samacharsecretary.com

रिटायर्ड डॉक्टर से 2.52 करोड़ की ठगी में दरोगा का भाई सहित चार आरोपी पकड़े

ग्वालियर. भारतीय वायुसेना के रिटायर्ड डॉक्टर नारायण महादेव टिकेकर को डिजिटल अरेस्ट कर 2.52 करोड़ रुपये ठगने के मामले में ग्वालियर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ग्वालियर पुलिस की टीम ने दिल्ली से चार आरोपियों को पकड़ा है। इनके बैंक खाते में ठगी की रकम में से 30 लाख रुपये गए थे। 30 लाख रुपये इन्होंने ही अपने एटीएम कार्ड के जरिये निकालकर बिचौलिये को दिए। इसके एवज में 1.70 लाख रुपये कमीशन मिला। पुलिस इन्हें कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी, जिससे ठगी की रकम की हेराफेरी करने वाले और भी लोगों तक पहुंचा जा सके। पकड़े गए आरोपियों में से एक का भाई दिल्ली पुलिस में दारोगा है। भाई के पकड़े जाने के बाद वह भी ग्वालियर आ गया। उसे यहां आकर पता लगा कि भाई ठगी की रकम की हेराफेरी करने के लिए अपने और दोस्तों के बैंक खाते ही किराये पर देता है। 89 वर्षीय नारायण महादेव टिकेकर सिरोल स्थित विंडसर हिल्स हाउसिंग सोसायटी में रहते हैं। 24 दिन तक ठगों ने खुद को सीबीआइ अधिकारी बताकर इन्हें मनी लांड्रिंग केस में फंसा बताकर डिजिटल अरेस्ट रखा था। इनसे 2.52 करोड़ रुपये ठग लिए थे। 500 बैंक खातों में ट्रांसफर हुई थी ठगी की रकम पुलिस ने पड़ताल की तो सामने आया कि ठगी की रकम दिल्ली, हरियाणा, उप्र, बिहार, गुजरात, असम, बंगाल सहित अन्य राज्यों के करीब 500 बैंक खातों में गया है। एसएसपी धर्मवीर सिंह ने क्राइम ब्रांच के डीएसपी मनीष यादव, एसआइ अमित शर्मा और उनकी टीम को पड़ताल में लगाया। टीम ने तकनीकि विश्लेषण किया। उसके बाद चार आरोपित चिन्हित हुए। इनके बैंक खातों में 30 लाख रुपये गए थे। यह रुपये भी खाते में आते ही निकाल लिए गए। क्राइम ब्रांच की टीम ने रात को चार आरोपियों को पकड़ लिया। इन्हें पुलिस ग्वालियर ले आई है। पूछताछ में इन्होंने स्वीकार किया कि एक बिचौलिये के जरिये बैंक खाते ठगों को किराये पर दिए थे। इसके एवज में कमीशन मिलता था। पहले भी ठगी की रकम इनके खातों में आ चुकी है। यह आरोपित पकड़े गए 1.-मोहित मिश्रा पुत्र रामनरेश मिश्रा उम्र 31 वर्ष निवासी बी 40 चाणक्य पैलेस -1 स्ट्रीट नंबर 48 जनकपुरी नई दिल्ली 2- राहुल प्रजापति पुत्र प्रेम सिंह प्रजापति उम्र 25 वर्ष निवासी राजद 150 धरमपुर प्रथम नजफगढ़ नई दिल्ली 3-हरीश यादव पुत्र रामबाबू यादव उम्र 25 वर्ष निवासी हाउस नंबर 49 ब्लॉक धरमपुरा एक्सटेंशन नजफगढ़ नई दिल्ली 4-साहिल पुत्र फिरोज खान निवासी ए-5 175 एक्सटेंशन पार्ट 1 मोहन गार्डन उत्तम नगर नई दिल्ली टेलीग्राम के जरिये खाते किराये पर देने का नेटवर्क: प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि यह टेलीग्राम एप के जरिये एक ग्रुप से जुड़े। यहां से ही ठगी की रकम की हेराफेरी के लिए खाते उपलब्ध कराने का पूरा नेटवर्क चलता है। यूएसडीटी के जरिये क्रिप्टो ट्रेडिंग: इस मामले में भी क्रिप्टो ट्रेडिंग हुई है। यूएसडीटी के जरिये ठग क्रिप्टो ट्रेडिंग कराते हैं और पूरा पैसा विदेश पहुंच रहा है। पुलिस ने पकड़े चार आरोपी रिटायर्ड डाक्टर से ठगी के मामले में चार आरोपित पकड़े गए हैं। इन्होंने अपने बैंक खाते किराये पर दिए थे। इन्हें रिमांड पर लिया जाएगा। धर्मवीर सिंह, एसएसपी

