samacharsecretary.com

मूसलाधार बारिश से छत्तीसगढ़ बेहाल, जलभराव और बाढ़ जैसे हालात, कई गांवों का संपर्क कटा

गरियाबंद. छत्तीसगढ़ में मानसूनी गतिविधियां तेज हो रही है. प्रदेश के सभी संभागों के अधिकांश जिलों में पिछले 24 घंटों में जमकर बारिश हुई. आसमान में काले बादलों ने डेरा डाला हुआ है. भारी बारिश के कारण गरियाबंद जिले के कुसमी-छुरा मार्ग पर पुराना कुसुमबोड़ा पुल टूट गया है. दर्जनभर गांव का छुरा मुख्यालय से संपर्क टूट गया है, जिससे आवाजाही पूरी तरह से थम गई है. दर्जन भर गांव का टूटा संपर्क जानकारी के मुताबिक, कई गावों को छुरा मुख्यालय से जोड़ने वाला कुसुमबोड़ा पुल लगभग 40 साल से भी ज्यादा पुराना था. समय के साथ यह पुल काफी जर्जर हो चुका था. पुल टूटने से कोसमी, नवापारा, सारागांव, चुरकीदादार, दुल्ला, बम्हनी सहित दर्जनों गांव का जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया है. यह मार्ग ओडिसा के नुआपड़ा जिले को भी जोड़ता है, जहां से अंतरराज्यीय व्यापार होता आ रहा था. प्रभावित ग्रामीणों की प्रशासन से मांग है कि आवाजाही के लिए नए पुल का निर्माण किया जाए. छुरा और फिंगेश्वर तहसील में पिछले 24 घंटे में लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है. दोनों तहसील में अबतक सर्वाधिक 100 मिमी से ऊपर बारिश अब तक दर्ज की जा चुकी है. फिंगेश्वर का कुम्हार पारा हुआ जलमग्न बारिश के चलते तापमान में गिरावट तो आई पर बारिश कुछ परिवार के लिए मुसीबत बन गई. फिंगेश्वर के कुम्हार पारा में जल भराव की स्थिति निर्मित हो गई. यहां कई कुम्हार मिट्टी को बर्तन बनाए हुए थे, लेकिन उनके घरों के पानी घुसने से बर्तन टूट गया है. कुम्हार परिवारों को दोहरा क्षति हुआ है. घरो में घुसे पानी को निकालन प्रभावित परिवार देर रात से जुटा हुआ है.

भोपाल: होटल ठप होने के बाद तनाव में आई महिला की मौत, आत्महत्या के मामले की जांच जारी

भोपाल. छोला मंदिर थाना क्षेत्र स्थित शिवनगर में होटल का कारोबार मंदा पड़ने से परेशान एक महिला होटल संचालिका ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। प्रारंभिक जांच में मामला आर्थिक तनाव से जुड़ा माना जा रहा है। पुलिस के अनुसार मृतका क्रांति ठाकुर (35) शिवनगर में अपने परिवार के साथ रहती थीं। परिवार का चाय-नाश्ते का होटल है, जिसका संचालन महिला और उसका पति मिलकर करते हैं। पति ने पुलिस को बताया कि पिछले कुछ समय से होटल का कारोबार ठीक नहीं चल रहा था। आय में लगातार गिरावट आने के कारण क्रांति मानसिक रूप से परेशान रहने लगी थीं। फंदे पर लटकी मिली महिला घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य घर पर नहीं थे। जब उन्होंने कमरे में जाकर देखा तो क्रांति फंदे पर लटकी मिलीं। उन्हें तत्काल नीचे उतारकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। छोला मंदिर थाना पुलिस ने मौत के कारणों की जांच कर रही है।

9 जुलाई से पंजाब के DC कार्यालयों में कलम छोड़ हड़ताल, कर्मचारियों ने किया बड़ा ऐलान

