samacharsecretary.com

e-KYC अनिवार्य: 30 सितंबर डेडलाइन, छत्तीसगढ़ में कर्मचारियों की सैलरी रुकने का खतरा

रायपुर  प्रदेश के विभिन्न शासकीय विभागों में कार्यरत 60 प्रतिशत से अधिक कर्मचारियों ने अब तक केवायसी (नो योर कस्टमर) अपडेट नहीं कराया है। वित्त विभाग ने इस संबंध में सख्त रुख अपनाते हुए अंतिम तिथि 30 सितंबर निर्धारित की है। तय समय-सीमा में अपडेट नहीं कराने पर संबंधित कर्मचारियों की सैलरी रुक सकती है। वित्त विभाग की ओर से सभी विभाग प्रमुखों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने अधीनस्थ कर्मचारियों की केवायसी अपडेट कराकर उसकी जानकारी समय पर संबंधित ट्रेजरी कार्यालय को भेजें। साथ ही सभी कर्मचारियों से समय रहते केवायसी प्रक्रिया पूरी कराने की अपील की गई है, ताकि सैलरी भुगतान में किसी प्रकार की बाधा न आए। गौरतलब है कि केवायसी अपडेट करने के लिए कर्मचारियों को पहले 24 अप्रैल तक का समय दिया गया था। इसके बाद कोष एवं लेखा संचालनालय ने 15 दिन की अतिरिक्त मोहलत भी दी थी। बावजूद इसके अब तक सिर्फ 35 से 40 प्रतिशत कर्मचारियों ने ही प्रक्रिया पूरी की है। वित्त विभाग के अधिकारियों का कहना है कि समय रहते केवायसी नहीं कराए जाने पर संबंधित कर्मियों के वेतन भुगतान में रुकावट आ सकती है। सभी विभागों को निर्देशित किया गया है कि वे इस कार्य को प्राथमिकता से पूर्ण कराएं। प्रदेश के सभी जिलों में बनेगा मॉडल स्कूल प्रदेश के सभी जिलों में माडल स्कूल बनेगा। स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने जिला शिक्षा अधिकारियों से 19 दिन के भीतर सूची मंगाई है। गुरुवार को मंत्रालय में मंत्री यादव ने समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि राज्य के सभी जिलों में गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने माडल स्कूल स्थापित किए जाएंगे। माडल स्कूल स्थापित करने योग्य स्कूलों की जानकारी 10 दिन में संचालनालय को प्रस्तुत की जाए। शिक्षा मंत्री ने कहा डीएवी, इग्नाइट और पीएमश्री विद्यालयों को माडल स्कूल के रूप में विकसित किया जाएगा। इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव रेणु जी पिल्ले, स्कूल शिक्षा सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी, संचालक लोक शिक्षण ऋतुराज रघुवंशी एवं प्रबंध संचालक समग्र शिक्षा संजीव झा प्रमुख रूप से उपस्थित थे।

छत्तीसगढ़ में भी शुरू होगी वोटर लिस्ट की जांच प्रक्रिया (SIR), BLO को मिल रही ट्रेनिंग