सुभरंजन सेन अप्रैल 2028 तक के लिए बने नए वन बल प्रमुख

भोपाल. भारतीय वन सेवा के अधिकारी सुभरंजन सेन मध्य प्रदेश के नए वन बल प्रमुख नियुक्त किए गए हैं। वरिष्ठता में 1989 बैच के आईएफएस अधिकारी एचएयू खान और 1990 बैच के बिभाष ठाकुर को पीछे छोड़ 1991 बैच के आईएफएस अधिकारी सेन, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहली पसंद बन गए, सेन अभी मुख्य वन्यप्राणी अभिरक्षक हैं। वन बल प्रमुख वीएन अंबाडे 28 फरवरी को सेवानिवृत्त हो गए हैं। उनके सेवानिवृत्ति के एक सप्ताह पहले से नए वन बल प्रमुख की तलाश की जा रही थी। इनमें खान, ठाकुर और सेन इन तीन नामों का पैनल बनाकर वन विभाग ने मुख्यमंत्री को स्वीकृति के लिए भेजा था। इससे पहले मंत्रालय में मुख्य सचिव अनुराग जैन की अध्यक्षता में नए वन बल प्रमुख के चयन के लिए बैठक की गई थी। नजरअंदाज कर जूनियर को सौंपी कमान वन विभाग में वन बल प्रमुख सबसे वरिष्ठतम अधिकारी को ही बनाया जाता है। इस हिसाब से वन विकास निगम के प्रबंध संचालक एचयू खान और उनके बाद पीसीसीएफ अनुसंधान और विस्तार बिभाष कुमार ठाकुर वन बल प्रमुख बनने की वरिष्ठता रखते हैं। लेकिन पहली बार वरिष्ठता को नजरअंदाज कर खान और ठाकुर से जूनियर सेन को वन बल प्रमुख की कमान सौंपी है। अब चूंकि सेन की नियुक्त हो गई है तो ठाकुर की वर्तमान पदस्थापना में बदलाव किया जा सकता है, उन्हें पीसीसीएफ अनुसंधान और विस्तार से हटाना पड़ेगा। वरिष्ठता के कारण उन्हें लघु वनोपज संघ या वन विकास निगम के प्रतिनियुक्ति पर भेजा जा सकता है। समीता राजौरा बनाई जा सकती हैं मुख्य वन्यप्राणी अभिरक्षक वरिष्ठता के आधार पर 1992 बैच की आईएफएस अधिकारी समीता राजौरा मुख्य वन्यप्राणी अभिरक्षक बनाई जा सकती हैं। वह वन्यप्राणी शाखा में काम करने की इच्छुक भी हैं। वर्तमान में वह मप्र राज्य लघुवनोपज संघ की प्रबंध संचालक हैं। इधर, राज्य वन विकास निगम की प्रबंध संचालक एवं एसपीसीसीएफ अर्चना शुक्ला को पीसीसीएफ के पद पर पदोन्नत कर दिया गया है।

