samacharsecretary.com

मोदी जन्मदिन पर हरियाणा के कलाकार की अनोखी भेंट, बनाई दुनिया की सबसे खास तस्वीर

जींद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिवस के अवसर पर राजधानी दिल्ली के कर्तव्य पथ पर विकसित भारत के रंग, कला के संग एक अद्वितीय और ऐतिहासिक आयोजन हुआ। इस अवसर पर देशभर से आए नामचीन चित्रकारों ने अपने रंगों और कल्पनाओं से विकसित भारत की जीवंत झलक प्रस्तुत की। यह पेंटिंग विश्व की 10 हजार मीटर सबसे लंबी पेंटिंग का रिकॉर्ड बनाने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित हो रही है। इस भव्य आयोजन का संयुक्त संचालन त्रिवेणी कला संगम और दिल्ली नगर निगम ने किया। कार्यक्रम का उद्घाटन दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने किया। इस मौके पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी उपस्थित होकर खुले मन से सोल एंड स्पीरिट आर्ट सोसाइटी के चित्रकारों की प्रशंसा की। उन्होंने विशेष रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चित्र की सराहना करते हुए कहा कि कलाकारों ने अपने ब्रश और रंगों से बदलते भारत की ऐसी अनूठी तस्वीर उकेरी है, जो आने वाली पीढिय़ों को सदैव प्रेरित करेगी।  साथ ही कार्यक्रम में हर्षवर्धन शर्मा एडवाइजर, आर्ट एंड कल्चर नई दिल्ली नगर निगम ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति से आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सोल एंड स्पीरिट आर्ट सोसाइटी से जुड़े हरियाणा, उत्तर प्रदेश, चंडीगढ़ और दिल्ली के कलाकारों ने अपनी रचनात्मकता और समर्पण से इस ऐतिहासिक पेंटिंग को आकार दिया। शनिवार को जानकारी देते हुए समिति के अध्यक्ष दीपक कौशिक ने कहा यह आयोजन कलाकारों के लिए किसी कला महाकुंभ से कम नही है। यह केवल एक चित्र नही बल्कि भारत की आत्मा, संस्कृति और उपलब्धियों का दस्तावेज है। पेंटिंग में अयोध्या का राम मंदिर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का चित्र, भारतीय कला और संस्कृति, प्राचीन मंदिर स्थापत्य, विज्ञान व रक्षा क्षेत्र की उपलब्धियां, मेक इन इंडिया, बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ,  विदेशों में भारत का बढ़ता सम्मान और ऑपरेशन सिंदूर जैसी ऐतिहासिक झलकियाँ दर्शाई गई। इस कार्यशाला में प्रमुख रूप से नवीन मरीचि,  प्रदीप कुमार (मूर्तिकार), अमित, विकास रोहिल्ला, मोहित बब्बर,  राजकुमार, जयश्री, सुमित, डॉ. आदेश खेरीवाल, डॉ. राहुल राठौर, हिमांशु पांचाल, नितिन, सुरेश पांचाल,  निरजा, पूनम, शिवांगी अग्रवाल सहित अनेक कलाकारों ने भाग लिया और कैनवास पर बदलते भारत की नई तस्वीर उकेरी। विशेषज्ञों का मानना है कि यह पेंटिंग केवल एक कला आयोजन नही बल्कि भारत की विकास यात्रा का रंगीन और सजीव दस्तावेज होगी।  

मुख्यमंत्री साय का आत्मीय और वात्सल्यपूर्ण व्यवहार : नन्ही बच्ची भूमिका बघेल को दुलारते हुए खिलाया महुआ लड्डू