जगदलपुर  मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision) को लेकर राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप जारी है। एसआइआर कोई नया प्रविधान नहीं है। पहले भी ऐसा किया जा चुका है। मध्य प्रदेश के विभाजन के बाद छत्तीसगढ़ में पहले विधानसभा चुनाव 2003 के पूर्व मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण किया गया था। बता दें कि 22 वर्ष बाद इस साल दोबारा एसआइआर प्रस्तावित है। यहां बस्तर में भी इसकी तैयारी शुरू हो चुकी है। हालांकि भारत निर्वाचन आयोग ने अभी इसके लिए कार्यक्रम विवरण जारी नहीं किया है। निर्वाचन आयोग से मिले दिशा निर्देशों के अनुसार हाल ही में बूथ लेवल आफिसर्स (बीएलओ) को पहले चरण का प्रशिक्षण दिया गया है। बस्तर जिले में 783 मतदान केंद्र और इतने की बूथ लेवल आफिसर्स हैं जो इस कार्य को करेंगे। जिले में साढ़े छह लाख से अधिक मतदाता हैं। जिला निर्वाचन कार्यालय में कार्यरत रहे कुछ पुराने कर्मचारियों से चर्चा करने पर उन्होंने बताया कि एसआइआर सामान्य प्रक्रिया है और पहले भी हो चुकी है। मतदाता सूची के पुनरीक्षण के लिए दो प्रविधान है। विशेष गहन पुनरीक्षण अर्थात एसआइआर और दूसरा विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण। 2003 में विशेष गहन पुनरीक्षण किया गया था। इसके बाद प्रति वर्ष और विशेषकर विधानसभा, लोकसभा चुनाव से पहले विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान चलाकर मतदाता सूची को अपडेट किया जाता रहा है। इसके तहत नाम जोड़ने, विलोपित करने, निवास पता की जानकारी परिवर्तित करने आदि किया जाता है। विशेष गहन पुनरीक्षण में एक-एक मतदाता का नए सिरे से दस्तावेजी साक्ष्य के आधार पर सत्यापन का प्रविधान है। इससे गलत जानकारी देकर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने वाले बाहर हो जाएंगे। चुनाव कार्यालय में लंबे समय तक कार्य कर चुके सेवा निवृत कर्मचारियों-अधिकारियों की माने तो पांच वर्ष में एक बार एसआइआर जरूर होना चाहिए। 2003 और 2025 की सूची की जांच होगी बताया गया कि एसआइआर में 2003 और 2025 की मतदाता सूची की जांच की जाएगी। प्रशिक्षण में बीएलओ को एक प्रपत्र दिया गया है। जिसमें ऐसे मतदाता जिनका नाम दोनों मतदाता सूची में हैं उनकी सूची तैयार की जाएगी। ऐसे मतदाता जिनका नाम 2025 की मतदाता सूची में हैं लेकिन 2003 की सूची में नहीं है उनकी पहचान की जाएगी। 2025 की सूची में शामिल ऐसे मतदाता जिनके माता-पिता में किसी का भी नाम 2003 की सूची में शामिल है उनकी सूची भी तैयार की जाएगी। ऐसे मतदाताओं के साथ कोई दिक्कत नहीं है उनका सत्यापन बीएलओ सूची तैयार करने के बाद घर-घर जाकर करेंगे। ऐसे मतदाता जो 2003 के बाद जुड़े हैं और उनके माता-पिता में किसी का नाम पुरानी सूची में नहीं है उन्हें अपनी यहां का निवासी होने और पहचान स्थापित करने के लिए आवश्यक दस्तावेज जमा करना होगा।

