samacharsecretary.com

‘फिर होगा 26/11 जैसा हमला’—पहलगाम के मास्टरमाइंड का जहरीला बयान, बढ़ी चिंता

नई दिल्ली बीते साल मई महीने में भारत ने ऑपरेशन सिंदूर चलाकर जिस तरह आतंकियों को करारा सबक सिखाया था, उससे आतंकी सरगना अब तक बौखलाए हुए हैं। है। हाल ही में इसके सबूत देखने को मिले हैं। पहलगाम हमले के कथित मास्टरमाइंड और लश्कर-ए-तैयबा के नंबर दो के कमांडर सैफुल्लाह कसूरी ने एक बार फिर भारत के खिलाफ जहर उगला है। इस दौरान उसने भारत में 26/11 जैसे हमले की धमकी भी दी है। बता दें कि पिछले साल 22 अप्रैल को आतंकियों ने पहलगाम में स्थित खूबसूरत बैसरन की घाटी में 26 लोगों की निर्मम हत्या कर दी थी। आतंकियों ने इस दौरान लोगों को धर्म पूछकर उनपर गोलियां बरसाईं थीं। इस हमले का मास्टरमाइंड कसूरी को ही माना जाता है। कसूरी अक्सर अपनी भारत विरोधी बयानबाजियों के लिए जाना जाता है। रिपोर्ट में बताया है कि हाल ही में सैफुल्लाह कसूरी ने 2008 के मुंबई हमले की याद दिलाते हुए एक चेतावनी दी है। इसमें उसने समुद्री रास्ते से भारत में फिर से 26/11 जैसा हमला करने की धमकी दी है। वीडियो में, कसूरी कहता है कि पाकिस्तान ने 2025 में हवा पर कब्जा कर लिया था और अब 2026 में वे समुद्र पर कब्जा कर लेंगे। कथित तौर पर कसूरी ने कहा कि जमीन, हवा या समुद्र, दुश्मन के लिए कोई जगह नहीं बचेगी। वीडियो में कसूरी मुरीदके और बहावलपुर पर भारत के किए हमलों से बहुत बौखलाया लग रहा है। कसूरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चेतावनी देते हुए भारत पर वॉटर टेररिज्म का आरोप लगाया, और धमकी दी कि कश्मीर पर दबाव का जवाब बलूचिस्तान समेत दूसरी जगहों पर अशांति से दिया जाएगा।  

निवेश, उद्योग और रोजगार पर फोकस, मजबूत होगी छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था

