samacharsecretary.com

कृति खरबंदा के करियर का ‘जादुई अनुभव’, ‘शादी में जरूर आना’ ने बदल दी जिंदगी

मुंबई,  कृति खरबंदा, नाम सुनते ही आंखों के सामने आती है वो मुस्कान, जो कभी शरारती है, कभी गंभीर। दिल्ली में 29 अक्टूबर 1990 को जन्मीं कृति ने कभी सोचा भी नहीं था कि एक दिन वो बॉलीवुड की चमकती दुनिया में अपना नाम बनाएंगी। मॉडलिंग और ऐड फिल्मों से शुरुआत की। फिर 2009 में तेलुगु फिल्म ‘बोनी’ में पहला ब्रेक मिला। साउथ की फिल्मों में काम करते-करते बॉलीवुड का दरवाजा खटखटाया। 2016 में ‘राज रिबूट’ से हिंदी सिनेमा में एंट्री ली, लेकिन असली जादू 2017 में हुआ। फिल्म ‘शादी में जरूर आना’ में मशहूर अभिनेता राजकुमार राव के साथ उनकी जोड़ी बनी, और उनकी सादगी भरी एक्टिंग ने सबका दिल जीत लिया। फिर आई ‘हाउसफुल 4’, ‘पागलपंती’, और ‘14 फेरे’। हर बार एक नया रंग, एक नया किरदार। कॉमेडी हो या इमोशन, कृति खरबंदा ने खुद को साबित किया। बॉलीवुड की फिल्में अक्सर हमारे जीवन के बड़े पलों, खासकर शादी जैसे पवित्र बंधन को पर्दे पर भव्यता से दिखाती हैं। लेकिन कुछ फिल्में ऐसी होती हैं जिनकी सादगी और प्रामाणिकता दर्शकों के दिल को छू जाती है। साल 2017 में आई फिल्म ‘शादी में जरूर आना’ एक ऐसी ही फिल्म थी, जिसने साधारण प्रेम कहानी को एक अविस्मरणीय मोड़ दिया। इस फिल्म की लीड एक्ट्रेस कृति खरबंदा के लिए यह सिर्फ एक एक्टिंग असाइनमेंट नहीं था। उन्होंने कई इंटरव्यू में इस बात का खुलासा किया है कि फिल्म की शूटिंग के दौरान उन्हें इतना गहरा और भावनात्मक अनुभव हुआ, मानो वह सचमुच अपनी आरती शुक्ला नामक किरदार की शादी निभा रही हों। सेट पर बने उस माहौल ने एक फिल्मी सीन को वास्तविक विदाई का रंग दे दिया। कृति खरबंदा के लिए उत्तर प्रदेश के एक छोटे शहर की पीसीएस अधिकारी ‘आरती शुक्ला’ का किरदार सिर्फ स्क्रिप्ट का हिस्सा नहीं था, बल्कि यह एक ऐसी लड़की की यात्रा थी जिसके सपने और स्वाभिमान शादी की वेदी पर दांव पर लग जाते हैं। कृति खरबंदा ने बताया कि जब वह पहली बार पारंपरिक दुल्हन के जोड़े में तैयार हुईं, तो सेट पर चारों ओर का माहौल इतना प्रामाणिक था कि उनके लिए काल्पनिक और वास्तविक दुनिया के बीच की रेखा धुंधली हो गई। शादी की रस्में, सजावट और परिवार के सदस्यों का भावुक होना, ये सब देखकर कृति बार-बार भावुक हो जाती थीं। उनके अनुसार, यह महज शूटिंग नहीं थी, बल्कि वह उस भावनात्मक उथल-पुथल को जी रही थीं जिससे आरती गुजरी थी, खासतौर पर उस रात जब वह शादी छोड़कर चली जाती है। यह गहरा भावनात्मक जुड़ाव ही था जिसने उनके अभिनय को इतनी विश्वसनीयता दी। ‘शादी में जरूर आना’ ने कृति खरबंदा के करियर को एक नई पहचान दी और यह साबित किया कि वह महज एक ग्लैमर डॉल नहीं, बल्कि एक सक्षम अभिनेत्री हैं। कृति खरबंदा ने इस फिल्म को अपने जीवन का ‘जादुई अनुभव’ बताया। उनके अनुसार, उन्हें इस फिल्म से जो प्यार और पहचान मिली, वह किसी भी आर्थिक सफलता से कहीं ज्यादा थी। इससे पहले कृति ने अपनी कन्नड़ फिल्म ‘प्रेम अड्डा’ में भी एक अनोखी चुनौती का सामना किया था, जिसने साबित किया कि वह किरदार के लिए किसी भी हद तक जा सकती हैं। उस फिल्म में उन्हें बिना मेकअप वाली, 80 के दशक की ग्रामीण लड़की का किरदार निभाना था। कृति की गोरी रंगत इस रोल के लिए फिट नहीं बैठ रही थी, इसलिए उन्होंने किरदार की मांग के अनुसार लुक पाने के लिए काफी मेहनत की। सबसे खास बात यह थी कि कृति ने उस फिल्म के लिए अपने कपड़े अपनी मां के साथ मिलकर खुद डिजाइन किए थे, ताकि किरदार का लुक बिल्कुल प्रामाणिक और जमीन से जुड़ा हुआ लगे।  

