samacharsecretary.com

मंत्री सारंग ने विजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित

भोपाल  खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि वॉटर स्पोर्ट्स के क्षेत्र में मध्यप्रदेश देश का अग्रणी राज्य बनकर उभरा है। इसका प्रमाण श्रीनगर में देश के पहले खेलो इंडिया वॉटर स्पोर्ट्स फेस्टिवल में हमारे खिलाड़ियों द्वारा प्राप्त प्रथम स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों ने अनेक पदक जीतकर प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाया है। मंत्री श्री सारंग रविवार को अपर लेक खानूगांव में राजा भोज मल्टी क्लास सेलिंग चैंपियनशिप-2025 के समापन समारोह में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर मंत्री श्री सारंग ने विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। मंत्री श्री सारंग ने कहा कि खेल अकादमियों से उत्कृष्ट खिलाड़ियों का निर्माण हो रहा है। उन्होंने कहा कि खेलों से जुड़ने वाले युवा केवल अच्छे खिलाड़ी ही नहीं, बल्कि जिम्मेदार नागरिक भी बनते हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों के प्रति सकारात्मक वातावरण बना है, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने के लिये लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। वर्तमान में प्रदेश में 18 खेलों के लिए 11 खेल अकादमियां संचालित की जा रही हैं, जहाँ खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश का उत्कृष्ट प्रदर्शन राजा भोज मल्टी क्लास सेलिंग चैंपियनशिप 2025 में मध्यप्रदेश वॉटर स्पोर्ट्स सेलिंग अकादमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 08 स्वर्ण, 05 रजत और 03 कांस्य सहित कुल 16 पदक अपने नाम किए। कुल 12 केटेगरी में भाग लेते हुए मध्यप्रदेश ने 8 में स्वर्ण पदक प्राप्त किए और सबसे अधिक पदक जीतकर प्रथम स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता के 4 स्वर्ण पदक देश के अन्य क्लबों, एसोसिएशनों और राज्यों के खिलाड़ियों ने प्राप्त किए। इस प्रकार एमपी वॉटर स्पोर्ट्स सेलिंग अकादमी ने इस प्रतियोगिता में क्लीन स्वीप करते हुए सर्वाधिक पदक अर्जित किए और अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की। प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों ने विभिन्न वर्गों में शानदार प्रदर्शन किया। स्वर्ण पदक जीतने वालों में माही वर्मा ने ILCA 4 गर्ल्स, राजवीर यादव ने ILCA 4 बॉयज, शगुन झा और अपर्णा चौधरी ने 29er गर्ल्स, एकलव्य बाथम और वंशिका सिकरवार ने 420 क्लास, जागराव कुमार ने Optimist बॉयज, आर्यन पाटीदार ने iQFOiL बॉयज, प्रार्थना भोई ने iQFOiL गर्ल्स और तेजस्वी प्रजापति ने Techno293 गर्ल्स U-17 वर्ग में स्वर्ण पदक अपने नाम किए। रजत पदक विजेताओं में अंकित सिसोदिया (ILCA 4 बॉयज), तुलसी पटेल (ILCA 4 गर्ल्स), रुद्रेश पटेल और मयंक राजपूत (29er बॉयज), सोहम राजपूत (Techno293 बॉयज U-17) और जागराव कुमार (Optimist ओवरऑल) शामिल रहे। कांस्य पदक विजेताओं में वासु चंद्रवंशी ने ILCA 4 बॉयज, आस्था पांडेय ने ILCA 4 गर्ल्स और समृद्धि बाथम व पार्थ चौहान ने 420 क्लास में पदक हासिल किया।  

बिजली के तार चोरी करने वाली शातिर गैंग के विरूध्द रिपोर्ट के 24 घण्टे में ही थाना सिविल लाईन हरदा व्दारा की गई प्रभावी

