samacharsecretary.com

मवई में अतिथि शिक्षकों की बैठक, नियमित रोजगार न मिलने पर सरकार के खिलाफ नाराज़गी

अतिथि शिक्षक परिवार मवई की बैठक में लिया संकुलवार बैठक का फैसला नियमित रोजगार के लिए बार-बार आस्वासनों के बाद भी नियमित रोजगार नहीं दे पाने से सरकार पर जताया आक्रोश    जबलपुर  अतिथि शिक्षकों के नियमितीकरण के राह पर आड़े आने वाली बाधाओं को खत्म करके संगठन को मजबूत बनाने के मुख्य एजेंडे पर निर्णय लेने मवई विकासखंड के सभी संकुल केंद्रों में रविवार 28 सितंबर को अतिथि शिक्षकों की बैठकें लिए जाने प्रभारी नियुक्त करने मवई विकासखंड मुख्यालय में संगठन की आवश्यक बैठक रविवार 21 सितंबर को रखी गई।      अतिथि शिक्षक परिवार मण्डला जिला अध्यक्ष पी डी खैरवार के दिशा-निर्देशानुसार संपन्न हुई बैठक में मुख्य एजेंडों पर चर्चा कर निर्णय लिया गया है, कि आगामी रविवार 28 सितंबर को विकासखंड के पांचों संकुल केंद्रों में अलग-अलग बैठकें रखी जाएंगी।जिनको संपन्न कराने संकुलवार बैठक प्रभारियों को जिम्मेदारी सौपी गई है। घुटास और दाढ़ी भानपुर संकुल की बैठक के लिए अजय मराठा,स़तोष बघेल और राजेंद्र पारस,भीमडोंगरी, मोतीलाल संकुल की बैठक के लिए इंद्रेश साकत,गनीराम धुर्वे,रिखी राम मार्को और मवई संकुल की बैठक के लिए सुखनंदन मरावी,प्रताप परस्ते, रोहित धुर्वे और मुकेश पंद्रे को प्रभारी नियुक्त किया गया है। सभी बैठकों में चर्चा के लिए एजेंडे भी तैयार किए गए हैं। सरकार पर आरोप भी लगाया गया गया कि 2008 से लगातार नियमित रोजगार की मांग करते आ रहे अतिथि शिक्षकों को सरकार झूठे आस्वासन के अलावा कुछ भी नहीं दे पा रही है। विगत दो वर्ष पहले तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल में आयोजित पंचायत में नियमित रोजगार से संबंधित अधिकारिक घोषणा तो कर दी पर मानदेय में वृद्धि के अलावा कुछ भी नहीं मिला।इसी तरह हाल ही के 16 सितंबर को अंबेडकर पार्क भोपाल में जुटे प्रदेश भर के अतिथि शिक्षकों को शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने नियमित रोजगार को लेकर जल्द ही नीति बनवाए जाने का आश्वासन मोबाइल कांफ्रेंस से देकर विदा कर दिया। अब तक अता पता नहीं। इस तरह अतिथि शिक्षक अपने आपको बार-बार ठगे अनुभव करते जा रहे हैं। जिससे अतिथि शिक्षकों की उम्र भी अधिक हो चुकी है,और परिवार की माली हालत भी बिगड़ती चली जा रही है। अब ऐसी पुनरावृत्ति न हो,इसके लिए मवई विकासखंड के सभी अतिथि शिक्षक संगठित होकर अपनी मुख्य मांगों को लेकर जिला हो या प्रदेश स्तर के आंदोलनों में बढ़-चढ़कर भाग लेंगे।जिससे अतिथि शिक्षकों के नियमित रोजगार की मांग जल्द ही पूरी कर सके सरकार। बैठक में इंद्रेश साकत,रिखीराम मार्को, नरेंद्र झारिया,गनीराम धुर्वे, संतोष कुमार, सुखनंदन मरावी,त्रिवेणी चक्रवर्ती,अजय मराठा, मुकेश पंद्रे, रोहित धुर्वे, महेश धुर्वे,प्रताप सिंह, राजेन्द्र पारस, रामकुमार पटवा सहित बड़ी संख्या में अतिथि शिक्षक उपस्थित रहे।

