samacharsecretary.com

भारत दौरे का ग्रैंड फिनाले दिल्ली में, मेस्सी ने जीत लिया फुटबॉल प्रेमियों का दिल

नई दिल्ली लियोनेल मेस्सी के बहुप्रतीक्षित ‘जीओएटी इंडिया टूर’ की शुरुआत भले ही अव्यवस्थित ढंग से हुई हो लेकिन इसका समापन दिल्ली में शानदार तरीके से हुआ जहां प्रशंसक अपने चहेते खिलाड़ी की झलक पाकर खुशी से झूम उठे। प्रशंसकों ने उस शख्स का दीदार किया जो मैदान पर अक्सर ‘बेजोड़’ प्रदर्शन करता है। ⁠ कोलकाता में शनिवार को अराजक शुरुआत के बाद सबसे महत्वपूर्ण बात यह रही कि व्यापक रूप से प्रचारित और बहुप्रतीक्षित इस कार्यक्रम का अंत वैसा ही हुआ जैसा आयोजक चाहते थे कोटला (अरुण जेटली स्टेडियम) की दर्शक दीर्धा में उमड़ी हजारों की भीड़ के साथ ही मैदान के अंदर मौजूद कुछ भारतीय हस्तियां और गणमान्य व्यक्ति दुनिया के सबसे सम्मानित खिलाड़ियों में से एक की मेजबानी के उत्साह में सराबोर थे। प्रशंसक इस खिलाड़ी की अलौकिक प्रतिभा, विनम्रता और उस प्रभाव से अभिभूत थे, जो उन्होंने पिछले दो दशकों में अपने दम पर इस खेल को दिया है। स्पेनिश भाषा में संक्षिप्त संबोधन में मेस्सी ने कहा, ‘‘ग्रासियस दिल्ली! हास्ता प्रोंतो (धन्यवाद दिल्ली, जल्द मिलते हैं)’’। शहर के अधिकांश लोग स्पेनिश भाषा को नहीं समझते लेकिन इसके बावजूद उनके इन शब्दों ने दर्शकों में एक ऐसी ललक और उत्साह पैदा कर दिया जो पहले शायद ही कभी देखा गया हो। मेस्सी ने स्टेडियम पहुंचने के बाद मैदान का एक चक्कर लगाया और सात-सात खिलाड़ियों के मैच को खत्म होते देखा। स्टेडियम में ज्यादातर दर्शक अर्जेंटीना की प्रसिद्ध नीली और सफेद जर्सी ( नंबर 10) पहने हुए थे और लगातार ‘मेस्सी मेस्सी’ का नारा लगा रहे थे। मेस्सी दर्शकों की ओर हाथ हिलाते हुए मुस्कुरा रहे थे। उन्होंने कोलकाता में भी ऐसा करने की कोशिश की थी, लेकिन शनिवार को वह सॉल्ट लेक स्टेडियम में राजनेताओं और उनके सहयोगियों से घिर गये थे। दिल्ली में हालांकि ऐसी स्थिति नहीं थी। मेस्सी को इस दौरान इंटर मियामी टीम के अपने साथी लुइस सुआरेज और रोड्रिगो डी पॉल के साथ स्टैंड्स की ओर गेंद को किक करते हुए देखा गया। इस आयोजन स्थल पर लगभग 25,000 की उपस्थिति दर्ज की गई। मेस्सी ने इस दौरान मिनर्वा अकादमी फुटबॉल टीम का भी सम्मान किया। करीब 30 मिनट के इस कार्यक्रम के अंत में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, आईसीसी के अध्यक्ष जय शाह, डीडीसीए के अध्यक्ष रोहन जेटली और भारतीय फुटबॉल टीम के पूर्व कप्तान बाइचुंग भूटिया को मेस्सी से मिलने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। मेस्सी इससे पहले अपने दौरे के आखिरी चरण के लिये काफी विलंब से यहां पहुंचे। मुंबई से उनकी उड़ान खराब मौसम के कारण काफी देरी से पहुंची। तीन दिवसीय भारत दौरे के दूसरे दिन मेस्सी मुंबई में थे और उन्हें सुबह 10 बजकर 45 मिनट पर दिल्ली पहुंचना था लेकिन कोहरे के कारण उनकी चार्टर्ड उड़ान में विलंब हुआ। वह दोपहर दो बजकर 30 मिनट पर दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने के बाद सीधे लीला पैलेस होटल चले गये। उन्होंने वहां चुनिंदा लोगों के साथ मुलाकात की।   

