samacharsecretary.com

मुख्यमंत्री डॉ. यादव बोले – नागरिकों की सुविधा और द्रुत गति से नवीन जिलों का विकास शासन की प्राथमिकता

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पांढुर्णा सहित प्रदेश के नवीन जिलों के विकास, नागरिक सुविधाओं और जिलों का द्रुत गति से विकास शासन की प्राथमिकता है। यहां के युवाओं को उद्योगों और रोजगार से जोड़ने के लिए उद्योगों को बढ़ावा दिया जाएगा। कृषि और स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रम बनाये जायेंगे। यहां पशुपालन और दुग्ध उत्पादन की संभावनाओं को और बढ़ाएंगे। पांढुर्णा जिले के विकास में कोई भी बाधा नहीं आएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को पांढुर्णा जिले में जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक में अध्यक्षता करते हुए समिति के सदस्यों को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने कहा कि पांढुर्णा जिले के नवीन निर्माण कार्यों की स्वीकृतियां लगातार जारी की जा रही हैं। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने हनुमान लोक के अगले चरण के निर्माण कार्यों में प्रगति की जानकारी प्राप्त की और तीव्र गति से कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव को बैठक में पांढुर्णा जिले के विकास और उपलब्धियों के बारे में बताया गया कि जिले में अभी तक 112 करोड़ रूपये के विकास कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं, जिनमें मुख्य रूप से सांदीपनि विद्यालय पांढुर्णा, सांदीपनि विद्यालय सौंसर, पुलिस कंट्रोल रूम पांढुर्णा और चमत्कारिक हनुमान मंदिर जामसांवली हनुमान लोक के प्रथम चरण का निर्माण कार्य शामिल है। राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा सांदीपनी प्राथमिक शाला पांढुर्णा को स्कूल सर्टिफिकेशन योजना के अंतर्गत गोल्ड अवॉर्ड प्रदान किया गया है। सांदीपनि विद्यालय सौंसर में 1654 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। जिले में कुल 248 करोड़ रूपये की लागत के विकास कार्य निर्माणाधीन हैं, जिनमें विभिन्न शासकीय कार्यालयों, सड़क, पुल, नलजल योजनाओं के कार्य शामिल हैं। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने लोकहित परिसर नवीन कलेक्टर कार्यालय भवन पांढुर्णा के प्रस्तावित योजना का अवलोकन किया। हनुमान लोक के लोकार्पण के बाद मासिक आय हुई दोगुनी बैठक में बताया गया कि मुख्यमंत्री डॉ.यादव द्वारा हनुमान लोक के लोकार्पण के बाद से यहां की औसत मासिक आय 25 लाख रूपये से बढ़कर 60 लाख रूपये हो गई है। प्रथम चरण में हनुमान लोक की 57 दुकानों की नीलामी से लगभग 11 करोड़ रूपये की प्राप्ति हुई है, प्राप्त आय का उपयोग मंदिर और श्रद्धालु सुविधाओं के विकास एवं रख – रखाव में किया जा रहा है। बैठक की शुरुआत में जिला विकास सलाहकार समिति के सदस्य छिंदवाड़ा – पांढुर्णा सांसद विवेक बंटी साहू, पूर्व मंत्री नाना भाऊ मोहोड़, पांढुर्णा विधायक निलेश ऊईके और सौंसर विधायक विजय रेवनाथ चौरे ने मुख्यमंत्री डॉ.यादव का पौधा भेंट कर स्वागत किया। जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक में अशासकीय सदस्यों के साथ ही जबलपुर संभाग के आयुक्त धनंजय सिंह, आईजी जबलपुर प्रमोद वर्मा, कलेक्टर नीरज वशिष्ठ, डीआईजी राकेश सिंह, पुलिस अधीक्षक प्रकाश चंद्र परिहार, सीईओ जिला पंचायत अग्रिम कुमार सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे। विभागीय प्रदर्शनियों का किया अवलोकन मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सांदीपनी स्कूल पांढुर्णा में आयोजित सेवा सेतु अभियान सरकार आपके द्वार शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल एवं प्रदर्शनियों का अवलोकन किया। उन्होंने स्वरोजगार मूलक योजनाओं के हितग्राहियों द्वारा किए जा रहे कार्यों तथा स्थानीय स्तर पर तैयार किए जा रहे उत्पादों की सराहना की। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने हितग्राहियों को हितलाभ वितरण के साथ मुख्यमंत्री स्कूटी योजना अंतर्गत कक्षा 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को स्कूटी वितरित की। मुख्यमंत्री ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मोरडोंगरी की छात्रा श्वेता साबले, विद्यार्थी दीपांशु पराड़कर तथा सांदीपनी स्कूल की छात्रा दिव्या करबे को स्कूटी प्रदान की और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वन मंडल सामान्य के स्टॉल का अवलोकन करते हुए वहां प्रदर्शित आयुर्वेदिक एवं औषधीय उत्पादों की जानकारी ली। उन्होंने स्थानीय स्तर पर उपलब्ध वन एवं औषधीय संसाधनों से तैयार किए जा रहे उत्पादों को उपयोगी बताते हुए इनके बेहतर प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए। उन्होंने ऊर्जा विभाग, ऊर्जा विकास निगम के स्टॉल अवलोकन के दौरान प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन की जानकारी ली। जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के स्टॉल पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्थानीय उद्यमियों द्वारा तैयार किए जा रहे अचार, टोमेटो सॉस एवं विभिन्न प्रकार के मसालों का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के स्टॉल पर महिला स्व-सहायता समूह की दीदियों द्वारा तैयार किए गए लिप्पन आर्ट, मोजेक आर्ट एवं टी-लाइट क्राफ्ट सहित अन्य हस्तशिल्प उत्पादों का अवलोकन कर महिलाओं के हुनर की सराहना की। उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण के स्टॉल पर मुख्यमंत्री ने प्राकृतिक खेती से उत्पादित सब्जियों, अनाज तथा हल्दी का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को वितरित किए हितलाभ मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए गए। खेड़ीकला निवासी तुषार सुभाष काकड़े को ड्रिप इरिगेशन हेतु अनुदान राशि 1 लाख रुपए, भंदारगोंदी निवासी मोहन हिवसे को औजार अनुदान योजना तथा पुनम दुधकवरे, अश्विनी राजू सावकर, वैशाली हेमंत सौदागर, हर्षला वानखेड़े एवं किशोर दुधकवरे निवासी पांढुर्णा को प्रधानमंत्री श्रम योगी पेंशन योजना का लाभ प्रदान किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रमेश कोहले एवं सुरेश वघाले निवासी पांढुर्णा को वृद्धा पेंशन स्वीकृति, पांढुर्णा निवासी मनिषा बारंगे को दिव्यांग पेंशन योजना, कुरेशा बी को श्रवण यंत्र प्रदान किया गया। पांढुर्णा निवासी योगिता तायवाडे को व्हीलचेयर एवं ब्रेलीकेट, पांढुर्णा निवासी ओम प्रकाश मानकर एवं अशोक शहगल को प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 का लाभ मिला। पांढुर्णा निवासी मंदा वानखड़े, पूजा योगेश, अपूर्वा ठोमेरे एवं तरुण ठोमेरे को खाद्यान्न पात्रता पर्ची प्रदान की गई। पिपलपानी निवासी विजेश साहेबराव भादे को बीआरसी योजना के तहत बायो रिसोर्स सेंटर का लाभ मिला, पार्वती तिवारी एवं मनोहर धारपुरे निवासी पांढुर्णा को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए। मुख्यमंत्री ने वृद्धजनों का किया सम्मान, बच्चों को दुलारा मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पांढुर्णा जिले में सेवा मेरा योगदान एवं सेवा सेतु अभियान में सहभागिता की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव सांदीपनि स्कूल, पांढुर्णा में “हमारे वृद्ध, हमारा स्वाभिमान” एवं “हमारे बच्चे, हमारा स्वाभिमान” थीम पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम में उपस्थित वृद्धजनों का शॉल, श्रीफल से सम्मान करते हुए उन्हें फलों की टोकरी भेंट की। उन्होंने वृद्धजनों से आत्मीय संवाद कर उनका कुशलक्षेम जाना। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद योजना के बच्चों से भी आत्मीय भेंट की। उन्होंने बच्चों को ड्रॉइंग किट, मिठाइयां एवं चॉकलेट वितरित कीं। उन्होंने बच्चों से … Read more

