samacharsecretary.com

नशा तस्करों के खिलाफ चंडीगढ़ में बुलडोजर एक्शन, 18 मकानों की बनी लिस्ट

चंडीगढ़. नशा बेचने वालों के खिलाफ चंडीगढ़ प्रशासन ने पहली बार बड़ी कार्रवाई शुरू की है। नशा तस्करों के मकानों पर रविवार को बुलडोजर चलाया गया। पुलिस ने 18 नशा तस्करों के मकानों की सूची प्रशासन को सौंपी है। प्रशासन ने अब कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई के दौरान प्रशासन और पुलिस के अधिकारी व कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों का कहना है कि अवैध निर्माणों को लेकर नियमों के अनुसार कार्रवाई जारी रहेगी। रामदरबार में एक साथ 18 मकानों पर कार्रवाई से स्थानीय स्तर पर भी हलचल है। प्रशासक गुलाबचंद कटारिया ने हर विभाग को नशे के खिलाफ कार्रवाई करने के निदेशक जारी किए हुए हैं।

रिश्वत मामले में पठानकोट का पुलिस अफसर फंसा, विजिलेंस ने देर रात पकड़ा

पठानकोट. पंजाब के धर्मकोट हलके में देर रात जब विजिलेंस की टीम ने कार्रवाई करते हुए कोट ईसे खां थाने की महिला थाना प्रभारी सुनीता बावा पर शिकंजा कसा। विजिलेंस की इस अचानक हुई कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। देर रात चलाई गई इस विशेष मुहिम के दौरान महिला अधिकारी को हिरासत में लिया गया। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी कार्रवाई रिश्वत से जुड़े एक मामले को लेकर की गई है। धर्मकोट के पास स्थित नूरपुर हकीमा गांव के कुछ निवासियों ने महिला पुलिस अधिकारी पर रिश्वत मांगने के गंभीर आरोप लगाए थे। शिकायतकर्ताओं का कहना था कि उनसे काम के बदले अवैध राशि की मांग की जा रही थी। इस शिकायत की प्राथमिक जांच के बाद विजिलेंस विभाग ने रणनीति तैयार की और देर रात सीधे थाने और संबंधित ठिकानों पर दबिश देकर यह कार्रवाई की।

बागेश्वर बाबा को देखने लुधियाना में जुटे हजारों लोग

लुधियाना. ग्लाडा ग्राउंड में शनिवार को आरंभ होने वाली श्री हनुमंत कथा के दौरान बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री महाराज की झलक को हर शख्स उत्सुक नजर आया। कार्यक्रम शाम को लगभग चार बजे से शुरू होगा, लेकिन श्रद्धालुओं के पहुंचने का क्रम दोपहर 12 बजे के बाद से ही शुरू हो गया। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से आयोजन स्थल के पास से रूट डायवर्ट कर दिया गया है, ताकि लोगों को किसी तरह की समस्या न आए। हालांकि कार्यक्रम शुरू होने में अभी काफी समय है, लेकिन श्रद्धालु पहले से ही डटकर बैठ गए हैं। कुछ श्रद्धालुओं का कहना था कि वह हमेशा धीरेंद्र शास्त्री महाराज को टीवी या यू ट्यूब पर ही सुनते रहे हैं, लेकिन आज उन्हें साक्षात सुनने का अवसर मिला है, इसलिए उन्हें काफी उत्सुकता है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी गई कार्यक्रम की जानकारी कार्यक्रम को लेकर जालंधर बाईपास स्थित माल्होत्रा रिसॉर्ट्स में आयोजन समिति की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इस दौरान समिति के पदाधिकारियों ने पांच दिवसीय हनुमंत कथा से संबंधित तैयारियों और व्यवस्थाओं की जानकारी मीडिया के साथ साझा की। आयोजकों ने बताया कि लुधियाना की धरती पर पहली बार पंडित धीरेंद्र शास्त्री की हनुमंत कथा का आयोजन किया जा रहा है। इसे लेकर श्रद्धालुओं में काफी उत्साह है और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर तैयारियां की जा रही हैं। हनुमान भक्ति और श्रीराम कथा का मिलेगा संदेश मंगलम वेलफेयर एंड चैरिटेबल सोसायटी के अध्यक्ष वरिंदर सहगल ने कहा कि लुधियाना में पंडित धीरेंद्र शास्त्री की हनुमंत कथा करवाना संस्था के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य लोगों को हनुमान जी की भक्ति, भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों और सनातन संस्कृति के आध्यात्मिक संदेशों से जोड़ना है। पांच दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं को पंडित धीरेंद्र शास्त्री के श्रीमुख से हनुमंत कथा सुनने का अवसर मिलेगा। कथा के माध्यम से भक्ति, संस्कार, सेवा, सद्भाव और सनातन संस्कृति से जुड़े संदेश श्रद्धालुओं तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। आयोजन समिति के अनुसार लुधियाना के अलावा पंजाब के विभिन्न जिलों और अन्य राज्यों से भी श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता दी जा रही है। आयोजकों के मुताबिक कार्यक्रम के दौरान: – श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था पेयजल की सुविधा चिकित्सा सहायता पार्किंग व्यवस्था सुरक्षा प्रबंध प्रवेश व्यवस्था यातायात प्रबंधन समेत अन्य जरूरी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। अलग-अलग समितियां संभालेंगी जिम्मेदारियां वरिंदर सहगल ने बताया कि आयोजन को व्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया जा रहा है। इसके अलावा बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। आयोजन समिति का प्रयास है कि कथा में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो और पांचों दिन धार्मिक कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न हों। श्रद्धालुओं से आयोजन में शामिल होने की अपील आयोजन समिति ने लुधियाना और आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से इस धार्मिक आयोजन में बढ़-चढ़कर शामिल होने की अपील की है। समिति ने कहा कि पंडित धीरेंद्र शास्त्री के श्रीमुख से हनुमंत कथा सुनने का यह अवसर श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक दृष्टि से विशेष रहेगा।