चोरी गए बिजली तारों सहित एक चार पहिया वाहन और दो मोटर सायकलें भी की गई जप्त। हरदा बिजली के पोल से बड़ी मात्रा में तार चुराने वाली गैंग चढ़ी सिविल लाईन हरदा पुलिस के हत्थे। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन मे सिविल लाईन पुलिस को तार चोरी गैंग के विरूध्द कार्यवाही में मिली सफलता। पूर्व में इलेक्ट्रिक ठेकेदार के पास पेटी कांट्रेक्टर के रुप में काम कर चुका है अपराध का सरगना धीरेन्द्र उर्फ धीरु नागले।  आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपए का चोरी गया बिजली का तार और घटना में प्रयुक्त एक चारपहिया लोडिंग वाहन और दो मोटर सायकलें भी जप्त करने में मिली सफलता। गैंग के सदस्य 25 फिट ऊंचे बिजली पोल पर इलेक्ट्रिक तार लगाने के कारोबार में है अभ्यस्त। इसी विधा का उपयोग कर तार चोरी की घटना को दिया अंजाम।  अपराध पंजीबध्द होते ही तलाश पतारसी में लगी थी, थाना सिविल लाईन पुलिस की टीमें। घटना स्थल के पहुंच मार्ग के आस-पास के कई सीसीटीवी कैमरों को खंगालते, आरोपियों तक पहुंची पुलिस की टीमें।दिनांक 18 सितम्बर 2025 को मध्य प्रदेश विद्युत मण्डल कम्पनी दक्षिण ग्रामीण जिला हरदा के सहायक प्रबंधक अरूण कुमार चंदेले व्दारा रिपोर्ट की गई कि दिनांक 11 सितम्बर 2025 से 18 सितम्बर 2025 के मध्य अज्ञात चोर व्दारा कुल 26 खम्बे 1.77 किमी 11 केवी लाईन के तार 63 केवी के खामापडवा केलनपुर के बीच मार्ग स्थित प्रेमदास भायरे के खेत के पास से नाले तक चोरी कर लिये गये हैं। सूचना पर थाना सिविल लाईन हरदा पर अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 319/2025 धारा 303 (2) बीएनएस का पंजीबद्ध कर अनुसंधान में लिया गया।  पुलिस अधीक्षक हरदा श्री शशांक व्दारा बिजली तार चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश प्रदान किये गये। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरदा श्री अमित कुमार मिश्रा, एसडीओपी हरदा श्रीमती शालीनी परस्ते के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक रामसुमेर तिवारी व्दारा वरिष्ठ अधीकारीगणों के आदेश के पालन में थाना क्षेत्र में बिजली तार चोरी की घटनाओं में संलिप्त आरोपियों की धरपकड़ हेतु टीमें गठित की गई। थाना सिविल लाईन पुलिस टीम व्दारा घटना स्थल के आसपास के पहुंच मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरे फुटेज संकलित कर सर्चिग की गई साथ ही इस मार्ग पर गुजरने वाले वाहनों के संबंध में साक्ष्य संकलित किए गए। इसी आधार पर घटना की दरमियानी रात्रि एक लोडिंग वाहन टाटा छोटा हाथी केलनपुर से सुखरास होते हुए हरदा आने के संबंध में जानकारी प्राप्त हुई।इसी क्रम में अनुसंधान पतारसी करते लोडिंग वाहन का नंबर एमपी-47/ल-0725 का ज्ञात होने पर वाहन संचालक ड्रीमलैंड कालोनी निवासी आदिल रजा खान पिता ईसराईल खान ज्ञात हुआ. इसकी धरपकड़ कर मिलने पर मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ पर अपने साथी धीरेन्द्र उर्फ धीरु नागले, अजीम खान, समीर खान के साथ मिलकर तार चोरी करना स्वीकार किया गया।  इसी क्रम में पूर्व में विद्युत पोल लगाने वाली अधिकृत कंपनी में प्रायवेट ठेकेदारी पेटी कांट्रेक्टर करने वाले धीरेन्द्र उर्फ धीरु नागले की धरकपकड़ की गई, जिसे 25 फिट तक ऊंचे विद्युत पोल पर चढ़कर कार्य करने का अभ्यस्त होकर घटना का मास्टर माइंड गैंग का सरगना होना पाया गया। इसी प्रकार पुलिस टीम व्दारा इस चोर गैंग के अन्य सदस्य समीर खान तथा अजीम खान पिता अंसार कबाड़ी को पकड़ा गया। जिसके गोदाम में चोरी किए गए बिजली के तारों के बंडल रखे होना बताने पर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित अजीम खान के गोडाऊन से चोरी गए बिजली के तार मिलने पर जप्त करने में सफलता प्राप्त हुई है।  साथ ही आरोपियों व्दारा घटना स्थल के समीप नाले किनारे छुपा कर रखे गए बिजली तार बंडलों को भी जप्त किया गया है। घटना में प्रयुक्त चार पाहिया लोडिंग वाहन नंबर एमपी-47/ल-0725 आरोपी अजीम खान के कब्जे से, मोटर सायकल क्रमांक एमपी-47/ज़ब-0663, मोटर सायकल क्रमांक एमपी-47/जेडसी-8351 भी जप्त करने में सफलता प्राप्त हुई है। चारों गिरफ्तारशुदा आरोपियों को माननीय न्यायालय हरदा के समक्ष प्रस्तुत किया गया। घटना का मास्टर माईन्ड सहित गैंग के सरगना धीरेन्द्र उर्फ धीरु नागले सहित आदील रजा खान का पुलिस रिमाण्ड प्राप्त किया गया है, जिससे पूछताछ पर क्षेत्र की अन्य चोरी के संबंध में खुलासा होने के संभावना है। जप्त मनुका-बिजली के तारों के 10 बंडल, कीमती 04 लाख करीबन लोडिंग वाहन नंबर एमपी-47/ल-0725, मोटर सायकल क्रमांक एमपी-47/ज़ब-0663, मोटर सायकल क्रमांक एमपी-47/जेडसी-8351 कुल कीमती 05 लाख करीबन कुल माल मनुका 9,00,000/- रुपए गिरफ्तार आरोपी:1 अजीमखान पिता अंसार खान उम्र 30 वर्ष निवासी खेड़ीपुरा हरदा, 2 आदिल रजा खान पिता इसराईल खान उम्र 30 वर्ष नि ड्रीमलैण्ड कालोनी हरदा,  3 धीरेन्द्र उर्फ धीरु नागले पिता लक्ष्मीनारायण नागले उम्र 27 वर्ष निवासी रहटाखुर्द, 4 समीर खान पिता हसन खान उम्र 19 वर्ष निवासी इमलीपुरा हरदा। सराहनीय भूमिका-थाना प्रभारी निरीक्षक रामसुमेर तिवारी और टीम उप निरीक्षक प्रकाश सोलंकी, सहायक उप निरीक्षक संजयसिंह ठाकुर, प्रधान आरक्षक 217 करण साहु, प्रधान आरक्षक 05 विजय प्रजापति, प्रधान आरक्षक 259 कमलेश आरक्षक 40 यश शर्मा, आरक्षक 80 अभिषेक तथा आरक्षक 225 सचिन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