आयुष्मान योजना से जुड़े अस्पतालों के कर्मियों को दिया जाएगा तकनीकी प्रशिक्षण, मरीजों को होगी सुविधा

लखनऊ, आयुष्मान भारत–प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (एबी-पीएमजेएवाई) के आठ वर्ष और आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (एबीडीएम) के पांच वर्ष पूरे होने के अवसर पर 7 अक्टूबर बुधवार को लखनऊ में राज्य स्तरीय वार्षिक समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हो सकते हैं। समारोह में आयुष्मान भारत और डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को प्रदेश में और मजबूत बनाने पर जोर दिया जाएगा। डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड को एबीडीएम से जोड़ने वाले अस्पतालों को किया जाएगा सम्मानित साचीज की सीईओ अर्चना वर्मा ने बताया कि समारोह के पहले सत्र में एबी-पीएमजेएवाई और एबीडीएम के प्रभावी क्रियान्वयन में बेहतर काम करने वाले जनपदों, अधिकारियों, कर्मचारियों, फील्ड लेवल वर्कर्स, ऑपरेटर्स और अस्पतालों को सम्मानित किया जाएगा। आयुष्मान कार्ड बनाने, अधिक से अधिक पात्र लोगों को योजना का लाभ दिलाने, कैशलेस उपचार उपलब्ध कराने और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं देने में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को सम्मान दिया जाएगा। इसके अलावा डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड को एबीडीएम से जोड़ने और योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने वाले अस्पतालों और कार्मिकों को भी सम्मानित किया जाएगा। इससे योजना से जुड़े लोगों और अस्पतालों को बेहतर काम करने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा। योजना से जुड़े अस्पतालों के कर्मियों को दिया जाएगा तकनीकी प्रशिक्षण स्वास्थ्य सचिव रितु माहेश्वरी ने बताया कि समारोह के दूसरे सत्र में प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना से जुड़े अस्पतालों के लिए विशेष तकनीकी प्रशिक्षण और हैंड-होल्डिंग सत्र आयोजित किया जाएगा। इसमें अस्पतालों को इलेक्ट्रॉनिक हेल्थ रिकॉर्ड (ईएचआर) तैयार करने और उसे आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन से जोड़ने की प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी। भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार पीएमजेएवाई के तहत जुड़े अस्पतालों के लिए ईएचआर तैयार करना और उसे एबीडीएम से लिंक करना जरूरी है। प्रदेश में बड़ी संख्या में अस्पताल पहले ही एबीडीएम से जुड़ चुके हैं। हालांकि, कई अस्पतालों में ईएचआर तैयार करने और उसे डिजिटल मिशन से जोड़ने की प्रक्रिया को और मजबूत करने की जरूरत है। तकनीकी सत्र में अस्पतालों को ईएचआर जनरेशन, एबीडीएम इंटीग्रेशन और इससे जुड़ी तकनीकी प्रक्रियाओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसका उद्देश्य अस्पतालों को निर्धारित मानकों का पालन करने में मदद करना है, ताकि पात्र अस्पताल गुणवत्ता आधारित प्रोत्साहन का लाभ भी प्राप्त कर सकें। डिजिटल हेल्थ सेवाओं को बढ़ावा दे रही योगी सरकार योगी सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और तकनीक आधारित बनाने पर लगातार जोर दे रही है। आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से पात्र लोगों को कैशलेस उपचार उपलब्ध कराने के साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं के डिजिटल विस्तार पर भी ध्यान दिया जा रहा है। योगी सरकार का प्रयास है कि आयुष्मान योजना के तहत उपचार की सुविधा बढ़ाने के साथ अस्पतालों में डिजिटल स्वास्थ्य रिकॉर्ड और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं को भी बढ़ावा मिले। इसके लिए अस्पतालों को ऑनलाइन प्रशिक्षण, तकनीकी सहायता और नियमित हैंड होल्डिंग उपलब्ध कराई जा रही है। आने वाले समय में भी अस्पतालों को इस संबंध में लगातार सहयोग दिया जाएगा, ताकि प्रदेश में आयुष्मान भारत और डिजिटल हेल्थ सेवाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।

गिल ने साफ किया प्लान, रोहित-कोहली के बिना अधूरी है टीम इंडिया की 2027 वर्ल्ड कप तैयारी

