samacharsecretary.com

कारखियाव इंटीग्रेटेड पैक हाउस का निरीक्षण, जितेन्द्र प्रताप सिंह बोले- संचालन में न हो अनावश्यक देरी

राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद के निदेशक इंटीग्रेटेड पैक हाउस, कारखियाव का किया स्थलीय निरीक्षण इंटीग्रेटेड पैक हाउस के संचालन में किसी प्रकार की न हो अनावश्यक देरीः जितेन्द्र प्रताप सिंह  लखनऊ             राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद के निदेशक  जितेंद्र प्रताप सिंह ने आज इंटीग्रेटेड पैक हाउस, कारखियाव, वाराणसी का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परिसर में उपलब्ध सुविधाओं, निर्माण कार्यों की स्थिति एवं संचालन से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।             निरीक्षण के दौरान निदेशक  सिंह ने इंटीग्रेटेड पैक हाउस को तत्काल संचालित किए जाने के निर्देश दिए, ताकि स्थापित सुविधा का निर्धारित उद्देश्यों के अनुरूप प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि पैक हाउस का संचालन शीघ्र प्रारंभ होने से संबंधित गतिविधियों को गति मिलेगी तथा उपलब्ध अवस्थापना का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जा सकेगा।             निरीक्षण के दौरान परिसर में स्थापित सेनेटरी वेयर की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं पाई गई। इस पर निदेशक ने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को गुणवत्ता में आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देते हुए निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित किए जाने पर जोर दिया।             परिसर की आंतरिक सड़कों की सतह निरीक्षण के दौरान संतोषजनक पाई गई। हालांकि, यह तथ्य संज्ञान में आया कि सड़क के माध्यम से वर्षा का पानी परिसर में आने की समस्या उत्पन्न हो रही है। निदेशक ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए इसके स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में परिसर में जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो।             निदेशक  जितेंद्र प्रताप सिंह ने मुख्य अभियंता को निर्देशित किया कि निरीक्षण में सामने आई समस्याओं के संबंध में आवश्यक परीक्षण एवं तकनीकी निरीक्षण कराते हुए उनके निराकरण के लिए प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। साथ ही, समस्त बिंदुओं पर की गई कार्यवाही एवं प्रस्तावित समाधान से संबंधित विस्तृत रिपोर्ट 10 दिवस के भीतर निदेशालय को प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।             निरीक्षण के दौरान निदेशक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इंटीग्रेटेड पैक हाउस से संबंधित सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करते हुए इसके संचालन में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो। उन्होंने गुणवत्ता, उपयोगिता एवं स्थायी समाधान को प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक कार्य समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने पर विशेष जोर दिया।  

महतारी वंदन योजना से बदली ईश्वरी की जिंदगी, ₹1,000 की मदद से बढ़ाई सब्जी-बाड़ी और परिवार की आमदनी