रायपुर  धुरवा समाज के नुआखाई मिलन समारोह में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का आत्मीय और वात्सल्यपूर्ण रूप सभी ने देखा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने धुरवा समाज की नन्हीं बच्ची भूमिका बघेल को स्नेहपूर्वक अपने गोद में बिठाकर दुलार किया और उसे महुआ लड्डू खिलाया। जगदलपुर विकासखंड के उलनार निवासी भूमिका बघेल अपने दादा सोनसारी बघेल के साथ कार्यक्रम में पहुंची थी। पारंपरिक पोशाक में सजी-धजी भूमिका ने सभी का मन मोह लिया। मुख्यमंत्री श्री साय ने स्नेहपूर्वक उसका नाम पूछते हुए कहा—"बिटिया, किस कक्षा में पढ़ाई कर रही हो?" मासूम मुस्कान के साथ भूमिका ने उत्तर दिया—"मैं दीप्ति कान्वेंट स्कूल में एलकेजी में पढ़ती हूँ।" यह स्नेहिल दृश्य समारोह में उपस्थित सभी लोगों के मन को गहराई तक छू गया। एलकेजी में पढ़ रही भूमिका की निश्छल मुस्कान, पारंपरिक परिधान और मासूम नज़रों की चमक में बस्तर की संस्कृति और उसकी खुशियाँ झलक रही थी। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि यह हर्ष का विषय है कि समाज ने पिछले वर्ष ही अपने बच्चों के लिए कक्षा 12वीं तक की शिक्षा अनिवार्य करने का सराहनीय निर्णय लिया। यही शिक्षा और संस्कार हमारी आने वाली पीढ़ी का भविष्य संवारेंगे। उन्होंने कहा कि मैं यही कामना करता हूँ कि भूमिका और छत्तीसगढ़ की हर बेटी खूब पढ़े, आगे बढ़े, उड़ान भरे और अपनी संस्कृति से यूँ ही जुड़ी रहे। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने जिस आत्मीयता और वात्सल्य से नन्हीं भूमिका बघेल से स्नेहपूर्ण वार्तालाप किया, उसने पूरे समारोह का वातावरण  स्नेह और आत्मीयता से परिपूर्ण कर दिया। मुख्यमंत्री श्री साय का आत्मीय व्यवहार जनजातीय समाज के साथ उनके गहरे जुड़ाव और बच्चों के प्रति स्नेहपूर्ण हृदय का प्रमाण है। उनकी यह सरलता और अपनापन न केवल लोगों को विश्वास से भरता है, बल्कि यह भी संदेश देता है कि सरकार का नेतृत्व समाज के हर वर्ग और हर बच्चे के सुख-दुख में सहभागी है।

पीएम की माँ का अपमान: सम्राट चौधरी ने लालू परिवार और कांग्रेस से मांगी माफ़ी

पटना, पीएम मोदी की मां के अपमान वाले वायरल वीडियो पर भारतीय जनता पार्टी(बीजेपी) लीगल एक्शन की तैयारी में है। सम्राट चौधरी ने कहा है कि संबंधित जिले के पार्टी अध्यक्ष से बात हो रही है कि कानून कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि महागठबंधन और लालू परिवार सार्वजनिक रूप से माफी मांगे। नित्यानंद राय ने वैशाली में मीडिया को दिए बयान में तेजस्वी यादव को कंश, कालिया नाग और अपराधी बताया और कहा कि तेजस्वी का सत्यानाश निकट आ गया है। रविवार को डिप्टी सीएम ने अपने आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाकर कहा कि महागठबंधन और लालू परिवार सार्वजनिक रूप से माफी मांगे। उन्होंने दरभंगा की घटना की भी याद दिलाई। सम्राट चौधरी ने कहा कि यह तीसरी घटना है। इस बार तो तेजस्वी यादव के सामने ही गाली दी गयी। मंच पर वे मौजूद थे जब पीएम की दिवंगत मां के लिए अपशब्द बोले गए। दरभंगा और वैशाली की घटना के लिए कांग्रेस व राजद दोनों को सार्वजनिक तौर पर माफी मांगना चाहिए। बिहार की जनता सब देख रही है। पत्रकारों ने जब उनसे पूछा कि इस मामले में पार्टी एफआईआर कराएगी तो उन्होंने कहा कि संबंधित जिलाध्यक्ष से बात हो रही है कि कानूनी कार्रवाई करें। सम्राट चौधरी ने कहा कि महागठबंधन के लोग अपराधी और गुंडों के सहारे सरकार बनाना चाहते हैं। बिहार की जनता को गुमराह करने में लगे हैं। लेकिन हकीकत सबको पता है कि अगर ये पावर में आ गए तो क्या करेंगे। अभी जब पीएम को अपमानित करने से बाज नहीं आते तो आगेजनता के साथ क्या नहीं करेंगे। शनिवार को वैशाली में तेजस्वी यादव के अधिकार यात्रा का समापन हुआ। महुआ विधानसभा क्षेत्र के पातेपुर में तेजस्वी यादव जब संबोधत कर रहे थे उसी समय का एक वीडियो वायरल है जिसमें पीएम की मां को गाली दी गई। हालांकि राजद ने इस घटना पर सफाई पेश कर दिया है। स्थानीय विधायक मुकेश रौशन और पार्टी प्रवक्ता चितरंजन गगन ने वीडियो को एडिटेड बताया है।  