ऑलराउंडर की भविष्यवाणी: IPL का इम्पैक्ट प्लेयर नियम ज्यादा दिन नहीं टिकेगा

नई दिल्ली  न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर जेम्स नीशम ने साफ शब्दों में कहा है कि आईपीएल और कुछ टी20 लीग में जारी इम्पैक्ट प्लेयर रूल को खत्म कर देना चाहिए। आईएलटी20 में दुबई कैपिटल्स के लिए खेल रहे जेम्स नीशम इस लीग के मैच में इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में खेलने उतरे और 16 रन बना सके, जबकि पहले ओवर में 22 रन उन्होंने खर्च कर दिए। वह चाहते हैं कि खिलाड़ियों को तैयारी के लिए समय देने के लिए T20 लीग से यह नियम हटा दिया जाए।   आईपीएल में 2023 से इम्पैक्ट प्लेयर रूल लागू है, जिस पर क्रिकेट एक्सपर्ट का मिला-जुला रिऐक्शन रहा है। टीम इंडिया के पूर्व कोच राहुल द्रविड़, पूर्व कैप्टन रोहित शर्मा और विराट कोहली इम्पैक्ट प्लेयर रूल के खिलाफ नजर आए हैं। उन्होंने कहा था कि इससे ऑलराउंडर्स नहीं पनप रहे, जबकि यह खेल के संतुलन को भी बिगाड़ रहा है। अब जेम्स नीशम ने इस नियम को बकवास बताया है। नीशम का मानना है कि खिलाड़ी इस चीज के लिए तैयार ही नहीं होते हैं, क्योंकि कभी किसी को तो कभी किसी को मौका दे दिया जाता है। दुबई कैपिटल्स द्वारा आयोजित एक बातचीत में जेम्स नीशम ने बताया, “यह एक बेवकूफी भरा नियम है। यह IPL में काम नहीं करता। सच कहूं तो, मुझे नहीं पता कि यह अभी भी क्यों है। यह खिलाड़ियों को गेम के लिए ठीक से तैयारी करने से रोकता है। अगर आपको लगता है कि आप नहीं खेल रहे हैं, तो आप गेम से पहले कभी भी ठीक से ट्रेनिंग नहीं कर सकते, क्योंकि इस बात का चांस रहता है कि आपको आखिरी मिनट में प्लेइंग XI में शामिल किया जा सकता है। इसलिए, आप सच में अपने गेम को डेवलप नहीं कर सकते।” उन्होंने आगे कहा, "यह खिलाड़ियों को गेम के उन हिस्सों पर काम करने से रोकता है जिनमें वे अच्छे नहीं हैं। इसका मतलब है कि आप एक खराब फील्डर हो सकते हैं और इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। इसलिए, मुझे लगता है कि कुल मिलाकर, यह एक बेकार नियम है। उम्मीद है, यह जल्द ही खत्म हो जाएगा। उदाहरण के लिए, अगर आप एक युवा क्रिकेटर हैं, तो आप अपनी फील्डिंग पर काम क्यों करेंगे? क्योंकि अगर आप एक खराब फील्डर हैं, तो आप बस फील्डिंग नहीं करेंगे। आप बस मैदान से बाहर चले जाएंगे। यह बेवकूफी भरा नियम है।" 100 टी20 इंटरनेशनल मैच खेलने के करीब पहुंच चुके जेम्स नीशम दुनिया की तमाम टी20 लीग्स में खेलते हैं और करीब 30 टीमों के लिए वे अलग-अलग लीग्स में खेल चुके हैं। उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट को लेकर कहा, "ठीक है, अब मैं 35 साल का हो गया हूं, तो एक तरह से अपने करियर के आखिरी दौर में हूं। फरवरी में T20 वर्ल्ड कप आने वाला है, जो शायद मेरा आखिरी इंटरनेशनल असाइनमेंट होगा और उसके बाद, बस शेड्यूल मैनेज करना है, अपनी बॉडी को मैनेज करना है, आखिरी समय में ज्यादा से ज्यादा मैच खेलने की कोशिश करनी है और ज्यादा से ज्यादा टीमों के लिए योगदान देने की कोशिश करनी है।"  

