samacharsecretary.com

होर्मुज पर ईरान का बड़ा ऐलान, अमेरिका की शर्तें मानने तक नहीं खुलेगा दुनिया का अहम समुद्री रास्ता

तेहरान ईरान और अमेरिका के बीच जारी संघर्ष बीच ईरान ने दुनिया के सबसे अहम समुद्री रास्तों में से एक होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर अपना रुख और भी सख्त कर दिया है। ईरान के मुख्य वार्ताकार और संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाघेरी गालिबाफ ने साफ कर दिया है कि जब तक अमेरिका इस्लामाबाद मेमोरेंडम पर आधारित सात बुनियादी शर्तों को नहीं मानता, तब तक होर्मुज का रास्ता जहाजों की आवाजाही के लिए नहीं खोला जाएगा। समय बर्बाद करने और एकतरफा शर्तें थोपने का दौर खत्म – गालिबाफ अल जजीरा के अनुसार, ईरानी संसद अध्यक्ष घालीबाफ ने कहा कि तेहरान द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने के लिए सात दिवसीय रोडमैप पेश करने के बाद वाशिंगटन ने एक मध्यस्थ के माध्यम से कुछ प्रस्ताव भेजे थे। इन प्रस्तावों पर प्रतिक्रिया देते हुए गालिबाफ ने कहा कि अमेरिका को यह समझना चाहिए कि समय बर्बाद करने और एकतरफा मांगें थोपने का दौर अब बीत चुका है। ईरान का रुख स्पष्ट और दृढ़ है। जब तक इस्लामाबाद मेमोरेंडम पर आधारित उसकी सभी सात शर्तें पूरी नहीं हो जातीं, तब तक होर्मुज जलडमरूमध्य नहीं खुलेगा। युद्ध और बातचीत, दोनों के लिए तैयार अमेरिका की गतिविधियों और दबाव बनाने की रणनीति पर गालिबाफ ने कहा कि ईरान न तो दिखावे से प्रभावित होता है और न ही किसी कार्रवाई से डरता है। उन्होंने कहा कि ईरान सैन्य मोर्चे पर अपनी पूरी ताकत के साथ तैयार है और विरोधियों का नए सरप्राइज के साथ सामना करेगा। साथ ही, देश सैन्य श्रेष्ठता स्थापित करने और ईरानी लोगों के बुनियादी अधिकारों को सुरक्षित करने के लिए कूटनीतिक चैनलों का उपयोग करना भी जारी रखेगा। गालिबाफ ने कहा, "हम लड़ेंगे भी और बातचीत भी करेंगे।" ईरान की शर्तें गौरतलब है कि पिछले महीने ईरान ने संघर्ष को समाप्त करने के लिए मध्यस्थों के माध्यम से अमेरिका के सामने औपचारिक शर्तों का एक मसौदा पेश किया था। ईरान का कहना है कि होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने की दिशा में कदम तभी उठाए जाएंगे जब इन शर्तों पर सहमति बन जाएगी। शर्तों में मुख्य रूप से शामिल हैं…     सभी मोर्चों पर युद्ध की तुरंत और पूर्ण समाप्ति।     विदेशों में फ्रीज किए गए ईरानी फंड को बिना किसी शर्त के जारी करना।     ईरानी बंदरगाहों पर लगाए गए नौसैनिक नाकेबंदी को पूरी तरह से हटाना।     ईरान के आंतरिक मामलों में अमेरिका के किसी भी तरह के हस्तक्षेप को स्थायी रूप से रोकना।     ईरान के क्षेत्रीय विरोधियों और दुश्मनों के साथ अमेरिकी सैन्य सहयोग का अंत।     ईरान की संप्रभुता और क्षेत्र पर सभी अमेरिकी हमलों को पूरी तरह रोकना।     इस्लामाबाद मेमोरेंडम के आधार पर तय किए गए अन्य वादों को लागू करना।

सेंट्रल सेक्रेटेरिएट लाइब्रेरी के शिफ्टिंग प्लान पर SC सख्त, 8.5 लाख किताबों का मामला पहुंचा अदालत