महतारी वंदन योजना से ईश्वरी ने बढ़ाए आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में कदम हर महीने मिलने वाले एक हजार रुपये से संवारी सब्जी-बाड़ी, बच्चों की पढ़ाई में भी मिल रहा सहारा कभी छोटी-छोटी जरूरतों के लिए लेना पड़ता था उधार, अब अपनी मेहनत से बढ़ा रही परिवार की आमदनी रायपुर  जीपीएम जिले के पेण्ड्रा विकासखण्ड के दूरस्थ वनांचल ग्राम बम्हनी की 40 वर्षीय ईश्वरी मरकार के लिए हर महीने बैंक खाते में आने वाले एक हजार रुपये महज आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि आत्मसम्मान, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता का आधार बन गए हैं। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि का सदुपयोग कर ईश्वरी ने अपने घर के पीछे की जमीन पर सब्जी-बाड़ी विकसित की है। इस बाड़ी से न केवल उनके परिवार को ताजी सब्जियां मिल रही हैं, बल्कि अतिरिक्त उपज की बिक्री से उन्हें आमदनी भी हो रही है। कभी ईश्वरी की जिंदगी में ऐसे दिन भी थे, जब घर की छोटी-छोटी जरूरतों को पूरा करने के लिए उन्हें दूसरों से पैसे उधार मांगने पड़ते थे। कई बार जरूरत बेहद जरूरी होती थी, लेकिन उधार भी नहीं मिल पाता था। ऐसी परिस्थितियां उन्हें हताश कर देती थीं। सीमित आय में घर की जरूरतों और बच्चों की पढ़ाई-लिखाई का खर्च पूरा करना उनके लिए बड़ी चुनौती थी। अब हालात धीरे-धीरे बदल रहे हैं। महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने मिलने वाले एक हजार रुपये ने ईश्वरी को आर्थिक संबल दिया है। नियमित रूप से मिलने वाली इस राशि से उन्हें अपनी छोटी-छोटी जरूरतों के लिए दूसरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ता। ईश्वरी बताती हैं कि पहले छोटी-छोटी जरूरतों के लिए भी दूसरों से पैसे उधार मांगने पड़ते थे। कई बार बहुत जरूरी काम होने पर भी पैसे नहीं मिल पाते थे। इससे काफी परेशानी होती थी। अब मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जी ने हम जैसी जरूरतमंद महिलाओं के लिए महतारी वंदन योजना शुरू की है। हर महीने एक हजार रुपये खाते में आने से बहुत सहारा मिला है। अब हर जरूरत के लिए किसी के आगे हाथ फैलाने की जरूरत नहीं पड़ती। एक हजार रुपये की सहायता को बनाया आमदनी का जरिया ईश्वरी ने महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि को केवल घरेलू जरूरतों पर खर्च करने के बजाय इसका एक हिस्सा अपनी सब्जी-बाड़ी में लगाना शुरू किया। उन्होंने घर के पीछे उपलब्ध जमीन पर विभिन्न प्रकार की सब्जियां उगाई हैं। इन सब्जियों का उपयोग परिवार के भोजन में किया जाता है और अतिरिक्त उपज को बाजार में बिक्री कर वे अतिरिक्त आमदनी भी अर्जित कर रही हैं। इस पहल से एक ओर परिवार के लिए सब्जियों पर होने वाला खर्च कम हुआ है, वहीं दूसरी ओर बाजार में सब्जियां बेचने से आय का एक छोटा लेकिन नियमित जरिया भी तैयार हुआ है। घर के पीछे की यह छोटी-सी बाड़ी अब ईश्वरी के लिए केवल सब्जियां उगाने की जगह नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ते उनके कदमों की पहचान बन गई है। बच्चों की पढ़ाई में भी मिल रहा सहारा महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि का उपयोग ईश्वरी अपने बच्चों की पढ़ाई-लिखाई की जरूरतों को पूरा करने में भी कर रही हैं। हर महीने एक निश्चित राशि मिलने से परिवार के बजट में राहत मिली है और बच्चों की छोटी-छोटी शैक्षणिक जरूरतों को पूरा करने में भी मदद मिल रही है। ईश्वरी की कहानी बताती है कि शासन से मिलने वाली आर्थिक सहायता जब मेहनत और सही सोच से जुड़ती है, तो वह जीवन में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन सकती है। महतारी वंदन योजना से मिलने वाले एक हजार रुपये को ईश्वरी ने केवल सहायता राशि न मानकर उसे अपनी मेहनत से जोड़ा और आय बढ़ाने का माध्यम बनाया। सबसे बड़ा बदलाव-आत्मसम्मान और आत्मविश्वास ईश्वरी के जीवन में आया सबसे महत्वपूर्ण बदलाव केवल आर्थिक नहीं, बल्कि आत्मसम्मान और आत्मविश्वास का भी है। कभी जरूरत के समय दूसरों से उधार मांगने की मजबूरी उन्हें हताश करती थी, आज अपनी बाड़ी में मेहनत कर होने वाली आमदनी उन्हें आत्मनिर्भर बनने का हौसला दे रही है। दूरस्थ वनांचल ग्राम बम्हनी में ईश्वरी की सब्जी-बाड़ी की हरियाली आज उनके बदलते जीवन की तस्वीर बन गई है। शासन की सहायता और ईश्वरी की मेहनत ने मिलकर उनके परिवार के लिए उम्मीदों की नई राह खोली है। ईश्वरी मरकार ने महतारी वंदन योजना के तहत नियमित आर्थिक सहायता मिलने पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है। उनका कहना है कि इस योजना ने उन्हें न केवल आर्थिक सहारा दिया है, बल्कि अपनी मेहनत के बल पर आगे बढ़ने का आत्मविश्वास भी दिया है। महतारी वंदन से मिला आर्थिक संबल और ईश्वरी की मेहनत मिलकर यह संदेश दे रहे हैं कि सही अवसर और सहयोग मिलने पर ग्रामीण महिलाएं अपने परिवार की आर्थिक ताकत बनकर आत्मनिर्भरता की नई कहानी लिख सकती हैं।

कुलपति के खिलाफ सोशल मीडिया पर पोस्ट को लेकर बवाल, खैरागढ़ संगीत विश्वविद्यालय के स्टाफ ने जताई नाराजगी

