samacharsecretary.com

समर्थ उत्तर प्रदेश-विकसित उत्तर प्रदेश @2047 अभियान

सभी 75 जनपदों से मिले अब तक लगभग 7 लाख सुझाव ग्रामीण इलाकों से 5.5 लाख तो नगरीय क्षेत्रों से मिले 1.50 लाख सुझाव 31–60 आयु वर्ग सबसे आगे, लगभग 3.60 लाख लोगों ने दिए फीडबैक सुझाव देने में महाराजगंज, कानपुर देहात और संभल शीर्ष 3 में शामिल शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, आईटी व इंडस्ट्री पर केंद्रित रहे सुझाव मुजफ्फर नगर से मिला सुरक्षा एवं सुशासन के लिए बहुआयामी रणनीति अपनाने का सुझाव हरदोई से प्रदेश के समग्र और संतुलित विकास को बढ़ावा देने के लिए मिली महत्वपूर्ण राय लखनऊ की ज्योत्सना ने दिया छोटे शहरों में डिजिटल बुनियादी ढाँचे के विकास और निवेश पर जोर लखनऊ, समर्थ उत्तर प्रदेश-विकसित उत्तर प्रदेश @2047 अभियान के तहत समस्त 75 जनपदों में जारी सक्रिय संवाद के तहत गुरुवार तक लगभग 7 लाख प्रदेशवासियों ने अपने सुझाव साझा किए हैं। इसमें ग्रामीण क्षेत्रों में लगभग 5.5 लाख तो वहीं नगरीय क्षेत्रों से लगभग 1.5 लाख प्रदेशवासी जुड़ चुके हैं। सर्वाधिक 3.60 लाख सुझाव 31-60 आयु वर्ग के लोगों द्वारा दिए गए हैं, जबकि लगभग 2.90 लाख सुझाव  31 वर्ष से कम आयु वर्ग के लोगों ने दिए हैं। यही नहीं करीब 50 हजार सुझाव सुझाव 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग से प्राप्त हुए है। उल्लेखनीय है कि अभियान के तहत सभी 75 जनपदों में नोडल अधिकारियों एवं प्रबुद्ध जनों द्वारा भ्रमण कर विभिन्न लक्षित समूहों-छात्र, शिक्षक, व्यवसायी, उद्यमी, कृषक, स्वयं सेवी संगठन, श्रमिक संघठनों, मीडिया एवं आम जनमानस के साथ विगत 8 वर्षों से प्रदेश की विकास यात्रा के संबंध में जानकारी दी जा रही है तथा विकास हेतु रोड मैप पर चर्चा कर फीडबैक प्राप्त किया जा रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि समेत कई सेक्टर में मिले सुझाव आम जनमानस द्वारा अभियान में बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया जा रहा है। सर्वाधिक सुझाव शिक्षा क्षेत्र, नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्र, स्वास्थ्य क्षेत्र, समाज कल्याण, कृषि क्षेत्र, आईटी & टेक, इंडस्ट्री तथा सुरक्षा से सम्बंधित विषयों पर प्राप्त हुए हैं। जनपद महाराजगंज से लगभग 64 हजार फीडबैक के साथ प्रथम, लगभग 32 हजार फीडबैक के साथ कानपुर देहात द्वितीय और करीब 30 हजार फीडबैक के साथ संभल तृतीय स्थान पर है। इसके अतिरिक्त प्रयागराज, फिरोजाबाद, कानपुर नगर, गोरखपुर, सहारनपुर, शामली, एटा, मेरठ, फर्रुखाबाद, मैनपुरी आदि जनपदों से 5 लाख से ज्यादा फीडबैक प्राप्त हुए हैं। प्राप्त हुए ये महत्वपूर्ण सुझाव मुजफ्फरनगर से त्रिस काकरण के अनुसार उत्तर प्रदेश में सुरक्षा एवं सुशासन हेतु बहुआयामी रणनीति आवश्यक है। पुलिस व होम गार्ड में समन्वय, संयमित शक्ति प्रयोग, संवेदनशील प्रशिक्षण, प्रशासनिक पारदर्शिता, ई-गवर्नेस का विस्तार और हिंदी व स्थानीय भाषाओं के प्रयोग को बढ़ावा देकर नागरिकों को सुलभ, सम्मानजनक व भ्रष्टाचार मुक्त सेवाएं सुनिश्चित किये जाने हेतु और अधिक प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता है। हरदोई से मथुरा प्रसाद मिश्र का सुझाव है कि उत्तर प्रदेश 2047 का सपना तभी साकार होगा जब विकास का लाभ हर क्षेत्र और हर वर्ग तक समान रूप से पहुँचे। संतुलित विकास का अर्थ है कि शहर और गाँव, उद्योग और कृषि, शिक्षा और स्वास्थ्य सभी को बराबर प्राथमिकता दी जाए। इसके लिए आधुनिक तकनीक, हरित ऊर्जा और बेहतर परिवहन नेटवर्क का विस्तार आवश्यक होगा। ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर, स्वच्छ पेयजल, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देना चाहिए। वहीं शहरी क्षेत्रों में प्रदूषण नियंत्रण, स्मार्ट योजनाएँ और स्वच्छ पर्यावरण सुनिश्चित करना होगा। लखनऊ से ज्योत्सना सिंह का विचार है कि छोटे शहरों में डिजिटल बुनियादी ढाँचे का विस्तार करने के लिए टियर-2 और टियर-3 शहरों में डिजिटल बुनियादी ढाँचे में निवेश को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। इससे आईटी क्षेत्र का विस्तार महानगरीय क्षेत्रों से आगे होगा और छात्रों को अपने घर के पास ही व्यापक रोजगार अवसर प्राप्त होंगे। सरकार को एक ऐसा विशेष पोर्टल विकसित करना चाहिए, जो प्रौद्योगिकी क्षेत्र में एमबीए स्नातकों के लिए नौकरी और इंटर्नशिप के अवसर सूचीबद्ध करे। इसमें आईटी प्रबंधन, परामर्श और अन्य प्रासंगिक भूमिकाओं को फ़िल्टर करने की सुविधा होनी चाहिए।

