samacharsecretary.com

रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर, टाटानगर-पुणे-नांदेड़ की कई ट्रेनें कैंसिल; देखें पूरी लिस्ट

रायपुर  राजधानी रायपुर से महाराष्ट्र, झारखंड, बिहार और ओडिशा जाने वाले यात्रियों को आने वाले दिनों में परेशानी हो सकती है। रेलवे ने चक्रधरपुर मंडल में अप व डाउन लाइन पर ट्रैक नवीनीकरण का कार्य के चलते मेगा ब्लाॅक लिया है। इसके तहत 24 नवंबर से 15 जनवरी तक टाटानगर, पुणे और नांदेड़ की कई ट्रेनें रद रहेंगी। टाटानगर-इतवारी एक्सप्रेस और साउथ बिहार एक्सप्रेस इस मार्ग की प्रमुख ट्रेने है। इसके रद्द होने से दैनिक यात्रियों का आवागमन प्रभावित होगा। पुणे और नांदेड़ जाने वाले यात्रियों को भी इस दौरान सीधा साधन नहीं मिलेगा। उत्कल और साउथ बिहार एक्सप्रेस का मार्ग बदलने से रायपुर पहुंचने के समय में बदलाव होगा। मेगा ब्लाक के कारण इस रूट की अन्य ट्रेनों में भीड़ बढ़ेगी और यात्रियों को कंफर्म टिकट मिलने में समस्या होगी। रद होने वाली ट्रेनें: टाटानगर-इतवारी-टाटानगर एक्सप्रेस (18109/18110): 24 व 27 नवंबर ; 1, 4, 8, 11, 15, 18, 22, 25 व 29 दिसंबर और 1, 5, 8, 12 व 15 जनवरी को रद्द रहेगी। नांदेड़-सांतरागाछी एक्सप्रेस (12767): 23 व 30 नवंबर ; 7, 14, 21 व 28 दिसंबर और 4 व 11 जनवरी को रद्द रहेगी। सांतरागाछी-नांदेड़ एक्सप्रेस (12768): 25 नवंबर ; 2, 9, 16, 23 व 30 दिसंबर और 6 व 13 जनवरी को रद्द रहेगी। सांतरागाछी-पुणे हमसफर (20822): 21 व 28 नवंबर ; 5, 12, 19 व 26 दिसंबर और 2 व 9 जनवरी को रद्द रहेगी। पुणे-सांतरागाछी हमसफर (20821): 23 व 30 नवंबर ; 7, 14, 21 व 28 दिसंबर और 4 व 11 जनवरी को रद्द रहेगी। परिवर्तित मार्ग से चलने वाली गाड़ियां: ऋषिकेश-पुरी कलिंग उत्कल एक्सप्रेस (18478): 23 व 30 नवंबर ; 7, 14, 21 व 28 दिसंबर और 4 व 11 जनवरी को ईब-झारसुगुड़ा रोड-संबलपुर सिटी-कटक मार्ग से चलेगी। आरा-दुर्ग साउथ बिहार एक्सप्रेस (13288): 26 नवंबर ; 3, 10, 17, 24 व 31 दिसंबर और 7 व 14 जनवरी को टाटानगर-गामहारिया को छोड़कर कांद्रा-सीनी मार्ग से दुर्ग आएगी।

