samacharsecretary.com

रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी, भोपाल से धनबाद-चोपन तक मिलेगी सीधी ट्रेन सेवा

भोपाल  भोपाल से दूसरे शहरों की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए वर्ष 2026 में रेल कनेक्टिविटी के लिहाज से कई नए विकल्प जुड़े हैं। भोपाल से धनबाद और चोपन के लिए सीधी ट्रेनें शुरू होने से यात्रियों को इन शहरों तक पहुंचने के लिए बेहतर सुविधा मिली है। वहीं, अमृत भारत एक्सप्रेस के संचालन और विभिन्न स्टेशनों पर इनके ठहराव से बनारस, अयोध्या और मुंबई की ओर जाने वाले यात्रियों को भी नए विकल्प मिले हैं। इसका फायदा केवल भोपाल ही नहीं, बल्कि बीना, नर्मदापुरम, इटारसी और हरदा जैसे शहरों के यात्रियों को भी मिल रहा है। छोटे स्टेशनों पर प्रमुख ट्रेनों के ठहराव से यात्रियों को दूसरे स्टेशन तक पहुंचने की अतिरिक्त मशक्कत भी कम हुई है। 10 नई ट्रेन सेवाएं हुईं शुरू इस वर्ष भोपाल मंडल से 10 नई ट्रेन सेवाएं शुरू हुई हैं। इनमें भोपाल-धनबाद द्वि-साप्ताहिक और भोपाल-चोपन साप्ताहिक एक्सप्रेस शामिल हैं। इनसे झारखंड और उत्तर प्रदेश के लिए सीधी रेल सुविधा मिली है। वहीं, बनारस-हडपसर और अयोध्या-एलटीटी अमृत भारत एक्सप्रेस से धार्मिक और व्यावसायिक यात्राओं के विकल्प बढ़े हैं। पांच प्रमुख स्टेशनों से अमृत भारत में सफर की सुविधा बनारस-हडपसर अमृत भारत एक्सप्रेस को बीना, रानी कमलापति, नर्मदापुरम, इटारसी और हरदा में ठहराव दिया गया है। इससे इन शहरों के यात्रियों को बनारस और पुणे की ओर जाने के लिए सीधी ट्रेन का विकल्प मिला है। इटारसी में अयोध्या-एलटीटी अमृत भारत एक्सप्रेस के ठहराव से अयोध्या और मुंबई की ओर यात्रा करने वालों को भी सुविधा मिली है। छोटे स्टेशनों के यात्रियों को भी राहत मियाना में भोपाल-ग्वालियर इंटरसिटी, पगारा में भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस और सारंगपुर व कोलारस में लक्ष्मीबाई नगर-योग नगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस का ठहराव शुरू किया गया है। इससे इन क्षेत्रों के यात्रियों को प्रमुख शहरों तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त दूरी तय कर दूसरे स्टेशनों पर जाने की जरूरत कम हुई है। इसके अलावा बीना-गुना-रुठियाई मेमू सेवा से स्थानीय यात्रियों को नियमित आवागमन का नया विकल्प मिला है।