मोगा. डी.सी. दफ्तर कर्मचारी यूनियन की एक राज्य स्तरीय बैठक आज मोगा में प्रदेश अध्यक्ष तेजिंदर सिंह नंगल तथा प्रदेश सचिव नरिंदर सिंह चीमा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में पंजाब भर के प्रदेश पदाधिकारियों के अलावा जिला अध्यक्षों एवं महासचिवों ने भाग लिया। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश सचिव ने बताया कि डी.सी. कार्यालयों में वरिष्ठ सहायक का पदोन्नति कोटा 100 प्रतिशत किया जाए तथा रिक्त पदों को पदोन्नति के माध्यम से भरा जाए। उन्होंने सुपरिंटैंडैंट ग्रेड-2 (राजस्व एवं रिकॉर्ड) से तहसीलदार पद पर पदोन्नति के लिए आवश्यक अनुभव 2 वर्ष करने, वरिष्ठ सहायक से नायब तहसीलदार पदोन्नति का कोटा बढ़ाकर 25 प्रतिशत करने, निर्धारित पैनल के अनुसार तहसीलदार पद पर पदोन्नतियां देने तथा तहसीलों में सुपरिंटैंडैंट (राजस्व एवं रिकॉर्ड) के पद सृजित करने की मांग दोहराई। इसके अलावा जिला राजस्व अधिकारियों की अदालतों में रीडर का पद वरिष्ठ सहायक का करने तथा एक अहलमद (क्लर्क) का पद सृजित करने, डी.सी. कार्यालयों के सुपरिंटैंडैंट ग्रेड-1 को अगली पदोन्नति मंडल स्तर पर अवर सचिव के रूप में देने, डी.सी., एस.डी.एम., तहसील एवं उप-तहसील कार्यालयों में निर्धारित मानकों के अनुसार नए पद सृजित करने तथा अंतर-जिला तबादलों से संबंधित लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा करने की मांग भी उठाई गई। यूनियन ने रजिस्ट्री क्लर्क की परीक्षा उत्तीर्ण सभी कर्मचारियों को रजिस्ट्री क्लर्क नियुक्त करने, डी.सी. कार्यालयों, एस.डी.एम., तहसील एवं उप-तहसील कार्यालयों के कर्मचारियों को 5 प्रतिशत प्रशासनिक भत्ता देने, सुपरिंटैंडैंट ग्रेड-1 के रिक्त पदों पर पदोन्नतियां करने, आऊटसोर्स एवं ठेका कर्मचारियों का वेतन बढ़ाकर उन्हें नियमित करने, 17 जुलाई 2020 के बाद भर्ती कर्मचारियों को भी पुराने कर्मचारियों के समान प्रारंभिक वेतन देने, पुरानी पैंशन योजना और ए.सी.पी. योजना बहाल करने आदि मांग भी सरकार के समक्ष रखी। यूनियन ने यह भी मांग की कि प्रदेश अध्यक्ष तेजिंदर सिंह नंगल के साथ थाना जंडियाला गुरु (जिला श्री अमृतसर साहिब) की पुलिस द्वारा कथित अमानवीय व्यवहार एवं मारपीट करने वाले संबंधित पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। यूनियन नेताओं ने बताया कि 7 मई 2026 को वित्तीय आयुक्त (राजस्व) तथा 30 जून 2026 को पंजाब के राजस्व मंत्री के साथ हुई बैठकों में उनकी किसी भी मांग पर सहमति नहीं बनी। इसके विरोध में मोगा में आयोजित राज्य स्तरीय बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सरकार को नोटिस भेजते हुए पंजाब भर में 9 जुलाई 2026 से 12 जुलाई 2026 तक कलम छोड़ो/कम्प्यूटर बंद हड़ताल की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस दौरान भी सरकार ने उनकी मांगें नहीं मानीं, तो 12 जुलाई को ऑनलाइन बैठक कर आंदोलन को और तेज किया जाएगा तथा आगामी संघर्ष की रूपरेखा तय की जाएगी। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष दलवीर सिंह सिद्धू, महासचिव गुरजीत सिंह औलख, जोनल सचिव (फिरोजपुर मंडल) गुरजीत सिंह, मनिंदर सिंह, कुलदीप सिंह घाली, हरजिंदर सिंह सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

