samacharsecretary.com

महिलाओं को एक ही स्थान पर मिलेंगी सभी स्वास्थ्य जांच और परामर्श सुविधाएँ

सिरसा  महिलाओं के स्वास्थ्य को केंद्र में रखकर हरियाणा सरकार ने एक नई पहल शुरू की है। अब प्रदेश के चयनित सब-डिस्ट्रिक्ट अस्पतालों में स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार क्लीनिक स्थापित किए जाएंगे, जहां महिलाओं को जांच, परामर्श, टीकाकरण और रेफरल जैसी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी। स्वास्थ्य महानिदेशक पंचकूला की ओर से इस संबंध में संबंधित जिलों के सिविल सर्जनों को निर्देश जारी किए गए हैं। यह पहल मुख्यमंत्री के वित्त वर्ष 2026-27 के बजट भाषण की घोषणा के तहत लागू की जा रही है। इससे पहले जिला नागरिक अस्पतालों में मौजूदा पोस्ट-पार्टम सेंटर पीपीसी के माध्यम से एसएनएसपी क्लीनिक शुरू किए जा चुके हैं और अब इन्हें चरणबद्ध तरीके से ब्लाक स्तर के अस्पतालों तक विस्तारित किया जा रहा है। इन अस्पतालों को किया गया है चिंहिृत मुख्यालय से जारी निर्देशों के अनुसार प्रदेश के 9 जिलों के 10 सब-डिस्ट्रिक्ट अस्पतालों में यह व्यवस्था शुरू की जाएगी। इनमें अंबाला जिले के अबांला कैंट व नारायणगढ़ उपमंडल अस्पताल, फतेहाबाद के टोहाना, हिसार के नारनौंद, पानीपत के समालखा, कुरूक्षेत्र के शाहबाद, यमुनानगर के जगाधरी, सिरसा के डबवाली, झज्जर के बहादुरगढ़ तथा नारनौल के महेंद्रगढ़ उपमंडल अस्पताल को शामिल किया गया है। अस्पताल प्रशासन को चार दिनों के भीतर क्लीनिक के लिए चिन्हित स्थान की फोटो सहित तैयारी रिपोर्ट भेजने को कहा गया है। महिलाओं को एक ही छत के नीचे मिलेगी स्वास्थ्य सुविधाएं एसएनएसपी क्लीनिक का उद्देश्य महिलाओं से जुड़ी सामान्य और गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं की समय पर पहचान और उपचार सुनिश्चित करना है। यहां 9 से 65 वर्ष तक की महिलाओं के स्वास्थ्य डेटा संकलन, टीकाकरण, गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर और स्तन कैंसर की स्क्रीनिंग, पोषण एवं मानसिक स्वास्थ्य परामर्श, फॉलोअप और रेफरल सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। निर्देशों के अनुसार क्लीनिक में एचपीवी टीकाकरण कवरेज बढ़ाने पर विशेष जोर रहेगा। साथ ही महिलाओं को किशोरावस्था, रजोनिवृत्ति, आस्टियोपोरोसिस, हृदय रोग, मेटाबोलिक विकार और स्त्री रोग संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूक किया जाएगा। प्रत्येक क्लीनिक में नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा और संबंधित अस्पताल के पीएमओ, एमएस इसकी निगरानी करेंगे, जबकि जिला स्तर पर सिविल सर्जन पूरी व्यवस्था के प्रभारी होंगे। हर सोमवार दोपहर 12 बजे तक साप्ताहिक रिपोर्ट जमा करना अनिवार्य रहेगा। सिरसा के सीएमओ डॉ. पवन कुमार ने कहा किस्वस्थ नारी सशक्त परिवार क्लिनिक नागरिक अस्पताल में संचालित हो रहा है। मुख्यालय से उपमंडल नागरिक अस्पताल डबवाली में भी इसके संचालन के लिए दिशा-निर्देश दिए गए हैं।  