Form-6 को लेकर चुनाव आयोग ने किया साफ, अतिरिक्त घोषणा पत्र देने की जरूरत नहीं

नई दिल्ली चुनाव आयोग ने स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रॉसेसस पर चल रहे विवाद के बीच एक बड़ा फैसला लिया है. आयोग ने कहा कि अब फॉर्म-6 के साथ अतिरिक्त घोषणा पत्र जरूरी नहीं होगा. चुनाव आयोग ने स्पष्ट करते हुए कहा कि उन्होंने वैधानिक फार्म-6 के मूल फॉर्मेट में कोई कानूनी बदलाव नहीं किया गया है।  बता दें, यह विवाद उस समय शुरू हुआ जब आयोग ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रॉसेस के समय इसके साथ एक अतिरिक्त घोषणा पत्र अनिवार्य रूप से जोड़ा था. यह घोषणा, जिसके तहत नए आवेदकों को खुद को या अपने माता-पिता या दादा-दादी को पहले हुए सघन संशोधन (intensive revision) के दौरान तैयार मतदाता सूचियों से जोड़ने वाली जानकारी देनी होती है, उन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में ECINET पोर्टल पर उपलब्ध है जहां SIR का काम चल रहा है।  जिन राज्यों में SIR की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, वहां चुनाव आयोग (ECINET) ऐप और पोर्टल के साथ-साथ संबंधित मुख्य निर्वाचन अधिकारी के पोर्टल से भी अतिरिक्त घोषणा (additional declaration) को हटा दिया गया है. अब नामांकन चाहने वाले आवेदकों को केवल 'निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण नियम, 1960' के तहत निर्धारित कानूनी 'फॉर्म 6' ही भरना होगा. यह कदम मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू व विवेक जोशी वाले पूरे आयोग की 26 सितंबर को हुई बैठक के बाद उठाया गया है।  बैठक के बाद, चुनाव आयोग ने कहा था कि फॉर्म 6 के साथ लगा घोषणा-पत्र SIR के लिए था और 'गैर-SIR अवधि के लिए, नियमों (मतदाता पंजीकरण नियम 1960) के अनुसार लागू फर्म का इस्तेमाल किया जाएगा. यह मामला तब विवाद का विषय बन गया जब यह बात सामने आई कि संधू और जोशी ने फॉर्म 6 से जुड़े बदलावों पर आपत्ति जताई थी. फॉर्म 6 वह कानूनी फॉर्म है जिसका इस्तेमाल योग्य नागरिक वोटर लिस्ट में अपना नाम शामिल करवाने के लिए करते हैं. जोशी ने इस फॉर्म में किए गए बदलावों पर यह कहते हुए आपत्ति जताई थी कि 'रजिस्ट्रेशन ऑफ इलेक्टर्स रूल्स, 1960' के तहत तय किए गए फॉर्म में नियमों में संशोधन किए बिना कोई बदलाव नहीं किया जा सकता. संधू भी उनकी बात से सहमत थे।  आयोग की वेबसाइट ECINET पर ऑनलाइन फॉर्म 6 की प्रक्रिया में SIR से जुड़ी घोषणा को शामिल किए जाने के बाद, संधू ने फिर से आपत्ति जताई और इस बदलाव को 'अनधिकृत/गैर-कानूनी' बताते हुए इसे हटाने की मांग की. हालांकि, अपने सार्वजनिक बयानों में चुनाव आयोग ने कहा है कि फॉर्म 6 में कोई बदलाव नहीं किया गया था और घोषणा (डिक्लेरेशन) SIR से जुड़ी एक अतिरिक्त जरूरत थी. आयोग ने यह भी कहा है कि बिहार SIR पर अपने फ़ैसले में सुप्रीम कोर्ट ने इस घोषणा को सही ठहराया था।  26 सितंबर को ये फैसले तब लिए गए जब इंडियन एक्सप्रेस ने दावा किया कि संधू और जोशी ने पिछले 10 महीनों में SIR से जुड़े उन फैसलों और आदेशों पर कम से कम 14 बार आधिकारिक तौर पर आपत्ति जताई थी, जो उनके अनुसार उनकी जानकारी या सिफारिश के बिना जारी किए गए थे. आयोग ने 26 सितंबर के अपने बयान में कहा कि SIR से जुड़े आदेशों को तीनों चुनाव आयुक्तों की सर्वसम्मत मंजूरी मिली थी। 

गोरखपुर में लगातार दूसरे दिन जनता दर्शन में सीएम योगी ने सुनीं करीब 150 लोगों की समस्याएं

सुनिश्चित होगा हर व्यक्ति की समस्या का समाधान : मुख्यमंत्री गोरखपुर में लगातार दूसरे दिन जनता दर्शन में सीएम योगी ने सुनीं करीब 150 लोगों की समस्याएं मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दिए निर्देश, तत्परता और संवेदनशीलता से कराएं समस्याओं का निराकरण गोरखपुर  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर प्रवास के दौरान लगातार दूसरे दिन, बुधवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न जिलों से आए लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान के प्रति आश्वस्त किया। उन्होंने समस्या/शिकायत लेकर आए लोगों से कहा कि चिंता मत करिए, सरकार हर व्यक्ति की समस्या का समाधान प्रतिबद्धता से कराएगी। इस अवसर पर सीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे पूरी तत्परता और संवेदनशीलता से यह सुनिश्चित करें कि बिना भेदभाव सबको न्याय मिले। हर पात्र को जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिले, जरूरतमंदों के समुचित इलाज की व्यवस्था हो, जमीन कब्जाने वाले भू माफिया व दबंगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई हो।  गोरखनाथ मंदिर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब 150 लोगों की समस्याएं सुनीं। सबके प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को संदर्भित करते हुए त्वरित और संतुष्टिपरक निस्तारण का निर्देश देने के साथ लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार हर पीड़ित की समस्या का समाधान सुनिश्चित कराएगी। मुख्यमंत्री ने राजस्व और कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों में शीघ्रता से निस्तारण के निर्देश दिए। बुधवार को भी जनता दर्शन में कुछ लोग गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए आर्थिक मदद की गुहार लेकर आए थे। इस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो भी जरूरतमंद हैं, प्रशासन उनके उच्च स्तरीय इलाज का इस्टीमेट शीघ्रता से बनवाकर उपलब्ध कराए। इस्टीमेट मिलते ही सरकार विवेकाधीन कोष से धन उपलब्ध कराएगी।  गुरु पूजा करने के बाद सीएम योगी ने की गोसेवा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जब भी गोरखनाथ मंदिर प्रवास पर होते हैं तो प्रातःकाल गुरु गोरखनाथ का दर्शन पूजन करने के बाद अपने पूज्य गुरुदेव ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ जी महाराज की समाधि स्थल पर जाकर शीश झुकाना, आशीर्वाद लेना उनकी दिनचर्या में शामिल होता है। पर, इस बुधवार उनके लिए गुरु की विशेष पूजा का अवसर था। बुधवार (आश्विन कृष्ण चतुर्थी) को ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ जी महाराज की 12वीं पुण्यतिथि पर गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनकी विशेष पूजा अर्चना की। मंदिर प्रवास के दौरान पारंपरिक दिनचर्या के अनुसार मुख्यमंत्री गोसेवा करने गोशाला में भी पहुंचे। यहां उन्होंने गायों और गोवंश को स्नेहिल भाव से गुड़ खिलाया। गोशाला में मुख्यमंत्री के साथ देश के अलग-अलग हिस्सों से आए संतजन भी उपस्थित रहे।

