samacharsecretary.com

नायब सैनी बोले— मजबूत व सशक्त भारत ही संविधान की मूल भावना

चंडीगढ़  संविधान दिवस के अवसर पर हरियाणा विधानसभा पहुंचे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राष्ट्र को मजबूत, सशक्त और एकजुट करना ही भारतीय संविधान की मूल भावना है और इसी सिद्धांत के साथ हरियाणा सरकार समाज के सभी वर्गों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि संविधान हर नागरिक को समान अवसर, न्याय और गरिमा के साथ आगे बढ़ने का अधिकार देता है और यही लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति है। मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि पारदर्शिता, सुशासन, सामाजिक न्याय और नागरिकों की भागीदारी लोकतांत्रिक शासन की आत्मा हैं। हरियाणा सरकार इन मूल्यों पर आधारित नीतियों को प्राथमिकता दे रही है ताकि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संविधान पूर्णतः सुरक्षित है और ‘सबका साथ सबका विकास सबका विश्वास सबका प्रयास’ संविधान की भावना का वास्तविक प्रतिबिंब है। सैनी ने कहा कि देशहित और संविधान की गरिमा सर्वोपरि है और हर नागरिक को अपने मूल कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहना चाहिए। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे संविधान की समझ के साथ राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं, क्योंकि भारत का भविष्य युवाओं के हाथों में सुरक्षित है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने विधानसभा परिसर में स्थित डॉ. भीम राव अम्बेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार, शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा, राजस्व मंत्री विपुल गोयल, खाद्य एवं आपूर्ति राज्यमंत्री राजेश नागर सहित अनेक विधायक उपस्थित रहे। संविधान ही राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत : कल्याण विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि संविधान ही राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है और अगले वर्ष संविधान दिवस पर विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि विधायकों के लिए संसद परिसर का अध्ययन दौरा आगामी दिनों में आयोजित किया जाएगा। संसद परिसर का अध्ययन दौरा भी प्रस्तावित है जो आगामी दिनों में आयोजित होगा।

लग्ज़री नंबर का क्रेज़! HR88B8888 ने तोड़ा सभी रिकॉर्ड, 1.17 करोड़ में बिका

गुरुग्राम  हरियाणा के चरखी दादरी जिले के बधरा सबडिवीजन से VIP वाहन नंबर HR88B8888 देश की अब तक की सबसे महंगी बोली में 1.17 करोड़ रुपये में बिका है। यह बोली बुधवार शाम ऑनलाइन ऑक्शन में फाइनल हुई। हिसार निवासी सुधीर कुमार इस नंबर के सफल बोलीदाता बने। सायं 4:20 बजे तक बोली 1.03 करोड़ रुपये पर थी, जिसके बाद प्रतिस्पर्धा बढ़ी और अंतिम कीमत 1.17 करोड़ रुपये पर जाकर रुकी। कुल 45 प्रतिभागियों ने ऑनलाइन बोली प्रक्रिया में हिस्सा लिया। कैसे हुई नीलामी? यह नीलामी सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय की वेबसाइट fancy.parivahan.gov.in पर हुई। बेस प्राइस: 50,000 सिक्योरिटी मनी: 10,000 रजिस्ट्रेशन फीस: 1,000 VIP फैंसी नंबरों की ऑनलाइन नीलामी हर सप्ताह होती है और बोली हर बुधवार शाम 5 बजे बंद होती है। क्यों है HR 88 B 8888 इतना खास? वाहन नंबरों में 8 को बेहद शुभ माना जाता है और इसकी मांग हमेशा सबसे अधिक रहती है। HR88B8888 में कुल 6 बार 8 आता है। बीच का 'B' भी आकार में 8 जैसा दिखता है। इस तरह पूरा नंबर एक पैटर्न जैसा दिखता है 88B888 जो खरीदारों को आकर्षित करता है। HR का अर्थ हरियाणा है, जबकि 88 बधरा सबडिवीजन के रीजनल ट्रांसपोर्ट ऑफिस (RTO) को दर्शाता है। ट्रांसपोर्ट विभाग ने क्या कहा? हरियाणा के परिवहन आयुक्त अतुल कुमार ने कहा कि पूरी प्रक्रिया ऑटोमेटेड और ऑनलाइन है। उन्होंने कहा, “यदि यह नंबर 1 करोड़ रुपये से अधिक में बिका है तो यह बहुत बड़ी राशि है। फिलहाल कार्यालय में स्टाफ उपलब्ध नहीं है, इसलिए आधिकारिक पुष्टि नहीं की जा सकती, लेकिन पोर्टल पर उपलब्ध जानकारी ही अंतिम मानी जाती है।” पिछले हफ़्ते भी हरियाणा में रिकॉर्ड बोली इसी महीने हरियाणा में ही VIP नंबर HR 22 W 2222 कुल 37.91 लाख रुपये में बिका था, जो अपने आप में एक बड़ा आंकड़ा था।