यूपी भाजपा में चुनावी बिगुल, नितिन नवीन ने दिया संगठन को जीत का मंत्र

 लखनऊ राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार शनिवार को लखनऊ पहुंचे नितिन नवीन ने पार्टी के चुनावी रण का आगाज़ करते हुए दावा किया कि 2027 में भाजपा जीत की हैट्रिक लगाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा को विपक्ष के नकारात्मक मुद्दों का पूरी आक्रामकता के साथ न केवल जवाब देना होगा बल्कि जनता को मोदी-योगी सरकार की उपलब्धियों के साथ सच्चाई सामने रखनी होगी। नितिन नवीन ने ये बातें पार्टी पदाधिकारियों की बैठक में कहीं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुआई में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, यूपी भाजपा के संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह, दोनों उप मुख्यमंत्रियों केशव व ब्रजेश पाठक और राज्य सरकार के मंत्रियों ने नितिन नवीन और भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महासचिव बी एल संतोष का एयरपोर्ट पर स्वागत किया। एयरपोर्ट से भाजपा के प्रदेश कार्यालय तक निकाली गई अभिनंदन यात्रा में पार्टी कार्यकर्ताओं का जबर्दस्त उत्साह दिखा। प्रदेश भाजपा कार्यालय में यूपी भाजपा की नई टीम को उन्होंने चुनाव में जीत का मंत्र दिया। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में श्रीराम मंदिर के चढ़ावे में हेरफेर मसले पर भी बात हुई। इसे रामभक्तों का आस्था पर गहरा आघात बताया गया और पुलिस की जांच प्रक्रिया पर भरोसा कर संयम रखने की बात कही गई। इससे पहले चौधरी चरण सिंह हवाई अड्डे से विशेष रथ पर नितिन नवीन, पंकज चौधरी के साथ सवार थे। 42 जगहों पर नितिन नबीन का स्वागत हवाई अड्डे से भाजपा प्रदेश कार्यालय तक तकरीबन 18 किलोमीटर लंबी इस अभिनंदन यात्रा के दौरान 42 जगहों पर नितिन नवीन का भव्य स्वागत किया गया। विधान सभा चुनाव के पहले दो नितिन नवीन का पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महासचिव के साथ दो दिवसीय लखनऊ दौरा अहम माना जा रहा है। प्रदेश भाजपा कार्यालय में बैठक के दौरान नितिन ने पदाधिकारियों से कहा कि यूपी में 2027 में भाजपा की सरकार तीसरी बार बनेगी इसमें कोई संदेह नहीं है, लेकिन सभी को मेहनत करनी होगी। पार्टी कार्यालय पर बैठक के बाद गोमतीनगर स्थित एक होटल में विधायकों, सांसदों और पार्टी की कोर कमेटी की भी बैठकें हुईं। इनमें भी चुनाव की रणनीति के अलावा सरकार और संगठन के समन्वय को लेकर चर्चा हुई। मैंने प्रवास शुरू किया है, आप भी गांवों में प्रवास करें नितिन नवीन ने यूपी भाजपा की नई टीम, मोर्चों के अध्यक्षों, क्षेत्रीय अध्यक्षों और जिला व महानगर अध्यक्षों की बैठक में पार्टी को चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मैंने प्रवास कार्यक्रम शुरू किए हैं। आप भी गांव-गांव प्रवास करिए। इसी महीने से मैं अपना क्षेत्रीय प्रवास भी शुरू करूंगा। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों से कहा कि हर महीने के अंतिम रविवार को 'मन की बात' का कार्यक्रम होता है। उस दिन इस कार्यक्रम के बाद वहीं पर बूथ की बैठक जरूर होनी चाहिए। मन की बात वाले रविवार से पहले के रविवार को शक्ति केंद्र की बैठक करिए। इसमें तय करिए कि कितने बूथों पर ‘मन की बात’ का कार्यक्रम हो सकेगा। तभी हम मजबूत बूथ और मजबूत शक्ति केंद्र की कल्पना को साकार कर पाएंगे। आपके जिले के 100 प्रतिशत बूथों पर ‘मन की बात’ का प्रसारण होना चाहिए। हर महीने का कार्यक्रम पिछले से बेहतर होना चाहिए। उन्होंने कहा कि हर महीने मंडल, जिला और पदाधिकारियों बैठक की प्रदेश स्तरीय बैठक होनी है। सपा-कांग्रेस ध्यान भटका रहे नवीन ने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने हर क्षेत्र में कीर्तिमान बनाया है। मोदी-योगी की जोड़ी ने यूपी को उत्तम प्रदेश बनाया है। सपा-कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं है, इसलिए वे जनता का ध्यान भटकाने के लिए नकारात्मक राजनीति कर रहे हैं। हमें विपक्ष के झांसे में नहीं आना है। हमें यूपी के विकास के लिए काम करना है। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पार्टी पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि विपक्ष के अनर्गल आरोपों का सोशल मीडिया पर आक्रामक ढंग से जवाब दें। ‘सीएम योगी बोले, प्रभु श्री राम एवं भगवान श्रीकृष्ण के चरणरज से पावन हुई संस्कृति, संस्कार और सृजन की साधना स्थली उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का हार्दिक स्वागत और अभिनंदन। ’ 'यूपी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी बोले, उत्तर प्रदेश की पवित्र धरती पर राष्ट्रीय अध्यक्ष का ऐतिहासिक स्वागत। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद नितिन नवीन का लखनऊ हवाई अड्डे पर गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। 'स्वागत यात्रा' में जगह-जगह उत्तर प्रदेश की देवतुल्य जनता और ऊर्जावान कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह और गर्मजोशी के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया।' ‘डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का कहना है कि पूरा लखनऊ शहर और भाजपा की राज्य इकाई प्रदेश कार्यालय में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का गर्मजोशी से स्वागत कर रही है। आज और कल उनके साथ बैठकों का दौर तय है, जिससे पार्टी कार्यकर्ताओं में नए जोश का संचार होगा।’ ‘उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक का कहना हे कि भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आपका भगवान लक्ष्मणजी की पावन धरा लखनऊ में पहले आगमन पर हार्दिक स्वागत और अभिनंदन।’

