samacharsecretary.com

क्रिकेट अपडेट: रोहित और कोहली के विदेशी मैचों के लिए फिटनेस ट्रिक्स दीप दास से

नई दिल्ली  भारतीय टीम के दिग्गज खिलाड़ी रोहित शर्मा और विराट कोहली ने पिछले एक साल के अंदर क्रिकेट के दो फॉर्मेट (टेस्ट, टी20) से संन्यास ले लिया है। इंटरनेशनल स्तर पर अब ये खिलाड़ी सिर्फ वनडे में खेलते हुए नजर आएंगे। हालांकि आगामी वनडे विश्व कप 2027 को देखते हुए दोनों की फिटनेस और मैच टाइम को लेकर काफी चर्चा हो रही है और कई रिपोर्ट में ये भी दावा किया गया कि दोनों क्रिकेटर्स को संन्यास लेने के लिए कहा जा सकता है। इस मामले पर पूर्व क्रिकेटर दीप दासगुप्ता ने रोहित-कोहली का साथ दिया है और कहा कि किसी को यह निर्देश देने का अधिकार नहीं है कि उन्हें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से कब संन्यास लेना चाहिए। हालांकि उन्होंने दोनों स्टार बल्लेबाजों को घरेलू क्रिकेट में खेलने की सलाह दी है। विराट कोहली और रोहित शर्मा के वनडे विश्व कप 2027 तक खेलने पर भी संशय के बादल मडरा रहे हैं। क्योंकि इस दौरान भारत को काफी कम वनडे मैच खेलने हैं, ऐसे में भारत के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज दीप दास गुप्ता ने कहा है कि दोनों बल्लेबाजों को इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया में घरेलू क्रिकेट खेलना चाहिए। दीप दासगुप्ता ने कहा, ''उदाहरण के तौर पर आईपीएल दो महीने चलेगा। वे शायद 8-9 वनडे खेलेंगे। अब इनके बीच आपके पास विजय हजारे ट्रॉफी है, उसके बाद अगर वे चाहते हैं तो इंग्लैंड में 50 ओवर का गेम खेल सकते हैं। आपके पास क्रिकेट खेलने के विकल्प हैं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नहीं लेकिन हैं।'' उन्होंने आगे कहा, ''मुझे जानकारी नहीं है कि इसकी संभावना है कि नहीं, शायद दक्षिण अफ्रीका जाएं या ऑस्ट्रेलिया जाकर वहां कुछ 50 ओवर के मैच खेलें। मुझे पता है, जहां तक इंग्लैंड का सवाल है, यह निश्चित रूप से एक विकल्प है। हालांकि, मुझे दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया से जुड़े नियमों के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है, लेकिन असल बात है उनकी भूख। अगर उनमें पर्याप्त भूख है, तो वे कोई न कोई रास्ता निकाल ही लेंगे।'' पूर्व क्रिकेटर ने कहा, ''किसी के पास भी इसका अधिकार नहीं है। हमने उन्हें कभी शुरू करने के लिए नहीं कहा, इसलिए हम उन्हें यह बताने वाले कोई नहीं हैं कि कब रुकना है। वे जब रुकते हैं, तब रुकते हैं। यह पूरी तरह से उन पर निर्भर है।"  

क्रिकेट एक्सपर्ट आकाश चोपड़ा का बयान: बुमराह या अख्तर, कौन करेगा बड़ा धमाका?