जस्टिन बीबर का नया लुक वायरल! फैंस बोले – ‘लग रहे हो 22 के!’

लॉस एंजिल्स पॉप आइकन जस्टिन बीबर एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार उन्होंने अपने लुक से सभी का ध्यान खींचा है। वो सैन डिएगो में डिजॉन के कॉन्सर्ट में अपनी वाइफ हैली बीबर के साथ झूम रहे थे। उनके नए लुक से फैंस उनके दीवाने हो गए हैं। फैंस कह रहे हैं कि वो 22 साल के लग रहे हैं। उनका वीडियो वायरल हो रहा है। सोशल मीडिया पर जस्टिन बीबर के कई वीडियोज वायरल हो रहे हैं। उनके चेहरे पर दाढ़ी नहीं है। वो क्लीन शेव लुक में हैं। उनकी हेयर स्टाइल भी बदल गई है। फैंस ने मजाक में उनकी दाढ़ी को लेकर कहा कि 'वो मास्टरपीस को छिपा रही थी।' केंडल जेनर भी आईं नजर YUKON सिंगर ने वाइफ हैली बीबर के साथ डिजॉन का कॉन्सर्ट अटैंड किया। उनके साथ उनकी करीबी दोस्त केंडल जेनर भी नजर आईं। तीनों को अपर-लेवल बालकनी में गानों को इंजॉय करते हुए देखा गया। जस्टिन के लुक ने मचाई धूम जस्टिन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। ट्विटर पर ‘Justin Bieber beardless’ भी ट्रेंड होने लगा है। एक ने कॉमेंट किया, 'जस्टिन ने दाढ़ी बना ली है। वो 10 साल छोटे लग रहे हैं। हमेशा सुंदर।' दूसरे ने कहा, 'कुछ कलाकार अपने म्यूजिक के लिए भी वायरल नहीं हो पाते और यहां जस्टिन ने अपनी दाढ़ी मुंडवाकर इंटरनेट पर धूम मचा दी है। ये असली ताकत है।' फैंस को जस्टिन के बचपन की आई याद कुछ फैंस पुरानी यादों में खो गए और कहने लगे कि उनके नए लुक ने उन्हें उनके बचपन की याद दिला दी है। एक यूजर ने कहा, 'जिस तरह ये आदमी सिर्फ शेव करता है और तुरंत 23 साल का दिखने लगता है, ये वाकई शानदार है।' एक और ने लिखा, 'यंग बीबर लुक वापस आ गया है।' तीसरे ने कहा, 'फेस कार्ड इतना अजीब है कि वो 22 साल के दिखते हैं। आप इसे बना नहीं सकते।'