मैहर: NH-30 पर सड़क हादसे में कांग्रेस नेता सोमदत्त साकेत के पुत्र अमित साकेत का दुःखद निधन

मैहर मैहर से कांग्रेस पार्टी नादन ब्लॉक प्रभारी पूर्व सरपंच सोम दत्त साकेत के  पुत्र अमित साकेत का नेशनल हाईवे NH 30 में कंचनपुर कटिया मोड के पास रात्रि के समय हुए दर्दनाक एक्सीडेंट होने से स्वर्गवाश हो गया पुष्पांजलि अर्पित किए कांग्रेस जिला अध्यक्ष धर्मेश घई बहुजन समाज पार्टी जिला अध्यक्ष उत्तम साकेत संत शिरोमणि रविदास सगाजन समाज चौधरी समाज के मीडिया प्रभारी उमेश चौधरी डी डी साकेत चंदन वर्मा कमलेश वर्मा फूलचंद बौद्ध सगा जन समाज ने मौन धारण कर ईश्वर से प्रार्थना किया कि प्रभु आत्मा को शांति प्रदान करना ॐ शांति ॐ ॐ शांति ॐ

भारत ज्योति विद्यालय मंडला में भव्य कला एवं प्रदर्शनी कार्यक्रम संपन्न

   मण्डला  भारत ज्योति उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, लालीपुर मंडला में कला एवं प्रदर्शनी कार्यक्रम का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस अवसर पर किंडरगार्टन से कक्षा पाँचवी तक के विद्यार्थियों द्वारा विविध रंगों व कल्पनाओं से सजी कलाकृतियाँ प्रस्तुत की गईं, वहीं कक्षा 6वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने विषयवार विज्ञान, गणित, वाणिज्य, भाषा आदि विषयों पर आधारित वर्किंग एवं नॉन वर्किंग मॉडल्स की प्रदर्शनी लगाई। प्रदर्शनी में रसायन शास्त्र, भौतिक शास्त्र, जीव विज्ञान, गणित, वाणिज्य, अंग्रेज़ी, हिंदी तथा संस्कृत जैसे विषयों के रोचक एवं नवाचारी मॉडल्स ने दर्शकों को आकर्षित किया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती वंदना गुप्ता (संयुक्त संचालक, ट्राइबल वेलफेयर, जिला मंडला) थीं, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. राजेश चौरसिया (भूतपूर्व प्राचार्य, RDPG कॉलेज मंडला) एवं  रंजीत गुप्ता (विकासखंड शिक्षा अधिकारी, मंडला) उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मूल्यांकन निर्णायक मंडल द्वारा किया गया, जिसमें प्रवीण वर्मा (रानी अवंती बाई विद्यालय, मंडला) सहित कई शासकीय एवं अशासकीय शिक्षक शामिल थे। विद्यालय के प्राचार्य फादर सिबी, विज्ञान प्रभारी विनय पटेल एवं समस्त शिक्षकों के सहयोग से यह कार्यक्रम अत्यंत सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। विद्यालय परिवार द्वारा विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने की यह पहल सराहनीय रही, जिससे उनमें रचनात्मकता, वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं आत्मविश्वास का विकास हुआ।

पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस महाविद्यालय मैहर में राष्ट्रीय सेवा योजना स्थापना दिवस मनाया गया