किसानों के लिए बड़ी खबर, छत्तीसगढ़ को मिले ₹181.99 करोड़; कृषि योजनाओं को मिलेगी रफ्तार

 रायपुर  कृषि विकास को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार ने प्रदेश को 181.99 करोड़ रुपये की राशि जारी की है। इसमें राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत 91.20 करोड़ और कृषि उन्नति योजना के तहत 90.79 करोड़ रुपये शामिल हैं। कृषि मंत्रियों का सम्मेलन और केंद्रीय मंत्री से मुलाकात नई दिल्ली में 28 और 29 सितंबर को रबी अभियान 2026 के तहत देशभर के कृषि मंत्रियों का सम्मेलन हुआ। इसी दौरान कृषि मंत्री राम विचार नेताम ने केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की। केंद्रीय मंत्री ने उन्हें दोनों योजनाओं के तहत दूसरी किस्त की राशि जारी किए जाने की जानकारी दी। रबी फसल और अभियानों पर विशेष ध्यान  राष्ट्रीय कृषि सम्मेलन के दौरान रबी सीजन की तैयारियों और केंद्र सरकार की कृषि योजनाओं को छत्तीसगढ़ में प्रभावी ढंग से लागू करने को लेकर विस्तृत मंथन किया गया। बैठक में किसानों तक सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाने और कुल कृषि उत्पादन में वृद्धि दर्ज करने पर विशेष जोर दिया गया।  182 करोड़ रुपये के इस नए आवंटन से प्रदेश में चल रहे विकसित संकल्प अभियान और खेत बचाओ अभियान को मजबूती मिलेगी। सरकार का प्राथमिक उद्देश्य कृषि उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ किसानों तक योजनाओं का पारदर्शी लाभ पहुंचाना है।  दलहन और तिलहन का रकबा बढ़ाने की योजना सम्मेलन में छत्तीसगढ़ के भीतर दलहन और तिलहन फसलों का क्षेत्रफल बढ़ाने की विशेष रणनीति पर गहन विचार-विमर्श हुआ। इसके साथ ही राज्य में कृषि उत्पादन बढ़ाने और किसानों को बेहतर कृषि व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। स्वीकृत की गई राशि मिलने से प्रदेश की विभिन्न कृषि योजनाओं तथा अभियानों की रफ्तार बढ़ेगी। इससे रबी सीजन के दौरान किसानों को सहायता मिलेगी और खेती से जुड़े अभियानों को जमीनी स्तर पर गति प्राप्त होगी। किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को मजबूत करने पर जोर केंद्रीय मंत्री चौहान ने एक पत्र देते हुए कहा कि केंद्र सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को मजबूत करने के लिए राज्यों के साथ मिलकर काम कर रही है। दोनों योजनाओं के तहत मिली राशि से प्रदेश में कृषि से जुड़े कामों को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। कृषि विकास और योजनाओं के अधिकतम लाभ के लिए राशि का उपयोग कृषि मंत्री राम विचार नेताम ने राशि जारी करने के लिए केंद्र सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य के मिलकर काम करने से प्रदेश के कृषि क्षेत्र को नई गति मिल रही है। राशि का उपयोग कृषि विकास से जुड़े कामों को आगे बढ़ाने और किसानों को योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने में किया जाएगा।  

झारखंड से सिर्फ रांची का चयन, अब स्वच्छता व्यवस्था सुधारने की बढ़ी चुनौती

 रांची राजधानी रांची को केंद्र की ‘प्रगति’ पहल के तहत चुने गए देश के 50 शहरों में शामिल किया गया है। झारखंड से सिर्फ रांची का चयन हुआ है। सूची में रांची के साथ रांची नगर निगम को संबंधित नगरीय निकाय के रूप में शामिल किया गया है। रांची को इस सूची में शामिल किए जाने के बाद शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर करने की चुनौती बढ़ गई है। इसमें सिर्फ सड़कों की सफाई और घर-घर से कचरा उठाना ही नहीं, बल्कि कचरे का संग्रहण, अलग-अलग करना, प्रसंस्करण और अंतिम निस्तारण तक पूरी व्यवस्था को दुरुस्त करना शामिल है। देश के 50 शहरों में रांची प्रगति की सूची में देश के 24 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 50 शहर शामिल हैं। इनमें पटना, गया, रायपुर, अहमदाबाद, सूरत, गुरुग्राम, इंदौर, भोपाल, मुंबई, पुणे, चेन्नई, हैदराबाद, लखनऊ, वाराणसी, जयपुर और कोलकाता जैसे शहर शामिल हैं। झारखंड से रांची अकेला शहर है। क्या है प्रगति? प्रगति का पूरा नाम ‘सक्रिय शासन और समयबद्ध क्रियान्वयन’ है। यह केंद्र सरकार की ऐसी व्यवस्था है, जिसके माध्यम से महत्वपूर्ण योजनाओं और परियोजनाओं की प्रगति की निगरानी की जाती है। इसमें केंद्र और राज्य सरकार के बीच समन्वय के साथ लंबित मामलों को दूर करने और योजनाओं को समय पर पूरा कराने पर जोर दिया जाता है। रांची के सामने अब क्या चुनौती रांची में कचरा उठाव, कचरे का पृथक्करण, नालियों की सफाई, जल निकासी और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता जैसी व्यवस्थाओं को मजबूत करना होगा। खासकर कचरे के पूरे चक्र को व्यवस्थित करना बड़ी चुनौती होगी। यानी प्रगति की सूची में रांची का शामिल होना सिर्फ उपलब्धि नहीं, बल्कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को जमीन पर बेहतर साबित करने की नई जिम्मेदारी भी है।