नई दिल्ली जसप्रीत बुमराह और शोएब अख्तर में ज्यादा खतरनाक कौन है? हाल ही में यही सवाल पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा से पूछा गया। सवाल तो वाकई मुश्किल था। दोनों ही आखिर खतरनाक जो हैं। जसप्रीत बुमराह यानी मौजूदा दौर का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज। जो अपनी खतरनाक गेंदों से बड़े से बड़े बल्लेबाजों के छक्के उड़ा देते हैं। दूसरी तरफ पाकिस्तान का पूर्व तूफानी गेंदबाज, रावलपिंडी एक्सप्रेस। जिसकी तूफानी गेंदें बल्लेबाजों के दिल-जिगर में खौफ पैदा कर देती थीं। चोपड़ा से पूछा गया कि शोएब अख्तर के जमाने में उनका सामना करना ज्यादा खतरनाक था या आज के दौर में जसप्रीत बुमराह का। आकाश चोपड़ा से CREX के यूट्यूब चैनल पर जब ये सवाल हुआ तब उनका जवाब था- जसप्रीत बुमराह। इस दौरान चोपड़ा से यह भी पूछा गया कि आप किस बल्लेबाज की बल्लेबाजी देखने के लिए पैसा तक देने के लिए तैयार हो जाएंगे। इस पर उनका जवाब था- विराट कोहली। किंग कोहली ने इस साल आईपीएल के बीच में ही अचानक टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया था। जसप्रीत बुमराह की बात करें तो भारत के इस स्टार पेसर ने अब तक 48 टेस्ट में 219 विकेट झटके हैं। इसके अलावा ओडीआई में उनके नाम 89 मैच में 149 और टी20 इंटरनेशनल में 70 मैच में 89 विकेट दर्ज हैं। शोएब अख्तर की बात करें तो उन्होंने अपने करियर में 46 टेस्ट खेले जिनमें उनके नाम 178 विकेट दर्ज हैं। इसी तरह ओडीआई में उनके नाम 163 मैच में 247 विकेट और T20I में 15 मैच में 19 विकेट दर्ज हैं। इससे पहले आकाश चोपड़ा ने विकेटकीपर बल्लेबाज के लिए जीतेश शर्मा का समर्थन करते हुए उन्हें एशिया कप में प्लेइंग इलेवन में शामिल किए जाने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि जितेश शर्मा एशिया कप में प्लेइंग इलेवन में खेलेंगे। हमें पहले से लेकर तीसरे क्रम के बारे में बहुत सोचना नहीं चाहिए क्योंकि वह वहां तो चांस नहीं पाएंगे। हालांकि, नंबर से 7 तक पर वह काफी बेहतर होंगे।' एशिया कप 9 सितंबर से शुरू हो रहा है। भारत का पहला मुकाबला 10 सितंबर को है। 14 सितंबर को चिरप्रतिद्वंद्वी भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला है। इस मैच को लेकर एक तबका बहिष्कार की आवाज बुलंद कर रहा है।  

लीग फेज में बांग्लादेश का सफर खतरे में, एशिया कप पर क्रिकेट एक्सपर्ट की भविष्यवाणी

नई दिल्ली  पूर्व भारतीय क्रिकेटर और मौजूदा क्रिकेट एक्सपर्ट आकाश चोपड़ा ने दावा किया है कि टी20 एशिया कप 2025 में बांग्लादेश की टीम लीग फेज में ही बाहर हो सकती है। आकाश चोपड़ा ने पूरा विश्लेषण किया है और बताया है कि ग्रुप बी से कौन-कौन सी टीम सुपर 4 के लिए क्वॉलिफाई कर सकती है। ग्रुप बी में बांग्लादेश के अलावा अफगानिस्तान, श्रीलंका और हॉन्ग कॉन्ग की टीम है। एशिया कप 9 सितंबर से यूएई में खेला जाना है। आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब वीडियो में बांग्लादेश को लेकर कहा, “बांग्लादेश की टीम वैसे तो बहुत अच्छा करती आ रही है, लेकिन अब वे ग्रुप ऑफ डेथ में हैं। इसमें श्रीलंका भी है, अफगानिस्तान भी वहीं पर है और हॉन्ग कॉन्ग चौथी टीम है। अफगानिस्तान ने तो अभी पाकिस्तान को हरा दिया है यूएई में। अब बांग्लादेश के लिए काम कठिन है। हालांकि, फास्ट बॉलिंग में दमखम है, लेकिन अब स्पिनर उनके पास नहीं हैं, जो एक समय पर बहुत हुआ करते थे।” उन्होंने आगे कहा, "बड़ी सिंपल सी बात ये है कि उनके पास खोने के लिए कुछ नहीं है, जबकि पाने के लिए बहुत कुछ है, क्योंकि पिछले कई समय से अब ये मल्टीनेशन टूर्नामेंट में अच्छा नहीं कर रहे हैं। एक समय होता था ये अच्छा करते थे और दावेदार होते थे, लेकिन अब सिर्फ भागीदार होते हैं। थोड़े से अब आपके पास बड़े-बड़े नाम नहीं है तो उनकी अगर परछाई से निकल चुके हैं तो फिर आइए कुछ नई कहानी लिखिए। आकाश चोपड़ा ने इसी वीडियो में आगे दावा किया, "मुझे तो लग रहा है कि ये फंस जाएंगे। अफगानिस्तान श्रीलंका असल में इस ग्रुप से क्वॉलिफाई करते नजर आ रहे हैं, जो ग्रुप ऑफ डेथ है। अफगानिस्तान अब एक अच्छी टीम टी20 क्रिकेट में है, जबकि श्रीलंका की टीम मल्टीनेशन टूर्नामेंट में पीछे नहीं हटती। वे पिछली बार फाइनल में पहुंचे थे और उसले टी20 एशिया कप का खिताब भी जीते थे। ऐसे में हो सकता है कि लीग स्टेज में ही बांग्लादेश की कहानी समाप्त हो जाए। इस बात की संभावना है।"  