मैहर प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस महाविद्यालय मैहर में राष्ट्रीय सेवा योजना स्थापना दिवस दिनांक 24 सितंबर 2025 को प्राचार्य डॉक्टर राजेश सिंह की उपस्थिति में मनाया गया l कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के सम्मुख दीप प्रज्वलन  एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ l इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एडीएम श्री शैलेंद्र सिंह रहे जिनके द्वारा एन एस एस के बारे में चर्चा की गई तथा विभिन्न नारों के द्वारा स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन किया गया जिसमें देश की इज्जत नौजवान, देश की ताकत नौजवान, एक बार जोर से एन एस एस की ओर से, मानव मानव एक समान, जात – पात का मिटे निशान आदि नारे लगाए गए I  पूर्व राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ अजीत सिंह द्वारा एन एस एस की दैनिक एवं वार्षिक गतिविधियों के बारे में चर्चा की गई I पूर्व राष्ट्रीय सेवा योजना महिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ सुनीता राज खन्ना द्वारा भारत सरकार द्वारा  युवा छात्रों को सामाजिक सेवा और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करने के विषय में तथा नॉट मी बट यू के महत्व को स्पष्ट किया। डॉ उपेंद्र जी पांडे द्वारा   स्वयंसेवकों को को सामुदायिक सेवा के माध्यम से सामाजिक जिम्मेदारी, नेतृत्व और नैतिक मूल्यों का विकास करने का अवसर प्रदान करती है के विषय में बताया। NSS के तहत होने वाली गतिविधियाँ विविध और प्रभावशाली होती हैं, जो समाज के विभिन्न क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव लाने में योगदान देती हैं। ये गतिविधियाँ मुख्य रूप से दो श्रेणियों में विभाजित की जा सकती हैं: नियमित गतिविधियाँ और विशेष शिविर। कार्यक्रम अधिकारी अनुराग श्रीवास्तव द्वारा एन एस एस के इतिहास पर प्रकाश डाला गया I    प्राचार्य डॉक्टर राजेश सिंह द्वारा स्वच्छता सेवा पखवाड़ा अभियान,  तहत सार्वजनिक स्थानों, स्कूलों, और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता  कचरा प्रबंधन, जल निकायों की सफाई और स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने में योगदान देते साथ ही पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए वृक्षारोपण, जल संरक्षण, और प्लास्टिक उपयोग में कमी जैसे कार्यक्रमों को आयोजित करना है। स्वयंसेवक पर्यावरण-संरक्षण करना, स्वयंसेवक ग्रामीण और वंचित क्षेत्रों में शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए साक्षरता अभियान चलाना, बच्चों और वयस्कों को बुनियादी शिक्षा, डिजिटल साक्षरता, और स्वास्थ्य जागरूकता प्रदान करना, रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जाँच शिविर, और टीकाकरण अभियान  प्रमुख गतिविधियाँ समय समय पर आयोजित करना आदि के बारे में विस्तृत रूप से बताया गया। स्वयंसेवक एवं स्वयं सेवकों द्वारा एन एस एस लक्ष्य गीत, सद्भावना गीत आदि को प्रस्तुत किया साथ ही बीए प्रथम वर्ष की स्वयंसेविका नेहा एवं यज्ञवती कोल द्वारा मध्य प्रदेश गान पर नृत्य का  प्रस्तुतीकरण  किया गया । स्थापना दिवस के अवसर पर वरिष्ठ स्वयंसेवक रोहित तिवारी एवं संस्कार खरे द्वारा एन एस एस के अनुभवों को साझा किया गया I इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक डॉक्टर बिल्टू खान , डॉ त्रिपुरेश  पाठक , प्रो शैलेंद्र प्रताप, प्रो ताराचंद यादव ,डॉ अजीत सिंह , डॉ अनंत प्रकाश दुबे, डॉ रोशन लाल पांडे, योगा ट्रेनर सुनील अहिरवार, उन्नति फाउंडेशन से रोहित चौरसिया तथा स्वयं सेवक एवं स्वयं सेविकाएं उपस्थित रहे I कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम अधिकारी महिला इकाई डॉ गुंजा पवार, प्रो अनुराग श्रीवास्तव, स्वयंसेवक संस्कार खरे एवं स्वयंसेविका का पल्लवी पाठक द्वारा किया गया ।