सीएम योगी के निर्देश पर विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर शुरू की गई गाइडेड टूर सेवा

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री बोले, पर्यटकों और श्रद्धालुओं को सुरक्षित और किफायती यात्रा का लाभ देने के लिए उठाया गया कदम लखनऊ, योगी सरकार विश्व पर्यटन दिवस (27 सितंबर) के अवसर पर श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए नई सौगात लेकर आयी है। सीएम योगी के निर्देश पर उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (UPSTDC)द्वारा लखनऊ से नैमिषारण्य और अयोध्या के लिए एक दिवसीय गाइडेड टूर शुरू किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य श्रद्धालुओं को भक्ति और सुविधा दोनों एक साथ उपलब्ध कराना है। खासतौर पर वरिष्ठ नागरिकों के लिए रियायती पैकेज और सरल ऑनलाइन बुकिंग (www.upstdc.co.in) की सुविधा दी गई है। गाइडेड टूर से श्रद्धालुओं को मिलेगा सुरक्षित, किफायती और सार्थक यात्रा का लाभ पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप श्रद्धालुओं और पर्यटकों की पौराणिक स्थलों पर यात्रा सुगम करने के लिए विभिन्न कदम उठाये जा रहे हैं। इसी के तहत सीएम योगी के नेतृत्व में नैमिषारण्य और अयोध्या के लिए गाइडेड टूर प्रदेश में आस्था पर्यटन को और मजबूती प्रदान करने के लिए कदम उठाया गया है। इसमें हमारी प्राथमिकता है सुरक्षित, किफायती और सार्थक यात्रा, जो सभी के लिए सुलभ हो। नैमिषारण्य टूर – संचालन दिवस: शुक्रवार, रविवार, सोमवार – समय: सुबह 8:00 बजे से शाम 7:30 बजे तक – किराया: 1,700 रुपये, वरिष्ठ नागरिकों के लिए 1,000 रुपये – दर्शनीय स्थल: चक्रतीर्थ, व्यास गद्दी, ललिता देवी मंदिर अयोध्या टूर – संचालन दिवस: शनिवार, रविवार – समय: सुबह 8:00 बजे से रात 8:30 बजे तक – किराया: 2,000 रुपये, वरिष्ठ नागरिकों के लिए 1,000 रुपये। – दर्शनीय स्थल: श्रीराम जन्मभूमि मंदिर, हनुमानगढ़ी, राम की पैड़ी गाइड द्वारा हर श्रद्धालु को पौराणिक कथाओं से कराया जाएगा रूबरू निगम की प्रबंध निदेशक ईशा प्रिया ने बताया कि प्रत्येक पैकेज में गाइड द्वारा पौराणिक कथाओं और किंवदंतियों का रोचक वर्णन, भोजन-जलपान तथा एक स्मृति चिह्न शामिल है। इन टूर पैकेजों में वरिष्ठ नागरिकों की गरिमा और सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है। साथ ही यह पहल सांस्कृतिक आदान-प्रदान और प्रदेश के पर्यटन को बढ़ावा देने का माध्यम भी बनेगी। इस नये प्रयास से UPSTDC श्रद्धालुओं और पर्यटकों को उत्तर प्रदेश की आध्यात्मिक धरोहर से जोड़ते हुए उन्हें भक्ति, ज्ञान और अविस्मरणीय यादों का अनुभव कराने के लिए नए द्वार खोल रहा है। मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि ये यात्राएं केवल आस्था का अनुभव नहीं देंगी, बल्कि संस्कृति और सामूहिकता का भी संदेश फैलाएंगी। यह यात्रियों के बीच सामुदायिक बंधन को और मजबूत करेंगी।

संभल नगर पालिका का संकल्प: 156 घंटे का महासफाई अभियान शुरू

संभल, उत्तर प्रदेश के संभल जिले में नगरपालिका परिषद ने गुरुवार को कुरुक्षेत्र मैदान और हयात नगर स्थित महामृत्युंजय तीर्थ पर 156 घंटे का महासफाई अभियान शुरू किया। यह कार्यक्रम ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के चल रहे सेवा पखवाड़ा पहल के रूप में आयोजित किया जा रहा है। जिले को स्वच्छ बनाने के लिए महासफाई अभियान शुरू किया गया है। इस दौरान नगर पालिका परिषद ने भी लोगों से भी स्वच्छता अभियान में जुड़ने की अपील की है। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी डॉ. मणि भूषण तिवारी कर रहे हैं। इस अवसर पर डॉ. मणि भूषण तिवारी ने भाजपा जिला अध्यक्ष हरेंद्र रिंकू, नगर पालिका टीम, सभासदों और 500 सफाईकर्मियों के साथ महासफाई अभियान शुरू किया। इसके साथ ही स्वच्छता और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए लोगों को स्वच्छता व श्रमदान की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के दौरान ‘एक दिन, एक साथ, एक घंटा’ श्रमदान का संदेश देते हुए सभी ने सामूहिक रूप से महासफाई अभियान में हिस्सा लिया। अधिशासी अधिकारी डॉ. मणि भूषण तिवारी ने बताया कि स्वच्छता सर्वेक्षण में भी संभल अच्छे स्थान पर रहा है। 2 अक्टूबर तक जिले में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान लोगों को स्वच्छता का महाअभियान चलाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि हम लोगों की टीम घर-घर जाकर लोगों को जागरुक कर रही है। यह अभियान पूरे जिले में गली-गली में चलाया जा रहा है। जितने भी लोग इस अभियान में जुड़े हैं, उन सभी लोगों को 2 अक्टूबर को सम्मानित किया जाएगा। भाजपा जिला अध्यक्ष हरेंद्र रिंकू ने बताया कि सुबह से ही इस अभियान को शुरू किया गया। यह कार्यक्रम ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत किया जा रहा है। इस दौरान लोग एक-दूसरे से मिलकर जागरूक भी कर रहे हैं। सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल पर रोक लगाई जा रही है। अधिकारियों को भी उचित दिशा-निर्देश दिए गए हैं।  