नई दिल्ली वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज का अंतिम मैच भारतीय टीम जीतने में सफल नहीं हो सकी. इसके बावजूद शुभमन गिल की कप्तानी में टीम ने 2-1 से सीरीज जीतने में कामयाबी हासिल की. मैच खत्म होने के बाद रोहित शर्मा और विराट कोहली के संन्यास को लेकर चल रही तमाम अटकलों पर शुभमन गिल ने खुलकर बात की. गिल के बयानों से साफ हो गया है कि फिलहाल इन दोनों दिग्गजों के बिना टीम इंडिया की प्लानिंग अधूरी है और वे 2027 वनडे वर्ल्ड कप की योजनाओं का अहम हिस्सा बने रहेंगे. वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे और आखिरी वनडे के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कप्तान गिल ने साफ शब्दों में कहा कि रोहित और विराट लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं. टीम को जब भी जरूरत पड़ी है, उन्होंने बेहतरीन पारियां खेली हैं. बेहतरीन फॉर्म में हैं कोहली-रोहित गिल ने कहा कि ये दोनों खिलाड़ी वाकई बहुत शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं. हमने देखा है कि रोहित भाई ने पिछली चार पारियों में कमाल की बल्लेबाजी की हैं. विराट भाई भी जबरदस्त फॉर्म में हैं और जब भी केएल राहुल को मौका मिला है, उन्होंने भी टीम के लिए बेहतरीन योगदान दिया है. 2027 वर्ल्ड कप को लेकर क्या कहा? जब उनसे पूछा गया कि क्या टीम यंगस्टर्स को आजमाने के लिए इन दिग्गजों को आराम दे सकती है. इस सवाल पर गिल ने दो टूक कहा कि अब बहुत ज्यादा प्रयोग करने का समय नहीं बचा है. टीम को वर्ल्ड कप से पहले अपनी पक्की प्लेइंग इलेवन तय करनी होगी, ताकि सभी खिलाड़ी एक साथ मिलकर खेल सकें. दिग्गजों का जलवा जारी भले ही रोहित शर्मा (39 वर्ष) और विराट कोहली (37 वर्ष) की उम्र को लेकर अक्सर सवाल उठाए जाते हैं, लेकिन मैदान पर उनके बल्ले से निकल रहे रन आलोचकों को करारा जवाब दे रहे हैं. सीरीज के दौरान विराट ने अपने वनडे करियर का 55वां शतक जड़ा तो वहीं रोहित ने भी लगातार उम्दा पारियां खेलकर यह साबित कर दिया कि उम्र सिर्फ एक नंबर है. कप्तान गिल के इस बयान के बाद यह तो तय है कि फिलहाल रोहित और विराट नीली जर्सी में अपना जलवा बिखेरते नजर आते रहेंगे. भारतीय क्रिकेट फैन्स भी रोहित शर्मा और विराट कोहली को साल 2027 के वर्ल्ड कप खेलते हुए देखना चाहते हैं.

अब प्रदेश से पलायन नहीं होता, अपनी माटी में हुनर दिखा रहे कारीगर: मुख्यमंत्री

संत रविदास नगर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यूपी अनलिमिटेड पोटेंशियल का प्रदेश था, लेकिन बीच में बीमारू मानसिकता वाली सरकारों ने इसे बीमारू बना दिया था। जिस उत्तर प्रदेश में कभी कारीगर और हस्तशिल्पी रोजी-रोजगार के लिए पलायन पर मजबूर थे, आज उन्हें अपनी ही माटी में हुनर दिखाने का मंच मिल रहा है। 2017 से पहले दंगा-कर्फ्यू और अराजकता से कारोबार बेहाल था, लेकिन अब कोई माफिया खुली जीप में पिस्टल लहराकर नहीं धमका सकता। न ही बेटी और व्यापारी की सुरक्षा में सेंध लगा सकता है। आज कालीन उद्योग को तकनीक, डिजाइन और बाजार के साथ बेहतर कनेक्टिविटी और सुरक्षा मिली है। भदोही का कालीन दुनिया के बाजार में अपनी पहचान बना रहा है। मुख्यमंत्री ने रविवार को संत रविदास नगर, भदोही के कारपेट एक्सपो मार्ट में 4-7 अक्टूबर तक आयोजित इंडिया कारपेट एक्सपो के स्वर्ण जयंती संस्करण का शुभारंभ किया। उन्होंने स्टॉलों पर जाकर कारीगरों व हस्तशिल्पियों के उत्पाद देखे। इस एक्सपो में लगभग 250 एग्जीबिटर्स और 65 देशों के 450 से अधिक विदेशी बायर्स हिस्सा ले रहे हैं। इनमें ब्रिक्स देशों के 106 बायर्स भी हैं।   ओडीओपी ने कालीन को दिया बड़ा बाजार मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में हताशा और निराशा थी। दंगा, कर्फ्यू, उपद्रव और माफियागिरी के कारण कारोबार का माहौल नहीं था। कारीगर को काम नहीं मिलता था और देशी-विदेशी खरीदार भी नहीं आते थे। सरकार ने वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट (ओडीओपी) योजना में भदोही के कालीन को शामिल कर कारीगरों को तकनीक, डिजाइन और बाजार से जोड़ा। सिल्क क्लस्टर से ₹6,100 करोड़ का निर्यात सीएम ने कहा कि संत रविदास नगर और सिल्क क्लस्टर से ₹6,100 करोड़ का निर्यात हो रहा है। देश के कुल कालीन निर्यात में संत रविदास नगर, मीरजापुर और वाराणसी के सिल्क क्लस्टर की हिस्सेदारी 60 प्रतिशत है। अकेले संत रविदास नगर में 2,500 एमएसएमई यूनिट हैं, जिनका वार्षिक टर्नओवर ₹10 हजार करोड़ है। इस उद्योग से पांच लाख से अधिक लोगों को सीधे रोजगार मिला है।   उन्होंने बताया कि जनपद में निर्मित 90 प्रतिशत कालीन अमेरिका, जर्मनी, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा और ब्रिटेन समेत विभिन्न देशों को निर्यात किए जाते हैं। भदोही के हस्तनिर्मित कालीन को जीआई टैग भी मिला है। कारपेट और टेक्सटाइल क्षेत्र में तकनीकी शिक्षा, डिजाइनिंग और डाइंग के प्रशिक्षण के लिए भदोही में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ कारपेट टेक्नोलॉजी स्थापित है।   छह घंटे में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी का सीधा लाभ कालीन उद्योग को मिल रहा है। गंगा एक्सप्रेसवे का विंध्य एक्सप्रेसवे के रूप में विस्तार होने पर संत रविदास नगर से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट छह घंटे में पहुंचा जा सकेगा। वहां कार्गो सुविधा से भदोही के कालीन दुनिया के बाजारों तक आसानी से पहुंच सकेंगे। साथ ही वाराणसी से हल्दिया के बीच इनलैंड वाटरवे और वाराणसी में लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भी कार्गो सुविधा उपलब्ध है।   अब कोई माफिया नहीं धमका सकता व्यापारी को मुख्यमंत्री ने कहा कि अब उत्तर प्रदेश में उपद्रव, कर्फ्यू और दंगे नहीं होते। कोई माफिया खुली जीप में पिस्टल लहराकर किसी को धमका नहीं सकता और बेटी व व्यापारी की सुरक्षा में सेंध नहीं लगा सकता। सुदृढ़ कानून-व्यवस्था का परिणाम है कि प्रदेश को ₹50 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। ₹15 लाख करोड़ के प्रस्तावों की ग्राउंड ब्रेकिंग हो चुकी है और साढ़े सात लाख करोड़ रुपये के उद्योग बहुत जल्द धरातल पर उतरने जा रहे है। प्रदेश में 96 लाख एमएसएमई यूनिट हैं और प्रत्येक यूनिट को पांच लाख रुपये का सुरक्षा बीमा कवर दिया जा रहा है।   14 हजार से 35 हजार के पार पहुंचे कारखाने मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में करीब 14 हजार कारखाने थे, जिनकी संख्या अब 35 हजार से अधिक हो गई है। देश के 55 प्रतिशत मोबाइल फोन और 60 प्रतिशत इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट का निर्माण उत्तर प्रदेश में हो रहा है। देश के एक्सप्रेसवे नेटवर्क में 60 प्रतिशत हिस्सेदारी उत्तर प्रदेश की है। डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के छह नोड पर काम चल रहा है और प्रदेश में 12 निजी औद्योगिक पार्क विकसित किए जा रहे हैं। निवेश मित्र, निवेश सारथी और उद्यमी मित्र जैसी व्यवस्थाओं के जरिये निवेशकों को हरसंभव सुविधाएं दी जा रही हैं।   नए संसद भवन में भी भदोही का कालीन सीएम योगी ने कहा कि भदोही के हुनरमंद हाथों से तैयार कालीन आज दुनिया के बड़े-बड़े प्रतिष्ठानों की शोभा बढ़ा रहे हैं। देश के नए संसद भवन में बिछा कालीन भी संत रविदास नगर में तैयार हुआ है। जिले के पास जीआई टैग, ओडीओपी प्लेटफार्म, कारपेट एक्सपो मार्ट और मजबूत निर्यात तंत्र है। लखनऊ और हरदोई के बीच एक हजार एकड़ में पीएम मित्र टेक्सटाइल पार्क विकसित किया जा रहा है। प्रदेश के प्रत्येक जनपद में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल एंप्लॉयमेंट एंड स्किलिंग जोन बनाने की तैयारी है। यहां उद्योगों की मांग के अनुसार स्किल्ड मैनपावर तैयार की जाएगी।   इंटरनेशनल ट्रेड शो से दुनिया ने देखी यूपी की ताकत मुख्यमंत्री ने कहा कि 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में आयोजित यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में छह लाख से अधिक विजिटर पहुंचे। डेढ़ लाख से अधिक बी2बी बैठकें हुईं। इसमें 2,400 से अधिक एग्जीबिटर्स और 650 से अधिक विदेशी खरीदार शामिल हुए। इस अवसर पर सांसद डॉ. विनोद कुमार बिंद, जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी, औराई विधायक दीनानाथ भास्कर, ज्ञानपुर विधायक विपुल दुबे, सीईपीसी अध्यक्ष कैप्टन मुकेश गोम्बर, उपाध्यक्ष असलम महबूब, एमएसएमई विभाग के प्रमुख सचिव शशि भूषण लाल सुशील और इंडिया एक्सपो मार्ट लिमिटेड के चेयरमैन डॉ. राकेश शर्मा आदि मौजूद रहे।

