samacharsecretary.com

टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान पर शानदार जीत के बाद मुंबई लौटे विराट-अनुष्का

 एयरपोर्ट पर एक्ट्रेस के ‘नो-मेकअप’ लुक और सादगी ने जीता फैंस का दिल मुंबई, आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान के खिलाफ टीम इंडिया की 61 रनों की ऐतिहासिक जीत के बाद स्टार क्रिकेटर विराट कोहली और बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा को मुंबई एयरपोर्ट पर स्पॉट किया गया। जीत के शोर-शराबे से दूर यह पावर कपल बेहद शांत और सहज अंदाज में नजर आया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में अनुष्का शर्मा सफेद कॉटन सूट, गले में तुलसी की माला और माथे पर छोटी सी बिंदी लगाए दिख रही हैं। उनके इस पारंपरिक और ‘नो-मेकअप’ लुक की फैंस जमकर तारीफ कर रहे हैं, जो उनकी आध्यात्मिक जीवनशैली की झलक पेश करता है। विराट कोहली भी अपनी पत्नी के साथ मैचिंग सादगी में नजर आए। उन्होंने बेहद आरामदायक लूज पैंट्स और कैजुअल शर्ट पहनी हुई थी। मैदान पर आक्रामक दिखने वाले विराट एयरपोर्ट पर काफी कूल और रिलैक्स्ड मूड में दिखे। पैपराजी के कैमरों को देखकर भी दोनों ने अपनी गोपनीयता बनाए रखी और बिना किसी तामझाम के अपनी कार की ओर बढ़ गए। विराट का यह कैजुअल अवतार दर्शाता है कि वे अब प्रोफेशनल लाइफ के साथ-साथ अपनी निजी जिंदगी के सुकून और आरामदायक पलों को कितनी अहमियत देते हैं। विराट और अनुष्का इन दिनों अपनी प्राइवेसी को लेकर काफी सतर्क रहते हैं। अनुष्का अपना अधिकांश समय लंदन में बच्चों, वामिका और अकाय के साथ बिता रही हैं और ग्लैमर की दुनिया से दूर आध्यात्मिक गतिविधियों में रुचि ले रही हैं। एयरपोर्ट पर स्पॉट किए गए इस वीडियो ने एक बार फिर साबित कर दिया कि यह कपल दिखावे की जगह सादगी और पारिवारिक शांति को प्राथमिकता देता है। फैंस के बीच यह वीडियो तेजी से शेयर किया जा रहा है, जिसमें लोग टीम इंडिया की जीत के साथ-साथ इस कपल की बॉन्डिंग और सादगी की भी सराहना कर रहे हैं।  