विश्व कप में मंधाना का धमाका: महिला क्रिकेट में पहली बार होने वाला कारनामा

नई दिल्ली स्मृति मंधाना जबरदस्त फॉर्म में चल रही हैं। एकदिवसीय विश्व कप से पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 3 मैच की सीरीज में उनका बल्ला आग उगल रहा है। शनिवार को सीरीज का तीसरा और निर्णायक मुकाबला है। दूसरे मैच में उन्होंने सिर्फ 77 गेंद में शतक पूरा किया था जो ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अब तक का सबसे तेज शतक है। स्मृति मंधाना जिस फॉर्म में चल रही हैं, उस हिसाब से वह इस महीने के अंत में शुरू हो रहे एकदिवसीय विश्व कप के दौरान बल्लेबाजी का ऐसा रिकॉर्ड बना सकती हैं जो महिला क्रिकेट के इतिहास में आज तक नहीं हुआ है। एक कैलेंडर ईयर में 1000 ओडीआई रन का रिकॉर्ड। स्मृति मंधाना ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे एकदिवसीय मैच में 91 गेंदों में 117 रन की पारी खेली। यह उनका 12वां ओडीआई शतक था। इस दौरान उन्होंने 6 छक्के भी लगाए। इस दौरान उन्होंने 2025 में एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों में 800 रन पूरे कर लिए। महिला क्रिकेट में ऐसा करने वाली वह दुनिया की सातवीं खिलाड़ी हैं। इस साल वह ओडीआई में 61.76 की औसत से अब तक 803 रन बना चुकी हैं। इस दौरान उन्होंने 3-3 शतक और अर्धशतक बनाए हैं। कैलेंडर ईयर में 1000 रन पूरा करने के लिए उन्हें अब सिर्फ 197 रन चाहिए। स्मृति मंधाना जिस फॉर्म में चल रही हैं, उस हिसाब से वह कैलेंडर ईयर में 1000 ओडीआई रन बनाने का इतिहास आसानी से रच सकती हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज का अभी एक मैच बाकी ही है जो शनिवार को है। 30 सितंबर से एकदिवसीय विश्व कप शुरू हो रहा है। इसमें भारत को लीग चरण में कम से कम 7 मैच खेलने को मिलेंगे। अगर भारतीय टीम फाइनल में पहुंची तो उसे 2 और मैच खेलने को मिलेंगे। ऐसे में इस बात की पूरी उम्मीद है कि विश्व कप के दौरान वह कैलेंडर ईयर में 1000 एकदिवसीय रन पूरा करने का कीर्तिमान रच सकती हैं। महिला ओडीआई में एक कैलेंडर में सबसे ज्यादा रन खिलाड़ी (टीम)- रन (वर्ष) बेलिंडा क्लार्क (ऑस्ट्रेलिया)- 970 रन (1997) लॉरा वोल्वार्ड्ट (दक्षिण अफ्रीका)- 882 रन (2022) डेबी हॉकली (न्यूजीलैंड)- 880 रन (1997) एमी सैरटर्थवेट (न्यूजीलैंड)- 853 रन (2016) बेलिंडा क्लार्क (ऑस्ट्रेलिया)- 842 रन (2000) नैट स्किवर ब्रंट (इंग्लैंड)- 833 रन (2022) क्लेयर टेलर (इंग्लैंड)- 807 रन (2005) स्मृति मंधाना (भारत)- 803 रन* (2025 में 18 सितंबर तक)  

समीर कुलकर्णी का बड़ा बयान: हिंदुओं से कांग्रेस को वोट न देने की अपील

जबलपुर मध्य प्रदेश के जबलपुर आए मालेगांव ब्लास्ट मामले में दोष मुक्त किए गए समीर कुलकर्णी ने हिंदुओं से अपील की है कि कोई भी हिंदू आखिरी सांस तक कांग्रेस को वोट न दे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने बहुसंख्यक हिंदू मतों को बटोरकर सालों तक सत्ता का लाभ लिया था। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, शरद पवार, सुशील कुमार शिंदे, शिवराज पाटिल, सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने मिलकर यह साजिश रची थी। मेरी जिंदगी के जो 17 साल बर्बाद हुए वह वापस नहीं आ सकते, ईमानदारी और निस्वार्थ भाव से संवैधानिक दायरे में रहकर धर्म की रक्षा करने वालों की जिंदगी मेरी जैसी न हो, इसलिए कांग्रेस को वोट न दें। गौरतलब है कि 2008 के मालेगांव बम ब्लास्ट केस में समीर कुलकर्णी, प्रज्ञा ठाकुर सहित सात आरोपी बनाए गए थे। बम विस्फोट को भगवा आतंकवाद का नाम देकर साध्वी प्रज्ञा सिंह, कर्नल पुरोहित, समीर कुलकर्णी सहित अन्य लोगों की गिरफ्तारी की गई थी, दो महीने पहले 31 जुलाई को इन आरोपियों को एनआईए की स्पेशल कोर्ट ने बरी कर दिया था। पिछले हफ्ते बॉम्बे हाईकोर्ट में एक अपील दायर की गई थी। अपील में दावा किया गया कि दोषपूर्ण जांच या जांच में कुछ खामियां आरोपियों को बरी करने का आधार नहीं हो सकतीं। इसके साथ ही दलील दी गई कि विस्फोट की साजिश गुप्त रूप से रची गई थी, इसलिए इसका प्रत्यक्ष प्रमाण नहीं हो सकता है। याचिकाकर्ताओं ने दावा किया कि एनआईए की स्पेशल कोर्ट का 31 जुलाई को सात आरोपियों को बरी करने का आदेश गलत और कानूनी रूप से अनुचित था और इसलिए इसे रद्द किया जाना चाहिए। पीड़ित परिवारों ने एनआईए कोर्ट के फैसले को बॉम्बे हाईकोर्ट में चुनौती दी है। परिवारों की याचिका पर बॉम्बे हाईकोर्ट ने सभी आरोपियों को नोटिस जारी किए हैं। इस मामले पर छह हफ्ते बाद सुनवाई होगी। मालेगांव ब्लास्ट केस में आरोपी रहे समीर कुलकर्णी आज भोपाल आएंगे। वे भोपाल के अयोध्या बाईपास स्थित होटल यशोदा मैरिज गार्डन में आयोजित सनातन संबोधन कार्यक्रम में भाग लेंगे। सनातन संबोधन में समीर कुलकर्णी के अलावा राष्ट्रीय वक्ता छाया गौतम (मथुरा), विशाल ताम्रकार (छत्तीसगढ़) और कृष्णा गुर्जर (हरियाणा) भी सभा को संबोधित करेंगे। शाम 4 बजे यह सभा आयोजित की गई है।