भारतीय स्टार युकी भांबरी का जलवा, अब US ओपन सेमीफाइनल में भिड़ेंगे ब्रिटिश जोड़ी से

न्यूयॉर्क यूएस ओपन 2025 से भारतीय फैन्स के लिए बेहतरीन खबर सामने आई है. भारत के स्टार टेनिस खिलाड़ी युकी भांबरी ने मेन्स डबल्स के सेमीफाइनल में जगह बना ली है. भांबरी और न्यूजीलैंड के माइकल वीनस की जोड़ी ने अपना क्वार्टर फाइनल मुकाबला जीत लिया. 13वीं वरीयता प्राप्त भांबरी-वीनस ने बुधवार (3 सितंबर) को न्यूयॉर्क में खेले गए क्वार्टर फाइनल में 11वीं सीड राजीव राम (यूएसए) और निकोला मेटकिक (क्रोएशिया) को 6-3, 6-7 (6), 6-3 से हराया. यह मैच 2 घंटा और 37 मिनट तक चला. पहली बार युकी भांबरी किसी ग्रैंड स्लैम के सेमीफाइनल में पहुंचे हैं.  इससे पहले वह पिछले साल यूएस ओपन में प्री-क्वार्टर फाइनल तक पहुंचे थे. अब मौजूदा प्रदर्शन से युकी भांबरी डबल्स रैंकिंग में टॉप-25 में पहुंच जाएंगे. बता दें कि आखिरी बार किसी भारतीय ने यूएस ओपन का खिताब 2015 में जीता था. तब लिएंडर पेस और सानिया मिर्जा क्रमशः मिक्स्ड डबल्स और महिला डबल्स में चैम्पियन बने थे. रोहन बोपन्ना 2023 में यूएस ओपन के फाइनल तक पहुंचे थे, लेकिन खिताब जीतने से चूक गए थे. युकी भांबरी-माइकल वीनस ने बेहतरीन शुरुआत करते हुए पहला सेट 6-3 से जीता. दूसरा सेट बेहद रोमांचक रहा और टाई-ब्रेक तक खिंच गया. इस दौरान युकी डबल फॉल्ट कर बैठे, जिसका फायदा उठाकर राम- मेटकिक ने टाईब्रेकर को 8-6 से जीत मैच में बराबरी कर ली. निर्णायक सेट में भांबरी-वीनस ने शानदार वापसी की और जल्दी ही ब्रेक हासिल करके हासिल कर बढ़त बनाई, जो निर्णायक रहा. अब युकी-वीनस की किससे टक्कर? निकोला मेटकिक और माइकल वीनस इस साल के फ्रेंच ओपन में एक साथ खेले थे. तब दोनों को युकी भांबरी और उनके पुराने जोड़ीदार (रॉबर्ट गैलोवे) ने हराया था. अबकी बार बाजी युकी भांबरी और माइक वीनस ने जीती. शुक्रवार को होने वाले सेमीफाइनल में युकी भांबरी और माइकल वीनस का सामना छठी वरीय ब्रिटिश जोड़ी नील स्कप्स्की और जो सेलिसबरी से होगा. 33 साल के युकी भांबरी ने जियोहॉटस्टार से कहा, 'हर खिलाड़ी का सपना होता है कि वह ग्रैंड स्लैम जीते. जब मैंने पहली बार रैकेट उठाया, तो पीट सम्प्रास और आंद्रे अगासी को ट्रॉफी उठाते देखकर मोटिवेट हुआ था. यही वजह थी कि मैंने टेनिस खेलना शुरू किया. आज भी जब कोर्ट पर उतरता हूं तो यही सपना होता है कि एक दिन ग्रैंड स्लैम जीतूं.'