नरसिंहपुर में पिकअप गाड़ी की टक्कर से स्कूटर सवार दो सगी बहनों की मौत

नरसिंहपुर. नरसिंहपुर जिले के मुंगवानी थाना क्षेत्र में शनिवार शाम हुआ सड़क हादसा एक परिवार के लिए असहनीय पीड़ा बन गया। एक ही परिवार में ब्याही दो सगी बहनों की दर्दनाक मौत से ग्राम सलैया में मातम पसरा हुआ है। शादी के वर्षों बाद भी साथ निभाने वाली दोनों बहनें अंतिम यात्रा पर भी साथ ही चली गईं। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका बसंती पति जीवनलाल यादव उम्र 62 वर्ष एवं मृतका गजरो बाई पति हरीश यादव उम्र 65 वर्ष निवासी ग्राम सलैया सगी बहनें थीं। दोनों की शादी एक ही परिवार में हुई थी। शनिवार को जीवनलाल पिता बक्तूलाल यादव उम्र 65 वर्ष अपनी पत्नी बसंती और साली गजरो बाई के साथ स्कूटर से सलैया से गोरखपुर मेहगांव जा रहे थे। शनिवार शाम करीब 4.30 बजे मुंगवानी के पास वन विभाग डिपो के समीप जीवनलाल लघुशंका के लिए वाहन रोककर नीचे उतरे। दोनों महिलाएं सड़क किनारे खड़ी मोपेड के पास ही खड़ी रहीं। जैसे ही जीवनलाल वापस लौटकर वाहन उठाने लगे, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पिकअप वाहन की तलाश कर रही पुलिस घायलों को हाईवे एंबुलेंस 1033 की मदद से शासकीय जिला अस्पताल नरसिंहपुर लाया गया, जहां उपचार के दौरान बसंती और गजरो बाई ने दम तोड़ दिया। जीवनलाल यादव को दोनों पैरों व सिर में चोट आई है। जिनका अस्पताल उपचार जारी है। रविवार की सुबह अस्पताल चौकी पुलिस ने आवश्यक पंचनामा कार्रवाई पूर्ण कर दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। पुलिस द्वारा पिकअप वाहन और ड्राइवर की तलाश की जा रही है।

रीवा में इंस्टाग्राम फ्रेंड ने बर्थडे पर केक काटने के बहाने किशोरी से किया दुष्कर्म

रीवा. शहर से रिश्तों को शर्मसार करने वाली और इंटरनेट मीडिया की दोस्ती के खतरनाक अंजाम की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक नाबालिग किशोरी को उसके इंस्टाग्राम दोस्त ने जन्मदिन मनाने के बहाने बुलाकर अपनी हवस का शिकार बनाया। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए आरोपी किशोर को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, पीड़िता और आरोपी की पहचान इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म 'इंस्टाग्राम' के जरिए हुई थी। दोनों के बीच पिछले कुछ समय से बातचीत चल रही थी। बीती 27 फरवरी को किशोरी का जन्मदिन था। जन्मदिन के इस मौके का फायदा उठाकर आरोपी ने उसे मिलने के बहाने बुलाया। जन्मदिन की रात हुई वारदात घटनाक्रम के मुताबिक, 27 फरवरी की रात किशोरी अपने परिजनों को बिना बताए घर से निकली थी। उसने घर वालों से सहेली के यहां जाने की बात कही थी। वह बिछिया थाना क्षेत्र के रहने वाले अपने इसी इंस्टाग्राम दोस्त से मिलने पहुंची। वहाँं आरोपी किशोर ने केक काटने और जन्मदिन मनाने के बहाने किशोरी के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। परिजनों को सुनाई आपबीती देर रात किशोरी वापस घर लौटी, तो वह काफी डरी और सहमी हुई थी। परिजनों के पूछने पर उसने रोते हुए पूरी आपबीती सुनाई, जिसे सुनकर परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई। परिजन तुरंत किशोरी को लेकर सिविल लाइन थाने पहुंचे और मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। सिविल लाइन थाना प्रभारी पुष्पेंद्र मिश्रा ने बताया कि पीड़िता की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू की गई। शुरुआत में पीड़िता घटना स्थल और आरोपी के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रही थी। उसके बाद पुलिस की विशेष टीम ने शहर के विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कड़ियां जोड़ीं । पुलिस की गिरफ्त में आरोपी तथ्यों की पुष्टि होने के बाद महिला पुलिस अधिकारी की उपस्थिति में दुष्कर्म की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी किशोर बिछिया क्षेत्र का निवासी है। आरोपी से पुलिस सघन पूछताछ कर रही है और मामले की आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है।

अमेरिका-इजरायल और ईरान युद्ध के बीच दुबई में फंसे इंदौर के पूर्व विधायक समेत कई व्यापारी