नई दिल्ली सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली की 135 साल पुरानी सेंट्रल सेक्रेटेरिएट लाइब्रेरी को दूसरी जगह ले जाने की प्रस्तावित योजना पर स्वत: संज्ञान लिया है। इस लाइब्रेरी में 8.5 लाख से ज्यादा किताबें हैं। मामले की सुनवाई 5 अक्टूबर को जस्टिस संजय कुमार और जस्टिस संजीव सचदेवा की पीठ करेगी। सुप्रीम कोर्ट में दर्ज मामले का शीर्षक ‘इन री: 135-ईयर-ओल्ड लाइब्रेरी, 8.5 लाख बुक्स-एंड नो रूम इन द सेंट्रल विस्टा प्लान’ है। यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब लाइब्रेरी को लेकर यह सवाल उठ रहा था कि सेंट्रल विस्टा योजना में उसके लिए पर्याप्त जगह तय की गई है या नहीं सुप्रीम कोर्ट के कार्यालय की रिपोर्ट के मुताबिक, यह मामला 3 अक्टूबर को दर्ज किया गया। रिपोर्ट में कहा गया कि अथॉरिटी ने एक नए स्वत: संज्ञान रिट याचिका मामले के पंजीकरण का निर्देश दिया था। इसके बाद स्वत: संज्ञान रिट याचिका दर्ज की गई। लाइब्रेरी फिलहाल 1969 से दिल्ली के शास्त्री भवन में चार मंजिलों पर चल रही है। हाल की मीडिया रिपोर्टों में बताया गया कि उसके भविष्य और नई जगह को लेकर स्थिति साफ नहीं थी। इन रिपोर्टों के मुताबिक, आवास और शहरी कार्य मंत्रालय ने कर्तव्य भवन-2 परिसर में लाइब्रेरी के लिए सिर्फ दो कमरे आवंटित किए थे। खबरों पर मंत्रालय ने क्या दिया जवाब मामला सामने आने के बाद केंद्रीय आवास और शहरी कार्य मंत्रालय ने लाइब्रेरी को लेकर स्थिति स्पष्ट की। मंत्रालय ने कहा कि सेंट्रल सेक्रेटेरिएट लाइब्रेरी के लिए जगह सेंट्रल विस्टा के पुनर्विकास योजना में पहले से तय की गई है। मंत्रालय ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि कुछ रिपोर्टों के विपरीत लाइब्रेरी के लिए जगह उपलब्ध कराई गई है। मंत्रालय के मुताबिक, लाइब्रेरी के निर्माण से जुड़ी जरूरी प्रक्रिया भी चल रही है। मंत्रालय की यह सफाई उस समय आई, जब लाइब्रेरी को नई जगह देने और उसके लिए पर्याप्त स्थान नहीं होने को लेकर सवाल उठ रहे थे। लाइब्रेरी में 8.5 लाख से अधिक किताबें मौजूद अब सुप्रीम कोर्ट इस पूरे मामले की सुनवाई करेगा। अदालत के सामने मुख्य मुद्दा लाइब्रेरी के प्रस्तावित स्थानांतरण और उसके लिए तय की गई जगह से जुड़ा है। 135 साल पुरानी इस लाइब्रेरी में 8.5 लाख से अधिक किताबें मौजूद हैं और यह लंबे समय से सरकारी कामकाज से जुड़े कर्मचारियों और अन्य पाठकों के लिए अहम पुस्तक संग्रह के रूप में जानी जाती है। इसे अनमोल धरोहर के तौर पर भी देखा जाता रहा है।

NCR में गाड़ी चलानी है तो PUC जरूरी, बिना प्रमाणपत्र ईंधन भराने पर लगेगा ब्रेक

 चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए परिवहन विभाग ने सभी पेट्रोल पंप संचालकों और ईंधन बिक्री केंद्रों को ईंधन भरने से पहले वाहनों के वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र की अनिवार्य रूप से जांच करने के निर्देश दिए हैं। पहली अक्टूबर से दिल्ली और एनसीआर के सभी जिलों में “प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र नहीं, तो ईंधन नहीं” व्यवस्था लागू हो चुकी है। निर्देशों के तहत पेट्रोल, डीजल और सीएनजी बिक्री केंद्रों पर ऐसे वाहनों को ईंधन नहीं दिया जाएगा, जिनके पास वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र नहीं है। पेट्रोल पंपों पर लगाई जा रही स्वचालित नंबर प्लेट पहचान (एएनपीआर) प्रणाली के माध्यम से वाहन के पंजीकरण नंबर का आनलाइन प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र संबंधी अभिलेख से मिलान कर प्रमाणपत्र की वैधता की जांच की जाएगी। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के सभी जिलों में स्वचालित नंबर प्लेट पहचान प्रणाली की स्थापना और संचालन पूरी तरह शुरू होने तक पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि उनके कर्मचारी प्रत्येक वाहन में ईंधन भरने से पहले उसके प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र की वैधता की मैनुअल रूप से जांच करें। आधिकारिक रिकॉर्ड के लिए वाहन का पंजीकरण नंबर दर्ज किया जाए यदि वाहन मालिक या चालक वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र प्रस्तुत करने में असमर्थ रहता है, तो तत्काल ईंधन देने से इन्कार किया जाए और आधिकारिक रिकार्ड के लिए वाहन का पंजीकरण नंबर दर्ज किया जाए। बिना वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र वाले वाहनों को ईंधन देने से पहले निकटतम अधिकृत प्रदूषण जांच केंद्र पर जाकर आवश्यक प्रमाण-पत्र प्राप्त करने के लिए निर्देशित किया जाए। सभी पेट्रोल पंपों के प्रवेश द्वारों और ईंधन भरने वाले स्थानों पर हिंदी और अंग्रेजी में स्पष्ट एवं प्रमुखता से दिखाई देने वाले चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इन बोर्डों पर स्पष्ट रूप से लिखा होगा कि “वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र नहीं-ईंधन नहीं। 10 हजार रुपये तक का जुर्माना ई-चालान एवं दंडात्मक कार्रवाई से बचने के लिए वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण-पत्र सुनिश्चित करें।” वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र के बिना वाहन चलाने या संचालित करने पर लागू मोटर वाहन नियमों के तहत 10 हजार रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। परिवहन विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों और पेट्रोल पंप संचालकों को वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग के निर्देश का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