छत्तीसगढ़ में आश्रम और छात्रावास बने शिक्षा की नई ताकत, सुविधाओं के बीच पढ़ रहे छात्र-छात्राएं

बलौदा बाजार. केंद्र और राज्य सरकार की ओर से अनुसूचित जाति, जनजाति और पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में आश्रम और छात्रावास संचालित किए जा रहे हैं. इनका लाभ मिडिल स्कूल से लेकर पोस्ट ग्रेजुएशन तक के छात्र-छात्राओं को मिल रहा है. वर्तमान में जिले के 81 आश्रम और छात्रावासों में 3736 विद्यार्थी रहकर अध्ययन कर रहे हैं. आदिवासी विभाग के सहायक आयुक्त सूरज दास मानिकपुरी ने बताया कि जिले में 81 आश्रम-छात्रावास संचालित हैं, जहां 3,736 छात्र-छात्राएं रहकर पढ़ाई कर रहे हैं. इन छात्रावासों में शासन की ओर से विद्यार्थियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं. यहां गार्डन, ओपन जिम, पौष्टिक एवं स्वादिष्ट भोजन, स्वास्थ्य जांच और लाइब्रेरी जैसी सुविधाएं हैं. विद्यार्थियों को शांतिपूर्ण और घर जैसा माहौल देने का प्रयास किया जाता है, ताकि वे बेहतर तरीके से अध्ययन कर सकें. उन्होंने बताया कि समय-समय पर उच्च पदों पर पदस्थ अधिकारियों द्वारा u में मोटिवेशनल कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं. इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को शिक्षा, करियर और भविष्य को लेकर मार्गदर्शन दिया जाता है.   छात्रावास से आसान हुई उच्च शिक्षा की राह पिछड़ा वर्ग छात्रावास में अध्ययनरत छात्रा विधि जायसवाल ने बताया कि वह छात्रावास से करीब 45 किलोमीटर दूर ग्राम जारा की रहने वाली हैं. पहले रोजाना कॉलेज आने-जाने में काफी परेशानी होती थी. अब वह शासन द्वारा संचालित छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रही हैं, जिससे उनके लिए उच्च शिक्षा हासिल करना आसान हुआ है. छात्रावास में खेलकूद की सामग्री, ओपन जिम और शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध है. इसके अलावा पौष्टिक भोजन और नियमित स्वास्थ्य जांच की सुविधा भी मिलती है, जो पढ़ाई में काफी मददगार है. छात्रावास में घर जैसा माहौल आदिवासी छात्रावास के छात्र अनुज कुमार कंवर ने बताया कि छात्रावास में शासन की ओर से सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं. घर से दूर रहने के बावजूद यहां घर जैसा माहौल मिलता है. उन्होंने कहा कि वे अपने साथियों के साथ स्वतंत्र और शांत वातावरण में रहकर उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं. पिछड़ा वर्ग छात्रावास की अधीक्षिका स्वीटी बाजपेई ने बताया कि यह छात्रावास वर्ष 2014 से संचालित है. यहां शासन की ओर से विद्यार्थियों के लिए सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं. वर्तमान में छात्रावास में 50 छात्राएं रहकर उच्च शिक्षा प्राप्त कर रही हैं. पढ़ाई के लिए मिल रहा अनुकूल वातावरण आदिवासी छात्रावास की अधीक्षिका मंजुलता उईके ने बताया कि उनका छात्रावास वर्ष 2013 से संचालित है. यहां विद्यार्थियों को शासन की ओर से निर्धारित सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं. उन्होंने कहा कि बच्चे यहां अपने भविष्य को बेहतर बनाने का सपना लेकर आते हैं. शिक्षा एवं सुविधाओं का लाभ लेकर सफलता हासिल कर आगे बढ़ते हैं.