ऊर्जा आत्मनिर्भरता की ओर भारत, 95 हजार करोड़ के निवेश से समुद्र मंथन मिशन तेज

नई दिल्ली  मिडिल ईस्ट संघर्ष ने भारत समेत कई देशों को एनर्जी को लेकर दूसरे देशों पर निर्भरता कम करने की सीख दी। भारत बहुत पहले से ही कच्चे तेल और गैस में आत्मनिर्भर होने की दिशा में बड़े स्तर पर काम कर रहा है। और अब भारत जल्द ही अपने इतिहास के सबसे बड़े तेल और गैस खोज अभियान की शुरुआत करने जा रहा है। केंद्र सरकार करीब 2.5 लाख वर्ग किलोमीटर (96,500 वर्ग मील) के ऐसे क्षेत्रों में तेल और प्राकृतिक गैस की तलाश शुरू करेगी, जहां अब तक बड़े पैमाने पर खोज नहीं हुई है। इस अभियान का मकसद घरेलू उत्पादन बढ़ाकर रूस, सऊदी अरब, इराक समेत दूसरे देशों से कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता कम करना है। केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बताया कि सरकार जल्द ही इन नए क्षेत्रों को अन्वेषण के लिए नीलाम करेगी। उन्होंने कहा कि भारत की ऊर्जा जरूरतें तेजी से बढ़ रही हैं और अब समय आ गया है कि देश अपने ही संसाधनों का अधिकतम उपयोग करे। इसके लिए भारत लगभग 95 हजार करोड़ रुपये का निवेश करेगा जहां नहीं हुई खोज वहां महाअभियान चलाएगा भारत भारत दुनिया के सबसे बड़े कच्चे तेल आयातकों में शामिल है। ऑयल मिनिस्ट्री के अनुसार, 2025-2026 में देश में कच्चे तेल का उत्पादन 25.98 मिलियन मीट्रिक टन था। यह भारत की कच्चे तेल की जरूरतों का सिर्फ 10 प्रतिशत है, जो लगभग 5,22,000 बैरल प्रति दिन (bpd) के बराबर है। यह आंकड़ा 2011 में 9,00,000 bpd से ज्यादा के पीक प्रोडक्शन से काफी कम है। भारत ने ईरान, वेनेजुएला, रूस से ज्यादा खरीद और कई अफ्रीकी देशों सहित कच्चे तेल के सप्लायर देशों की संख्या 27 से बढ़ाकर 41 करके ऊर्जा संकट का सामना किया। अब कच्चे तेल की निर्भरता दूसरे देशों पर कम करने के लिए भारत अपने यहां बड़े स्तर महाअभियान चलाएगा। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री पुरी ने AFP को बताया, "हम अभी लगभग 2,50,000 वर्ग किलोमीटर (96,500 वर्ग मील) के ऐसे इलाके की बोली लगाने की प्रक्रिया में हैं, जहा अभी तक कोई खोज नहीं हुई है।" उन्होंने कहा, "हम 10 अरब डॉलर (लगभग 95 हजार करोड़ रुपये) के प्रोग्राम के जरिए तेल और गैस की खोज में बड़े पैमाने पर पैसा लगा रहे हैं।" हाल के महीनों में पश्चिम एशिया में बढ़े तनाव और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला पर पड़े असर ने यह साफ कर दिया कि आयात पर अत्यधिक निर्भरता भविष्य में बड़ी चुनौती बन सकती है। इसी वजह से सरकार ने घरेलू तेल और गैस खोज अभियान को तेज करने का फैसला लिया है। समुद्र में छिपा है तेल का खजाना! सरकार की नजर खासतौर पर समुद्र के गहरे इलाकों पर है। अंडमान एवं निकोबार के आसपास के अपतटीय क्षेत्रों को तेल और गैस के लिहाज से काफी संभावनाशील माना जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि यहां की भूगर्भीय संरचना दक्षिण-पूर्व एशिया के कई हाइड्रोकार्बन समृद्ध क्षेत्रों जैसी है। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री पुरी ने भारत के अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के पास मौजूद "ऊर्जा के मौकों के भंडार" की तारीफ की है। यह द्वीप समूह 800 किलोमीटर (500 मील) लंबी द्वीपों की एक श्रृंखला है, जो पर्यावरण के लिहाज से संवेदनशील हैं और थाईलैंड व इंडोनेशिया से सटे समुद्रों में स्थित हैं। हालांकि गहरे समुद्र में तेल निकालना आसान नहीं है। इसके लिए अत्याधुनिक तकनीक, भारी निवेश और कई वर्षों तक लगातार काम करने की जरूरत होती है। इसी कारण सरकार अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा कंपनियों और तकनीकी विशेषज्ञों का भी सहयोग ले रही है। पीएम मोदी ने की थी 'समुद्र मंथन मिशन' की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अगस्त 2025 में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर अपने भाषण के दौरान "समुद्र मंथन" मिशन की शुरुआत की। यह नाम हिंदू पौराणिक कथाओं की एक अहम घटना से लिया गया है, जिसका अर्थ है "समुद्र का मंथन"। पीएम मोदी ने उस समय कहा था, "हम समुद्र के नीचे तेल और गैस के भंडार खोजने के लिए मिशन मोड में काम करना चाहते हैं और इसलिए भारत 'नेशनल डीप वॉटर एक्सप्लोरेशन मिशन' शुरू करने जा रहा है।"