मोगा रैली के बाद सियासी हलचल, भगवंत मान सरकार में दो डिप्टी CM के ऐलान की चर्चा

चंडीगढ़ पंजाब के मोगा में आम आदमी पार्टी की आज बड़ी रैली है। इस रैली से ठीक पहले रविवार को भगवंत मान बीमार हो गए थे और उन्हें चंडीगढ़ के एक निजी अस्पताल में एडमिट कराया गया था। चर्चा थी कि शायद वह मोगा की मेगा रैली में शामिल नहीं हो पाएंगे और उसमें अरविंद केजरीवाल ही चीफ गेस्ट के नाते मौजूद रहेंगे। इसके अलावा फाइनेंस मिनिस्टर हरपाल चीमा के शामिल होने के ही कयास थे। इस बीच भगवंत मान ने खुद पुष्टि की है कि वह मोगा रैली में रहेंगे। उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है और वह कार्यक्रम में रहेंगे। आम आदमी पार्टी के सूत्रों का कहना है कि इस रैली में करीब 50 हजार लोग मौजूद रह सकते हैं। यह रैली ऐसे समय में हो रही है, जब राज्य सरकार की कैबिनेट में फेरबदल की चर्चा है। कयास लगाए जा रहे हैं कि मोगा रैली के बाद पार्टी ने एक बड़ी मीटिंग बुलाई है और इसी में दो डिप्टी सीएम बनाए जाने का भी ऐलान हो सकता है। इस बैठक में सभी AAP विधायकों और हलका प्रभारियों को भी बुलाया गया है। खासतौर पर हाल ही में बनाई गईं विलेज डिफेंस कमेटी के सदस्य भी रहेंगे। इस बैठक को मनीष सिसोदिया संबोधित कर सकते हैं। चर्चाएं तेज हैं कि रैली के बाद इसी बैठक में कोई बड़ा फैसला हो सकता है। संभावना है कि इसका ऐलान भी कर दिया जाए। हाई ब्लड प्रेशर से बढ़ी परेशानी, कराना पड़ा अस्पताल में एडमिट आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल के साथ रविवार को सीएम भगवंत मान कई आयोजनों में शामिल हुए थे। इसी दौरान उन्हें बेचैनी महसूस हुई और फिर तुरंत चंडीगढ़ ले जाया गया। अब तक मिली जानकारी के अनुसार हाई ब्लड प्रेशर के चलते उन्हें ये दिक्कतें आईं। अस्पताल की ओर से मिली जानकारी के अनुसार भगवंत मान की सेहत में कोई ज्यादा समस्या नहीं है। उनकी हालत स्थिर है और ज्यादात टेस्ट सामान्य आए हैं। भगवंत मान संगरूर में महाशिवरात्रि से जुड़े आयोजनों में शामिल हो रहे थे। कैबिनेट में फेरबदल की चर्चा, चुनाव में बचा है बस एक साल इस दौरान अरविंद केजरीवाल भी साथ थे। तभी उनकी तबीयत खराब हुई और वह बेचैनी महसूस करने लगे। भगवंत मान की सेहत ऐसे समय में खराब हुई, जब राज्य में दो उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की चर्चाएं जोरों पर हैं। कयास हैं कि मोगा रैली के बाद कुछ ऐलान होगा। इसके अलावा कैबिनेट फेरबदल में भी कुछ बदलाव दिख सकते हैं। चर्चा है कि किसी ऐसे नेता को भी डिप्टी के तौर पर जिम्मेदारी मिल सकती है, जो फिलहाल भगवंत मान सरकार का हिस्सा भी नहीं है।  

इंडियन फुटबॉल लीग का काउंटडाउन शुरू, 27 फरवरी से मैदान में उतरेगी टीमें

नई दिल्ली अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) ने रविवार को घोषणा की कि इंडियन फुटबॉल लीग (आईएफएल) 2025-26 सत्र की शुरुआत अब 27 फरवरी से होगी। एआईएफएफ ने लीग का कार्यक्रम भी जारी कर दिया है। यह सत्र पहले 21 फरवरी से शुरू होना था, लेकिन अब इसे छह दिन आगे बढ़ा दिया गया है। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार 27 फरवरी को दो मुकाबले खेले जाएंगे। शुरुआती दिन नामधारी एफसी का सामना आईजोल एफसी से होगा, जबकि चनमारी एफसी की भिड़ंत गोकुलम केरल एफसी से होगी। क्लबों के प्रस्ताव के अनुसार 2025-26 सत्र दो चरणों में खेला जाएगा। पहले चरण में 10 भाग लेने वाले क्लब राउंड-रॉबिन प्रारूप में मुकाबले खेलेंगे। दूसरे चरण में टीमों को दो समूहों में विभाजित किया जाएगा। पहले चरण में शीर्ष पांच टीमें चैम्पियनशिप राउंड में पहुंचेंगी, जबकि नीचे की पांच टीमें केंद्रीकृत रेलिगेशन राउंड में प्रतिस्पर्धा करेंगी।  