SUV के शौक ने बढ़ाई पार्किंग की परेशानी, बिल्डिंग डिजाइन से लेकर फीचर्स तक बदले

नई दिल्ली भारत में SUV कारों की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। अब लोग छोटी हैचबैक और सेडान के मुकाबले ऊंची, चौड़ी और बड़ी गाड़ियां खरीदना ज्यादा पसंद कर रहे हैं। इसका असर अब सिर्फ कार बाजार तक सीमित नहीं है। शहरों की पार्किंग व्यवस्था और इमारतों के बेसमेंट का डिजाइन भी इस बदलाव से प्रभावित हो रहा है। बड़ी और भारी गाड़ियों के कारण पुराने पार्किंग स्लॉट छोटे पड़ने लगे हैं। कई जगहों पर कारों को मोड़ने और पार्क करने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिल रही है। ऐसे में रियल एस्टेट कंपनियों को बेसमेंट की योजना बदलनी पड़ रही है। वहीं, पार्किंग सिस्टम बनाने वाली कंपनियां भी ज्यादा वजन उठाने वाले उपकरण तैयार कर रही हैं। कार कंपनियां भी पार्किंग को आसान बनाने के लिए कैमरे और सेंसर जैसे फीचर्स पर जोर दे रही हैं। पार्किंग सिस्टम की मांग में SUV की हिस्सेदारी 30 से बढ़कर 80 प्रतिशत करीब 20 साल पहले मैकेनिकल पार्किंग सिस्टम तैयार करते समय कंपनियां 30 प्रतिशत SUV और 70 प्रतिशत सेडान कारों को ध्यान में रखती थीं। लेकिन अब यह अनुपात पूरी तरह बदल गया है। मौजूदा मांग के अनुसार पार्किंग सिस्टम की योजना में करीब 80 प्रतिशत SUV और 20 प्रतिशत सेडान कारों को जगह दी जा रही है। इस बदलाव से साफ है कि बड़ी गाड़ियों की जरूरत के हिसाब से पार्किंग व्यवस्था तैयार करनी पड़ रही है। SUV का आकार सेडान के मुकाबले बड़ा होता है। इनकी चौड़ाई और ऊंचाई भी ज्यादा हो सकती है। इसलिए इन्हें पार्क करने के लिए अधिक जगह और मजबूत प्लेटफॉर्म की जरूरत पड़ती है। भारत में कारों की खरीद और पार्किंग की जरूरत में कितना बदलाव आया? अक्टूबर 2026 के आंकड़ों के अनुसार, देश में कुल यात्री वाहनों के पंजीकरण में SUV की हिस्सेदारी 58.6 प्रतिशत रही। वहीं हैचबैक की हिस्सेदारी 21.1 प्रतिशत और सेडान की हिस्सेदारी 8 प्रतिशत दर्ज की गई। इससे पता चलता है कि भारतीय कार बाजार में SUV की पकड़ कितनी मजबूत हो चुकी है। कारों के आकार और पार्किंग की जरूरत में आए बदलाव को इन आंकड़ों से समझा जा सकता है। बदलाव का आधार पहले का अनुपात/आंकड़ा नया अनुपात/आंकड़ा मैकेनिकल पार्किंग में SUV की हिस्सेदारी 30% 80% मैकेनिकल पार्किंग में सेडान की हिस्सेदारी 70% 20% 1.8 मीटर या ज्यादा चौड़ी नई कारों की हिस्सेदारी 2019 में 14.2% अक्टूबर 2026 में 32.1% 2026 में रियर-व्यू कैमरा वाली नई कारें — करीब 50% अक्टूबर 2026 में यात्री वाहन बाजार में SUV की हिस्सेदारी — 58.6% अक्टूबर 2026 में हैचबैक की हिस्सेदारी — 21.1% अक्टूबर 2026 में सेडान की हिस्सेदारी — 8%   अब ज्यादा वजन उठाने वाले पार्किंग सिस्टम की जरूरत  SUV के साथ इलेक्ट्रिक कारों (Indian Parking Problem) का चलन बढ़ने से भी पार्किंग सिस्टम पर दबाव बढ़ रहा है। इलेक्ट्रिक कारों में बैटरी के कारण वजन अधिक हो सकता है। ऐसे में पुराने पार्किंग उपकरणों की क्षमता कई बड़ी गाड़ियों के लिए पर्याप्त नहीं रह जाती। पहले मैकेनिकल पार्किंग सिस्टम में दो टन तक वजन उठाने की क्षमता आम थी। अब कंपनियां 2.6 टन क्षमता वाले सिस्टम तैयार कर रही हैं। कुछ नए सिस्टम 3.2 टन तक वजन उठाने में सक्षम हैं। इसके अलावा प्लेटफॉर्म की चौड़ाई और ऊंचाई में भी बदलाव किया जा रहा है, ताकि बड़ी गाड़ियों को आसानी से खड़ा किया जा सके। बेसमेंट की पार्किंग का नक्शा बदलने की तैयारी बड़ी SUV की वजह से रियल एस्टेट कंपनियों के सामने नई चुनौती खड़ी हो गई है। बिल्डरों को सीमित जगह में ज्यादा से ज्यादा गाड़ियों की पार्किंग की व्यवस्था करनी होती है। लेकिन बड़ी कारों के लिए चौड़े पार्किंग स्लॉट और उन्हें मोड़ने के लिए ज्यादा जगह चाहिए। इसका असर बेसमेंट में उपलब्ध पार्किंग की कुल संख्या पर भी पड़ सकता है। इसलिए अब इमारतों की योजना बनाते समय पार्किंग की जगह को ज्यादा लचीला रखने पर जोर दिया जा रहा है। जरूरत के अनुसार कुछ स्लॉट बड़ी गाड़ियों के लिए बनाए जा सकते हैं। रैंप, रास्तों और खंभों के बीच की जगह का ध्यान रखना भी जरूरी हो गया है। कारों में रियर कैमरा और 360 डिग्री कैमरे की मांग बढ़ी बड़ी SUV को तंग गलियों, छोटे पार्किंग स्लॉट और पुराने बेसमेंट में संभालना आसान नहीं होता। कई बार ड्राइवर को गाड़ी के पीछे या आसपास की जगह ठीक से दिखाई नहीं देती। इस परेशानी को कम करने के लिए कारों में पार्किंग से जुड़े तकनीकी फीचर्स की मांग बढ़ रही है। अब रियर-व्यू कैमरा, पार्किंग सेंसर और 360 डिग्री कैमरा जैसे फीचर्स पर ज्यादा ध्यान दिया जा रहा है। वर्ष 2026 में बिकने वाली हर दो नई कारों में से करीब एक में रियर-व्यू कैमरा दिया जा रहा है। प्रीमियम और महंगी गाड़ियों में 360 डिग्री के साथ 540 डिग्री कैमरा सिस्टम भी देखने को मिल रहे हैं। फ्रंट कैमरों का इस्तेमाल भी बढ़ रहा है। 2019 के मुकाबले दोगुनी से ज्यादा हुई चौड़ी कारों की हिस्सेदारी देश में कारों की चौड़ाई भी लगातार बढ़ रही है। Jato Dynamics के आंकड़ों के मुताबिक, 1.8 मीटर या इससे ज्यादा चौड़ाई वाली नई कारों की हिस्सेदारी अक्टूबर 2026 तक बढ़कर 32.1 प्रतिशत हो गई। वर्ष 2019 में यह आंकड़ा 14.2 प्रतिशत था। यानी इस श्रेणी की कारों की बाजार हिस्सेदारी दोगुने से भी ज्यादा हो चुकी है। यह बदलाव बताता है कि भारतीय ग्राहकों की पसंद के साथ शहरों का पार्किंग ढांचा भी बदलने की जरूरत है। आने वाले समय में बिल्डरों को बड़े पार्किंग स्लॉट और मजबूत सिस्टम तैयार करने पड़ सकते हैं। वहीं, कार कंपनियों के लिए पार्किंग को आसान बनाने वाली तकनीक पहले से ज्यादा अहम होगी।