अब पलायन नहीं, अपनी माटी में हुनर दिखा रहे कारीगर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

भदोही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जिस उत्तर प्रदेश में कभी कारीगर और हस्तशिल्पी रोजी-रोजगार के लिए पलायन को मजबूर थे, आज उन्हें अपनी ही माटी में हुनर दिखाने का मंच मिल रहा है। तकनीक, डिजाइन और बाजार के साथ बेहतर कनेक्टिविटी और सुरक्षा मिली है। भदोही का कालीन आज दुनिया के बाजार में अपनी पहचान बना रहा है। मुख्यमंत्री रविवार को संत रविदास नगर, भदोही के कारपेट एक्सपो मार्ट में चार से सात अक्टूबर तक आयोजित इंडिया कारपेट एक्सपो के स्वर्ण जयंती संस्करण का शुभारंभ करने के बाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने फीता काटकर एक्सपो का शुभारंभ किया और स्टॉलों पर जाकर कारीगरों व हस्तशिल्पियों के उत्पाद देखे। एक्सपो में 227 से अधिक एग्जीबिटर्स और 65 देशों के 450 से अधिक विदेशी बायर्स हिस्सा ले रहे हैं। इनमें ब्रिक्स देशों के 106 बायर्स हैं।   ओडीओपी ने कालीन को दिया बड़ा बाजार मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में हताशा और निराशा थी। दंगा, कर्फ्यू, उपद्रव और माफियागिरी के कारण कारोबार का माहौल नहीं था। कारीगर को काम नहीं मिलता था और देशी-विदेशी खरीदार भी नहीं आते थे। सरकार ने वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट योजना में भदोही के कालीन को शामिल कर कारीगरों को तकनीक, डिजाइन और बाजार से जोड़ा। सिल्क क्लस्टर से ₹6,100 करोड़ का निर्यात मुख्यमंत्री ने कहा कि संत रविदास नगर और सिल्क क्लस्टर से ₹6,100 करोड़ का निर्यात हो रहा है। देश के कुल कालीन निर्यात में संत रविदास नगर, मिर्जापुर और वाराणसी के सिल्क क्लस्टर की हिस्सेदारी 60 प्रतिशत है। अकेले संत रविदास नगर में 2,500 एमएसएमई यूनिट हैं, जिनका वार्षिक टर्नओवर ₹10 हजार करोड़ है। इस उद्योग से पांच लाख से अधिक लोगों को सीधे रोजगार मिला है।   उन्होंने बताया कि जनपद में निर्मित 90 प्रतिशत कालीन अमेरिका, जर्मनी, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा और ब्रिटेन समेत विभिन्न देशों को निर्यात किए जाते हैं। भदोही के हस्तनिर्मित कालीन को जीआई टैग भी मिला है। कारपेट और टेक्सटाइल टेक्नोलॉजी में तकनीकी शिक्षा, डिजाइनिंग और डाइंग के प्रशिक्षण के लिए भदोही में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ कारपेट टेक्नोलॉजी स्थापित है।   छह घंटे में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी का सीधा लाभ कालीन उद्योग को मिल रहा है। गंगा एक्सप्रेसवे का विंध्य एक्सप्रेसवे के रूप में विस्तार होने पर संत रविदास नगर से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट छह घंटे में पहुंचा जा सकेगा। वहां की कार्गो सुविधा से भदोही की कालीन दुनिया के बाजार तक आसानी से पहुंच सकेगी। साथ ही वाराणसी से हल्दिया के बीच इनलैंड वाटरवे और वाराणसी में लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भी कार्गो सुविधा उपलब्ध है।   अब कोई माफिया नहीं धमका सकता व्यापारी को मुख्यमंत्री ने कहा कि अब उत्तर प्रदेश में उपद्रव, कर्फ्यू और दंगा नहीं होते। कोई माफिया खुली जीप में पिस्टल लहराकर किसी को धमका नहीं सकता और बेटी व व्यापारी की सुरक्षा में सेंध नहीं लगा सकता।   उन्होंने कहा कि प्रदेश को ₹50 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। ₹15 लाख करोड़ के प्रस्तावों की ग्राउंड ब्रेकिंग हो चुकी है और साढ़े सात लाख करोड़ रुपये के उद्योग बहुत जल्द धरातल पर उतरने जा रहे है। प्रदेश में 96 लाख एमएसएमई यूनिट हैं और प्रत्येक यूनिट को पांच लाख रुपये का सुरक्षा बीमा कवर दिया जा रहा है।   14 हजार से 35 हजार के पार पहुंचे कारखाने मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में करीब 14 हजार कारखाने थे, जिनकी संख्या अब 35 हजार से अधिक हो गई है। देश के 55 प्रतिशत मोबाइल फोन और 60 प्रतिशत इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट का निर्माण उत्तर प्रदेश में हो रहा है। डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के छह नोड पर काम चल रहा है और प्रदेश में 12 निजी औद्योगिक पार्क विकसित किए जा रहे हैं। निवेश मित्र, निवेश सारथी और उद्यमी मित्र जैसी व्यवस्थाओं के जरिये निवेशकों को सुविधा दी जा रही है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में देश के एक्सप्रेसवे नेटवर्क का 60 प्रतिशत हिस्सा है।   नए संसद भवन में भी भदोही का कालीन मुख्यमंत्री ने कहा कि भदोही के हुनरमंद हाथों से तैयार कालीन आज दुनिया के बड़े-बड़े प्रतिष्ठानों की शोभा बढ़ा रहे हैं। देश के नए संसद भवन में बिछा कालीन भी संत रविदास नगर में तैयार हुआ है। जिले के पास जीआई टैग, ओडीओपी का प्लेटफार्म, कारपेट एक्सपो मार्ट और मजबूत निर्यात तंत्र है।   उन्होंने बताया कि लखनऊ और हरदोई के बीच एक हजार एकड़ में पीएम मित्र टेक्सटाइल पार्क विकसित किया जा रहा है। प्रदेश के प्रत्येक जनपद में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल एंप्लॉयमेंट एंड स्किलिंग जोन बनाने की तैयारी है। यहां उद्योगों की मांग के अनुसार कुशल मैनपावर तैयार की जाएगी।   इंटरनेशनल ट्रेड शो से दुनिया ने देखी यूपी की ताकत मुख्यमंत्री ने कहा कि 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में आयोजित यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में छह लाख से अधिक विजिटर पहुंचे। डेढ़ लाख से अधिक बी2बी बैठकें हुईं। इसमें 2,400 से अधिक एग्जीबिटर्स और 650 से अधिक विदेशी खरीदार शामिल हुए।   कार्यक्रम में इनकी रही मौजूदगी कार्यक्रम में सांसद डॉ. विनोद कुमार बिंद, जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी, औराई विधायक दीनानाथ भास्कर, ज्ञानपुर विधायक विपुल दुबे, सीईपीसी अध्यक्ष कैप्टन मुकेश गोम्बर, उपाध्यक्ष असलम महबूब, एमएसएमई विभाग के प्रमुख सचिव शशि भूषण लाल सुशील और इंडिया एक्सपो मार्ट लिमिटेड के चेयरमैन डॉ. राकेश शर्मा समेत कारीगर, हस्तशिल्पी, निर्यातक और देश-विदेश से आए खरीदार मौजूद रहे।