बाढ़ की मार और बढ़ते अनाज दाम: पाकिस्तान में खाद्य संकट का खतरा गंभीर

इस्लामाबाद   पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में बाढ़ के बाद खाद्य संकट को रोकने के लिए सरकार ने गेहूं की स्टॉकिंग और उसकी जियोटैगिंग (स्थान डेटा) की प्रक्रिया शुरू की है। पूर्वी नदियों में आई बाढ़ से फसलों और केंद्रीय जिलों में स्टॉक को नुकसान पहुंचा है। प्रांतीय प्रशासन ने गेहूं के प्रांतों के बीच आंदोलन पर प्रतिबंध लगा दिया है, जिससे खैबर पख्तूनख्वा में गेहूं की कीमतें 68% तक बढ़ गईं। इसके चलते सिंध और खैबर पख्तूनख्वा में विरोध प्रदर्शन भी हुए। सरकार का मकसद पंजाब में पर्याप्त सप्लाई सुनिश्चित करना और भविष्य में किसी खाद्य संकट से बचना है। पंजाब प्राइस कंट्रोल और कमोडिटी मैनेजमेंट विभाग ने प्रांत के गोदामों में गेहूं के स्टॉक का जियोटैगिंग और भौतिक सत्यापन शुरू किया है। सचिव किरन खुर्शीद ने चार सदस्यीय निगरानी समिति का गठन किया है, जो डिप्टी सेक्रेटरी शाजिया रहमान के नेतृत्व में जिला स्तर के डेटा को इकट्ठा करेगी। किरन खुर्शीद ने कहा, "जियोटैगिंग सिर्फ एक हस्तक्षेप है, समाधान नहीं। बाढ़ के कारण बड़ी मात्रा में गेहूं नष्ट हुआ है और अब सरकार की जिम्मेदारी है कि नागरिकों तक सप्लाई सुनिश्चित की जाए।"उन्होंने बताया कि विभाग ने आठ निदेशालयों की संपत्ति, संसाधन और गतिविधियों को डिजिटलाइज करने के लिए  स्ट्रेटेजिक मैनेजमेंट विंग  भी बनाया है। इसका उद्देश्य सभी जानकारी को एक डैशबोर्ड पर उपलब्ध कराना है ताकि निर्णय लेने में आसानी हो।   रिपोर्ट के अनुसार, पंजाब गृह विभाग ने प्राइस कंट्रोल विभाग की सिफारिश पर सेक्शन 144 लागू किया है, जिससे 10,184 मीट्रिक टन गेहूं को फीड बनाने के लिए मिलों में इस्तेमाल करने से रोका गया।मुख्यमंत्री मरियम नवाज ने कहा कि उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता खाद्य संकट को रोकना और नागरिकों तक गेहूं की आपूर्ति सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि बाढ़ से लगभग 40 लाख लोग प्रभावित हुए हैं और प्रशासन को उनके लिए गेहूं की उपलब्धता गारंटीकृत करनी होगी। सचिव खुर्शीद ने कहा कि गेहूं की निगरानी सिंध और खैबर पख्तूनख्वा की सीमाओं पर भी की जा रही है, ताकि व्यापारी इसे उच्च कीमत पर न बेच सकें। उन्होंने बताया कि जोर-शोर से होर्डिंग और मुनाफाखोरी पर कार्रवाई  की जा रही है। अब तक 107 मुनाफाखोरों को गिरफ्तार किया गया, 12,043 लोगों पर जुर्माना लगाया गया और सात मामलों में केस दर्ज किए गए। इस कार्रवाई से मिलों में गेहूं का स्टॉक 1,65,000 मीट्रिक टन बढ़ा। साथ ही, 3,60,000 मीट्रिक टन गेहूं पीसा गया, जिससे आटे की सप्लाई बनी रही और कीमत 40 किलो के पैकेट के लिए PKR 3,800 से घटकर PKR 3,000 हो गई। सरकारी उपायों से अल्पकालिक स्तर पर सप्लाई स्थिर हुई है, जबकि अधिकारियों द्वारा लंबी अवधि में गेहूं की स्थिर आपूर्ति की योजना भी बनाई जा रही है।