CM सैनी का बड़ा ऐलान, 5000 एकड़ में विकसित होगी नमो सिटी; जानें मास्टर प्लान

चंडीगढ़. हरियाणा में व्यापारियों के लिए 5000 एकड़ में "नमो सिटी" बनाई जाएगी। इसमें व्यापारियों और आम लोगों के लिए अलग प्रकार की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में दिल्ली की विभिन्न मार्केट्स से जुड़े थोक व्यापारियों के साथ सीधा संवाद करते हुए यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि हरियाणा में विश्वस्तरीय मार्किट स्थापित की जाएगी, जिसमें बेहतर से बेहतर इन्फ्रास्ट्रक्चर की सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी। उन्होंने व्यापारियों को अधिक संख्या में हरियाणा में निवेश करने का आह्वान किया। इस दौरान इलेक्ट्रानिक्स, मार्बल, ड्राई फ्रूट, लोहा मंडी समेत दिल्ली की कुल 26 व्यापारिक एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से सीधा संवाद किया और सुझाव दिए। दिल्ली के आसपास बनेगा प्लॉट मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली के आसपास के इलाके में बड़ी व्यापारिक मार्किट व पूरा औद्योगिक इकोसिस्टम बनाने का फैसला लिया है ताकि व्यापारियों को खुला और सुविधायुक्त वातावरण मिल सके। अमृतसर की ड्राई फ्रूट मार्केट के व्यापारियों ने भी लगभग 280 प्लॉट लिए हैं और अब बड़ी ड्राई फ्रूट मंडी हरियाणा में स्थापित होगी। इसी तरह लुधियाना के व्यापारियों ने भी लगभग 180 प्लॉट लिए हैं। यह मार्केट विश्व स्तर की अलग पहचान वाली होगी, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के सपने को साकार करने में अहम कड़ी का काम करेगी। 50 वर्षों को ध्यान में रखते हुए इतनी चौड़ी सड़कों और सुविधाओं के साथ इस मार्केट को विकसित किया जाएगा कि आवागमन में कोई दिक्कत न आए। निवेशकों को आसानी से मिलेगा अप्रूवल यह एक ग्रीन और पाल्यूशन मुक्त मार्केट होगी, जहां परिवार भी घूमने के लिए आ सकेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि बड़े निवेशकों के लिए कस्टमाइज्ड इंसेंटिव पैकेज, रोजगार आधारित प्रोत्साहन, सिंगल विंडो क्लीयरेंस और टाइम बाउंड अप्रूवल जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं। राई के नजदीक मारुति का बड़ा प्लांट तैयार हो गया है, जहां सालाना करीब 10 लाख गाड़ियां बनेंगी। साथ ही खरखौदा में आइएमटी और इलेक्ट्रिक व्हीकल जोन भी विकसित हो रहा है। इसके अतिरिक्त 600 एकड़ में एक बड़ी हार्टिकल्चर मंडी का निर्माण भी गति से चल रहा है, जो उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर तक की कनेक्टिविटी से जुड़ी होगी। कहा- हर समस्या के समाधान के लिए खुले हैं द्वार मुख्यमंत्री ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि हरियाणा सरकार उन्हें किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आने देगी और किसी भी समस्या पर सीधे मुख्यमंत्री से मिलने के द्वार खुले हैं। इस दौरान लोहा मंडी से जुड़े श्री केके गुप्ता, देवराज, राकेश यादव, मार्बल एसोसिएशन और राजेंद्र कपूर ने भी अपने सुझाव रखे, जिन पर मुख्यमंत्री ने सकारात्मक रूप से सहमति जताते हुए संबंधित व्यवस्थाएं करने का आश्वासन दिया। वहीं, उद्योग मंत्री राव नरबीर ने कहा कि दिल्ली के बाजारों में बहुत भीड़ भाड़ है। हरियाणा सरकार अलग-अलग औद्योगिक कलस्टर बनाकर व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं दे रही है। व्यापारी जो सोच लेकर हरियाणा में आएगा, उसे वह सभी सुविधाएं मिलेंगी। इस मौके पर दिल्ली हरियाणा भवन की रेजिडेंट कमिश्नर मोना श्रीनिवास, एचएसआइआइडीसी के एमडी सुशील सारवान, एचएसआईआईडीसी के कार्डिनेटर सुनील शर्मा मौजूद रहे।

