 624 पारियों में ही कर दिया है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अब तक सिर्फ तीन बल्लेबाजों ने 28000 से अधिक रनों का आंकड़ा पार किया है, जिसमें सचिन तेंदुलकर और कुमार संगाकारा के साथ अब विराट कोहली का नाम शामिल है। विराट कोहली ने अपने पारी के 42वें रन के साथ श्रीलंका के दिग्गज बल्लेबाज कुमार संगाकारा को भी पीछे कर दिया है। वे अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दुनिया के दूसरे बल्लेबात बन गए हैं। उनसे पहले सिर्फ सचिन तेंदुलकर का नाम है। सचिन तेंदुलकर ने अपने करियर में कुल 34357 रन बनाए हैं और लंबे समय से शीर्ष पर बने हुए। श्रीलंका के महान बल्लेबाज कुमार संगाकार भी कई वर्षों से दूसरे स्थान पर बने हुए थे। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 28016 रन बनाए थे, जिसे विराट कोहली ने अब तोड़ दिया है। कोहली अब संगाकारा के से आगे निकलते हुए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दुनिया के दूसरे बल्लेबाज बने हैं। उन्होंने संगाकार को तीसरे नंबर पर ढकेल दिया है। विराट कोहली की खास बात यह है कि उन्होंने बहुत कम पारियों में यह उपलब्धि हासिल की है। एक तरफ जहां संगाकारा ने कुल 666 पारियों में 28000 रन बनाए थे और सचिन ने यह उपलब्धि 644 पारियों में हासिल की थी, वहीं विराट कोहली ने सिर्फ 624 पारियों में यह कीर्तिमान स्थापित किया है। सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली और कुमार संगाकारा के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों में टॉप-5 में रिकी पोंटिंग और महेला जयवर्धने का नाम शामिल है। पोंटिंग ने अपने करियर में जहां 27483 रन बनाए हैं, वहीं जयवर्धने ने 25957 रन बनाकर इस सूची में टॉप-5 में अपना नाम बरकरार रखा है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाले टॉप-5 बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर- 34357 विराट कोहली- 28068 कुमार संगाकारा- 28016 रिकी पोंटिंग- 27483 महेला जयवर्धने- 25957

सोलर पैनल से दूर हुई चिंताराम की बिजली बिल की चिंता

रायपुर. खैरागढ़ जिले में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित ‘प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना’ ग्रामीण अंचलों में सकारात्मक बदलाव ला रही है। इस योजना के माध्यम से जहां लोगों को बढ़ते बिजली बिलों से राहत मिल रही है, वहीं वे ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर भी बन रहे हैं। इसी क्रम में विकासखंड खैरागढ़ अंतर्गत ग्राम सनडोंगरी के शिक्षक चिंताराम कंवर ग्रामीणों के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आए हैं। उन्होंने अपने निवास की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर प्लांट स्थापित कर यह सिद्ध कर दिया कि सौर ऊर्जा भविष्य की सबसे किफायती, स्वच्छ एवं टिकाऊ ऊर्जा है। चिंताराम कंवर ने बताया कि उन्हें इस योजना की जानकारी विद्युत विभाग द्वारा चलाए गए जनसंपर्क अभियान के माध्यम से प्राप्त हुई। योजना की जानकारी मिलते ही उन्होंने तत्काल पंजीयन कराया और मात्र एक माह के भीतर उनके घर में सोलर संयंत्र की स्थापना पूर्ण हो गई। इस परियोजना के अंतर्गत उन्हें केंद्र एवं राज्य शासन से कुल 1 लाख 08 हजार रुपये की सब्सिडी प्राप्त होगी। उन्होंने बताया कि शासन द्वारा दी जा रही भारी सब्सिडी एवं आसान मासिक किश्त (ईएमआई) की सुविधा से उन पर पड़ने वाला आर्थिक भार काफी कम हो गया है। वर्तमान में वे न केवल मुफ्त बिजली का लाभ ले रहे हैं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी सक्रिय योगदान दे रहे हैं। चिंताराम कंवर की इस पहल से प्रेरित होकर जिले के अन्य ग्रामीणजन भी अब सौर ऊर्जा को अपनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं, जिससे जिले में हरित ऊर्जा की ओर एक मजबूत कदम देखने को मिल रहा है।

Toll Plaza में आज वाहन चालकों से नहीं वसूला जाएगा टोल

लुधियाना. पंजाब में आज चार घंटे के लिए टोल प्लाजा फ्री किए जाएंगे। जानकारी के अनुसार कौमी इंसाफ मोर्चा की ओर से आज सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक प्रदेश के टोल प्लाजा पर टोल वसूली नहीं होने दी जाएगी। इसी कड़ी में लाडोवाल टोल प्लाजा पर भी धरना दिया जाएगा। दरअसल, सिख बंदियों की रिहाई की मांग को लेकर कौमी इंसाफ मोर्चा के सदस्यों द्वारा आज लाडोवाल टोल प्लाजा पर 11 बजे से 3 बजे तक धरना लगाया जा रहा है। मोर्चा नेताओं का कहना है कि धरने के दौरान किसी भी वाहन चालक से टोल टैक्स नहीं वसूला जाएगा। कौमी इंसाफ मोर्चा के सदस्यों ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार पिछले कई वर्षों से सिख बंदियों की रिहाई को लेकर कोई ठोस फैसला नहीं ले रही है। इसी के विरोध में आज कौमी इंसाफ मोर्चा और उसके सहयोगी संगठनों द्वारा पंजाब के सभी टोल प्लाजा पर धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है। धरने के चलते कई स्थानों पर यातायात प्रभावित होने की संभावना है, वहीं प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी से 23वीं मौत, 13 मरीज ICU में, 3 वेंटिलेटर पर

इंदौर  इंदौर के भागीरथपुरा इलाके में दूषित पानी से फैली बीमारी का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है. सोमवार को एक ही दिन में दो और लोगों की मौत हो गई, जिससे इस मामले में अब तक मौतों का आंकड़ा बढ़कर 23 तक पहुंच गया है. मृतकों की पहचान 59 वर्षीय कमलाबाई और 64 वर्षीय भगवान दास सबनानी के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, दोनों ही मरीज पिछले करीब 10 दिनों से अस्पताल में भर्ती थे. उन्हें उल्टी-दस्त और तेज कमजोरी की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था. इलाज के दौरान उनकी हालत लगातार गंभीर बनी हुई थी और अब दोनों ने दम तोड़ दिया. हालांकि, इन दोनों मौतों को लेकर अब तक प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. बड़ी संख्या में लोग बीमार भागीरथपुरा क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से दूषित पानी की सप्लाई के कारण बड़ी संख्या में लोग बीमार पड़े हैं. स्थानीय लोगों का आरोप है कि नर्मदा पाइपलाइन में ड्रेनेज का गंदा पानी मिल जाने से यह स्थिति बनी है. इसके बाद इलाके में उल्टी, दस्त, बुखार और पेट दर्द के मामलों में अचानक बढ़ोतरी देखने को मिल रही है. इस स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने क्षेत्र में पानी की सप्लाई को बंद कर दिया था और वैकल्पिक रूप से टैंकरों के जरिए स्वच्छ पानी उपलब्ध कराया जा रहा है. इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर सर्वे कर रही हैं और बीमार लोगों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया जा रहा है. अस्पतालों में एक्सट्रा बेड और डॉक्टरों की व्यवस्था भी की गई है. प्रशासन की तैयारियों पर सवाल उठे पानी के सैंपलों की जांच में खतरनाक बैक्टीरिया पाए जाने की पुष्टि पहले ही हो चुकी है, जिसके बाद पूरे इलाके में अलर्ट घोषित किया गया. इसके बावजूद लगातार सामने आ रही मौतों ने प्रशासन की तैयारियों और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने प्रशासन से मांग की है कि मृतकों के परिजनों को जल्द मुआवजा दिया जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए स्थायी समाधान किया जाए. वहीं, लोग अब भी दहशत के साये में जीने को मजबूर हैं और प्रशासन से साफ और पारदर्शी जानकारी की मांग कर रहे हैं.