क्रिकेट में बड़ा बदलाव: मिथुन मन्हास ने BCCI अध्यक्ष बनने की ठानी, सौरव गांगुली की राह फिर से खुलेगी?

मुंबई दिल्ली के पूर्व कप्तान मिथुन मन्हास ने भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष पद के लिए रविवार को बोर्ड मुख्यालय में अपना नामांकन दाखिल किया। मन्हास ने 1997-98 से 2016-17 तक के अपने लंबे घरेलू करियर में 157 प्रथम श्रेणी, 130 लिस्ट-ए और 91 टी20 मैच खेले। वह रोजर बिन्नी की जगह बीसीसीआई अध्यक्ष पद संभालने की दौड़ में सबसे आगे हैं। बिन्नी का कार्यकाल पिछले महीने समाप्त हो गया था। नई दिल्ली में हुई एक अनौपचारिक बैठक के बाद 45 वर्षीय मन्हास का नाम सामने आया। इस बैठक में बीसीसीआई अध्यक्ष पद के लिए उनके नाम को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया था। भारतीय क्रिकेट बोर्ड में कुछ अन्य प्रमुख पदों को अगले रविवार को बोर्ड की वार्षिक आम बैठक के दौरान भरा जाएगा। नई कार्यकारिणी होगी गठित बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने बताया कि अगले कार्यकाल के लिए एक नई कार्यकारिणी गठित की जा रही है। मिथुन मन्हास पूर्व खिलाड़ी हैं और उन्हें अध्यक्ष बनाने का फैसला किया गया है। अरुण धूमल आईपीएल संचालन परिषद के अध्यक्ष हैं और वह इस पद पर बने रहेंगे। नामांकन दाखिल करने वालों में बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया, आईपीएल संचालन परिषद के अध्यक्ष अरुण धूमल और कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (केएससीए) के अध्यक्ष और पूर्व भारतीय क्रिकेटर रघुराम भट शामिल हैं। भट बोर्ड का कोषाध्यक्ष बनने की दौड़ में हैं। गांगुली की कैब अध्यक्ष के रूप में निर्विरोध वापसी तय पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली की सोमवार को होने वाली बंगाल क्रिकेट संघ (कैब) की वार्षिक आम बैठक (एजीएम) में निर्विरोध अध्यक्ष पद पर वापसी तय है, लेकिन उनका दूसरा कार्यकाल अधिक चुनौतीपूर्ण होगा, क्योंकि हाल के महीनों में संघ वित्तीय अनियमितताओं और विश्वसनीयता संबंधी चिंताओं से जूझ रहा है। गांगुली के नेतृत्व वाले पूरे पैनल में बबलू कोलाय (सचिव), मदन मोहन घोष (संयुक्त सचिव), संजय दास (कोषाध्यक्ष) और अनु दत्ता (उपाध्यक्ष) का भी निर्विरोध चुना जाना तय है। गांगुली अपने बड़े भाई स्नेहाशीष गांगुली का स्थान लेंगे, जिन्हें लोढ़ा समिति के निर्देशों के अनुसार कार्यकारी पदों पर छह साल की समय सीमा पूरी होने के बाद पद छोड़ना पड़ा था। हाल के दिनों में विवादों की एक सीरीज के कारण कैब की छवि को नुकसान पहुंचा है, जबकि रणजी ट्रॉफी टीम का प्रदर्शन भी अच्छा नहीं रहा है। वित्त समिति के सदस्य सुब्रत साहा पर हाल ही में दो लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया तथा हितों के टकराव का दोषी पाए जाने पर उन्हें उप-समिति की गतिविधियों से प्रतिबंधित कर दिया गया।  