हिंसक झगड़े के बाद रेसलर राजा जैक्सन अरेस्ट, सामने आई WWE से जुड़ी बड़ी जानकारी

नई दिल्ली  इवेंट के दौरान एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ था. चलते मैच के दौरान अचानक राजा जैक्सन ने रिंग में आकर साइको स्टू (स्टुअर्ट स्मिथ) को मैट पर धकेला और उनपर दो दर्जन के करीब मुक्के जड़े दिए. इसी बीच स्टुअर्ट बेहोश हो गए थे और इसने फैंस को एकदम हैरान कर दिया था. इसी वजह से अब राजा जैक्सन को गिरफ्तार कर लिया गया है. उनके पिता का WWE से कनेक्शन भी रहा है. कौन हैं राजा जैक्सन? राजा जैक्शन असल में UFC दिग्गज क्विंटन ‘रैमपेज’ जैक्सन के बेटे हैं. रैमपेज जैक्सन ने मिक्स्ड मार्श आर्ट्स जगत में अपना बड़ा नाम कमाया. हालांकि, उनके बेटे राजा ने हैरान करने वाला कदम उठाया. इवेंट के पहले राजा और स्टू की बैकस्टेज अनबन हुई थी. इसी वजह से मैच के दौरान राजा ने आकर स्टू पर जानलेवा हमला किया और मुक्के बरसा दिए. 10-11 सेकेंड तक जैक्सन ने हमला किया लेकिन बाद में अन्य रेसलर्स ने आकर उन्हें पीछे खींचा. वो अपना गुस्सा कंट्रोल नहीं कर पाए. पिछले महीने के अंत में हुए इस हादसे के बाद अब राजा को गिरफ्तार किया गया है.   स्टुअर्ट स्मिथ को आई चोट स्टुअर्ट स्मिथ बुरी तरह घायल हो गए. इसी वजह से उन्हें अस्पताल में ले जाया गया. उन्हें बहुत सारी चोट आई. उनकी मैक्सिला बोन फ्रैक्चर हो गई. कुछ दिनों तक उन्हें अस्पताल में रहना पड़ा और अब जाकर वो घर आ चुके हैं. वो अपनी सभी चोट से रिकवर कर रहे हैं. क्या राजा जैक्सन का है कोई WWE कनेक्शन? राजा जैक्सन भी अपने पिता क्विंटन जैक्सन की तरह ही MMA फाइटर हैं. राजा ने कभी WWE में काम नहीं किया है लेकिन उनके पिता वहां नजर आ चुके हैं. वो 7 जून 2010 को Raw के एपिसोड में नजर आए थे. वो गेस्ट होस्ट थे, जहां उनके साथ ब्रैडली कूपर और शार्लटो कोपले थे. वो लोग द ए टीम फिल्म का प्रमोशन करने के लिए आए थे. बता दें कि रैमपेज जैक्सन ने TNA के लिए कुछ मैच भी लड़े हैं. क्विंटन खुद एक इंटरव्यू में बोल चुके हैं कि उनके बेटे राजा को सुधरने के लिए जेल में समय बिताना होगा.

