samacharsecretary.com

आयुष्मान योजना पर संकट के बादल, कुरुक्षेत्र के निजी अस्पतालों ने इलाज रोकने का किया ऐलान

कुरुक्षेत्र. इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आइएमए) ने चार की रात्रि या पांच जून की सुबह को आयुष्मान योजना के तहत मरीजों का उपचार बंद करने का ऐलान एक बार फिर से किया है। आइएमए के पूर्व प्रधान ड. सुरेंद्र मेहता के मेहता नर्सिंग होम पर आइएमए की बैठक हुई। बैठक के बाद चिकित्सकों ने बताया कि आठ माह से आयुष्मान योजना में इलाज देने वाले अस्पतालों का बकाया नहीं दिया गया है। चिकित्सकों ने बताया कि जिले के निजी अस्पतालों को 45 करोड़ रुपये बकाया है। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के पूर्व प्रधान सुरेंद्र मेहता ने कहा कि फरवरी 2025 में सरकार के साथ आइएमए का एमओयू हुआ था, जिसमें 15 दिन के अंदर-अंदर अायुष्मान योजना में इलाज देने वाले मरीजों की पेमेंट जारी करने का आश्वासन दिया गया था। मगर ऐसा नहीं हो रहा। उन्होंने कहा कि इस योजना में वर्ष 2024 के बाद जब चिरायु कार्ड बने उसके बाद समस्या शुरू हुई, जब एक बड़ी संख्या में लोगों के कार्ड बना दिए गए। सरकार ने फरवरी में आश्वासन दिया था कि अप्रैल तक पेमेंट आ जाएगी मगर ऐसा नहीं हुआ। अब जनवरी 2026 से निजी अस्पताल संचालकों की पेमेंट बकाया है। आइएमए भी चाहती है कि सरकार के साथ चलें। मगर इसके लिए विशेष तौर पर चिकित्सक लगाएं ताकि बकाया दिया जा सके। चार की रात को या पांच की सुबह से मरीज लेने बंद करने पड़ेंगे। इस दौरान अग्रवाल नर्सिंग होम से डॉ. अमन अग्रवाल, नंन लाल अस्पताल से डा. अंशुल ग्रोवर, श्रीबालाजी आरोग्यम अस्पताल से डा. अनुराग कौशल, मेहता नर्सिंग होम से डा. सुरेंद्र मेहता, डॉ. प्रियंका गुप्ता मौजूद रहे।

पंजाब में हाई अलर्ट! बठिंडा कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी से मचा हड़कंप

बठिंडा. बठिंडा के जिला अदालत परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद मंगलवार को पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। यह धमकी एक ईमेल के माध्यम से भेजी गई थी। सूचना मिलते ही बठिंडा पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं तथा अदालत परिसर की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। पुलिस ने एहतियात के तौर पर कोर्ट परिसर के सभी प्रवेश और निकास द्वार बंद कर दिए। इसके बाद बम निरोधक दस्ते, डॉग स्क्वायड और पुलिस की विशेष टीमों ने पूरे परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया। अदालत परिसर में मौजूद लोगों की आवाजाही पर भी अस्थायी रूप से रोक लगा दी गई, जबकि वकीलों, कर्मचारियों और आम लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत तत्काल कार्रवाई की गई। कोर्ट परिसर के विभिन्न हिस्सों, पार्किंग क्षेत्र, कार्यालयों और सार्वजनिक स्थानों की गहन जांच की गई। हालांकि प्रारंभिक जांच में किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु मिलने की सूचना नहीं है। धमकी भरे मेल की जांच शुरू अधिकारियों ने बताया कि धमकी भरे ईमेल की जांच शुरू कर दी गई है। साइबर सेल की टीम ईमेल भेजने वाले की पहचान करने और उसके स्रोत का पता लगाने में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और जांच के सभी पहलुओं पर काम किया जा रहा है। सर्च अभियान पूरा होने और स्थिति सामान्य होने के बाद ही अदालत की नियमित गतिविधियों को पूरी तरह बहाल किया जाएगा। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत प्रशासन को देने की अपील की है।