मां वैष्णो देवी नवरात्रि उत्सव: भक्तों के लिए शानदार इंतजाम और रोशनी से जगमगाए मंदिर

कटड़ा   कल से शारदीय नवरात्रि शुरू हो रहे हैं, ऐसे में कटरा प्रशासन द्वारा भवन को फूलों से सजाया जा रहा है। नवरात्रों के दौरान मां भगवती के दर्शन को आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं को बता दें कि हालांकि इस बार नवरात्र समारोह नहीं हो रहा है, पर वैष्णो देवी भवन पर होने वाले कार्यक्रम हर वर्ष की तरह होंगे।  बता दें कि इससे पहले भी 2024 के दौरान मॉडल कोड आफ कंडक्ट होने के चलते नवरात्र महोत्सव को प्रशासन द्वारा स्थगित किया गया था। गौरतलब है कि यह चौथी बार है जब इसका आयोजन नहीं किया जाएगा। इससे पहले साल 2014 में कश्मीर में आई बाढ़ , 2020 में कोरोना महामारी और 2024 में आम चुनावों के कारण इसे सादगी से मनाया गया था। इस वर्ष 2025 में बारिश और प्राकृतिक आपदा को इस का मुख्य कारण बताया जा रहा है।  

प्रदेश में बुनियादी साक्षरता मूल्यांकन परीक्षा में 17 लाख से अधिक परीक्षार्थी हुए शामिल

साक्षरता के लिये चल रहा है उल्लास नवभारत कार्यक्रम भोपाल  प्रदेश में 15 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के असाक्षर व्यक्तियों के लिए बुनियादी साक्षरता मूल्यांकन परीक्षा शनिवार को आयोजित की गई। इस परीक्षा में लगभग 17 लाख से अधिक परीक्षार्थियों ने हिस्सा लिया। परीक्षा नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत कराई गई, जिसका उद्देश्य वयस्कों को पढ़ना-लिखना और अंकगणित का बुनियादी ज्ञान उपलब्ध कराना है। परीक्षा के लिए जिलों और ब्लॉक स्तर पर विशेष केंद्र बनाए गए थे। प्रदेश में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 में प्रौढ़ शिक्षा के लिए वर्ष-2022 से उल्लास- नवभारत साक्षरता कार्यक्रम चल रहा है। यह कार्यक्रम वर्ष-2022 से वर्ष-2027 तक के लिये तैयार किया गया है। स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित राज्य साक्षरता मिशन के अनुसार इस मूल्यांकन परीक्षा से यह आकलन किया जाएगा कि कितने शिक्षार्थी बुनियादी साक्षरता प्राप्त कर चुके हैं। परीक्षा में मुख्य रूप से पढ़ने, लिखने और संख्यात्मक ज्ञान से जुड़े प्रश्न पूछे गए। इस पहल से लाखों लोग साक्षर बनकर न केवल अपने व्यक्तिगत जीवन में आत्मनिर्भर होंगे, बल्कि समाज और राज्य के विकास में भी सक्रिय योगदान देंगे। गौरतलब है कि मध्यप्रदेश देश के उन अग्रणी राज्यों में शामिल है, जहां वयस्क साक्षरता कार्यक्रम को व्यापक स्तर पर लागू किया जा रहा है। पठन पाठन सामग्री प्रदेश के परिदृश्य को ध्यान में रखकर राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण द्वारा "अक्षर पोथी" नाम से प्रवेशिका बनाई गई है। यह प्रवेशिका सीखने की परिष्कृत गति एवं विषय वस्तु पर आधारित है। इस प्रवेशिका में बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मकता के साथ महत्वपूर्ण जीवन कौशल जैसे, वित्तीय, कानूनी, डिजिटल साक्षरता, आपदा प्रबंधन, वाणिज्यिक कौशल, मतदाता पंजीकरण, आधार जैसे विभिन्न फार्म को भरने के तरीके पर जागरूकता एवं कौशल शामिल है। अक्षर पोथी प्रवेशिका को एजूकेशन पोर्टल पर अपलोड करने के साथ साक्षरता कार्यक्रम के सभी व्हाट्सअप ग्रुप और यू-ट्यूब चेनल के माध्यम से भेजा गया है।  