इंदौर. अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव का असर अब अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवाओं पर भी दिखाई देने लगा है। खाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा हालात बिगड़ने के चलते दुबई आने-जाने वाली कई उड़ानें रद कर दी गई हैं। इसी बीच मध्य प्रदेश के इंदौर के पूर्व विधायक संजय शुक्ला समेत शहर के कई उद्योगपति और व्यापारी दुबई में फंस गए हैं। जानकारी के अनुसार, शारजाह से इंदौर आने वाली Air India Express की फ्लाइट संख्या IX-256 अचानक रद कर दी गई, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, क्षेत्रीय तनाव के बीच दुबई में सुरक्षा सतर्कता बढ़ा दी गई है। बताया जा रहा है कि एहतियातन दुबई के एयरपोर्ट संचालन पर अस्थायी रोक लगाई गई, जिसके चलते कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें अनिश्चित समय के लिए स्थगित कर दी गई हैं। इसका असर भारत लौटने वाले यात्रियों, खासकर मध्य प्रदेश के लोगों पर पड़ा है। शादी समारोह में गए थे दुबई मिली जानकारी के अनुसार, पूर्व विधायक संजय शुक्ला एक निजी शादी समारोह में शामिल होने दुबई गए थे। उनके साथ पूर्व विधायक विशाल पटेल, प्रवीण कक्कड़, पिंटू छाबड़ा, मनीष शाहरा, गोलू पाटनी और संजय अग्रवाल सहित इंदौर के कई प्रमुख कारोबारी भी मौजूद हैं। फ्लाइट रद होने के बाद सभी वहीं रुके हुए हैं। सोशल मीडिया पर दी जानकारी स्थिति को लेकर इंदौर में उनके परिजनों और समर्थकों में चिंता का माहौल बन गया। इस बीच संजय शुक्ला ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से सभी को आश्वस्त किया। उन्होंने लिखा कि वे, उनके पुत्र आकाश और उनके साथ मौजूद सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं। उन्होंने यह भी बताया कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण दुबई एयरपोर्ट अस्थायी रूप से बंद है, जिससे उनकी भारत वापसी फिलहाल संभव नहीं हो पाई है। दुबई सरकार और भारत सरकार की ओर से पूरा सहयोग मिलने की बात भी उन्होंने कही। पोस्ट में उन्होंने इंदौरवासियों से अपील की कि वे किसी प्रकार की चिंता न करें और परिस्थितियां सामान्य होते ही वे जल्द इंदौर लौटेंगे। 

T20 वर्ल्ड कप में निर्णायक जंग: वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत की सेमीफाइनल की लड़ाई

नई दिल्ली टी20 वर्ल्ड कप 2026 में रविवार को 'करो या मरो' के मुकाबले में टीम इंडिया की भिड़ंत वेस्टइंडीज से होगी। कोलकाता के ईडन गार्डन्स मैदान पर सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए भारत को हर हाल में कैरेबियाई टीम के खिलाफ जीत दर्ज करनी होगी। टीम इंडिया ने सुपर-8 राउंड का आगाज साउथ अफ्रीका के खिलाफ हार के साथ किया था। प्रोटियाज टीम के खिलाफ मिली 76 रनों की बड़ी हार से भारतीय टीम के नेट रन रेट पर भी बुरा असर पड़ा था। हालांकि, जिम्बाब्वे के खिलाफ 26 फरवरी को खेले गए मुकाबले में सूर्या की सेना ने शानदार वापसी की थी। भारतीय टीम ने जिम्बाब्वे को एकतरफा अंदाज में 72 रनों से हराया था। बल्लेबाजी में अभिषेक शर्मा बेहतरीन लय में दिखाई दिए थे और उन्होंने टूर्नामेंट में अपना पहला अर्धशतक जमाया था। वहीं, हार्दिक पांड्या और तिलक वर्मा ने भी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए बल्ले से अहम योगदान दिया था। भारतीय टीम की ओर से गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह ने सिर्फ 24 रन देकर 3 विकेट निकाले थे, जबकि वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल ने भी दमदार प्रदर्शन किया था। दूसरी ओर, सुपर-8 राउंड के पहले मैच में जिम्बाब्वे को 107 रनों से रौंदने के बाद वेस्टइंडीज को साउथ अफ्रीका के हाथों 9 विकेट की करारी हार झेलनी पड़ी थी। टीम के गेंदबाज 177 रनों के लक्ष्य का बचाव करने में नाकाम रहे थे। वहीं, कैरेबियाई टीम का टॉप ऑर्डर भी बुरी तरह से विफल रहा था। जेसन होल्डर ने 31 गेंदों में 49 रनों की दमदार पारी खेली थी, तो रोमारियो शेफर्ड ने 37 गेंदों में 52 रन बनाए थे। टी20 में भारत और वेस्टइंडीज के बीच अब तक कुल 30 मुकाबले खेले गए हैं। इसमें से 19 मैच में भारतीय टीम ने जीत दर्ज की है। वहीं, वेस्टइंडीज ने 10 मैच जीते हैं। एक मुकाबला बेनतीजा रहा है। कोलकाता के ईडन गार्डन्स मैदान की पिच बल्लेबाजी के लिए अनुकूल मानी जाती है। ग्राउंड पर बढ़िया बाउंस होने की वजह से गेंद बल्ले पर काफी अच्छे से आती है। हालांकि, शुरुआती ओवर्स के बाद स्पिन गेंदबाजों को भी पिच से मदद मिलती है। ईडन गार्डन्स में पहली पारी का औसतन स्कोर 161 रन रहा है। वहीं, दूसरी पारी में औसत स्कोर 139 रन है। भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले अहम मुकाबले में बारिश होने की आशंका न के बराबर है। रविवार को यहां का न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस, जबकि अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम पूरी तरह से साफ रहेगा और दिन में धूप खिली रहेगी। यानी फैंस को पूरे 40 ओवरों का रोमांचक मुकाबला देखने को मिल सकता है।