दरभंगा से अजमेर तक चलेगी नई अमृत भारत ट्रेन, मिथिलांचल में खुशियों की लहर

दरभंगा बिहार में मिथिला क्षेत्र को बड़ी सौगात देते हुये केंद्र सरकार ने दरभंगा से अजमेर के बीच अमृत भारत ट्रेन के परिचालन की मंजूरी दे दी है। यह जानकारी दरभंगा के सांसद एवं रेलवे स्टैंडिंग कमेटी के सदस्य डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात के बाद दी। सांसद डॉ गोपाल जी ठाकुर ने बताया कि रेल मंत्री ने सभी औपचारिकताओं को शीघ्र पूरा कर ट्रेन सेवा शुरू करने का आश्वासन दिया है। साथ ही दरभंगा को रेलवे कनेक्टिविटी का केंद्रबिंदु बनाने की दिशा में भी आवश्यक कदम उठाये जा रहे हैं। 335 करोड़ रुपये की लागत से दरभंगा रेलवे स्टेशन को विश्वस्तरीय रूप में विकसित करने की परियोजना की प्रगति पर चर्चा करते हुये सांसद ठाकुर ने रेल मंत्री को निर्माण कार्यों की धीमी गति पर समस्तीपुर मंडल के डीआरएम को निर्देश देने की मांग की। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्य में देरी पर संबंधित एजेंसियों और अधिकारियों पर मंत्रालय स्तर से कारर्वाई हो सकती है। सांसद डॉ गोपाल जी ठाकुर ने बताया कि मुलाकात के दौरान दरभंगा से मुजफ्फरपुर और सहरसा तक नई रेल लाइन, शीशो स्टेशन पर वाशिंग पिट, मेगा कोचिंग कॉम्प्लेक्स और दरभंगा से दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, बेंगलुरु और अहमदाबाद के लिये आधुनिक ट्रेनों के संचालन जैसे कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। सांसद श्री ठाकुर ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव मिथिला क्षेत्र में रेलवे की बुनियादी संरचना को मजबूत करने के लिये प्रतिबद्ध हैं। अमृत भारत ट्रेन सेवा की स्वीकृति को उन्होंने मिथिला के लिये यात्री सुविधाओं के क्षेत्र में 'एक वरदान' बताया है।  

यात्रियों के लिए खुशखबरी, अहमदाबाद से कानपुर तक शुरू हुई दीपावली स्पेशल

कोटा,  दिवाली पर अतिरिक्त यात्रीभार को देखते कानपुर से अहमदाबाद के असारवा स्टेशन के बीच विशेष रेलगाड़ी चलाई जा रही है। कोटा रेल मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बुधवार को बताया कि यह रेलगाड़ी राजस्थान में कोटा मंडल के बूंदी और केशोरायपाटन स्टेशन सहित छह स्टेशनों से गुजरेगी और उदयपुर, हिम्मतनगर, ईदगाह आगरा, टुंडला और इटावा सहित 20 स्टेशन पर रुकेगी। उन्होंने बताया कि गाड़ी नंबर 01905 कानपुर सेंट्रल से असारवा तीन नवम्बर तक चलेगी। गाड़ी नंबर 01905 असारवा कानपुर सेंट्रल चार नवंबर तक चलेगी। यह गाड़ी 01905 कानपुर से सोमवार सुबह सवा आठ बजे रवाना होकर उसी दिन अपराह्न तीन बजकर 35 मिनट पर बयाना, चार बजकर 40 मिनट पर गंगापुर सिटी, शाम पांच बजकर 24 मिट पर सवाई माधोपुर, छह बजकर 33 मिनट पर केशोरायपाटन, सात बजकर आठ मिनट पर बूंदी और सात बजकर 58 मिनट पर मांडलगढ़ पहुंचेगी। यह रात 11 बजकर 40 मिनट पर उदयपुर और अगले दिन सुबह पौने छह बजे असारवा पहुंचेगी। इसी तरह गाड़ी संख्या 01906 असारवा से मंगलवार सुबह सवा नौ बजे रवाना होकर उदयपुर, मांडलगढ़, बूंदी, केशोरायपाटन, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी होते हुए रात 12 बजकर 46 मिनट पर बयाना पहुंचेगी। अगले दिन बुधवार को सुबह सात बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी। श्री जैन ने बताया कि इसमें सामान्य के आठ, स्लीपर के आठ, थर्ड एसी का एक और सेकंड एसी के एक डिब्बे सहित 21 डिब्बे होंगे। यह रेलगाड़ी वापसी में इटावा, फिरोजाबाद, टुंडला, इदगाह आगरा, फतेहपुर सीकरी, रूपबास, बयाना, गंगापुर सिटी, सवाई माधोपुर, केशोरायपाटन, बूंदी, मांडलगढ़, चंदेरिया, मावली, उदयपुर सिटी, जावर, डूंगरपुर, हिम्मतनगर रूकेगी।  