यात्रियों के लिए खुशखबरी: नेपाल एयरलाइंस ने काठमांडू-चीन रूट पर कम किराए वाली सीधी फ्लाइट शुरू की

काठमांडू  नेपाल की राष्ट्रीय विमानन कंपनी ने राजधानी काठमांडू से चीन के ग्वांगझू के लिए बृहस्पतिवार से सीधी उड़ानें शुरू करने की रविवार को घोषणा की। नेपाल एयरलाइंस कॉर्पोरेशन (एनएसी) के प्रवक्ता मनोज कुमार शाह ने बताया कि पहली बार काठमांडू से गुआंगझू के बीच उड़ान सेवा शुरू करने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अधिकारी ने बताया कि एनएसी इस मार्ग पर सप्ताह में तीन उड़ानें संचालित करेगा। पहली उड़ान बृहस्पतिवार और दूसरी 28 सितंबर को निर्धारित है। एनएसी ने बताया कि इसके बाद हर रविवार, मंगलवार और शनिवार को ग्वांगझू के लिए सीधी उड़ानें होंगी। एनएसी ने काठमांडू से ग्वांगझू का एकतरफ़ा किराया 30,000 नेपाली रुपये और वापसी का किराया 50,000 नेपाली रुपये तय किया है। हिमालय एयरलाइंस भी नेपाल से इस मार्ग पर नियमित उड़ानें संचालित कर रही है, जबकि चीनी एयरलाइन कंपनी चाइना सदर्न भी ग्वांगझू-काठमांडू मार्ग पर नियमित उड़ानों का संचालन कर रही है।   

धार्मिक संकट बढ़ा: बांग्लादेश के हिंदू मंदिरों पर लूट और तोड़फोड़, दुर्गा पूजा पर खतरा

ढाका  बांग्लादेश में दुर्गा पूजा से पहले अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय के खिलाफ हमले बढ़ते जा रहे हैं। जमालपुर जिले के सरिशाबारी उपजिला के तऱ्यापारा मंदिर में शनिवार रात एक शख्स ने लूट के बाद सात मूर्तियों को तोड़फोड़ दिया। यह घटना दुर्गा पूजा से ठीक पहले दूसरी बार सामने आई है।पुलिस ने आरोपी हबीबुर रहमान (35) को गिरफ्तार किया है। सरिशाबारी पुलिस थाना के अधिकारी राशेदुल हसन ने बताया कि पुलिस को सूचना मिलने पर तुरंत घटनास्थल पर भेजा गया। मंदिर समिति के अध्यक्ष गोएश चंद्र बरमन ने कहा कि रविवार सुबह महालया के दिन मूर्तियों को टूटे हुए देखकर पुलिस को सूचना दी गई और CCTV फुटेज से आरोपी की पहचान की गई।मंदिर और पुलिस के अनुसार, मूर्तियाँ शनिवार रात कलाकारों द्वारा तैयार की गई थीं और उसी रात आरोपी ने मंदिर में घुसकर मूर्तियों के सिर और अन्य हिस्से तोड़ दिए।यह घटना चिंता का विषय है क्योंकि अगस्त 2024 में मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार के सत्ता में आने के बाद से हिंदू मंदिरों और अल्पसंख्यकों पर हमलों में वृद्धि देखी गई है।   इस सप्ताह की शुरुआत में कुस्टिया जिले के मिर्पुर उपजिला के श्वरुपदाह पलपारा श्री श्री राधा काली मंदिर में भी मूर्तियों को तोड़ा गया और सुरक्षा कैमरा व मेमोरी कार्ड चोरी हो गए थे। मंदिर समिति के पूर्व सचिव बदाल कुमार डे ने कहा, "पिछले तीन साल से हम दुर्गा पूजा की तैयारी कर रहे हैं। यह घटना हमें डर में डाल गई है।"इससे पहले, बांग्लादेश की अवामी लीग ने अंतरिम सरकार के गृह सलाहकार जहंगीर आलम चौधरी की हिंदू धर्म के खिलाफ विवादित टिप्पणी की निंदा की थी। शेख हसीना की सरकार के सत्ता से हटाए जाने के बाद बांग्लादेश में हिंसा और कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ गई है।

राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने दतिया शक्तिपीठ में की माँ पीताम्बरा की पूजा अर्चना

प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि की कामना की भोपाल राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल रविवार को दतिया प्रवास पर थे। उन्होंने प्रसिद्ध शक्तिपीठ पहुंचकर माँ पीताम्बरा के दर्शन किए। विधि विधान से पूजा अर्चना की। उन्होंने वनखण्डेश्वर बाबा का जलाभिषेक भी किया। राज्यपाल श्री पटेल ने माँ पीताम्बरा से प्रदेश और देश की सुख समृद्धि एवं कल्याण की प्रार्थना की। इस अवसर पर पूर्व मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्र, जनप्रतिनिधि और जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।  

परिवहन विभाग अवैध संचालित वाहनों के विरूद्ध 22 सितंबर से चलायेगा विशेष अभियान

दो सप्ताह तक चलेगा विशेष अभियान भोपाल प्रदेश में सड़क सुरक्षा को अधिक सुदृढ़ बनाने और मोटरयान अधिनियम का पालन सुनिश्चित करने के लिये परिवहन विभाग 22 सितंबर से 2 सप्ताह तक वाहनों की चेकिंग के लिये एक विशेष अभियान चलाएगा। अभियान में प्रदेश में एक साथ समस्त जिलों में वाहन चेकिंग की कार्रवाई की जायेगी। इसमें मुख्य रूप से अग्निश्मन सिस्टम न लगे होने, वाहन में फस्टटेड किट उपलब्ध न होने, रेट्रो रिफलेक्टिव नहीं लगे होने पर संबंधित वाहनों के विरूद्ध कार्रवाई की जायेगी। इसी साथ ही यात्री बसों द्वारा ऑल इंडिया टूरिस्ट परमिट लेकर स्टेज कैरिज के रूप में संचालन करने की प्राप्त हो रही शिकायतों के संबंध में जांच की जायेगी। दोषी यात्री बसों के विरूद्ध कार्यवाही की जायेगी। अभियान के दौरान मध्यप्रदेश मोटरयान कर जमा न करने वाले वाहनों के विरूद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई होगी। सड़क सुरक्षा की दृष्टि से मोटरयान अधिनियम एवं नियमों के अन्य प्रावधानों जैसे ओव्हर लोडिंग, ओव्हर स्पीडिंग, निर्धारित पात्रता से अधिक यात्री ढ़ोने आदि अपराधों के संबंध में भी अभियान में सख्त कार्रवाई की जायेगी। परिवहन आयुक्त ने विशेष अभियान के दौरान स्कूल बसों की चेकिंग पर भी विशेष ध्यान दिये जाने तथा नियम विरूद्ध संचालन करने वाले वाहन चालकों के लायसेंस निलंबन की नियमानुसार कार्रवाई करने के लिये कहा है। अभियान के दौरान वाहन पोर्टल पर वाहन स्वामियों के मोबाइल नम्बर अपडेट करने तथा पोर्टल पर वाहनों के डुप्लीकेट डेटा हटाये जाने की भी कार्यवाही किये जाने के आदेश दिये गये हैं। अभियान के लिये जिलों में पदस्थ आरटीओ को परिवहन निरीक्षक/परिवहन उप निरीक्षक तथा अन्य प्रवर्तन अमला उपलब्ध कराया जा रहा है। यह अमला प्रतिदिन की गई कार्रवाई की जानकारी निर्धारित प्रारूप में परिवहन आयुक्त कार्यालय को उपलब्ध करायेंगे। प्रस्तावित अभियान के संबंध में परिवहन आयुक्त द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से प्रदेश के समस्त आरटीओ और अमले के साथ बैठक लेकर समस्त अधिकारियों को उक्त अभियान में की जाने वाली कार्यवाही के बारे में निर्देश दिये गये है। आयुक्त द्वारा परिवहन विभाग के अमले को निर्देशित किया गया है कि अभियान के दौरान यात्रीगण को असुविधा न हो इसका विशेष रूप से ध्यान रखा जाये।