सिर्फ 163 पारियां और 300 छक्के! अभिषेक शर्मा ने टी20 में तोड़ा भारतीय रिकॉर्ड

नई दिल्ली  टी20 इंटरनेशनल में दुनिया के नंबर एक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने छक्के जड़ने के मामले में नया रिकॉर्ड बनाया है। वह टी20 में सबसे तेजी से 300 छक्के जड़ने वाले भारतीय बल्लेबाज बन चुके हैं। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एक दिन पहले हुए तीसरे टी20 इंटरनेशनल मैच में शर्मा के पास सबसे तेजी से 300 छक्के जड़ने वाले भारतीय बनने के लिए 3 सिक्स की जरूरत थी। शर्मा ने चेज करते हुए महज 5वें ओवर में ही ये रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। उन्होंने ओट्टेनिल बार्टमैन के उस ओवर की पहली ही गेंद पर छक्का जड़कर टी20 में 300 सिक्स का कारनामा कर दिया।   अभिषेक शर्मा से पहले टी20 में सबसे तेजी से 300 छक्के जड़ने का रिकॉर्ड केएल राहुल के नाम था। राहुल ने 205 टी20 पारियों में 300 छक्कों का आंकड़ा छुआ था लेकिन अभिषेक शर्मा ने सिर्फ 163 पारियों में ये कारनामा कर दिखाया है। टी20 में सबसे कम पारियों में 300 छक्के जड़ने वाले भारतीयों में सूर्यकुमार यादव दूसरे नंबर पर थे और अब वह खिसककर तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। यादव ने 251वीं पारी में 300 छक्के के आंकड़े को छुआ था। अभिषेक शर्मा ने सिर्फ 163 टी20 पारियों में 300 छक्के जड़ दिए हैं टी20 में सबसे ज्यादा सिक्स का रिकॉर्ड यूनिवर्स बॉस के नाम से मशहूर क्रिस गेल के नाम है। उन्होंने 455 पारियों में 1056 छक्के जड़े हैं। वह टी20 में 1000 छक्के जड़ने वाले पहले और अब तक के इकलौते बल्लेबाज हैं। वेस्टइंडीज के ही कायरन पोलार्ड 644 टी20 पारियों में 971 छक्के जड़ चुके हैं और वह टी20 में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने के मामले में गेल के बाद दूसरे नंबर पर हैं। टी20 में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले भारतीय की बात करें तो ये रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम है। उन्होंने टी20 की 450 पारियों में 547 छक्के जड़े हैं। दूसरे नंबर पर विराट कोहली हैं जिन्होंने 397 पारियों में 435 छक्के जड़े हैं। तीसरे नंबर पर सूर्यकुमार यादव हैं जिन्होंने 319 टी20 पारियों में 395 छक्के जड़े हैं। संजू सैमसन भारतीयों में चौथे नंबर पर हैं जिन्होंने 302 पारियों में 368 छक्के जड़े हैं।  

नई गेंद ने बिगाड़ा खेल, भारतीय गेंदबाजों को लेकर मार्करम का बड़ा बयान

नई दिल्ली  दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एडेन मार्करम ने तीसरे टी20 मैच में मिली हार के बाद कहा कि भारत के नई गेंद के गेंदबाजों ने उनके लिये दिक्कतें खड़ी की और उनके बल्लेबाज तेजी से रन नहीं बना सके। भारत के अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा ने पहले चार ओवर के भीतर दक्षिण अफ्रीका के तीन विकेट उस समय निकाल दिये जब स्कोर बोर्ड पर सात रन ही टंगे थे। इन झटकों से मार्करम की टीम उबर नहीं सकी और 117 रन बनाने के बाद सात विकेट से हार गई। मार्करम ने मैच के बाद कहा, ‘उन्होंने सही जगहों पर गेंद डाली। अर्शदीप ने उम्दा गेंदबाजी की। उनके नयी गेंद के दोनों गेंदबाजों ने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया।’ उन्होंने कहा, ‘आपको अनुकूल हालात मिल सकते हैं लेकिन आखिर में गेंदबाजों को सही जगहों पर गेंद डालनी होगी और उन्होने वही किया। उन्हें इसका श्रेय दिया जाना चाहिये। पहली गेंद से ही उन्होंने हमारे लिये मुश्किलें खड़ी की।’ मार्करम ने स्वीकार किया कि हालात चुनौतीपूर्ण थे लेकिन यह भी कहा कि टीम को इसके अनुकूल ढलना होगा। उन्होंने कहा, ‘हालात कठिन थे लेकिन हमें इसके अनुरूप ढलना होगा। मौसम ठंडा था जिसका असर पड़ा लेकिन इससे कोई समस्या नहीं होनी चाहिये। कम स्कोर वाले मैच भी रोमांचक हो सकते हैं।’  