‘बिगेस्ट भजन क्लबिंग’ कार्यक्रम में सीएम साय बोले– ‘युवाओं को अध्यात्म से जोड़ने का अभिनव प्रयास’

रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज शाम राजधानी रायपुर स्थित सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित माधवास रॉक बैंड के ‘बिगेस्ट भजन क्लबिंग’ कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भजन क्लबिंग युवाओं को अध्यात्म से जोड़ने का एक अभिनव और सकारात्मक प्रयास है। युवा शक्ति ही राष्ट्र शक्ति है और युवाओं के कंधों पर ही देश एवं प्रदेश का भविष्य टिका हुआ है। ऐसे आयोजन युवाओं को भारतीय संस्कृति, परंपरा और आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम का आयोजन सामाजिक चेतना मंच ने किया था। प्रसिद्ध भजन बैंड माधवास रॉक बैंड की संगीतमयी प्रस्तुति से पूरा वातावरण भक्ति भाव से सराबोर हो गया। राधा-कृष्णमय माहौल में मुख्यमंत्री साय ने भी भक्तों के साथ फूलों की होली खेली। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि हमें अपनी जड़ों और प्राचीन परंपराओं को कभी नहीं भूलना चाहिए। भारत विश्व का सबसे युवा राष्ट्र है और यह अत्यंत प्रसन्नता की बात है कि इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा उपस्थित हैं। उन्होंने कहा कि जब युवा अध्यात्म से जुड़ते हैं तो उनमें सकारात्मक ऊर्जा, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण की भावना और अधिक सशक्त होती है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के किसानों के हित में सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ को धान का कटोरा कहा जाता है और राज्य की लगभग 80 प्रतिशत आबादी कृषि से जुड़ी है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है, जो किसानों के हित में एक महत्वपूर्ण कदम है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आज प्रदेश के 25 लाख 28 हजार से अधिक अन्नदाता किसानों के खातों में 10 हजार 324 करोड़ रुपए की राशि अंतरित की गई है। प्रदेश के 146 विकासखंडों में राशि अंतरण कार्यक्रम आयोजित किए गए। उन्होंने बताया कि वे स्वयं बिल्हा में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने कहा कि होली से पहले किसानों के खातों में राशि पहुंचने से उनके परिवारजन हर्षोल्लास के साथ त्योहार मना सकेंगे। इस अवसर पर विधायक अनुज शर्मा, अजय जामवाल, आलोक डंगस, सामाजिक चेतना मंच के अध्यक्ष उज्ज्वल दीपक सहित अन्य पदाधिकारी, इस्कॉन रायपुर से स्वामी सुलोचन प्रभुजी, स्वामी तमाल कृष्ण प्रभुजी, स्वामी निखिलापति प्रभुजी, स्वामी रघुपति दास एवं बड़ी संख्या में भक्त उपस्थित थे।