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया यूपी इंटरनेशनल ट्रेड फेयर के तीसरे संस्करण का शुभारंभ

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, हैवेल्स ग्रुप, मिंडा स्पार्क ग्रुप और इंटरनेशनल फ़िल्म सिटी के स्टॉल्स का भी किया अवलोकन आगंतुकों का ध्यान आकर्षित करने के लिए “अनुष्का रोबोट” भी किया गया है स्थापित ग्रेटर नोएडा,  ग्रेटर नोएडा स्थित एक्सपोमार्ट एग्ज़िबिशन सेंटर में गुरुवार को उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (UPITS) के तीसरे संस्करण का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री ने हॉल नंबर-03 का भ्रमण कर यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, हैवेल्स ग्रुप, मिंडा स्पार्क ग्रुप और इंटरनेशनल फ़िल्म सिटी के स्टॉल्स का अवलोकन किया। उद्यमियों की सराहना हॉल नंबर-03 के प्रभारी अधिकारी एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण/नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, राकेश कुमार सिंह ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया। इस दौरान फ़िल्म अभिनेता एवं निर्माता बोनी कपूर, अर्जुन कपूर, आशीष भूटानी, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड के सीईओ क्रिस्टोफ शेलमैन, उद्योगपति शेखर अग्रवाल, प्रियागोल्ड ग्रुप की डायरेक्टर, डीएस ग्रुप के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट एमएल जायसवाल, हैवेल्स ग्रुप के कार्यकारी प्रेसिडेंट राजीव गोयल, वरुण बेवरेज ग्रुप के वरिष्ठ अधिकारी और एसएएलई ग्रुप के सीओओ हर्षवर्धन गोविल समेत कई प्रमुख उद्योगपतियों ने सीईओ राकेश कुमार सिंह से भेंट कर प्राधिकरण की पहल और कार्यों की सराहना की। प्रमुख स्टॉल्स और आकर्षण यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण को मिले स्थल पर प्रियागोल्ड, SAEIL सोलर, NAEC क्लस्टर, मिंडा स्पार्क, हैवेल्स, इंटरनेशनल फ़िल्म सिटी, गलगोटिया यूनिवर्सिटी, एमजीएम एजुकेशनल ग्रुप, एमिटी यूनिवर्सिटी, पतंजलि ग्रुप, टॉय एसोसिएशन, इंगटॉन्ग कंपनी और मेडिकल डिवाइसेज पार्क से जुड़ी कंपनियों ने स्टॉल लगाए। इनमें अलेंजर, पॉलीमेडिक्योर, मेडिसिस, सियों मेड, रोमसन, अलाइड मेडिकल, नारंग और मधु इंस्ट्रूमेंट्स शामिल हैं। एयरपोर्ट मॉडल और भविष्य की परियोजनाएं प्राधिकरण के स्टॉल पर नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का मॉडल विशेष आकर्षण का केंद्र है। साथ ही एयरपोर्ट से संबंधित जानकारियां, मेडिकल डिवाइसेज पार्क की प्रगति, इंटरनेशनल फ़िल्म सिटी, प्रस्तावित फिनटेक सिटी, सेमीकंडक्टर पार्क, एजुकेशनल हब और हेरिटेज सिटी परियोजनाओं का प्रदर्शन किया गया। आगंतुकों का ध्यान आकर्षित करने के लिए “अनुष्का रोबोट” भी लगाया गया है। प्रधानमंत्री के भ्रमण के दौरान प्राधिकरण की ओर से विशेष कार्याधिकारी शैलेंद्र कुमार भाटिया, शैलेंद्र कुमार सिंह, सीनियर स्टाफ ऑफिसर नंदकिशोर सुंदरियाल और एजीएम इंडस्ट्री स्मिता सिंह मौजूद रहीं।