‘आशुतोष राणा थोड़े आक्रामक हैं,’ जब रेणुका शहाणे ने पति के स्वभाव पर की थी बात

मुंबई, अभिनेत्री रेणुका शहाणे ने एक बार स्वीकार किया था कि उनके पति और अभिनेता आशुतोष राणा स्वभाव से थोड़े आक्रामक हैं। दरअसल सोशल मीडिया पर रेणुका के एक पुराने इंटरव्यू का वीडियो वायरल है। इसमें वह अपनी पर्सनल लाइफ के बारे में बात करती दिख रही हैं। वीडियो में वह अपने पति के स्वभाव के बारे में भी बताती हैं। वीडियो में रेणुका शहाणे कहती हैं, “मुझे लगता है कि मैं और मेरे पति हमेशा एक-दूसरे को बेहतर करने के लिए प्रोत्साहित करते हैं, क्योंकि वह एक अद्भुत अभिनेता हैं। मुझे लगता है कि वह अपने काम में माहिर हैं और मेरे अभिनय पर भी सुझाव देते रहते हैं। उनके सुझाव हमेशा मुझे बेहतर प्रदर्शन करने में मदद करते हैं, और मुझे लगता है कि अभिनय के प्रति उनका जो जुनून और जोश है, वह मुझमें नहीं है। मैं महत्वाकांक्षी नहीं हूं, इसलिए मुझे लगता है कि एक अभिनेता के रूप में मेरे लिए वह जुनून मेरे अंदर होना बहुत जरूरी है, इसलिए मैं उसे अपने अंदर लाने की कोशिश कर रही हूं।” रेणुका ने आगे कहा, “वह स्वभाव से आक्रामक है, लेकिन मुझे लगता है कि मेरी वजह से वह थोड़े नरम पड़ गए हैं। इसलिए हम एक-दूसरे की मदद करते हैं। हम दोनों के बारे में सबसे अच्छी बात यह है कि एक ही पेशे से होने के बावजूद हमारे बीच बिल्कुल भी अहंकार नहीं है। अगर उनके अभिनय की मैं आलोचना करती हूं, तो वह इसे बहुत सकारात्मक तरीके से लेते हैं क्योंकि हम दोनों का मानना है कि प्यार से अधिक, एक-दूसरे के प्रति सम्मान ही हमारे रिश्ते की नींव है।” आशुतोष राणा और रेणुका शहाणे ने 2001 में शादी की और दो बेटों के माता-पिता हैं। दिलचस्प बात यह है कि उनकी प्रेम कहानी हंसल मेहता की एक फिल्म के प्रीव्यू से शुरू हुई थी, जो कभी रिलीज नहीं हुई। इस साल 25 मार्च को इस जोड़े ने अपनी 24वीं शादी की सालगिरह मनाई। इसका एक वीडियो दोनों ने सोशल मीडिया पर शेयर किया था, जिसमें उनकी खूबसूरत यात्रा और शादी के दिन के यादगार पलों की झलक दिखाई गई।  

जय भानुशाली के साथ जापान में हैं तारा, लखनऊ में बैठी माही विज को सता रही बेटी की याद

  मुंबई,  टीवी अभिनेत्री माही विज इन दिनों लखनऊ में अपने एक प्रोजेक्ट की शूटिंग कर रही हैं। वहीं उनके पति और बेटी तारा जापान में छुट्टियां मना रहे हैं। जापान से जय भानुशाली ने बेटी तारा के साथ एक वीडियो शेयर किया है। माही विज ने पोस्ट पर कमेंट कर बेटी के लिए अपना प्यार लुटाया है। माही विज ने भी सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर बताया है कि जल्द ही वह भी अपनी बेटी तारा से मिलने जापान जाएंगी। उन्हें बेटी की बहुत याद आती है। माही विज ने इंस्टाग्राम पर शेयर किए एक वीडियो में बताया कि वह अपनी बेटी तारा और खुशी से लगभग 15 दिनों से दूर हैं। दोनों बेटियां जापान में छुट्टियां मना रही हैं। माही ने यह भी कहा कि तारा उनसे इतने लंबे समय तक कभी दूर नहीं रही। वह वह अपनी प्यारी बेटियों को गले लगाने के लिए बेताब हैं। वीडियो में माही ने यह भी बताया कि वह अपने बेटे राजवीर को मिस कर रही हैं जो फिलहाल मुंबई में है। पिछले कुछ दिनों से माही विज और जय भानुशाली के तलाक की खबरें आ रही हैं। बताया जा रहा है कि दोनों ने तलाक के लिए कोर्ट में अर्जी दी है। इस वीडियो में भी माही ने अपने बच्चों से मिलने की बात की, लेकिन पति जय भानुशाली के बारे में कुछ नहीं कहा। इससे तलाक की अफवाहों को और बल मिलता है। हालांकि, अभी तक दोनों में से किसी ने भी तलाक के विषय पर कुछ नहीं कहा है। मगर दोनों के तलाक की खबरें इतनी वायरल हुईं कि लोग दोनों की पोस्ट पर कमेंट कर सवाल पूछने लगे। बता दें कि माही विज और जय भानुशाली ने दो बच्चों को गोद लिया हुआ है। राजवीर, खुशी और तारा की परवरिश दोनों मिलकर कर रहे हैं।  