रायपुर वाणिज्य उद्योग एवं श्रम मंत्री  लखन लाल देवांगन ने मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रस्तुत राज्य के वर्ष 2026-27 के बजट संकल्प 2026-27 को छत्तीसगढ़ को विकसित एवं आत्मनिर्भर राज्य बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक, संतुलित एवं दूरदर्शी बजट बताया है। उन्होंने इस जनोन्मुखी एवं विकासपरक बजट के लिए वित्त मंत्री  ओ.पी. चौधरी के प्रति आभार व्यक्त किया है।  देवांगन ने कहा कि 1 लाख 72 हजार करोड़ रुपये के अनुमानित प्रावधान वाला यह बजट राज्य की आर्थिक संरचना को सुदृढ़ करते हुए निवेश, औद्योगिक विस्तार और व्यापक रोजगार सृजन की स्पष्ट कार्ययोजना प्रस्तुत करता है। प्रदेश की लगभग 60 प्रतिशत कार्यशील जनसंख्या को ध्यान में रखते हुए उद्योग एवं सेवा क्षेत्र के विस्तार पर विशेष बल दिया गया है, जिससे प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के व्यापक अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि राज्य की औद्योगिक विकास नीति 2024-30 रोजगार केंद्रित है। विगत वर्ष लगभग 1,000 उद्योगों को उत्पादन प्रमाण पत्र जारी किए गए, जिनके माध्यम से 8 हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश हुआ तथा 15 हजार से अधिक रोजगार के अवसर निर्मित हुए। यह राज्य में निवेश अनुकूल वातावरण एवं औद्योगिक विश्वास का सशक्त संकेत है। उद्योग मंत्री ने बताया कि प्रदेश में 23 नए औद्योगिक क्षेत्रों की स्थापना हेतु 250 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिनमें मटीया (कसडोल), बिरकोनी (महासमुंद), छाती (धमतरी), बनगांव-बी (पत्थलगांव) सहित अन्य क्षेत्र शामिल हैं। नवीन औद्योगिक क्षेत्रों के लिए लैंड बैंक तैयार करने हेतु 200 करोड़ रुपये तथा उद्योगों को अनुदान एवं प्रतिपूर्ति के लिए 750 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जो पूर्व की तुलना में उल्लेखनीय वृद्धि को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि धमतरी जिले के कचना में 17 एकड़ क्षेत्र में प्रदेश की पहली चार मंजिला प्लग-एंड-प्ले फैक्ट्री विकसित की जा रही है, जो सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी। ग्राम तूता, नवा रायपुर अटल नगर में कन्वेंशन सह एक्जिबिशन सेंटर के निर्माण हेतु 25 करोड़ रुपये, भिलाई में व्यावसायिक परिसर हेतु 10 करोड़ रुपये, पटेवा (राजनांदगांव) में इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर 2.0 हेतु 10 करोड़ रुपये तथा नवा रायपुर अटल नगर एवं राजनांदगांव में इंडस्ट्रियल फैसिलिटेशन कॉम्प्लेक्स हेतु 20 करोड़ रुपये का प्रावधान प्रदेश के औद्योगिक अधोसंरचना विकास को नई गति देगा।  देवांगन ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा रायपुर, दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, अहमदाबाद तथा जापान के ओसाका में आयोजित इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रमों के माध्यम से लगभग 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जो छत्तीसगढ़ की औद्योगिक संभावनाओं और वैश्विक विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने आगे कहा कि Ease of Doing Business के अंतर्गत सिंगल विंडो सिस्टम एवं छत्तीसगढ़ जन विश्वास अधिनियम जैसे सुधारात्मक कदमों के माध्यम से शासन उद्योगों के लिए सुगम, पारदर्शी और प्रोत्साहनकारी वातावरण उपलब्ध करा रहा है। वर्ष 2024-25 में उद्योग विभाग का बजट 648 करोड़ रुपये था, जो वर्ष 2026-27 में बढ़कर 1,750 करोड़ रुपये हो गया है। यह वृद्धि राज्य सरकार की उद्योग, निवेश और रोजगार सृजन के प्रति स्पष्ट प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है।  लखन लाल देवांगन ने कहा कि “संकल्प 2026-27” केवल बजट नहीं, बल्कि समावेशी विकास, औद्योगिक प्रगति और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ के निर्माण का ठोस संकल्प है, जो प्रदेश की विकास यात्रा को नई दिशा और नई ऊर्जा प्रदान करेगा।