होली पर हुड़दंगियों का वीडियो भेजने पर विधायक देंगे 21 हजार का इनाम

दुर्ग. होली का त्यौहार नजदीक है। ऐसे में हुडदंगियों पर लगाम लगाने पुलिस प्रशासन लगातार नशे के कारोबारियों और शांति व्यवस्था भंग करने वाले बदमाशों पर कार्रवाई कर रही है। वहीं शांति पूर्ण और सौहार्द्र पूर्ण ढंग से होली का त्योहार सम्पन्न हो सके, इसके लिए दुर्ग जिले के वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने एक नई पहल की है। विधायक रिकेश सेन ने होली के दिन हुड़दंग करने वालों का वीडियो भेजने पर 21 हजार रुपए का इनाम देने की घोषणा की है। ऐसा करने वाले वे छत्तीसगढ़ के पहले विधायक हैं। बता दें कि रिकेश सेन इसी तरह अपने अलग-अलग तरह के योजनाओं के लिए चर्चा में बने रहते हैं। वहीं शांति से होली का पर्व मनाने नई पहल की है। उन्होंने हुड़दंग करने वालों का वीडियो भेजने की अपील लोगों से की है। वीडियो भेजने वालों का नाम गोपनीय रखा जाएगा। उन्हें विधायक 21 हजार देकर सम्मानित करेंगे। विधायक सेन ने साफ कहा है कि हुड़दंग मचाने वालों की खैर नहीं होगी। महिलाओं, बहनों को छेड़ने पर भी तुरंत पुलिस या विधायक कार्यालय में सूचना दें। आरोपियों को पुलिस सबक सिखाएगी। हुड़दंग मचाने वालों को साल दो साल जमानत मिलना मुश्किल होगा।

छत्तीसगढ़ में आज से 7 मार्च तक मनेगा जन औषधि सप्ताह

रायपुर. छत्तीसगढ़ में आज से 7 मार्च तक जन औषधि सप्ताह मनाया जाएगा। इस वर्ष कार्यक्रम की थीम “जन औषधि : सस्ती भी, भरोसेमंद भी” रखी गई है। सप्ताहभर प्रदेशभर में विभिन्न स्वास्थ्य जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान आम नागरिकों को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण जेनेरिक दवाओं की जानकारी देने के साथ-साथ स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे, जहां मुफ्त जांच की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। लोगों को जन औषधि केंद्रों पर उपलब्ध दवाओं और उनके लाभ के बारे में विस्तार से बताया जाएगा। कार्यक्रम के तहत 6 मार्च को राजधानी रायपुर में जन औषधि पदयात्रा निकाली जाएगी। वहीं 7 मार्च को रायपुर में राज्य स्तरीय जन औषधि दिवस कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। राजनांदगांव दौरे पर रहेंगे मुख्यमंत्री साय रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज राजनांदगांव जिले के दौरे पर रहेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार वे सुबह 11 बजे सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास से रवाना होंगे। दोपहर 1 बजे वे डोंगरगढ़ के नादिया स्थित कबीर मठ आश्रम में आयोजित फाल्गुन महोत्सव में शामिल होंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री शाम 4 बजे रायपुर स्थित अपने निवास लौटेंगे।