नशे से दूर रहते हुए स्वस्थ एवं तनाव मुक्त जीवन जीने का संकल्प ले : उप मुख्यमंत्री शुक्ल

सेवा पखवाड़े में नमो युवा रन को दिखाई हरी झण्डी भोपाल  उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि युवाओं को स्वस्थ रहते हुए नशे से दूर रहकर तनाव मुक्त जीवन जीने का संकल्प लेना है। सुबह जल्दी उठें, शारीरिक व्यायाम करें तदुपरांत अपने दैनिक कार्यों को तनावमुक्त होकर करें। उप मुख्यमंत्री ने नमो युवा रन को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। रीवा मुख्यालय में युवा रन में हजारों की संख्या में युवाओं ने सहभागिता की। एनसीसी मैदान से आरंभ हुई युवा मैराथन शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरती हुए एनसीसी मैदान में समाप्त हुई। उप मुख्यमंत्री भी नमो युवा रन में शामिल हुए। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इस दौरान विभिन्न रचनात्मक कार्य होंगे जिससे हम सभी इसे अपनी दैनिक दिनचर्चा में शामिल कर सकें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी का संकल्प है कि फिट इंडिया में सभी स्वस्थ व स्फूर्तवान रहें। नमोयुवा रन के माध्यम से शहर व जिलेवासियों में यह संदेश जायेगा कि वह स्वस्थ रहने के लिये व्यायाम व दौड़ में भाग लें। उन्होंने दौड़ेगा रीवा दौड़ेगा भारत का नारा दिया। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे से बचाव के लिये युवा आगे आयें। स्वयं भी नशा न करें व नशे करने वालों की सूचना दें जिससे उनका नशा छुड़ाया जा सके। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि जिले में नशे का कारोवार करने वाले जेल में हैं। नमो युवा रन में प्रधानमंत्री श्री मोदी का संदेश सुना गया। सांसद श्री जनार्दन मिश्र, विधायक मनगवां इंजी. नरेन्द्र प्रजापति सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी बड़ी संख्या में शहरवासी व छात्र-छात्राएँ एवं युवा उपस्थित रहे।  

केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स फेडरेशन की वार्षिक आमसभा में बोले मुख्यमंत्री