हिंदू धर्म में 33 करोड़ नहीं, कितने देवता? वेद-उपनिषदों में क्या है उल्लेख

हिंदू धर्म को लेकर आपने भी अक्सर एक बात सुनी होगी कि हिंदू धर्म में 33 करोड़ देवी-देवता हैं. यह बात इतनी बार कही और सुनी गई है कि बहुत से लोगों के लिए यह एक स्थापित तथ्य जैसी बन गई है. लेकिन क्या सच में वेदों और उपनिषदों में 33 करोड़ देवी-देवताओं का उल्लेख मिलता है? अगर हिंदू धर्म के सबसे पुराने ग्रंथों की तरफ लौटकर इस सवाल का जवाब तलाशें, तो तस्वीर थोड़ी अलग दिखाई देती है. यहां बात सिर्फ 33 करोड़ या 33 कोटि की नहीं है, बल्कि यह समझना भी जरूरी है कि ‘देवता’ शब्द का वैदिक अर्थ क्या था, 33 देवताओं की गणना कैसे हुई और ब्रह्मा, विष्णु और महेश का इस पूरी व्यवस्था में स्थान क्या है. क्या है 33 कोटि का मतलब? इस पूरे विवाद की जड़ एक संस्कृत शब्द कोटि है. आज कोटि का इस्तेमाल अक्सर करोड़ के अर्थ में होता है. लेकिन संस्कृत में इस शब्द के एक से अधिक अर्थ मिलते हैं. संदर्भ के अनुसार इसका अर्थ श्रेणी, वर्ग, प्रकार या उत्कृष्ट व श्रेष्ठ भी हो सकता है. इसलिए 33 कोटि को हर जगह सीधे 33 करोड़ पढ़ना उचित नहीं है. भारतीय परंपरा और वैदिक व्याख्याओं में 33 देवताओं की अवधारणा का उल्लेख मिलता है. यानी 33 कोटि देवता को 33 करोड़ अलग-अलग भगवान मान लेना शास्त्रीय संदर्भ को बहुत सरल बना देना होगा. वेदों में 33 देवताओं का क्या उल्लेख है? वैदिक साहित्य में 33 देवताओं की संख्या का उल्लेख मिलता है. अलग-अलग वैदिक ग्रंथों में इनकी सूची या वर्गीकरण में थोड़ा अंतर दिखाई देता है, लेकिन मुख्य रूप से 8 वसु, 11 रुद्र और 12 आदित्य का समूह 31 का होता है. बृहदारण्यक उपनिषद के एक प्रसिद्ध संवाद में ऋषि याज्ञवल्क्य से देवताओं की संख्या पूछी जाती है. वे पहले 33 बताते हैं. आगे पूछे जाने पर वे संख्या को 6, फिर 3, फिर 2, फिर डेढ़ और अंत में 1 तक ले जाते हैं. इसी संवाद में 33 देवताओं को 8 वसु, 11 रुद्र, 12 आदित्य, इंद्र और प्रजापति के रूप में समझाया गया है. यानी यहां 33 करोड़ देवताओं की सूची नहीं, बल्कि देवताओं की एक विशिष्ट वैदिक गणना सामने आती है. कौन हैं 8 वसु? बृहदारण्यक उपनिषद में वसुओं को उन शक्तियों से जोड़ा गया है जिन पर यह संसार टिका हुआ है. वहां अग्नि, पृथ्वी, वायु, अंतरिक्ष, सूर्य, द्युलोक, चंद्रमा और नक्षत्रों को वसु कहा गया है. वसु शब्द का संबंध उस चीज से समझा जाता है जो संसार के लिए आधार या निवास का कारण बने. इसलिए वसुओं को केवल किसी मानव जैसी आकृति वाले देवताओं के रूप में देखने के बजाय प्रकृति और संसार की मूल शक्तियों से जुड़ी वैदिक अवधारणा के रूप में भी समझा जाता है. 11 रुद्र कौन हैं? रुद्रों को लेकर भी लोकप्रिय धारणा और वैदिक व्याख्या में अंतर दिखाई देता है. आज रुद्र नाम सुनते ही भगवान शिव की याद आती है. वैदिक परंपरा में रुद्र की अवधारणा व्यापक है. बृहदारण्यक उपनिषद में 11 रुद्रों की व्याख्या मनुष्य के दस प्राणों और आत्मा के संदर्भ में की गई है. जब ये शरीर से चले जाते हैं तो मनुष्य के प्रियजन शोक करते हैं, इसलिए उन्हें रुद्र कहा गया. बाद की हिंदू परंपराओं में रुद्र का संबंध भगवान शिव के साथ और अधिक गहराई से जुड़ गया. इसलिए वैदिक रुद्र और बाद की शिव-परंपरा के बीच ऐतिहासिक विकास को समझना जरूरी है. 