मोबाइल नोटिफिकेशन बना जाल, यमुनानगर में ASI के खाते से लाखों रुपये गायब

यमुना नगर. रेलवे पुलिस के एएसआइ साइबर ठगी का शिकार हो गए। उनके मोबाइल पर नोटिफिकेशन आया। जिस पर क्लिक किया तो मोबाइल बंद हो गया। उस समय अधिक ध्यान नहीं दिया। कई दिन तक इसी तरह से मोबाइल बंद होता रहा। बाद में खाता चेक किया तो उसमें से यूपीआइ के माध्यम से 3.27 लाख रुपये साफ हो चुके थे। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने उनकी पत्नी के बयान पर मामला दर्ज किया है। नरेंद्रनगर निवासी आशा रानी ने बताया कि उसका पंजाब नेशनल बैंक में खाता है। पति रेलवे पुलिस में एएसआइ हैं। इस समय उनकी ड्यूटी उत्तर प्रदेश के लखनऊ में है। बैंक खाते को गूगल पे से पति ने अपने मोबाइल में लिंक किया हुआ है। 27 जून को पति ड्यूटी से छुट्टी पर यमुनानगर आए हुए थे। बच्चों का दाखिला चेक करने के लिए पति ने गूगल पे पर बैलेंस चेक किया तो खाते में कुल चार हजार रुपये ही थे। यह देखकर हैरान रह गए। जिस पर तुरंत बैंक में गए। वहां जाकर पता किया तो जानकारी मिली कि किसी ने धोखे से यूपीआइ के माध्यम से अलग-अलग कर खाते से तीन लाख 27 हजार 999 रुपये निकाल लिए। वहीं एक अन्य मामले में प्रतापनगर निवासी युवती को निवेश के नाम पर ठग लिया गया। टेलीग्राम आइडी पर आए मैसेज से वह साइबर ठगों के जाल में फंस गई। उसे निवेश कर लाभ कमाने का झांसा दिया गया। उसने अलग-अलग कर एक लाख 71 हजार रुपये निवेश किए। शुरूआत में उसकी आइडी पर लाभ दिखता रहा। बाद में आइडी ब्लाक हो गई। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है।

हरियाणा के अंबाला में बड़ा हादसा, 220 फीट गहरे बोरवेल में गिरा 3 वर्षीय बच्चा

अंबाला. गांव शाहपुर के पास गांव धन्यौडा में एक साढ़े तीन साल का निर्भय खेलते हुए 220 गहरे बोरवेल में गिर गया। जिसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी और जिला प्रशासन मौके पर पहुंचा। इसके बाद सेना ने बच्चे को निकालने का मोर्चा संभाल लिया। जानकारी अनुसार, गांव धन्यौडा में साढ़े तीन साल का निर्भय अपने चाचा के साथ खेत में गया था। खेत में धान लगाई जा रही है। इस कारण चाचा का काम में ध्यान होने से बच्चे से भटक गया। इतने में बच्चा खेलते हुए 220 फीट गहरे बोरवेल में गिर गया। बोरवेल खराब होने के कारण बंद था, जो ढका हुआ नहीं था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद जिला प्रशासन मौके पर पहुंचा, मशीन मंगवाई गई। बच्चे को निकालने के लिए सेना ने मोर्चा संभाल लिया है और एनडीआरएफ की टीम भी पहुंची।

आईटीआई दाखिले को बढ़ावा, हरियाणा सरकार देगी ईडब्ल्यूएस विद्यार्थियों को स्टाइपेंड