सीएम यूथ कॉन्क्लेव–2026: मुख्यमंत्री डॉ. यादव करेंगे 20 हजार युवाओं से सीधा संवाद

भोपाल। प्रदेश की युवा शक्ति की प्रतिभा, आकांक्षाओं और नवाचार को नई संभावनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से उच्च शिक्षा विभाग के तत्वावधान में सीएम यूथ कॉन्क्लेव–2026 का आयोजन 6 अक्टूबर को भोपाल के लाल परेड मैदान में किया जाएगा। कॉन्क्लेव में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 20 हजार से अधिक युवाओं से सीधा संवाद करेंगे। उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री इन्दर सिंह परमार ने लाल परेड मैदान में कार्यक्रम स्थल, प्रदर्शनी कक्षों सहित आयोजन से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने तैयारियों की प्रगति की जानकारी लेते हुए आयोजन से संबंधित व्यवस्थाओं को समय-सीमा में पूर्ण करने तथा युवाओं की सुविधा और कार्यक्रम की सुव्यवस्थित संचालन व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान अपर मुख्य सचिव उच्च शिक्षा अनुपम राजन एवं आयुक्त, उच्च शिक्षा प्रबल सिपाहा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे। कॉन्क्लेव में रोजगार, कौशल विकास, स्वरोजगार, उद्यमिता, नवाचार, अनुसंधान तथा उभरती प्रौद्योगिकियों पर विशेष फोकस रहेगा। विशेषज्ञों, शैक्षणिक संस्थानों, उद्योगों और नवोदित उद्यमों की सहभागिता से युवाओं को शिक्षा एवं रोजगार की बदलती आवश्यकताओं और उपलब्ध संभावनाओं की जानकारी मिलेगी। 17 विभागों और विभिन्न संस्थाओं की सहभागिता आयोजन में 17 शासकीय विभागों एवं विभिन्न संस्थाओं की सहभागिता रहेगी। उच्च शिक्षा, औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, तकनीकी शिक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, श्रम, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा, परिवहन, आयुष तथा पुलिस एवं साइबर सुरक्षा सहित विभिन्न विभाग अपने-अपने क्षेत्र से संबंधित योजनाओं और गतिविधियों से युवाओं को परिचित कराएंगे। मध्यप्रदेश स्टार्टअप सेंटर एवं सेडमैप द्वारा स्वरोजगार, उद्यमिता, कौशल विकास और नवाचार से संबंधित गतिविधियां प्रस्तुत की जाएंगी। 80 से अधिक प्रदर्शनी कक्षों में दिखेगी संभावनाओं की तस्वीर कॉन्क्लेव में विभागों, संस्थाओं, विश्वविद्यालयों और नवोदित उद्यमों के 80 से अधिक प्रदर्शनी कक्ष लगाए जाएंगे। इनमें रोजगार, प्रशिक्षण, कॅरियर, उद्यमिता, अनुसंधान, प्रौद्योगिकी और शासकीय योजनाओं से संबंधित गतिविधियां प्रदर्शित की जाएंगी। विश्वविद्यालयों द्वारा शिक्षा, नवाचार, अनुसंधान, प्रौद्योगिकी, उद्यमिता, कॅरियर मार्गदर्शन और ड्रोन प्रौद्योगिकी सहित भविष्य की आवश्यकताओं से जुड़े विषयों पर प्रस्तुतियां दी जाएंगी। विचार से नवाचार और नवाचार से उद्यमिता तक मध्यप्रदेश स्टार्टअप सेंटर के माध्यम से विभिन्न नवोदित उद्यम अपने उत्पादों और नवाचारों का प्रदर्शन करेंगे। युवा इन नवाचारों के माध्यम से नए विचारों को उत्पाद एवं उद्यम में बदलने की प्रक्रिया को समझ सकेंगे। इससे उन्हें स्वयं का उद्यम स्थापित करने और नए विचारों पर कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी। उभरती प्रौद्योगिकियों पर रहेगा विशेष जोर कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), रोबोटिक्स, ड्रोन प्रौद्योगिकी, अर्धचालक प्रौद्योगिकी, नवीकरणीय ऊर्जा और विद्युत वाहन (EV) जैसी उभरती प्रौद्योगिकियां कॉन्क्लेव के प्रमुख विषयों में शामिल होंगी। इन क्षेत्रों में शिक्षा, प्रशिक्षण, अनुसंधान और रोजगार की संभावनाओं से युवाओं को परिचित कराया जाएगा। कॅरियर से साइबर सुरक्षा तक विविध विषयों पर मार्गदर्शन आयोजन में कॅरियर मार्गदर्शन, कौशल विकास, मानसिक स्वास्थ्य, स्वास्थ्य, आयुष, उद्योग एवं रोजगार, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, उद्यमिता और साइबर सुरक्षा जैसे विषयों पर विशेषज्ञों एवं संबंधित विभागों द्वारा जानकारी दी जाएगी। पुलिस विभाग के माध्यम से महिला सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, यातायात जागरूकता, सामुदायिक पुलिसिंग, जन-सुरक्षा एवं युवा संवाद से जुड़े विषयों पर जागरूकता गतिविधियां भी होंगी। सांस्कृतिक प्रस्तुतियां बढ़ाएंगी उत्साह युवा शक्ति के इस महोत्सव में संवाद और मार्गदर्शन के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। सुप्रसिद्ध पार्श्व गायक जुबिन नौटियाल और मुंबई के कबीर कैफे की सुरमयी प्रस्तुतियां कार्यक्रम में जोश, उमंग और उत्साह का संचार करेंगी। समर्थ युवा, सशक्त भारत सीएम यूथ कॉन्क्लेव–2026 युवाओं को संवाद, मार्गदर्शन और संभावनाओं से जोड़ने की व्यापक पहल है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के साथ 20 हजार युवाओं का संवाद और 80 से अधिक प्रदर्शनी कक्षों में प्रदर्शित गतिविधियां उन्हें बदलते समय की आवश्यकताओं, कौशल और कॅरियर की नई दिशाओं से परिचित कराएंगी। युवा शक्ति की प्रतिभा, विचार और ऊर्जा को सही दिशा और अवसर प्रदान कर विकसित मध्यप्रदेश के निर्माण को गति देना ही इस आयोजन का मूल उद्देश्य है।  