बुमराह बचेंगे बाहर? BCCI ने दिया बड़ा संकेत, आख़िरी 2 T20 मैचों पर क्या कहा?

नई दिल्ली  टीम इंडिया के मुख्य तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह रविवार 14 दिसंबर को धर्मशाला में साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेले गए तीसरे टी20 मैच में नहीं खेले। इसके पीछे का कारण ये था कि वे निजी कारणों से धर्मशाला से सीधे घर चले गए थे। इसी वजह से वे सिलेक्शन के लिए उपलब्ध नहीं थे। अब सवाल ये है कि क्या वे सीरीज के बाकी बचे दो मैचों में उपलपब्ध होंगे? इसका जवाब अभी किसी के पास नहीं है, क्योंकि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई ने एक बयान में कहा कि वह बाकी सीरीज के लिए उनकी उपलब्धता के बारे में 'सही समय पर' पर अपडेट दिया जाएगा।   साउथ अफ्रीका के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के तीसरे मुकाबले में टॉस के बाद सूर्यकुमार यादव ने बताया था कि जसप्रीत बुमराह निजी कारणों के चलते टीम से बाहर हो गए हैं। वहीं, कुछ देर बाद बीसीसीआई ने जानकारी देते हुए बताया था, "जसप्रीत बुमराह निजी कारणों से घर लौट गए हैं और गेम के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे। बाकी मैचों के लिए उनके स्क्वॉड में शामिल होने के बारे में अपडेट सही समय पर दिया जाएगा।" इससे साफ है कि शायद आगे के मैचों में भी उनकी उपलब्धता पर संदेह होगा। पांच मैचों की टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला लखनऊ में 17 दिसंबर को है, जबकि 19 दिसंबर को आखिरी मुकाबला अहमदाबाद में है। थोड़ा सा वक्त और चाहिए होगा तो वे लखनऊ के मैच को मिस कर सकते हैं और अपने होम ग्राउंड पर आखिरी मैच खेल सकते हैं। हालांकि, आधिकारिक तौर पर अभी तक बीसीसीआई या जसप्रीत बुमराह ने कुछ नहीं कहा है। दो बदलाव हुए थे टीम में धर्मशाला टी20 मैच के लिए दो बदलाव भारतीय टीम को करने पड़े। जसप्रीत बुमराह के अलावा अक्षर पटेल को भी प्लेइंग इलेवन से बाहर किया गया था, क्योंकि वे ठीक नहीं थे। उनकी जगह हर्षित राणा और कुलदीप यादव को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया था। बुमराह की जगह आए हर्षित राणा ने कमाल की गेंदबाजी की, जबकि कुलदीप यादव ने भी टीम इंडिया को दो विकेट दिलाए। हर्षित ने पहले ही ओवर में सफलता हासिल की थी और दो विकेट कुल उनको मिले।  