खैरागढ़. इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. डॉ. लवली शर्मा के खिलाफ सोशल मीडिया पर प्रसारित की जा रही कथित तथ्यहीन एवं भ्रामक सामग्री को लेकर विश्वविद्यालय परिवार ने आपत्ति जताई है। शिक्षकों का कहना है कि किसी भी व्यक्ति अथवा संस्था के संबंध में आरोप लगाए जाने से पहले उनके समर्थन में तथ्य, दस्तावेज और प्रमाण होना आवश्यक है। बिना साक्ष्य गंभीर आरोपों का प्रचार-प्रसार विश्वविद्यालय की गरिमा के अनुरूप नहीं है। विश्वविद्यालय परिवार के अनुसार, कुलपति प्रो. डॉ. लवली शर्मा के कार्यकाल में शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा को मजबूत करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। शिक्षकों ने समय पर परीक्षा परिणाम जारी किए जाने को भी प्रशासनिक सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उनका कहना है कि पूर्व वर्षों में परीक्षा परिणाम अक्टूबर तक लंबित रहने की स्थिति सामने आती रही है। दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों की व्यवस्था पर भी दी सफाई दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों की व्यवस्था को लेकर शिक्षकों ने कहा कि यह आवश्यकता आधारित व्यवस्था है और पूर्व में भी विश्वविद्यालय में इसी प्रकार की व्यवस्था संचालित होती रही है। डीन की नियुक्ति लोकभवन स्तर से होने की बात कहते हुए शिक्षकों ने कहा कि इसे सीधे कुलपति के स्तर से जोड़ना उचित नहीं है। नियुक्तियों और पदोन्नति को लेकर दस्तावेज प्रस्तुत करने की बात सीएसए पदोन्नति अथवा अन्य नियुक्तियों में किसी प्रकार की विसंगति होने की स्थिति में संबंधित दस्तावेज और प्रमाण सक्षम स्तर पर प्रस्तुत किए जाने की बात विश्वविद्यालय परिवार ने कही। शिक्षकों ने कहा कि विधिसम्मत शिकायत या जांच का विश्वविद्यालय परिवार स्वागत करता है लेकिन अनुमान और अपुष्ट जानकारी के आधार पर सोशल मीडिया पर प्रचार करना उचित नहीं है। निरीक्षण दल और शैक्षणिक योग्यता पर भी पक्ष रखा शिक्षकों के अनुसार निरीक्षण दल में बाहरी सदस्यों की नियुक्ति संबंधित अध्यादेश में किए गए प्रावधानों के अनुरूप है। इसी तरह डॉक्टरेट योग्यताधारी व्यक्ति के मेट्रन पद पर होने को उन्होंने उच्च शैक्षणिक योग्यता का विषय बताया। उनका कहना है कि इसे अयोग्यता के रूप में प्रस्तुत करना उचित नहीं है। रायगढ़ प्रस्तुति की राशि स्वैच्छिक दान होने का दावा विश्वविद्यालय परिवार के अनुसार रायगढ़ की प्रस्तुति के दौरान प्राप्त सम्मान राशि संबंधित कलाकार द्वारा स्वेच्छा से दान की गई थी वहीं वर्तमान दीक्षांत समारोह का आयोजन पूर्व के दीक्षांत समारोह और खैरागढ़ महोत्सव की तुलना में कम व्यय में किए जाने की बात भी शिक्षकों ने कही। सोशल मीडिया आईडी को बताया फर्जी ग्राफिक्स विभाग के विभागाध्यक्ष के अनुसार सोशल मीडिया पर प्रसारित संबंधित आईडी विश्वविद्यालय के किसी छात्र की नहीं है। इसे फर्जी बताया गया है। शिक्षकों ने कहा कि यदि फर्जी पहचान अथवा दस्तावेजों के माध्यम से विश्वविद्यालय की छवि प्रभावित करने का प्रयास किया गया है तो इसकी तथ्यात्मक जांच की जानी चाहिए। विश्वविद्यालय परिवार ने सोशल मीडिया पर प्रसारित कथित भ्रामक सामग्री पर आपत्ति जताते हुए कहा कि किसी भी शिकायत अथवा आरोप के लिए विधिसम्मत प्रक्रिया अपनाई जानी चाहिए। शिक्षकों के अनुसार शिकायतों की जांच और तथ्य सामने लाने के लिए सक्षम संस्थागत माध्यम उपलब्ध हैं। विश्वविद्यालय की गरिमा और प्रतिष्ठा की रक्षा करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

कूनो में चीता परिवार बढ़ा, KJP21 ने जन्मे 5 नन्हे शावक; भारत में चीतों की संख्या पहुंची 60