ई-30 ऑप्स की बड़ी कामयाबी: जंगल में छिपाए गए SLR, इंसास समेत कई हथियार बरामद

गरियाबंद जिले के थाना मैनपुर अंतर्गत ग्राम बड़ेगोबरा के सातमारी पहाड़ी क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए माओवादियों द्वारा डंप किए गए स्वचालित हथियारों को बरामद किया है। यह महत्वपूर्ण सफलता जिला पुलिस बल गरियाबंद की ई-30 ऑप्स टीम को मिली है। जानकारी के अनुसार, जनवरी 2026 में गरियाबंद में आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटे माओवादियों से गहन पूछताछ के दौरान यह सूचना मिली थी कि प्रतिबंधित संगठन सीपीआई (माओवादी) की ओडिशा राज्य कमेटी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा सातमारी पहाड़ी में हथियार डंप किए गए हैं। इस सूचना के आधार पर, स्थान की पहचान कर 16 फरवरी 2026 को जिला मुख्यालय से ई-30 ऑप्स टीम को रवाना किया गया। नक्सली डंप बरामद सघन सर्च अभियान के दौरान, पुलिस टीम ने पहाड़ी क्षेत्र से दो एसएलआर, एक इंसास राइफल, 12 बोर बंदूक, तीन एसएलआर मैगजीन, एक इंसास मैगजीन और 28 जिंदा कारतूस बरामद किए। पुलिस के अनुसार, ये हथियार डीजीएन डिवीजन द्वारा डंप किए गए थे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस बरामदगी से गरियाबंद क्षेत्र में संभावित नक्सली हिंसा की आशंकाओं को काफी हद तक निष्प्रभावी कर दिया गया है। जिला पुलिस द्वारा वर्ष 2024 से संचालित नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत 26 जनवरी से पहले धमतरी-गरियाबंद-नुआपाड़ा डिवीजन के सूचीबद्ध सक्रिय माओवादियों को आत्मसमर्पण या निष्क्रिय करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की गई। वर्ष 2024 से 2026 तक की प्रमुख उपलब्धियों में मुठभेड़ में 31 माओवादियों का मारा जाना, 29 नक्सलियों का आत्मसमर्पण, 73 हथियार, 62,50,000 रुपये नकद और भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री की बरामदगी शामिल है। जिला पुलिस बल ने स्पष्ट किया है कि नक्सल उन्मूलन अभियान निरंतर जारी रहेगा और क्षेत्र में शांति व सुरक्षा बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे।  

शाहिद कपूर की फ़िल्म ‘ओ रोमियो’ ने भारतीय बाजार में तीन दिनों में 30 करोड़ की कमाई की

मुंबई,  बॉलीवुड स्टार शाहिद कपूर की फिल्म 'ओ रोमियो' ने भारतीय बाजार में वीकेंड के दौरान तीन दिनों में 30 करोड़ रूपये से अधिक की कमाई कर ली है। विशाल भारद्वाज निर्देशित फिल्म ओ रोमियो में शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी लीड रोल में हैं। उनके साथ नाना पाटेकर, विक्रांत मैसी, तमन्ना भाटिया, फरीदा जलाल और अविनाश तिवारी जैसे कलाकार भी हैं।फिल्म ओ रोमियो के निर्माता साजिद नाडियाडवाला हैं। इस फिल्म को नाडियाडवाला ग्रैंडसन एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनाया गया है। यह फिल्म 13 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई है। शाहिद कपूर और विशाल भारद्वाज पहले साथ में फिल्म 'कमीने' (2009), 'हैदर' (2014) और 'रंगून' (2017) में काम कर चुके हैं। बॉक्स ऑफिस ट्रैकर सैकनिल्क के आंकड़ों के अनुसार, पहले दिन ओ रोमियो ने भारतीय बाजार में 8.5 करोड़ की कमाई की थी। दूसरे दिन फ़िल्म ने 12.65 करोड़ कमाई और तीसरे दिन 09 करोड़ की कमाई की। इस तरह फ़िल्म ओ रोमियो ने भारतीय बाजार में 30 करोड़ रूपये से अधिक की कमाई कर ली है।  