चंडीगढ़  हरियाणा सरकार ने औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों को आर्थिक मदद देने का निर्णय लिया है। इसके पीछे सरकार की सोच है कि विद्यार्थी तकनीकी शिक्षा की ओर आकर्षित होंगे। आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के विद्यार्थियों के लिए दो हजार रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड (आर्थिक मदद) देने की मंजूरी प्रदान की जा चुकी है। आर्थिक सहयोग मिलने से आईटीआई में दाखिले बढ़ेंगे, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित होगी और उद्योगों को प्रशिक्षित मानव संसाधन उपलब्ध हो सकेगा। वर्ष 2026-27 के सत्र के लिए हरियाणा के 377 औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में दाखिले की प्रक्रिया चल रही है। इनमें 197 सरकारी और 180 निजी आईटीआई शामिल हैं। इन संस्थानों में करीब एक लाख सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। विद्यार्थियों को 89 से अधिक इंजीनियरिंग और गैर-इंजीनियरिंग ट्रेड में प्रशिक्षण का विकल्प मिलेगा, जिनमें पारंपरिक ट्रेडों के साथ आधुनिक तकनीकी पाठ्यक्रम भी शामिल हैं। हरियाणा सरकार इस समय ड्यूल सिस्टम ऑफ ट्रेनिंग (डीएसटी) पर विशेष जोर दे रही है। इस मॉडल में विद्यार्थियों को केवल कक्षा तक सीमित नहीं रखा जाता, बल्कि प्रशिक्षण के दौरान ही उद्योगों में व्यावहारिक अनुभव दिया जाता है। प्रवेश प्रक्रिया के दौरान विद्यार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए विभाग ने सभी आईटीआई में हेल्प डेस्क स्थापित किए हैं। आईटीआई में प्रवेश के लिए आठवीं, दसवीं और बारहवीं पास अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। अलग-अलग ट्रेडों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता निर्धारित की गई है।

यमुना जल परियोजना पर हरियाणा-राजस्थान में समझौता, राजस्थान को मिलेगा पेयजल

चंडीगढ़ केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की उपस्थिति में सोमवार को नई दिल्ली में यमुना जल परियोजना के निर्माण और कार्यान्वयन के संबंध में हरियाणा सरकार और राजस्थान सरकार के बीच एक महत्वपूर्ण समझौते पर हस्ताक्षर हुए। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सीआर पाटिल की मौजूदगी में हुए इस समझौते के अंतर्गत हरियाणा व राजस्थान के लोगों की पानी से जुड़ी लगभग तीन दशक पुरानी समस्या का समाधान हो गया है। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि यह समझौता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा दिए गए सहकारी संघवाद के मंत्र का एक उत्कृष्ट उदाहरण है। दोनों राज्यों के बीच हुआ जल समझौता इस बात का उदाहरण है कि अगर राज्य सहकारी संघवाद की सोच को आगे बढ़ाएं तो तीन दशक पुरानी समस्या भी सरलता से सुलझ सकती है। समझौते के तहत जुलाई से अक्टूबर तक लगभग 580 एमसीएम पानी यमुना नहर से तीन भूमिगत पाइप लाइनों के जरिये राजस्थान तक पहुंचाया जाएगा। इन तीन पाइप लाइनों का व्यास 3.6 मीटर से भी अधिक होगा, जिनके माध्यम से राजस्थान और हरियाणा राज्यों के लोगों के लिए पेयजल की व्यवस्था होगी। अमित शाह ने कहा कि यह समझौता दोनों राज्यों के लिए विन-विन सिचुएशन का अच्छा उदाहरण है। समझौते में वित्तीय जिम्मेदारी, लागत साझीकरण, जल आवंटन और जल छोड़ने के प्रोटोकाल के साथ रखरखाव का बारीकी से ध्यान रखा गया है। हरियाणा, राजस्थान और विशेषकर केंद्रीय जल आयोग ने इस समझौते का जो प्रारूप बनाया है वह आने वाले कई दशकों तक विवादहीन समझौते के रूप में स्थापित रहेगा। समझौते के बाद राजस्थान के सीकर, चूरू और झुंझुनू के साथ-साथ हरियाणा के भिवानी और फतेहाबाद क्षेत्रों में भी पीने का पानी पहुंचाने की व्यवस्था हो जाएगी। परियोजना का उद्देश्य पश्चिमी यमुना नहर से भूमिगत पाइपलाइन के जरिये राजस्थान के हिस्से का यमुना का पानी पहुंचाना है। इससे राज्य, अपर यमुना बेसिन के इस्तेमाल लायक सतही पानी के बंटवारे पर 1994 के समझौते के तहत मिले पानी का सही तरीके से इस्तेमाल कर पाएगा। इस परियोजना से राजस्थान के सूखे और कम बारिश वाले इलाकों में पीने के पानी की निरंतर आपूर्ति होगी और सामाजिक-आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा। हथनीकुंड बैराज से राजस्थान तक बिछेगी पाइपलान हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि यमुना जल परियोजना को लेकर केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल की अध्यक्षता में लगातार हरियाणा और राजस्थान के बीच बैठकें हुई। एमओयू के अंतर्गत हरियाणा में जुलाई और अक्टूबर के बीच जो वर्षा का सरप्लस पानी होता है, राजस्थान उसे पाइपलाइन के माध्यम से ले जाकर पेयजल के लिए उपयोग करेगा। इस परियोजना के अंतर्गत हथनीकुंड बैराज से राजस्थान तक पाइपलाइन बिछाई जाएगी और सरप्लस पानी का इस्तेमाल किया जाएगा। बैठक में हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी समेत राजस्थान व केंद्र सरकार के अधिकारी मौजूद रहे।