हार्दिक पंड्या का ऐतिहासिक शतक, T20 में 1000 रन और 100 विकेट पूरे कर रचा इतिहास

मुंबई  भारत-साउथ अफ्रीका के बीच तीसरा टी20 मैच धर्मशाला में खेला गया. इस मुकाबले में स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली है. हार्दिक अब पुरुष टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 1000 से ज्यादा रन बनाने और 100 से ज्यादा विकेट लेने वाले दुनिया के पहले तेज गेंदबाज बन गए हैं. यह रिकॉर्ड उन्हें न सिर्फ भारत बल्कि विश्व क्रिकेट में एक खास मुकाम दिलाता है. अब तक यह कारनामा सिर्फ स्पिन ऑलराउंडरों ने ही हासिल किया था. बांग्लादेश के शाकिब अल हसन, अफगानिस्तान के मोहम्मद नबी और जिम्बाब्वे के सिकंदर रजा पहले ही टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 1000+ रन और 100+ विकेट का डबल पूरा कर चुके हैं. हार्दिक पंड्या इन तीनों के बाद यह उपलब्धि हासिल करने वाले चौथे खिलाड़ी हैं, लेकिन तेज गेंदबाजों में वह इस सूची में अकेले हैं. 100 टी20 विकेट लेने वाले तीसरे भारतीय इसके साथ ही हार्दिक पंड्या भारत के लिए 100 टी20 अंतरराष्ट्रीय विकेट लेने वाले तीसरे पुरुष गेंदबाज भी बन गए हैं. उनसे पहले यह उपलब्धि सिर्फ अर्शदीप सिंह और जसप्रीत बुमराह ने हासिल की थी. अर्शदीप सिंह के नाम 112 विकेट हैं, जबकि जसप्रीत बुमराह ने 101 विकेट पूरे किए हैं. हार्दिक पंड्या की यह उपलब्धि उनकी ऑलराउंड क्षमता को दर्शाती है. वह निचले क्रम में तेज रन बनाने की काबिलियत रखते हैं और जरूरत पड़ने पर टीम के लिए अहम विकेट भी निकालते हैं.  100 छक्के भी पूरे किए इस सीरीज के पहले मैच में हार्दिक पंड्या ने टी20 में अपने 100 छक्के भी पूरे किए थे. वो रोहित-कोहली के क्लब में शामिल हुए थे. भारत के लिए टी20 में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड रोहित शर्मा के पास है. उन्होंने 205 छक्के लगाए हैं. वहीं, दूसरे नंबर पर सूर्या आते हैं जिन्होंने 155 छक्के लगाए हैं. विराट कोहली 124 छक्के लगा चुके हैं. अब इस लिस्ट में अगला नंबर हार्दिक का है. जिनके नाम 100 से ज्यादा छक्के हैं. केएल राहुल के 99 छक्के हैं.

भारत ने स्क्वॉश वर्ल्ड कप 2025 जीता, हॉन्ग कॉन्ग को हराकर अनाहत सिंह ने चमकाया नाम

नई दिल्ली भारतीय स्क्वॉश टीम ने इतिहास रचते हुए स्क्वॉश वर्ल्ड कप 2025 का खिताब अपने नाम कर लिया है. चेन्नई के एक्सप्रेस एवेन्यू मॉल में रविवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने हॉन्ग कॉन्ग को हराकर पहली बार यह ट्रॉफी जीती. 17 वर्षीय अनाहत सिंह ने निर्णायक जीत दर्ज कर भारत की ऐतिहासिक सफलता पर अंतिम मुहर लगाई. पहली बार भारत बना चैम्पियन यह भारत का पहला स्क्वॉश वर्ल्ड कप खिताब है. इससे पहले भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2023 संस्करण में कांस्य पदक रहा था. दूसरी वरीयता प्राप्त भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं गंवाया, जो उसकी शानदार लय और दबदबे को दर्शाता है. ऐसे रहा भारतीय टीम का प्रदर्शन ग्रुप चरण में भारत ने स्विट्जरलैंड और ब्राज़ील को 4-0 से हराया. इसके बाद क्वार्टर फाइनल में साउथ अफ्रीका और सेमीफाइनल में दो बार की चैंपियन मिस्र को 3-0 से मात देकर भारत ने फाइनल में जगह बनाई.  फाइनल मुकाबले में अनुभवी खिलाड़ी जोशना चिनप्पा ने भारत को शानदार शुरुआत दिलाई. महिला सिंगल्स में उन्होंने वर्ल्ड नंबर 37 ली का यी को 3-1 से हराया. इसके बाद पुरुष सिंगल्स में भारत के शीर्ष रैंक खिलाड़ी अभय सिंह ने एलेक्स लाउ को 3-0 से शिकस्त देकर भारत को 2-0 की बढ़त दिला दी. अनाहत सिंह का दिखा जलवा खिताबी मुकाबले में 17 वर्षीय अनाहत सिंह ने दबाव में बेहतरीन खेल दिखाया. उन्होंने वर्ल्ड नंबर 31 टोमाटो हो को 3-0 से हराकर भारत के लिए ऐतिहासिक जीत पक्की कर दी. इसके बाद पुरुष सिंगल्स का आखिरी मैच खेलने की जरूरत ही नहीं पड़ी. इस जीत के साथ भारत ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और मिस्र के बाद स्क्वॉश वर्ल्ड कप जीतने वाला चौथा देश बन गया. यह टूर्नामेंट लगातार तीसरी बार चेन्नई में आयोजित हुआ. स्क्वॉश अब 2028 लॉस एंजेलिस ओलंपिक में अपना डेब्यू करने जा रहा है.  