नकली दवाओं की बिक्री के खिलाफ आगे आए फेडरेशन : सीएम योगी गोरखपुर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश दुनिया का सबसे बड़ा दवा उपभोक्ता बाजार है। प्रदेश में 1.10 पंजीकृत दवा की दुकानों से पांच लाख लोग सीधे तौर पर जुड़े हैं। इससे भी बड़ी संख्या उन लोगों की है जो अप्रत्यक्ष रूप से इस कारोबार से जुड़े हैं। दवा कारोबार बड़ी जिम्मेदारी और जवाबदेही का क्षेत्र है। दवा कारोबारी समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान देते हुए जिम्मेदारी के साथ लोगों को गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराते हैं। दवा कारोबार से जुड़े लोगों को ईमानदारीपूर्वक याद रखना होगा कि जन विश्वास बनाए रखना ही उनके कारोबार की सबसे बड़ी पूंजी है।  सीएम योगी रविवार को केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स फेडरेशन उत्तर प्रदेश की वार्षिक आमसभा को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि नकली दवाओं के खिलाफ सभी को जन जागरण के अभियान से जुड़ना होगा। यह संकल्प लेना होगा कि किस भी प्रकार की मिलावटी दवाओं के कारोबार के खिलाफ खड़े होंगे। नारकोटिक्स की उन दवाओं को जिनमे डॉक्टर के विशेष परामर्श की जरूरत होती है, आम दवाओं की तरह नहीं बिकने देंगे। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने आगरा में नकली दवाओं और कुछ अन्य जगहों पर नारकोटिक्स दवाओं से जुड़े अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की है।  मुख्यमंत्री ने कहा कि नकली दवाओं का कारोबार ईमानदार दुकानदारों के लिए बड़ी चुनौती है। उन्होंने दवा कारोबारियों को आश्वस्त किया कि मिलावट वाली दवाओं और नारकोटिक्स श्रेणी की दवाओं के गलत इस्तेमाल वाली बिक्री के खिलाफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स फेडरेशन आगे आए, सरकार फेडरेशन को हर प्रकार का संरक्षण देगी। ईमानदार दवा कारोबारियों के व्यवसाय को सरल और सुगम बनाने में सहयोग करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पांच वर्ष पूर्व दवा कारोबारियों पर संकट आया था। फार्मासिस्ट की अनिवार्यता को लेकर। तब उन्होंने कहा था कि दवा कारोबारी का व्यावहारिक ज्ञान, फार्मासिस्ट से कम नहीं होता। इस बात को लेकर केंद्र सरकार ने सकारात्मक कदम बढ़ाया था।   यूपी को बनाएंगे फार्मा हब सीएम योगी ने कहा कि सरकार उत्तर प्रदेश को फार्मा हब बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है। इसके लिए भारत सरकार के पूर्व औषधि महानियंत्रक डॉ. जीएन सिंह को फार्मा एडवाइजर बनाया गया है। साथ ही ललितपुर में एक बड़ा फार्मा पार्क विकसित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दवाओं के मामले में उत्तर प्रदेश दुनिया का सबसे बड़ा उपभोक्ता बाजार है। फार्मा पार्क से यहीं दवा बनने से लोगों को सस्ती दवाएं मिलेंगी। दवा का एक्सपोर्ट दुनिया को होगा। नई संभावनाओं के द्वार खुलेंगे और बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन भी होगा।  अब यूपी में वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज का दौर सीएम योगी ने कहा कि कभी प्रदेश की पहचान वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया से थी। उनकी सरकार ने अब इसकी पहचान वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज की कर दी है। जो असंभव था, आज संभव हो गया है। उन्होंने कहा कि 8 साल में सरकार ने 41 नए मेडिकल कॉलेज और दो एम्स स्थापित किए हैं। अस्पतालों की तो लंबी श्रृंखला है। उन्होंने कहा कि यूपी में सुरक्षा के माहौल में नया बिजनेस मॉडल दिया गया है। यह सिर्फ 25 करोड़ की आबादी का राज्य ही नहीं है बल्कि अगल बगल के राज्यों की स्वास्थ्य और अन्य जरूरतों को भी पूरा करता है।  जीएसटी सुधार उपभोक्ता और व्यापारी, दोनों के हित में मुख्यमंत्री ने कहा कि 3 सितंबर को पीएम मोदी के मार्गदर्शन में जीएसटी परिषद ने दवाओं के कर दरों में भारी छूट दे दी। यह ऐसा क्षेत्र था जिसमें व्यापक संभावना भी है। जीवनरक्षक बीमा पॉलिसी जीएसटी लगभग फ्री हो गई है। कहा कि जीएसटी के नए सुधार उपभोक्ता और व्यापारी, दोनों के हित में हैं। इससे आम उपभोक्ता को फायदा होगा और बाजार भी मजबूत होगा।  नशामुक्ति के लिए फेडरेशन सीएम के हर निर्णय के साथ : अध्यक्ष कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स फेडरेशन उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष संदीप चतुर्वेदी ने कहा कि सीएम योगी के मार्गदर्शन से दवा कारोबारियों को उत्पीड़न से काफी निजात मिली है। उन्होंने कहा कि केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स फेडरेशन नशामुक्ति के लिए मुख्यमंत्री के हर निर्णय के साथ है। कार्यक्रम के शुभारंभ पर फेडरेशन के पदाधिकारियों ने स्मृति चिन्ह और अंगवस्त्र प्रदान कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस अवसर पर प्रदेश सरकार के खाद्य सुरक्षा, औषधि प्रशासन एवं आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर मिश्र दयालु, गोरखपुर के सांसद रविकिशन शुक्ल, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, एमएलसी एवं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, भारत सरकार के पूर्व औषधि महानियंत्रक एवं प्रदेश सरकार के फार्मा सलाहकार डॉ. जीएन सिंह, केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स फेडरेशन उत्तर प्रदेश के महामंत्री सुरेश, कोषाध्यक्ष राजीव त्यागी, केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष दिलीप सिंह, महामंत्री नीरज पाठक, राकेश सिंह, हर्ष बंका, आईएमए के सचिव डॉ. वाई सिंह सहित फेडरेशन के सभी जिलों से आए प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