‘महारानी 4’ का ट्रेलर रिलीज, इस बार दिल्ली की राजगद्दी के लिए लड़ाई लड़ेंगी भारती देवी

नई दिल्ली,  बॉलीवुड एक्ट्रेस हुमा कुरैशी ‘महारानी 4’ के साथ एक बार फिर ओटीटी पर तूफान लाने के लिए तैयार हैं। इसका नया ट्रेलर सोशल मीडिया पर रिलीज कर दिया है। इस सीजन में पहले से भी ज्यादा राजनीतिक षड्यंत्र देखने को मिल रहे हैं, लेकिन भारती देवी हार नहीं मानने वाली हैं, बल्कि दिल्ली की कुर्सी तक पहुंचने की कोशिश करेंगी। ‘महारानी 4’ का लेटेस्ट ट्रेलर रिलीज हो गया है जिसमें इस बार भारती देवी अकेली नहीं, बल्कि अपने कुनबे के साथ दिख रही हैं। सीरीज में भारती सिंह की बेटी और बेटे की एंट्री हो चुकी है। भारती सिंह की बेटी का किरदार श्वेता प्रसाद ने निभाया है, जो मां की विरासत को आगे बढ़ाने के लिए संघर्ष कर रही हैं, लेकिन इस बार भारती देवी दिल्ली की राजगद्दी यानी प्रधानमंत्री बनने की लड़ाई लड़ती दिखेंगी। सीरीज में ट्विस्ट ये भी है कि 10 साल पुराने केस में भारती देवी को फंसाने की कोशिश की जाएगी। अब भारती देवी इन परिस्थितियों से कैसे लड़ती हैं, ये तो सीरीज देखने के बाद ही पता चलेगा। ‘महारानी 4’ को सात नवंबर से सोनी लिव पर स्ट्रीम किया जाएगा। गौर करने वाली बात ये भी है कि सीरीज को बिहार चुनाव के दौरान स्ट्रीम करने का फैसला लिया गया। 6 नवंबर को बिहार में पहले चरण के विधानसभा चुनाव हैं और 7 नवंबर से दर्शक सीरीज को देख पाएंगे। ‘महारानी’ का हर सीजन बिहार की राजनीति पर बना है और बिहार चुनाव के दौरान सीरीज को रिलीज करना मेकर्स को फायदा पहुंचा सकता है। बता दें कि ‘महारानी’ के तीनों सीजन को दर्शकों का भरपूर प्यार मिला है। पहले सीजन में भारती देवी अकेली सत्ता और अपने आत्मसम्मान के लिए संघर्ष करती दिखीं थी, लेकिन अब उनका पूरा परिवार उनके साथ है, जो बिहार की राजनीति में उथल-पुथल लेकर आएगा। हालांकि भारती सिंह का बेटा बिहार का सीएम बनना चाहता है, ऐसे में भारती देवी अपने परिवार की अंदरूनी लड़ाई भी लड़ती दिखेंगी। इस बार सीरीज में कुछ नए चेहरों को भी जोड़ा गया है। इस बार सीरीज में श्वेता बसु, प्रमोद पाठक, शार्दुल भारद्वाज, अमित सियाल, कनी कुसरुति और विनीत कुमार जैसे कलाकारों को भी शामिल किया गया है।  

हॉलीवुड एक्टर केल्सी ग्रामर ने 70 की उम्र में पत्नी संग किया 8वें बच्चे का स्वागत