डॉक्टरों की पेन-डाउन स्ट्राइक: हरियाणा में OPD सेवाएं दो घंटे बाधित

करनाल  हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विसेज एसोसिएशन (HCMSA) के बैनर तले राज्यभर के सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों ने गुरुवार को अपनी लंबित मांगों को लेकर सुबह 9 बजे से 11 बजे तक पेन-डाउन हड़ताल की। इस दौरान OPD सेवाएं पूरी तरह बंद रहीं, हालांकि आपातकाल, लेबर रूम और ऑपरेशन थिएटर प्रभावित नहीं हुए। यह हड़ताल मूल रूप से मंगलवार को तय थी, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुरुक्षेत्र दौरे के चलते इसे टाल दिया गया था। एसोसिएशन की मांग है कि SMO की सीधी भर्ती रोकी जाए, ACP संरचना लागू की जाए। एसोसिएशन का प्रमुख आग्रह है कि सीनियर मेडिकल ऑफिसर (SMO) के पदों पर सीधी भर्ती तुरंत रोकी जाए। संशोधित एश्योर्ड करियर प्रोग्रेशन (ACP) संरचना, जिसे मुख्यमंत्री द्वारा स्वीकृति मिल चुकी है, लेकिन वित्त विभाग में लंबित है, उसको जल्द जारी किया जाए। HCMSA के राज्य कोषाध्यक्ष डॉ. दीपक गोयल ने बताया, “आपातकाल, लेबर रूम और ऑपरेशन को छोड़कर सभी OPD सेवाएं दो घंटे के लिए बंद रहीं।” मरीजों को हुई भारी परेशानी हड़ताल के कारण जिला भर में सरकारी अस्पतालों में इलाज के लिए आए मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। उचाना के रघबीर सिंह ने कहा, “हमें बहुत परेशानी हुई। हमें हड़ताल की कोई जानकारी नहीं थी।” झिंझारी के ओमप्रकाश ने बताया, “हम सुबह से लाइन में खड़े हैं। अगर पता होता तो आते ही नहीं। डॉक्टरों को हड़ताल नहीं करनी चाहिए।” डॉ. गोयल ने कहा कि सरकार द्वारा SMO की सीधी भर्ती का प्रस्ताव बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा, “3 जून 2021 को तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने आदेश दिया था कि SMO की सीधी भर्ती नहीं होगी और मौजूदा डॉक्टरों को प्रमोशन के आधार पर ही पदोन्नत किया जाएगा। अब सरकार फिर से सीधी भर्ती की योजना बना रही है, जिसका हम कड़ा विरोध करते हैं।”   ACP लागू होने पर वेतनमान बढ़ेगा एसोसिएशन ने ACP संरचना लागू न होने पर भी नाराजगी जताई, जिसके लागू होने पर डॉक्टरों का वेतनमान 8,700 से बढ़कर 9,500 हो जाएगा, जिससे उन्हें मेडिकल कॉलेजों के डॉक्टरों के बराबर पे-स्केल मिलेगा।