श्योपुर कूनो नेशनल पार्क से वन्यजीव प्रेमियों के लिए खुशखबरी है। यहां मादा चीता KJP21 ने पांच स्वस्थ शावकों को जन्म दिया है। इसके साथ ही भारत में चीतों की कुल संख्या बढ़कर 60 हो गई है। इनमें 41 चीते ऐसे हैं, जिनका जन्म भारत की धरती पर हुआ है। खास बात यह है कि KJP21 भारतीय धरती पर जन्म लेने के बाद शावकों को जन्म देने वाली तीसरी मादा चीता बन गई है। इससे पहले मुखी और KGP12 भी भारत में शावकों को जन्म दे चुकी हैं।     श्योपुर स्थित कूनो नेशनल पार्क से प्रोजेक्ट चीता को लेकर एक और बड़ी खुशखबरी सामने आई है। सोमवार को यहां मादा चीता KJP21 ने पांच स्वस्थ शावकों को जन्म दिया। इसके साथ ही देश में अब चीतों की कुल संख्या बढ़कर 60 हो गई है, जिनमें 41 चीते भारत की धरती पर जन्मे हैं। केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने इंटरनेट मीडिया 'एक्स' पर नवजात शावकों की तस्वीरें और वीडियो साझा कर इस उपलब्धि की जानकारी दी। उन्होंने इसे प्रोजेक्ट चीता के लिए एक और ऐतिहासिक और खुशी का पल बताया। Kuno National Park में तीसरी भारतीय जन्मी मादा चीता बनी मां KJP21 भारत में जन्मी उन मादा चीतों की सूची में शामिल हो गई है, जिन्होंने भारतीय धरती पर शावकों को जन्म दिया है। वह मुखी और KGP12 के बाद तीसरी ऐसी मादा चीता है। इसका महत्व इसलिए भी है क्योंकि भारत में चीता पुनर्स्थापना का लक्ष्य केवल दूसरे देशों से चीतों को लाकर उनकी संख्या बढ़ाना नहीं है। असली सफलता तब मानी जाएगी, जब यहां पैदा हुई नई पीढ़ी आगे प्रजनन करे और एक स्थिर चीता आबादी विकसित हो। KJP21 का पांच शावकों को जन्म देना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। Botswana से आए नर चीते से पैदा हुए पांच शावक इन पांच शावकों का जन्म अपने साथ एक और बड़ी उपलब्धि लेकर आया है। इनके पिता बोत्सवाना से भारत लाया गया नर चीता है। यानी इन शावकों के जन्म के साथ भारत में Botswanan lineage यानी बोत्सवाना वंशावली की शुरुआत हुई है। यह प्रोजेक्ट चीता के लिए आनुवंशिक विविधता के लिहाज से भी महत्वपूर्ण घटनाक्रम है। भारत में जन्मी तीसरी मादा चीता ने बढ़ाया कुनबा केंद्रीय मंत्री यादव ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर पोस्ट करते हुए लिखा- प्रोजेक्ट चीता के लिए एक और ऐतिहासिक व आल्हादित कर देने वाला पल! भारत में जन्मी 32 माह की चीता KJP21 ने आज (सोमवार) को कूनो नेशनल पार्क में पांच स्वस्थ शावकों को जन्म दिया है। वह भारत में जन्म लेने वाली तीसरी ऐसी मादा चीता है, जिसने यहां शावकों को जन्म दिया है। इससे पहले मुखी और KGP12 भी भारत में शावकों को जन्म दे चुकी हैं। वन्यजीव संरक्षण के लिहाज से इसे प्रोजेक्ट चीता के लिए अहम पड़ाव माना जा रहा है, क्योंकि इससे देश में चीतों की अगली पीढ़ी तैयार होने की प्रक्रिया और मजबूत हो रही है। बोत्सवाना की नई जेनेटिक लाइन की शुरुआत इन पांच शावकों के जन्म की एक और खासियत है। इनके पिता बोत्सवाना से भारत लाए गए नर चीता हैं। ऐसे में इन शावकों के साथ भारत में बोत्सवाना की जेनेटिक लाइन की भी शुरुआत हुई है। इससे देश में विकसित हो रहे चीता कुनबे में नई आनुवंशिक विविधता जुड़ने की उम्मीद है। भारत में जन्मे चीतों का आंकड़ा 40 के पार पांच नए शावकों के जन्म के बाद अब भारत में चीतों की कुल संख्या अब 60 हो गई है। खास बात यह है कि इनमें 41 चीते भारत में जन्मे हैं। कूनो में लगातार हो रहे प्रजनन को प्रोजेक्ट चीता की बड़ी उपलब्धियों में गिना जा रहा है। केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने इस उपलब्धि के लिए प्रोजेक्ट चीता से जुड़े पशु चिकित्सकों, फील्ड स्टाफ, प्रबंधन टीम और अन्य कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत की धरती पर जन्मी चीतों की यह नई पीढ़ी देश में चीता पुनर्स्थापना की कहानी में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ रही है। चीता पुनर्स्थापना अभियान में एक और गौरवपूर्ण अध्याय भारतीय धरती पर चीतों की एक और पीढ़ी का जन्म प्रोजेक्ट चीता की उल्लेखनीय यात्रा में एक और गौरवपूर्ण अध्याय है। यह उपलब्धि कूनो राष्ट्रीय उद्यान में चीता संरक्षण के लिए निरंतर किए जा रहे वैज्ञानिक प्रबंधन, निगरानी और संरक्षण प्रयासों को भी रेखांकित करती है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने प्रोजेक्ट चीता से जुड़े पशु चिकित्सकों, वन अधिकारियों, मैदानी अमले, प्रबंधन टीम तथा सभी सहयोगियों को बधाई दी गई है। उनके समर्पण, प्रतिबद्धता और अथक प्रयासों से भारत में चीता पुनर्स्थापना की यह यात्रा निरंतर आगे बढ़ रही है। नन्हे मेहमानों के आगमन से कूनो की धरती पर एक बार फिर प्रकृति और वन्यजीव संरक्षण की नई उम्मीद ने जन्म लिया है।

छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए बड़ा अवसर, रायपुर रोजगार मेले में 8 हजार+ पदों पर भर्ती; CM साय होंगे मुख्य अतिथि

राज्य स्तरीय रोजगार मेला 7-8 अक्टूबर को रायपुर के इंडोर स्टेडियम  8 हजार से अधिक पदों पर युवाओं को मिलेगा रोजगार का अवसर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मुख्य आतिथ्य में होगा आयोजन तकनीकी एवं गैर-तकनीकी क्षेत्रों की रिक्तियों के लिए युवा कर सकेंगे आवेदन रायपुर प्रदेश के युवाओं को रोजगार के अधिकाधिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग द्वारा 7 एवं 8 अक्टूबर 2026 को राजधानी रायपुर के बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में राज्य स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मुख्य आतिथ्य में और कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब की अध्यक्षता में आयोजित इस रोजगार मेले में तकनीकी एवं गैर-तकनीकी क्षेत्रों के 8 हजार से अधिक रिक्त पदों पर युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे।           सचिव कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग ड. बसवराजू  एस. ने बताया कि द्वारा रोजगार मेले में प्रदेश के वृहद उद्योगों एवं निजी प्रतिष्ठानों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है, ताकि विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध रिक्त पदों के लिए युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें। इच्छुक युवा erojgar.cg.gov.in (ई-रोजगार पोर्टल) पर उपलब्ध रिक्तियों की जानकारी प्राप्त करने के साथ रोजगार मेले के लिए अपना पंजीयन भी करा सकते हैं। राज्य एवं जिला स्तरीय रोजगार मेलों में चयनित आवेदकों को कार्यक्रम के दौरान ऑफर लेटर प्रदान किए जाने की भी तैयारी की गई है। इसके साथ ही रोजगार मेले में आने वाले युवाओं को विभिन्न प्रतिष्ठानों एवं उद्योगों में उपलब्ध रोजगार के अवसरों की जानकारी प्राप्त करने और अपनी योग्यता के अनुरूप रोजगार के लिए आवेदन करने का अवसर मिलेगा। रोजगार मेले में अधिकाधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों सहित विभिन्न माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। संबंधित विभागों एवं जिलों को भी युवाओं तक रोजगार मेले की जानकारी पहुंचाने और उनकी सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।           राज्य शासन द्वारा आयोजित यह रोजगार मेला प्रदेश के युवाओं को निजी क्षेत्र के प्रतिष्ठित संस्थानों एवं उद्योगों से सीधे जुड़ने का अवसर प्रदान करेगा। शासन ने आयोजन को सफल बनाने तथा अधिकाधिक युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए सभी संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