पंजाब में ब्लैकआउट की तैयारी, 27 तारीख को सभी जिलों में बजेगा खतरे का सायरन

चंडीगढ  पंजाब में नागरिक सुरक्षा की तैयारियों को परखने के लिए 27 नवंबर को रात आठ बजे राज्य के सभी जिलों में एयर रेड और ब्लैकआउट मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देशों के तहत होने वाले इस अभ्यास की शुरुआत एयर रेड चेतावनी सायरन से होगी। दो मिनट तक ऊंची और धीमी आवाज वाला सायरन बजाया जाएगा। इसके बाद संबंधित जिलों के उपायुक्त और नागरिक सुरक्षा नियंत्रक चिन्हित क्षेत्रों में सांकेतिक ब्लैकआउट लागू करेंगे। इन इलाकों के लोगों को गैर-जरूरी रोशनी बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। जरूरी सेवाएं सामान्य रूप से चालू रहेंगी। अभ्यास के समापन पर दो मिनट तक लगातार ऊंची आवाज वाला सायरन बजाकर ‘आल क्लियर’ यानी खतरा टलने का संकेत दिया जाएगा। आवश्यक सेवाएं जारी रहेंगी फिरोजपुर में यह अभ्यास शहर के सिविल अस्पताल के पास हाउसिंग बोर्ड कालोनी में आयोजित होगा। इसकी तैयारियों को लेकर सहायक कमिश्नर हिमांशु अंडर ट्रेनिंग ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान लोगों से गैर-जरूरी लाइटें बंद रखने की अपील की गई है। हालांकि अस्पतालों और फायर ब्रिगेड जैसी आवश्यक सेवाएं सामान्य रूप से चालू रहेंगी। घबराएं नहीं शांत रहें प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि वे सायरन सुनकर शांत रहें, मौके पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों का सहयोग करें तथा प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। यह केवल पूर्व निर्धारित मॉक अभ्यास होगा, वास्तविक हवाई हमले या किसी आपात स्थिति का अलर्ट नहीं।  

वंदे भारत ट्रेनों के रखरखाव को मिलेगी रफ्तार, भोपाल में 146 करोड़ से बन रहा आधुनिक डिपो