योगी सरकार की दीपावली पर कर्मचारियों को सौगात! DA बढ़ेगा, ₹3,400 से ₹7,000 तक बोनस की तैयारी

लखनऊ  योगी आदित्यनाथ सरकार ने राज्यकर्मियों की दीपावली अधिक रोशन और रंगीन करने की तैयारी कर ली है। सरकार करीब 18 लाख कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को दीपावली से पहले महंगाई भत्ता (DA) और बोनस का तोहफा देने की तैयारी कर रही है। योगी आदित्यनाथ सरकार ने राज्य कर्मियों को दीपावाली से पहले बड़ा तोहफा देने की तैयारी कर ली है। सरकार के इस कदम से राज्यकर्मियों को बढ़ा हुआ डीए और बोनस 3400 से 7000 तक मिल सकता है। इसके साथ ही सरकारी कर्मियों और पेंशनरों को तीन प्रतिशत मंहगाई भत्ता और महंगाई राहत देने की भी तैयारी कर रही है राज्यकर्मियों का बढ़ा हुए भत्ता जुलाई से लागू होगा। राज्य के 2.70 लाख कर्मचारियों को बढ़ा हुआ मानदेय की भी तैयारी है। इसमें श्रेणी के एक के कर्मचारियों को 40,000 रुपया, श्रेणी दो के कर्मचारियों को 25,000, श्रेणी तीन के आउटसोर्स कर्मचारियों को 22,000 हजार रुपए और श्रेणी चार के कर्मचारियों को 20,000 रुपया मिलेगा। सभी का अक्टूबर से बढ़ा हुआ वेतन भी नवंबर में आएगा। सितंबर से बढ़े वेतन की संभावना सचिवालय प्रशासन के अनुसार, सभी विभागों कुल 2.70 लाख कर्मी आउटसोर्स पर हैं। अगर इसमें बिजली विभाग के आउटसोर्स कर्मचारियों को भी जोड़ दिया जाए तो इनकी संख्या लगभग3.50 लाख से अधिक हो जाएगी। सीएम योगी आदित्यनाथ ने दो सितंबर को आउटसोर्स सेवा का पोर्टल शुरू किया था तो माना जा रहा है कि बढ़े हुए मानदेय का लाभ सितंबर से ही मिले। कर्मचारी संगठनों ने किया स्वागत प्रदेश में लंबे समय से आउटसोर्स सेवा में मानदेय को लेकर शिकायतें मिल रहीं थीं, लेकिन अब कमर्चारियों को एक ही पोर्टल सेवा से कई तरह की सुविधाओं का लाभ मिलेगा। बोनस मिलने की तैयारी की सूचना मिलने से भी कर्मचारी और संगठनों में खुशी की लहर है और इसे सरकार की ओर से सकारात्मक कदम बताया है। महिलाओं को 180 दिन का मातृत्व अवकाश यूपीकास की व्यस्थाओं के मुताबिक महिला कर्मियों को अब 180 दिन का मातृत्व अवकाश मिलेगा। सभी कर्मचारियों को हर महीने की पांच तारीख को मानदेय मिलेगा और साथ ही मेडिकल अवकाश भी मिलेगा। कर्मचारियों और उनके परिवार के लोगों को बेहतर चिकित्सा लाभ भी मिलेगा। क्या-क्या मिलेगा महंगाई भत्ता (DA) और डीआर : सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों को 3 प्रतिशत बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता और महंगाई राहत (DR) देने की तैयारी है, जो जुलाई से लागू हो सकता है। बोनस: अराजपत्रित (Non-gazetted) कर्मचारियों को ₹3,400 से लेकर ₹7,000 तक का बोनस मिल सकता है। बढ़ा हुआ मानदेय: राज्य के लगभग 2.70 लाख कर्मचारियों का मानदेय बढ़ाने की भी तैयारी है। • श्रेणी-1 के कर्मचारियों को: ₹40,000 • श्रेणी-2 के कर्मचारियों को: ₹25,000 • श्रेणी-3 के आउटसोर्स कर्मचारियों को: ₹22,000 • श्रेणी-4 के कर्मचारियों को: ₹20,000 भुगतान का समय: अक्टूबर महीने का बढ़ा हुआ वेतन और बोनस नवंबर में दिए जाने की संभावना है। वित्त विभाग ने इस संबंध में प्रक्रिया शुरू कर दी है।