महिलाओं की सुरक्षा सख्त: हरियाणा सरकार ने जिम व बसों के लिए जारी किए नए प्रावधान

भिवानी स्कूल–कॉलेज जाने वाली बेटियों के चेहरों पर लौटती हुई चिंता और परिवहन के रास्तों में बढ़ती अनहोनी की आशंकाओं ने हरियाणा राज्य महिला आयोग को एक नया संकल्प दिया है। आयोग ने तय किया है कि सुरक्षा का यह घेरा अब बेटियाँ ही बनाएंगी। जिन वाहनों में आज छात्राएं डर के साए में सफर करती हैं, वहीं आगे से प्रशिक्षित महिला चालक होंगी, जो उनके लिए सुरक्षा की पहली दीवार बनेंगी और अपने लिए आत्मनिर्भर भविष्य का मार्ग भी खोलेंगी।  इसी दिशा में आयोग ने महिला जिमों को लेकर भी कठोर कदम उठाया है। एक जनवरी से प्रदेश में कोई भी महिला जिम बिना महिला ट्रेनर के नहीं चलेगा। यदि किसी जिम में महिला ट्रेनर न होने के बावजूद कोई अप्रिय घटना घटती है तो उसकी जिम्मेदारी केवल संचालक की नहीं, बल्कि वहां आने वाली महिलाओं की भी मानी जाएगी। राज्य महिला आयोग की योजना के तहत जिलों की आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को वाहन चलाने का प्रशिक्षण दिलाया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद उन्हें सब्सिडी पर लोन दिलाकर स्कूली कैब, ऑटो या अन्य परिवहन साधनों से जोड़ा जाएगा। आवेदन प्रक्रिया शीघ्र शुरू होगी और योजना एक जनवरी से लागू की जानी है।   आयोग का मानना है कि इससे जहां छात्राओं को सुरक्षित परिवहन मिलेगा, वहीं कई महिलाओं को स्थायी आजीविका का अवसर भी प्राप्त होगा।  हाल ही में फरीदाबाद और बल्लभगढ़ में सामने आए दो गंभीर मामलों ने आयोग को कड़ी कार्रवाई की दिशा में अग्रसर किया। एक घटना में स्कूली वाहन चालक छात्रा को प्रताड़ित करता रहा, फोन छीन लेता और जानबूझकर लंबे रास्ते से स्कूल वाहन लेकर जाता था।

1032 बच्चों ने क्यों नहीं भरा परीक्षा फॉर्म? हरियाणा में सामने आई गंभीर लापरवाही

चंडीगढ़  हरियाणा के 1032 अस्थायी स्कूल एक्सटेंशन के बाद भी बोर्ड परीक्षा फॉर्म नहीं भर पाए हैं, क्योंकि शिक्षा निदेशालय ने अभी तक सूची शिक्षा बोर्ड को नहीं भेजी है। निजी स्कूल संघ ने सरकार से एफिलिएशन फीस भरवाकर छात्रों का भविष्य सुरक्षित करने की मांग की है। पोर्टल बंद होने के कारण स्कूलों को फॉर्म भरने में दिक्कत आ रही है।   एक साल की एक्सटेंशन मिलने के 26 दिन बाद भी हरियाणा के 1032 अस्थाई स्कूल अपने बच्चों के बोर्ड फार्म नहीं भर पाए हैं। शिक्षा निदेशालय ने अभी तक इन स्कूलों की सूची शिक्षा बोर्ड भिवानी में नहीं भेजी है। प्राइवेट स्कूल संघ ने मुख्यमंत्री व शिक्षामंत्री से प्रदेश के अस्थाई व मान्यता प्राप्त स्कूलों से ऐफिलेशन फीस भरवाकर उनमें पढ़ने वाले बच्चों के भविष्य को सुरक्षित करने की मांग की है।संघ के प्रदेशाध्यक्ष सत्यवान कुंडू ने कहा कि सरकारी व स्थाई मान्यता प्राप्त स्कूलों की दसवीं एवं बारहवीं कक्षा के बच्चों के परीक्षा फार्म भरने की अंतिम तिथि 25 नवंबर थी, लेकिन अभी तक प्रदेश के अस्थाई व मान्यता प्राप्त स्कूलों की ऐफिलेशन फीस बोर्ड ने नहीं भरवाई है, जिस कारण इन स्कूलों का पोर्टल बंद है और ये स्कूल दसवीं व बारहवीं के बच्चों के बोर्ड फार्म भरने से अभी तक वंचित हैं।  

अब इन परिवारों को भी मिलेगा फायदा: घर की मरम्मत के लिए 80 हजार रुपये मंज़ूर

चंडीगढ़  हरियाणा सरकार ने बीपीएल परिवारों के लिए बड़ी राहत की घोषणा करते हुए डॉ. बीआर अंबेडकर आवास नवीनीकरण योजना में महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। अब इस योजना के तहत सभी पात्र बीपीएल परिवारों को मकान की मरम्मत के लिए 80 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। पहले यह लाभ केवल अनुसूचित जाति के बीपीएल परिवारों तक सीमित था, लेकिन अब इसे सभी श्रेणियों के बीपीएल परिवारों तक विस्तारित कर दिया गया है। उपायुक्त डॉ. मुनीश नागपाल के अनुसार, सरकार ने न केवल लाभार्थियों का दायरा बढ़ाया है बल्कि सहायता राशि को 50 हजार रुपये से बढ़ाकर 80 हजार रुपये कर दिया है। यह कदम उन परिवारों की मदद करेगा, जिनके मकान 10 वर्ष से ज्यादा पुराने हैं और मरम्मत की आवश्यकता है। लाभ पाने के लिए जरूरी निर्देश योजना के नियमों के अनुसार, आवेदक हरियाणा का स्थायी निवासी होना चाहिए और उसका नाम बीपीएल सूची में दर्ज होना चाहिए। साथ ही आवेदक का घर स्वयं का होना और कम से कम 10 साल पुराना होना अनिवार्य है। योजना अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग से जुड़े बीपीएल परिवारों को प्राथमिकता देती है, जिनके लिए जाति प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना आवश्यक है।   ऐसे करें एप्लाई इसके लिए आवेदन प्रक्रिया भी सरल रखी गई है। आवेदक को सबसे पहले हरियाणा एससीबीसी पोर्टल से आवेदन फार्म डाउनलोड कर उसे भरना होगा, जिसे बाद में सरपंच या पार्षद से सत्यापित करवाना है। निर्धारित दस्तावेजों के साथ यह फार्म नजदीकी सीएससी सेंटर से ऑनलाइन करवाना होगा। इसके बाद आवेदन को जिला अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग में जमा किया जाएगा। स्कीम के लिए जरूरी दस्तावेज जरूरी दस्तावेजों में परिवार आईडी, बीपीएल राशन कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, बैंक खाता विवरण, मकान की फोटो, बिजली/पानी बिल या रजिस्ट्री की प्रति और मरम्मत खर्च का अनुमान शामिल है। सरकार का यह प्रयास आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सुरक्षित और बेहतर आवास उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

गुरुग्राम के THAR मालिक ने DGP को भेजा लीगल नोटिस, कहा-15 दिन में मांगें माफी

हरियाणा  हरियाणा पुलिस एक्टिव हो गई। प्रदेश में अब नशे में वाहन चलाने वालों पर पुलिस सख्ती करने जा रही है। सड़क हादसों में कमी लाने के उद्देश्य से सभी प्रमुख टोल प्लाज़ाओं पर पुलिसकर्मियों को अल्को-सेन्सर और ई-चालान मशीनों के साथ तैनात किया गया है, ताकि मौके पर ही जांच की जाए तथा मौके पर ही नियमों को तोड़ने वालों पर कार्रवाई की जाए। बताया जा रहा है कि यह अभियान हरियाणा पुलिस महानिदेशक ओ.पी. सिंह द्वारा जारी निर्देशों के तहत शुरू किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि कुछ ही सालों में नशे में गाड़ी चलाने के कारण सड़क हादसों में बढ़ोतरी देखी गई। ऐसे में इस विशेष कार्रवाई से हादसों को कम करने में मदद मिलेगी। हरियाणा के डीजीपी ओपी सिंह थार व बुलेट को लेकर कुछ दिन पहले बयान दिया था। अब गुरुग्राम के एक थार मालिक ने उन्हें लीगल नोटिस भेजा है। थार मालिक ने नोटिस में लिखा कि DGP के बयान के बाद समाज में मेरा मजाक बनाया जाने लगा। इससे परेशान होकर मैंने थार चलानी छोड़ दी। इसलिए वह अपने बयान को लेकर माफी मांगें। अगर 15 दिन में उन्होंने ऐसा नहीं किया तो वह कानूनी कार्रवाई कराएंगे। बता दें कि हरियाणा पुलिस महानिदेशक ओपी सिंह ने गुरुग्राम में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान यह बयान दिया था कि पुलिस सारी गाड़ियों को नहीं पकड़ेगी, केवल थार और बुलेट वालों को पकड़ेंगे। थार और बुलेट से सारे बदमाश चलते हैं। उन्होंने कहा था कि जिसके पास भी थार होगी, उसका दिमाग घुमा हुआ होगा। थार गाड़ी नहीं है एक स्टेटमेंट है, कि हम ऐसे हैं। ठीक है भुगतो जी। दोनों मजे थोड़ा ना होंगे, दादागिरी भी हो और फंसे भी ना, दोनों कैसे होगा"। गुरुग्राम के सेक्टर-102 निवासी सर्वो मित्र ने अपने एडवोकेट वेदांत वर्मा के जरिए DGP को लीगल नोटिस भेजा है। नोटिस में उन्होंने लिखा है कि मैंने जनवरी 2023 में थार कार खरीदी थी। DGP के बयान के बाद मुझे हर जगह ताने सुनने पड़ रहे हैं। सर्वो मित्र ने यह भी कहा कि मेरा एक बेटा कॉलेज और दूसरा नौकरी करता है। उनको भी लोग चिढ़ाते हैं। सर्वो मित्र ने मांग की है कि DGP 15 दिनों के भीतर लिखित में बिना शर्त माफी मांगें और अपना बयान वापस लें।

सिरसा में खाद्य आपूर्ति इंस्पेक्टर रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, डिपो होल्डर से मांग रहा था घूस

सिरसा  सिरसा जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खाद्य आपूर्ति विभाग के इंस्पेक्टर विवेक को 5 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। टीम ने यह कार्रवाई नाथूसरी चौपटा ब्लॉक के गांव तरकांवाली में की, जहां आरोपी इंस्पेक्टर को एक डिपो होल्डर से कथित रूप से कमियां छिपाने और कार्य निपटाने के बदले रिश्वत लेते पकड़ा गया। सूत्रों के अनुसार, डिपो होल्डर ने इंस्पेक्टर विवेक की मांग के खिलाफ शिकायत एसीबी को दी थी, जिसके बाद टीम ने जाल बिछाकर उसे रंगेहाथ पकड़ लिया। गिरफ्तारी के तुरंत बाद एसीबी टीम ने मौके पर मौजूद इंस्पेक्टर, डिपो होल्डर और अन्य संबंधित लोगों से टाइल फैक्ट्री परिसर में ही पूछताछ शुरू कर दी। यह पूरी कार्रवाई एसीबी सिरसा के इंचार्ज इंस्पेक्टर सत्यवान के नेतृत्व में हुई। विभागीय सूत्रों के मुताबिक, आरोपी इंस्पेक्टर के खिलाफ विभाग भी अलग से कार्रवाई कर सकता है, जिसमें उसके निलंबन की संभावना जताई जा रही है। रिपोर्ट जल्द ही विभागीय मुख्यालय को भेजी जाएगी। 

अब गढ़ी सांपला किलोई में नई राजनीति का दौर: पुराने दावेदारों को डॉ. शर्मा का संदेश

चंडीगढ  सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत व पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा है कि गढ़ी सांपला किलोई को अपना गढ़ बताने वालों के अब दिन लद गए हैं। आज कांग्रेस का प्रदेश में वजूद सिमटता जा रहा है। कांग्रेस ने जैसे-तैसे करके भानुमति का कुनबा तो जोड़ा, लेकिन उसमें भी आए दिन हो रही जूतम-पैजार को प्रदेश की जनता देख रही है। इससे साफ हो गया है कि कांग्रेसियों को प्रदेश से नहीं, अपने परिवार के हित से मतलब है। बुधवार को सहकारिता मंत्री एवं गढ़ी सांपला किलोई प्रभारी डॉ अरविंद शर्मा गांव टिटौली में कार्यकर्ता के घर पहुंचे और परिवार के सदस्यों के साथ बैठकर भोजन किया। इस दौरान आसपास के गांवों के ग्रामीणों से भी संवाद करते हुए सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने उनकी समस्याओं का निदान करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जनहितैषी नीतियों का लाभ प्रदेश के हर गांव, हर शहर के लोगों बिना भेदभाव मिल रहा है, जिसकी बड़ौली प्रदेश में भाजपा की लगातार तीसरी बार सरकार बनी है।   उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 24 घण्टे सन्त कबीर कुटीर आवास के दरवाजे प्रत्येक हरियाणवीं की तकलीफ दूर करने के लिए खोले और बीते एक साल के अंदर विधानसभा चुनाव में किए गए संकल्पों में 48 संकल्पों को पूरा करके अपने जनसमर्पित इरादों को जाहिर कर दिया। आज गढ़ी सांपला किलोई हलके की जनता भाजपा की केंद्र-प्रदेश सरकार की योजनाओं से न केवल संतुष्ट है, अपितु हर गरीब, वंचित, जरूरतमंद को सामाजिक व आर्थिक संरक्षण से उनका भरोसा भाजपा पर बढ़ा है। कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि अब गढ़ी सांपला किलोई हलके को अपना गढ़ बताने वालों के दिन लद गए हैं। उन्होंने कहा कि किसान, युवाओं, महिलाओं और पिछडा वर्ग की भलाई का दम्भ भरने वालों ने हमेशा अपना राजनीतिक उल्लू सीधा किया है। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के 90 विधानसभाओं में समान भाव से विकास किया जा रहा है। 

खेल मैदान में बड़ा हादसा: नेशनल लेवल खिलाड़ी की मौत, दो घटनाओं ने छाया मातम

चंडीगढ़  हरियाणा में दो दुखद घटनाएं हुई हैं, जिनसे एक तरफ व्यवस्था पर सवाल उठे हैं तो वहीं उदीयमान प्रतिभाओं को देश ने खो दिया है। बास्केटबॉल के नेशनल लेवल के खिलाड़ी हार्दिक राठी के ऊपर पोल ही गिर गया, जिस दौरान वह प्रैक्टिस कर रहे थे। इस हादसे में 16 साल के हार्दिक मौत हो गई। यह घटना रोहतक के लाखन माजरा गांव की है। इसके अलावा एक और हादसा बहादुरगढ़ में हुआ है, जहां 15 साल के अमन की बास्केटबॉल का ही पोल गिरने से मौत हो गई। दोनों 10वीं क्लास के छात्र थे और बास्केटबॉल में अपना भविष्य बनाना चाहते थे। इन हादसों ने हरियाणा में खेल ढांचे और सुविधाओं को लेकर भी सवाल उठाए हैं।   हार्दिक राठी के साथ यह हादसा उस वक्त हुआ, जब वह प्रैक्टिस कर रहे थे। उन्होंने उछलकर बास्केटबॉल पोल को पकड़ा और वह उनके ऊपर ही गिर पड़ा। हार्दिक उसके नीचे दब गए और पोल का एक सिरा तेजी से उनके सीने पर लगा था। उनके दोस्तों ने यह वाकया देखा तो तेजी से दौड़कर आए, लेकिन बचाया नहीं जा सका। इसकी सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है, जिसमें दिखता है कि वह कोर्ट में अकेले ही प्रैक्टिस कर रहे हैं। वह थ्री पॉइंट लाइन से दौड़कर आते हैं और सेमी सर्कल के पास से पोल की ओर छलांग लगाकर उसे पकड़ते हैं। वह बास्केट पकड़ते ही हैं कि पोल अपनी जड़ से उखड़ जाता है और उन पर आ गिरता है। अपनी स्कोरिंग क्षमता को बढ़ान के लिए अकसर बास्केटबॉल प्लेयर्स इस तरह प्रैक्टिस करते हैं। इसी तरह बहादुरगढ़ के अमन घायल हुए थे और उन्हें सिविल अस्पताल ले जाया गया था। वहां से तुरंत ही रोहतक पीजीआई रेफर किया गया, लेकिन जान नहीं बच सकी। मंगलवार को उनका अंतिम संस्कार हुआ और परिवार में कोहराम मच गया है। अमन के परिवार वालों का आरोप है कि पीजीआई में उनके बेटे को सही इलाज नहीं मिला वरना वह जीवित होते। फिलहाल सरकार ने इन मामलों की जांच के आदेश दे दिए हैं और शुरुआती रिपोर्ट का इंतजार हो रहा है। सवाल यह है कि पोल आदि की जांच जब साप्ताहिक होने का नियम है तो फिर कैसे इस तरह की घटना हो गई।