बिहार में नई इंडस्ट्रियों के लिए ऊर्जा विभाग ने की 838 मेगावाट बिजली रिजर्व

पटना. बिहार में नए उद्योग लगाने को लेकर सरकार की तरफ से कई योजनाएं लाई जा रही हैं. अगर राज्य में नए उद्योग स्थापित होंगे तो उसके लिए बिजली की भी जरूरत होगी. ऐसे में बिहार के नए इंडस्ट्रियों के लिए 838 मेगावाट की बिजली रिजर्व की गई है. जानकारी के मुताबिक, सरकार की तरफ से उद्योगपतियों के साथ समझौते भी किए जा रहे हैं. क्या कहना है बिजली कंपनी के अधिकारियों का? बिजली कंपनी मुख्यालय के अधिकारियों की माने तो, इस साल लगभग 9602 मेगावाट की बिजली डिमांड की जा सकती है. राज्य में लगने वाले इंडस्ट्रियों को स्मूथ बिजली मिले, इसको लेकर ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन लाइन का विस्तार करने पर ध्यान दिया जा रहा है. अभी की बात करें तो, 175 ग्रिड उपकेंद्रों से बिजली सप्लाई के लिए 21,165 किलोमीटर का ट्रांसमिशन नेटवर्क है. इसकी क्षमता बढ़ाने के लिए करीब 16 नए ग्रिड उपकेंद्र का निर्माण जारी है. 2026-27 में बिजली की उपलब्धता जानकारी के मुताबिक, ज्यादातर बड़े इंडस्ट्रियों में 33 केवी और 11 केवी पर बिजली की सप्लाई की जाती है. इसके लिए ट्रांसमिशन लाइन की नेटवर्क क्षमता को बढ़ाने पर काम किया जा रहा है. इसके साथ ही साल 2025-26 में बिजली की उपलब्धता 9237 मेगावाट थी, जो साल में 2026-27 में बढ़कर 10,440 मेगावाट हो गई है. इन जगहों से मिल रही ज्यादातर बिजली जिन जगहों से बिजली की मुख्य रूप से आपूर्ति हो रही है, उनमें एनटीपीसी (6996 मेगावाट), लखीसराय के कजरा (185 मेगावाट) और चौसा भी शामिल है. राज्य में बिजली की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए चौसा बिजली घर के दूसरे यूनिट को चालू किया जाएगा. इसके साथ ही नवीनगर स्टेज-2 के तीन नए यूनिट का निर्माण और पीरपैंती में भी निर्माण कार्य तेजी से जारी है. 

डलास ओपन: बेन शेल्टन ने टेलर फ्रिट्ज़ को हराकर जीता खिताब

डलास अमेरिकी टेनिस खिलाड़ी बेन शेल्टन ने शानदार वापसी करते हुए रविवार रात हमवतन टेलर फ्रिट्ज़ को 3-6, 6-3, 7-5 से हराकर डलास ओपन का खिताब अपने नाम कर लिया। यह 23 वर्षीय बाएं हाथ के खिलाड़ी का करियर का चौथा एटीपी खिताब है। फाइनल मुकाबला पूरी तरह रोमांच से भरा रहा। निर्णायक सेट में शेल्टन ने तीन मैच प्वाइंट बचाते हुए जबरदस्त मानसिक मजबूती दिखाई और फ्रिट्ज़ की सर्विस तोड़कर जीत पक्की की। 28 वर्षीय फ्रिट्ज़ मुकाबले में अधिक अनुभवी नजर आ रहे थे, लेकिन अहम मौकों पर शेल्टन ने बाजी पलट दी। मुकाबले की शुरुआत में फ्रिट्ज़ ने लगभग बेदाग सर्विस गेम के दम पर दबदबा बनाया। 11 विनर्स लगाते हुए उन्होंने महज 26 मिनट में पहला सेट 6-3 से जीत लिया। वह अपने करियर के 11वें एटीपी टूर खिताब की ओर बढ़ते दिख रहे थे। पहला सेट गंवाने के बाद शेल्टन ने संयम बनाए रखा। उन्होंने बेहतरीन सर्विस करते हुए 10 ऐस जमाए और लंबी रैलियों में अंक हासिल कर लय वापस पाई। फ्रिट्ज़ की कुछ गलतियों का फायदा उठाकर शेल्टन ने 5-3 की बढ़त बनाई और मजबूत सर्विस गेम के साथ मैच बराबरी पर ला दिया। तीसरे सेट में फ्रिट्ज़ ने 5-4 पर सर्विस ब्रेक कर तीन मैच प्वाइंट हासिल किए, लेकिन शेल्टन ने दबाव में शानदार खेल दिखाते हुए सभी मैच प्वाइंट बचा लिए। स्कोर 5-5 होने के बाद उन्होंने फ्रिट्ज़ की सर्विस फिर तोड़ी और अगला गेम जीतकर खिताब अपने नाम कर लिया। मैच के बाद शेल्टन ने कहा, “टेलर को बधाई, यह पागलपन भरा मुकाबला था। इस साल आपने जिस तरह मुश्किलों और चोटों से उबरकर खेल दिखाया है, वह प्रेरणादायक है।” यह जीत शेल्टन के लिए बड़ी वापसी भी है। पिछले महीने वह ऑस्ट्रेलियन ओपन के क्वार्टर फाइनल में जैनिक सिनर से हार गए थे, लेकिन डलास में उन्होंने दमदार प्रदर्शन कर अपनी फॉर्म साबित कर दी।  

