samacharsecretary.com

इरफान अंसारी ने 91 CHO को नियुक्ति पत्र दिए, कहा- नौकरी के साथ सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी

रांची झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने नामकुम स्थित लोक स्वास्थ्य संस्थान सभागार में आयोजित भव्य समारोह में 91 सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारियों (सीएचओ) को अपने हाथों से नियुक्ति पत्र सौंपा। इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि आप सबको चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा, लेकिन डरना मत, हम नौकरी दिए हैं तो आपकी हिफाजत भी करेंगे।उन्होंने कहा कि पदभार संभालने के बाद से लगातार स्वास्थ्य व्यवस्था को सुद्दढ़ बनाने का काम हो रहा है। पिछले 25 वर्षों में जो सुधार नहीं हो पाया, उसे अब तेज़ी से पूरा किया जा रहा है। बोकारो दौरे का जिक्र करते हुए मंत्री ने कहा कि लोगों ने मुझे बताया कि अस्पतालों में एमआरआई और सीटी स्कैन मशीन नहीं होने से कितनी आर्थिक और मानसिक पीड़ा उठानी पड़ती है। यह बात मुझे दिल पर लगी। मैंने तुरंत फ़ैसला किया – अब सभी जिलों के सदर अस्पतालों में एमआरआई और सीटी स्कैन मशीन अनिवार्य रूप से लगाई जाएगी। डॉ. अन्सारी ने अपने संबोधन में जोश और जज़्बे के साथ कहा कि मैं जो कहता हूं, वो करके दिखाता हूं। यहां की स्वास्थ्य व्यवस्था को ठीक करने के लिए सख़्त फ़ैसले लेने पड़ेंगे। कुछ लोग इसका विरोध करेंगे, अफवाह फैलाएंगे। उन्होंने शायरी सुनाकर माहौल गूंजा दिया, कहा- यहां मजबूत से मजबूत लोहा टूट जाता है, कई झूठे इकट्ठा हों तो सच्चा टूट जाता है।'' मंत्री ने कहा कि राज्य में 2100 बेडेड सुपर स्पेशियलिटी किडनी अस्पताल बनने जा रहा है। अब किडनी से जुड़ी गंभीर बीमारियों और किडनी ट्रांसप्लांट के लिए झारखण्ड के लोगों को बाहर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने मेडिको सिटी और छह नए मेडिकल कॉलेजों को समय पर पूरा करने का भी भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि मेरे सभी संकल्प आने वाले 1-2 सालों में नतीजे के रूप में सामने होंगे। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने कहा कि झारखण्ड का स्वास्थ्य सूचकांक राष्ट्रीय औसत से बेहतर है। सीमित संसाधनों के बावजूद राज्य ने बेहतरीन उपलब्धियां हासिल की हैं।''  

रांची में जाम से मिलेगी राहत, जल्द तैयार होंगे 3 फ्लाईओवर – जानें कब होगा उद्घाटन