प्रेमानंद के शिष्य दीपक की मौत का नया CCTV, कथित तौर पर खुद को घायल करने के बाद चौथी मंजिल पहुंचा

मथुरा मथुरा के वृंदावन स्थित प्रेमानंद महाराज के गुरु कृपा कुंज आश्रम में रसिक दुलारी शरण उर्फ दीपक लोधी की मौत का मामला लगातार उलझता जा रहा है. अब घटना से जुड़ा एक और CCTV वीडियो सामने आया है, जिसने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. वीडियो में दीपक लोधी अपना प्राइवेट पार्ट काटने के बाद सीढ़ियों से ऊपर की ओर जाता दिखाई दे रहा है. दावा किया जा रहा है कि इसके तुरंत बाद उसने चौथी मंजिल से छलांग लगा दी थी।  हालांकि, CCTV फुटेज सामने आने के बाद लगाए जा रहे इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है. पूरे घटनाक्रम की तस्वीर पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही साफ हो सकेगी. फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही बना हुआ है कि आखिर दीपक लोधी ने ऐसा खौफनाक कदम क्यों उठाया।  प्राइवेट पार्ट काटने के बाद कहां गया दीपक? सामने आए CCTV फुटेज में दीपक लोधी सीढ़ियों से ऊपर की ओर जाता नजर आ रहा है. बताया जा रहा है कि यह फुटेज उस घटना के बाद का है, जिसमें उसने कथित तौर पर अपना प्राइवेट पार्ट काट लिया था. इसके बाद उसके चौथी मंजिल तक पहुंचने और वहां से नीचे गिरने की बात कही जा रही है. अगर यह घटनाक्रम जांच में सही पाया जाता है तो यह वीडियो उसकी मौत से पहले के आखिरी पलों की अहम कड़ी साबित हो सकता है।  मौत के पीछे की वजह अब भी रहस्य दीपक लोधी ने आखिर ऐसा कदम क्यों उठाया, इसका जवाब अभी तक नहीं मिल पाया है. परिवार और उसके करीबियों की ओर से लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं. उसकी मौत के बाद से ही आश्रम के बाहर लोगों का आक्रोश भी देखने को मिल रहा है. लोग मामले की निष्पक्ष जांच और घटना की पूरी सच्चाई सामने लाने की मांग कर रहे हैं।  9 दिन बाद आया ट्रस्ट का बयान इस बीच राधा केलि कुंज ट्रस्ट की ओर से सोशल मीडिया पर एक अपील जारी की गई है. आश्रम प्रबंधन ने पुष्टि की है कि यह अपील उसी की ओर से जारी की गई है. बयान में कहा गया है कि हाल में हुई घटना से पूज्य महाराज जी और समस्त परिकर अत्यंत आहत हैं. ट्रस्ट ने मृतक के परिवार के प्रति सहानुभूति जताई है और पुलिस प्रशासन के साथ घटना की निष्पक्ष एवं तथ्यात्मक जांच में पूर्ण सहयोग देने की बात कही है।  ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं, साधकों और आम लोगों से अपुष्ट जानकारी, अफवाह और अनुमान के आधार पर आश्रम या पूज्य महाराज जी की छवि को धूमिल करने वाला प्रचार नहीं करने की अपील की है. ट्रस्ट ने भरोसा जताया है कि पुलिस की निष्पक्ष जांच के बाद घटना के वास्तविक तथ्य सामने आएंगे।  पुलिस जांच पर भी उठ रहे सवाल घटना के करीब 9 दिन बाद ट्रस्ट की ओर से बयान आने को लेकर भी चर्चा तेज है. सवाल उठ रहा है कि अगर घटना के तुरंत बाद स्थिति स्पष्ट की जाती तो क्या विवाद इतना बढ़ता? दूसरी तरफ पुलिस की कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं. लोगों का कहना है कि आत्महत्या के मामले में अब तक मुकदमा दर्ज क्यों नहीं किया गया।  फिलहाल नया CCTV फुटेज सामने आने के बाद दीपक लोधी की मौत का रहस्य और गहरा गया है. उसने अपना प्राइवेट पार्ट क्यों काटा, चौथी मंजिल तक कैसे पहुंचा और मौत से पहले उसके साथ क्या हुआ, इन सवालों के जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आ सकेंगे। 

राज्यसभा की 10 सीटों पर सियासी घमासान, BJP के 8वें उम्मीदवार को लेकर बढ़ा सस्पेंस