सोयाबीन की फसल खरीदी हेतु समर्थन मूल्य (MSP) पर पंजीयन अतिशीघ्र शुरू कराये जावे: हरदा विधायक डॉ दोगने

हरदा हरदा विधायक डॉ रामकिशोर दोगने द्वारा म.प्र. के मुख्यमंत्री को पत्र प्रेषित कर सोयाबीन की फसल खरीदी हेतु समर्थन मूल्य (MSP) पर पंजीयन अतिशीघ्र शुरू कराये जाने की मांग की गई है। हरदा विधायक डॉ दोगने द्वारा मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री को प्रेषित किए गए पत्र में लेख किया गया है कि वर्तमान समय में प्रदेश में सोयाबीन की कटाई प्रारंभ हो चुकी है, किंतु अब तक समर्थन मूल्य पर खरीद के लिए पंजीयन की प्रक्रिया प्रारंभ नहीं की गई है। फलस्वरूप प्रदेश की मंडियों में सोयाबीन 4000 रुपये प्रति क्विंटल से भी कम दर पर बिक रहा है। जैसा कि विदित है, फसलों की खरीद हेतु केंद्र सरकार द्वारा न्यूनतम समर्थन मूल्य निर्धारित किया जाता है, ताकि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य प्राप्त हो सके और उन्हें नुकसान न उठाना पड़े। वर्तमान वर्ष हेतु सोयाबीन का (MSP) 5328 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित है। किंतु समय पर पंजीयन एवं खरीद प्रक्रिया प्रारंभ न होने के कारण प्रदेश के क़िसानों को प्रतिक्विंटल लगभग 1300 से 1500 रुपये तक का सीधा नुकसान हो रहा है।  इस हेतु मेरा आपसे अनुरोध है कि शीघ्रातिशीघ्र समर्थन मूल्य पर सोयाबीन की खरीद हेतु पंजीयन प्रक्रिया प्रारंभ करवाने की कृपा करें, ताकि किसान अपनी उपज का वाजिब मूल्य प्राप्त कर सकें और उन्हें आर्थिक क्षति का सामना न करना पड़े । उपरोक्तानुसार आगामी कार्यवाही से प्रदेश के किसानों को सीधा लाभ प्राप्त होगा तथा उनकी आजीविका सुरक्षित रह सकेगी।