पीडीए की एकता पर अखिलेश यादव का बयान: जाति ही हमारी ताकत, भाजपा घबराई

लखनऊ सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि जाति हमारा इमोशनल कनेक्ट है। पिछड़ों को जाति के आधार पर आरक्षण दिया गया है। मंडल कमीशन की प्रस्तावना में ये बात आई कि हम जाति के आधार पर पिछड़े हैं तो हमें आरक्षण मिला है। उन्होंने कहा कि भाजपा पीडीए (पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक) की एकता से घबरा गई है। जबसे हमने अलग-अलग विभागों में पीडीए की तैनाती के आंकड़े जारी किए हैं तब से भाजपा घबरा गई और लोगों को अपमानित कर रही है। अखिलेश यादव बृहस्पतिवार को लखनऊ स्थित सपा कार्यालय में मीडिया को संबोधित कर रहे थे जिसमें उन्होंने योगी सरकार के आदेश कि एफआईआर, अरेस्ट वारंट या किसी भी दस्तावेज पर जाति नहीं लिखी जाएगी के आदेश पर जवाब दिया। उन्होंने कहा कि हरिजन एक्ट तो जाति पर ही बना है। जिन लोगों ने गंगाजल से मकान को धुलवाया उन पर कार्रवाई हुई क्या? मैं जिस मंदिर में गया था उसके पंडित के मना करने पर भी भाजपा के लोगों ने मंदिर को धुलवाया। उन्हें बताना चाहिए कि ऐसा क्यों किया? पीडीए को अब समाजवादी पार्टी पर भरोसा है। भाजपा ने भ्रष्टाचार के सारे रिकॉर्ड तोड़े अखिलेश यादव ने कहा कि यूपी में भाजपा ने भ्रष्टाचार के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। विधायक मंच से बोल रहे हैं कि 10 प्रतिशत कमीशन है उस पर बोलेंगे नहीं और हमें क्रीम, पाउडर और शैंपू में उलझा रहे हैं। हम भी बाजार जाएंगे। कहा कि जो लोग ज्यादा मुनाफा कमा रहे हैं उन्हीं से बात की जा रही है। अखिलेश यादव ने सपा में शामिल होने वाले सुधीर चौहान, पूर्व विधायक चौधरी अमर सिंह, विद्यासागर और लालजी भारती (बसपा से आए हैं) का स्वागत किया। किसानों के साथ अन्याय की कीमत पर विकास का समर्थन नहीं करते अखिलेश यादव ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि ये लोग षडयंत्र करते हैं और किसानों से उनकी जमीन जबरदस्ती ले लेते हैं। किसानों से धोखा करने का रास्ता विकास का रास्ता नहीं हो सकता है। ये लोग जो कानून हैं उन कानून की परवाह ना कर करके, दबाव बनाकर,  झूठे मुकदमें लगाकर, जमीन छीनने का काम करते हैं और ये सिलसिला चल रहा है। हम लोग इसका विरोध करते हैं और जब हमारी सरकार आएगी तो किसानों को सर्किल रेट बढ़ाकर मुआवजा दिया जाएगा। किसानों के साथ अन्याय की कीमत पर विकास को सही नहीं ठहराया जा सकता। 

यूपीआईटीएस में योगी सरकार की एशिया की सबसे बड़ी नारायणपुर पंप नहर बनी माॅडल, बनेगी चर्चा का केंद्र

– यूपीआईटीएस के सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के स्टॉल पर महाकुंभ में इंजीरियरिंग के कार्यों को बारीकी से समझ सकेंगे विजिटर्स – बड़ी संख्या में विजिटर्स करेंगे स्टॉल का अवलोकन, सिंचाई के क्षेत्र में योगी सरकार के क्रांतिकारी कदमों की पा सकेंगे जानकारी – बैराज का वर्किंग मॉडल दर्शकों के लिए होगा आकर्षण का केंद्र, स्काडा आधारित मॉडल में मोबाइल के प्रयोग को भी देखेंगे विजिटर्स लखनऊ, यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में प्रदेश के औद्योगिक, कृषि, सांस्कृतिक और नवाचार संबंधी शक्तियों को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करने के लिए विभिन्न स्टॉल लगाए गए। इनमें सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के स्टॉल पर जल प्रबंधन और सिंचाई के क्षेत्र में नवाचार को प्रदर्शित किया गया, जहां बड़ी संख्या में विजिटर्स हाल ही के महाकुंभ प्रयागराज में किए गए परिवर्तनकारी कार्यों और कृषि उत्पादकता को बढ़ाने के लिए स्थायी सिंचाई के बारे में जानकारी हासिल कर सकेंगे। एक्सपो में बाढ़ से संबंधित कार्यों, परियोजना कार्यों और प्रमुख परियोजनाओं के वर्किंग मॉडल ने प्रदेश में जल संसाधन प्रबंधन में क्रांति ला दी, जिसकी विजिटर्स बारीकी से जानकारी ले सकेंगे। महाकुंभ में इंजीनियरिंग के कार्यों को किया गया साझा विभाग