लंदन  70 साल के हॉलीवुड टीवी स्टार केल्सी ग्रामर अभी भी अपने परिवार को बढ़ा रहे हैं. हाल ही में उनके 8वें बच्चे का जन्म हुआ है. 'चीयर्स' और 'फ्रेजयर' जैसे शोज काम कर चुके एक्टर केल्सी ग्रामर, इस साल फरवरी में 70 साल के हुए थे. अब वह आठ बच्चों के पिता बन गए हैं. ग्रामर ने 'पॉड मीट्स वर्ल्ड' पॉडकास्ट में शिरकत के दौरान इस बात का ऐलान किया कि उन्होंने और उनकी पत्नी केट वॉल्श ने अपने चौथे बच्चे का स्वागत किया है. ये एक्टर का आठवां बच्चा है. 8वीं बार पिता बनें केल्सी ग्रामर  पॉडकास्ट के सोमवार को आए एपिसोड में केल्सी ग्रामर ने कहा, 'हमने अभी अपने चौथे बच्चे का स्वागत किया है. अब यह आठ बच्चों का परिवार हो गया है. क्रिस्टोफर, यही वह है जो अभी परिवार में शामिल हुआ है.' एमी अवॉर्ड विनर केल्सी, टीवी के दिग्गज एक्टर हैं. उन्होंने कहा कि उनका नया बेटा एपिसोड की रिकॉर्डिंग से 'तीन दिन' पहले पैदा हुआ था. उन्होंने पॉडकास्ट होस्ट राइडर स्ट्रॉन्ग, डेनियल फिशेल और विल फ्रीडल के साथ मजाक किया कि उनके पास अलग-अलग उम्र के बच्चों के 'समूह' हैं. ग्रामर और 46 साल की केट वॉल्श ने 2011 में शादी की थी. कपल के पास एक टीनएज बेटी और दो बेटे भी हैं. पीपल मैगजीन ने जून में बताया था कि यह कपल फिर से पेरेंट्स बनने वाला है. लंदन में सैर करते हुए दोनों की तस्वीरें वायरल हुई थीं. पांच बार एमी विनर रहे ग्रामर ने चार बार शादी की है. वॉल्श से पहले, उनकी शादी डांसर-मॉडल कैमिल डोनाटाची से हुई थी. इससे पहले वे ली-ऐन चुहानी से और उससे पहले डांस इंस्ट्रक्टर डोरीन एल्डरमैन से शादी कर चुके हैं. केल्सी ग्रामर के सात और बच्चे हैं, जिनमें सबसे बड़ी एक्ट्रेस स्पेंसर ग्रामर हैं. बढ़ती उम्र में पिता बनकर हैं खुश सिटकॉम स्टार केल्सी ग्रामर, अक्टूबर 2011 में नाना बने थे. उनकी बेटी स्पेंसर ने अपने तब पति रहे जेम्स हेस्केथ के साथ एक बेटे का स्वागत किया था. अतीत में, ग्रामर ने 'बुजुर्ग पिता होने की सुंदरता' के बारे में खुलकर बात की हुई है. उन्होंने 2018 में द गार्जियन को बताया कि जिंदगी के बाद के सालों में बच्चों को पालने से उन्हें 'फिर से कोशिश करने का मौका' मिलने का सौभाग्य महसूस होता है. यह एक वास्तविक उपहार रहा है. केल्सी ग्रामर ने अपने आठवें बच्चे के आगमन की घोषणा अपनी किताब 'केरेन ए ब्रदर रिमेम्बर्स' के प्रमोशन के दौरान की. ये किताब मई में रिलीज हुई थी. इसमें उनकी 18 साल की बहन की क्रूर हत्या और दुख के साथ उनकी जीवन भर की लड़ाई के बारे में लिखा हुआ है. एपिसोड के दौरान, फिशेल ने एक्टर से पूछा कि उनके बच्चों को उनकी दिवंगत बहन के बारे में कितना पता है. इसके बारे में एक्टर ने बताया कि उनके बड़े बच्चों को उनकी बहन के बारे में अलग-अलग स्तर की जानकारी है, जबकि छोटे बच्चों को अभी और जानने और उनकी किताब पढ़ने के लिए इंतजार करना होगा. उन्होंने कहा, 'कुछ चीजें बहुत क्रूर हैं, उन्हें अभी उसका सामना करने की जरूरत नहीं है.' पॉडकास्ट एपिसोड के दौरान ग्रामर ने अपनी बहन के मामले की कार्यवाही और अपने इस नुकसान को झेलते हुए टीवी पर लोगों को हंसाने के दिनों को याद किया. उन्होंने कहा, 'मैं इसके बारे में ज्यादा बात नहीं करता था, जब यह हुआ उस दिन से अभी तक ये चीज मेरे साथ है.'

भाबीजी’ शो में शिल्पा शिंदे की एंट्री, क्या शुभांत्री को मिलेगा छुट्टी का मौका?