जयपुर में ड्रग्स माफिया के दो मंजिला अवैध मकान पर चला बुलडोजर

जयपुर. जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने ड्रग्स माफिया के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम बगराना में अवैध रूप से बने दो मंजिला मकान को ध्वस्त कर दिया। यह निर्माण जेडीए स्वामित्व की नाले की भूमि पर किया गया था। सोमवार सुबह जेडीए की प्रवर्तन शाखा की टीम भारी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से अवैध ढांचे को गिरा दिया। प्राधिकरण अधिकारियों के अनुसार, संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। मीरा सांसी, विजेंद्र उर्फ विजय सांसी, लक्की उर्फ राहुल सांसी, महेंद्र सांसी और विक्की सांसू के विरुद्ध मादक पदार्थों की तस्करी सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज हैं। इन सभी के खिलाफ कानोता थाना में कुल 23 मामले दर्ज हैं। जेडीए अधिकारियों का कहना है कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा। स्थानीय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में अवैध निर्माण और माफिया गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

नशे के खिलाफ मोगा में बड़ी रैली, भगवंत मान के पहुंचने की संभावना; समर्थकों से की अपील

चंडीगढ़ पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान मोगा में आयोजित 'एंटी-ड्रग' मेगा रैली में शामिल हो सकते हैं। रविवार शाम को थकान महसूस होने के बाद उनको मोहाली के एक निजी अस्पताल ले जाया गया था। पंजाब सरकार के 'युद्ध नशे विरुद्ध' कैंपेन के तहत होने वाली 'एंटी-ड्रग रैली' में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और भगवान मान सरकार के सभी कैबिनेट मंत्री मौजूद रहेंगे। अस्पताल में भर्ती होने के कारण मुख्यमंत्री भगवंत मान के इस कार्यक्रम में शामिल नहीं होने की चर्चाएं थीं। हालांकि, कार्यक्रम से पहले सीएम मान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "आम आदमी पार्टी आज मोगा के पास किल्ली चहलां गांव में एक बड़ी रैली कर रही है, मिलते हैं दोस्तों।" इससे पहले, मुख्यमंत्री का ब्लड प्रेशर बढ़ने पर उन्हें धुरी शहर से फोर्टिस हॉस्पिटल ले जाया गया। फोर्टिस हॉस्पिटल की ओर से रविवार को जारी एक बयान में कहा गया, "मुख्यमंत्री भगवंत मान 15 फरवरी को रूटीन मेडिकल जांच के लिए मोहाली अस्पताल गए। उनका पूरा क्लिनिकल असेसमेंट और स्टैंडर्ड डायग्नोस्टिक जांच हुई। सभी जरूरी पैरामीटर स्थिर हैं और नॉर्मल लिमिट में हैं। उन्हें अभी थकान महसूस हो रही है और उन्हें ऑब्जर्वेशन और सपोर्टिव केयर के लिए भर्ती कराया गया है। उनकी हालत स्थिर है और वे एक मल्टीडिसिप्लिनरी मेडिकल टीम की देखरेख में हैं।" पंजाब सरकार ने ड्रग्स के खिलाफ कई महीनों पहले अभियान शुरू किया था। पंजाब 'आप' ने 'युद्ध नशे विरुद्ध' को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "पंजाब की नशा मुक्ति की जंग 'युद्ध नशे विरुद्ध' ने न सिर्फ कई घरों को बर्बाद होने से बचाया है, बल्कि ड्रग डीलरों के खिलाफ अच्छी कार्रवाई करके नशे के काले धंधे को भी रोका है। मान सरकार की यह जंग पंजाब से ड्रग्स के पूरी तरह खत्म होने तक ऐसे ही जारी रहेगी।"