Retired IAS निरंजन दास गिरफ्तार, आबकारी घोटाले की प्लानिंग में शामिल होने का आरोप

 रायपुर 3,200 करोड़ के शराब घोटाले में लंबे समय से जांच एजेंसियों की रडार पर रहे रिटायर्ड आइएएस अधिकारी निरंजन दास को राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (ईओडब्ल्यू) ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। निरंजन दास पर यह है आरोप पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के दौरान आबकारी आयुक्त रहे निरंजन दास पर शराब घोटाले की पूरी रूपरेखा बनाने और उसे लागू कराने का आरोप है। विभाग प्रमुख के तौर पर उन्होंने विभाग में सक्रिय सिंडीकेट का सहयोग करते हुए, शासकीय शराब दुकानों में अन एकाउंटेंड शराब की बिक्री, अधिकारियों के ट्रांसफर, टेंडर प्रक्रिया में हेरफेर, दोषपूर्ण शराब नीति लाये जाने में सहयोग, अन्य तरीकों से सिंडीकेट को लाभ पहुंचाते हुए उसके एवज में करोड़ों का लाभ अर्जित किया था। दास को शुक्रवार कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी है। सुप्रीम कोर्ट ने नौ मई तक गिरफ्तारी से राहत दी थी। सूत्रों के मुताबिक ईओडब्ल्यू के अधिकारी नितेश पुरोहित, यश पुरोहित को गिरफ्तार करने गिरिराज होटल गई थी,जहां से दोनों फरार हो गए। कस्टम मिलिंग घोटाले में ईडी की छापेमारी वहीं 140 करोड़ के कस्टम मिलिंग प्रोत्साहन राशि घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने भिलाई समेत प्रदेश के दस ठिकानों में छापेमारी की। गुरुवार की सुबह छह बजे ईडी की चार सदस्यीय टीम ने भिलाई के तालपुरी इलाके में रिटायर्ड आइएएस डॉ.आलोक शुक्ला और हुड़को में सुधाकर राव घर दबिश दी। टीम ने घर की घेराबंदी कर महत्वपूर्ण दस्तावेजों,लेनदेन से जुड़े कागजों को खंगालकर छानबीन की। छापेमारी के दौरान आलोक शुक्ला घर पर नहीं थे। उनके मप्र जाने की जानकारी दी गई थी। ईडी ने घर पर नोटिस चस्पा कर उन्हें तलब किया है। बताया जा रहा है कि आलोक शुक्ला सरेंडर करने ईडी की विशेष कोर्ट पहुंचे थे,लेकिन सुप्रीम कोर्ट का आदेश नहीं होने पर उन्हें वापस भेज दिया गया।

अग्रवाल समाज ने उठाई मांग – महाराजा अग्रसेन जयंती पर 22 सितंबर को बैंक बंद रहें

चंडीगढ़ ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स कन्फेडरेशन (एआईबीओसी) हरियाणा का प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने 22 सितंबर 2025 को पड़ने वाली महाराजा अग्रसेन जयंती को एन.आई. एक्ट 1881 के तहत सार्वजनिक अवकाश घोषित करने का आग्रह किया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि महाराजा अग्रसेन भारतीय समाज में समरसता, सेवा और उद्यमशीलता के प्रतीक रहे हैं। ऐसे में उनकी जयंती को बैंक अवकाश घोषित करना उनके आदर्शों के प्रति सम्मान की अभिव्यक्ति होगी। प्रतिनिधिमंडल में कामरेड हरविन्दर सिंह, कामरेड विनय कुमार, कामरेड प्रेम पवार और कामरेड नवदीप बंसल शामिल रहे। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल की बात ध्यान से सुनी और कहा कि सरकार इस पर विचार करेगी।