रांची झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने सोमवार कांके रोड रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में राज्य सरकार द्वारा प्रस्तावित रांची शहर के तीन महत्वपूर्ण फ्लाईओवर के कार्य योजना एवं इसके डिजाइन से संबंधित प्रेजेंटेशन पर पथ निर्माण विभाग के वरीय अधिकारियों के साथ गहन विचार-विमर्श किया।         हरमू फ्लाईओवर को रातू रोड फ्लाईओवर से जोड़ने के निर्देश मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने राज्य सरकार द्वारा प्रस्तावित हरमू (सहजानंद चौक) से एसीबी कार्यालय तक बनने वाले फ्लाईओवर परियोजना का विस्तृत प्रेजेंटेशन देखा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि हरमू फ्लाईओवर का निर्माण ट्रैफिक जाम की समस्या को कम करने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। हरमू बाईपास रोड पर अक्सर लगने वाले जाम से लोगों को काफी परेशानी होती है। इस फ्लाईओवर के निर्माण से लोगों को आवागमन में काफी सुविधा होगी और उनका समय भी बचेगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस फ्लाईओवर को रातू रोड फ्लाईओवर से जोड़ें ताकि आमजनमानस को आवागमन में सुविधा हो सके। मुख्यमंत्री के समक्ष पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से यह जानकारी दी कि प्रस्तावित हरमू (सहजानंद चौक) से एसीबी कार्यालय तक बनने वाले फ्लाईओवर परियोजना का टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कर लिया गया है। CM हेमंत ने फ्लाईओवर परियोजना का विस्तृत प्रेजेंटेशन देखा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अरगोड़ा चौक से कटहल मोड़ एवं करम टोली चौक से साइंस सिटी तक बनने वाले फ्लाईओवर निर्माण परियोजना से संबंधित प्रेजेंटेशन की विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की एवं इन फ्लाईओवर की महत्ता को देखते हुए कई आवश्यक दिशा-निर्देश भी अधिकारियों को दिए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जल्द उक्त फ्लाईओवर निर्माण के लिए एक बेहतर कार्य योजना बनाते हुए डीपीआर तैयार की जाए तथा इस परियोजना को मूर्त रूप देने की दिशा में अग्रतर कार्यवाही करें। मुख्यमंत्री ने अरगोड़ा चौक के ऊपर गोल चक्कर बनाने का दिया निर्देश मुख्यमंत्री ने प्रस्तावित फ्लाईओवर अरगोड़ा चौक के ऊपर गोलचक्कर (रोटरी) बनाने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अरगोड़ा चौक में गोलचक्कर निर्माण से कई महत्वपूर्ण सड़कें आपस में कनेक्ट हो जाएगी जिससे लोगों को आवागमन में काफी सुविधा होगी। मुख्यमंत्री ने करम टोली चौक से साइंस सिटी तक एलिवेटेड फ्लाईओवर (4 लेन) परियोजना का प्रेजेंटेशन देखा।इस फ्लाईओवर निर्माण तथा प्रस्तावित डॉक्टर्स कॉलोनी से हिल व्यू बरियातू रोड तक सड़क निर्माण योजना पर भी अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया।         मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रस्तावित उक्त सभी फ्लाईओवर निर्माण कार्य परियोजना एवं इससे जुड़ी डिजाइन में भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर इन परियोजनाओं को मूर्त रूप देना राज्य सरकार की प्राथमिकता है, अतएव सभी कार्य पूरी तत्परता और प्रतिबद्धता के साथ किए जाएं। इस अवसर पर पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार, अभियंता प्रमुख, पथ निर्माण विभाग प्रवीण भेंगरा, मुख्य अभियंता विजय रंजन एवं कंसल्टेंट कंपनी स्पर्श इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड के सुधीर कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

महागठबंधन में टकराव: भाकपा ने बढ़ाई सीटों की मांग, बिहार चुनाव में सीट बंटवारे पर संकट

पटना भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) के राष्ट्रीय महासचिव डी राजा (D Raja) ने सोमवार को कहा कि उनकी पार्टी आगामी बिहार विधानसभा चुनावों में पहले से ज़्यादा सीटों की मांग करेगी। राजा ने पार्टी के पांच दिवसीय राज्य सम्मेलन के पहले दिन पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उनकी पार्टी आगामी बिहार विधानसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे पर बातचीत के दौरान 2020 के मुकाबले ज़्यादा सीटों की मांग करेगी। उन्होंने कहा कि महागठबंधन में सभी दल ज़्यादा सीटों की मांग कर रहे हैं और जनाधार के अनुसार उन्हें भी बढ़ी हुई सीटें मांगने का अधिकार है। भाकपा नेता ने कहा, 'सीट बंटवारे में उनकी पार्टी को आवंटित सीटों की संख्या उचित होनी चाहिए।' डी राजा ने कहा कि बिहार में उनकी पार्टी का जनाधार मज़बूत है और सदस्यों की संख्या के लिहाज़ से पार्टी बिहार में चौथे स्थान पर है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के राजनैतिक इतिहास पर नजर डालें तो बिहार की पटना लोकसभा सीट से भाकपा के सांसद निर्वाचित होते थे। उन्होंने उम्मीद जताई कि महागठबंधन के सभी घटक दल सीट बंटवारे के मुद्दे को आपस में सुलझा लेंगे और आगामी बिहार विधानसभा चुनावों में गठबंधन के सभी दलों का प्रदर्शन अच्छा रहेगा।