मुंबई  'भाबीजी घर पर हैं' शो में शिल्पा शिंदे ने अपनी ऐसी छाप छोड़ी कि शो आते ही सबका चहीता बन गया था. लेकिन, कुछ बहस बाजी के बाद एक्ट्रेस ने अचानक शो को छोड़ दिया. जिसके बाद उनकी जगह मेकर्स ने शुभांगी अत्रे को बतौर अंगूरी साइन किया. अब ऐसी खबरें आ रही हैं कि मेकर्स फिर से पुरानी अंगूरी भाबी को शो में वापस लाना चाहते हैं. रिपोर्ट्स तो ये भी है कि शिल्पा शिंदे से इसे लेकर बातचीत चल रही है और हो सकता है कि वो जल्द ही इस शो में दोबारा एंट्री मार लें. शिल्पा की मेकर्स से बातचीत  सूत्रों की मानें तो शिल्पा से शो में वापसी की बात चल रही है. ऐसी उम्मीद है कि वो जल्द ही डील हो जाएगी. ये फैसला इसलिए लिया गया क्योंकि सभी को लगता है कि शो को फिर से नई जान फूंकने की जरूरत है.ये शो 10 साल से सक्सेसफुली रन कर रहा है. चैनल चाहता है कि शो में कुछ नए एलीमेंट्स डाले जाए ताकि 'भाबीजी घर पर हैं' शो में थोड़ा रिफ्रेशमेंट आए.  मिड दिसंबर में शुरू हो सकती है शूटिंग खबरों की मानें तो शो का एक नया सेट तैयार किया जा रहा है. जिससे कि स्टोरीलाइन में कुछ मेजर बदलाव भी देखने को मिलेंगे. कहा जा रहा है कि 'भाबीजी घर पर है शो' 2.0 की शूटिंग दिसंबर के मिड में शुरू हो सकती है. क्यों छोड़ा था शिल्पा ने शो? अब सवाल ये उठता है कि आखिर क्यों शिल्पा शिंदे ने इस शो से बीच में अचानक किनारा कर लिया था. शिल्पा शिदें इस शो के बाद हर घर में पहचान बना चुकी थीं. लेकिन, 2016 में अचानक शो को छोड़ दिया जिसके बाद खूब बवाल हुआ था. शिल्पा ने मेंटल टॉर्चर का आरोप लगाया था. जबकि मेकर्स का कहना था कि उनसे एक कॉन्ट्रेक्स साइन कराया जा रहा था कि वो शो के दौरान किसी और सीरियल को साइन नहीं करेंगी. लेकिन उन्होंने पैसे ना देने का और भेदभाव करने का आरोप लगाया.इसके बाद मेकर्स ने उन्हें कानूनी नोटिस भेजा जिसमें अनप्रोशनेल बर्ताव करने की बात कही थी. खास बात है कि शिल्पा भाबीजी के बाद 'बिग बॉस सीजन 11' में दिखी थीं. जिसमें वो जीती थीं. इसके बाद 2023 में शिल्पा ने 'मैडम सर' में कैमियो रोल किया था. 