DMK-AIADMK-BJP ने राज्यपाल से की शिकायत, थलपति विजय सरकार पर दबाव

 नई दिल्ली तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलपति विजय और उनकी पार्टी तमिलगा वेट्री कड़गम (TVK) की मुश्किलें बढ़ती हुई नजर आ रही है। राज्य की तीन बड़ी पार्टियों (DMK, AIADMK, BJP) ने मुख्यमंत्री के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शनिवार को तीनों पार्टियों के नेताओं ने राज्यपाल विश्वनाथ आर्लेकर के साथ अलग-अलग समय पर मुलाकात की और सत्ताधारी पार्टी के ऊपर विधायकों की खरीद-फरोख्त (हॉर्स ट्रेडिंग) के आरोप लगाए। इतना ही नहीं उन्होंने मुख्यमंत्री विजय के ऊपर सरकारी मशीनरी के गलत उपयोग और राज्य कैबिनेट की मीटिंग में गैर अधिकृत लोगों के प्रवेश का भी आरोप लगाया। राज्यपाल से मिलकर आए डीएमके नेता आरएस भारती ने मीडिया के सामने अपने तर्कों को रखा। उन्होंने जोर देकर कहा कि राज्य की विजय सरकार मशीनरी का गलत उपयोग कर रही है और विधायकों की खरीद फरोख्त करने की कोशिश कर रही है। इसके खिलाफ ऐक्शन होना ही चाहिए। उन्होंने कहा, "हमने गवर्नर से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात है और उन्हें तमिलनाडु में जारी हॉर्स ट्रेडिंग और सत्ता के गलत इस्तेमाल के बारे में जानकारी दी। दो लोग जॉन और विष्णु रेड्डी, जिनका सरकार से कोई संबंध नहीं है वह राज्य के मंत्रियों से ज़्यादा ताकतवर लगते हैं। वे सभी हाई-लेवल मीटिंग में शामिल होते हैं और अधिकारियों को आदेश देते हैं। तमिलनाडु में ऐसी खराब स्थिति पैदा हो गई है। हमने पहले भी एक याचिका दी थी, लेकिन गवर्नर शहर में नहीं थे, इसलिए आज हमने मुलाकात की और इन सभी मुद्दों पर जोर दिया। बता दें, यह पहली बार नहीं है जब राज्य की डीएमके की तरफ से मुख्यमंत्री विजय के ऊपर आरोप लगाए गए हों। एक हफ्ते पहले ही स्टालिन की पार्टी ने हॉर्स ट्रेडिंग के आरोप में विजय के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाने की मांग की थी। CM थलपति विजय पर लगा विधायकों को तोड़ने का आरोप एक हफ्ते पहले ही MDMK के नेता वाइको ने आरोप लगाया था कि मुख्यमंत्री विजय ने व्यक्तिगत रूप से भी विधायकों को तोड़ने की कोशिश की है। उन्होंने DMK के दो विधायकों को विधानसभा से इस्तीफा देने और उनके साथ जाने के लिए मनाने की कोशिश की है। इस दावे को लेकर डीएमके ने सीधे तौर पर राज्यपाल से इसकी शिकायत की। इसके अनुसार, मुख्यमंत्री विजय ने विधायकों को भरोसा दिलाया कि अगर वह अपनी सीट छोड़ देते हैं, तो उन्हें उपचुनाव के दौरान TVK से टिकट और आर्थिक मदद दी जाएगी। भाजपा और AIADMK ने भी की राज्यपाल से मुलाकात DMK के अलावा AIADMK और भाजपा ने भी राज्यपाल से मुलाकात करके राज्य में चल रही गतिविधियों पर अपनी असंतुष्टि जाहिर की। दोनों पार्टियों ने मुख्यमंत्री विजय के ऊपर हॉर्स ट्रेडिंग और राज्य कैबिनेट में निजी लोगों को शामिल करने का आरोप लगाया। पार्टी नेताओं ने गवर्नर से संविधान के अनुच्छेद 167 का इस्तेमाल करते हुए सरकार से स्पष्टीकरण मांगने और ज़रूरत पड़ने पर आगे की कार्रवाई करने का आग्रह किया। भारतीय जनता पार्टी ने भी लगभग समान आरोप लगाते हुए जॉन अरोकियासामी और विष्णु रेड्डी पर प्रोटोकॉल तोड़ने का आरोप लगाया और विजय के खिलाफ जांच की मांग की। राज्यपाल ने तीनों पार्टियों के नेताओं से मिलने की पुष्टि की शनिवार को हुई इन हाई प्रोफाइल बैठकों से राज्य की राजनीति भी गर्म रही। राज्यपाल विश्वानाथ आर्लेकर ने इन पार्टियों द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि की। लोकभवन ने एक बयान जारी करके बताया कि डीएमके ने अपने ज्ञापन में पुलिस मशीनरी के गलत इस्तेमाल से कथित गैर-कानूनी गिरफ्तारी, कस्टडी में दबाव डालने और चुने हुए प्रतिनिधियों को पाला बदलने के लिए उकसाने की कोशिशों पर चिंता जताई गई। पार्टी ने यह भी आरोप लगाया कि विधायकों को पाला बदलने के लिए लालच दिया गया और सरकारी कामकाज में निजी लोगों की भागीदारी पर सवाल उठाए। 'जॉन और विष्णु अब मुख्यमंत्री के सलाहकार' TVK ने दिया जवाब तीन तरफ से आए इस हमले का जवाब थलपति विजय की पार्टी ने भी जोरदार तरीके से दिया। पार्टी की तरफ से कहा गया कि हॉर्स ट्रेडिंग के आरोप पूरी तरह से बेबुनियाद हैं। जहां तक जॉन और विष्णु रेड्डी के कैबिनेट मीटिंग में शामिल होने की बात है। उन दोनों को मुख्यमंत्री का विशेष सलाहकार नियुक्त किया गया है। इसलिए अब वह निजी व्यक्ति नहीं रह गए बल्कि सरकारी मशीनरी का हिस्सा हैं।