रोमांचक मुकाबले में जयपुर पोलो टीम बनी चैंपियन, कैरीसिल सुहाना को दी मात

जयपुर जयपुर पोलो टीम ने शानदार परफॉर्मेंस देते हुए कैरीसिल सुहाना को 14-10 से हराया और रैफल्स सिरमौर कप जीता। इस तरह छह चक्करों में अटैकिंग दबदबे और लगातार नियंत्रण के साथ सीजन का अपना आठवां खिताब जीता। कैरीसिल सुहाना ने तेज शुरुआत की, शुरुआती दबाव बनाया और तेजी से हुए बदलावों का फायदा उठाते हुए पहले चक्कर के आखिर में 3-1 की बढ़त बना ली। जयपुर ने दूसरे चक्कर में फिर से टीम बनाई, पजेशन में बेहतर रिदम पाया और अपने रक्षा कवच को मजबूत किया, लेकिन कैरीसिल ने हाफटाइम तक 4-3 की बढ़त बनाए रखी। टर्निंग पॉइंट तीसरे चक्कर में आया। जयपुर ने जोरदार तरीके से गियर बदला। तेजी से बॉल मूवमेंट और तेज तर्रार फॉरवर्ड प्ले से कई गोल किए। लांस वॉटसन ने गोल के सामने क्लिनिकल प्रिसिजन के साथ चार्ज का नेतृत्व किया, जिसमें मैनुअल फर्नांडीज लोरेंटे का अच्छा साथ मिला। तीसरे चक्कर के आखिर तक, जयपुर 8-6 से आगे हो गया था, और उसने अपने दम पर कमी को पूरा किया। चौथे चक्कर में दोनों टीमें एक तकनीकी लड़ाई में उलझी हुई थीं, जिसमें रक्षात्मक अनुशासन हावी रहा और स्कोर 8-6 पर ही रहा। हालांकि, जयपुर ने संयम और नियंत्रण बनाए रखा और धीरे-धीरे गेम पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली। पांचवें चक्कर में, जयपुर ने अपनी बढ़त काफी बढ़ा ली। लगातार दबाव और तेज फिनिशिंग ने उन्हें बढ़त 11-6 तक पहुंचा दी, और ट्रॉफी पर उनका एक हाथ मजबूती से था। कैरीसिल सुहाना ने आखिरी पीरियड में मटियास वायल और मैनुअल प्राडो की कड़ी मेहनत से वापसी की, जिससे अंतर कम हो गया, लेकिन जयपुर की अटैकिंग गहराई ने यह पक्का किया कि वे मुकाबला 14-10 से जीत लें। लांस वॉटसन ने नौ गोल करके शानदार परफॉर्मेंस दी, जिससे जयपुर का अटैकिंग दबदबा बना रहा। मैनुअल फर्नांडीज लोरेंटे ने चार जरूरी गोल किए, जबकि जयपुर के महाराजा सवाई पद्मनाभ सिंह ने एक गोल किया। टीम ने अनुभव, तकनीकी अनुशासन और आक्रामक अंदाज को मिलाकर रैफल्स सिरमौर कप में जीत हासिल की और इस शानदार सीजन का अपना आठवां खिताब जीता।