त्योहारी सीजन में बढ़ी ट्रेन सेवाएं, 3 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के फेरे बढ़े; यात्रियों को मिलेगी राहत

भोपाल. त्योहारों के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे ने भोपाल मंडल होकर संचालित तीन जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के फेरों का विस्तार किया है। इससे गुना, शिवपुरी, रुठियाई, चाचौड़ा-बीनागंज और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को अतिरिक्त ट्रेन विकल्प मिलेंगे। खासतौर पर दीपावली और छठ पूजा के दौरान लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को इसका लाभ मिलेगा। इंदौर-सूबेदारगंज स्पेशल (04170) अब 3 अक्टूबर से 28 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार और मंगलवार चलेगी। वापसी में 04169 सूबेदारगंज-इंदौर स्पेशल 2 अक्टूबर से 27 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार और सोमवार को संचालित होगी। ट्रेन रुठियाई, गुना और शिवपुरी होकर चलेगी।

सिल्क क्लस्टर के रूप में विकसित होंगे संत रविदास नगर, मिर्जापुर और वाराणसी : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

, भदोही सिल्क क्लस्टर के रूप में संत रविदास नगर, मिर्जापुर और वाराणसी को विकसित किया जाएगा। वाराणसी-विंध्य रीजनल डेवलपमेंट प्लान भी जल्द लागू होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को इंडिया कारपेट एक्सपो के स्वर्ण जयंती संस्करण में कालीन उद्योग के निर्यातकों, विक्रेताओं और प्रमुख उद्यमियों से सीधे संवाद के दौरान यह बात कही। उद्यमियों ने कालीन उद्योग के लिए अलग नीति, कारोबार की जरूरतों और महिला उद्यमियों की भागीदारी से जुड़े विषय रखे। मुख्यमंत्री ने एक-एक कर उनकी बात सुनी और उठाए गए मुद्दों पर सरकार की ओर से संज्ञान लेने का भरोसा दिया।   बेहतर कनेक्टिविटी से कारोबार को मिला लाभ मिर्जापुर के कालीन कारोबारी अनिल कुमार ने बेहतर कनेक्टिविटी का जिक्र करते हुए योगी सरकार के कार्यों की सराहना की। उन्होंने प्राचीन शहर मिर्जापुर और वहां के कालीन व्यवसाय से जुड़े विषय भी रखे। मुख्यमंत्री ने उनकी बात सुनकर उठाए गए मुद्दों पर संज्ञान लेने का आश्वासन दिया।   ओडीओपी से मिला लाभ, अब कालीन नीति की मांग इम्तियाज अहमद ने कहा कि ओडीओपी योजना से उद्यमियों को बहुत लाभ मिला है। इसी तर्ज पर कालीन उद्योग के लिए नीति बनाई जाए तो कारोबार को और फायदा होगा और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि तीसरी बार उन्हें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आशीर्वाद मिला है।   हस्तनिर्मित कालीन के लिए अलग व्यवस्था का सुझाव पीयूष कुमार बरनवाल ने कहा कि हस्तनिर्मित कालीन में भारत नंबर वन है। कालीन तैयार होने में अधिक समय लगता है, इसलिए इसे मैन्युफैक्चरिंग श्रेणी से थोड़ा अलग रखते हुए उद्योग की जरूरतों को ध्यान में रखकर नीति बनाई जाए।   मुख्यमंत्री ने इसे अच्छा सुझाव बताते हुए कहा कि उन बुनकरों का अभिनंदन है, जिन्होंने अपने पूर्वजों की धरोहर को जीवित रखा है। उन्होंने भरोसा दिया कि इस सुझाव पर सरकार जरूर संज्ञान लेगी।   महिलाओं को CEPC से जोड़ने की उठी बात आदर्श पूर्णिमा ने कहा कि पहले इंडिया कारपेट एक्सपो दिल्ली में लगता था। तब यह कल्पना भी नहीं की गई थी कि इसका आयोजन भदोही में होगा। अब इतना बड़ा मेला अपने ही जनपद में हो रहा है और मुख्यमंत्री लगातार दूसरी बार कालीन उद्योग का उत्साह बढ़ाने पहुंचे हैं।   उन्होंने कहा कि कालीन उद्योग में बड़ी संख्या में महिला उद्यमी और वर्कर्स हैं, लेकिन CEPC का मौजूदा ढांचा महिलाओं को अपने साथ नहीं जोड़ पाया है। महिलाओं के लिए ऐसा प्रावधान होना चाहिए, जिससे उनकी भागीदारी बढ़े और मनोबल मजबूत हो।   मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नारी शक्ति वंदन अधिनियम लेकर आए हैं। नारी अब केवल सरकार या सरकारी भरोसे नहीं रहेगी, बल्कि अपने लिए कानून भी बनाएगी। उन्होंने CEPC से महिला उद्यमियों की भागीदारी सुनिश्चित करने और उनके लिए स्थान आरक्षित करने को कहा। मुख्यमंत्री ने इस दिशा में परिवर्तन का भी भरोसा दिया।