सरगुजा की खुशबू गुप्ता चमकीं, छत्तीसगढ़ महिला नेटबॉल टीम ने जीता ब्रॉन्ज मेडल

रायपुर पलवल (हरियाणा) में 28 से 31 अगस्त तक आयोजित 4थी सीनियर राष्ट्रीय फास्ट फाइव नेटबॉल चेम्पियनशिप में छत्तीसगढ़ महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। राष्ट्रीय कोच राजेश प्रताप सिंह ने बताया कि सेमीफाइनल मुकाबले में छत्तीसगढ़ टीम को हरियाणा से हार का सामना करना पड़ा, लेकिन तीसरे स्थान के लिए हुए निर्णायक मुकाबले में टीम ने राजस्थान को हराकर कांस्य पदक जीता। पदक वितरण हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम द्वारा किया गया। खुशबू पूर्व में भी कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर जिले और प्रदेश का नाम रोशन कर चुकी हैं। नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सचिव रजत सिंह ने खुशबू गुप्ता को बधाई देते हुए कहा कि इस उपलब्धि से सरगुजा ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश में नेटबॉल खेल को नई पहचान मिलेगी। वर्तमान में वह जी माउंट लिटर स्कूल में प्रशिक्षक के रूप में कार्यरत हैं। विद्यालय प्रबंधन द्वारा उन्हें निरंतर प्रोत्साहन और सहयोग मिलता रहा है।

शिखर धवन मुश्किल में? ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले में ED करेगी सवाल-जवाब

नई दिल्ली अवैध सट्टेबाजी ऐप से जुड़े धन शोधन मामले में प्रवर्तन निदेशालय ( ईडी ) के सामने अब भारतीय टीम के पूर्व ओपनिंग बल्लेबाज शिखर धवन को पेश होना होगा। वे इस मामले में फंसने वाले कुल चौथे भारतीय क्रिकेटर हैं। उनसे पहले सुरेश रैना , युवराज सिंह और हरभजन सिंह से भी पूछताछ हो चुकी है। शिखर धवन से ईडी की पूछताछ क्रिकेटर शिखर धवन को ED ने एक बेटिंग ऐप के प्रमोशन मामले में बुलाया है। यह मामला 1xBet नाम के ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म से जुड़ा है। आरोप है कि धवन ने सोशल मीडिया पर इस ऐप का प्रचार किया था। ED यह जानना चाहती है कि इस प्रमोशन में उनकी क्या भूमिका थी। इसलिए उन्हें जांच में शामिल होने के लिए कहा गया है। ईडी कर रही क्या जांच आपको बता दें कि यह मामला अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म से जुड़ा है, जिसके प्रचार में धवन की तस्वीरों के इस्तेमाल को लेकर विवाद भी सामने आया है. बताया जा रहा है कि फिलहाल अधिकारियों के अनुसार, ED इस बात की जांच कर रही है कि क्या धवन की किसी भूमिका या सहमति के तहत यह प्रचार हुआ, और क्या इससे जुड़े वित्तीय लेन-देन मनी लॉन्ड्रिंग के दायरे में आते हैं. सुरेश रैना से भी हो चुकी पूछताछ इससे पहले पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना से कथित अवैध सट्टेबाजी ऐप से जुड़े धन शोधन मामले में आठ घंटे से अधिक पूछताछ हो चुकी है. तब सूत्रों ने बताया कि संघीय जांच एजेंसी ने एक ‘‘अवैध'' सट्टेबाजी ऐप (1एक्सबेट) से जुड़ी जांच के सिलसिले में धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत उनका बयान दर्ज किया. ऐसा माना जा रहा है कि पूर्व भारतीय क्रिकेटर कुछ विज्ञापनों के जरिए इस ऐप से जुड़े हुए हैं. सूत्रों ने बताया कि ईडी इस ऐप से उनके संबंधों, इसके प्रचार से की गई कमायी और दोनों पक्षों के बीच संचार के माध्यम के बारे में पूछताछ करना चाहती है. गूगल और मेटा से भी पूछताछ एजेंसी ने हाल ही में इस जांच के तहत गूगल और मेटा के प्रतिनिधियों को पूछताछ के लिए बुलाया था. उसने ‘परिमैच' नामक एक ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप के खिलाफ इसी तरह की जांच के सिलसिले में कई राज्यों में तलाशी भी ली थी. एजेंसी विभिन्न अवैध सट्टेबाजी ऐप से जुड़े कई ऐसे मामलों की जांच कर रही है, जिनमें लोगों और निवेशकों से करोड़ों रुपये की ठगी किए जाने या भारी मात्रा में कर चोरी का आरोप है. बाजार विश्लेषण कंपनियों और जांच एजेंसियों के अनुमान के अनुसार, ऐसे विभिन्न ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप्स के लगभग 22 करोड़ भारतीय उपयोगकर्ता हैं, जिनमें से आधे (लगभग 11 करोड़) नियमित उपयोगकर्ता हैं. मनी लॉन्ड्रिंग का शक है जांच अधिकारियों का कहना है कि 1xBet पर मनी लॉन्ड्रिंग का शक है। मनी लॉन्ड्रिंग का मतलब है गैरकानूनी तरीके से कमाए गए पैसे को छुपाना। ED इस बात की जांच कर रही है कि क्या धवन ने इस ऐप का प्रचार करके कोई गलत काम किया है। ED ने धवन को पेश होकर अपना पक्ष रखने को कहा है। उनसे पूछा जाएगा कि उन्होंने किस तरह से ऐप का प्रमोशन किया और उन्हें इसके लिए क्या मिला। उन्हें जांच में शामिल होने के लिए कहा गया है ताकि वे प्रमोशन गतिविधियों में अपनी भूमिका स्पष्ट कर सकें। कई स्टार्स के खिलाफ मामला हुआ है दर्ज इससे पहले ईडी ने अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप्स की अपनी जांच में क्रिकेटर हरभजन सिंह, सुरेश रैना, युवराज सिंह और एक्ट्रेस अभिनेत्री उर्वशी रौतेला से भी पूछताछ की थी। वहीं मई में तेलंगाना पुलिस ने राणा दग्गुबाती और प्रकाश राज सहित 25 लोकप्रिय अभिनेताओं के खिलाफ मामले दर्ज किए थे।  