जातीय खेमों में लड़ता भारत नहीं, हमें ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ चाहिए: सीएम योगी

लखनऊ  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गायत्री परिवार की प्रतियोगिता में 11 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं जुड़े। आज का युवा ही भारत का भाग्य विधाता बनने वाला है। हम बिखरा-बंटा, जातीय खेमों में लड़ता भारत नहीं चाहते। ऐसा सोचने वाले पूर्वजों के प्रति श्रद्धा नहीं रखते हैं। हम ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ चाहते हैं, प्रधानमंत्री मोदी जी ने भी हम सबको ऐसे भारत के लिए कार्य करने के लिए कहा है। मुख्यमंत्री रविवार को राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय में अखिल विश्व गायत्री परिवार के शताब्दी वर्ष के अंतर्गत आयोजित प्रांतीय शिक्षक गरिमा कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने मां गायत्री, पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य व माता भगवती देवी के चित्रों के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर सीएम ने स्मारिका का विमोचन और भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा में उत्तर प्रदेश के शीर्ष-10 विद्यालयों को पुरस्कृत भी किया। गायत्री परिवार ने यज्ञों की वेदी पर साथ बैठाकर सर्वसमाज को जोड़ा सीएम ने कहा कि गायत्री परिवार के पास ड़ॉ. प्रणव पंड्या का मार्गदर्शन और डॉ. चिन्मय पंडया जैसे दूरदर्शी नायक हैं। इसलिए परिवार को अगले 100 वर्ष के लिए लक्ष्य तय करना है। गायत्री परिवार को तनावग्रस्त, संघर्ष में उलझी, अस्तित्व के जूझती मानवता के जीवन में नया उजाला लाना है। जब देश पराधीन था और व्यक्ति हताश-निराश था, लोगों को लगता था कि गुलामी नियति बन चुकी है। तब ब्रजभूमि आगरा में जन्म लेकर भारतीय संस्कृति, सनातन मूल्यों व परंपरा के प्रति अगाध निष्ठा रखने वाले एक ऋषि का प्रादुर्भाव होता है। पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य ने मथुरा में प्रारंभिक साधना को बढ़ाते हुए हरिद्वार में जिस गायत्री परिवार की स्थापना की, उसने यज्ञों के माध्यम से सर्वसमाज को एक वेदी पर बैठाकर सामाजिक एकता का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया। तीन साल में तीन संस्थाएं, सबका लक्ष्य एक मुख्यमंत्री ने कहा कि 1923 में गोरखपुर में गीताप्रेस, 1925 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ व 1926 में अखिल विश्व गायत्री परिवार की स्थापना हुई। तीनों के रास्ते, स्थान भले अलग हैं, लेकिन लक्ष्य एक है। तीनों संगठनों ने समाज की सुप्त चेतना को जागृत किया और उन्हें सनातन मूल्यों के साथ जोड़ा। भारत-भारतीयता का अहसास करके युवाओं को देश की आजादी के लिए कार्य करने को प्रेरित किया। आजादी के आंदोलन से जुड़े आचार्य जी सीएम ने कहा कि पं. श्रीराम शर्मा स्वाधीनता संग्राम सेनानी के रूप में आजादी के आंदोलन से जुड़े रहे। आजादी के आंदोलन से जुड़े अनेक ऋषियों ने इसमें सक्रिय योगदान दिया, लेकिन उन्हें लगा कि सफलता के लिए भौतिक ताकत के साथ आध्यात्मिक शक्ति की भी आवश्यकता है, तो साधना के माध्यम से उसे आगे बढ़ाया। विचार पर चलने वाला संगठन तय करता है लंबी दूरी मुख्यमंत्री ने कहा कि महर्षि विश्वामित्र द्वारा रचित सृष्टि का पहला मंत्र ‘गायत्री मंत्र’ परमपिता के तेज से जोड़ने का आह्वान करता है। जिसने भी इसकी शक्ति को अंगीकार किया, उसका कल्याण हो गया। पं. श्रीराम शर्मा जी इस संगठन को अपना नाम दे सकते थे, लेकिन उनका मानना था कि व्यक्ति से बड़ा परिवार होता है। इसलिए इसे गायत्री परिवार नाम दिया। व्यक्ति के नाम पर चलने वाला संगठन कुछ वर्षों के बाद धराशायी हो जाता है, लेकिन विचार के नाम पर चलने वाला संगठन लंबी दूरी तय करता है। 100 वर्ष की यह साधना इसका प्रमाण है। शब्द ब्रह्म है, विचार कभी नहीं मरते, इसी का प्रतीक है अखिल विश्व गायत्री परिवार। संकट का मिलकर सामना करता था संयुक्त परिवार सीएम ने कहा कि यज्ञों की वेदी पर ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ की भावना से समाज को जोड़ने का काम पवित्र है। पहले संसाधन कम थे, लेकिन परिवार हमारी ताकत था। सभी भाई-उनके बच्चे संयुक्त परिवार की परंपरा में रहते थे। हर कोई मिलकर संकट का सामना करता था। आज परिवार सीमित हो गए। छत भले एक हो, लेकिन पांच परिवारों के मुख अलग-अलग दिशा में हैं। गायत्री परिवार जैसी संस्थाओं के कारण अवश्य स्थिति कुछ संतोषजनक है। दुनिया में बिखर रहे समाज और तबाह हो रहे परिवारों को बचाने के लिए मंत्रालय गठित करना पड़ा। एक मंत्री देख रहा है कि तनाव से बचने के लिए क्या करना है। बिखराव रोकने का दायित्व उठाए गायत्री परिवार मुख्यमंत्री ने गायत्री परिवार की सराहना करते हुए कहा कि इस परिवार की वजह से आज हर बच्चा गायत्री मंत्र सुना देता है। तुतलाती भाषा में बच्चों के मुख से गायत्री मंत्र सुनकर बहुत अच्छा लगता है। समाज में बिखराव को रोकने का दायित्व भी गायत्री परिवार को उठाना पड़ेगा। पं. श्रीराम शर्मा उन महापुरुषों में से हैं, जिन्होंने धर्म को विज्ञान से जोड़ा। धर्म और विज्ञान एक दूसरे के सहयोगी हैं। डॉ. चिन्मय पंड्या भी मॉडर्न मेडिसिन के चिकित्सक हैं, लेकिन अखिल विश्व गायत्री परिवार को आगे बढ़ा रहे हैं। समाज की चेतना व युगनिर्माता हैं शिक्षक सीएम ने शिक्षकों को समाज की चेतना और युगनिर्माता बताया। कहा कि जब शिक्षक जागृत होता है और ईमानदारी से दायित्वों का निर्वहन करता है तो भारत को विश्वगुरु बनने में देर नहीं लगती। जब दुनिया अज्ञानता के अंधकार में थी, तब भारत में श्रेष्ठ आचार्यों की परंपरा ने तक्षशिला व नालंदा जैसे श्रेष्ठ विश्वविद्यालय दिए। गुरुकुल व ऋषि परंपरा का नाम लेकर सीएम ने महर्षि वशिष्ठ-श्रीराम, महर्षि सांदिपनी-श्रीकृष्ण, चाणक्य-चंद्रगुप्त का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस परंपरा को फिर से जीवित करने की आवश्यकता है बांटने की प्रवृत्ति भारत माता व पूर्वजों के प्रति अपराध मुख्यमंत्री ने कहा कि गुलामी के दौर में एक तबका समाज को विभाजित तो एक तबका समाज को जोड़ रहा था। बांटने वाले स्वाधीनता का विरोध करते थे और समाज को विभाजित करते थे। आज भी बांटने वाले तत्व क्षेत्र, जाति, भाषा के नाम पर समाज की एकता को छिन्न-भिन्न कर रहे हैं