23 SCO साइटों की दोबारा ई-नीलामी, मंडी में तैयारी

चंडीगढ़. चंडीगढ़. सेक्टर-39 स्थित नई अनाज, फल एवं सब्जी मंडी में फल-सब्जी कारोबार के लिए 23 एससीओ साइटों की दोबारा ई-नीलामी होगी। पहली नीलामी सफल नहीं होने के बाद राज्य कृषि विपणन बोर्ड, यूटी चंडीगढ़ ने अब नए सिरे से नीलामी प्रक्रिया शुरू करने का फैसला लिया है। बोर्ड की ओर से जारी शेड्यूल के अनुसार 28 सितंबर 2026 को विज्ञापन जारी होगा और 23 अक्टूबर से 27 अक्टूबर तक मुख्य ई-नीलामी चलेगी। नीलामी में साइट नंबर 24 से 46 तक कुल 23 एससीओ साइटें शामिल हैं। सभी साइटें लीजहोल्ड आधार पर फल-सब्जी व्यापार के लिए आवंटित की जाएंगी। प्रत्येक साइट का आकार करीब 5.48 मीटर गुणा 18.29 मीटर यानी 100.23 वर्ग मीटर है। 122.08 करोड़ रखी रिजर्व प्राइस चंडीगढ़ प्रशासन ने सेक्टर-39 में नई सब्जी मंडी के विकास और सेक्टर-26 मंडी की शिफ्टिंग के तहत दूसरे फेज की ऑक्शन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इससे पहले मार्च 2025 में हुई पहली ऑक्शन में इसी साइज की साइट का रिजर्व प्राइस 3.70 करोड़ रुपए था, जो अब बढ़कर 5.30 करोड़ रुपए से अधिक हो गया है। यानी 1 साल 6 महीने में प्रत्येक साइट की कीमत 1.60 करोड़ रुपए बढ़ गई है। पिछली ऑक्शन में केवल 12 साइट्स ही बिक पाई थीं। ऑक्शन का शेड्यूल- ईएमडी और डाक्यूमेंट्स जमा: 1 से 22 सितंबर अप्रूवल प्रोसेस: 25 से 26 सितंबर ऑनलाइन बिडिंग: 27 से 29 सितंबर (बोलीदाताओं के लिए प्री-बिड सेमिनार व ट्रेनिंग भी होगी) ऑक्शन का ब्योरा – प्लॉट साइज: सभी 23 एससीओ समान साइज (5.48 मी. X 18.29 मी. यानी 119.874 वर्ग गज) के हैं। रिजर्व प्राइस: प्रति वर्ग गज 4,42,800 रुपए की दर से प्रत्येक साइट की न्यूनतम कीमत 5,30,80,207 रुपए तय है। ईएमडी व अतिरिक्त चार्ज: बोली में शामिल होने के लिए 10,61,604 रुपए अर्नेस्ट मनी डिपॉजिट देनी होगी। कॉर्नर प्लॉट्स (साइट नंबर 24 और 46) के लिए बोली मूल्य पर 5% अतिरिक्त चार्ज लगेगा। व्यापार की शर्त: इन साइट्स का उपयोग केवल फल और सब्जी के थोक व्यापार के लिए होगा। 120 वर्ग गज के हैं सभी एससीओ – हाल ही में पर्यावरण मंजूरी प्राप्त इस 234.55 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट को 72.4 एकड़ (बिल्ट-अप एरिया 1,47,605.83 वर्ग मीटर) में विकसित किया जा रहा है। इंफ्रास्ट्रक्चर: 1 ऑक्शन शेड, 130 एससीओ व दुकानें, 1 वेंडर्स मार्केट, मार्केटिंग बोर्ड व कमेटी ऑफिस, बैंक, संपर्क सेंटर, सराय, 1 वेयरहाउस और राइपनिंग चैंबर। कोल्ड स्टोरेज: 2,000 मीट्रिक टन क्षमता के 2 कोल्ड स्टोरेज। वेस्ट मैनेजमेंट: मंडी में रोज निकलने वाले 10-15 टन सॉलिड वेस्ट के लिए 14 टन प्रतिदिन क्षमता का इन-हाउस इन-वेसल कंपोस्टिंग प्लांट लगेगा, जिसके चारों ओर 10 मीटर चौड़ा ग्रीन बफर जोन होगा। ट्रैफिक प्लान: 5 किमी के दायरे में सुगम आवाजाही के लिए अर्बन टाउन प्लानिंग और पीडब्ल्यूडी से सर्टिफाइड कॉम्प्रिहेंसिव ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान बनेगा।

‘स्टूडेंट वीजा वाले गुंडों को डिपोर्ट करो’, कनाडा MP का बयान

चंडीगढ़. कनाडा में लॉरेंस गैंग को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है। गैंग की ओर से कनाडा में राज करने की कथित धमकी वाला पत्र सामने आने के बाद सांसद ब्रैड विस ने गैंग के खिलाफ कार्रवाई की मांग को फिर से प्रमुखता से उठाया है। उन्होंने इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म पर एक वीडियो जारी किया है, जिसमें कनाडा में हुई गोलीबारी की 10 घटनाओं के फुटेज दिखाए गए हैं। वीडियो में शूटर मशीनगन से गोलियां चलाते नजर आ रहे हैं। सांसद ने कनाडा सरकार से मांग की है कि लॉरेंस गैंग से जुड़े ऐसे लोगों की तत्काल पहचान की जाए, जो छात्र वीजा अथवा किसी अन्य अस्थायी अनुमति के आधार पर कनाडा में रह रहे हैं। उनका कहना है कि यदि किसी व्यक्ति का आपराधिक गिरोह से संबंध सामने आता है और वह कनाडा में रहने का कानूनी अधिकार खो देता है तो इमिग्रेशन कानून के तहत उसे देश से बाहर किया जाना चाहिए। पंजाब से संचालित नेटवर्क बताया ब्रैड विस ने लॉरेंस गैंग को मुख्य रूप से पंजाब से संचालित होने वाला आपराधिक नेटवर्क बताया। उन्होंने गैंग पर जबरन वसूली, गोलीबारी और धमकियां देने के आरोप लगाए। सांसद के अनुसार, उनके गृह नगर में कारोबारियों को 10 लाख कनाडाई डॉलर तक की रंगदारी मांग वाले पत्र मिले। मांग पूरी नहीं करने पर परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकियां भी दी गईं। उन्होंने दावा किया कि कनाडा सरकार ने 29 सितंबर 2025 को लॉरेंस बिश्नोई गैंग को आतंकवादी संगठन के रूप में सूचीबद्ध किया था। अब उनकी मांग इस सूचीबद्धता के बाद इमिग्रेशन और कानून-व्यवस्था से जुड़े प्रावधानों को सख्ती से लागू करने की है। कारोबारियों को धमकी का भी दावा सांसद ने कहा कि कनाडा के रक्षा मंत्री और देशभर की पुलिस को भेजे गए एक कथित पत्र में गैंग ने खुद को भारतीय गैंग बताते हुए कनाडा में उसके खिलाफ कार्रवाई को चुनौती दी। उनके अनुसार पत्र में हिंसा जारी रखने, पुलिस अधिकारियों के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने और कारोबारियों से जबरन वसूली की धमकी दी गई। सीबीएसए और आरसीएमपी को कार्रवाई का अधिकार देने की मांग ब्रैड विस ने कनाडा बॉर्डर सर्विसेज एजेंसी (सीबीएसए) और रॉयल कनाडियन माउंटेड पुलिस (आरसीएमपी) को गैंग से जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई के लिए विशेष अधिकार देने की मांग की। उन्होंने कहा कि छात्र वीजा या अन्य अस्थायी वीजा पर कनाडा पहुंचे और बाद में आपराधिक नेटवर्क से जुड़े लोगों के मामलों में इमिग्रेशन कानून का इस्तेमाल किया जाना चाहिए। 100 से अधिक रंगदारी मामलों का उल्लेख कनाडा की वित्तीय खुफिया एजेंसी फिनट्रैक की अप्रैल 2026 की रिपोर्ट का हवाला देते हुए सांसद ने कहा कि दक्षिण एशियाई समुदाय को निशाना बनाकर जबरन वसूली के 100 से अधिक मामले सामने आए। रिपोर्ट में 300 से अधिक संदिग्धों और करीब 63 हजार संदिग्ध लेनदेन का उल्लेख होने की बात कही गई है। अल्बर्टा, ब्रिटिश कोलंबिया और ओंटारियो में कारोबारियों के घरों पर आगजनी और गोलीबारी की घटनाओं का भी जिक्र किया गया है। रेस्टोरेंट और कैफे पर फायरिंग के मामले कनाडा में इस नेटवर्क से जुड़े होने के दावे वाले कई हमलों का भी सांसद ने उल्लेख किया। अक्टूबर 2025 में सरे में एक भारतीय रेस्टोरेंट संचालक के कई ठिकानों पर गोलीबारी हुई थी। इंटरनेट मीडिया पर गैंग से जुड़े बताए गए गोल्डी ढिल्लों ने इस हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था। सरे स्थित कामेडियन कपिल शर्मा के कैप्स कैफे पर जुलाई से अक्टूबर 2025 के बीच तीन बार गोलीबारी की घटनाएं हुईं। इन हमलों की जिम्मेदारी भी गैंग से जुड़े शूटरों द्वारा लेने का दावा सामने आया था। इसके अलावा कनाडा में दक्षिण एशियाई मूल के कारोबारियों, राजनेताओं और सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों को कथित रंगदारी के लिए निशाना बनाए जाने के मामले भी जांच एजेंसियों के सामने आए हैं। एडमंटन, कैलगरी और ओंटारियो में कुछ घरों पर गोलीबारी और आगजनी की घटनाओं की जिम्मेदारी इंटरनेट मीडिया पर गैंग से जुड़े हैंडलर्स द्वारा लेने के दावे भी किए गए हैं।

OHE लाइन टूटने से दर्जनों ट्रेनें प्रभावित, यात्री परेशान

सोनीपत. दिल्ली-अंबाला रेलमार्ग पर राजलू गढ़ी रेलवे स्टेशन के पास ओवरहेड इलेक्ट्रिक (ओएचई) टूटने से शुक्रवार रात रेल यातायात बाधित हो गया। लाइन टूटने और ट्रिपिंग होने के कारण अप और डाउन लाइन पर ट्रेनों का आवागमन बाधित हो गया। रेल यातायात बाधित होने से करीब आधा दर्जन मेल, एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेन अलग अलग स्टेशनों पर खड़ी रही। जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। OHE लाइन टूटने से यात्री परेशान दिल्ली से चलकर अंबाला जाने वाली गाड़ी संख्या 64453 पैसेंजर ट्रेन रात 8.20 बजे जब राजलू गढ़ी स्टेशन पर पहुंची, तभी ओएचई टूट गई, इससे अप लाइन पर चार पैसेंजर ट्रेनें राजलू गढ़ी, सांदल कलां, सोनीपत और हरसाना स्टेशनों पर खड़ी रही। वहीं, सूबेदारगंज से चलकर कतरा जाने वाली जम्मू मेल को नरेला स्टेशन पर रोकना पड़ा।

आत्मा की अफवाह के बाद हंगामा, छात्रों से पुलिस की झड़प

पटियाला. पंजाब के पटियाला (बनूड़) स्थित एक नामी प्राइवेट यूनिवर्सिटी में 25 सितंबर की मध्य रात्रि उस समय तनावपूर्ण माहौल बन गया, जब कैंपस में 'भूत' होने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद देर रात सैकड़ों छात्र सड़कों पर उतर आए और यूनिवर्सिटी कैंपस में तोड़फोड़ करते हुए उग्र प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन कर रहे छात्रों का दावा था कि कैंपस में पूर्व में एक छात्रा ने कथित तौर पर आत्महत्या की थी, जिसकी आत्मा हास्टल में रहने वाले छात्रों को परेशान कर रही है। हालांकि, मौके पर पहुंचे सुरक्षा कर्मियों और विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने छात्रों को समझाने की कोशिश की कि परिसर में ऐसी कोई खुदकुशी की घटना नहीं हुई है। अधिकारियों ने कहा शरारती तत्वों का है ये काम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कुछ शरारती तत्व जानबूझकर दूसरे कमरों के दरवाजे खटखटाकर भाग जाते हैं। इसके बावजूद छात्र शांत होने को तैयार नहीं हुए और विश्वविद्यालय प्रबंधन के खिलाफ लगातार नारेबाजी करते रहे।

रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर, 10 ट्रेनें रद्द

अमृतसर. मानांवाला रेलवे स्टेशन पर चल रहे काम का असर अमृतसर से आने-जाने वाली ट्रेनों पर लगातार पड़ रहा है। कई ट्रेनें रद के अलावा कुछ ट्रेनों को उनके निर्धारित गंतव्य से पहले ही रोक दिया गया। मानांवाला रेलवे स्टेशन पर चल रहे काम के चलते शुक्रवार को भी अमृतसर-चंडीगढ़ एक्सप्रेस, अमृतसर-चंडीगढ़ इंटरसिटी एक्सप्रेस, नंगल डैम एक्सप्रेस, अमृतसर-कटिहार त्योहार विशेष और अमृतसर-अटारी डीईएमयू सहित कई ट्रेनें रद रहीं। इसके अलावा कुछ ट्रेनों को उनके निर्धारित गंतव्य से पहले ही रोक दिया गया। अब शनिवार और रविवार को यात्रियों की परेशानी और बढ़ने वाली है। दोनों दिनों में अमृतसर से जुड़ी कुल 10 ट्रेनें रद रहेंगी, जबकि छह ट्रेनें बदले हुए मार्ग से चलाई जाएंगी। कई ट्रेनें रद के चलते यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना बदलनी पड़ सकती है। कई यात्री पहले से कराई गई बुकिंग रद कराने को मजबूर हैं। वहीं, दूसरी ट्रेनों में यात्रियों की संख्या बढ़ने से प्रतीक्षा सूची भी लंबी होने लगी है।

CM मान का दावा: पंजाब में आया ₹1.89 लाख करोड़ निवेश

चंडीगढ़. पंजाब तेज़ी से एक प्रमुख औद्योगिक केंद्र और निवेश के पसंदीदा गंतव्य के रूप में उभर रहा है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार ने पिछले चार वर्षों के दौरान 1.89 लाख करोड़ रुपये का बड़ा निवेश आकर्षित किया है, जिससे 6.31 लाख युवाओं के लिए रोज़गार के अवसर पैदा हुए हैं और पारंपरिक औद्योगिक केंद्रों से बाहर भी औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिला है। नए निवेश प्रस्तावों के मामले में मोहाली 9,478 करोड़ रुपये के निवेश के साथ अग्रणी रहा, जबकि लुधियाना 4,968 करोड़ रुपये के निवेश के साथ दूसरे स्थान पर है। निवेश के बढ़ते दायरे से निवेशकों के बढ़ते विश्वास का पता चलता है और साथ ही पूरे पंजाब में रोजगार, उद्यमिता तथा अधिक आय के लिए नए रास्ते खुल रहे हैं। उद्योग विभाग के कामकाज की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि यह ऐतिहासिक निवेश घरेलू और वैश्विक निवेशकों के पंजाब के औद्योगिक इकोसिस्टम पर बढ़ते भरोसे को दर्शाता है। सरकार ने बेहतर बुनियादी ढांचे, पारदर्शी शासन और आसान प्रशासनिक स्वीकृतियों के जरिए एक निवेशक-अनुकूल माहौल तैयार किया है। मोहाली और लुधियाना सबसे आगे कॉमन एप्लीकेशन फॉर्म के माध्यम से मिले नए निवेश प्रस्तावों में मोहाली 9,478 करोड़ रुपये के साथ पहले स्थान पर है, जबकि लुधियाना 4,968 करोड़ रुपये के साथ दूसरे स्थान पर है। इसके अलावा पटियाला में 2,590 करोड़ और होशियारपुर में 2,003 करोड़ रुपये के प्रस्ताव मिले हैं। फतेहगढ़ साहिब, बठिंडा, कपूरथला और जालंधर जैसे अन्य जिले भी इस विकास यात्रा में अहम योगदान दे रहे हैं। टाटा, जेएसडब्ल्यू और नेस्ले जैसी दिग्गज कंपनियां शामिल मुख्यमंत्री ने बताया कि पंजाब में टाटा स्टील, जेएसडब्ल्यू स्टील, ऐची स्टील्स, वर्धमान, नेस्ले, हिंदुस्तान लीवर, कारगिल, डी हेउस, एचएमईएल, संथान टेक्सटाइल और फ्रायडेंबर्ग जैसी कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों ने निवेश या अपने कारोबार का विस्तार किया है। एमएसएमई और क्लस्टर विकास पर फोकस सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए राज्य के प्रमुख केंद्रों में विशेष औद्योगिक क्लस्टर बनाए जा रहे हैं। जैसे कि मोहाली में हाई-टेक मेटल क्लस्टर, लुधियाना में ऑयल एक्सपेलर व पार्ट्स मैन्युफैक्चरिंग, गारमेंट्स और हनी प्रोसेसिंग क्लस्टर, पटियाला कटिंग टूल क्लस्टर है। मुख्यमंत्री मान ने अंत में कहा कि सरकार का असली उद्देश्य केवल निवेश के आंकड़े जुटाना नहीं, बल्कि इस निवेश को पंजाब के युवाओं के लिए रोजगार, उद्यमिता और बेहतर आय के अवसरों में बदलना है। पंजाब निवेशकों का स्वागत करने के लिए पूरी तरह तैयार है।

चंडीगढ़ से UP-बिहार जाने वाली ट्रेनों में भारी वेटिंग, बढ़ी परेशानी

चंडीगढ़  दीपावली और छठ पर घर जाने की तैयारी कर रहे यूपी-बिहार के लोगों के लिए ट्रेन का टिकट मिलना अभी से चुनौती बन गया है। त्योहार में करीब एक महीने का समय बाकी है, लेकिन चंडीगढ़ और अंबाला से उत्तर प्रदेश-बिहार जाने वाली कई ट्रेनों में सीटें भर चुकी हैं।  चंडीगढ़, पंचकूला, मोहाली और आसपास रहने वाले बड़ी संख्या में लोग हर साल त्योहार पर अपने पैतृक गांव और शहर जाते हैं। इस बार नियमित ट्रेनों में सीट नहीं मिलने से यात्रियों को तत्काल टिकट, स्पेशल ट्रेन, बस या फ्लाइट का विकल्प तलाशना पड़ सकता है। चंडीगढ़ और अंबाला से यूपी-बिहार जाने वाली कई ट्रेनों में कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो गया है। गाड़ी संख्या 13152 में 12 नवंबर तक वेटिंग टिकट भी उपलब्ध नहीं है। चंडीगढ़ से वाराणसी जाने वाली गाड़ी संख्या 22356 में वेटिंग 135 तक पहुंच गई है। चंडीगढ़ से गोरखपुर और डिब्रूगढ़ जाने वाली गाड़ी संख्या 15904 में 353 की वेटिंग चल रही है। अंबाला से गोरखपुर होते हुए बिहार जाने वाली गाड़ी संख्या 13042 में भी 10 नवंबर तक वेटिंग टिकट उपलब्ध नहीं होने की जानकारी है। तत्काल टिकट पर निर्भर होने की नौबत त्योहार नजदीक आने के साथ ट्रेनों में भीड़ और बढ़ने की संभावना है। नियमित ट्रेनों में सीट नहीं मिलने पर यात्रियों को तत्काल टिकट या स्पेशल ट्रेनों पर निर्भर रहना पड़ सकता है। वहीं, टिकट नहीं मिलने पर सड़क या हवाई यात्रा का विकल्प भी चुनना पड़ सकता है। प्रमुख ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए जाएं पूर्वांचल चंडीगढ़ विकास मंच ने रेलवे से मांग की है कि त्योहारों से पहले चंडीगढ़ और अंबाला से यूपी-बिहार जाने वाली प्रमुख ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए जाएं। साथ ही यात्रियों की मांग को देखते हुए और स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएं, ताकि आखिरी समय में टिकट के लिए मारामारी न हो।