IPL देखना जेब पर भारी, टिकट रेट में 40% GST से लगी महंगाई की मार

मुंबई  इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के मैच देखने के लिए फैन्स को अब ज्यादा रुपये खर्च करने पड़ेगे. कहने का मतलब ये है कि आईपीएल के टिकट्स अब पहले की तुलना में और महंगे हो जाएंगे. 3 सितंबर (बुधवार) को जीएसटी काउंसिल ने फैसला लिया कि आईपीएल और इसी तरह के बड़े खेल आयोजनों के टिकट्स पर अब 40 प्रतिशत जीएसटी (वस्तु एवं सेवा कर) लगाया जाएगा.  पहले आईपीएल टिकट्स पर 28 प्रतिशत जीएसटी लगता था. अब आईपीएल टिकटों को उच्चतम टैक्स स्लैब (40 प्रतिशत) में शामिल कर दिया गया है, जिसमें कैसिनो, रेस क्लब और लग्जरी प्रोडक्ट्स भी शामिल हैं. इस फैसले के बाद आईपीएल टिकटों की कीमत में सीधा असर दिखेगा. पहले 500 रुपये का आईपीएल टिकट जीएसटी जोड़ने पर 640 रुपये में मिलता था. अब ये 700 रुपये में मिलेगा. यानी 60 रुपये ज्यादा खर्च करने पड़ेंगे. उसी तरह 1000 का टिकट अब 1400 पड़ेगा. पहले ये 1,280 रुपये में मिलता था. यानी 120 रुपये ज्यादा देने होंगे. वहीं 2000 के टिकट की कुल कीमत अब 2800 होगी. पहले जीएसटी जोड़ने पर ये 2,560 रुपये में मिलता था. यानी 2000 के टिकट पर 240 रुपये और खर्च करने पड़ेंगे. इंटरनेशनल मैचों के टिकट्स पर कितना GST? खास बात यह है कि इंटरनेशनल और अन्य क्रिकेट मैचों के टिकट पर पहले की तरह ही 18 प्रतिशत जीएसटी लागू रहेगा. केवल आईपीएल और प्रीमियम लीग्स को 40 प्रतिशत टैक्स स्लैब में रखा गया है. सरकार का कहना है कि यह कदम रेवेन्यू अलाइनमेंट और अनावश्यक लग्जरी खर्च पर टैक्स बढ़ाने के लिए उठाया गया है. इस फैसले के बाद स्टेडियम में जाकर आईपीएल मैच देखना तो महंगा हो ही गया है. बता दें कि दुनिया की सबसे बड़ी टी20 लीग इंडियन प्रीमियर लीग के अब तक 18 सीजन हो चुके हैं. पिछले सीजन का खिताब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने जीता था. तब उसने फाइनल में पंजाब किंग्स (PBKS) को 6 रनों से पराजित किया था. चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और मुंबई इंडियंस (MI) आईपीएल की सबसे सफल टीम्स हैं. दोनों टीम्स पांच-पांच आईपीएल खिताब जीत चुकीं हैं.