बहादुरगढ़ फुटबॉल लीग का रोमांच, 35 टीमों और 320 खिलाड़ियों ने मैदान में बिखेरा जलवा

बहादुरगढ़/चंडीगढ़. गांव लोवा खुर्द में सात सप्ताह तक चली लव कुश फुटबाल लीग का समापन हो गया। इस दौरान सभी आयु वर्गों के फाइनल मुकाबले खेले गए और विजेता टीमों को सम्मानित किया गया। इसमें चार आयु वर्गाें में 114 मैच खेले गए और 35 टीमों के 350 खिलाड़ियाें ने इसमें दम दिखाया। समापन पर मुख्य अतिथि विधायक राजेश जून रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में एचओए के उपाध्यक्ष अनिल खत्री और साई पटियाला के पूर्व चीफ कोच रोहित पाराशर उपस्थित रहे। फाइनल मुकाबलों में अंडर-8 वर्ग में चरखी ने बहादुरगढ़ सिटी को 3-2 से हराकर खिताब अपने नाम किया। अंडर-11 वर्ग में भापड़ौदा और जसौरखेड़ी का 3-3 से मैच ड्रा रहा। पेनल्टी शूट में भापड़ौदा विजेता रहा। अंडर-13 में बहादुरगढ़ सिटी क्लब और जसौरखेड़ी का बिना गोल मैच ड्रा रहा। पेनल्टी शूट में बहादुरगढ़ सिटी विजेता रहा। अंडर-15 वर्ग के रोमांचक मुकाबले में सिटी बहादुरगढ़ ने लोवा खुर्द स्पोर्ट्स क्लब को 5-1 से हराकर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। लोवा खुर्द से प्रियांशु ने गोल किया, जबकि बहादुरगढ़ की तरफ से ध्रुव ने दो और रुद्र, आदित्य व समीर ने एक-एक गोल किए। मुख्य अतिथि राजेश जून ने विजेता व उपविजेता टीमों को ट्राफी, मेडल और प्रमाण-पत्र प्रदान किए। विशिष्ट अतिथियों ने प्रतिभागी खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाण-पत्र देकर उत्साहवर्धन किया। विधायक ने 50 सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित किया। खेल समिति को भी राशि भेंट की। आयोजक एवं कोच सुदर्शन ने बताया कि यह प्रतियोगिता पूर्व कोच रोहित पराशर के मार्गदर्शन में हुई। उनकी तकनीकी गाइडलाइन के माध्यम से लोवा खुर्द में अब तक एक हजार से अधिक फुटबाल मैचों का सफल आयोजन हो चुका है। रेफरी की जिम्मेदारी अरमान, निखिल, अक्षित, सागर, ढीला, नमन, हर्षित ने निभाई। इस दौरान गांव के सरपंच विनोद जून, कमेटी प्रधान नरेश कुमार के साथ सभी अतिथियों, कोच, मैनेजरों और खिलाड़ियों का स्वागत किया गया। मास्टर कुलदीप, सब इंस्पेक्टर बलवान कादयान, बिटु, कोच रितु रानी, कोच विनय, कोच आरती, संदीप, ललित मास्टर (भापड़ौदा), संदीप (खेड़ी जट), प्रमिल, लाला मास्टर, विक्की, बीजे, प्रदीप, लीलू फौजी, काला, संजय भी उपस्थित रहे।