बिहार की महिलाओं के खाते में 26 सितंबर को आएंगे 10,000 रुपये, मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत ट्रांसफर करेंगे PM मोदी

पटना बिहार सरकार ने राज्य की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और स्वावलंबी बनाने के लिए एक महत्वाकांक्षी कदम उठाया है। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत प्रत्येक परिवार की एक पात्र महिला को स्वरोजगार मुहैया कराने के लिए 10 हजार रुपये की सहायता राशि मुहैया कराई जाएगी। योजना की विधिवत शुरुआत 26 सितंबर को होने जा रही है। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऑनलाइन जुडे़ंगे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे। 75 लाख महिलाओं के खाते में आएंगे 10,000 रुपये इसमें राज्य की 75 लाख महिलाओं के बैंक खाते में 10-10 हजार रुपये की राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से ट्रांसफर की जायेगी। इन महिलाओं के बीच साढ़े सात हजार करोड़ रुपये का वितरण किया जाएगा। इस कार्यक्रम को आयोजित करने को लेकर ग्रामीण विकास विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह ने इसे लेकर सभी जिलों के जिलाधिकारी को पत्र जारी किया है। इसमें खासतौर से यह निर्देश दिया गया है कि इस मौके पर संकुल स्तरीय संघ ग्राम संगठन स्तर पर इसे उत्सव के तौर पर मनाया जाएगा। इस ऐतिहासिक अवसर को उत्सव के तौर पर मनाने एवं जन-जन तक इसकी जानकारी पहुंचाने के साथ ही महिला समूहों एवं सामुदायिक संगठनों को जागरूक करने के उदेश्य से राज्य मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया जाएगा। ग्राम पंचायत स्तर पर भी इस कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जीविका स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) के सदस्यों की सहभागिता होगी। योजना का लाभ लेने के लिए अब तक शहरी और ग्रामीण इलाकों की एक करोड़ 11 लाख 66 हजार महिलाओं ने आवेदन किया है। अब तक एक करोड़ 11 लाख 66 हजार महिलाओं ने किया आवेदन  योजना का लाभ लेने के लिए अब तक शहरी और ग्रामीण इलाकों की एक करोड़ 11 लाख 66 हजार महिलाओं ने आवेदन किया है। इस कार्यक्रम की रूपरेखा निर्धारित की गई है। सभी 38 जिला मुख्यालय में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन होगा। इसमें जन प्रतिनिधि के अलावा जिला स्तरीय अधिकारी एवं स्वयं सहायता समूह से जुड़ी कम से कम एक हजार महिलाएं भाग लेंगी। सभी 534 प्रखंड मुख्यालय में बीडीओ (प्रखंड विकास पदाधिकारी) की अध्यक्षता में यह कार्यक्रम होगा। इसमें प्रखंड स्तरीय जन प्रतिनिधि, अधिकारी और एसएचजी से जुड़ी 500 महिलाएं भाग लेंगी।जीविका के सभी 1680 संकुल स्तरीय संघ पर भी इस कार्यक्रम का आयोजन होगा। इसमें संकुल स्तरीय जीविका समूह की 200 महिलाएं शामिल होंगी। जीविका के सभी 70 हजार ग्राम संगठन स्तर पर भी इस कार्यक्रम के लाइव प्रसारण की व्यवस्था की गई है। इसमें एसएचजी से जुड़ी 100 महिलाएं भाग लेंगी। महिलाओं को आर्थिक रुप से सशक्त करना योजना का मुख्य उद्देश्य योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की महिलाओं विशेषकर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की महिलाओं को समान रूप से लाभ पहुंचाना है। इसके लिए ऑनलाइन पंजीकरण और आवेदन प्रक्रिया को सरल रखा गया है जिससे अधिक से अधिक महिलाएं इसका लाभ उठा सकें। इसका लाभ लेने के लिए सिर्फ ग्रामीण क्षेत्र से अब तक एक करोड़ सात लाख जीविका दीदियों ने आवेदन किया है। इसके अतिरिक्त 1 लाख 40 हजार से अधिक महिलाओं ने समूह से जुड़ने के लिए आवेदन किया है। निर्धारित प्रावधान के मुताबिक, किसी स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाएं ही इसका लाभ ले सकती हैं। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना ने ग्रामीण और शहरी, हर वर्ग की महिलाओं में नई उम्मीद जगाई है। ग्रामीण क्षेत्र के अलावा शहरी इलाके की महिलाएं भी बड़ी संख्या में इसका लाभ लेने के लिए इसमें रूचि दिखा रही हैं। अब तक शहरी इलाकों में कार्यरत चार लाख 66 हजार जीविका दीदियों ने इसके तहत आवेदन किया है। इसके साथ ही जीविका के अंतर्गत संचालित स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) से जुड़ने के लिए चार लाख चार हजार से ज्यादा शहरी महिलाओं ने भी आवेदन किया है।