ने हाल के प्रयागराज में संपन्न हुए महाकुंभ मेले के दौरान अपने सराहनीय प्रयासों का प्रदर्शन किया है, जिसमें गंगा नदी की तीन अलग-अलग धाराओं को एक एकल सुसंगत प्रवाह में विलय करके काम को दिखाया गया। यह इंजीनियरिंग का एक ऐसा कमाल था जिसने संगम क्षेत्र में नदी के मूल प्रवाह को बहाल किया और श्रद्धालुओं के सुगमता के लिए स्नान क्षेत्रों का काफी विस्तार किया। यह मानव एवं वित्तीय प्रबंधन के साथ इंजीनियरिंग की सटीकता का एक उत्कृष्ट उदाहरण बना। गंगा नदी के चैनेलाइजेशन व विभाग द्वारा अपनी जल प्रणाली के एक विशाल नेटवर्क के माध्यम से करोड़ों तीर्थयात्रियों को स्वच्छ और अविरल जल उपलब्ध कराया और जल प्रबंधन का एक उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। सिंचाई के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश ने रची क्रांति बैराज से निकली नहर के सतही प्रवाह से और 36000 से अधिक राजकीय ट्यूबवेल से कृषि उत्पादकता को बढ़ावा देने के लिए सिंचाई विभाग की प्रतिबद्धता भी पूरी तरह से प्रदर्शित की गई है, इसमें सिंचाई के लिए उसके बहु-आयामी दृष्टिकोण पर ध्यान केंद्रित किया गया है। एक्सपो में सिंचाई विभाग के स्टाॅल पर विभिन्न कार्यों को प्रदर्शित किया गया। इनमें ड्रेजिंग जैसी विधा के नवाचार से पानी के प्रवाह और भंडारण क्षमता में सुधार के लिए नदियों की गाद निकालना और डी-सिल्टिंग करना, समीपवर्ती गांव जहां नदियां कटान कर रही है उसको पुनः ड्रेजिंग द्वारा नदी की मुख्य धारा को अपने पुराने स्वरूप में लाया जाता आदि शामिल है। सबसे दूरस्थ और ऊंचे इलाकों में स्थित खेतों तक भी पानी पहुंचाने के लिए बैराज, लिफ्ट नहरों और ट्यूबवेल का व्यापक कार्यान्वयन, जिससे किसानों के लिए एक विश्वसनीय जल आपूर्ति सुनिश्चित हो सके। मुख्य अभियंता सिंचाई विभाग उपेंद्र सिंह ने बताया कि बैराज का वर्किंग मॉडल जो हरिद्वार में भीमगोड़ा बैराज के डिजाइन से प्रेरित है दर्शकों का आकर्षण का केंद्र बनेगा। एक प्राकृतिक परिदृश्य के साथ दिखने यह चलित मॉडल गेटों के माध्यम से बाढ़ नियंत्रण और ऊपरी गंगा कैनाल व पूर्वी गंगा कैनाल के गेटों के संचालन के जटिल तंत्र को प्रदर्शित कर रहा है। स्काडा आधारित इस मॉडल को  मोबाइल का उपयोग करके इनके गेटों का संचालन किया जा सकता है। नारायणपुर पंप नहर मॉडल भी आकर्षण का केंद्र एक्सपो का एक प्रमुख आकर्षण नारायणपुर पंप नहर का एक मॉडल भी है, जो एशिया की सबसे बड़ी पंप नहरों में से एक है। यह मॉडल दिखाएगा कि कैसे यह परियोजना मीरजापुर और चंदौली में 250,000 हेक्टेयर से अधिक कृषि भूमि की सिंचाई के लिए गंगा नदी से पानी उठाने के लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग करती है, जिससे कृषि उत्पादकता और स्थानीय किसानों की आजीविका में काफी वृद्धि होती है। यह मॉडल रियल-टाइम निगरानी और पूर्वानुमानित रखरखाव के लिए उन्नत आईओटी आधारित समाधानों को अपनाने की विभाग की पहल पर भी प्रकाश डाल रहा है। नारायणपुर पंप कैनाल के लिए भी आई ओ टी का इस्तेमाल किया गया है। जिसे मुख्यालय पर बैठकर भी पंप कैनाल में लगे प्रत्येक पंप के संचालन और निगरानी रख सकते है। मुख्य अभियंता ने बताया गया कि सिंचाई विभाग आई ओ टी के साथ साथ आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस के प्रयोग की तरफ भी बढ़ रहा है। आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस का उपयोग करते हुए ऑगमेंटेड रियलिटी और वर्चुअल रियलिटी का उपयोग करते हुए वर्चुअली तौर पर पूरी पंपिंग प्रणाली और उसमें लगे पार्ट्स और उसके हालात की वास्तविक स्थिति को थ्री डी में देखा जा सकता है। इसका उपयोग वर्चुअल वातावरण में सुरक्षित प्रशिक्षण करने और बिना मशीन छुए रियल जैसा अनुभव कराता है। ऑगमेंटेड रियलिटी का उपयोग करके पंप की खराबियों का तेज और सही मरम्मत संभव हो सकेगा। मशीनों के मरम्मत के लिए एक्सपर्ट कही दूर से बैठकर भी गाइड कर सकता है, इससे मशीनों के डाउन टाइम में कमी आती है।