छत्तीसगढ़ में तेंदुए की दहशत, घर में घुसकर 6 लोगों को बनाया निशाना; 3 गंभीर

महासमुंद. महासमुंद जिले के बागबाहरा वनपरिक्षेत्र के ग्राम झिटकी में देर रात करीब डेढ़ बजे उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक तेंदुआ यादव परिवार के घर में घुस गया। तेंदुए ने परिवार के 6 सदस्यों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घायलों में 4 पुरुष और 2 महिलाएं शामिल हैं, इनमें से 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार, परिवार के सदस्य रात में घर के अंदर सो रहे थे। इसी दौरान उत्तरी बाई करीब डेढ़ बजे बाथरूम जाने के लिए घर से बाहर निकलीं। इसी दौरान उनका सामना तेंदुए से हो गया। तेंदुए ने उत्तरी बाई पर हमला कर दिया। इसके बाद तेंदुआ घर के अंदर घुस गया और वहां मौजूद परिवार के अन्य सदस्यों पर भी हमला कर दिया। हमले में सरजू यादव (60 वर्ष), जनक यादव, मनीष यादव, तुषार यादव, उत्तरी बाई और सुनीता यादव घायल हुए हैं। घायलों में उत्तरी बाई के चेहरे और गले पर चोट आई है। सुनीता यादव के आंख और चेहरे पर चोट बताई जा रही है, जबकि मनीष यादव के हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई हैं। तेंदुए के हमले के बाद परिवार के सदस्यों ने हिम्मत दिखाई। जनक यादव और उत्तरी बाई समेत परिवार के अन्य सदस्यों ने किसी तरह तेंदुए को एक कमरे में बंद कर दिया। बताया जा रहा है कि घर में उस समय करीब 10 सदस्य मौजूद थे। घायलों को 112 की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को महासमुंद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। यहां गंभीर रूप से घायल 3 लोगों की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग का अमला मौके पर पहुंच गया है। तेंदुए को सुरक्षित रेस्क्यू करने के लिए वन विभाग ने रायपुर से विशेष रेस्क्यू टीम बुलाई है। फिलहाल, तेंदुआ घर के एक कमरे में बंद है, और वन विभाग की टीम उसके रेस्क्यू में जुटी हुई है।

बालोद के आदिवासी कन्या छात्रावास का डॉ. वर्णिका शर्मा ने किया औचक निरीक्षण

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने अपने बालोद प्रवास के दौरान आदिम जाति विकास विभाग द्वारा संचालित शासकीय पोस्ट मैट्रिक आदिवासी कन्या छात्रावास, बालोद का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने छात्रावास में उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए छात्राओं से संवाद किया और उनकी आवश्यकताओं एवं सुविधाओं की जानकारी ली। बच्चियों ने ट्यूशन टीचर, कंप्यूटर एवं लाइब्रेरी की पूरजोर मांग की। निरीक्षण के दौरान डॉ. शर्मा ने छात्रावास में निवासरत छात्राओं से बातचीत करते हुए उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सभी छात्राएं अच्छे से शिक्षा ग्रहण कर अपने लक्ष्य को प्राप्त करें तथा देश और प्रदेश का नाम रोशन करें। उन्होंने छात्राओं से उनकी पढ़ाई, रहन-सहन और छात्रावास में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में भी जानकारी ली। डॉ. शर्मा ने छात्रावास के बालिका कक्षों, बाथरूम तथा सेनेटरी वेंडिंग मशीन का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्राओं के लिए स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्रावास अधीक्षिका सहित संबंधित अधिकारियों को छात्रावास में आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने तथा सभी सुनिश्चित सुविधाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने छात्रावास में छात्राओं की सुरक्षा, स्वच्छता एवं मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देने की बात कही। साथ ही छात्राओं की आवश्यकताओं को गंभीरता से लेते हुए उनकी समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान छत्तीसगढ़ रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन तोमन साहू सहित संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।