बिजली कनेक्‍शन में नाम परिवर्तन करना हुआ आसान

भोपाल. मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने कंपनी कार्य क्षेत्र के भोपाल,  नर्मदापुरम, ग्‍वालियर एवं चंबल संभाग अंतर्गत आने वाले 16 जिलों के विद्युत उपभोक्ताओं को कंपनी के सरल संयोजन पोर्टल के माध्‍यम से विद्युत कनेक्‍शन के नाम में परिवर्तन करने के लिए ऑनलाइन सुविधा उपलब्‍ध कराई है। अब उपभोक्‍ताओं को उनके परिसरों में पूर्व से विद्यमान कनेक्‍शन के नाम में परिवर्तन करना बेहद आसान हो गया है। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने कहा है कि जिन उपभोक्ताओं को अपने मीटर से संबंधित नाम में परिवर्तन करना है वह कंपनी की वेबसाइट https://portal.mpcz.in/web/ में एलटी सर्विसेस के एलटी अदर सर्विसेस में दिये गये नेम ट्रांसफर अथवा सीधे  https://saralsanyojan.mpcz.in पर जाकर अदर यूजफुल लिंक्‍स में दिये गये अप्‍लाय फॉर अदर सर्विसेस के माध्‍यम से आसानी से करा सकते हैं।   कंपनी ने कहा है कि विद्युत उपभोक्ताओं को नाम परिवर्तन के लिए ऑनलाइन आवेदन करने के दौरान अपना आईवीआरएस नंबर,संबंधित समग्र आईडी,पैन कार्ड एवं आवश्‍यक दस्‍तावेज अपलोड करने के उपरांत लिंक मोबाइल नंबर पर प्राप्‍त ओटीपी दर्ज कर निर्धारित शुल्‍क 170/- रूपये का भुगतान करना होगा। ऑनलाइन आवेदन देने के पश्चात उपभोक्ता आवेदन क्रमांक अथवा मोबाइल नंबर से आवेदन की स्थिति भी देख सकते हैं।  

राजस्थान से पंजाब का सफर आसान: उदयपुर-चंडीगढ़ के बीच पहली सीधी ट्रेन, देखें पूरा टाइमटेबल