धमतरी में पुलिस पेट्रोलिंग के दौरान युवक की मौत, भागते समय आया हार्ट अटैक

धमतरी. धमतरी में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पुलिस पेट्रोलिंग वाहन को देखकर भाग रहे एक युवक की तबीयत अचानक बिगड़ गई और अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में तरह तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. बहरहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है. मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के लालबगीचा वार्ड का है. बताया गया 27 वर्षीय योगेश जांगड़े अपने कुछ दोस्तों के साथ रात में बैठा हुआ था, इसी दौरान नियमित गश्त पर निकली पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी वहां पहुंची. पेट्रोलिंग वाहन को देखते ही वहां मौजूद युवक अचानक भागने लगा. बताया जा रहा है कि भागते समय योगेश जांगड़े की सांस फूलने लगी और उसकी हालत बिगड़ गई. युवक के दोस्तों ने इसकी सूचना परिजनों को दी, जिसके बाद उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल में उपचार शुरू किया गया लेकिन कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत और गंभीर हो गई डॉक्टरों ने जांच के बाद योगेश जांगड़े को मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में शोक का माहौल है. डॉक्टरों के अनुसार, युवक की मौत हार्ट अटैक के कारण हुई है. हालांकि, घटना के कई पहलुओं की जांच की जा रही है. वहीं यह सवाल भी उठ रहा है कि आखिर पुलिस पेट्रोलिंग वाहन को देखकर युवक और उसके साथी अचानक क्यों भागने लगे. फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी.

देवास में पकड़े गए आतंकी बिलाल से जुड़े हर पहलू की जांच, गुजरात ATS जुटी पड़ताल में

देवास. गुजरात के आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) द्वारा देवास (मप्र) के वारसी नगर क्षेत्र से गिरफ्तार किए गए बिलाल दुर्रानी (18) की पृष्ठभूमि और उसकी गतिविधियों को लेकर जांच जारी है। जांच एजेंसियों के अनुसार बिलाल प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के एक माड्यूल से जुड़ा है। अब तक की जानकारी के अनुसार, बिलाल का परिवार मूल रूप से गुजरात के पालनपुर क्षेत्र का रहने वाला है। वर्ष 1997-98 में परिवार देवास आकर बस गया था। परिवार वारसी नगर क्षेत्र में रहता है। बिलाल के चार भाई हैं। उसका एक भाई गुजरात के मदरसे से एटीएस की कार्रवाई में हिरासत में लिया गया, जिसके बाद पूछताछ के आधार पर टीम देवास पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से बिलाल को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद एटीएस उसे अपने साथ गुजरात ले गई। बताया जा रहा है कि घटना के बाद परिवार के सदस्य भी देवास से गुजरात चले गए हैं। बिलाल भी मदरसे में पढ़ा है और टाइल्स का काम भी करता था। पिता चाहते थे मदरसे में पढ़ाए, बिलाल ने चुना दूसरा काम स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बिलाल के पिता मोहसिनपुरा स्थित एक मदरसे में पढ़ाते थे। एक बार सभी बच्चों को पास कर दिया, तो निकाल दिए गए। बाद में दवाइयां देने का काम करने लगे। परिवार चाहता था कि बिलाल भी धार्मिक शिक्षा लेकर मदरसे में पढ़ाए। इसके लिए उसकी तालीम भी कराई गई थी, लेकिन बाद में वह ठेकेदारों के साथ टाइल्स लगाने का काम करने लगा। वह अलग-अलग निर्माण स्थलों पर काम करता था और अक्सर काम के सिलसिले में गुजरात भी जाता था। पड़ोसियों और स्थानीय लोगों के अनुसार, बिलाल का मोहल्ले में ज्यादा मेलजोल नहीं था। वह समय-समय पर गुजरात जाता था और कुछ दिन बाद वापस देवास लौटकर काम करने लगता था। जांच एजेंसियां अब उसके यात्रा रिकॉर्ड, मोबाइल फोन, डिजिटल गतिविधियों और संपर्कों की पड़ताल कर रही हैं। आरोप है कि बिलाल कथित तौर पर कुछ कट्टर डिजिटल समूहों से जुड़ा था और उनमें साझा होने वाली सामग्री को आगे भेजता था। इनमें वीडियो, फोटो और संदेश शामिल बताए जा रहे हैं। यह भी जांच की जा रही है कि इन गतिविधियों में उसकी भूमिका क्या थी और क्या वह केवल सामग्री साझा करता था या किसी बड़े नेटवर्क से भी जुड़ा था। इन दावों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

पंजाब रोडवेज में नई टिकट व्यवस्था, सफर के दौरान कैश और ऑनलाइन पेमेंट दोनों की मिलेगी सुविधा