12 आदित्य किसे कहा गया है? 12 आदित्य का संबंध वैदिक साहित्य में सूर्य और समय की अवधारणाओं से भी जोड़ा गया है. बृहदारण्यक उपनिषद में 12 आदित्यों को वर्ष के 12 महीनों के रूप में समझाया गया है, जो संसार को अपने साथ आगे ले जाते हैं. बाद के ग्रंथों में 12 आदित्यों के नामों की सूचियां भी मिलती हैं और उनमें अलग-अलग परंपराओं के अनुसार कुछ अंतर हो सकता है. इसलिए हर ग्रंथ की सूची को एक जैसा मानना सही नहीं होगा. फिर 33 की संख्या पूरी कैसे होती है? यही हिस्सा सबसे दिलचस्प है. 8 वसु + 11 रुद्र + 12 आदित्य = 31. इसके बाद बृहदारण्यक उपनिषद की गणना में इंद्र और प्रजापति को जोड़कर संख्या 33 होती है. वहीं दूसरे वैदिक ग्रंथों में 33 की संरचना में कुछ अंतर मिलता है. उदाहरण के लिए, शतपथ ब्राह्मण की एक व्याख्या में 8 वसु, 11 रुद्र, 12 आदित्य और द्यौस-पृथ्वी का उल्लेख मिलता है, जबकि एक अन्य वैदिक पाठ में इंद्र और प्रजापति को शामिल किया गया है. इसलिए, 33 देवताओं की बात तो स्पष्ट है, लेकिन उनकी अंतिम सूची हर वैदिक पाठ में बिल्कुल एक जैसी नहीं है. फिर ब्रह्मा, विष्णु और महेश कहां आते हैं? यह सवाल भी बेहद स्वाभाविक है. हिंदू धर्म की बाद की प्रमुख परंपराओं में ब्रह्मा, विष्णु और शिव को त्रिमूर्ति के रूप में देखा जाता है. इन्हें क्रमशः सृष्टि, पालन और संहार या परिवर्तन से जुड़ी भूमिकाओं के संदर्भ में समझाया जाता है. लेकिन यह कहना कि हर वैदिक ग्रंथ में त्रिमूर्ति की यही अवधारणा उसी रूप में मौजूद थी, सही नहीं होगा. ब्रह्मा, विष्णु और शिव की लोकप्रिय त्रिमूर्ति अवधारणा हिंदू धार्मिक विचार के लंबे विकास के दौरान अधिक स्पष्ट रूप से सामने आती है. इसलिए, इन्हें 33 देवताओं की किसी एक सूची में जबरन फिट करने के बजाय वैदिक देवताओं और बाद की पौराणिक परंपराओं के विकास को अलग-अलग समझना ज्यादा सही है. क्या हिंदू धर्म में भगवान एक हैं या अनेक? यहीं से हिंदू दर्शन का एक महत्वपूर्ण पहलू सामने आता है. उपनिषदों में एक ओर अलग-अलग देवताओं और शक्तियों की चर्चा मिलती है, तो दूसरी ओर परम सत्य की एकता पर भी जोर दिया जाता है. बृहदारण्यक उपनिषद के उसी संवाद में याज्ञवल्क्य से देवताओं की संख्या पूछते-पूछते अंत में संख्या एक तक पहुंचती है. ऋग्वेद का प्रसिद्ध वाक्य ‘एकं सद् विप्रा बहुधा वदन्ति’ भी इसी विचार से जोड़ा जाता है कि सत्य एक है, लेकिन ज्ञानी उसे अलग-अलग नामों से संबोधित करते हैं. इसका अर्थ यह नहीं कि हिंदू धर्म की हर परंपरा बिल्कुल एक ही दार्शनिक व्याख्या स्वीकार करती है. हिंदू दर्शन में एकेश्वरवादी, बहुरूपी और विभिन्न दार्शनिक दृष्टिकोणों की लंबी परंपरा रही

दिवाली से पहले हवाई किराए में उछाल, जयपुर से कई रूट पर 3 गुना तक बढ़े दाम

जयपुर त्योहारों पर घर जाना है? जाइए जरूर, बस टिकट बुक करने से पहले जेब को समझा दीजिए कि इस बार सफर थोड़ा 'भावुक' करने वाला है। दिवाली अभी दूर हैं, लेकिन उसकी महंगाई ने जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहले ही दस्तक दे दी है। श्राद्ध, नवरात्र, दशहरा, करवाचौथ, दिवाली और छठ… लगातार त्योहारों ने हवाई यात्रा की मांग बढ़ाई तो एयरलाइंस ने किराए का मीटर भी तेज कर दिया। जयपुर से कई रूट पर सामान्य दिनों की तुलना में किराया डेढ़ से तीन गुना तक बढ़ गया है। यानी त्योहारों की खरीदारी शुरू होने से पहले ही टिकट ने बजट बिगाड़ दिया। ट्रैवल एजेंट्स के अनुसार इस बार त्योहारों का सिलसिला लगातार बना हुआ है। श्राद्ध, नवरात्र, दशहरा, दिवाली और छठ के दौरान देशभर में रह रहे प्रवासी राजस्थानियों का घर आना-जाना बढ़ेगा। पर्यटकों की आवाजाही भी तेज रहेगी। ज्यादातर प्रमुख ट्रेनें पैक, स्पेशल ट्रेनों में भी वेटिंग उधर, त्योहारी सीजन में जयपुर से संचालित होने वाली ज्यादातर प्रमुख ट्रेनें अभी से पैक हो चुकी हैं। कई रूटों पर नो रूम की स्थिति बन गई है। रेलवे की ओर से घोषित स्पेशल ट्रेनों में भी अब लंबी वेटिंग शुरू हो गई है। छह से आठ नवंबर के बीच किराए की पड़ताल में सामने आई तस्वीर जयपुर-मुंबईः जयपुर से मुंबई का हवाई किराया 14 हजार रुपए तक पहुंच गया है। वहीं 5 नवंबर को मुंबई से जयपुर का न्यूनतम किराया 14 हजार और अधिकतम 18 हजार रुपए से अधिक है। सामान्य दिनों में यह किराया 6 से 7 हजार रुपए के बीच रहता है। जयपुर-पुणेः जयपुर से पुणे का किराया 10,559 रुपए से शुरू होकर 12 हजार रुपए तक पहुंच गया है। वहीं पुणे से जयपुर का किराया 20 हजार रुपए तक पहुंच गया। 9 नवंबर को दोपहर 3 बजे रवाना होने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट का किराया 20,230 रुपए दर्ज किया गया। अन्य फ्लाइट्स भी 13 हजार रुपए तक किराया वसूल रही हैं। जयपुर-कोलकाताः 6 नवंबर की बुकिंग पर जयपुर से कोलकाता का न्यूनतम किराया 10 हजार है, जो 17 हजार रुपए तक पहुंच गया है। कोलकाता से जयपुर आने वाले यात्रियों को किराए में कुछ राहत मिल रही है। जयपुर-दिल्लीः 5 नवंबर की बुकिंग पर जयपुर से दिल्ली का अधिकतम हवाई किराया 14 हजार रुपए तक पहुंच गया है, जो सामान्य किराए से करीब चार गुना अधिक है। गत वर्ष की तुलना में महंगा हुआ सफर गत वर्ष की तुलना में इस बार हवाई किराया अधिक महंगा है। पिछले वर्ष इन दिनों जयपुर से मुंबई का सामान्य किराया 5,190 से 5,506 रुपए के बीच था, जबकि वर्तमान में सामान्य किराया 6,744 रुपए तक पहुंच चुका है। जयपुर से कोलकाता, पुणे, अहमदाबाद समेत कई रूटों पर भी किराए में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। प्रमुख वजह एयर ट्रैफिक फ्यूल की बढ़ी हुई दरों को माना जा रहा है।

धान किसानों की बढ़ी परेशानी, पोर्टल पर खेत में धान की जगह दिख रहा गन्ना

कैथल प्रदेश के डेढ लाख किसानों ने पीआर धान की खेती छोड़ दी है। पिछली बार 11.07 लाख किसानों ने 73.48 लाख एकड़ का पंजीकरण मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर कराया था, जबकि इस बार 9,60,874 किसानों ने 57,75,937 एकड़ का पंजीकरण कराया। जो किसान 31 जुलाई तक पंजीकरण नहीं करा पाए, उनके लिए सरकार ने 21 से 29 सितंबर तक पोर्टल फिर खोला था। सात दिनों में सिर्फ 5874 किसानों ने 38 हजार एकड़ का पंजीकरण कराया। अब तहसील और एसडीएम कार्यालय में जांच का काम चल रहा है। काफी किसानों का अब भी डाटा मिसमैच हो रहा है। जिस खेत में धान की फसल खड़ी है, पोर्टल पर उसमें गन्ना लहलहा रहा है। 30 सितंबर तक सत्यापन करना है। यह चुनौती है। भिवानी हिसार में रकबा कब कृषि विभाग के अधिकारियों का कहना है कि पंजीकरण का वेरिफिकेशन चल रहा है, अब अगले दो से तीन दिनों में एरिया का डाटा बढ़ सकता है। धान की सुचारू खरीद के लिए 883 सीसीटी कैमरे लगाए गए हैं, कैमरे मंडियों के गेटों पर लगाए गए हैं। पिछले साल की अपेक्षा भिवानी और हिसार में अब भी सबसे कम पंजीकरण हुआ है। हिसार में 2025 में 6.86 लाख एकड़ का पंजीकरण हुआ था, इस बार अब तक 3074.82 एकड़ का पंजीकरण हुआ है। प्रमुख जिलों का पंजीकरण ब्योरा मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल के आंकड़ों के अनुसार अंबाला में 37,507 किसानों ने 2,29345.37 एकड़ फसल का पंजीकरण कराया। इसी प्रकार भिवानी में 70,402 किसानों ने 4,06118.30 एकड़, चरखीदादरी में 43,077 किसानों ने 2,05300 एकड़, फतेहबाद में 59301 किसानों ने 4,17,768.92 एकड़, हांसी में 27,345 किसानों ने 1,63,934.39 एकड़, हिसार में 54,900 किसानों ने 3,07,434.82 एकड़, झज्जर में 31,747 किसानों ने 2,01,481.72 एकड़, जींद में 38,659 किसानों ने 3,72,491.25 एकड़, कैथल में 50,825 किसानों ने 3,89,490.61 एकड़। करनाल में 54,002 किसानों ने 4,07,495.11 एकड़, कुरुक्षेत्र में 45,548 किसानों ने 3,01,091.25 एकड़, पानीपत में 19,727 किसानों ने 1,50,290.30 एकड़, रोहतक में 29,853 किसानों ने 1,75,994.75 एकड़, सिरसा में 91,088 किसानों ने 6,71,925.49 एकड़, सोनीपत में 35,315 किसानों ने 2,15,959.85 और यमुनानगर में 46,382 किसानों ने 2,38,738.81 एकड़ पीआर धान का पंजीकरण कराया है। दो लाख एकड़ मिसमैच, गड़बड़ाया हिसाब पिछले दिनों पटवारियों की हड़ताल के कारण किसान के सामने समस्या खड़ी हो गई है। सत्यापन नहीं होने से पोर्टल पर डाटा मिसमैच हो रहा है। जिस खेत में धान की फसल खड़ृी है पोर्टल पर उसमें गन्ने की फसल दिखाई है। इसी मिसमैच के कारण गेटपास नहीं कट पा रहे हैं। बड़ी संख्या में किसान मंडियों में गेट पास कटवाने पहुंच रहे हैं, लेकिन पोर्टल पर उनकी फसल मिसमैच दिखाई दे रही है। अकेले यमुनानगर में ही करीब एक लाख 10 हजार एकड़ से अधिक रकबा मिसमैच है। हड़ताल के कारण आई दिक्कत किसानों की बोई फसल का सही ब्योरा दर्ज करने के लिए हर वर्ष गिरदावरी कराई जाती है। सामान्य तौर पर राजस्व विभाग के पटवारी 10 से 15 सितंबर तक खेतों में जाकर यह कार्य पूरा करते हैं। इस बार निर्धारित अवधि में गिरदावरी नहीं हो सकी। बाद में आनन-फानन में गिरदावरी कराई, लेकिन खामियां रह गईं