रायपुर पर्यटन को बढ़ावा देने और दो प्रमुख शहरों को जोड़ने की दिशा में भारतीय रेलवे एक बड़ा कदम उठाने जा रहा है। उदयपुर और चंडीगढ़ के बीच पहली बार सीधी सुपरफास्ट ट्रेन सेवा की शुरुआत हो रही है। इस नई रेल सेवा का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 सितंबर को बांसवाड़ा से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए करेंगे। रेलवे प्रशासन की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, इस मौके पर मावली जंक्शन और भीलवाड़ा स्टेशन पर भी स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ट्रेन की टाइमिंग और दिन ट्रेन संख्या 20989 – उदयपुर से चंडीगढ़ चलने का दिन: हर बुधवार और शनिवार समय: दोपहर 4:05 बजे उदयपुर से रवाना पहुंचने का समय: अगले दिन सुबह 9:50 बजे चंडीगढ़ ट्रेन संख्या 20990 – चंडीगढ़ से उदयपुर चलने का दिन: हर गुरुवार और रविवार समय: सुबह 11:20 बजे चंडीगढ़ से रवाना पहुंचने का समय: अगले दिन सुबह 5:25 बजे उदयपुर नियमित संचालन कब से? 27 सितंबर 2025 से नियमित सेवाएं शुरू हो जाएंगी। यह सुपरफास्ट ट्रेन हर हफ्ते दो दिन चलेगी। किन शहरों को मिलेगा सीधा लाभ? यह नई ट्रेन न केवल राजस्थान के उदयपुर और पंजाब/हरियाणा की राजधानी चंडीगढ़ को सीधे जोड़ेगी, बल्कि मार्ग में पड़ने वाले कई प्रमुख स्टेशनों के यात्रियों को भी बेहतर कनेक्टिविटी देगी। इससे विशेष रूप से पर्यटकों, व्यापारियों और छात्रों को फायदा होगा। पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा उदयपुर और चंडीगढ़ दोनों ही अपने-अपने क्षेत्रों के प्रमुख पर्यटन स्थल हैं। ट्रेन सेवा शुरू होने से जहां राजस्थान से हिमाचल और पंजाब की ओर घूमने वालों की सुविधा बढ़ेगी, वहीं चंडीगढ़ व आसपास के यात्रियों को भी अब बिना किसी बदलाव के उदयपुर तक की सीधी यात्रा मिल सकेगी।  

मध्यप्रदेश के बाघ अब राजस्थान, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के जंगलों में रौनक बढ़ाएंगे

भोपाल  टाइगर स्टेट का गौरव हासिल कर चुके मध्यप्रदेश के बाघ अब पड़ोसी राज्यों के जंगलों की शोभा बढ़ाएंगे। बांधवगढ़, कान्हा और पन्ना टाइगर रिजर्व से बाघों का ट्रांसलोकेशन राजस्थान, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में किया जाएगा। अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) के निर्देश पर इसकी प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। खर्च संबंधित राज्य उठाएंगे। कान्हा टाइगर रिजर्व (Kanha Tiger Reserve) के क्षेत्र संचालक रविंद्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि कान्हा से से दो बाघों का ट्रांसलोकेशन होना है। अन्य नेशनल पार्क से भी बाघ भेजे जाएंगे। इसकी तैयारियां शुरू की जा रही है। कान्हा के बाघ कहां भेजे जाएंगे यह आने वाले एक दो दिन में तय हो जाएगा। अक्टूबर में होगा प्रशिक्षण बाघों के नए ठिकाने वाले टाइगर रिजर्व के अधिकारियों को अक्टूबर में विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें बाघों की देखभाल, ट्रैकिंग और संरक्षण की जानकारी दी जाएगी। इसके बाद बाघों को सीसीटीवी युक्त विशेष ट्रक से भेजा जाएगा। ट्रक के साथ पशु चिकित्सक और अन्य विशेषज्ञ भी रहेंगे। रास्ते में भोजन, पानी और स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था रहेगी। छत्तीसगढ़ को सबसे ज्यादा बाघ मप्र से राजस्थान को 3 छत्तीसगढ़ को 4 और ओडिशा को 3 बाघ भेजे जाएंगे। इनमें नर-मादा की जोड़ियां भी शामिल हैं। वर्तमान में मप्र में 785 बाघ हैं। संख्या के लिहाज से यह देश का सबसे बड़ा टाइगर स्टेट है। बाघों की बढ़ती संख्या से टेरेटरी को लेकर आपसी संघर्ष बढ़ रहे हैं। मप्र के अलग-अलग टाइगर रिजर्व से कम घनत्व वाले क्षेत्रों में बाघों को भेजा जाएगा। कान्हा से ट्रांसलोकेशन के लिए दो बाघ तैयार रखने को कहा गया है। वे कहां जाएंगे, यह दो दिन बाद तय होगा।- रविंद्रमणि त्रिपाठी, क्षेत्र संचालक, कान्हा टाइगर रिजर्व