इंग्लैंड खिसका रैंकिंग में 8वें नंबर पर, वसीम जाफर का वॉन पर तंज वायरल

नई दिल्ली  दक्षिण अफ्रीका ने पहले वनडे में इंग्लैंड को करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ अफ्रीका ने 3 मैचों की सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली है। दक्षिण अफ्रीका की टीम ने एकतरफा मुकाबला 175 गेंद शेष रहते अपने नाम किया। इस हार के बाद इंग्लैंड की टीम को काफी आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। इस बीच वसीम जाफर ने इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन की टांग खींचने का मौका नहीं गंवाया और इंग्लैंड की इस करारी हार पर जमकर मजे लिए। इंग्लैंड की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 24.3 ओवर में सभी विकेट खोकर 131 रन ही बना सकी। इसके जवाब में अफ्रीका ने 20.5 ओवर में तीन विकेट पर 137 रन बनाकर मैच अपने नाम किया। आईसीसी की ताजा वनडे टीम रैंकिंग में इंग्लैंड की टीम आठवें स्थान पर पहुंच गई है और इस मौके पर वसीम जाफर ने माइकल वॉन को चिढ़ाने का मौका नहीं छोड़ा। दोनों के बीच सोशल मीडिया पर काफी मजाक होता रहता है और फैंस इसे काफी पसंद करते हैं। वसीम जाफर ने इंग्लैंड की खराब रैंकिंग पर माइकल वॉन को टैग करते हुए कहा, ''इंग्लैंड आठवे नंबर पर…यह निश्चित रूप से क्रिकेट भावना के विरुद्ध है। ICC को इस पर गौर करना चाहिए। 132 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका के लिए एडन मारक्रम ने आतिशी बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 55 गेंदों में 13 चौके और दो छक्कों की मदद से 86 रनों की पारी खेली। उन्हें 19वें ओवर में आदिल राशिद ने आउट किया। इसके बाद 21वें ओवर में आदिल राशिद ने कप्तान तेम्बा बवूमा (छह) को आउटकर इंग्लैंड को दूसरी सफलता दिलाई और अगली ही गेंद पर ट्रिस्टन स्टब्स (शून्य) को आउटकर मैच में ऐसे समय रोमांच जगा दिया जब दक्षिण अफ्रीका को जीत के लिए महज एक रन की जरुरत थी। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये डेवाल्ड ब्रेविस टीम के लिए विजयी छक्का लगाया। इससे पहले दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम को दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों ने शानदार गेंदबाजी का मुजाहिरा करते हुए महज 24.3 ओवर में 131 के स्कोर पर ढेर कर दिया। सलामी बल्लेबाज जेमी स्मिथ ने इंग्लैंड के सर्वाधिक (54) रनों की पारी खेली। दक्षिण अफ्रीका की ओर से केशव महाराज 5.3 ओवर में 22 रन देकर चार विकेट झटके। वियान मुल्डर ने सात ओवर में 33 रन देकर तीन विकेट लिये। नांद्र बर्गर और लुंगी एन्गिडी ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।  

पाक कप्तान फातिमा सना का खुलासा – धोनी मेरी प्रेरणा, कप्तानी में अपनाऊंगी उनका अंदाज़