एथलेटिक्स में सख्ती: डोपिंग टेस्ट से बचने पर पूजा आत्माराम 3 साल के लिए निलंबित

नई दिल्ली एथलेटिक्स इंटीग्रिटी यूनिट (एआईयू) ने खुलासा किया है कि भारत की लंबी दूरी की धाविका पूजा आत्माराम पिछले साल प्रतियोगिता के दौरान होने वाले डोप परीक्षण से पहले घबराकर भाग गई थीं और यह अपराध स्वीकार करने के बाद उन पर चार के बजाय तीन साल का प्रतिबंध लगाया गया है। तीस वर्षीय पूजा 5000 मीटर और 10,000 मीटर स्पर्धाओं में भाग लेती हैं। उन्होंने 2024 में राजस्थान की तरफ से इंडियन ग्रां प्री दो में तीसरा स्थान हासिल किया था, जो उनका अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। पिछले साल 23 नवंबर को मुंबई में इंडियन ऑयल डब्ल्यूएनसी नेवी हाफ मैराथन जीतने के बाद उन्हें डोप टेस्ट के लिए चुना गया था। एआईयू ने अपने फैसले में कहा, ‘‘दौड़ समाप्त होने के तुरंत बाद एक डोपिंग कंट्रोल ऑफिसर (डीसीओ) और एक लीड डीसीओ ने इस एथलीट को मौखिक रूप से डोपिंग टेस्ट के लिए चुने जाने की सूचना दी थी। सूचना मिलने के बाद इस एथलीट ने डोपिंग कंट्रोल फॉर्म (डीसीएफ) पर हस्ताक्षर नहीं किए।’’ मौखिक सूचना मिलने के बाद एथलीट को फिनिश लाइन से डोपिंग कंट्रोल स्टेशन (डीसीएस) तक ले जाने के लिए एक सहायक साथ में था। इसी दौरान एथलीट सहायक से अलग होकर भीड़ में भाग गई। इसमें कहा गया है, ‘‘पर्यवेक्षक ने एथलीट का पता लगाने की कोशिश की और तुरंत सूचित किया कि परीक्षण के लिए चुने जाने की मौखिक सूचना डीसीओ को दिए जाने के बाद एथलीट भाग गई। उन्होंने इस संबंध में दौड़ के निदेशक को भी जानकारी दी।’’ निदेशक ने उनसे फोन पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने किसी भी कॉल का जवाब नहीं दिया। पूजा के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई इसी वर्ष तीन फरवरी को शुरू की गई थी। आरोप की सूचना मिलने के एक सप्ताह के भीतर ही उन्होंने अपने अपराध के लिए माफी मांग ली थी। इसके बाद एआईयू ने उसके चार साल के प्रतिबंध में से एक साल की छूट दी।  

यूथ कांग्रेस पर कार्रवाई से सियासत गरम, राहुल गांधी ने कहा— ‘हम डरने वाले नहीं’

नई दिल्ली एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान 20 फरवरी को भारत मंडपम में हुए विरोध प्रदर्शन के मामल में दिल्ली पुलिस ने भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब समेत कुल 8 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई पर कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पुलिसिया कार्रवाई की आलोचना की है और भारतीय युवा कांग्रेस के साथ एकजुटता जताई है। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने युवा कांग्रेस के सदस्यों को निडर बताया और उनके शांतिपूर्ण विरोध की सराहना की है। एक्स पर राहुल गांधी ने लिखा कि शांतिपूर्ण विरोध हमारी ऐतिहासिक धरोहर है। यह हमारे खून में है और हर भारतीय का लोकतांत्रिक अधिकार है। मुझे युवा कांग्रेस के अपने बब्बर शेर साथियों पर गर्व है, जिन्होंने ‘COMPROMISED PM’ के खिलाफ निडर होकर देश के हित में आवाज उठाई है। उन्होंने आगे कहा कि अमेरिका के साथ हुए ट्रेड डील में देश के हितों से समझौता किया गया है। यह समझौता हमारे किसानों और टेक्सटाइल उद्योग को नुकसान पहुंचाएगा तथा हमारे डेटा को अमेरिका के हाथों में सौंप देगा। इस सच्चाई को देश के सामने रखने के लिए युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब और IYC के अन्य साथियों की गिरफ्तारी तानाशाही प्रवृत्ति और कायरता का प्रमाण है। कांग्रेस पार्टी और मैं अपने बब्बर शेर साथियों के साथ मजबूती से खड़े हैं। सत्ता को सच का आईना दिखाना अपराध नहीं, बल्कि देशभक्ति है। राहुल गांधी ने कहा कि डरो मत, सच और संविधान हमारे साथ हैं। क्या बोले मल्लिकार्जुन खरगे? दूसरी ओर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि युवा आज नौकरी के लिए तड़प रहे हैं और देश का माहौल इतना खराब हो चुका है, उसके कारण मोदी जी के प्रति लोगों में भारी रोष है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सामने घुटने टेक दिए तथा उनकी सारी शर्तों को मान लिया, जिससे पूरा देश शर्मिंदा हो गया। खरगे ने कहा कि जो काम हमारे किसानों की भलाई और मदद के लिए किया जाना चाहिए था, उसकी बजाय किसानों का नुकसान करने की बातचीत की गई। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि इससे यह भी साफ हो गया कि लोग समझते थे कि मोदी जी देश के हित में ट्रंप से बात कर रहे हैं, लेकिन हकीकत में ट्रंप हमें गुलाम बना रहा है और हमें बंधुआ मजदूर बनाने की दिशा में धकेला जा रहा है। यह काम मोदी जी कर रहे हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि कांग्रेस डरने वाली नहीं है और न ही डरपोक है। खरगे ने दावा किया कि मोदी साहब खुद डरपोक हैं। डर के कारण वह संसद में आकर अपनी नीतियों का बचाव भी नहीं कर पाते। इसलिए वह हमें डराने की कोशिश कर रहे हैं, हमारे युवाओं को, हमारे युवा नेताओं को डराने की कोशिश कर रहे हैं। यह नहीं चलेगा। मैं इसकी निंदा करता हूं। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि हमारे देश में लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए जो भी त्याग करना पड़ेगा, हम करेंगे। हम लड़ते रहेंगे और देश को गिरवी रखने वाले लोगों के खिलाफ संघर्ष जारी रखेंगे।  