भोपाल  भोपाल में वंदे भारत ट्रेनों के रखरखाव की सुविधाओं का विस्तार होने जा रहा है। भोपाल कोच फैक्ट्री परिसर में 146 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक मेंटेनेंस डिपो बनाया जा रहा है। इसके तैयार होने के बाद वंदे भारत ट्रेनों की नियमित जांच के साथ उनके बड़े स्तर के रखरखाव की सुविधा भी भोपाल में ही उपलब्ध होगी। अभी इन ट्रेनों का केवल साप्ताहिक निरीक्षण रानी कमलापति स्थित डिपो में किया जा रहा है। नए डिपो के शुरू होने से मध्यम और लंबी अवधि के मेंटेनेंस के लिए भी जरूरी सुविधाएं मिलेंगी। इससे भोपाल रेल मंडल की रखरखाव क्षमता बढ़ेगी और आधुनिक ट्रेनों के संचालन को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। सितंबर 2027 तक पूरा होगा काम, बन रहीं छह नई अनुरक्षण लाइनें रेलवे बोर्ड ने इस परियोजना को 7 अक्टूबर 2025 को मंजूरी दी थी। इसके बाद 13 जून 2026 से निर्माण कार्य शुरू किया गया। परियोजना के पहले चरण में छह नई अनुरक्षण लाइनें बनाई जा रही हैं। इन पर वंदे भारत ट्रेनों की तकनीकी जांच, आवधिक निरीक्षण और जरूरी मरम्मत के लिए सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे ट्रेनों के रखरखाव के लिए भोपाल में ही व्यवस्थित व्यवस्था तैयार हो सकेगी। परियोजना को सितंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। एलएचबी कोचों के लिए भी बढ़ेंगी सुविधाएं इस डिपो में वंदे भारत के साथ एलएचबी कोचों के रखरखाव की व्यवस्था भी की जाएगी। इसके लिए दो नई पिट लाइनों के निर्माण का प्रस्ताव है। इन लाइनों पर एलएचबी रेक की नियमित जांच और मरम्मत की जा सकेगी। इससे कम समय में अधिक रेक का रखरखाव करना संभव होगा। साथ ही भोपाल के मौजूदा अनुरक्षण केंद्रों पर काम का दबाव भी कम होगा। रेलवे में एलएचबी कोच वाली ट्रेनों की संख्या बढ़ने के साथ यह सुविधा महत्वपूर्ण साबित होगी। वाशिंग पिट और प्रशासनिक भवन का निर्माण जारी मेंटेनेंस डिपो परिसर में फिलहाल कई स्तरों पर निर्माण कार्य चल रहे हैं। वाशिंग पिट की मध्य दीवार और दाईं ओर की साइड फुटिंग की कास्टिंग की जा रही है। इसके अलावा प्रशासनिक भवन का निर्माण भी जारी है। इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग बिल्डिंग की छत की शटरिंग और सरियों को बांधने का काम किया जा रहा है। वहीं, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) की दीवारों की कास्टिंग भी प्रगतिरत है। इस परियोजना के पूरा होने से भोपाल में आधुनिक रेलगाड़ियों के रखरखाव के लिए जरूरी आधारभूत ढांचा तैयार होगा। इससे न केवल वंदे भारत और एलएचबी रेकों की अनुरक्षण क्षमता बढ़ेगी, बल्कि भोपाल मंडल की रेल सुविधाओं को भी नई मजबूती मिलेगी।

5-7 किलोमीटर दूर से बच्चों को लाने शिक्षक ने खरीदा ई-रिक्शा, 18 से 48 पहुंची संख्या