कराची  पाकिस्तान की महिला क्रिकेट टीम की कप्तान फातिमा सना महेंद्र सिंह धोनी की तरह 'कैप्टन कूल' बनना चाहती हैं। उन्होंने इस महीने के आखिर से शुरू होने जा रहे वनडे वर्ल्ड कप के लिए ऑस्ट्रेलिया और भारत को सेमीफाइनल में पहुंचने का तगड़ा दावेदार बताया है। मात्र तेईस वर्ष की उम्र में आगामी आईसीसी वनडे विश्व कप में पाकिस्तान की कप्तानी करने जा रही फातिमा सना भारत के विश्व कप विजेता कप्तान महेंद्र सिंह धोनी से प्रेरणा लेती हैं। वह उन्हीं की तरह ‘कैप्टन कूल’ बनने की ख्वाहिश भी रखती हैं। अप्रैल में हुए क्वालीफायर्स में अपराजेय रहने वाली पाकिस्तानी टीम भारत और श्रीलंका में 30 सितंबर से दो नवंबर तक होने वाले वनडे विश्व कप में अपने अभियान का आगाज दो अक्टूबर को कोलंबो में बांग्लादेश के खिलाफ करेगी। फातिमा ने लाहौर से भाषा को दिये इंटरव्यू में कहा, ‘‘विश्व कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में कप्तानी करने पर शुरू में थोड़ा नर्वस होना लाजमी है लेकिन मैं बतौर कप्तान महेंद्र सिंह धोनी से प्रेरणा लेती हूं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैने उनके भारत के कप्तान के तौर पर और आईपीएल के भी मैच देखे हैं। वह जिस तरह मैदान पर फैसले लेते हैं, शांत रहते हैं और अपने खिलाड़ियों का समर्थन करते हैं, उससे काफी कुछ सीखने को मिलता है। जब मुझे कप्तानी मिली थी तभी मैने सोचा था कि धोनी की तरह बनना है। उनके इंटरव्यू भी देखे तो काफी कुछ सीखने को मिला।’’ महिला वनडे विश्व कप में पाकिस्तान की टीम पांच बार (1997, 2009, 2013, 2017 और 2022 में) खेल चुकी है लेकिन 1997, 2013 और 2017 में एक भी मैच नहीं जीत सकी। पिछली बार 2022 में एकमात्र जीत हैमिल्टन में वेस्टइंडीज के खिलाफ मिली लेकिन बाकी सारे मैच हारकर टीम आखिरी स्थान पर रही थी। पाकिस्तान के लिये 34 वनडे में 397 रन बनाने और 45 विकेट लेने वाली हरफनमौला फातिमा को यकीन है कि इस बार यह मिथक टूटेगा क्योंकि युवा खिलाड़ियों को पता है कि उनके प्रदर्शन से देश में महिला क्रिकेट का मुस्तकबिल तय होगा। उन्होंने कहा, ‘‘इस बार यकीनन यह मिथक टूटेगा क्योंकि युवा खिलाड़ियों को पता है कि पाकिस्तान महिला क्रिकेट के लिये यह टूर्नामेंट कितना अहम है। हम अतीत के बारे में नहीं सोचेंगे। मेरा लक्ष्य टीम को सेमीफाइनल तक ले जाना है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘पाकिस्तान में लड़कियां अब स्कूलों में क्रिकेट खेलने लगी है और अंतरराष्ट्रीय मैच लाइव दिखाये जा रहे हैं। आईसीसी ने भी महिला विश्व कप के लिये पुरस्कार राशि बढ़ाकर बहुत अच्छी पहल की है जिससे पाकिस्तान जैसे देश में महिला क्रिकेट को फायदा मिलेगा। लेकिन अभी भी एक बैरियर है जो हमें इस टूर्नामेंट के जरिये तोड़ना है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘पाकिस्तान में महिला क्रिकेट को उस तरह कैरियर विकल्प के रूप में नहीं देखा जाता और उतना समर्थन नहीं है लेकिन अगर हम अच्छा खेलते हैं तो काफी फर्क पड़ेगा। हमारी कोशिश पाकिस्तान में माता-पिता को प्रेरित करने की होगी कि वे अपनी लड़कियों को खेलों में करियर बनाने के लिये हौसलाअफजाई करें।’’ गेंदबाजों खासकर स्पिनरों को वह टीम की कामयाबी की कुंजी मानती हैं लेकिन उन्होंने कहा कि बल्लेबाजी पर भी पिछले एक साल में काफी काम किया गया है।  उन्होंने कहा, ‘‘हमारे पास आला दर्जे के गेंदबाज हैं और स्पिनर हमारे ट्रंपकार्ड होंगे। हम बल्लेबाजी से ज्यादा गेंदबाजी पर निर्भर करेंगे लेकिन पिछले एक साल में बल्लेबाजी पर काफी काम किया है जिसका नतीजा मिलेगा।’’ उन्होंने कहा कि टीम का फोकस क्वालीफायर वाली लय को कायम रखने पर होगा और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टूर्नामेंट से पहले होने वाली तीन मैचों की श्रृंखला से टीम संयोजन तैयार करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा, ‘‘टीम अच्छी लय में है और क्वालीफायर में उम्दा प्रदर्शन के बाद सभी का मनोबल बढ़ा हुआ है। कमोबेश वही खिलाड़ी टीम में हैं जो क्वालीफायर खेली थीं। छह खिलाड़ियों का यह पहला विश्व कप है और वे काफी उत्साहित हैं।’’ लाहौर में शिविर में अभ्यास कर रही पाकिस्तानी टीम ने अप्रैल में क्वालीफायर्स के बाद घरेलू मैच ही खेले हैं लेकिन कप्तान तैयारियों से संतुष्ट है। उन्होंने कहा, ‘‘हमने घरेलू क्रिकेट में आपस में मैच खेले थे। टूर्नामेंट से पहले दक्षिण अफ्रीका से श्रृंखला खेलनी है जिसमें टीम संयोजन तैयार करने की कोशिश करेंगे। हम चाहेंगे कि विश्व कप के दबाव को नहीं लेकर खिलाड़ी स्वाभाविक खेल दिखायें।’’ ऑस्ट्रेलिया को खिताब की प्रबल दावेदार बताते हुए फातिमा ने कहा कि सेमीफाइनल की चार टीमों को लेकर कयास नहीं लगाया जा सकता लेकिन भारत का प्रदर्शन भी लगातार अच्छा रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘मेरी पसंदीदा टीम ऑस्ट्रेलिया है। शीर्ष चार के बारे में कहना मुश्किल है लेकिन भारत का प्रदर्शन पिछले कुछ अर्से में बहुत अच्छा रहा है। उनके पास जेमिमा , स्मृति और हरमनप्रीत जैसे काफी अनुभवी खिलाड़ी है लेकिन हम किसी एक खिलाड़ी पर फोकस नहीं करेंगे।’’ उन्होंने यह भी कहा कि मेजबान होने के नाते भारत पर दबाव होगा लेकिन घरेलू मैदान पर खेलने का फायदा भी मिलेगा। फातिमा ने कहा, ‘‘भारत ने कभी विश्व कप नहीं जीता है और मेजबान होने के नाते जीत का दबाव तो होगा ही लेकिन इसके साथ घरेलू दर्शकों के होने से मनोबल भी बढ़ता है। अब यह टीम पर निर्भर करता है कि वह इसे कैसे लेते हैं।’’ बचपन से ऑस्ट्रेलियाई धुरंधर एलिसे पैरी की मुरीद यह हरफनमौला उनके और विराट कोहली के कारण आईपीएल चैम्पियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के मैच भी देखती आई हैं। उन्होंने कहा, ‘‘रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू मेरी पसंदीदा टीम है विराट और एलिसे पैरी की वजह से।  