पीएम मोदी ने निवेश के लिए उत्तर प्रदेश को बताया ‘अद्भुत संभावनाओं’ से भरा प्रदेश

प्रधानमंत्री ने निवेशकों, व्यापारियों और उद्यमियों से यूपी में निवेश करने का किया आह्वान उत्तर प्रदेश में बीते कुछ वर्षों में कनेक्टिविटी में आई अद्भुत क्रांति- पीएम यूपी अब सबसे ज्यादा एक्सप्रेसवे वाला और इंटरनेशनल एयरपोर्ट्स वाला प्रदेश बन चुका है- पीएम वन जिला वन प्रोडक्ट में जिलों के उत्पाद को इंटरनेशनल मार्केट में अपनी पहुंच बना ली है- प्रधानमंत्री लखनऊ, उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस) 2025 का उद्घाटन करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनकी सरकार की जमकर सराहना की। उन्होंने इस भव्य आयोजन को प्रदेश के विकास की नई दिशा बताते हुए निवेशकों, व्यापारियों और उद्यमियों से यूपी में निवेश करने का आह्वान किया। पीएम मोदी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में यूपी तेजी के साथ प्रगति कर रहा है। यूपी न केवल कनेक्टिविटी और इंफ्रास्ट्रक्चर में अग्रणी है, बल्कि विनिर्माण, पर्यटन और रक्षा क्षेत्र में भी आत्मनिर्भर भारत का मजबूत स्तंभ बन चुका है। इस ट्रेड शो में 150 देशों के भागीदारों की मौजूदगी का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि मैं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनकी सरकार के सभी साथियों को और सभी स्टेकहोल्डर को इस आयोजन के लिए बहुत-बहुत बधाई देता हूं। बीते कुछ वर्षों में यूपी में कनेक्टिविटी की क्रांति हुई है- पीएम ट्रेड शो के उद्घाटन समारोह में पीएम मोदी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर अंत्योदय के सिद्धांत को याद करते हुए यूपी के विकास मॉडल को इसका जीवंत उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि अंत्योदय का अर्थ है गरीब से गरीब तक विकास पहुंचाना और यूपी सरकार का प्रयास इसी दिशा में है। बीते कुछ वर्षों में यूपी में कनेक्टिविटी की जो क्रांति हुई है, उसने लॉजिस्टिक कॉस्ट को बहुत कम कर दिया। यूपी देश का सबसे ज्यादा एक्सप्रेसवे वाला प्रदेश बन चुका है, सबसे अधिक इंटरनेशनल एयरपोर्ट वाला प्रदेश है। यह देश के दो सबसे बड़े डेडिकेटेड कॉरिडोर का हिस्सा है। हेरीटेज टूरिज्म में भी नंबर वन है। नमामि गंगे जैसे अभियानों ने यूपी को क्रूज टूरिज्म के मैप पर मजबूत स्थान दिलाया है। प्रधानमंत्री ने की यूपी की 'वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट' (ओडीओपी) योजना की तारीफ प्रधानमंत्री ने यूपी की 'वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट' (ओडीओपी) योजना की खूब तारीफ की। उन्होंने कहा कि वन जिला वन प्रोडक्ट में जिलों के प्रोडक्ट को इंटरनेशनल मार्केट में पहुंचा दिया गया है। मुझे तो विदेशी मेहमानों से मिलना होता है, आजकल मुझे क्या देना है, बहुत ज्यादा सोचना नहीं पड़ता। एक वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट का कैटलॉग हमारी टीम के पास है, यह देख लेती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यूपी अब विनिर्माण का वैश्विक केंद्र बन रहा है। दुनिया का सबसे बड़ा रिकॉर्ड मैन्युफैक्चरिंग सेंटर है भारत और इसमें यूपी का रोल बहुत बड़ा। आज पूरे भारत में जितने मोबाइल फोन बनते हैं, उनमें 55 प्रतिशत यूपी में बनते हैं। स्वदेशी निर्माण में यूपी निभा रहा है अहम भूमिका- पीएम आत्मनिर्भर भारत अभियान के संदर्भ में पीएम ने यूपी के सेमीकंडक्टर और रक्षा क्षेत्र के प्रगति की भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि सेमीकंडक्टर सेंटर में भी भारत की आत्मनिर्भरता बढ़ेगी। यहां से कुछ किलोमीटर दूर एक बहुत बड़ी सेमीकंडक्टर फैसिलिटी पर काम शुरू होने वाला है। हमारी सेनाएं स्वदेशी चाहती हैं, दूसरों पर निर्भरता कम करना चाहती हैं। इसलिए भारत में ही वाइब्रेंट डिफेंस सेक्टर डेवलप करना चाहते हैं। यूपी इसमें बड़ी भूमिका निभा रहा है। बहुत जल्द रूस के सहयोग से बनी फैक्ट्री में एके-203 राइफल्स का उत्पादन शुरू होने जा रहा है। यूपी में डिफेंस कॉरिडोर का निर्माण भी हुआ है, यहां अस्त्र-शस्त्र का निर्माण भी शुरू हो रहा है। पीएम मोदी ने उद्यमियों से अपील करते हुए कहा कि यूपी में इन्वेस्ट करिए। यूपी में सिंगल विंडो सिस्टम मजबूत निकला है और यह लगातार बढ़ रहा है। आप इसके समर्थ का उपयोग कीजिए और एक कंपलीट प्रोडक्ट यहीं पर बनाएं। इसके लिए हर मदद के साथ यूपी सरकार और भारत सरकार आपके साथ हैं। उन्होंने ट्रेड शो में मौजूद 2200 से अधिक एक्जीबिटर्स का अभिनंदन करते हुए कहा कि यह आयोजन राज्य की पार्टनरशिप को मजबूत कर रहा है। इस बार 150 देशों के कंट्री पार्टनर हैं, यानी स्टेज शो में हम एक-दूसरे के साथ पार्टनरशिप को और मजबूत कर रहे हैं। यूपी में निवेश करना निवेशकों के लिए विन-विन सिचुएशन- पीएम यूपी के विकास को राष्ट्रीय लक्ष्य से जोड़ते हुए पीएम ने निवेशकों से कहा कि यूपी में इन्वेस्ट करना भारत में इन्वेस्ट करना है। आपके लिए विन-विन सिचुएशन है। हम सभी के प्रयास मिलकर विकसित भारत बनाएंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी की अगुवाई में प्रदेश की प्रगति को अंत्योदय का प्रतीक है। यहां छोटे व्यापारियों से लेकर बड़े उद्योगपतियों तक सबको अवसर मिल रहा है। ट्रेड शो के माध्यम से यूपी ने वैश्विक मंच पर अपनी क्षमता प्रदर्शित की है, जो निवेश आकर्षित करने में महत्वपूर्ण साबित होगा।

मिशन शक्ति 5.0 : नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करने के साथ ही समाज में स्थायी बदलाव लाने का हो रहा ठोस प्रयास