भोपाल  फंदा ब्लॉक के सेमरी खुर्द स्थित एक सरकारी प्राथमिक स्कूल में 5-7 किलोमीटर की दूरी और सुरक्षित आवागमन के अभाव में बच्चे नियमित रूप से स्कूल नहीं आ पा रहे थे। इस समस्या को दूर करने के लिए प्रभारी शिक्षक राकेश पटेल ने सामुदायिक चंदे और अपने स्तर से किस्तें चुकाकर एक ई-रिक्शा खरीदा। इस पहल के बाद स्कूल में बच्चों की उपस्थिति सुधरी और छात्र संख्या 18 से बढ़कर 48 हो गई। 5-7 किमी की दूरी और सुरक्षा की चिंता बनी थी बाधा स्कूल में लगातार अनुपस्थिति की वजह जानने के लिए राकेश पटेल ने अभिभावकों से बात की। अभिभावकों ने बताया कि आसपास के गांवों से स्कूल तक करीब 5 से 7 किलोमीटर का सफर पैदल तय करना बच्चों के लिए कठिन था और नियमित परिवहन सुविधा भी नहीं थी। इसके अलावा अभिभावकों ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई थी। सुरक्षित और नियमित साधन न होने के कारण कई परिवार अपने बच्चों को स्कूल भेजने से हिचकिचाते थे। चंदे, खुद की किस्तों और साझा व्यवस्था से मिला समाधान राकेश पटेल के अनुसार, औपचारिक माध्यमों से मदद के प्रयासों में अपेक्षित परिणाम नहीं मिलने पर उन्होंने गांव वालों और समुदाय से संपर्क किया। लोगों ने चंदा दिया, जबकि पटेल ने भी अपने खाते से किस्तों का भुगतान कर ई-रिक्शा की व्यवस्था की। ई-रिक्शा खरीदने के बाद चालक के वेतन की चुनौती सामने आई, जिसे उन्होंने एक साझा व्यवस्था से हल किया। तय हुआ कि चालक सुबह-शाम बच्चों को स्कूल लाने-ले जाने का काम करेगा और बाकी समय ई-रिक्शा चलाकर खुद के लिए कमाई कर सकेगा। 18 से 48 हुई छात्र संख्या, स्कूल में भी दिखा बदलाव ई-रिक्शा से सुरक्षित और नियमित आवागमन शुरू होने के बाद अभिभावकों का भरोसा बढ़ा और बच्चे स्कूल आने लगे। नतीजतन, पिछले वर्ष तक 18 छात्रों वाले इस स्कूल की संख्या बढ़कर 48 हो गई। प्रभाव के अनुसार, स्कूल परिसर में भी बदलाव नजर आया है। दीवारों और कमरों की पुताई के साथ शिक्षण सामग्री और बुनियादी सुविधाओं में सुधार हुआ है। यह घटनाक्रम स्थानीय स्तर पर जमीनी परिवहन और बुनियादी सुविधाओं को लेकर प्रशासनिक व्यवस्था की तत्परता पर भी सवाल खड़ा करता है।

आलू की नई तेजस किस्म तैयार, 36 डिग्री तापमान में भी होगी शानदार पैदावार

ग्वालियर  ग्वालियर-चंबल अंचल सहित मध्य प्रदेश के किसानों के लिए अच्छी खबर है। राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय आलू की एक ऐसी उन्नत किस्म के बीज तैयार करने की दिशा में काम कर रहा है, जो कम पानी में भी बेहतर पैदावार देगी और 35 से 36 डिग्री सेल्सियस तक के तापमान को आसानी से सहन कर लेगी। विश्वविद्यालय स्तर पर बीज गुणन और तैयारी की प्रक्रिया जारी है, जिसके बाद अगले दो वर्षों में यह बीज अंचल सहित प्रदेशभर के किसानों को उपलब्ध हो सकेगा। आइसीएआर के वैज्ञानिकों ने विकसित की है 'तेजस' किस्म भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आइसीएआर) द्वारा विकसित इस किस्म का नाम "तेजस" (कुफरी तेजस) है। आलू की इस नई किस्म को भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद यानि आइसीएआर के केंद्रीय आलू अनुसंधान संस्थान (सीपीआरआइ), शिमला और उसके सहयोगी केंद्रों के वैज्ञानिकों द्वारा विकसित किया गया है। इसे मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, गुजरात, महाराष्ट्र और उत्तराखंड के मैदानी व पठारी क्षेत्रों की जलवायु को ध्यान में रखते हुए खेती के लिए अनुशंसित किया गया है।  