जल विवाद का निकला समाधान, अमित शाह की मौजूदगी में हरियाणा और राजस्थान के बीच हुआ ऐतिहासिक समझौता

पंचकूला. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में सोमवार को हरियाणा और राजस्थान के बीच जल बंटवारे को लेकर एक महत्वपूर्ण समझौता हुआ। दोनों राज्यों की सरकारों के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। इस मौके पर केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा भी मौजूद रहे। समझौते के तहत मानसून के दौरान हरियाणा पाइप लाइन के जरिए राजस्थान को पानी भेजेगा। समझौते के तहत वर्ष 1994 में हुए अपर यमुना रिवर बोर्ड के जल बंटवारा समझौते के अनुसार राजस्थान को उसके हिस्से का पानी उपलब्ध कराने का मार्ग प्रशस्त हो गया है। इससे लंबे समय से लंबित जल वितरण से जुड़े मुद्दों के समाधान की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। इस समझौते के बाद रेणुका डैम, किशाऊ डैम और लखवार डैम जैसी बहुप्रतीक्षित बांध परियोजनाओं के निर्माण और क्रियान्वयन में भी तेजी आने की उम्मीद है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से पेयजल उपलब्धता, सिंचाई क्षमता और जल संरक्षण को बड़ा लाभ मिलेगा। केंद्र सरकार ने इस समझौते को राज्यों के बीच सहयोगात्मक संघवाद का महत्वपूर्ण उदाहरण बताया है। माना जा रहा है कि इससे जल संसाधनों के बेहतर प्रबंधन, अंतरराज्यीय समन्वय और भविष्य की जल सुरक्षा को नई मजबूती मिलेगी।

हरियाणा की बेटी दीपाली ने बढ़ाया मान, भारतीय नौसेना में सब-लेफ्टिनेंट बनने पर जोरदार स्वागत

रेवाड़ी  भारतीय नौसेना में सब-लेफ्टिनेंट के रूप में कमीशन प्राप्त करने के बाद घर लौटी बेटी दीपाली सिकरवाल के सम्मान में बेस्टेक सोसायटी में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी। दीपाली सिकरवाल ने धारूहेड़ा की पहली महिला अधिकारी बनकर भारतीय नौसेना में कमीशन हासिल किया है। उन्होंने डिफेंस में पायलट बनने का अपना वर्षों पुराना सपना साकार कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। कार्यक्रम का आयोजन बेस्टेक सोसायटी आरडब्ल्यूए द्वारा उनके माता-पिता बीएसएनएल के पूर्व एजीएम हरिराम सिकरवाल एवं नमिता सिकरवाल के सम्मान में भी किया गया। समारोह में पूर्व चेयरमैन राव इंद्रपाल, सोसायटी के प्रधान अमित कुमार यादव, पूर्व सरपंच राव शिवदीप सिंह, पूर्व पार्षद खड़क पटवारी, पार्षद अमन राव, सचिव देवेंद्र यादव, कोषाध्यक्ष अजय शर्मा, सरला यादव सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। वक्ताओं ने दीपाली की उपलब्धि को क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि उनकी सफलता हरियाणा की बेटियों को सशस्त्र बलों में करियर बनाने के लिए प्रेरित करेगी। सब- लेफ्टिनेंट दीपाली सिकरवाल ने बच्चों और युवाओं से कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो कोई भी सपना असंभव नहीं होता। उन्होंने कहा आप जिंदगी में जो भी बनना चाहते हैं बन सकते हैं। रास्ते में आने वाली कठिनाइयों से घबराकर कभी हार नहीं माननी चाहिए।