नवरात्रि के अवसर पर सार्वजनिक स्थलों और बाजारों में भी चलाए जा रहे जागरूकता अभियान विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए अबतक 3 लाख से अधिक लोगों तक बनाई पहुंच योगी सरकार ने बदली समाज की मानसिकता, महिला और बच्चों की सुरक्षा सिर्फ सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की साझा जिम्मेदारी जनसंख्या अनुपात, जन्म/मृत्यु दर, लिंगानुपात, स्कूल ड्रॉपआउट, बाल विवाह पर लोगों को किया जा रहा जागरूक लैंगिक शोषण, संस्थागत प्रसव, साक्षरता दर और महिलाओं व बच्चों के प्रति होने वाली हिंसा पर हो रही चर्चा लखनऊ,  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 22 सितम्बर 2025 से शुरू किया गया “मिशन शक्ति 5.0” अब सिर्फ एक सरकारी अभियान नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश में जनआंदोलन का रूप ले चुका है। यह 90 दिनों का विशेष अभियान महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करने के साथ ही समाज में स्थायी बदलाव लाने के लिए ठोस प्रयास कर रहा है। उत्तर प्रदेश में मिशन शक्ति 5.0 न सिर्फ महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा और सम्मान को मजबूत कर रहा है, बल्कि समाज में जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना को भी मजबूत कर रहा है। इसे अब एक पूर्ण जनआंदोलन कहा जा सकता है, जिसने हर वर्ग के लोगों को अभियान का हिस्सा बना लिया है। समाज की सोच और व्यवहार में बदलाव का संदेश भी दे रहा मिशन शक्ति- 5.0 अभियान अभियान की खासियत यह है कि यह केवल योजनाओं की श्रृंखला नहीं बल्कि समाज की सोच और व्यवहार में बदलाव का संदेश भी है। इसके तहत साइक्लोथॉन, घर-घर जागरूकता अभियान और सोशल मीडिया कैम्पेन जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें लोगों की सहभागिता अभूतपूर्व रही है। जिलाधिकारी स्तर से लेकर ग्राम प्रधान तक के नेतृत्व में आयोजित ये गतिविधियाँ यह स्पष्ट कर रही हैं कि महिला और बच्चों की सुरक्षा केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की साझा जिम्मेदारी है। साइक्लोथॉन में बड़ी संख्या में शामिल हो रहे महिलाएं, बच्चियां और युवा सीएम योगी के निर्देश पर प्रदेश भर में आयोजित साइक्लोथॉन में बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चियां और युवा शामिल हुए। इसमें महिलाओं और बच्चों से जुड़े महत्वपूर्ण संकेतकों जैसे जनसंख्या अनुपात, जन्म/मृत्यु दर, लिंगानुपात, स्कूल ड्रॉपआउट, बाल विवाह, लैंगिक शोषण, संस्थागत प्रसव, साक्षरता दर और महिलाओं व बच्चों के प्रति होने वाली हिंसा पर चर्चा की जा रही है। इन संकेतकों को आम जन के बीच लाकर सुधार की दिशा में कदम उठाने का संदेश भी दिया जा रहा है।   नवरात्रि के अवसर पर सार्वजनिक स्थलों और बाजारों में भी चलाए जा रहे जागरूकता अभियान नवरात्रि के अवसर पर सार्वजनिक स्थलों और बाजारों में मोबाइल वैन, कैनोपी और स्टॉल लगाकर जागरूकता फैलायी जा रही है। इन स्थलों पर लोगों को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, वन स्टॉप सेंटर, 181 महिला हेल्पलाइन, पति की मृत्युपरांत निराश्रित पेंशन योजना और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना जैसी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। इसका उद्देश्य केवल योजनाओं के प्रचार-प्रसार तक सीमित नहीं, बल्कि आमजन को यह समझाना था कि सरकारी योजनाओं की सफलता समाज की सक्रिय भागीदारी पर निर्भर है। विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए अबतक 3 लाख से अधिक लोगों तक बनाई पहुंच बीते 22 सितम्बर से अब तक अभियान के तहत चलाए गए विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से 3 लाख से अधिक लोगों तक पहुँच सुनिश्चित की जा चुकी है। इसमें बड़ी संख्या में बच्चियां, महिलाएं और बुजुर्ग महिलाएं शामिल हुई हैं। समाज की सक्रिय भागीदारी ने मिशन शक्ति 5.0 को केवल सरकारी आयोजन से आगे बढ़ाकर सामाजिक जनआंदोलन बना दिया है। अभियान का सबसे महत्वपूर्ण संदेश है- नारी और नौनिहाल सुरक्षित, तो प्रदेश की प्रगति निश्चित। सीएम योगी के नेतृत्व में मिशन शक्ति 5.0 ने अब तक यह साबित करने में सफल रहा है कि जब समाज स्वयं सक्रिय होता है और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में भाग लेता है, तभी बदलाव वास्तविक और स्थायी बन सकता है। महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रमुख सचिव लीना जौहरी ने कहा कि मिशन शक्ति 5.0 केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं बल्कि सोच और व्यवहार में स्थायी बदलाव का प्रयास है। हमारा लक्ष्य है कि हर महिला और बच्चा बिना भय और भेदभाव के, पूरी गरिमा के साथ जीवन जी सके और अपनी बात समाज और सरकार तक पहुँचा सके। महिला कल्याण निदेशक संदीप कौर ने बताया कि विभाग ने मिशन शक्ति 5.0 की गतिविधियों को इस तरह संयोजित किया है कि यह केंद्र और ब्लॉक स्तर से लेकर ग्राम स्तर तक सभी गतिविधियों को योजना बद्ध रूप से जनसामान्य तक पहुँचाने वाला अभियान बने। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जागरूकता की यह धारा हर घर तक पहुँचे और लाभार्थियों की सरकारी योजनाओं तक पहुँच सुनिश्चित हो।

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के उदघाटन समारोह में प्रधानमंत्री ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से की मुलाकात