शिक्षकों के प्रमोशन के लिए मांगी गई लिस्ट में मृत और सेवानिवृत्त कर्मचारी शामिल

जबलपुर  प्राथमिक शिक्षकों की पदोन्नति की प्रक्रिया शुरू होने की सुगबुगाहट के बीच जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा जारी आदेश ने नई बहस छेड़ दी है। 1 अप्रैल 2025 की स्थिति में जानकारी मांगी है विभाग ने जिले के करीब तीन हजार प्राथमिक शिक्षकों की संशोधित पदक्रम सूची तैयार करने के लिए 1 अप्रैल 2025 की स्थिति में जानकारी मांगी है। पदोन्नति की प्रक्रिया अब आगे बढ़ाई जा रही शिक्षकों का सवाल है कि जब पदोन्नति की प्रक्रिया अब आगे बढ़ाई जा रही है तो एक साल से अधिक पुराना रिकार्ड क्यों लिया जा रहा है? उनका कहना है कि इस सूची में ऐसे शिक्षकों के नाम भी शामिल हैं, जिनका तबादला हो चुका है, जो सेवानिवृत्त हो गए हैं या जिनका निधन हो चुका है। दावे-आपत्तियां प्राप्त करने के लिए कहा गया जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय की ओर से जिले के सभी संकुल प्राचार्यों और संबंधित शासकीय हाईस्कूल एवं हायर सेकंडरी स्कूलों को निर्देश जारी किए गए हैं। इसमें प्राथमिक शिक्षक संवर्ग की जिला स्तरीय अंतिम पदक्रम सूची को संशोधित करने और दावे-आपत्तियां प्राप्त करने के लिए कहा गया है। अभिमत सहित 28 नवंबर तक प्रस्तुत करनी होगी इसके बाद उनके हस्ताक्षर लेकर दावे-आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। यदि किसी प्रकार का संशोधन आवश्यक है तो संबंधित दस्तावेजों के साथ जानकारी अपडेट कर अभिमत सहित 28 नवंबर तक प्रस्तुत करनी होगी। तबादले और सेवानिवृत्ति वाले नाम भी परेशानी शिक्षकों का कहना है कि अप्रैल 2025 के बाद जिले में कई प्रशासनिक बदलाव हो चुके हैं। अनेक शिक्षकों का दूसरे स्थानों पर तबादला हो गया है, जबकि कुछ शिक्षक सेवानिवृत्त हो चुके हैं। कुछ ऐसे भी हैं जिनका निधन हो चुका है। ऐसे में पुरानी सूची को आधार बनाकर दोबारा सत्यापन कराने से अनावश्यक प्रक्रिया बढ़ेगी। वरिष्ठता निर्धारण में गड़बड़ी की आशंका बनी रहेगी पहले इन सभी नामों की स्थिति स्पष्ट करनी होगी, उसके बाद ही अंतिम सूची तैयार हो पाएगी। शिक्षकों का मानना है कि विभाग को 1 अप्रैल 2026 या वर्तमान स्थिति के अनुसार सूची तैयार करानी चाहिए थी। पुरानी जानकारी के आधार पर संशोधन करने से वरिष्ठता निर्धारण में गड़बड़ी की आशंका बनी रहेगी। न्यायालय तक पहुंचने की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता यदि किसी शिक्षक का नाम, पदस्थापना या वरिष्ठता सही तरीके से अपडेट नहीं हुई तो दावे-आपत्तियों की संख्या बढ़ सकती है। इससे पदोन्नति प्रक्रिया में देरी होने के साथ वरिष्ठ और कनिष्ठ शिक्षकों के बीच विवाद की स्थिति भी बन सकती है। शिक्षकों का कहना है कि ऐसी स्थिति में मामला न्यायालय तक पहुंचने की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता।

बिजली चोरी के लंबित मामलों में समझौते का मौका, 12 दिसंबर को आयोजित होगी नेशनल लोक अदालत

नेशनल लोक अदालत 12 दिसम्बर को बिजली चोरी के राशि 10 लाख रूपए तक के लंबित प्रकरणों के होंगे समझौते भोपाल ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बताया है कि 12 दिसम्बर2026 (शनिवार) को नेशनल लोक अदालत में बिजली चोरी एवं अन्‍य अनियमितताओं के प्रकरण को समझौते के माध्यम से निराकृत किया जाएगा। उन्होंने विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 के अंतर्गत विद्युत चोरी के लंबित प्रकरणों एवं माननीय विशेष न्यायालयों में विचाराधीन प्रकरणों के निराकरण के लिए विद्युत उपभोक्ताओं एवं उपयोगकर्ताओं से अपील की है कि वे अप्रिय कानूनी कार्यवाही से बचने के लिए अदालत में समझौता करने के लिए संबंधित बिजली कार्यालय से संपर्क करें।  मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा यह निर्णय लिया गया है कि धारा 135 के अंतर्गत विद्युत चोरी के बनाए गए लंबित प्रकरण एवं अदालत में लंबित प्रकरणों के निराकरण के लिये निम्नदाब श्रेणी के समस्त घरेलू, समस्त कृषि, 5 किलोवॉट तक के गैर घरेलू एवं 10 अश्व शक्ति भार तक के औद्योगिक उपभोक्ताओं को प्रकरणों में ही छूट दी जाएगी। प्रि-लिटिगेशन स्तर पर कंपनी द्वारा आंकलित सिविल दायित्व की राशि पर 30 प्रतिशत एवं आंकलित राशि के भुगतान में चूक किये जाने पर निर्धारण आदेश जारी होने की तिथि से 30 दिवस की अवधि समाप्त होने के पश्चात् प्रत्‍येक छः माही चक्रवृद्धि दर अनुसार 16 प्रतिशत प्रतिवर्ष की दर से लगने वाले ब्याज की राशि पर 100 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। लिटिगेशन स्तर पर कंपनी द्वारा आंकलित सिविल दायित्व की राशि पर 20 प्रतिशत एवं आकलित राशि के भुगतान में चूक किये जाने पर निर्धारण आदेश जारी होने की तिथि से 30 दिवस की अवधि समाप्त होने के पश्चात् प्रत्येक छःमाही चक्रवृद्धि दर अनुसार 16 प्रतिशत प्रतिवर्ष की दर से लगने वाले ब्याज की राशि पर 100 प्रतिशत छूट दी जाएगी।  कंपनी ने कहा है कि नेशनल लोक अदालत में छूट कुछ नियम एवं शर्तों के तहत दी जाएगी जो आकलित सिविल दायित्‍व राशि रू. 10,00,000 (दस लाख ) तक के प्रकरणों के लिए सीमित रहेगी। यह छूट मात्र नेशनल ‘‘लोक अदालत‘‘ 12 दिसम्बर 2026 को समझौते करने के लिये ही लागू रहेगी।  