छत्तीसगढ़ में होली के दिन नहीं खुलेंगी शराब दुकानें, सरकार का बड़ा फैसला

रायपुर छत्तीसगढ़ में होली पर्व को लेकर राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। होली के दिन प्रदेशभर में सभी शराब दुकानें बंद रहेंगी। इस संबंध में छत्तीसगढ़ आबकारी विभाग ने आदेश जारी कर दिया है। जारी आदेश के अनुसार 4 मार्च 2026 को होली त्योहार के अवसर पर पूरे राज्य में शुष्क दिवस (ड्राई डे) घोषित किया गया है। इस दिन देशी-विदेशी मदिरा की सभी फुटकर दुकानें, बार और शराब से संबंधित अन्य प्रतिष्ठान पूर्ण रूप से बंद रहेंगे। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाएगा। किसी भी दुकान के खुले पाए जाने या अवैध रूप से शराब बिक्री करने पर संबंधित संचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने जिला आबकारी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाएं और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर काम करें। होली के मद्देनजर यह कदम सामाजिक शांति और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है, ताकि त्योहार सौहार्द और सुरक्षित वातावरण में मनाया जा सके। प्रदेशवासियों से भी अपील की गई है कि वे नियमों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण और जिम्मेदारी के साथ होली मनाएं।