प्रधानमंत्री मोदी के समक्ष प्रदेश की महिला उद्यमियों ने विस्तार से बताई अपनी सक्सेस स्टोरी अलग-अलग क्षेत्र में प्रदेश की प्रगति का हिस्सा बनीं महिलाओं ने पीएम मोदी से मुलाकात को बताया सपने के सच होने जैसा ग्रेटर नोएडा, कभी लचर कानून-व्यवस्था के कारण महिलाओं के लिए असुरक्षित माने जाने वाला उत्तर प्रदेश आज महिला सशक्तिकरण की मिसाल बन चुका है। साल 2017 से पहले, प्रदेश में उद्यम लगाने की बात तो दूर, महिलाएं घर से बाहर निकलने में भी हिचकिचाती थीं। लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शासनकाल में विगत साढ़े 8 वर्ष में आए बदलावों ने उत्त प्रदेश की तस्वीर को पूरी तरह बदल दिया है। ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में आयोजित यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2025 में भी इसकी झलक दिखाई दी, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं सहायता समूहों की महिला उद्यमियों से मुलाकात की। इन महिलाओं के लिए यह क्षण किसी सपने के सच होने जैसा था। इन पांच महिलाओं की कहानियां सिर्फ उनकी व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि यह पूरे उत्तर प्रदेश में आए क्रांतिकारी बदलाव की तस्वीर पेश करती हैं। ये कहानियां बताती हैं कि योगी सरकार की नीतियों से अब महिलाएं सुरक्षित महसूस करती हैं और उन्हें अपने सपनों को पूरा करने के लिए एक सुरक्षित माहौल मिला है। मेरठ की विद्युत सखी संगीता: मेहनत से लिखी सफलता की दास्तां मेरठ की रहने वाली संगीता एक विद्युत सखी हैं। उन्होंने आत्मविश्वास के साथ प्रधानमंत्री को बताया कि वह हर महीने लोगों के बिजली बिल जमा करके अच्छी कमाई कर लेती हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनकी कहानी को बड़े ध्यान से सुना और उनसे पूछा कि आपको फील्ड में काम करते हुए कोई दिक्कत तो नहीं होती? इस पर संगीता ने गर्व से जवाब दिया कि अब हमें कोई दिक्कत नहीं होती। लोग हमें सम्मान से पहचानते हैं। लखनऊ की बैंकिंग सखी सरला: घर-घर पहुंचा रही हैं बैंकिंग सुविधाएं लखनऊ से आईं बैंकिंग सखी सरला ने प्रधानमंत्री को बताया कि वह लोगों के बैंक खाते खुलवाती हैं और इस काम से अच्छी कमाई कर लेती हैं। पीएम ने उनसे भी उनके काम के अनुभव के बारे में पूछा। सरला ने बताया कि शुरुआत में लोगों को समझाना मुश्किल था, लेकिन अब लोग भरोसा करते हैं।  सरला ने बताया कि वो अबतक 2000 से अधिक जनधन खाते, 700 से अधिक सुरक्षा बीमा, 200 से अधिक जीवन ज्योति बीमा खाते और 200 से अधिक अटल पेंशन योजना के तहत खाते खोल चुकी हैं। वाराणसी की नमो ड्रोन दीदी नीतू सिंह: तकनीक और उद्यमशीलता का बेजोड़ संगम वाराणसी की नीतू सिंह की कहानी प्रेरित करने वाली है। उन्होंने प्रधानमंत्री को बताया कि वह एक नमो ड्रोन दीदी हैं और उन्होंने ड्रोन चलाना सीखा है। नीतू ने बताया कि वह ड्रोन से खेतों में खाद छिड़कने का काम करती हैं और एक बीघे के लिए ₹200 लेती हैं। उन्होंने यह भी बताया कि कभी-कभी वह एक दिन में 20 से 25 एकड़ खेतों में छिड़काव कर लेती हैं। नीतू ने बताया कि पिछले डेढ़ साल में वो 1000 एकड़ से अधिक खेतों में ड्रोन से छिड़काव कर चुकी हैं। बिजनौर की जूली देवी: 15,000 महिलाओं की आवाज बिजनौर की जूली देवी ने प्रधानमंत्री से मिलकर 15,000 महिलाओं का प्रतिनिधित्व किया, जो विदुर पेड़ा समिति से जुड़ी हैं। यह समिति साबुन, मसाला, मल्टीग्रेन आटा, बेसन समेत करीब 150 उत्पाद बनाती है। जूली कहतीं हैं कि 2017 से पहले यूपी में महिलाएं उद्यम कर सकती हैं, यह सोचना भी मुश्किल था। घर से बाहर निकलने में डर लगता था। कानून व्यवस्था की हालत बहुत खराब थी। उन्होंने आगे कहा कि अब हम न केवल घर चलाती हैं, बल्कि बेखौफ होकर अपना उद्यम भी करती हैं। गोरखपुर में डेयरी उद्यम से जुड़ी कौशल्या ने भी पीएम से मुलाकात की। उन्होंने प्रधानमंत्री को बताया कि वह एक सफल डेयरी चलाती हैं और हर महीने अच्छी कमाई कर लेती हैं।

नवरात्रि के चौथे दिन मां कूष्मांडा के दर्शन को उमड़ी भीड़, भक्तों ने मांगी खुशहाली

वाराणसी,  शारदीय नवरात्रि के चौथे दिन काशी में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मां कूष्मांडा के दर्शन के लिए उमड़ पड़ी। इस दिन देवी दुर्गा के कूष्मांडा रूप की पूजा का विशेष महत्व होता है। मान्यता है कि मां कूष्मांडा सृष्टि की आदिस्वरूपा हैं और ब्रह्मांड की रचना का प्रारंभ उन्होंने ही किया था। धर्मनगरी वाराणसी के दुर्गाकुंड स्थित प्राचीन मंदिर में मां कूष्मांडा विराजमान हैं। सुबह मंगल आरती के बाद से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें मंदिर परिसर के बाहर लग गई थीं। हर कोई मां के दर्शन कर अपने दुखों से मुक्ति और जीवन में सुख, शांति व समृद्धि की कामना कर रहा था। भक्तों का मानना है कि मां कूष्मांडा के दर्शन मात्र से सभी प्रकार की परेशानियों का अंत हो जाता है और घर में सुख-समृद्धि का वास होता है। मां कूष्मांडा के दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं ने अपनी भावनाएं साझा करते हुए बताया कि यहां आकर उन्हें आंतरिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा की अनुभूति हुई। किरण मिश्रा ने बताया कि दर्शन के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा, लेकिन मां के दर्शन होते ही सारी थकान दूर हो गई। वहीं, जया देवी ने कहा कि वह हर साल नवरात्रि में मां के दर्शन करने आती हैं क्योंकि इससे जीवन में सुख-शांति बनी रहती है। एक अन्य श्रद्धालु रेनू मौर्य ने कहा कि मां के दर्शन से सभी परेशानियां दूर हो जाती हैं और मन को शांति मिलती है। मंदिर के पुजारी सोनू झा ने बताया कि नवरात्रि में मां कूष्मांडा की पूजा से सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं। उन्होंने कहा कि यहां विशेष पूजा की व्यवस्था की जाती है, खासकर उन लोगों के लिए जिनकी कुंडली में ग्रह दोष होते हैं। मंदिर परिसर में देवी-देवताओं की उपस्थिति का विशेष महत्व है और मां के आशीर्वाद से भक्तों के कष्ट दूर हो जाते हैं।