बिलासपुर एयरपोर्ट पर फिर संकट, दिल्ली-प्रयागराज फ्लाइट रद्द; मेंटेनेंस के कारण यात्री परेशान

बिलासपुर. बिलासा देवी केवट हवाई अड्डे से यात्रा करने वाले यात्रियों को एक बार फिर बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. एलाइंस एयर के विमानों के मेंटेनेंस में जाने के कारण रविवार को दिल्ली-प्रयागराज-बिलासपुर और बिलासपुर-दिल्ली की सीधी उड़ान रद्द कर दी गई है. इसके पहले भी उड़ान रद्द की जा चुकी है. अनियमित उड़ानों और अंतिम समय में फ्लाइट कैंसिल होने से एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है. एलाइंस एयर के अधिकांश विमान वर्तमान में मेंटेनेंस में खड़े हैं. समिति के अनुसार कंपनी के पास कुल 20 एटीआर विमान हैं, लेकिन मेंटेनेंस की समस्याओं के चलते उड़ानों का संचालन ठप्प हो रहा है. पिछले महीने ही बिलासपुर में टायर फटने की घटना समेत कुल तीन विमान मेंटेनेंस के लिए भेजे गए हैं. हवाई यात्रा का मुख्य उद्देश्य समय की बचत और निश्चित शेड्यूल होता है. लेकिन बार-बार उड़ानों के समय में बदलाव और अचानक रद्द होने के फैसलों से यात्रियों का भरोसा बिलासपुर एयरपोर्ट से लगातार घट रहा है. बिलासपुर एयरपोर्ट के विस्तार और नियमित उड़ानों की मांग को लेकर हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति का महाधरना शनिवार को भी जारी रहा. इसमें अनिल गुलहरे, बद्री यादव, शिरीष कश्यप, ऋषि राज गौतम, विभूति भूषण गौतम, चित्रकांत श्रीवास, प्रकाश बहरानी, समीर अहमद बबला, देवेंद्र सिंह ठाकुर, संतोष पीपलवा, मजहर खान, राघवेंद्र सिंह ठाकुर, डॉ. प्रदीप राही, महेश दुबे, टाटा राशिद बख्श, केशव गोरख, अमर बजाज, रणजीत सिंह खनूजा, अकील अली और सुदीप श्रीवास्तव शामिल रहे. हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने केवल एक एयरलाइन पर निर्भरता को लेकर सवाल खड़े किए हैं. समिति ने मांग की है कि राज्य सरकार द्वारा बिलासपुर, अंबिकापुर और जगदलपुर से हवाई सेवा संचालन के लिए दी जा रही सब्सिडी के लिए ओपन टेंडर आमंत्रित किया जाए. ओपन टेंडर से अन्य एयरलाइंस जिनके पास एटीआर विमान उपलब्ध हैं, वे प्रतिस्पर्धा में भाग ले सकेंगी और यात्रियों को बेहतर व विश्वसनीय सुविधा मिल सकेगी. समिति ने वित्त एवं विमानन विभाग के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि पारदर्शी ओपन टेंडर प्रक्रिया से बचने का औचित्य समझ से परे है. उन्होंने रायपुर और बिलासपुर के बीच पारंपरिक प्रतिस्पर्धा का जिक्र करते हुए अधिकारियों से निष्पक्ष दृष्टिकोण अपनाने की अपील की.