दमदार दक्षिण अफ्रीका के सामने जोश से भरा जिम्बाब्वे, सकारात्मक अंत की कोशिश

नई दिल्ली सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो जाने के बावजूद जोश से भरी जिम्बाब्वे की टीम को अगर टी20 विश्व कप में अपने अभियान का शानदार अंत करना है तो उसे बेहतरीन फॉर्म में चल रहे दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ रविवार को यहां होने वाले सुपर आठ के मैच में अपनी गेंदबाजी की कमजोरियों को दूर करना होगा। जिम्बाब्वे ने लीग चरण में अपने ग्रुप में शीर्ष पर रहकर सुपर आठ में जगह बनाई थी लेकिन इस चरण में उसे वेस्टइंडीज और भारत के हाथों करारी हार का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद सिकंदर रजा की अगुवाई वाली यह टीम दक्षिण अफ्रीका को कड़ी टक्कर देने के लिए प्रतिबद्ध होगी। आईसीसी के इस टूर्नामेंट में दक्षिण अफ्रीका को हराना मुश्किल है और अगर जिम्बाब्वे को उसे चुनौती देनी है तो उसके गेंदबाजों को अच्छा प्रदर्शन करना होगा जिन्होंने वेस्टइंडीज और भारत के खिलाफ पिछले दो मैच में 250 से अधिक रन लुटाए। रजा को पता है कि वे बड़ी टीमों से तभी मुकाबला कर सकते हैं जब वे तीनों विभागों में अच्छा प्रदर्शन करें। रजा ने कहा, ‘‘विश्व कप में सर्वश्रेष्ठ टीमों के खिलाफ आपको अपने तीनों विभागों में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। दुर्भाग्य से अगर एक भी विभाग कमजोर पड़ता है तो मैच आपके हाथ से खिसक जाता है। उम्मीद है की आखिरी मैच में हम तीनों विभाग में अच्छा प्रदर्शन करने में सफल रहेंगे।’’ जिम्बाब्वे कि गेंदबाजों ने पिछले दो मैच में काफी ढीली गेंदें फेंकी। उन्हें उसी अनुशासन के साथ गेंदबाजी करने की जरूरत है जैसा उन्होंने ग्रुप चरण में ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका के खिलाफ किया था। ग्रुप चरण में वह श्रीलंका की धीमी पिचों पर अजेय रहा, लेकिन बल्लेबाजी के लिए अनुकूल भारतीय परिस्थितियों में गलतियों की गुंजाइश काफी कम हो जाती है, जैसा कि उसने मुंबई और चेन्नई में की। बल्लेबाजी की बात करें तो ब्रायन बेनेट और तादिवानाशे मारुमानी की सलामी जोड़ी को पावरप्ले का भरपूर फायदा उठाना होगा। टूर्नामेंट में अब तक आउट नहीं होने वाले बेनेट ने भारत के खिलाफ यह साबित कर दिया कि वे छक्के भी लगा सकते हैं। उन्हें दक्षिण अफ्रीका के मजबूत गेंदबाजी आक्रमण के सामने छक्के लगाने का कोई न कोई तरीका ढूंढना होगा। मार्को यानसन और लुंगी एनगिडी (प्रत्येक ने 11 विकेट लिए) अब तक दक्षिण अफ्रीका के सबसे सफल गेंदबाज रहे हैं। तेज गेंदबाज कैगिसो रबाडा, कॉर्बिन बॉश और मुख्य स्पिनर केशव महाराज ने उनका बखूबी साथ दिया है। दक्षिण अफ्रीका के शीर्ष तीन बल्लेबाज कप्तान एडन मार्क्रम, क्विंटन डीकॉक और रयान रिकेल्टन बेहतरीन फॉर्म में हैं। रजा और उनकी टीम को उन्हें रोकने के लिए गेंदबाजी में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स और डेवाल्ड ब्रेविस सहित मध्य क्रम ने भी सुपर आठ में अपना प्रभाव दिखाया है। दक्षिण अफ्रीका ने टूर्नामेंट में अब तक केवल अहमदाबाद और दिल्ली में ही मैच खेले हैं। दिल्ली मंक पांच मैचों में से केवल एक बार ही 200 रन का आंकड़ा पार हुआ है, जब भारत ने नामीबिया के खिलाफ 209 रन बनाए थे। यह मैच एक तरह से औपचारिकता मात्र है क्योंकि दक्षिण अफ्रीका पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुका है और जिम्बाब्वे लगातार दो हार के बाद प्रतियोगिता से बाहर हो गया है। टीम इस प्रकार हैं: जिम्बाब्वे: सिकंदर रजा (कप्तान), ब्रायन बेनेट, रयान बर्ल, ग्रीम क्रेमर, ब्रैडली इवांस, क्लाइव मदांडे, टिनोटेंडा मापोसा, तदिवानाशे मारुमनी, वेलिंगटन मसाकाद्जा, टोनी मुनयोंगा, ताशिंगा मुसेकिवा, ब्लेसिंग मुजाराबानी, डायोन मायर्स, रिचर्ड नगारवा, बेन कुरेन। दक्षिण अफ्रीका: एडेन मार्क्रम (कप्तान), कॉर्बिन बॉश, डेवाल्ड ब्रेविस, क्विंटन डीकॉक, मार्को यानसन, जॉर्ज लिंडे, केशव महाराज, क्वेना मफाका, डेविड मिलर, लुंगी एनगिडी, एनरिक नॉर्किया, कैगिसो रबाडा, रयान रिकेल्टन, जेसन स्मिथ, ट्रिस्टन स्टब्स। मैच दोपहर तीन बजे भारतीय समयानुसार शुरू होगा।