पूर्णिया एयरपोर्ट तैयार, पटना, गया, दरभंगा के बाद अब यह होगा बिहार का नया हवाई गेटवे, पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन

पूर्णिया पूर्णिया के लिए एक बड़ी सौगात के रूप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 सितंबर को बिहार के चौथे एयरपोर्ट का उद्घाटन करने जा रहे हैं। यह एयरपोर्ट दशकों से इस क्षेत्र की जनता की मांग रहा है और अब यह साकार होने जा रहा है। उद्घाटन से पहले, राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 11 सितंबर को पूर्णिया एयरपोर्ट का निरीक्षण करने और अधिकारियों के साथ बैठक करने पूर्णिया पहुंचेंगे। सुरक्षा के मद्देनजर एयरपोर्ट पर अनाधिकृत प्रवेश पर रोक लगाई गई है और मीडिया को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई है। पूर्णिया एयरपोर्ट की सबसे बड़ी विशेषता इसका रनवे है, जिसकी लंबाई 9,000 मीटर होगी। यह इसे बिहार का सबसे लंबा रनवे बनाता है। यह एयरपोर्ट एक पूर्व सैन्य हवाई अड्डे पर बनाया गया है और प्रारंभिक चरण में पोर्टा केबिन के आधार पर संचालित होगा। भविष्य में इसे लगभग 400 करोड़ रुपये की लागत से पूरी तरह विकसित किया जाएगा। इस एयरपोर्ट की घोषणा प्रधानमंत्री मोदी ने लगभग 10 साल पहले, 2 नवंबर 2015 को पूर्णिया के रंगभूमि मैदान में एक चुनावी सभा के दौरान की थी। 15 सितंबर के उद्घाटन की तैयारियों के तहत एयरपोर्ट पर निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है और इसे 5 सितंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था। पूर्णिया एयरपोर्ट से उड़ान सेवाओं के लिए इंडिगो एयरलाइंस के बाद स्टार एयर ने अहमदाबाद के लिए सीधी उड़ान की घोषणा की है। उद्घाटन के दिन, 15 सितंबर को, स्टार एयर की पहली उड़ान अहमदाबाद के लिए भरेगी। क्षेत्र के विकास का इंजन बनेगा एयरपोर्ट इस एयरपोर्ट के शुरू होने से न केवल सीमांचल के लोगों को, बल्कि पड़ोसी राज्यों के लोगों को भी लाभ मिलेगा। नेपाल और पश्चिम बंगाल के लोग भी इसका फायदा उठा सकेंगे। पूर्णिया मेडिकल, ऑटोमोबाइल और शिक्षा का एक हब माना जाता है। एयरपोर्ट से इन क्षेत्रों में तेजी से विकास की संभावना है। उड़ान सेवाओं से व्यापार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा, जिससे इलाके का समग्र विकास होगा। राजनीतिक समीकरणों पर भी असर पूर्णिया एयरपोर्ट का उद्घाटन बिहार विधानसभा चुनाव से ठीक पहले हो रहा है, इसलिए इसे राजनीतिक दृष्टिकोण से भी देखा जा रहा है। सीमांचल क्षेत्र में 24 विधानसभा सीटें हैं। 2020 के चुनाव में, एनडीए को 9, महागठबंधन को 10 और एआईएमआईएम को 5 सीटें मिली थीं। विशेषज्ञों का मानना है कि यह एयरपोर्ट जनहित से जुड़ा एक बड़ा मुद्दा है, जिसका लाभ आगामी चुनाव में एनडीए को मिल सकता है।  

आंगनबाड़ी सेविकाओं के खाते में आएंगे ₹9000, नीतीश कैबिनेट ने मंजूर किए 25 एजेंडों के फैसले