जातीय खेमों में लड़ता भारत नहीं, हमें एक भारत-श्रेष्ठ भारत चाहिए: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

लखनऊ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमें बिखरा हुआ और जातीय खेमों में आपस में लड़ता भारत नहीं, बल्कि एक भारत-श्रेष्ठ भारत चाहिए। जाति, क्षेत्र और भाषा के नाम पर समाज को बांटना राष्ट्र और भारत माता के प्रति अपराध है। गुलामी के दौर में भी एक वर्ग समाज को बांटता था, जबकि दूसरा समाज को जोड़कर स्वाधीनता की हुंकार भरता था। आज भी वही प्रवृत्ति अलग-अलग रूपों में दिखाई दे रही है। ऐसे में शिक्षक समाज की जिम्मेदारी है कि विभाजनकारी ताकतों को सफल न होने दे।   मुख्यमंत्री रविवार को डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के डॉ. भीमराव आंबेडकर सभागार में अखिल विश्व गायत्री परिवार के शताब्दी वर्ष के तहत आयोजित प्रांतीय शिक्षक गरिमा कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। गायत्री मंत्र के साथ कार्यक्रम शुरू हुआ। मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यशाला का शुभारंभ किया।   व्यक्ति नहीं, विचार करता है लंबी यात्रा मुख्यमंत्री ने गायत्री परिवार के संस्थापक पंडित श्रीराम शर्मा और माता भगवती देवी को नमन करते हुए कहा कि गायत्री परिवार ने यज्ञ के माध्यम से समाज को जोड़कर सामाजिक एकता का आदर्श प्रस्तुत किया। पंडित श्रीराम शर्मा संगठन को अपना नाम दे सकते थे, लेकिन उन्होंने विचार को प्रधानता दी। व्यक्ति के नाम पर चलने वाले संगठन धराशायी हो जाते हैं, जबकि विचार लंबी यात्रा करता है। गायत्री परिवार की 100 वर्षों की साधना इसका प्रमाण है।   उन्होंने कहा कि 1923 में गीता प्रेस, 1925 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और 1926 में अखिल विश्व गायत्री परिवार की स्थापना हुई। रास्ते अलग थे, लेकिन तीनों ने जनचेतना जगाने और समाज को सनातन मूल्यों, भारत और भारतीयता से जोड़ने का काम किया।   शिक्षक जागृत हुआ तो भारत बनेगा विश्व गुरु मुख्यमंत्री ने शिक्षकों को समाज की चेतना और युग निर्माता बताते हुए कहा कि शिक्षक जागृत होकर ईमानदारी से दायित्व निभाए तो भारत को विश्व गुरु बनने में देर नहीं लगेगी। भारत की आचार्य और गुरुकुल परंपरा ने तक्षशिला और नालंदा जैसे विश्वविद्यालय दिए। इसी परंपरा ने चाणक्य-चंद्रगुप्त, महर्षि वशिष्ठ-श्रीराम और महर्षि सांदीपनि-कृष्ण दिए। इस परंपरा को फिर जीवंत करना होगा।   उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा से 11 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं का जुड़ना महत्वपूर्ण है। युवा पीढ़ी का सही मार्गदर्शन कर उसे प्रतिस्पर्धा के योग्य बनाएंगे तो आज का युवा ही भारत का भाग्य विधाता बनेगा।   समाज के साथ परिवारों को भी जोड़ें मुख्यमंत्री ने कहा कि संयुक्त परिवार भारत की ताकत रहे हैं। परिवार सीमित होने के साथ बिखराव और तनाव बढ़ा है। गायत्री परिवार को समाज के साथ परिवारों को जोड़ने का दायित्व भी निभाना होगा। प्रकृति किसी से भेदभाव नहीं करती, इसलिए समाज में भी भेदभाव का स्थान नहीं होना चाहिए।   नदियों को अविरल-निर्मल बनाना होगा मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 2017 से 2026 तक 275 करोड़ पौधे लगाए गए हैं। इस वर्ष 35 करोड़ पौधरोपण हुआ। पौधों के संरक्षण और निगरानी की भी व्यवस्था की गई है। उन्होंने नदियों को मानव शरीर की धमनियों जैसा बताते हुए कहा कि जीवनदायिनी नदियों को बचाकर उन्हें अविरल और निर्मल बनाना होगा।   2047 के भारत के लिए कर्तव्य को दें प्राथमिकता मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के शताब्दी वर्ष के लिए गुलामी की मानसिकता त्यागने, विरासत पर गौरव करने, सामाजिक समता और विकसित भारत के लिए काम करने का संकल्प लेना होगा। हर व्यक्ति अधिकार से अधिक कर्तव्य को महत्व दे तो भारत को दुनिया की कोई ताकत आंख नहीं दिखा सकती। उन्होंने गायत्री परिवार से अगले 100 वर्षों का लक्ष्य तय करने और शिक्षकों से 2047 के विकसित भारत के लिए युवा पीढ़ी को सही दिशा देने का आह्वान किया।   भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा के टॉप-10 स्कूल सम्मानित कार्यक्रम में भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा के टॉप-10 स्कूलों को सम्मानित किया गया। इनमें सीतापुर के सीतापुर इंटर कॉलेज व आशुतोष बृजभवन लाल इंटर कॉलेज, रायबरेली का चंद्रशेखर मेमोरियल पब्लिक स्कूल, लखनऊ के लखनऊ पब्लिक स्कूल व सिटी मॉन्टेसरी स्कूल, गाजियाबाद का डॉ. केएन मोदी साइंस एंड वाणिज्य इंटर कॉलेज, अमेठी का शिव प्रताप इंटर कॉलेज, बुलंदशहर का अमर सिंह इंटर कॉलेज, चित्रकूट का चित्रकूट इंटर कॉलेज और मुजफ्फरनगर का एमजी पब्लिक स्कूल शामिल हैं।   शिक्षा में आया बड़ा बदलाव: राजेश्वर सिंह विधायक राजेश्वर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में शिक्षा का बजट बढ़ा है और ड्रॉपआउट दर घटी है। मेरिट से शिक्षकों की नियुक्तियां हुईं और स्कूलों में स्मार्ट क्लास की सुविधाएं बढ़ी हैं। उन्होंने शिक्षा, सुरक्षा और विकास के क्षेत्र में हुए कार्यों का उल्लेख किया।   नई पीढ़ी में स्थापित हों भारतीय संस्कृति के मूल्य: चिन्मय पंड्या डॉ. चिन्मय पंड्या ने कहा कि काम, क्रोध, लोभ, स्वार्थ और संकीर्णता आज मनुष्य के भीतर की चुनौती हैं। धर्म, न्याय, नीति, मूल्य और सदाचार को मजबूत करना होगा। भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा का उद्देश्य नई पीढ़ी में भारतीय संस्कृति के मूल भाव को स्थापित करना है।   कार्यक्रम में ये रहे मौजूद कार्यक्रम में डॉ. चिन्मय पंड्या, जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, पूर्व मंत्री एवं विधान परिषद सदस्य डॉ. महेंद्र सिंह, विधायक राजेश्वर सिंह, केंद्रीय जोन प्रभारी परमानंद द्विवेदी, समन्वयक राम यश तिवारी, गायत्री परिवार के स्वयंसेवक और प्रदेशभर से आए शिक्षक मौजूद रहे