सुशासन तिहार शिविर में मुख्यमंत्री साय ने खोला विकास का पिटारा, कोंडागांव को मिले 152 करोड़

कोंडागांव. बड़े कनेरा में आयोजित समाधान शिविर केवल शिकायतों का मंच नहीं बल्कि विकास का रोडमैप बन गया. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शिविर में ग्रामीणों से सीधा संवाद किया. उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद लोगों की भागीदारी सरकार पर विश्वास दिखाती है. सुशासन तिहार के जरिए गांव-गांव पहुंचकर समस्याओं का समाधान किया जा रहा है. प्रधानमंत्री आवास, महतारी वंदन और सूर्य घर योजना की प्रगति की समीक्षा की गई. मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में रोजाना लगभग 1600 आवास बन रहे हैं. कार्यक्रम में 152 करोड़ 18 लाख रुपये के 43 विकास कार्यों की सौगात दी गई. इनमें 14 कार्यों का लोकार्पण और 29 नए कार्यों का भूमिपूजन शामिल है. सड़क, पर्यटन और भवन निर्माण से जुड़े कई नए प्रोजेक्ट घोषित किए गए. क्षेत्र के प्राचीन शिव मंदिर के जीर्णोद्धार की भी घोषणा हुई. विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर हितग्राहियों से फीडबैक लिया गया. शिविर ने प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद मजबूत किया.

अमेरिकी टैरिफ में बड़ी राहत! Donald Trump ने अचानक घटाई ड्यूटी, इन उद्योगों की चमकी किस्मत

 नई दिल्ली मिडिल ईस्ट तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने टैरिफ कट का ऐलान किया है. US Tariff में ये कटौती कुछ सेलेक्टेड एग्रीकल्चर प्रोडक्ट्स और औद्योगिक उपकरणों पर की गई है. अब तक इन सामानों पर अमेरिका की ओर से 25% का टैरिफ लागू किया गया था, जिसे ट्रंप ने घटाकर 15% करने का ऐलान किया है. अमेरिकी राष्ट्रपति की ओर से कृषि और इंडस्ट्रियल उपकरणों की एक विस्तृत रेंज पर टैरिफ में अस्थायी कटौती अगले साल दिसंबर 2027 तक लागू रहेगी। अमेरिका की ओर से ये फैसला निवेश को प्रोत्साहित करने और अमेरिकी अर्थव्यवस्था (US Economy) के प्रमुख क्षेत्रों का समर्थन करने के लिए लिया गया है. इससे सस्ते आयात के साथ-साथ अमेरिकी इस्पात और एल्यूमीनियम के अधिक उपयोग को प्रोत्साहन मिलेगा।  क्यों लिया ट्रंप ने ये फैसला?  राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नई घोषणा के तहच ये टैरिफ कटौती दिसंबर 2027 तक प्रभावी रहेगी. इस कदम का उद्देश्य घरेलू मैन्युफैक्चरिंग और कृषि उत्पादन को मजबूत करते हुए इस सेक्टर से जुड़े व्यवसायों के लिए लागत को कम करना है. Tariff Cut कंबाइन, हार्वेस्टर और अन्य कृषि उपकरणों समेत कई प्रकार की दूसरी कृषि मशीनों पर लागू होगी. व्हाइट हाउस (US White House) की ओर से कहा गया है कि कम टैरिफ से किसानों और कृषि उत्पादकों को कम लागत पर नए उपकरण खरीदने में मदद मिलेगी।  ट्रंप प्रशासन ने कम टैरिफ रेट के लिए इंडस्ट्रियल उपकरणों की लिस्ट में बढ़ोतरी की है. खास बात ये है कि टैरिफ कट का ये ऐलान ऐसे समय में किया गया है, जबकि अमेरिका अपनी ट्रेड एंड इंडस्ट्रियल पॉलिसी के एक प्रमुख हिस्से के रूप में टैरिफ का इस्तेमाल जारी रखे हुए है. व्हाइट हाउस के मुताबिक, यह अस्थायी कटौती कृषि, आवास और विनिर्माण जैसे क्षेत्रों को समर्थन देने के साथ-साथ कंपनियों को उपकरण और उत्पादन क्षमता में निवेश करने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए डिजाइन की गई है।  क्या भारत को मिलेगा लाभ? रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका की ओर से टैरिफ कट (US Tariff Cut) की ये राहत उन देशों को दी गई है, जिनके साथ ट्रेड समझौता है. यानी अमेरिका के व्यापार समझौतों के अंतर्गत आने वाले देशों से आयात किए जाने वाले बुलडोजर, फोर्कलिफ्ट और इसी तरह की औद्योगिक मशीनरी और फार्म उपकरणों पर अब 15% का टैरिफ लगेगा, जो पहले 25% था. यहां बता दें कि भारत को इसका फायदा मिलता नजर नहीं आ रहा है, क्योंकि अभी तक US-Iran Trade Deal फाइनल नहीं हुई है।  ट्रंप ने ये स्कीम भी शुरू की Donald Trump प्रशासन ने घरेलू स्तर पर उत्पादित स्टील और एल्यूमीनियम की डिमांड को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक अतिरिक्त प्रोत्साहन योजना की भी शुरुआत का ऐलान किया है. इसके तहत, विदेशी निर्माता 10% के और भी कम टैरिफ रेट का लाभ उठा सकेंगे, इसके लिए शर्त ये होगी कि उनके द्वारा आयात किए गए कैपिटल इक्विपमेंट में वजन के हिसाब से कम से कम 85% स्टील या एल्युमीनियम अमेरिका का यूज हो। 