पटना नीतीश कैबिनेट की बैठक में मंगलवार को कुल 25 एजेंडों पर मुहर लगी. कैबिनेट की बैठक में बिहार सरकार ने जनकल्याण और विकास को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं को मंजूरी दी है. इनमें आंगनबाड़ी सेविका और सहायिका के मानदेय में वृद्धि, राजस्व कर्मचारियों के अतिरिक्त पदों की स्वीकृति, ग्रामीण पेयजल योजना, जीविका मुख्यालय निर्माण, कन्या विवाह मंडप, सोलर स्ट्रीट लाइट और शवदाहगृह जैसी योजनाएं शामिल हैं. इन फैसलों से बिहार के लाखों लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है. बिहार सरकार ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए बड़ी राहत दी है. अब आंगनबाड़ी सेविका को 9,000 रुपये और सहायिका को 4,500 रुपये मासिक मानदेय मिलेगा. इस बढ़ोतरी के लिए सरकार ने 345 करोड़ 19 लाख रुपये की स्वीकृति दी है. यह कदम आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के जीवन स्तर को बेहतर बनाने और उनके कार्य को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण है. राजस्व कर्मचारियों के 3303 अतिरिक्त पद स्वीकृत राजस्व और भूमि सुधार विभाग के तहत क्षेत्रीय कार्यालयों में 3,303 अतिरिक्त राजस्व कर्मचारियों के पदों को मंजूरी दी गई है। यह फैसला भूमि सुधार और प्रशासनिक कार्यों को और प्रभावी बनाने में मदद करेगा। ग्रामीण पेयजल निश्चय योजना के लिए 594 करोड़ रुपये पंचायती राज विभाग के तहत मुख्यमंत्री ग्रामीण पेयजल निश्चय योजना के बकाया विपत्रों के भुगतान के लिए 594 करोड़ 56 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है. इससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित होगी. जीविका मुख्यालय भवन के लिए 73 करोड़ रुपये पटना में जीविका मुख्यालय भवन के निर्माण के लिए 73 करोड़ 66 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है. यह भवन जीविका परियोजना के संचालन को और सुचारू बनाएगा, जो महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए महत्वपूर्ण है. कन्या विवाह मंडप योजना के लिए 50 करोड़ रुपये मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप योजना के तहत राज्य के सभी 8,053 ग्राम पंचायतों में विवाह मंडप के निर्माण के लिए 50 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है. यह योजना सामाजिक समारोहों को सुगम बनाने में सहायक होगी. ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना के लिए 100 करोड़ रुपये मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में सौर ऊर्जा आधारित स्ट्रीट लाइट की स्थापना के लिए 100 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है. इससे ग्रामीण इलाकों में रात के समय सुरक्षा और सुविधा बढ़ेगी. एलपीजी आधारित शवदाहगृह के लिए मंजूरी नगर विकास एवं आवास विभाग ने पटना, गया, छपरा, सहरसा, भागलपुर, और बेगूसराय में एलपीजी गैस आधारित शवदाहगृह की स्थापना और संचालन के लिए ईशा फाउंडेशन को 1 रुपये की टोकन राशि पर 33 वर्षों के लिए एक-एक एकड़ भूमि देने की स्वीकृति दी है. यह पर्यावरण के अनुकूल शवदाह प्रक्रिया को बढ़ावा देगा.

सिख धर्मस्थल पर बम धमकी! हरिमंदिर साहिब को निशाना बनाने वाले ने ई-मेल में ISI का नाम लिया