जाह्नवी कपूर का बोल्ड काउगर्ल लुक वायरल, स्ट्रैपलेस आउटफिट में दिखा स्टाइल और ग्लैमर का कॉम्बो

मुंबई  'परम सुंदरी' में अपनी दमदार एक्टिंग और खूबसूरत लुक्स से लोगों का दिल जीतने वाली जाह्नवी कपूर अब अपनी अगली फिल्म 'सनी संस्कारी कीतुलसी कुमारी' की रिलीज का इंतजार कर रही हैं. इन दिनों वह फिल्म का जमकर प्रमोशन कर रही हैं और अलग-अलग लुक्स कैरी करके सबका ध्यान अपनी ओर खींच रही हैं. इसी क्रम में उन्होंने एक ऐसा बोल्ड लुक कैरी किया, जिसमें उन्हें देखकर सभी वाह-वाह कर रहे हैं. हाल ही में वो काउगर्ल स्टाइल आउटफिट पहना. उनका ये लुक बोल्ड और ग्लैमरस दोनो था. जाह्नवी की ये फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं. चलिए जानते हैं उन्होंने क्या पहना. स्ट्रैपलेस कॉर्सेट में बोल्ड लगीं जाह्नवी जाह्नवी ने काउगर्ल लुक कैरी करने के लिए ब्राउन स्ट्रैपलेस कॉर्सेट टॉप पहना था, जिसमें आगे लेस-टाईअप डिटेल थी. ये कॉर्सेट जाह्नवी की बॉडी पर अच्छे से फिट हो रहा था और उनकी टोंड बॉडी को और निखारने का काम कर रहा था. कॉर्सेट के ब्राउन कलर और स्ट्रक्चर्ड डिजाइन ने उनके लुक को बोल्ड और स्टाइलिश बनाया, जिससे उनका स्टाइल एलिवेट हो रहा था. बूट्स से काउगर्ल लुक किया एलिवेट एक्ट्रेस ने अपने ब्राउन कॉर्सेट के साथ शाइनी मेटैलिक स्नेकस्किन प्रिंट शॉर्ट्स पहने थे. इस छोटे और शाइनी शॉर्ट्स ने उनके आउटफिट में एक बोल्ड टच जोड़ दिया था. शॉर्ट्स की शाइन और कॉर्सेट की मैट फिनिश का कंट्रास्ट उनके लुक को स्टाइलिश और मॉडर्न बना रहा था. अपने लुक को पूरा करने के लिए जान्हवी ने नुकीले क्रीम रंग के काउबॉय बूट्स पहने थे, जिससे उनके आउटफिट को एक शार्प और स्टाइलिश लुक मिला. बूट्स ने काउगर्ल स्टाइल को और ज्यादा निखारा. खूब जचां ब्रोंज मेकअप जाह्नवी द्वारा पहनी गई एक्सेसरीज की बात करें तो अपने इस बोल्ड लुक को सिंपल मगर स्टाइलिश जूलरी के साथ पेयर किया. उन्होंने इसके साथ चंकी ब्रेसलेट पहना हुआ था. एक्ट्रेस ने मिड पार्टिंग के साथ हल्का कर्ल करते हुए खुला रखा. एक्ट्रेस के न्यूड लिप्स और ब्रोंज्ड मेकअप उनके चेहरे के फीचर्स को उभार रहा था. 

बठिंडा की एक स्थानीय अदालत ने दोहरे बम विस्फोट मामले में युवक को 7 दिन की पुलिस हिरासत में भेजा

फिरोजपुर बठिंडा की एक स्थानीय अदालत ने 19 वर्षीय एक युवक को बृहस्पतिवार को 7 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया जिसे उसके गांव स्थित उसके घर पर हुए दोहरे बम विस्फोट के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया था। जीदा गांव का कानून का छात्र गुरप्रीत सिंह 10 सितंबर को अपने घर में कुछ ज्वलनशील रासायनिक पदार्थ इकट्ठा करते समय घायल हो गया था। उसे पर यह भी आरोप है कि वह ऑनलाइन कट्टरपंथी विचारधारा का प्रचार करता था। गुरप्रीत को एम्स बठिंडा से छुट्टी मिलने के बाद बुधवार को गिरफ्तार किया गया था। उसे बठिंडा की अदालत में पेश किया गया, जिसने उसे 7 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। जिला पुलिस प्रमुख अमनीत कोंडल ने कहा कि सेना का एक बम निरोधक दल भी घटनास्थल का निरीक्षण करेगा। इस मामले के पाकिस्तान से किसी संबंध के बारे में पूछे जाने पर, उन्होंने कहा कि अब तक ऐसा कोई संबंध सामने नहीं आया है।

स्विमिंग स्टार वंश सुहाग ने 400 मीटर फ्री स्टाइल अंडर-19 में किया गोल्ड पर कब्ज़ा

रोहतक  महर्षि दयानन्द विश्वविद्यालय (एमडीयू) के यूनिवर्सिटी कैंपस स्कूल में चल रही सीबीएसई राष्ट्रीय तैराकी प्रतियोगिता के दूसरे दिन खिलाड़ियों ने जबरदस्त जोश और दमखम का प्रदर्शन किया। दर्शक दीर्घा में मौजूद विद्यार्थियों व अभिभावकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाया। आयोजन सचिव मनोज हुड्डा के ने बताया कि 400 मीटर फ्री स्टाइल अंडर-19 वर्ग में डीपीएस वसंत कुंज, नई दिल्ली के वंश सुहाग ने स्वर्ण पदक जीता। अंडर-17 वर्ग में जैन हेरिटेज स्कूल, केमपापुरा के शरण एस ने पहला स्थान पाया जबकि अंडर-14 वर्ग में उसी स्कूल के श्रेयस सुनील शीर्ष पर रहे। 200 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक इवेंट में बेंगलोर किड्स हाई के चेतन नागराजा (अंडर-14), एयर फोर्स स्कूल हेब्बल के शैलेश किन्नी (अंडर-17) और डीपीएस साउथ के यश एच. पाल (अंडर-19) ने स्वर्ण पदक अपने नाम किए। रिले मुकाबलों में डीपीएस शारजाह, शिशुकुंज इंटरनेशनल इंदौर और जैन हेरिटेज स्कूल केमपापुरा ने शानदार तालमेल दिखाते हुए दर्शकों को रोमांचित किया। कुल अंकों के आधार पर जैन हेरिटेज स्कूल केमपापुरा 48 अंकों के साथ शीर्ष पर, डीपीएस साउथ 30 अंकों के साथ दूसरे और शिशुकुंज इंटरनेशनल इंदौर 19 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। ग्रुपवार नतीजों में अंडर-19 में यश एच. पाल (डीपीएस साउथ), अंडर-17 में शैलेश किन्नी (एयर फोर्स स्कूल हेब्बल), अंडर-14 में चेतन नागराजा (बैंगलोर किड्स हाई) और अंडर-11 में योगानिथी (सेंट बरीटोज एकेडमी, चेन्नई) अव्वल रहे। प्रतियोगिता के विजेताओं को डीन, सीडीसी प्रो. विनीता हुड्डा ने पदक पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर कैंपस स्कूल निदेशिका प्रो. सुनीता सैनी, आयोजन सचिव मनोज हुड्डा, इंचार्ज विवेक कौशल, सीबीएसई आब्जर्वर जगदीप सिंह आहलूवालिया, तकनीकी डेलीगेट सुरेश देसवाल सहित आयोजन समिति सदस्य मौजूद रहे।