विश्व कप टीम में संजू सैमसन को क्यों चाहते हैं कैफ? तिलक वर्मा को लेकर कही ये बात

नई दिल्ली  एशिया कप में हिस्सा लेने के लिए भारतीय टीम गुरुवार को दुबई पहुंचेगी। सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व में पिछले महीने टूर्नामेंट के लिए टीम का ऐलान हुआ था। टीम के सामने आने के बाद नंबर तीन स्थान के लिए बहस शुरू हो गई है। शुभमन गिल को उपकप्तान बनाया गया है, ऐसे में टीम में उनकी ट्रॉफी पक्की है। शुभमन गिल टीम के स्टार सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के साथ पारी की शुरुआत कर सकते हैं और वहीं संजू को ओपनिंग की जगह छोड़नी पड़ सकती है। हालांकि पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ का मानना है कि अफगानिस्तान की टीम, जिसमें स्पिनरों की भरमार है, वहां संजू सैमसन अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं। मोहम्मद कैफ ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ''वह आईपीएल में टॉप- 10 छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों में शामिल हैं। इसलिए मेरा मानना है कि जब राशिद खान बीच के ओवरों में गेंदबाजी करने आते हैं तो उनके खिलाफ संजू से बेहतर कोई खिलाड़ी नहीं हो सकता, क्योंकि वह मैदान पर छक्के लगा सकते हैं। दक्षिण अफ्रीका में बल्लेबाजी के लिए सबसे कठिन परिस्थितियां हैं और उन्होंने वहां सलामी बल्लेबाज के रूप में दो शतक लगाए हैं। वह तेज और स्पिन दोनों को अच्छी तरह से खेलते हैं और आईपीएल में वह हर साल 400-500 रन बनाते हैं।" मोहम्मद कैफ ने कहा, ''अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल पारी की शुरुआत करेंगे। तीसरे नंबर के लिए मुझे लगता है तिलक वर्मा अभी युवा है और अपनी बारी का इंतजार कर सकता है। संजू एक अनुभवी बल्लेबाज हैं और उन्हें तीसरे नंबर पर लगातार मौके देकर निखारा जा सकता है। छह महीने बाद विश्व कप है और वह एक मौके के हकदार हैं।'' एशिया कप के लिए भारतीय टीम: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उप-कप्तान), अभिषेक शर्मा, हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, जितेश शर्मा, शिवम दुबे, अर्शदीप सिंह, संजू सैमसन, हर्षित राणा, तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव। स्टैंडबाय खिलाड़ी: प्रसिद्ध कृष्णा, वॉशिंगटन सुंदर, रियान पराग, ध्रुव जुरेल, यशस्वी जायसवाल।