मंत्री सिंह ने राष्ट्रीय युवा दिवस पर कहा, बच्चों को सही दिशा देने और उनकी छिपी प्रतिभा पहचानने का है यह दिन

राष्ट्रीय युवा दिवस बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभा को पहचानने, उन्हें सही दिशा देने और जिम्मेदार नागरिक बनाने का अवसर है : मंत्री सिंह नरसिंहपुर जिले के राव रुक्मणीदेवी पब्लिक स्कूल में आयोजित सूर्य नमस्कार कार्यक्रम में हुए शामिल विद्यार्थियों के साथ किया सामूहिक सूर्य नमस्कार राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में प्रदेश भर में मनायी गया स्वामी विवेकानंद जी की जयंती नरसिंहपुर  प्रदेश भर में सोमवार को स्वामी विवेकानंद की 163वीं जयंती राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनायी गयी। इस अवसर पर प्रदेश के सभी स्कूलों में सामूहिक सूर्य नमस्कार का कार्यक्रम हुआ। स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह सोमवार को नरसिंहपुर जिले के राजमार्ग स्थित राव रुक्मणीदेवी पब्लिक स्कूल में आयोजित सूर्य नमस्कार कार्यक्रम में शामिल हुए और विद्यार्थियों के साथ सामूहिक सूर्य नमस्कार व योग किया। इस अवसर उपस्थित जनों ने स्वामी विवेकानंद के रिकॉर्डेड संदेश और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के रेडियो के माध्यम से प्रसारित किए गए संदेश का प्रसारण भी सुना। मंत्री सिंह ने विद्यार्थियों को योग के माध्यम से स्वस्थ्य रहने और स्वामी विवेकानंद के आदर्शों पर चलने की बात कही। उन्होंने कहा कि जब तक बच्चों को अपने महापुरुषों के विचारों से नहीं जोड़ा जाएगा, तब तक उनमें आत्मविश्वास, चरित्र निर्माण और राष्ट्रप्रेम की भावना पूर्ण रूप से विकसित नहीं हो सकती। राष्ट्रीय युवा दिवस बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभा को पहचानने, उन्हें सही दिशा देने और जिम्मेदार नागरिक बनाने का अवसर है। इसलिए आज का दिन केवल मनाने का नहीं, बल्कि स्वामी विवेकानंद की शिक्षाओं को बच्चों के जीवन में उतारने का संकल्प लेने का दिन है। स्वामी विवेकानंद दुनिया के ऐसे युवा सन्यासी थे, जिन्होंने अल्पायु में ही अपने विचारों, चरित्र और ओजस्वी वाणी से विश्वभर में भारत का नाम रोशन किया। उन्होंने यूरोप और अमेरिका जैसे देशों में भारत की आध्यात्मिक परंपरा, वेदांत और मानवता का संदेश पहुंचाया। उन्होंने यह सिद्ध किया कि भारत केवल भौगोलिक इकाई नहीं, बल्कि ज्ञान, संस्कृति और आत्मबल की भूमि है। मातृभाषा के सम्मान और भारतीय मूल्यों की दृढ़ता के साथ उन्होंने “उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो जाए” का अमर संदेश दिया। मंत्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मैं हृदय से धन्यवाद देता हूं, जिनके नेतृत्व में देश में नवाचार हुए, आत्मनिर्भरता आयी और प्रगति के राह पर देश अग्रसर है। उनके नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी सशक्त पहचान बनाई है और युवा शक्ति को नई दिशा मिली है। प्रधानमंत्री मोदी ने योग को केवल भारत तक सीमित न रखते हुए, उसे संपूर्ण विश्व की जीवनशैली के रूप में स्थापित किया। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुरुआत कर उन्होंने स्वामी विवेकानंद के उस विचार को साकार किया, जिसमें शरीर, मन और आत्मा के समन्वय की बात कही गई थी। आज योग विश्वभर में भारत की सांस्कृतिक धरोहर और शांति संदेश का प्रतीक बन चुका है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में हर जिले में युवा दिवस का कार्यक्रम हुआ स्कूल शिक्षा मंत्री सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश के हर जिले में युवा दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि आज हम राष्ट्रीय युवा दिवस मना रहे हैं, लेकिन यह केवल एक औपचारिक दिवस न होकर उसके महत्व और उद्देश्य की जानकारी बच्चों तक पहुंचना अत्यंत आवश्यक है। बच्चों को यह समझना चाहिए कि राष्ट्रीय युवा दिवस क्यों मनाया जाता है और इसके पीछे स्वामी विवेकानंद के जीवन, विचार और आदर्श क्या हैं। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।  