रूसी ड्रोन ने तबाह किया भारतीय कंपनी का यूक्रेन प्लांट, एक की मौत और कई घायल

 कीव यूक्रेन में भारत के कुसुम ग्रुप का एक बड़ा फार्मा प्लांट रूसी ड्रोन के हमले की चपेट में आ गया। इस हमले में एक की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। यूक्रेन के सुमी में फार्मा प्लांट की मुख्य इमारत अधिकांश रूप से तबाह हो गई है। कुसुम ग्रुप 1994 में शुरू हुआ था। यह भारतीय दवाइयों को यूक्रेन में एक्सपोर्ट करने वाला एक डिस्ट्रीब्यूटर था। इसे फिलहाल भारतीय नागरिक राजीव गुप्ता चला रहे हैं। अधिकारियों ने कहा कि मृतकों और घायल लोगों की संख्या बढ़ सकती है। हमले के बाद जो विजुअल सामने आए हैं, उसमें दिखाई दे रहा है कि इलाके से धुएं की लपट निकल रही है। कुसुम ग्रुप ने साल 2002 में, दूसरी कंपनियों के प्रोडक्ट्स को डिस्ट्रीब्यूट करना बंद कर दिया। इसके बाद उसने अपने खुद के ब्रांड्स की मार्केटिंग शुरू कर दी। इसके बाद यह ग्रुप मैन्युफैक्चरिंग में लग गया। साल 2007 में भारत और 2009 में यूक्रेन के सुमी में ग्रुप ने प्लांट खोले। इसके बाद दो और ब्रांचेज भी खोलीं। यह समूह 50 से अधिक ज्यादातर उत्पाद बनाता है और उन्हें नौ से अधिक देशों में बेचता है। इन देशों में मुख्य रूप से यूक्रेन, उज्बेकिस्तान, कजाखस्तान और फिलीपींस शामिल हैं। युद्ध के समय भी कर रहा था काम गौरतलब है कि सुमी प्लांट ने रूस-यूक्रेन युद्ध के समय भी काम कर रहा था। लेकिन अब इसे गंभीर नुकसान पहुंचा है। नुकसान का अनुमान कम से कम 400 करोड़ रुपए है। गर्मी के समय से, मॉस्को ने यूक्रेन में रोजाना दर्जनों तेज और अपेक्षाकृत सस्ते जेट-चालित शाहेद ड्रोन लॉन्च किए हैं। इनके खिलाफ यूक्रेन की एयर डिफेंस टीमों को कठिनाई का सामना करना पड़ा क्योंकि इंटरसेप्टर ड्रोन उन्हें पकड़ने में बहुत धीमे थे। यूक्रेन ने इस सप्ताह अपने घरेलू रूप से बनाए गए बैलिस्टिक मिसाइल एफपी-7 के पहले युद्ध उपयोग की भी घोषणा की, जिसकी सीमा लगभग 250 किमी है। जेलेंस्की ने क्या लिखा वहीं, यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने एक्स पर एक पोस्ट में रूस के हमले की निंदा की। साथ ही उन्होंने मारे गए व्यक्ति के परिवार और प्रियजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आज सुबह, रूसियों ने एक बार फिर कीव में पिवनिचनी पुल पर ड्रोन से हमला किया। उन्होंने सुमी में एक दवा गोदाम पर ड्रोन से हमला किया। दुख की बात है कि एक व्यक्ति की मौत हो गई। परिवार और प्रियजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं। जेलेंस्की ने आगे लिखा कि निप्रो में, एक कम्यूनिकेशन सेंटर पर भी हमला हुआ है, जिसमें छह लोग घायल हो गए।