होली पर सूखा जाम: जानें मार्च में कितने दिन नहीं मिलेगी शराब

नई दिल्ली मार्च त्योहारों का महीना है, यह महिना होली से राम नवमी और ईद-उल-फितर के साथ पूरा होगा। लेकिन, शराब प्रेमीयों के लिए यह महीना थोड़ा सख्त होने वाला है। अगर आप त्योहारों पर शराब के साथ जश्न मनाने का प्लान बना रहे हैं, तो तैयार रहिए इस बार ऐसे मौके काफी सीमित हैं। ड्राई डे क्या है? 'ड्राई डे' का मतलब सिर्फ शराब की बिक्री पर रोक है। रेस्टोरेंट, लग्जरी बार, होटल या कोई भी लाइसेंस्ड दुकान ग्राहकों को शराब नहीं परोस सकती। हालांकि, घर पर पहले से रखी शराब पीना पूरी तरह वैध रहता है। देशभर में होली, दिवाली, गांधी जयंती, अंबेडकर जयंती जैसे बड़े त्योहारों और चुनावी दिनों को ड्राई डे घोषित किया जाता है। इस साल मार्च में कुल पांच दिन शराब नहीं बिकेगी। इनमें प्रमुख त्योहार शामिल हैं: 4 मार्च (बुधवार): होली 21 मार्च (शुक्रवार): ईद-उल-फितर 23 मार्च (सोमवार): शहीद दिवस (केवल महाराष्ट्र में) 26 मार्च (शुक्रवार): राम नवमी 31 मार्च (मंगलवार): महावीर जयंती 2026 के बाकी 'ड्राई डे' मार्च के बाद सालभर में और कई मौके हैं जहां शराब प्रेमियों को इंतजार करना पड़ेगा। 2026 में ड्राई डे की सूची अप्रैल: गुड फ्राइडे (3 अप्रैल) अंबेडकर जयंती (14 अप्रैल) मई: बुद्ध पूर्णिमा व महाराष्ट्र दिवस (1 मई) बकरीद (27 मई) जुलाई: आषाढ़ी एकादशी (25 जुलाई) गुरु पूर्णिमा (29 जुलाई) अगस्त: स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) ईद-ए-मिलाद सितंबर: जन्माष्टमी गणेश चतुर्थी अनंत चतुर्दशी अक्टूबर: गांधी जयंती दशहरा नवंबर: दिवाली (दिल्ली-एनसीआर में) दिसंबर: क्रिसमस (25 दिसंबर) महाराष्ट्र सरकार की सफाई हाल ही में कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि महाराष्ट्र सरकार ने होली, मुहर्रम और गांधी जयंती पर शराब दुकानें खोलने की अनुमति दे दी है। लेकिन राज्य सरकार ने तुरंत सफाई जारी कर इन खबरों को खारिज कर दिया। महाराष्ट्र एक्साइज डिपार्टमेंट ने साफ कहा कि किसी भी त्योहार पर शराब बिक्री की रोक में कोई ढील नहीं दी गई है।  

नेट रन रेट ने ली टीम इंडिया की तकदीर बदलने की ताकत, जानिए कितनी बड़ी जीत जरूरी है

नई दिल्ली टीम इंडिया ने जब जिम्बाब्वे के खिलाफ वेस्टइंडीज की जीत को देखा होगा तो उसकी हालत खराब जरूर हुई होगी, क्योंकि साउथ अफ्रीका का नेट रन रेट टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 के ग्रुप 1 में पहले से ही प्लस में 3.8 था। वहीं, जब वेस्टइंडीज ने जिम्बाब्वे को हराया तो साउथ अफ्रीका भी दूसरे नंबर पर खिसक गई, क्योंकि वेस्टइंडीज का नेट रन रेट प्लस में 5.350 का था। अब टीम इंडिया को अगर पॉइंट्स टेबल में फिलहाल के लिए टॉप 2 में जगह बनानी है तो फिर जिम्बाब्वे को बुरी तरह हराना होगा, जो कि बहुत मुश्किल लग रहा है। पूरा समीकरण क्या है? ये जान लीजिए। दरअसल, टीम इंडिया का पहला लक्ष्य तो ये होगा कि अपने नेगेटिव नेट रन रेट को पॉजिटिव किया जाए। इसके लिए भी राह आसान नहीं है। साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज को नेट रन रेट में पछाड़ने के बारे में तो भारत को सोचना ही बंद कर देना चाहिए। इसके पीछे का कारण ये है कि टीम इंडिया को अपना नेट रन रेट पॉजिटिव में करने के लिए जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए कम से कम 77 रनों की जीत चाहिए। अगर भारतीय टीम रन चेज करती है तो उदाहरण के तौर पर 101 रन उन्हें 7.1 ओवर में चेज करने होंगे। वहीं, 11.3 ओवर में 161 रन और 12.5 ओवर में 181 रनों का टारगेट चेज करना होगा। अगर भारतीय टीम इस चीज में सफल होती है तो सिर्फ टीम का नेट रन रेट प्लस में होगा। टीम पॉइंट्स टेबल में अभी भी तीसरे स्थान पर है, क्योंकि भारतीय टीम का नेट रन रेट माइनस में 3.800 का है। जिम्बाब्वे का -5.350 है। भारतीय टीम जीतकर भी टॉप 2 में नहीं जा पाएगी। भारतीय टीम को दूसरे स्थान पर इस मैच के बाद पहुंचना है तो जिम्बाब्वे को 150 से ज्यादा रनों से हराना होगा। इसके बाद ही नंबर दो की कुर्सी उन्हें मिल सकती है, जो कि टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में बहुत कठिन है। हालांकि, अच्छी बात ये है कि भारत दो बार 150 या इससे ज्यादा रनों से टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में मैच जीत चुका है। एक बार न्यूजीलैंड को भारत ने 168 रनों के विशाल अंतर से हराया हुआ है, जबकि इंग्लैंड को 150 रनों से मात दी हुई है। हालांकि, टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में भारत को एक भी बार 100 रनों से भी जीत नहीं मिली है। मुश्किल काम इस बार इसलिए भी है, क्योंकि चेन्नई में हाई स्कोर नहीं बनते हैं।

एमपी में फिल्मी अंदाज में फरारी: पुलिस को चकमा देकर भागा तस्कर

खरगोन,गोगावां शराब के अवैध परिवहन में कारों का उपयोग आम हो चुका है। ऐसे ही एक मामले में जिले की गोगावां पुलिस को सोमवार रात मुखबीर से सूचना मिली कि मोहम्मदपुर नहर किनारे के कच्चे रास्ते से एक कार से शराब का अवैध परिवहन किया जा रहा है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित मार्ग पर नाकाबंदी की। कुछ देर बाद जब कार आई तो चालक ने पुलिस को देख कार की स्पीड बढ़ा ली और नाकाबंदी तोड़ते हुए भाग निकला। जब पुलिस कार का पीछा करने लगी तो कार चालक नहर किनारे कार खड़ी कर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। जांच करने पर कार से अवैध देशी-विदेशी शराब की कुल 38 पेटियां जब्त की गई। पुलिस को चकमा देने के लिए आरोपित द्वारा नहर किनारे के कच्चे रास्ते का उपयोग किया जा रहा था। वहीं आरोपित द्वारा कार की मूल नंबर प्लेट हटाकर फर्जी नंबर प्लेट लगाई होना पाया गया है। गोगावां थाना प्रभारी दीपक यादव ने बताया कि शराब के अवैध परिवहन की सूचना मिलते ही उच्चाधिकारियों को सूचित किया। एसपी रविंद्र वर्मा के निर्देश पर टीम का गठन कर मुखबीर द्वारा बताए रास्ते पर भेजा गया। मोहम्मदपुर नहर किनारे के कच्चे रास्ते पर कार को रोकने के लिए नाकाबंदी भी की गई। लेकिन कार चालक नाकाबंदी तोड़कर फरार हो गया। पुलिस वाहन ने कार का पीछा किया तो चालक मोहम्मदपुर पेट्रोल पंप के पास नहर किनारे कार छोड़ भाग गया। थाना प्रभारी यादव ने बताया कि कार पर लगी नंबर प्लेट पर एमपी 04 सीझेड 1926 लिखा था। इस आधार पर जांच की गई तो नंबर प्लेट फर्जी पाई गई है। कार के चेचिस नंबर से ज्ञात हुआ है कि कार इंदौर पासिंग है। आगे विवेचना में कार मालिक की जानकारी निकाली जा रही है। पीछे की सीट व डिक्की में भरी थी पेटियां पुलिस टीम द्वारा बैलेनो कार को चेक करने पर उसमें पीछे की सीट व डिक्की में शराब की पेटियां रखी होना पाई गई। इसमें 16 पेटी देशी शराब, 15 पेटी बीयर व 7 पेटी अंग्रेजी शराब की पाई गई। 38 पेटी में कुल 385.344 लीटर शराब जब्त की गई। कार व शराब को जब्त कर आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि फरार आरोपित, कार मालिक व नेटवर्क की जानकारी निकाली जा रही है। स्कूटी से हो रहा था शराब का अवैध परिवहन     गोगावां पुलिस ने ही एक अन्य मामले में स्कूटी से हो रहे शराब के अवैध परिवहन पर कार्रवाई की है।     थाना प्रभारी यादव ने बताया कि पेट्रोलिंग टीम को मुखबिर ने सूचना दी कि एक स्कूटी पर ग्राम लाखी की ओर से हम्मदपुर        की ओर अवैध  शराब परिवहन किया जा रहा है।     इस पर मोहम्मदपुर लाखी बायपास रोड पुल के पास टीम को भेजा गया।     पुलिस को देख आरोपित स्कूटी छोड़कर भाग गया।     चेक करने पर स्कूटी में आगे रखी बोरी व डिक्की में कुल 56 लीटर कच्ची शराब भरी पाई गई।     स्कूटी के नंबर के आधार पर आगे की विवेचना की जा रही है।  

झारखंड हादसा: ‘घर आकर खाना खाऊंगा’ कहने वाले पायलट की दर्दनाक मौत, आखिरी कॉल ने रुलाया

रांची झारखंड विमान हादसे को लेकर सामने आ रही पीड़ित परिवारों की आपबीती बेहद दर्दनाक है। इस हादसे ने 7 परिवारों की खुशियां हमेशा-हमेशा के लिए छीन ली। हादसे में मारे गए पायलट विकास भगत के पिता डीएस भगत ने बताया कि उसकी चाची उसका रात 11 बजे तक खाने पर इंतजार करती रहीं झारखंड विमान हादसे को लेकर सामने आ रही पीड़ित परिवारों की आपबीती बेहद दर्दनाक है। इस हादसे ने 7 परिवारों की खुशियां हमेशा-हमेशा के लिए छीन ली। हादसे में मारे गए पायलट विकास भगत के पिता डीएस भगत ने बताया कि उसकी चाची उसका रात 11 बजे तक खाने पर इंतजार करती रहीं क्योंकि उसने फोन कर खुद कहा था कि वह खाना घर पर ही खाएगा। अपने बेटे के बारे में बात करते-करते पिता की आंखें नम हो गई। उन्होंने बताया कि उनके बेटे ने कई लोगों की जिंदगी बचाई लेकिन आज खुद जिंदगी की जंग हार गया। उन्होंने रुंधे हुए गले से कहा, मेरे बेटा एयर एंबुलेंस चलाता था, कई लोगों की जान बचाई, आज खुद चला गया। मेरा एक ही बेटा था। आंसू पोंछते हुए उन्होंने कहा, विकास ने आखिरी बार अपनी मां से बात की थी और कहा था कि अगर हो सका तो रांची आऊंगा। दिल्ली में उसकी चाची रहती हैं। उसने चाची से कहा कि मैं रात 9 बजे तक दिल्ली पहुंच जाऊंगा और घर पर ही खाना खाऊंगा। उसकी चाची खाना बनाकर रात 11 बजे तक उसका इंतजार करती रही। तब तक बेटा गुजर चुका था। उन्होंने आगे कहा, कल रात हम चतरा में थे और मेरा फोन साइलेंट हो गया था। बहुत सारे लोगों ने फोन किया था लेकिन साइलेंट की वजह से देख नहीं पाए। रात को ढाई बजे बाथरूम जाने के लिए उठा तो देखा फोन की लाइट जल रही है। फोन चेक किया तो घटना के बारे में पता चला। इसके बाद घटनास्थल पर गया। मैंने बेटे की डेड बॉडी देखी। एक ही बेटा था मेरा कैसे हुआ हादसा 'रेडबर्ड एयरवेज प्राइवेट लिमिटेड' द्वारा संचालित बीचक्राफ्ट सी90 एयर एम्बुलेंस रांची से दिल्ली जा रही थी, तभी सोमवार शाम को सिमरिया के जंगली इलाके में स्थित बरियातु पंचायत क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में दो पायलट सहित विमान में सवार सभी सात लोगों की मौत हो गई। एक अधिकारी ने बताया कि विमान ने रांची हवाई अड्डे से शाम सात बजकर 11 मिनट पर उड़ान भरी थी और लगभग साढ़े सात बजे लापता हो गया। उड़ान भरने के लगभग 20 मिनट बाद विमान का वायु यातायात नियंत्रण विभाग से संपर्क टूट गया। रांची हवाई अड्डे के निदेशक विनोद कुमार ने कहा कि खराब मौसम दुर्घटना का एक संभावित कारण हो सकता है, हालांकि सटीक कारण विस्तृत जांच के बाद ही पता चलेगा। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि राज्य सरकार इस बात की जांच करेगी कि खराब मौसम में विमान को उड़ान भरने की अनुमति कैसे दी गई। उन्होंने यह भी कहा कि मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाएगा। इस दुर्घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि खराब मौसम इसका एक कारण हो सकता है, जिसकी पुष्टि जांच के बाद होगी। झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में मृतकों के परिजनों के प्रति शोक व्यक्त किया। गंगवार ने कहा, ''एयर एम्बुलेंस दुर्घटना की खबर बेहद दुखद है। इस त्रासदी में अपनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर उन्हें इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें। ओम शांति।''