पटना पटना के तख्त श्री हरिमंदिर साहिब गुरुद्वारा को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। ई-मेल के जरिए बदमाशों गुरुद्वारा प्रबंधन को धमकी भेजी। इसमें लिखा था कि गुरु लंगर कक्षों में आईईडी लगे हुए हैं। जल्द ही विस्फोट होने वाला है। इस सूचना के बाद गुरुद्वारे में हड़कंप मच गया। फौरन पटना पुलिस की टीम बम निरोधक दस्ते के साथ पहुंची और जांच में जुट गई। टीम ने गुरुद्वारे के चप्पे-चप्पे को खंगाला लेकिन बम या कोई आपत्तिजनक सामान नहीं मिला। इसके बाद पटना पुलिस टीम हाई अलर्ट पर है।   कई नेताओं का जिक्र किया धमकी देने वाले ने मेल में खुद को “Vanniyar Pundai Ramadoss” बताते हुए कई सनसनीखेज बातें लिखी हैं। मेल में कहा गया है कि आईईडी विस्फोट से पहले तुरंत गुरुद्वारा के सभी कर्मचारियों और श्रद्धालुओं को बाहर निकाल लिया जाए। पत्र में न सिर्फ पटना साहिब को उड़ाने की बात कही गई है बल्कि उसने पाकिस्तान और खुफिया एजेंसी ISI जिंदाबाद के नारे भी लिखे। धमकी भरे मेल में कई नेताओं, संगठनों और विदेशी ताकतों से जुड़े विवादित और आपत्तिजनक जिक्र भी किया गया है। मेल में राजीव गांधी, एम करुणानिधि, एमके स्टालिन समेत कई नेताओं का जिक्र किया गयाा है। गुरुद्वारा की सुरक्षा कड़ी कर दी गई प्रबंधन के अनुसार, धमकी मिलने के बाद गुरुद्वारा प्रबंधन ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और प्रशासन को दी। सुरक्षा एजेंसियां मेल की जांच में जुट गई हैं और साइबर सेल भी इस धमकी भरे मेल के स्रोत का पता लगाने की कोशिश कर रही है। पुलिस और प्रशासन ने फिलहाल गुरुद्वारा परिसर और उसके आसपास सुरक्षा कड़ी कर दी है। बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड की मदद से पूरे इलाके की तलाशी ली जा रही है। पंजाब के हरिमंदिर साहिब को 20 बार मिली धमकी इससे पहले पंजाब में भी श्री हरिमंदिर साहिब को आरडीएक्स से उड़ाने की 20 बार धमकियां मिल चुकी हैं। हालांकि, इस मामले में पंजाब पुलिस ने आरोपियों का पता लगाकार जल्द उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।  पुलिस ने इस मेल कंपनी से मेल से संबंधित सारा डाटा मंगवाया है। जो एक माह तक पुलिस को उपलब्ध होगा। पुलिस ने धमकियों को लेकर हरिमंदिर साहिब के आसपास की सुरक्षा बढा दी है। हालांकि अब तक पुलिस आरोपियों को काबू नहीं कर सकी है।

इरफान अंसारी का बड़ा बयान: धमकियों के बावजूद नहीं डरूंगा, BJP-RSS पर साधा निशाना

रांची झारखंड सरकार के स्वास्थ्य, खाद्य आपूर्ति व आपदा प्रबंधन विभाग के मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि लगातार मिल रही धमकियों से मैं जरा भी डरने वाला नहीं हूं और न कोई मुझे जनता से दूर कर सकता है और न ही मेरी आवाज दबा सकता है। डॉ. अंसारी ने कहा कि कल रात उत्तर प्रदेश से आए एक कॉल पर मुझे साफ शब्दों में कहा गया कि तुम्हें भी मिटा देंगे। मैं पूछता हूं कि मुझे जान से मारकर क्या मिलेगा? मैं तो जनता की सेवा के लिए बना हूं और सेवा ही करता रहूंगा। डॉ. अंसारी ने कहा कि भाजपा और आरएसएस के लोग दिन-रात मेरे पीछे पड़े रहते हैं, सिर्फ इसलिए कि मैं एक मुसलमान मंत्री हूं और ईमानदारी से काम करता हूं। यह उनकी छोटी मानसिकता और चरित्र को उजागर करता है, लेकिन मैं साफ कर देना चाहता हूं कि मेरी लड़ाई भाजपा से विचारधारा की है, नफरत से नहीं। डॉ. अंसारी ने कहा कि आज स्वास्थ्य विभाग में जो व्यापक सुधार दिख रहा है, वह मेरे काम का नतीजा है। यह काम भाजपा वालों को पच नहीं रहा, लेकिन सच यही है कि मैं काम करता आया हूं और काम करता रहूंगा। डॉ. अंसारी ने कहा कि धमकियों और नफरत की राजनीति से न मैं डरा हूं और न ही कभी डरूंगा। रोक सको तो रोक लो, क्योंकि मेरा मकसद सिर्फ और सिर्फ जनता की सेवा है।  

दुर्योधन ने गयाजी में अदा किया पाकिस्तानी पूर्वजों को श्रद्धांजलि, बिहार की व्यवस्था पर जताया प्रशंसा

पटना पितृपक्ष माह में पितरों की आत्मा की शांति के लिए लोग बिहार के गया में पिंडदान करने के लिए आते हैं। गया श्राद्ध को सबसे पवित्र माना जाता है। इस बार भी पितृपक्ष मेले में कई चर्चित चेहरों का आगमन हो रहा है। इसी कड़ी में 'महाभारत' सीरियल में 'दुर्योधन' का रोल करने वाले एक्टर पुनीत इस्सर सोमवार को गया पहुंचे, जहां उन्होंने अपने पाकिस्तानी पूर्वजों समेत समस्त पितरों का पिंडदान किया। 'यह तो एकदम बदला हुआ बिहार है' दरअसल, पुनीत इस्सर अपनी पत्नी दीपावली इस्सर संग यहां पहुंचे। गयाजी के विष्णुपद अक्षय वट में उन्होंने पूर्वजों की मोक्ष प्राप्ति के लिए पिंडदान किया। इस मौके पर पुनीत और उनकी पत्नी दोनों ने बिहार की व्यवस्था की जमकर तारीफ की। पुनीत इस्सर ने कहा कि, 'यह तो एकदम बदला हुआ बिहार है। जो कहा जाता था वह बिहार नहीं है, यह नया बिहार है। हमने यहां की व्यवस्था देखी, जो शानदार है। हम इसकी प्रशंसा करते हैं।' बता दें कि पुनीत इस्सर के पूर्वज पाकिस्तान के पंजाबी रावलपिंडी में रहते थे। साथ ही इनके साले साहब सत्यजीत पूरी के पूर्वज गुजरांवाला पाकिस्तान पंजाब से थे। वहीं पशुपति दाढ़ी वाला ने बताया कि पुनीत इस्सर ने अपनी पत्नी दीपावली इस्सर संग गयाजी में पूर्वजों की मोक्ष प्राप्ति के लिए पिंडदान तर्पण किया।

नीतीश कैबिनेट की बैठक: पटना में नया जीविका मुख्यालय, 176 थानों में सुरक्षा कैमरे लगाए जाएंगे

पटना मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में 26 एजेंडों पर मुहर लग गई है। इस बैठक में मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप योजना के तहत 50 करोड़ की राशि की स्वीकृति की गई है। 8053 पंचायत में चरणबद्ध तरीके से विवाह मंडप का निर्माण किया जाएगा। मुख्यमंत्री फेलोशिप योजना को भी मंजूरी नीतीश कैबिनेट की बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि और आर्थिक विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट के तहत 100 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं। पटना 176 नए थानों में सीसीटीवी लगाने के लिए 280 करोड़  रुपए को मंजूर मिली है। मुख्यमंत्री फेलोशिप योजना को भी कैबिनेट ने मंजूरी दी है। वहीं पटना में जीविका मुख्यालय भवन बनाया जाएगा। इसके निर्माण पर 73 करोड़ 66 लाख 15 हजार रुपए खर्च होंगे। इसके अलावा आंगनबाड़ी सेविका और सहायिका को बढ़ा हुआ मानदेय एक सितंबर 2025 के प्रभाव से लागू किया गया है।  

बाबूलाल मरांडी ने लगाया गंभीर आरोप: बोकारो DMFT में 631 करोड़ का फ्रॉड, CBI जांच हो