राजस्थान के पूर्व मंत्री महेंद्रजीत सिंह मालवीय ने छोड़ी भाजपा

जयपुर. राजस्थान के आदिवासी नेता महेंद्रजीत सिंह मालवीय भाजपा छोड़कर दोबारा कांग्रेस में शामिल होने जा रहे हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने दावा किया कि पिछली सरकार में मंत्री रहे महेंद्रजीत सिंह मालवीय ने भाजपा छोड़ दी है। डोटासरा के अनुसार, महेंद्रजीत सिंह मालवीय ने स्वीकार किया है कि कांग्रेस छोड़कर भाजपा में जाना उनकी एक ऐतिहासिक गलती थी। कांग्रेस प्रदेश गोविंद सिंह डोटासरा ने रविवार को दावा किया कि महेंद्रजीत सिंह मालवीय ने BJP छोड़ दी है। उन्होंने बताया कि पिछले कांग्रेस सरकार में मंत्री रहे मालवीय ने पार्टी के शीर्ष नेताओं से मुलाकात की है और फिर से शामिल होने के लिए पत्र लिखा है। भाजपा में जाना ऐतिहासिक गलती गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि महेंद्रजीत सिंह ने साफ किया है कि कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होना एक ऐतिहासिक गलती थी। महेंद्रजीत का अनुरोध अनुशासन समिति को भेज दिया गया है। समित के फैसले के बाद आगे का निर्णय लिया जाएगा। डोटासरा ने यह भी दावा किया कि मालवीय का कहना है कि कांग्रेस ने हमेशा उनको सम्मान दिया है। भाजपा में तो उनको घुटन महसूस हो रही थी। मालवीय कांग्रेस की नीतियों में यकीन रखते हैं। मालवीय ने भाजपा से इस्तीफा दे दिया है। लोकसभा चुनाव में ज्वाइन की थी भाजपा राजस्थान के वागड़ क्षेत्र से आने वाले आदिवासी नेता महेंद्रजीत सिंह मालवीय 2024 के लोकसभा चुनावों के दौरान बीजेपी में शामिल हुए थे। उन्होंने बांसवाड़ा लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा था लेकिन BAP कंडिडेट राजकुमार रोत से हार गए थे। सरकार पर साधा निशाना रिपोर्ट के मुताबिक, कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक के बाद मालवीय ने संवाददाताओं से कहा कि सूबे में भाजपा की सरकार होने के बाद भी वह लोगों के लिए काम नहीं करवा पा रहे थे। मौजूदा राज्य सरकार में कोई ऐसा नहीं है जो गरीबों की बात सुने। मैंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को कई बार लेटर लिखा लेकिन समस्याओं का कोई समाधान नहीं निकल सका है। मेरा मानना है कि केवल कांग्रेस ही जनता का भला कर सकती है।