पाकिस्तान को सस्ते ब्याज पर कर्ज, सऊदी अरब ने बढ़ाया आर्थिक सहारा

इस्लामाबाद सऊदी अरब पाकिस्तान की दिल खोलकर मदद कर रहा है। वह केवल चार प्रतिशत की वार्षिक ब्याज दर के साथ पाकिस्तान को मिलने वाले सस्ते विदेशी ऋणों का प्रमुख सोर्स बना हुआ है। रविवार को मीडिया में आई एक खबर में यह जानकारी दी गई। आधिकारिक रिकॉर्ड के अनुसार, रियाद ने हाल के वर्षों में इस्लामाबाद को दिए दो अलग-अलग नकद ऋणों पर चार प्रतिशत ब्याज दर वसूली। 'द एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ की खबर के अनुसार, मूल रूप से एक वर्ष के लिए दिये गए इस ऋण को पाकिस्तान द्वारा चुकाया जाना अभी बाकी है। सऊदी, बिना कोई अतिरिक्त ब्याज लगाए इन ऋणों को वार्षिक रूप से आगे बढ़ा रहा है। खबर के मुताबिक, सऊदी अरब द्वारा पाकिस्तान को दिये गए ये ऋण चीन से मिलने वाले ऋण की तुलना में लगभग एक-तिहाई सस्ते हैं। साथ ही, विदेशी वाणिज्यिक उधार से आधी लागत पर हैं। खबर में सूत्रों के हवाले से बताया गया, सऊदी अरब द्वारा दी गयी दो अरब अमेरिकी डॉलर की नकद जमा सुविधा की अवधि दिसंबर में पूरी होने वाली है और वित्त मंत्रालय इसे फिर से आगे बढ़ाने की योजना बना रहा है। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) कार्यक्रम के तहत बाह्य वित्तपोषण की कमी को पूरा करने के लिए प्राप्त 3 अरब अमेरिकी डॉलर के एक और सऊदी ऋण की अवधि अगले वर्ष जून में पूरी हो जाएगी। आईएमएफ ने शर्त रखी है कि पाकिस्तान के तीन ऋणदाता, सऊदी अरब, चीन और संयुक्त अरब अमीरात तीन साल के कार्यक्रम के पूरा होने तक अपनी नकद जमा राशि बनाए रखेंगे। खबर के मुताबिक, इन देशों ने पाकिस्तान को कुल 12 अरब अमेरिकी डॉलर का ऋण दिया हुआ है, जो पाकिस्तानी केंद्रीय बैंक के 14.3 अरब अमेरिकी डॉलर के सकल विदेशी मुद्रा भंडार का एक बड़ा हिस्सा है। सूत्रों ने बताया कि सऊदी अरब के ऋण पर चार प्रतिशत ब्याज दर है जबकि पाकिस्तान चार अरब अमेरिकी डॉलर के चार ऋणों पर लगभग 6.1 प्रतिशत ब्याज भुगतान कर रहा है।  

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने प्रतिभाशाली आयुषी को दी बधाई

भोपाल  उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने रीवा की प्रतिभाशाली बेटी आयुषी वर्मा को बधाई दी। उन्होंने आयुषी के निवास पहुंचकर उसका अंगवस्त्रश्रम से सम्मान किया और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। उल्लेखनीय है कि आयुषी ने एसएससीडब्ल्यू (टेक्निकल) प्रवेश परीक्षा में देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया तथा यूपीएससी की सीडीएस परीक्षा में देश में 24वां स्थान प्राप्त किया है।  