ED का बड़ा एक्शन: 145 करोड़ फ्रॉड केस में कोटक महिंद्रा बैंक का पूर्व अफसर गिरफ्तार

पंचकूला नगर निगम पंचकूला के करीब 145 करोड़ रुपये के कथित घोटाले और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कोटक महिंद्रा बैंक के पूर्व डिप्टी वाइस प्रेसिडेंट पुष्पिंदर सिंह को गिरफ्तार किया है। ईडी ने  धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत यह कार्रवाई की। ईडी की जांच हरियाणा के पंचकूला स्थित एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की एफआईआर के आधार पर शुरू हुई थी। एफआईआर में कोटक महिंद्रा बैंक के अज्ञात अधिकारियों और अन्य लोगों पर नगर निगम के 145 करोड़ रुपये के सरकारी धन के गबन का आरोप लगाया गया था। बैंक अधिकारियों और नगर निगम कर्मचारी की मिलीभगत का आरोप ईडी के अनुसार जांच में नगर निगम के एक अधिकारी, बैंक अधिकारियों और निजी व्यक्तियों के बीच कथित आपराधिक गठजोड़ का खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया कि बैंक के कस्टमर रिलेशनशिप मैनेजर दिलीप कुमार राघव और तत्कालीन डिप्टी वाइस प्रेसिडेंट पुष्पिंदर सिंह ने नगर निगम के पूर्व वरिष्ठ लेखा अधिकारी विकास कौशिक के साथ मिलकर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर नगर निगम के नाम से दो बैंक खाते खुलवाए थे। आरोप है कि नगर निगम के वैध खातों से फर्जी फंड माइग्रेशन ऑथराइजेशन पत्रों के जरिए धनराशि इन अनधिकृत खातों में ट्रांसफर की गई। बाद में रकम विभिन्न फाइनेंसरों और अन्य व्यक्तियों के खातों में भेजी गई। फर्जी खातों से रकम निकासी की जांच ईडी का दावा है कि जांच में यह भी सामने आया है कि राजत दहरा, स्वाति तोमर, कपिल कुमार और विनोद कुमार नामक फाइनेंसर पुष्पिंदर सिंह के निर्देशों पर काम कर रहे थे। एजेंसी के अनुसार गबन में इस्तेमाल किए गए कुछ खातों का नियंत्रण भी पुष्पिंदर सिंह के पास था। जांच में यह भी आरोप सामने आया है कि फर्जी खातों से निकाली गई रकम का एक हिस्सा पुष्पिंदर सिंह और उनकी पत्नी प्रीति ठाकुर तक पहुंचा। इसके अलावा धनराशि को रियल एस्टेट कंपनियों और अन्य निजी व्यक्तियों तक पहुंचाने के भी आरोप हैं। 9 जून तक ईडी रिमांड ईडी ने आरोपी को विशेष पीएमएलए अदालत, पंचकूला में पेश किया। अदालत ने उसे 9 जून तक नौ दिन की ईडी रिमांड पर भेज दिया। मामले में आगे की जांच जारी है।

तस्करी मामलों की सुनवाई में देरी पर हाईकोर्ट ने जताई चिंता, गवाहों की अनुपस्थिति पर उठाए सवाल

चंडीगढ़  पंजाब में नशा तस्करी से जुड़े मामलों की सुनवाई में हो रही देरी पर पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने चिंता जताई है। कोर्ट ने राज्य सरकार को पुलिस बल की जनशक्ति की उच्चस्तरीय समीक्षा करने और भर्ती प्रक्रिया को गति देने के निर्देश दिए हैं।  अदालत ने कहा कि पंजाब सरकार युद्ध नशे विरुद्ध अभियान चला रही है लेकिन पुलिसकर्मियों की कमी के कारण सरकारी गवाह समय पर अदालतों में पेश नहीं हो पा रहे हैं। इसका सीधा असर एनडीपीएस मामलों के ट्रायल पर पड़ रहा है। जस्टिस संजय वशिष्ठ की पीठ के समक्ष हेरोइन बरामदगी से जुड़े एक मामले में जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान यह मुद्दा सामने आया। पंजाब सरकार की ओर से विशेष डीजीपी (लॉ एंड ऑर्डर) प्रवीण कुमार सिन्हा के हलफनामे और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स से जुटाए गए आंकड़े अदालत के समक्ष पेश किए गए।  अदालत ने कहा कि एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामलों की संख्या लगातार बढ़ रही है जबकि पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की उपलब्धता पर्याप्त नहीं है। राज्य स्तर पर इस समस्या पर गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता है ताकि अदालतों में गवाही देने के लिए पर्याप्त पुलिसकर्मी उपलब्ध कराए जा सकें।  अदालत ने टिप्पणी की कि नशे के खिलाफ सख्त अभियान चलाने के बावजूद वास्तविक स्थिति यह है कि कई मामलों में पुलिस गवाहों की अनुपस्थिति के कारण ट्रायल लंबित हो रहे हैं और आरोपियों को जमानत मिलने का आधार बन रहा है।   

अमेरिका को बना रहे थे निशाना! पंचकूला के फेक कॉल सेंटर से 21 आरोपी दबोचे

पंचकूला. पंचकूला साइबर थाना पुलिस ने सेक्टर-2 मार्केट स्थित एक कार्यालय में छापेमारी कर अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी के एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान 21 लोगों को हिरासत में लिया गया, जबकि चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार गुप्त सूचना मिली थी कि सेक्टर-2 मार्केट में स्थित एक कार्यालय से विदेशी नागरिकों, विशेषकर अमेरिका के लोगों को निशाना बनाकर साइबर ठगी की जा रही है। सूचना के आधार पर सोमवार देर रात साइबर थाना टीम ने छापा मारा। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने नवदीप, अक्षय टिक्कू, रजा और अंकुर कपूर को मुख्य आरोपी के रूप में गिरफ्तार किया। मौके से 19 कंप्यूटर, 3 लैपटॉप, 11.30 लाख रुपये नकद, 3 वॉकी-टॉकी, 16 हेडसेट, 2 वाई-फाई राउटर, एक नोट गिनने की मशीन, 3 पीओएस मशीनें और सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में क्या सामने आया? प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी खुद को अमेजन कस्टमर केयर अधिकारी बताकर अमेरिकी नागरिकों को फोन करते थे। बातचीत के दौरान वे लोगों को विभिन्न बहानों में उलझाकर उनके क्रेडिट कार्ड और बैंक खातों से जुड़ी गोपनीय जानकारी हासिल करते थे और बाद में खातों से रकम निकाल लेते थे। पुलिस जांच में यह भी पता चला है कि कॉल सेंटर का संचालन अमेरिकी समय के अनुसार किया जाता था। कार्यालय शाम करीब 7 बजे खुलता था और रात 3 बजे तक गतिविधियां चलती थीं। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस नेटवर्क ने अब तक कितने विदेशी नागरिकों को ठगी का शिकार बनाया और धोखाधड़ी की कुल रकम कितनी है। मामले में अंतरराष्ट्रीय साइबर अपराध से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

तेज आंधी और बारिश को लेकर पंजाब में चेतावनी जारी, बठिंडा में गर्मी ने तोड़े रिकॉर्ड

अमृतसर. पंजाब में अभी बारिशों का दौर थमा नहीं है। 3 जून से मौसम में बदलाव शुरू होने की संभावना है, जबकि पांच जून तक राज्य के कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार चार जून को सबसे अधिक जिलों में चेतावनी जारी की गई है। सोमवार को प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में लगभग 2.9 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई। इसके बावजूद तापमान सामान्य से करीब 4.2 डिग्री सेल्सियस नीचे बना रहा। राज्य का सबसे अधिक तापमान बठिंडा में 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ और निचले स्तर की हवाओं के प्रभाव से आगामी दिनों में मौसम सक्रिय रहेगा। इससे गर्मी से कुछ राहत मिलने की संभावना है। बठिंडा को छोड़ सभी शहरों का तापमान 40 से नीचे सोमवार को राज्य का सबसे अधिक तापमान बठिंडा क्षेत्र में 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा पठानकोट में 37.4, बठिंडा शहर में 37.0, फरीदकोट में 37.0, फिरोजपुर में 36.7, अमृतसर में 36.3, चंडीगढ़ में 36.0, पटियाला में 35.8, लुधियाना में 35.6, गुरदासपुर में 34.5, मोहाली में 34.8, रूपनगर में 33.9 और नवांशहर में 32.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि आगामी दिनों में बादल, तेज हवाएं और हल्की बारिश के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है। जानें कैसा रहेगा पंजाब का मौसम 2 जून : पूरे पंजाब में मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रहने की संभावना है। अधिकांश जिलों के लिए कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं है। हालांकि कुछ स्थानों पर बादल छाए रह सकते हैं और शाम के समय मौसम में हल्का बदलाव महसूस हो सकता है। 3 जून : अमृतसर, तरनतारन, गुरदासपुर, कपूरथला, जालंधर, होशियारपुर, नवांशहर, लुधियाना, मोगा, फिरोजपुर, फरीदकोट, मुक्तसर, फाजिल्का, बठिंडा, मानसा, बरनाला और संगरूर सहित कई जिलों में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। 4 जून : मौसम विभाग ने अधिकांश जिलों के लिए चेतावनी जारी की है। अमृतसर, तरनतारन, गुरदासपुर, फिरोजपुर, फरीदकोट, मुक्तसर, फाजिल्का, बठिंडा, मानसा, मोगा, बरनाला, संगरूर और लुधियाना सहित कई जिलों में गरज-चमक के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश भी हो सकती है। जालंधर, कपूरथला, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, मोहाली और फतेहगढ़ साहिब जिलों में भी गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। 5 जून : मौसम की गतिविधियां कुछ कम हो जाएंगी। गुरदासपुर, पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, मोहाली, फाजिल्का, मुक्तसर और बठिंडा के कुछ हिस्सों में गरज-चमक तथा तेज हवाओं की संभावना बनी रहेगी। बाकी अधिकांश जिलों में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है।

मधुमक्खियों के जानलेवा हमले से दहला धमतरी, सास ने गंवाई जान, दामाद घायल

धमतरी. छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आया है, जहां सास और दामाद पर मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। इस हमले में सास की मौत हो गई और दामाद घायल हो गया है। यह घटना दुगली थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, पाल गांव में रहने वाली रामवती आज अपने दामाद के साथ सराई बिनने के लिए जंगल की ओर गई थी। इसी दौरान दोनों पर मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। घटना के बाद दोनों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां रामवती की मौत हो गई और उसका दामाद घायल बताया जा रहा है। ज्ञात हो कि कुछ दिनों पहले ही स्टील सिटी दुर्ग भिलाई के एक सब्जी फार्म हाउस में मधुमक्खियों ने हमला कर दिया. इस हमले में 60 साल के एक मजदूर की जान चली गई. घटना मंगलवार की है, जब अचानक छत्ता गिरने से भड़की मधुमक्खियों ने खेत में काम कर रहे मजदूरों पर हमला कर दिया. मृतक की पहचान रमेश भोई के रूप में हुई है, जो मूल रूप से ओडिशा के रहने वाले थे. फार्म हाउस में काम कर रहे मजदूरों के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे तेज हवा चल रही थी. इसी दौरान पेड़ पर लगा मधुमक्खियों का बड़ा छत्ता अचानक टूटकर नीचे गिर गया. छत्ता गिरते ही मधुमक्खियां आक्रामक हो गईं और आसपास काम कर रहे मजदूरों पर झुंड बनाकर हमला कर दिया.स्थिति बिगड़ते देख अन्य मजदूर मौके से भागने में सफल रहे. रमेश भोई शारीरिक रूप से कमजोर होने के कारण तेजी से भाग नहीं सके और मधुमक्खियों के हमले का शिकार हो गए. देखते ही देखते वे गंभीर रूप से घायल हो गए.

CBSE रिवैल्यूएशन पोर्टल में तकनीकी खामी, आवेदन के दौरान छात्रों को हो रही दिक्कत

नई दिल्ली सीबीएसई बोर्ड की परेशानियां थमने का नाम नहीं ले रही हैं। चार दिन के लंबे इंतजार के बाद जब पुनर्मूल्यांकन और सत्यापन पोर्टल एक्टिव हुआ तो छात्र खुशी से फूले नहीं समाए, लेकिन उनकी खुशी बहुत ज्यादा देर नहीं टिक सकी। पोर्टल लॉन्च होने के कुछ देर बाद ही सोशल मीडिया पर शिकायतें आने लगी, लेकिन अब बोर्ड ने वापस से पोर्टल को सक्रिय कर दिया है। हालांकि, कुछ समय पहले अधिकांश छात्रों को अपने सभी लॉगिन विवरण अपलोड करने के बाद स्क्रीन फ्रीज होने की समस्या का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही कुछ छात्रों ने आॅनलान पाई गई गलतियों का वीडियो भी शेयर किया है। वहीं, कुछ ने तो पोर्टल पर लॉगिन को लेकर शिकायतें दर्ज की है। दरअसल, सीबीएसई की ओर से 12वीं क्लास की कॉपियों के लिए पुनर्मूल्यांकन के लिए पोर्टल आज यानी मंगलवार से फिर से ओपन कर दिया गया है। जिन छात्रों ने री-इवैल्यूएशन के लिए स्कैन कॉपी प्राप्त करने के लिए आवेदन किया था और उनको कॉपी में अंकों की गड़बड़ी है वे अब कॉपी को रीचेक करवाने के लिए आॅनलाइन माध्यम से फॉर्म भर सकते हैं। एप्लीकेशन फॉर्म भरने की लास्ट डेट 6 जून 2026 तय की गई है। 10-12 बार ट्राई क‍िया पर नहीं खुल रहा पोर्टल सीबीएसई की एक छात्रा की मां ने बताया कि उनकी बेटी कॉमर्स की छात्रा है. उन्होंने 10 से 12 बार लॉग‍िन करने की कोश‍िश की, कैप्चा कोर्ड भरने के बाद पेज क्रैश हो जाता है।  स्कैन कॉपी या फिजिकल कॉपी? पेज नंबर को लेकर छात्रों का कन्फ्यूजन हुआ दूर सीबीएसई 12वीं पुनर्मूल्यांकन का फॉर्म भरते समय छात्रों के सामने एक नया तकनीकी असमंजस खड़ा हो गया है. छात्र लगातार पूछ रहे हैं कि री-इवैल्युएशन फॉर्म में उन्हें 'स्कैन की गई डिजिटल कॉपी' का पेज नंबर लिखना है या उनकी 'मूल (फिजिकल) उत्तर पुस्तिका' का? उदाहरण के लिए, यदि कोई उत्तर डिजिटल कॉपी में पेज 7 पर है और असल कॉपी में पेज 4 पर, तो क्या भरें? सीबीएसई के नियमों और पूर्व मूल्यांकन एक्सपर्ट्स के मुताबिक, छात्रों को फॉर्म में स्कैन की गई डिजिटल कॉपी (Scanned Copy Page Number) का ही पेज नंबर लिखना चाहिए. इसकी वजह यह है कि जो परीक्षक आपकी कॉपी की दोबारा जांच करेगा, उसके सामने आपकी फिजिकल कॉपी नहीं, बल्कि कंप्यूटर स्क्रीन पर वही 'स्कैन की गई डिजिटल कॉपी' होगी. अगर आप स्कैन कॉपी के अनुसार पेज नंबर (जैसे- पेज 7) लिखेंगे, तो परीक्षक को उस विवादित उत्तर या 'अनचेक्ड सवाल' तक तुरंत पहुंचने में आसानी होगी. छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे किसी भी गफलत से बचने के लिए स्कैन की गई पीडीएफ (PDF) के पेज नंबर को ही आधार बनाएं.  एक-एक नंबर के लिए मची है जंग, छात्र बोले- हमारे साथ मत खेलो कक्षा 12वीं के छात्रों के लिए यह पुनर्मूल्यांकन कोई मामूली प्रक्रिया नहीं है. दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) सहित देश के तमाम बड़े विश्वविद्यालयों में दाखिले के लिए दशमलव के अंकों की भी भारी अहमियत होती है. ऐसे में सिस्टम की तकनीकी गड़बड़ियों या परीक्षकों की लापरवाही के कारण जिन छात्रों के 5 से 10 नंबर कम हुए हैं, उनका पूरा साल और करियर दांव पर लग गया है. छात्र बोर्ड से त्वरित न्याय की गुहार लगा रहे हैं।  फीस…25 से 100 रुपए अगर कोई छात्र किसी एक प्रश्न को रीचेक करवाने के लिए आवेदन करेगा तो उसे 25 रुपए का भुगतान करना होगा। इसके अलावा पूरी कॉपी का पुनर्मूल्यांकन/ री-टोटलिंग करवाने के लिए 100 रुपए फीस जमा करनी होगी। सीबीएसई ने साझा की डिटेल इधर, सीबीएसई ने सोशल मीडिया एक्स पर जानकारी साझा की है। सीबीएसई ने लिखा- प्रिय विद्यार्थियों, मूल्यांकन और पुनर्मूल्यांकन पोर्टल अब सक्रिय हो गया है। अंकों के सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन करने की प्रक्रिया के चरण-दर-चरण निर्देशो के लिए कृपया वीडियो को ध्यानपूर्वक देखें। पोर्टल लिंक: https://postresult.cbseit.in/pvr/  अगले साल से डिजीलॉकर रखेंगे कॉपियां इधर, दावार किया जा रहा है कि सीबीएसई बोर्ड अगले साल से बड़े बदलाव पर विचार कर रहा है। इसमें स्टूडेंट्स को सीधे डिजीलॉकर पर रिजल्ट के साथ ही स्कैन की हुई कॉपी भी उपलब्ध करवा दी जाएगी। इस योजना का उद्देश्य पूरी परीक्षा के लिए पारदर्शिता और स्टूडेंट के बीच भरोसा बनाने का है।