रांची झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने बोकारो जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) में धन के गबन का आरोप लगाया और उन्होंने अनियमितताओं की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच करवाने की मांग की। नेता प्रतिपक्ष के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राज्य इकाई के प्रमुख की जिम्मेदारी संभाल रहे मरांडी ने आरोप लगाया कि बोकारो जिले में डीएमएफटी के फंड से विभिन्न उद्देश्यों के लिए वस्तुओं और उपकरणों की खरीद बाजार मूल्य से कई गुना अधिक दरों पर की गई। मरांडी ने रांची में संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया, ‘‘बोकारो में 2024-25 और 2025-26 के दौरान डीएमएफटी फंड से 631 करोड़ रुपये निकाले गए। वस्तुओं और उपकरणों की आपूर्ति के लिए विभिन्न एजेंसियों को बाजार मूल्य से कई गुना अधिक भुगतान किया गया। इन वस्तुओं की खरीद व कार्य में पाई गई अनियमितताएं नेता प्रतिपक्ष मरांडी ने दावा किया कि डीएमएफटी फंड से 46 पंचायत भवनों के लिए जनरेटर सेट खरीदे गए। इनमें से प्रत्येक को 7.97 लाख रुपये की दर से खरीदा गया। इसके अलावा 31 जनरेटर सेट और भी खरीदे गए, जिनमें से प्रत्येक की कीमत 12.28 लाख रुपये थी। मरांडी ने दावा किया, ‘‘जब हमने बाजार में कीमत का सर्वेक्षण किया, तो पाया कि सर्वश्रेष्ठ कंपनियों के 15 केवीए जनरेटर की कीमत तीन लाख से चार लाख रुपये के बीच है। यह धन की लूट का एक छोटा सा उदाहरण है।'' मरांडी ने दावा किया कि इसी तरह 60 स्कूलों के लिए टैब खरीदे गए, जिनमें प्रत्येक यूनिट की कीमत 8.30 लाख रुपये बताई गई, जबकि बाजार मूल्य प्रति टैब सिर्फ 2.32 लाख रुपये है। मरांडी ने यह भी दावा किया कि 1,666 आंगनवाड़ी केंद्रों के लिए 1.25 लाख रुपये प्रति डिजिटल मैट की दर से खरीदारी की गई, जबकि इनका अधिकतम बाजार मूल्य 7,614 रुपये है। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘दिलचस्प बात यह है कि उसी वस्तु को अगली बार खरीदने पर कीमत कई गुना बढ़ गई।'' मरांडी ने कहा, ‘‘‘हाई-मास्ट लाइट', ‘एलईडी' वैन, सौर ऊर्जा चालित पंप सेट, स्कूलों में ‘मॉड्यूलर किचन' और ‘लाइटनिंग अरेस्टर' जैसी अन्य वस्तुओं की खरीद व कार्य में भी इसी तरह की अनियमितताएं पाई गईं।'' नेता प्रतिपक्ष ने की CBI जांच की मांग उन्होंने कहा, ‘‘यह घोटाला केवल मुख्यमंत्री के इशारे पर ही संभव हो सकता है, क्योंकि कोई भी अधिकारी इतना निडर नहीं हो सकता। इसलिए, हम इस घोटाले की सीबीआई जांच की मांग करते हैं। यह जांच किसी राज्य सरकार की एजेंसी से नहीं कराई जानी चाहिए।'' सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के प्रवक्ता मनोज पांडे ने कहा कि राज्य सरकार आरोपों की जांच कर रही है और जो भी जिम्मेदार होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पांडे ने कहा, ‘‘डीएमएफटी फंड के प्रबंधन के लिए एक निगरानी समिति है। इस समिति में स्थानीय सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि शामिल हैं। स्थानीय सांसद भाजपा से हैं। जब ऐसी घटना हो रही थी, तब वह क्या कर रहे थे? क्या मरांडी भी अपनी पार्टी के सांसद पर आरोप लगा रहे हैं? उन्हें स्पष्टीकरण देना चाहिए।'