अमृतसर. पंजाब रोडवेज की टिकट व्यवस्था में बड़े बदलाव की तैयारी शुरू हो गई है। सूत्रों के अनुसार अब कैश के साथ-साथ यात्री क्यूआर कोड द्वारा भी भुगतान कर अपनी टिकट प्राप्त कर सकेंगे। इसका ट्रायल शुरू हो चुका है। अब यात्रियों को बसों में टिकट लेने के लिए नकद भुगतान पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। सूत्रों की मानें तो रोडवेज विभाग द्वारा शुरू की जा रही इस व्यवस्था में क्यूआर कोड के साथ-साथ यू.पी.आई., डेबिट कार्ड और क्रैडिट कार्ड जैसे कई डिजिटल भुगतान विकल्प भी उपलब्ध होंगे। इससे यात्रियों का समय बचेगा और टिकट प्रक्रिया अधिक आसान और पारदर्शी बनेगी। इस डिजिटल पहल का उद्देश्य यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देना और सार्वजनिक परिवहन प्रणाली को आधुनिक बनाना है। अभी लगभग एक माह की तैयारी सूत्रों की मानें तो मशीन आदि की पूरी कार्यप्रणाली सैट करते हुए लगभग एक माह का समय लग जाएगा। इस बाबत जब पंजाब रोडवेज कॉन्ट्रैक्ट वर्कर यूनियन के प्रधान जोध सिंह से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि इससे टिकट प्रणाली में एक बहुत बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। विभाग के इस कदम से जहां यात्रियों को सुविधा मिलेगी वहीं कंडक्टर की कार्यशैली में भी सुधार होगा क्योंकि इससे सीधे पैसे विभाग के खाते में जाएंगे। मुख्य दफ्तर की ओर से इसका कार्य प्रगति पर है। इस बाबत जब जी.एम.-2 अमृतसर हरविंदर सिंह से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि इसकी कार्यप्रणाली को लेकर टैस्टिंग शुरू हो गई है। इन मशीनों में कंडक्टर और ड्राइवर के नाम भी फीड किए जाएंगे जोकि जल्द ही बसों में कार्य करती दिखाई देंगी।

गुजरात कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कहावतों और मीम डायलॉग से बांधा माहौल

 साणंद  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को गुजरात के साणंद में सेमीकंडक्टर असेंबलिंग एंड टेस्टिंग प्लांट का उद्घाटन करते हुए अपने संबोधन में लोकप्रिय संवाद "सुन रहे हो न विनोद" का इस्तेमाल किया, जिस पर वहां मौजूद लोगों ने तालियां बजाईं और ठहाके लगाए। दरअसल, उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए "सीजी पावर एंड इंडस्ट्रियल साल्यूशंस" के चेयरमैन वेल्लायन सुबैया ने गुजराती की दो कहावतों का इस्तेमाल किया। जब पीएम मोदी बोलने आए, तो उन्होंने भी इन कहावतों का जिक्र किया। पीएम मोदी ने क्या कहा? पीएम ने कहा-सुबैया जी ने गुजराती की एक कहावत कही-निशान चूक माफ, पण नहीं माफ नीचू निशान (ऊंचा लक्ष्य चूकना माफ है, लेकिन कम लक्ष्य तय करना नहीं)। मैं कभी छोटे लक्ष्य नहीं रखता, न ही छोटा सोच रखता हूं। यदि मुझे कोई प्रतिमा बनानी हो, तो मैं उसे दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा बनाऊंगा। प्रधानमंत्री का यह बयान स्पष्ट रूप से सरदार वल्लभभाई पटेल की "स्टेच्यू आफ यूनिटी" के संदर्भ में था। पंचायत वेब सीरीज का फेमस डायलॉग इसके बाद मोदी ने कहा- और सुबैया जी ने "काम बोले छे" भी कहा…। "सुन रहे हो न विनोद"… काम बोलता है। यह सुनते ही सभा में मौजूद लोग और मंच पर उपस्थित अन्य लोग ठहाके लगाने लगे। उल्लेखनीय है कि "सुन रहे हो न विनोद" (या "देख रहा है विनोद") लोकप्रिय वेब सीरीज पंचायत का एक प्रसिद्ध डायलॉग है। इंटरनेट पर यह संवाद बहुत बड़ा मीम बन गया है।