 लखनऊ  भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश में 16 अक्टूबर को होने वाले राज्यसभा चुनाव की दस सीटों के लिए होने वाले मतदान के लिए सोमवार को अपने प्रत्याशियों के नाम घोषित कर सकती है। राज्यसभा चुनाव के लिए मंगलवार को नामांकन का अंतिम दिन है और भाजपा ने पर्याप्त संख्या में नामांकन पत्र खरीदकर तैयारी कर ली है। अपने प्रत्याशियों के चयन के जरिए भाजपा वर्ष 2027 के विधान सभा चुनाव के लिए जातीय, क्षेत्रीय और राजनीतिक समीकरणों का संदेश भी देने की कोशिश कर सकती है। भाजपा के संभावित प्रत्याशियों को लेकर स्मृति इरानी, हरीश द्विवेदी, हरदीप सिंह पुरी, बीएल वर्मा, वरुण गांधी, संजीव बालियान सहित कई नाम चर्चा में हैं। भाजपा विधानसभा चुनाव 2027 को ध्यान में रखते हुए इस चुनाव में जातीय और क्षेत्रीय समीकरणों को भी साधेगी। माना जा रहा है कि पार्टी युवा और महिला उम्मीदवारों को टिकट देगी। पार्टी ब्राह्मण, राजपूत, ओबीसी और अनुसूचित जाति के साथ अल्पसंख्यक को भी टिकट दे सकती है। माना जा रहा है कि भाजपा इस बार आठ प्रत्याशियों में से एक पासी, एक जाटव, दो ब्राह्मण, एक गुर्जर, एक जाट, एक कूर्मि प्रत्याशी मैदान में उतारेगी। एक पूर्व मंत्री भी राज्य सभा जा सकते हैं। इस बार पूर्व पुलिस अधिकारी के साथ ही  किसी राजपूत को राज्य सभा नहीं भेजा जाएगाष उनको विधान परिषद में एडजस्ट किया जाएगा। जिन्हें नामांकन करना है उन्हें तैयारी का संकेत दे दिया गया है। उम्मीदवारों में राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी और हरीश द्विवेदी के नाम की चर्चा है। इनके साथ ही कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह पुरी और केंद्रीय राज्य मंत्री बी एल वर्मा का नाम भी संभावित उम्मीदवारों में है। पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान, राजवीर सिंह उर्फ राजू भैय्या, प्रकाश पाल या पूजा पाल में से एक, दुर्विजय शाक्य या गीता शाक्य या ममतेश शाक्य में से कोई एक भी टिकट की दौर में हैं। सुब्रत पाठक या त्र्यंबक त्रिपाठी, सुरेश राणा आदि के नाम भी संभावित उम्मीदवारों में लिए जा रहे हैं। इसी तरह आरएलडी प्रमुख जयंत चौधरी का भी नाम लिया जा रहा है, जिन्हें भाजपा अपना समर्थन दे सकती है। विधायकों के संख्या बल के हिसाब से भारतीय जनता पार्टी सात सीट आसानी से जीत लेगी। समाजवादी पार्टी ने भी दो प्रत्याशियों का नाम घोषित किया, जिनको वो आसानी से जीत दिला सकती है। अब सभी की निगाहें भाजपा के आठवें और समाजवादी पार्टी के तीसरे प्रत्याशी पर भी है। माना जा रहा है की भाजपा मैदान में आठवां प्रत्याशी भी उतारेगी। आठवीं सीट पर जीत के लिए उसे कुछ ही और विधायकों के वोटों की जरूरत है। विधायकों का संख्या बल उत्तर प्रदेश विधानसभा में भाजपा के 255 विधायक हैं, जबकि सपा के 101 सदस्य हैं। भाजपा के सहयोगी अपना दल (सोनेलाल) के 13, राष्ट्रीय लोक दल के नौ, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के छह और निषाद पार्टी के पांच विधायक हैं। जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के दो तथा कांग्रेस के दो विधायक हैं, जबकि सात विधानसभा सीट रिक्त हैं। निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार, नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख छह अक्टूबर है। नामांकन पत्रों की जांच सात अक्टूबर को होगी और उम्मीदवार नौ अक्टूबर तक नाम वापस ले सकेंगे। मतदान 16 अक्टूबर को सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक होगा और उसी दिन मतगणना की जाएगी।

डीपफेक से डिजिटल फोरेंसिक्स तक, CNLU-C-DAC शुरू करेगा एडवांस्ड साइबर सिक्योरिटी कोर्स