मुख्यमंत्री साय ने किया माहरा समाज के नवनिर्मित सामाजिक भवन का लोकार्पण

एक करोड़ 63 लाख रुपए की लागत से बना सामाजिक भवन मुख्यमंत्री श्री साय ने जगतू माहरा एवं धरमू माहरा के योगदान सहित माहरा समाज के गौरवशाली इतिहास को किया रेखांकित रायपुर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज जगदलपुर के गुरु गोविंद सिंह वार्ड में एक करोड़ 63 लाख रुपए की लागत से निर्मित माहरा समाज के नवनिर्मित सामाजिक भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय का पारंपरिक मोहरी बाजा के साथ भव्य स्वागत किया गया। माहरा समाज के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक मुख्यमंत्री श्री साय को पारंपरिक माहरा पाटा पहनाकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री श्री साय ने फीता काटकर भवन का विधिवत उद्घाटन किया और इस ऐतिहासिक क्षण में आमंत्रण एवं आत्मीय स्वागत के लिए समाज के प्रति आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने अपने संबोधन में माहरा समाज के गौरवशाली इतिहास को याद किया। उन्होंने कहा कि जगदलपुर की स्थापना जगतू माहरा तथा धरमपुरा की स्थापना धरमू माहरा द्वारा की गई थी। उन्होंने भूमकाल जैसे आंदोलनों में समाज की सक्रिय भूमिका और अंग्रेजों की दमनकारी नीतियों के विरुद्ध संघर्ष को विशेष रूप से रेखांकित किया। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री श्री अमित शाह के प्रयासों से माहरा समाज को अनुसूचित जाति का दर्जा मिला है। इस ऐतिहासिक निर्णय से समाज के युवाओं को शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में बड़े अवसर प्राप्त होंगे और उनका भविष्य उज्ज्वल होगा। मुख्यमंत्री श्री साय ने केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी का मुख्य लक्ष्य गरीबों का कल्याण और किसानों का आर्थिक विकास है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक 18 लाख आवासों को मंजूरी दी गई है। किसानों से 21 क्विंटल धान प्रति एकड़ खरीदा जा रहा है, जिसके लिए 3100 रुपए प्रति क्विंटल का भुगतान किया जा रहा है। युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने पर बल देते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य में नई उद्योग नीति बनाई गई है, जिससे अधिक से अधिक युवाओं को नौकरी मिले और स्वरोजगार को भी बढ़ावा दिया जा सके। उन्होंने कहा कि सरकार नक्सलियों के समूल उन्मूलन के लिए तेजी से कार्य कर रही है, ताकि प्रभावित क्षेत्रों में  सड़कों का निर्माण, बिजली की आपूर्ति और मोबाइल टावरों की स्थापना जैसे विकास कार्य सुचारू रूप से आगे बढ़ सकें और लोगों को मूलभूत सुविधाओं के साथ-साथ जनहितकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि इस दिशा में नियद नेल्लानार योजना दूरगामी परिणाम देने वाली साबित हो रही है। कार्यक्रम में  माहरा समाज के संभाग अध्यक्ष श्री राजू बघेल ने स्वागत उद्बोधन दिया। शांति नाग ने प्रतिवेदन का वाचन किया तथा समाज के संरक्षक श्री बिच्चेम पोंदी ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा, वन मंत्री श्री केदार कश्यप, सांसद श्री महेश कश्यप, जगदलपुर विधायक श्री किरण सिंह देव ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम में चित्रकोट विधायक श्री विनायक गोयल, दंतेवाड़ा विधायक श्री चैतराम अटामी, छत्तीसगढ़ बेवरेज कॉरपोरेशन के अध्यक्ष श्री श्रीनिवास राव मद्दी, महापौर श्री संजय पांडे, पूर्व सांसद श्री दिनेश कश्यप, पूर्व विधायक श्री महेश गागड़ा, श्री लच्छूराम कश्यप, श्री बैदूराम कश्यप, श्री सुभाऊ कश्यप, कलेक्टर श्री हरिस एस, पुलिस अधीक्षक श्री शलभ सिन्हा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, माहरा समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित थे।

महिलाओं के खातों में आएगा सम्मान योजना का पैसा, दुर्गा पूजा पर CM सोरेन का बड़ा ऐलान

रांची मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य की सभी मंईयां को दुर्गा पूजा की अग्रिम बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री के द्वारा सभी मंईयां लाभुकों के नाम एक संदेश भेजा जा रहा है, जिसमें मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान के तहत दी जा रही सहायता राशि का जिक्र किया गया है। मुख्यमंत्री ने लिखा है कि जोहार! दुर्गा पूजा की खुशियां इस बार होंगी दोगुनी! उनके संदेश से यह साफ है कि मंईयां लाभुकों को दुर्गा पूजा के पहले सितंबर माह की राशि मिल जाएगी। मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना को लेकर बधाई और शुभकामनाओं के साथ हेमंत सोरेन ने लिखा है कि पिछले एक वर्ष से मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत झारखंड की सभी बहनों के खातों में नियमित रूप से 2500 रुपये की सम्मान राशि पहुंच रही है। मतलब साल के पूरे 30,000। यह आप बहनों के अटूट विश्वास और समर्थन से ही संभव हुआ है। स्वावलंबी और सशक्त झारखंड के सपने को साकार करने के लिए हमारी सरकार लगातार बहनों के खातों में यह सम्मान राशि भेज रही है, ताकि उन्हें आर्थिक मजबूती और आत्मनिर्भरता मिले। आप सभी को दुर्गा पूजा की अग्रिम बधाइयां। जय माता दी। कब आएगा मंईयां सम्मान योजना का पैसा बता दें कि सितंबर माह में राज्य की 50 लाख से अधिक महिला लाभुकों को योजना के तहत 2500 रुपए की राशि भेजी जाएगी। मिली जानकारी के मुताबिक जिलों के मंईयां को 22 सितंबर से आर्थिक सहायता की राशि भेजी जानी शुरू हो जाएगी।