8th Pay Commission: कर्मचारियों को कितना मिलेगा एरियर, 5.14 लाख की रकम का पूरा हिसाब

नई दिल्ली 8वें वेतन आयोग (8th pay commission) को लेकर केंद्रीय कर्मचारियों के बीच सैलरी बढ़ने और एरियर का इंतजार अभी भी बना हुआ है। अभी तक सरकार की ओर से फिटमेंट फैक्टर और पे मैट्रिक्स को लेकर कोई ऐलान नहीं किया गया है। ऐसे में सभी यह अनुमान लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि कितना एरियर मिल सकता है। तो आइए आज समझते हैं कि अगर वेतन आयोग की सिफारिशें लागू होने में देरी होती है, तो कर्मचारियों को कितना एरियर मिल सकता है। कब से लागू होगा 8वां वेतन (8th cpc)? 8वें वेतन आयोग की सिफारिशें 1 जनवरी 2026 से प्रभावी होने की उम्मीद जताई जा रही है। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि कर्मचारियों की बढ़ी हुई सैलरी इसी तारीख से मिले। आयोग अपनी रिपोर्ट सरकार को मई-जून 2027 के आसपास सौंप सकता है। इसके बाद ही सरकार का फैसला आएगा। इसका मतलब है कि वास्तविक वेतन बढ़ोतरी (salary), एरियर (arrear) और भुगतान की तारीख को लेकर अभी कोई ऑफिशियल अपडेट नहीं आई है। फिटमेंट फैक्टर कितना अहम? नई सैलरी तय करने के लिए फिटमेंट फैक्टर (fitment factor) काफी अहम माना जाता है। फिटमेंट फैक्टर के जरिए ही मौजूदा बेसिक पे (basic pay) को बढ़ाकर नया बेसिक पे तय किया जाता है। 7वें वेतन आयोग (7th pay commission) में 2.57 का फिटमेंट फैक्टर लागू किया गया था। 8वें वेतन के लिए कर्मचारी संगठनों की ओर से 2.92, 3.61 और 3.83 जैसे फैक्टर की मांग रखी गई है, लेकिन फिलहाल इस बात की पुष्टि नहीं हुई है । कितना मिलेगा एरियर? एरियर की कैलकुलेशन समझने के लिए लेवल-6 के एक कर्मचारी का उदाहरण लेते हैं, जिसकी मौजूदा बेसिक सैलरी 44,900 रुपये है। मान लीजिए कि 8वें वेतन आयोग में भी 7वें वेतन आयोग वाला 2.57 फिटमेंट फैक्टर ही लागू होता है। तो इस आधार पर 44,900 रुपये को 2.57 से मल्टिपल करने पर नई बेसिक सैलरी 1,15,393 रुपये आती है। अगर इस सैलरी का राउंड ऑफ मानें तो ये 1,15,400 रुपये हो जाएगी। मौजूदा वेतन में मिलने वाले महंगाई भत्ते (DA) को भी जोड़ना जरूरी है। उदाहरण के अनुसार, जनवरी से जून 2026 तक 60% DA मानने पर कर्मचारी की मासिक सैलरी 71,840 रुपये होगी। वहीं, जुलाई से दिसंबर तक 63% DA के हिसाब से यह रकम 73,187 रुपये हो जाएगी। इसलिए एरियर की सही गणना के लिए दोनों अवधियों की सैलरी अलग-अलग निकालनी होगी। 12 महीने का एरियर 1,15,400 रुपये सैलरी के आधार पर जनवरी से जून तक हर महीने का अंतर 43,560 रुपये होगा। छह महीने के हिसाब से यह रकम 2,61,360 रुपये बनती है। वहीं, जुलाई से दिसंबर तक मंथली अंतर 42,213 रुपये होगा। छह महीने के लिए यह रकम 2,53,278 रुपये होगी। दोनों को जोड़ने पर 12 महीने का कुल अनुमानित एरियर 5,14,638 रुपये आता है। बता दें कि यह रकम अनुमानित कैलकुलेशन के जरिए निकाली गई है , यह आंकड़ा अभी फिक्स नहीं है।  