दिलजीत दोसांझ पर खालिस्तानी संगठन का निशाना, वजह बना अमिताभ बच्चन के पैर छूना

मुंबई  खालिस्तानी आतंकवादी गुरपतवंत सिंह पन्नू के संगठन, सिख्स फॉर जस्टिस (एसएफजे) ने पंजाबी गायक-अभिनेता दिलजीत दोसांझ द्वारा बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन के पैर छूने के विरोध में 1 नवंबर को ऑस्ट्रेलिया में उनके कॉन्सर्ट को बंद करने की धमकी दी है। समूह का आरोप है कि यह कृत्य 1984 के सिख विरोधी दंगा पीड़ितों की "स्मृति का अनादर" करता है। पन्नू ने एक बयान में कहा-  "अमिताभ बच्चन, जिनके शब्दों ने 1984 के नरसंहार को हवा दी, के पैर छूकर दिलजीत दोसांझ ने 1984 के सिख नरसंहार के हर पीड़ित, हर विधवा और हर अनाथ का अपमान किया है।" उन्होंने आगे कहा- "यह अज्ञानता नहीं, विश्वासघात है। जिन सिखों को ज़िंदा जला दिया गया, जिन महिलाओं के साथ बलात्कार हुआ, जिन बच्चों को क़त्ल किया गया, उनकी राख अभी ठंडी भी नहीं हुई है। कोई भी विवेकशील सिख 1 नवंबर, स्मृति दिवस पर कोई भी प्रदर्शन या उत्सव नहीं मना सकता।" सप्ताहांत में 'कौन बनेगा करोड़पति 17' में अपनी उपस्थिति के दौरान, सेट पर पहुंचते ही दोसांझ ने दिग्गज अभिनेता के पैर छुए। बच्चन, जिन्होंने गायक-अभिनेता का परिचय "पंजाब दे पुत्तर (पंजाब का बेटा)" कहकर कराया, ने उन्हें गले लगाकर दर्शकों की तालियां बटोरीं। यह क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है और यूजर्स दोसांझ की इस हरकत की जमकर तारीफ कर रहे हैं। दोसांझ के कॉन्सर्ट को बंद करने की धमकी के अलावा, प्रतिबंधित खालिस्तानी संगठन ने जत्थेदार अकाल तख्त साहिब, ज्ञानी कुलदीप सिंह गर्गज को पत्र लिखकर उनसे आग्रह किया है कि वे अभिनेता-गायक को तलब करें और 2010 के तख्त के उस आदेश के मद्देनजर अपने कृत्य पर सफाई दें, जिसमें नवंबर 1984 को "सिख नरसंहार माह" के रूप में मान्यता दी गई थी। एसएफजे ने सभी "सिख संस्थाओं, कलाकारों और दर्शकों से उन दंगों के प्रचार या लीपापोती से जुड़े किसी भी कार्यक्रम या सहयोग का बहिष्कार करने" का आह्वान किया है, जो पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की उनके सिख अंगरक्षकों द्वारा हत्या के बाद हुए थे। इस बीच, दोसांझ जो इस समय अपने ऑरा टूर के लिए ऑस्ट्रेलिया में हैं, ने सिडनी में एक स्टेडियम शो के सभी टिकट बेचने वाले पहले भारतीय कलाकार बनकर इतिहास रच दिया। शो के सभी टिकट बिक गए, कुछ टिकट तो 800 डॉलर प्रति टिकट तक बिक गए और 30,000 प्रशंसक उपस्थित हुए।  

फेमस सिंगर अदनान सामी मुश्किल में! इवेंट ऑर्गनाइजर ने लगाया 17 लाख की ठगी का आरोप

ग्वालियर फेमस बॉलीवुड सिंगर अदनान सामी एक बड़े विवाद में फंस गए हैं। उन पर ग्वालियर की इवेंट ऑर्गनाइजर लावण्या सक्सेना ने धोखाधड़ी का गंभीर आरोप लगाया है। लावण्या ने जिला न्यायालय में परिवाद दायर करते हुए कहा कि अदनान सामी की टीम ने म्यूज़िक कॉन्सर्ट के लिए ₹17 लाख 62 हजार रुपये एडवांस लिए थे, लेकिन कार्यक्रम को बिना कारण रद्द कर दिया गया, और अब तक राशि वापस नहीं की गई। नई तारीख का दिया आश्वासन, लेकिन नहीं हुआ कार्यक्रम लावण्या सक्सेना के अनुसार, कॉन्सर्ट के लिए अदनान सामी और उनकी टीम को एडवांस पेमेंट करने के बाद शो रद्द कर दिया गया। उस समय टीम ने उन्हें आश्वासन दिया था कि जल्द नई तारीख तय की जाएगी, लेकिन न तो नया कार्यक्रम हुआ, न ही एडवांस वापस मिला। पुलिस से नहीं मिली मदद, कोर्ट ने मांगी रिपोर्ट पीड़िता ने बताया कि उसने इस संबंध में पहले पुलिस में शिकायत दी थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने जिला न्यायालय का रुख किया। अदालत ने इस मामले में इंदरगंज थाना पुलिस और एसपी से स्टेटस रिपोर्ट तलब की है। पाकिस्तान से आए थे भारत, बड़े सिंगरों में नाम बता दें कि 2016 में अदनान सामी ने भारती की नागरिकता ली। इससे पहले वे पाकिस्तानी थे। अदनान सामी बॉलीवुड के मशहूर सिंगर, कंपोज़र और पियानिस्ट हैं। उन्हें उनके सुपरहिट गानों ‘भरदे झोली’ ‘तेरा चेहरा’, ‘लिफ्ट करा दे’ और ‘भीगी भीगी रातों में’ से पहचान मिली। उनकी सॉफ्ट मेलोडी और रोमांटिक आवाज़ ने लाखों फैंस का दिल जीता है। लोग उन्हें प्यार से ‘म्यूज़िक का जादूगर’ और ‘सॉफ्ट म्यूज़िक के किंग’ भी कहते हैं।