भारत ने अफ्रीका को 7 विकेट से हराया, सीरीज में 2-1 से बढ़त, वरुण-अभिषेक का जलवा

धर्मशाला  भारत-साउथ अफ्रीका के बीच तीसरा टी20 मैच धर्मशाला में खेला गया. इस मैच में भारतीय टीम ने 7 विकेट से जीत हासिल की और 5 मैचों की सीरीज में 2-1 से बढ़त बना ली. इस मुकाबले में भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया था. साउथ अफ्रीका की पारी 117 के स्कोर पर सिमट गई. इसके जवाब में भारतीय टीम ने 16वें ओवर में 3 विकेट खोकर इस टोटल को चेज कर लिया. सीरीज का चौथा मैच अब बुधवार को लखनऊ में खेला जाएगा. ऐसे रही भारत की पारी 118 के जवाब में उतरी भारत की शुरुआत बेहद शानदार रही. शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी की. हालांकि, छठे ओवर में भारत को पहला झटका लगा जब अभिषेक शर्मा 18 गेंदों में 35 रनों की पारी खेलकर आउट हो गए. लेकिन गिल और तिलक वर्मा जमे रहे. 10 ओवर में भारत का स्कोर 88-1 था. 12वें ओवर में भारत को दूसरा झटका लगा जब शुभमन गिल 28 गेंदों में 28 रन बनाकर आउट हुए. 15वें ओवर में भारत को तीसरा झटका लगा जब सूर्यकुमार यादव 12 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद शिवम दुबे और तिलक वर्मा ने भारत को 16वें ओवर में जीत दिलाई. तिलक के बल्ले से नाबाद 25 तो शिवम के बल्ले से नाबाद 10 रन आए. सीरीज का चौथा मैच बुधवार को खेला जाएगा. वरुण की दिखी मिस्ट्री इस मैच में मिस्ट्री गेंदबाज वरुण चक्रवर्ती ने शानदार प्रदर्शन किया. वरुण ने 4 ओवर में सिर्फ 11 रन खर्च किए और 2 विकेट झटके. साउथ अफ्रीकी बल्लेबाजों के पास उनकी फिरकी का कोई जवाब नहीं दिखा. इस मैच में वरुण ने एक रिकॉर्ड भी अपने नाम किया. उन्होंने इस मैच में अपने 50 टी20 विकेट पूरे किए. केवल 32 मैच में उन्होंने ये उपलब्धि हासिल की. कुलदीप के बाद वो सबसे तेज 50 विकेट पूरे करने वाले भारतीय गेंदबाज बन गए हैं. गेंदबाजों की दिखी केमेस्ट्री भारतीय गेंदबाजी की खास बात ये रही की हर गेंदबाज के खाते में विकेट आया. कप्तान सूर्या ने इस मैच में 6 गेंदबाजों का इस्तेमाल किया. और हर गेंदबाज ने विकेट निकाल कर दिया. अर्शदीप, हर्षित, वरुण और कुलदीप को 2-2 सफलता मिली. जबकि शिवम दुबे और हार्दिक पंड्या के खाते में एक-एक विकेट आए. अभिषेक का दिखा दम, लेकिन गिल-सूर्या सवालों में इस मैच में 118 रनों के जवाब में उतरी भारतीय टीम की तरफ से अभिषेक शर्मा फिर रंग में दिखे. उन्होंन 18 गेंदों में 35 रन जड़कर ठोस शुरुआत दिलाई. अपनी पारी में उन्होंने 3 चौके और 3 छक्के लगाए. लेकिन गिल और सूर्या की बैटिंग सवालों में रही.  गिल के बल्ले से जरूर 28 रन आए लेकिन उसके लिए उन्हें 28 गेंद खेलनी पड़ी. वो लय में नहीं दिखे. जिस तरह से वो आउट हुए उससे साफ है की वो अभी कॉन्फिडेंस में नहीं हैं. वहीं, सूर्या भी जब बैटिंग के लिए आए तो रंग में नहीं दिखे. भारत की जीत तब लगभग पक्की थी. लेकिन सूर्या मैच फिनिश नहीं कर पाए. उन्होंने 11 गेंद में 12 रन बनाए और आउट हो गए. सीरीज का चौथा मैच 17 दिसंबर को लखनऊ में होगा.   ऐसे रही साउथ अफ्रीका की बैटिंग पहले बल्लेबाजी करने उतरी साउथ अफ्रीका की शुरुआत बेहद खराब रही. पहले ही ओवर में अर्शदीप सिंह ने हेंड्रिक्स का विकेट झटका. हेंड्रिक्स खाता भी नहीं खोल सके. इसके बाद अगले ही ओवर में हर्षित राणा ने क्विंटन डिकॉक का विकेट चटकाया. फिर चौथे ओवर में हर्षित को एक और सफलता मिली और 10 रन के भीतर ही साउथ अफ्रीका के तीन विकेट गिर गए. इसके बाद 7वें ओवर में हार्दिक पंड्या ने स्टब्स का विकेट झटका और साउथ अफ्रीका को चौथा झटका दिया. इसी के साथ टी20 में हार्दिक के 100 विकेट भी पूरे हो गए. 11वें ओवर में शिवम दुबे ने साउथ अफ्रीका को 5वां झटका दिया और बॉस का विकेट झटका. तब साउथ अफ्रीका का स्कोर महज 44 रन था. इसके बाद 14वें ओवर में वरुण ने फरेरा का विकेट झटका और छठी सफलता टीम को दिलाई. इसके बाद 16वें ओवर में वरुण ने साउथ अफ्रीका को 7वां झटका दिया. यानसेन ने 2 रन बनाए. 19वें ओवर में अर्शदीप ने मार्करम का विकेट झटका. मार्करम ने 61 रन बनाए. आखिरी ओवर लेकर कुलदीप यादव आए और उन्होंने नोर्किया का विकेट झटका. इसके बाद कुलदीप ने 117 पर साउथ अफ्रीका को समेट दिया. ऐसा रहा भारतीय गेंदबाजों का प्रदर्शन इस मैच में भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया. अर्शदीप ने 4 ओवर में 13 रन देकर 2 विकेट लिए. जबकि हर्षित राणा को भी 2 सफलता मिली. हार्दिक और शिवम दुबे ने एक विकेट लिया. जबकि वरुण और कुलदीप को 2-2 विकेट मिले.  भारत की प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव हुए इस मैच के लिए भारत ने अपनी प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव किए. अक्षर पटेल और जसप्रीत बुमराह की प्लेइंग इलेवन से छुट्टी हुई. जबकि उनकी जगह हर्षित राणा और कुलदीप यादव को मौका दिया गया. कप्तान सूर्या ने बताया कि अक्षर पटेल बीमार हैं, जबकि बुमराह निजी कारणों से अपने घर लौट गए हैं. वो बाकी मैचौं के लिए उपलब्ध रहेंगे.