चंडीगढ़ का स्कूल बना ‘सुपर स्मार्ट’, PM SHRI दर्जे के बाद हाईटेक हुई पढ़ाई, बच्चों को मिल रही नई सुविधाएं

चंडीगढ़. शहर के धनास स्थित पीएम श्री गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने आधुनिक शिक्षा की दिशा में एक नई मिसाल पेश की है। पीएम श्री का दर्जा मिलने के बाद स्कूल में शिक्षा के साथ तकनीक और रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा दिया गया है। अब यहां विद्यार्थियों को पारंपरिक तरीके के साथ-साथ हाईटेक और मनोरंजक तरीके से पढ़ाया जा रहा है। स्कूल के मुख्य गेट से प्रवेश करते ही विद्यार्थियों और अभिभावकों का स्वागत वाटरफॉल से होता है। इसके अलावा स्कूल की दीवारों पर बनाए गए आकर्षक म्यूरल परिसर को नया और जीवंत रूप देते हैं। स्कूल का उद्देश्य विद्यार्थियों के लिए ऐसा माहौल तैयार करना है, जहां पढ़ाई बोझिल न लगे और बच्चे गतिविधियों के जरिए विषयों को आसानी से समझ सकें। कॉपी-किताब के साथ स्मार्ट पैनल से पढ़ाई पीएम श्री स्कूल बनने के बाद यहां कक्षाओं में आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल बढ़ा है। विद्यार्थी अब स्मार्ट पैनल की मदद से विभिन्न विषयों को इंटरैक्टिव तरीके से समझ रहे हैं। डिजिटल माध्यम से पढ़ाई होने के कारण विद्यार्थियों को कठिन विषयों को विजुअल और प्रैक्टिकल तरीके से समझने का अवसर मिल रहा है। इससे कक्षा में विद्यार्थियों की भागीदारी भी बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। अटल टिंकरिंग लैब में प्रयोग से सीख रहे विद्यार्थी स्कूल में अटल टिंकरिंग लैब भी उपलब्ध है, जहां विद्यार्थी विज्ञान, तकनीक और नवाचार से जुड़े प्रयोग कर सकते हैं। लैब के माध्यम से बच्चों में समस्या समाधान, रचनात्मक सोच और नई चीजें बनाने की क्षमता विकसित करने पर ध्यान दिया जा रहा है। यहां विद्यार्थी केवल किताबों तक सीमित न रहकर प्रयोग और गतिविधियों के जरिए सीखने का अनुभव हासिल कर रहे हैं। आधुनिक सुविधाओं से बदला स्कूल का माहौल पीएम श्री योजना के तहत स्कूल में आधुनिक सुविधाओं को विकसित करने पर जोर दिया गया है। परिसर को आकर्षक बनाने के साथ-साथ विद्यार्थियों के लिए सीखने का बेहतर वातावरण तैयार किया गया है। धनास सेक्टर-14 वेस्ट स्थित यह स्कूल अब पारंपरिक शिक्षा के साथ तकनीक, नवाचार और गतिविधि आधारित शिक्षा को जोड़कर विद्यार्थियों को नया अनुभव दे रहा है।