भारत की रक्षा तकनीक में बड़ी उपलब्धि, DRDO का स्टील्थ कॉम्बैट ड्रोन दुश्मन के लिए बनेगा चुनौती

बेंगलुरु  भारत अपने रक्षा क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ाते हुए डीआरडीओ के घातक नामक स्टील्थ कॉम्बैट ड्रोन को प्रोटोटाइप डेवपलमेंट चरण में जा रहा है. यह जेट इंजन वाला, टेललेस फ्लाइंग-विंग डिजाइन का अनमैनड कॉम्बैट एरियल व्हीकल है, जिसे पायलट को जोखिम में डाले बिना दुश्मन के गहरे इलाकों में हमला करने के लिए विकसित किया जा रहा है. इसकी खासियतें इसे आधुनिक युद्ध की जरूरतों के अनुरूप बनाती हैं।  घातक को रडार और इन्फ्रारेड सिग्नेचर कम करने के लिए फ्लाइंग-विंग डिजाइन, घुमावदार एयर इंटेक और विशेष आकार के एग्जॉस्ट दिए गए हैं. इसमें आंतरिक हथियार बे है, जिसमें करीब 1.5 टन तक प्रिसिजन-गाइडेड बम और मिसाइलें ले जाने की क्षमता होगी, जिससे स्टील्थ प्रोफाइल बनी रहेगी।  यह दुश्मन के मजबूत हवाई क्षेत्र में घुसकर महत्वपूर्ण ठिकानों पर हमला कर सकेगा. दुश्मन की वायु रक्षा प्रणालियों को दबाने और विवादित इलाकों में निगरानी व टोही मिशन भी कर सकेगा. इस ड्रोन को बिना आफ्टरबर्नर वाले कावेरी इंजन से पावर मिलेगी, जो करीब 49 से 51 किलोन्यूटन थ्रस्ट देगा। यह इंजन पहले ही रूस में हाई-एल्टीट्यूड और फ्लाइट ट्रायल पास कर चुका है. 48.5 किलोन्यूटन थ्रस्ट दर्ज कर चुका है. अब सर्टिफिकेशन और घातक के साथ इंटीग्रेशन अगला बड़ा कदम है. घातक को तेजस और एएमसीए जैसे मैनड फाइटर्स के साथ मिलकर काम करने के लिए डिजाइन किया गया है, जिससे उनकी पहुंच और लड़ाकू क्षमता बढ़ेगी।  वर्तमान प्रगति और भविष्य डीआरडीओ के स्विफ्ट डेमॉन्स्ट्रेटर ने पहले ही स्वायत्त उड़ान परीक्षण पूरे कर लिए हैं, जिससे फ्लाइंग-विंग डिजाइन और फ्लाइट कंट्रोल तकनीकें साबित हो चुकी हैं. 27 मार्च 2026 को डिफेंस एक्विजिशन काउंसिल ने घातक से जुड़े आरपीएसए कार्यक्रम को मंजूरी दी।  DRDO डेवलपमेंट-कम-प्रोडक्शन पार्टनर मॉडल अपना रहा है, जिसमें निजी उद्योग प्रोटोटाइप बनाने में शामिल है. सितंबर 2026 की रिपोर्ट्स के अनुसार, अगर इंजन सर्टिफिकेशन, इंटीग्रेशन और परीक्षण योजना के अनुसार आगे बढ़े तो दो से तीन साल में इसे सेवा में शामिल किया जा सकता है. हालांकि डीआरडीओ ने अभी कोई पक्की तारीख घोषित नहीं की है।  घातक भारतीय वायु सेना को एक स्टील्थ अनमैनड स्ट्राइक प्लेटफॉर्म देगा, जो मैन्ड फाइटर फ्लीट की पूरक भूमिका निभाएगा. यह परियोजना भारत की आत्मनिर्भर रक्षा क्षमता को मजबूत करने की दिशा में बड़ा योगदान साबित होगी।