युवा टीम इंडिया का जलवा, U19 एशिया कप में पाकिस्तान को करारी शिकस्त

नई दिल्ली  भारतीय टीम ने रविवार को U19 एशिया कप 2025 में पाकिस्तान को 90 रनों से शिकस्त दी। अंडर-19 एशिया कप के पांचवें मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 46.1 ओवर में सभी विकेट खोकर 240 रन बनाए। इसके जवाब में दुबई के आईसीसी अकैडमी ग्राउंड पर पाकिस्तान की टीम 41.2 ओवर में सभी विकेट खोकर 150 रन ही बना सकी। पाकिस्तान की ओर से हुजैफा अहसन ने सर्वाधिक 70 रन बनाए। भारत के लिए दीपेश और कनिष्क ने 3-3 विकेट लिए।   241 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान ने धीमी शुरुआत की। टीम ने 8 ओवर तक कोई विकेट नहीं गंवाया और 21 रन बनाए। लेकिन 9वें और 11वें ओवर में दीपेश ने पाकिस्तान को डबल झटके दिए। दीपेश ने समीर (9) और अली हसन (0) को पवेलियन का रास्ता दिखाया। इसके बाद अहमद 4 रन ही बना सके। सलामी बल्लेबाज उसमान खान 42 गेंद में 16 रन ही बना सके। कप्तान फरहान यूसुफ ने 34 गेंद में 23 रन बनाकर आउट हुए। हमजा 4 रन ही बना सके। अब्दुल ने 6 रन बनाए। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 46.1 ओवर में 240 रन बनाए हैं। भारतीय बल्लेबाजों ने अच्छी शुरुआत की लेकिन लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए, जिसके कारण टीम बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर पाई। भारत की ओर से आरोन जॉर्ज ने शानदार प्रदर्शन किया और लगातार दूसरा अर्धशतक जमाया, लेकिन वह शतक से चूक गए। पाकिस्तान के लिए मोहम्मद सय्याम, अब्दुल सुभान ने 3-3 विकेट चटकाए। निकाब शफीक ने दो विकेट हासिल किए। वैभव सूर्यवंशी सस्ते में आउट हुए, वहीं कप्तान आयुष म्हात्रे ने तेज तर्रार शुरुआत तो दिलाई, मगर वह बड़ी पारी नहीं खेल पाए। म्हात्रे ने 38 रन बनाे। नंबर-3 पर उतरे आरोन जॉर्ज ने 85 रनों की शानदार पारी खेली, मगर वह शतक से चूक गए।

तीसरा टी20 मुकाबला: हर्षित राणा ने किया ब्रेविस का शिकार, साउथ अफ्रीका की हालत खस्ता

धर्मशाला आज भारत और साउथ अफ्रीका के बीच धर्मशाला में तीसरा टी20 मुकाबला खेला जा रहा है। भारत ने टॉस जीतकर साउथ अफ्रीका को बैटिंग का न्योता दिया है। भारत को मजबूरन दो बदलाव करने पड़े हैं। जसप्रीत बुमराह निजी कारणों से प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं हैं। अक्षर पटेल की तबीयत खराब है। ऐसे में हर्षित राणा और कुलदीप यादव को मौका मिला है। साउथ अफ्रीका ने तीन बदलाव किए हैं। साउथ अफ्रीका ने कॉर्बिन बॉश, एनरिक नॉर्खिया और ट्रिस्टन स्टब्स को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया है। सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली भारतीय टीम सीरीज में बढ़त हासिल करने की फिराक में होगी। पांच मैचों की सीरीज फिलहाल 1-1 की बराबरी पर है। भारत ने पहला मैच 101 से रनों जीता जबकि साउथ अफ्रीका ने दूसरे टी20 में 51 रनों से बाजी मारी। रविवार को सभी की निगाहें उपकप्तान शुभमन गिल पर होंगी। गिल इस फॉर्मेट में खुद को साबित कर चुके संजू सैमसन की जगह लेने के बाद अपने प्रदर्शन से प्रभावित करने में नाकाम रहे हैं। डिकॉक बने हर्षित का शिकार साउथ अफ्रीका का दूसरा विकेट किंटन डिकॉक के रूप में गिरा है। पिछले मैच में 90 रनों की पारी खेलने वाले डिकॉक ने तीन गेंदों में एक रन बनाया। उन्हें हर्षित राणा ने दूसरे ओवर की दूसरी गेंद पर एलबीडब्ल्यू किया। कप्तान एडेन मार्करम और डेवाल्ड ब्रेविस क्रीज पर हैं। अर्शदीप ने दिलाई सफलता अर्शदीप सिंह ने पहले ओवर में भारत को सफलता दिलाई है। उन्होंने चौथी गेंद पर रीजा हेंड्रिक्स को एलबीडब्ल्यू आउट किया। मैदानी अंपायर ने अर्शदीप की अपील को नकारा दिया था, जिसके बाद भारत ने रिव्यू लिया और रीज को पवेलियन लौटना पड़ा। उनका खाता नहीं खुला। क्विंटन डिकॉक ने एक रन बनाया।