महाराष्ट्र के इनपुट पर रायपुर में DGGI की छापेमारी, गोदाम से मिला भारी गुटखा स्टॉक

 रायपुर  राजधानी रायपुर में गुटखा कारोबार से जुड़े एक ठिकाने पर डायरेक्टरेट जनरल ऑफ जीएसटी इंटेलिजेंस (DGGI) की टीम ने मंगलवार को छापेमारी की। महाराष्ट्र से मिले इनपुट के आधार पर अधिकारियों की टीम तीन गाड़ियों में शदाणी दरबार मार्केट स्थित एक गोदाम पर पहुंची और वहां दस्तावेजों तथा गुटखा स्टॉक की जांच शुरू की। जानकारी के मुताबिक DGGI को सूचना मिली थी कि गोदाम में बड़ी मात्रा में सितार ब्रांड का गुटखा रखा हुआ है। टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी ली तो 50 से अधिक बोरे गुटखा मिलने की बात सामने आई। अधिकारियों ने मौके पर मिले स्टॉक को जांच के दायरे में लिया है और यह पता लगाया जा रहा है कि गोदाम में रखा माल किस कारोबारी का है। कार्रवाई के दौरान गोदाम मालिक और वहां से जुड़े कुछ अन्य लोगों को भी मौके पर बुलाया गया। अधिकारियों ने उनसे स्टॉक, खरीद-बिक्री और परिवहन से संबंधित जानकारी मांगी। टीम ने मौके पर उपलब्ध दस्तावेजों की जांच शुरू की है। पूरी कार्रवाई की वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई गई। सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई महाराष्ट्र से मिले इनपुट के बाद की गई। DGGI अधिकारियों को गुटखा की आपूर्ति और स्टॉक से जुड़े कुछ अहम इनपुट मिले थे, जिसके आधार पर रायपुर स्थित गोदाम को चिन्हित किया गया। इसके बाद टीम ने अचानक दबिश दी। कार्रवाई के दौरान बरामद गुटखा किस नेटवर्क से जुड़ा है, इसकी भी जांच की जा रही है। सूत्रों का दावा है कि गोदाम से मिला माल एक बड़े गुटखा कारोबारी से जुड़ा हो सकता है।  हालांकि इस संबंध में DGGI की ओर से अभी तक आधिकारिक तौर पर नाम और मालिकाना संबंध की पुष्टि नहीं की गई है। बताया जा रहा है कि जांच एजेंसी अब सप्लाई चेन, स्टॉक रजिस्टर, बिलिंग और टैक्स भुगतान से जुड़े दस्तावेजों का मिलान कर रही है। अधिकारियों का फोकस इस बात पर है कि माल वैध बिलिंग के साथ गोदाम तक पहुंचा था या नहीं और संबंधित कारोबार में GST से जुड़े नियमों का पालन किया गया है या नहीं। इस कार्रवाई को करीब नौ दिन पहले दुर्ग जिले में हुई एक अन्य रेड से भी जोड़कर देखा जा रहा है। कुम्हारी के स्टेशन चौक क्षेत्र में सेंट्रल GST इंटेलिजेंस की टीम ने एक फैक्ट्री में दबिश दी थी। वहां सितार ब्रांड का गुटखा बनाए जाने की जानकारी सामने आई थी। कार्रवाई के दौरान दो मशीनें और करीब 30 बोरे गुटखा जब्त किए जाने की बात कही गई थी। अब रायपुर में 50 से अधिक बोरे मिलने के बाद एजेंसियां इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुट गई हैं। जांच में यह भी देखा जा रहा है  कि रायपुर और दुर्ग में मिले स्टॉक के बीच कोई सीधा कारोबारी संबंध है या नहीं। फिलहाल DGGI की टीम दस्तावेजों और बरामद माल की जांच कर रही है। कार्रवाई पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि टैक्स चोरी या अवैध कारोबार से जुड़ा कोई मामला बनता है या नहीं और आगे किसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। 3 गाड़ियों में पहुंची थी टीम बताया जा रहा है कि महाराष्ट्र से मिले इनपुट के बाद DGGI के अधिकारी रायपुर पहुंचे। इसके बाद 3 गाड़ियों में टीम कारोबारी के ठिकाने पर पहुंची और जांच शुरू की। मौके पर गोदाम मालिक और कुछ लोगों को भी बुलाया गया और पूछताछ की गई। पूरी कार्रवाई की DGGI की टीम ने वीडियो रिकार्डिंग भी की है। गुटखा किंग बंटी से जुड़ रहे तार DGGI सूत्रों के अनुसार जिस गोदाम में मंगलवार की दोपहर को दबिश देकर गुटखा जब्त किया गया। वो गुटखा कारोबारी बंटी का बताया जा रहा है। कारोबारी बंटी का दुर्ग में पाटर्नर है, जहां पहले भी कार्रवाई हो चुकी है। कारोबारी बंटी महाराष्ट्र से ऑपरेट कर रहा है। महाराष्ट्र में कल्याण के पास फैक्ट्री डाली है। वहीं से गुटखा बनवाकर छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, मुंबई और उत्तर प्रदेश के कई राज्यों में सप्लाई किया जा रहा है। 9 दिन पहले सेंट्रल GST ने दुर्ग में मारा था छापा 9 दिन पहले दुर्ग जिले में सेंट्रल GST इंटेलिजेंस की टीम ने छापा मारा था। कुम्हारी के स्टेशन चौक इलाके में एक फैक्ट्री के अंदर सितार कंपनी का गुटखा बनाया जा रहा था। इस दौरान गुटखा बनाने में इस्तेमाल होने वाली 2 मशीनें और करीब 30 बोरा गुटखा जब्त किया गया था। इसके बाद रायपुर में कार्रवाई हुई है।