पटना  बढ़ते साइबर अपराध, ऑनलाइन फ्रॉड और डिजिटल हमलों के बीच चाणक्य राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (CNLU), पटना और केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के उपक्रम C-DAC ने मिलकर एडवांस्ड सर्टिफिकेट प्रोग्राम इन साइबर सिक्योरिटी एंड डिजिटल फोरेंसिक्स शुरू करने की पहल की है। बिहार पुलिस की साइबर क्राइम एंड सिक्योरिटी यूनिट (CCSU) इसमें लॉ एनफोर्समेंट पार्टनर है। पाठ्यक्रम में साइबर सुरक्षा के साथ कानूनी पहलुओं और डिजिटल जांच की जानकारी दी जाएगी। इच्छुक अभ्यर्थी 17 नवंबर तक CNLU की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। 60 घंटे में साइबर सिक्योरिटी से डिजिटल फोरेंसिक्स तक CNLU के कुलसचिव प्रो. एसपी सिंह के अनुसार, पाठ्यक्रम में कुल आठ मॉड्यूल रखे गए हैं। इसमें साइबर सिक्योरिटी की बुनियादी जानकारी, नेटवर्किंग और नेटवर्क सिक्योरिटी, एथिकल हैकिंग और पेनिट्रेशन टेस्टिंग शामिल हैं। इसके अलावा रिवर्स इंजीनियरिंग के जरिए मालवेयर एनालिसिस, इंसिडेंट रिस्पांस, डिजिटल फोरेंसिक्स, साइबर क्राइम इन्वेस्टिगेशन और डिजिटल पर्सनल डेटा प्रोटेक्शन एक्ट-2023 समेत साइबर कानून, प्राइवेसी और गवर्नेंस की पढ़ाई कराई जाएगी। डीपफेक और असली-नकली फोटो पहचानना भी सीखेंगे पाठ्यक्रम में साइबर फ्रॉड से निपटने के व्यावहारिक तरीके भी बताए जाएंगे। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के दौर में बढ़ते डीपफेक के बीच प्रतिभागियों को असली और नकली फोटो की पहचान करने के तरीकों की जानकारी भी दी जाएगी। यह पूरा सर्टिफिकेट प्रोग्राम 30 दिन यानी कुल 60 घंटे का होगा। कक्षाएं 21 नवंबर से 20 दिसंबर 2026 तक शनिवार और रविवार को आयोजित की जाएंगी। हर दिन छह घंटे की कक्षा होगी। ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों मोड में होगा कोर्स कामकाजी लोगों और छात्रों की सुविधा को देखते हुए कोर्स को हाइब्रिड मोड में संचालित किया जाएगा। इसमें ऑनलाइन लाइव और ऑफलाइन दोनों माध्यम से प्रवेश मिलेगा ऑफलाइन प्रैक्टिकल कक्षाएं CNLU परिसर स्थित साइबर सेंटर में होंगी। कुल 45 सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। ऑफलाइन के लिए 24 हजार, ऑनलाइन की फीस 18 हजार ऑफलाइन मोड में दाखिला लेने वाले प्रतिभागियों को 24 हजार रुपये फीस देनी होगी, जबकि ऑनलाइन लाइव मोड की फीस 18 हजार रुपये निर्धारित की गई है। फीस में ट्यूशन, डिजिटल स्टडी मैटेरियल, प्रैक्टिकल सेशन और परीक्षा शामिल हैं। मूल्यांकन में 50 प्रतिशत या उससे अधिक अंक हासिल करने वाले प्रतिभागियों को CNLU और C-DAC की ओर से संयुक्त प्रमाणपत्र दिया जाएगा। C-DAC वैज्ञानिक और साइबर एक्सपर्ट देंगे ट्रेनिंग पाठ्यक्रम में C-DAC के वैज्ञानिक, बिहार पुलिस की साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई के अधिकारी, राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा स्कॉलर और डिजिटल फोरेंसिक एक्सपर्ट विषयों की जानकारी देंगे। इससे प्रतिभागियों को साइबर सुरक्षा और डिजिटल जांच के तकनीकी पहलुओं के साथ-साथ वास्तविक मामलों से जुड़े व्यावहारिक अनुभव भी मिलेंगे। छात्र से लेकर पुलिसकर्मी तक कर सकते हैं आवेदन किसी भी संकाय के स्नातक और अंडरग्रेजुएट छात्र इस पाठ्यक्रम में प्रवेश ले सकते हैं। इसके अलावा लॉ और इंजीनियरिंग के विद्यार्थी, IT प्रोफेशनल्स, पुलिसकर्मी, न्यायिक अधिकारी और शिक्षक भी आवेदन कर सकते हैं। खास बात यह है कि आवेदन के लिए पहले से कोडिंग या प्रोग्रामिंग का अनुभव जरूरी नहीं है। कंप्यूटर की सामान्य जानकारी होना पर्याप्त है। पाठ्यक्रम में नेटवर्क सिक्योरिटी, एथिकल हैकिंग, मालवेयर एनालिसिस, डिजिटल फोरेंसिक्स, साइबर इन्वेस्टिगेशन और DPDP एक्ट जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।  

100 फीट चौड़ी होगी न्यू सांगानेर रोड, JDA ने शुरू की अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई

जयपुर जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने न्यू सांगानेर रोड को 100 फीट चौड़ा करने की कवायद तेज कर दी है। जेडीए ने सोमवार को न्यू सांगानेर रोड पर करीब 260 मकान और दुकानों से अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई शुरू की। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस जाब्ता तैनात रहा और यातायात को डायवर्ट किया गया। बता दें कि गुर्जर की थड़ी चौराहे से सोडाला तिराहे तक करीब 3 किलोमीटर एरिया में अवैध निर्माण हटाए जाएंगे। जेडीए की टीम ने पहले चरण में गुर्जर की थड़ी चौराहे से लजीज रेस्टोरेंट तक करीब एक किलोमीटर क्षेत्र में दो दर्जन से अधिक अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाया। दुकानों के बाहर बने रैंप, चबूतरे, फुटपाथ, सीढ़ियां, टिनशेड और बाउंड्रीवॉल हटाई गईं। एक दुकान की टिनशेड हटाने के दौरान व्यापारी अंदर ही खड़ा रहा। मौके पर मौजूद पुलिस जेडीए अधिकारियों ने उसे बाहर निकलने के लिए कहा। लेकिन, जब वह नहीं माना तो उसे पुलिस की मदद से बाहर निकाला गया। वहीं, कई व्यापारियों ने कार्रवाई से पहले खुद ही निर्माण हटाना शुरू कर दिया था। हालांकि कुछ व्यापारियों ने त्योहार के समय कार्रवाई का विरोध करते हुए कारोबार प्रभावित होने की बात कही है। जेडीए के अनुसार न्यू सांगानेर रोड की चौड़ाई कई जगह अवैध निर्माण के कारण 40 से 60 फीट तक रह गई है, जबकि यह सड़क 100 फीट चौड़ी है। राजस्थान हाईकोर्ट के आदेश के बाद सड़क को निर्धारित चौड़ाई में लाने की कार्रवाई की जा रही है। जेडीए को 6 अक्टूबर को कोर्ट में कार्रवाई की पालना रिपोर्ट पेश करनी है। विधायक ​गोपाल शर्मा भी मौके पर मौजूद अतिक्रमण के खिलाफ हो रही कार्रवाई को देखने के लिए स्थानीय विधायक गोपाल शर्मा भी समर्थकों के साथ मौके पर मौजूद हैं। इस मामले में बीजेपी विधायक गोपाल शर्मा ने कहा कि गुर्जर की थड़ी के 1 किमी के दायरे में सड़क पर हुए अवैध कब्ज़े के खिलाफ जेडीए की यह कार्रवाई की जा रही है। जेडीए यह कार्रवाई राजस्थान हाईकोर्ट के आदेश के अनुसार कर रहा है। लेकिन, समस्या तब पैदा होती है जब लोगों के पास पहले से ही 40 साल पुराने कानूनी कागज़ात हों। उन्होंने कहा कि सीमांकन में बड़ी गलतियां हुई हैं और इसके सबूत सरकार को सौंपे जा चुके हैं। जब हाईकोर्ट में सुनवाई की तारीख नजदीक आती है, तभी जेडीए कार्रवाई शुरू करता है इससे पहले जेडीए ने पिछले रविवार को न्यू सांगानेर रोड पर लाल निशान दीवारों पर लगाए थे। सोडाला चौराहे से गुर्जर की थड़ी तक करीब 2.5 किलोमीटर हिस्से में जेडीए की 5 टीमों ने रोड नापा था। सड़क के दोनों ओर के करीब 260 निर्माण सड़क सीमा क्षेत्र में चिह्नित किए गए थे। मास्टर प्लान में सड़क की चौड़ाई 100 फीट निर्धारित है, जबकि मौके पर कई स्थानों पर सड़क 50 से 60 फीट तक ही है।

8 अक्टूबर को गुरु बदलेंगे नक्षत्र, मिथुन-धनु समेत इन 3 राशियों को रहना होगा सावधान

 ज्योतिष शास्त्र में गुरु का गोचर बहुत ही विशेष माना जाता है. जब भी देवगुरु बृहस्पति का गोचर होता है तो उसका प्रभाव सभी राशियों पर पड़ता है. वैदिक ज्योतिष के अनुसार, 8 अक्टूबर 2026 को देवगुरु बृहस्पति शाम 07 बजकर 3 मिनट से अश्लेषा नक्षत्र के चौथे चरण में प्रवेश करेंगे. गुरु का यह नक्षत्र परिवर्तन ज्योतिषीय दृष्टिकोण से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. अश्लेषा नक्षत्र के स्वामी बुध हैं. यद्यपि इस गोचर का कई राशियों पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा, वहीं कुछ चुनिंदा राशियों के जातकों को इस अवधि में विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता होगी. तो आइए जानते हैं कि किन राशियों के लिए यह समय चुनौतीपूर्ण समय रहने वाला है. मिथुन राशि गुरु का अश्लेषा नक्षत्र में गोचर आपकी वाणी और धन भाव को प्रभावित कर सकता है. इस दौरान आपके शब्दों का गलत अर्थ निकाला जा सकता है, इसलिए बोलचाल में विशेष संयम रखें. कार्यक्षेत्र में अपनी भविष्य की योजनाओं को हर किसी के साथ साझा करने से बचें. आर्थिक लेन-देन या किसी भी प्रकार के कागजी दस्तावेजों पर बिना पूरी जांच-पड़ताल किए हस्ताक्षर न करें. धनु राशि गुरु का गोचर धनु राशि वालों के लिए बहुत ही अशुभ रहने वाला है. इस गोचर के प्रभाव से आपके जीवन में अचानक कुछ विपरीत परिस्थितियां या कार्य में रुकावटें आ सकती हैं. शेयर बाजार, सट्टा या किसी भी बड़े जोखिम भरे निवेश से इस अवधि में दूर रहना ही समझदारी होगी. साथ ही, अपने स्वास्थ्य को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें. मीन राशि मीन राशि के जातकों के लिए शिक्षा, संतान और महत्वपूर्ण निर्णयों के मामले में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो सकती है. भावनाओं में बहकर या जल्दबाजी में कोई भी बड़ा वित्तीय या व्यक्तिगत निर्णय लेने से बचें. कार्यक्षेत्र में अपनी रणनीतियों को गुप्त रखना आपके लिए फायदेमंद साबित होगा, अन्यथा छिपे हुए विरोधी आपके बनते कामों में बाधा डाल सकते हैं.