प्राग में गुकेश का बड़ा दांव, 2026 की पहली खिताबी सफलता की तैयारी

नई दिल्ली विश्व चैंपियन डी गुकेश विश्व कप से जल्दी बाहर होने और टाटा स्टील मास्टर्स में निराशाजनक प्रदर्शन को भुलाकर बुधवार से यहां शुरू होने वाले प्राग अंतरराष्ट्रीय शतरंज महोत्सव में साल का अपना पहला खिताब जीतने की कोशिश करेंगे। दूसरी वरीयता प्राप्त गुकेश को शीर्ष वरीयता प्राप्त जर्मन खिलाड़ी विंसेंट कीमर और उज्बेकिस्तान के नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव की कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा, जिनका हाल का प्रदर्शन अच्छा रहा है। कीमर लाइव रेटिंग में चौथे स्थान जबकि अब्दुसत्तोरोव पांचवें स्थान पर हैं। गुकेश 10वें स्थान पर हैं और इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाले भारतीय खिलाड़ियों में रेटिंग के मामले में सबसे आगे हैं। पिछले कुछ समय तक लाइव रेटिंग में शीर्ष 10 में तीन भारतीय खिलाड़ी हुआ करते थे, लेकिन अर्जुन एरिगैसी और आर प्रज्ञाननंदा खराब प्रदर्शन के कारण नीचे खिसक गए हैं। गुकेश के साथ इस प्रतियोगिता में एक अन्य भारतीय खिलाड़ी मौजूदा चैंपियन अरविंद चिदंबरम भी अपनी चुनौती पेश करेंगे। यही वह प्रतियोगिता है जिसने चेन्नई के इस खिलाड़ी को पहली बड़ी सफलता दिलाई थी। अमेरिका के हैंस नीमन एक और ऐसे खिलाड़ी हैं जिन पर सभी की नजर रहेगी। ईरान के परहम मगसूदलू भी प्रतियोगिता में अपनी चुनौती पेश करेंगे जबकि नीदरलैंड के ग्रैंडमास्टर जॉर्डन वैन फोरस्ट ने अपने प्रदर्शन में निरंतरता दिखाई है जिससे वह भी दावेदारों में शामिल हो गए हैं। सातवीं वरीयता प्राप्त चिदंबरम टाटा टूर्नामेंट में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद 2700 रेटिंग क्लब में वापसी करने की उम्मीद कर रहे होंगे। चिदंबरम के लिए यहां पिछली बार के प्रदर्शन को दोहराना एक कठिन चुनौती होगी। उज्बेकिस्तान के नोदिरबेक याकुब्बोएव, स्पेन के डेविड एंटोन गुज्जारो और स्थानीय स्टार डेविड नवरा नौ दौर की मास्टर्स प्रतियोगिता के लिए 10 खिलाड़ियों की सूची में शामिल हैं। चैलेंजर्स वर्ग में सूर्य शेखर गांगुली और महिला विश्व कप विजेता दिव्या देशमुख भारतीय चुनौती पेश करेंगे।