OMG! राखी सावंत ने डोनाल्ड ट्रंप को बताया अपना ‘पापा’, बोलीं- मुझे US की नागरिकता दिलाएं

OMG…ये क्या बोल गईं राखी सावंत? वैसे राखी हैं, तो कुछ भी कह सकती हैं. आखिर राखी अपने बेबाक अंदाज के लिए ही जानी जाती हैं. वो बिंदास होकर बिना डरे अपने दिल की बातें शेयर करती हैं. राखी ने अब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को लेकर कुछ ऐसा कह दिया है, जिसके बाद आप भी अपना माथा पकड़ लेंगे. चर्चा में राखी का बयान राखी सावंत ने कहा कि डोनाल्ड ट्रंप उनके शुगर डैडी हैं. राखी का यह भी कहना है कि वो डोनाल्ड ट्रंप को अपना पिता मानती हैं. वो चाहती हैं कि डोनाल्ड ट्रंप उन्हें यूएस की नागरिकता दे दें. फरीदून शहरयार संग बातचीत में राखी ने डोनाल्ड ट्रंप को लेकर कई दावे किए. हालांकि, राखी की बातों को सीरियस लेने की गलती नहीं करना…क्योंकि राखी ने ये सब मस्ती मजाक में कहा है. दरअसल, इंटरव्यू में राखी से पूछा गया कि उनका डोनाल्ड ट्रंप से क्या रिश्ता है. वो इस बात का खुलासा करें, क्योंकि राखी अक्सर डोनाल्ड ट्रंप को लेकर बयान देती रहती हैं. इस सवाल पर राखी बिना झिझके हुए बोलीं- डोनाल्ड ट्रंप मेरे पापा हैं. वो मेरे शुगर डैडी हैं. मां की आखिरी इच्छा राखी आगे बोलीं- जब मेरी मां का इंतकाल (निधन) हुआ था, उससे पहले मेरी मां ने मुझसे कहा था कि राखी तब तक तिजोरी मत खोलना जब तक मेरा इंतकाल न हो जाए. मां के निधन के बाद जब मैंने तिजोरी खोली तो उसमें मेरी मां के कई सारे जेवर थे. मां के जेवर मैंने अपने भाई-बहन को दे दिए. राखी आगे मजाकिया अंदाज में बोलीं- मेरे लिए तिजोरी में सिर्फ एक चिट्ठी थी. उसमें लिखा था- तुम्हारे पापा सावंत नहीं, बल्कि डोनाल्ड ट्रंप हैं. मैं चाहती हूं कि डोनाल्ड ट्रंप पापा मुझे स्वीकार कर लें और वहां की नागरिकता मुझे दे दें. फैंस ने उड़ाई राखी की खिल्ली राखी के इन दावों पर फैंस के भी मजेदार रिएक्शन देखने को मिल रहे हैं. एक यूजर ने लिखा- झूठ इतनी सफाई से बोलो कि सच बोलने वाला भी घबरा जाए. दूसरे यूजर ने लिखा- ये बात सिर्फ राखी ही बोल सकती हैं. वहीं, कई लोग लाफिंग इमोजी के साथ अपना रिएक्शन दे रहे हैं.