नारनौल के अस्पताल में बढ़ीं विशेषज्ञ सेवाएं, 5 डॉक्टर संभालेंगे हर्निया, हड्डी, महिला और बाल रोग का इलाज

कनीना/नारनौल. कनीना उप नागरिक अस्पताल अब मात्र एक रेफरल केंद्र तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि क्षेत्र के हजारों लोगों के लिए विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं का प्रमुख केंद्र बनने जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव के प्रयासों से अस्पताल में पांच विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती हो चुकी है। जल्द ही अल्ट्रासाउंड और डिजिटल एक्स-रे जैसी आधुनिक जांच सुविधाएं भी शुरू हो जाएंगी। इसके बाद कनीना प्रदेश का पहला ऐसा उप नागरिक अस्पताल बन जाएगा, जहां नागरिक अस्पताल स्तर की अधिकांश स्वास्थ्य सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगी। इस पहल से कनीना, अटेली तथा आसपास के दर्जनों गांवों और सीमावर्ती क्षेत्रों के मरीजों को सामान्य ऑपरेशन, विशेषज्ञ उपचार और जांचों के लिए रेवाड़ी, नारनौल या निजी अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। इससे मरीजों का समय और धन दोनों बचेगा। पांच विशेषज्ञ चिकित्सकों से अस्पताल हुआ मजबूत अस्पताल में पहले से ही सर्जन डॉ. हेमंत नागर, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. धर्मेंद्र और स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. कोमल गहलोत सेवाएं दे रहे थे। अब बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सुधीर और फेमिली मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. साक्षी मलिक ने भी कार्यभार संभाल लिया है। अब विशेषज्ञ चिकित्सकों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। सर्जन डॉ. हेमंत नागर: अपेंडिक्स, हर्निया, हाइड्रोसील, पित्त की थैली की पथरी, बवासीर, फिशर, फिस्टुला सहित विभिन्न सामान्य शल्य चिकित्सा के ऑपरेशन करेंगे। हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. धर्मेंद्र: फ्रैक्चर, गठिया, कमर दर्द, सर्वाइकल एवं अन्य आर्थोपेडिक समस्याओं का उपचार करेंगे। स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. कोमल गहलोत: महिलाओं के रोगों, सुरक्षित प्रसव, परिवार नियोजन और स्त्री रोग संबंधी ऑपरेशनों की सुविधा उपलब्ध कराएंगी। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सुधीर: नवजात एवं बच्चों की विभिन्न बीमारियों का इलाज करेंगे। फेमिली मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. साक्षी मलिक: मधुमेह, उच्च रक्तचाप, थायरॉइड, अस्थमा, वायरल संक्रमण, डेंगू, टाइफाइड सहित सामान्य एवं दीर्घकालिक बीमारियों का उपचार करेंगी। जल्द शुरू होंगी आधुनिक जांच सुविधाएं "अस्पताल में शीघ्र ही अल्ट्रासाउंड और डिजिटल एक्स-रे मशीनें स्थापित की जाएंगी। इन सुविधाओं के शुरू होने के बाद मरीजों को जांच के लिए दूसरे शहरों में नहीं जाना पड़ेगा और समय पर सटीक जांच एवं उपचार संभव हो सकेगा।" -आरती सिंह राव, स्वास्थ्य मंत्री, हरियाणा।