Mirzapur The Film में सोनल चौहान शामिल, एक्ट्रेस की खुशी का ठिकाना नहीं

मुंबई  फिल्म 'जन्नत' से सुर्खियां बटोरने वाली एक्ट्रेस सोनल चौहान के हिट क्राइम ड्रामा 'मिर्जापुर: द फिल्म' में एंट्री के काफी समय से रूमर्स फैले हुए थे. फाइनली एक्ट्रेस ने खुद ऑफिशियली अनाउंस कर दिया है कि उन्हें 'मिर्जापुर: द फिल्म' की नई कास्ट में शामिल किया गया है. अभिनेत्री ने अपने इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर ये खबर शेयर की है. उन्होंने अपनी एक्साइटमेंट जाहिर करते हुए अपनी पोस्ट में मेकर्स का एक लेटर और एक छोटा सा नोट भी लिखा है. सोनल चौहान की हुई 'मिर्जापुर: द फिल्म' में एंट्री सोनल ने अपनी पोस्ट में लिखा है, "ॐ नमः शिवाय… अभी भी सिंक कर रही हूं… इतने इनक्रेडिबल और गेम चेजिंग सफ़र का हिस्सा बनकर बहुत खुशी हुई. मैं 'मिर्ज़ापुर: द फ़िल्म' से जुड़ने के लिए बेहद एक्साइटेड हूं, और मैं बेसब्री से इंतज़ार कर रही हूं कि आप सभी यह देखें कि हम पर्दे पर क्या-क्या दिखाने वाले हैं. मुझे 'मिर्ज़ापुर' की दुनिया में लाने के लिए रितेश, फरहान अख्तर, गुरमीत सिंह और एक्सेल मूवीज का शुक्रिया. मैं इस आइकॉनिक प्रोजेक्ट का हिस्सा बनकर एक्साइटेड हूं." अपनी अनाउंसमेंट के साथ, उन्होंने एक्सेल एंटरटेनमेंट के एक मैसेज की तस्वीर भी पोस्ट कीं, जिसमें लिखा था, “डियर सोनल, हम आपको ‘मिर्जापुर’ की टीम में पाकर एक्साइटेड हैं. आपके द्वारा स्क्रीन पर दिखाए जाने वाले जादू को देखने के लिए इंतजार नहीं कर सकते." 'मिर्जापुर: द फिल्म' स्टार कास्ट इस फिल्म का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है और इसका निर्माण फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी ने एक्सेल एंटरटेनमेंट के तहत अमेज़न एमजीएम स्टूडियो के सहयोग से किया है. पंकज त्रिपाठी, श्वेता त्रिपाठी, रसिका दुग्गल अली फज़ल और दिव्येंदु शर्मा की वापसी के साथ, यह फिल्म "मिर्ज़ापुर" की कहानी को बड़े पैमाने पर ले जाने और नए किरदारों को पेश करने का वादा करती है. बता दें कि ‘मिर्ज़ापुर: द फिल्म’ साल 2026 में थिएटर में रिलीज होगी. सोनल के शामिल होने से प्रोजेक्ट को लेकर और ज्यादा एक्साइटमेंट बढ़ गई है. फिल्म में नए कलाकारों में जितेंद्र कुमार जैसे नए चेहरे भी शामिल हैं, साथ ही रवि किशन और मोहित मलिक भी फिल्म में मुख्य भूमिकाएं निभा रहे हैं. बता दें कि 'मिर्जापुर' सीरीज़ ने प्राइम वीडियो पर अपने तीन सीज़न के ज़रिए एक बड़ा फैंस बेस बनाया है. उत्तर प्रदेश के गढ़ में सत्ता संघर्ष, बदला और राजनीति जैसे टॉपिक ने इसे एक सांस्कृतिक सनसनी बना दिया है, निर्देशक गुरमीत सिंह अब इस मोस्ट पॉपुलर वेब सीरीज़ को फीचर फिल्म में बदल रहे हैं.जो भारत में अपनी तरह की पहली फिल्म होगी. फरहान अख्तर के एक्सेल एंटरटेनमेंट द्वारा निर्मित इस फिल्म में विक्रांत मैसी को छोड़कर ज़्यादातर ओरिजनल स्टार्स कमबैक करेंगे. स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर रिलीज़ होने से पहले, यह फिल्म 2026 में पूरे भारत के सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी.