samacharsecretary.com

सरकार के इनकार के बाद 21 साल की लड़ाई जीती, 4 HCS अधिकारियों की नियुक्ति रास्ता साफ

चंडीगढ़  पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने 21 साल से लंबित एक महत्वपूर्ण विवाद का निपटारा करते हुए हरियाणा सिविल सेवा के 4 चयनित उम्मीदवार शक्ति सिंह, कुलदीप मलिक, सुभाष तायल और दीपक कुमार के पक्ष में फैसला सुनाया है। हाईकोर्ट ने राज्य सरकार द्वारा इनकी नियुक्ति रोकने के सभी आधारों को अमान्य ठहराते हुए कहा कि चयन और सिफारिश के बाद उम्मीदवारों को दागी मानकर नियुक्ति न देना उचित नहीं है। दरअसल इन चारों अधिकारियों का चयन हरियाणा लोक सेवा आयोग द्वारा 24 जनवरी 2004 के विज्ञापन के आधार पर आयोजित परीक्षा में हुआ था। आयोग ने उन्हें योग्य पाकर औपचारिक रूप से राज्य सरकार को नियुक्ति के लिए भेज दिया था, लेकिन 2004 के विधानसभा चुनाव के दौरान आचार संहिता लागू होने से प्रक्रिया रुक गई। बाद में सरकार ने इन्हें नियुक्ति देने से इन्कार कर दिया, जिससे मामला अदालत पहुंचा। हाईकोर्ट के इस निर्णय से इन सभी को अब पुरानी तारीख से नियुक्ति, सांकेतिक वरिष्ठता, और परिणामी सेवा लाभ मिलने का रास्ता साफ हो गया है। इससे पहले इसी मामले में उम्मीदवार सुरेंद्र लाठर के पक्ष में भी समान फैसला दिया गया था। कोर्ट के इस आदेश ने 2 दशक से अधिक समय से जारी न्यायिक संघर्ष का अंत कर दिया है। 

राहत कार्यों में खुली बड़ी पोल! चंद घंटों में अधिकारियों की लापरवाही हुई बेनकाब

लुधियाना सरकार द्वारा क्वॉलिटी कंट्रोल नियमों के पालन को लेकर जो ताजा निर्देश जारी किए गए हैं, उसके तहत नगर निगम द्वारा घटिया मैटीरियल का इस्तेमाल करने वाले ठेकेदार पर बड़ी कार्रवाई की गई है। यह मामला जगराओं पुल के नजदीक गुरुद्वारा दुख निवारण रोड पर सामने आया है जहां एक ठेकेदार द्वारा बनाई गई सड़क चंद घंटों में बिखर गई। इस संबंध में शिकायत मिलने पर सीनियर डिप्टी मेयर राकेश पराशर द्वारा साइट विजिट की गई तो लोग सड़क की बजरी को हाथ से इकट्ठा कर रहे थे। इस पर नगर निगम अधिकारियों को बुलाकर सड़क को जे.सी.बी. मशीन से उखाड़ दिया गया और ठेकेदार को दोबारा सड़क बनाने के लिए बोला गया है।   बी. एंड आर. ब्रांच के अधिकारियों पर खड़े हुए सवाल नगर निगम द्वारा की गई सड़क को उखाड़ने की कार्रवाई के बाद बी. एंड आर. ब्रांच के अधिकारियों पर सवाल खड़े हुए हैं, क्योंकि नियमों के अनुसार सड़क निर्माण के दौरान बी. एंड आर. ब्रांच के अधिकारियों का मौजूद होना जरूरी है। अगर इस सड़क का निर्माण बी. एंड आर. ब्रांच के अधिकारियों की निगरानी में किया गया है तो उन्होंने मिलीभगत के चलते घटिया मैटीरियल का इस्तेमाल होने को लेकर आंखे बंद कर लीं या फिर साइट से गायब होकर ठेकेदार को मनमानी करने की छूट दी गई जिसका सबूत नाममात्र तारकोल के इस्तेमाल से बनाई गई सड़क के चंद घंटों में बिखरने के रूप में सामने आया है। इसे लेकर सीनियर डिप्टी मेयर के दखल के बाद ठेकेदार पर तो सड़क उखाड़ने की कार्रवाई कर दी गई है लेकिन बी. एंड आर. ब्रांच के अधिकारियों को कमिश्नर की तरफ से कोई नोटिस जारी नहीं किया गया। 

जबरन भूमि कब्जे का मामला: सपा विधायक राम अचल राजभर पर गंभीर आरोप

अम्बेडकरनगर उत्तर प्रदेश के अम्बेडकर नगर जिले से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां पर एक पीड़ित ने अकबरपुर विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के विधायक राम अचल राजभर पर जमीन कब्जाने का गंभीर आरोप लगा है। शिकायतकर्ता राम भजन राजभर ने एसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है।   पीड़ित का आरोप है कि विधायक राम अचल राजभर अपने सहयोगियों के साथ उसके घर पहुंचे और उसे धमकाया। विवादित जमीन राम अचल राजभर के महाविद्यालय के पास स्थित है, जिस पर कब्जा कर जबरन बैनामा कराने का दबाव बनाए जाने का आरोप भी लगाया गया है।   राम भजन राजभर का कहना है कि विधायक और उनके बेटे संजय राजभर मिलकर उसकी जमीन हड़पने की कोशिश कर रहे हैं। पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की मांग की है। मामले के बढ़ने के बाद स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज हो गई है, जबकि पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।  

कांकेर जिले के धान खरीदी केंद्रों की व्यवस्था का लिया जायज़ा : सचिव रीना बाबा साहेब कंगाले ने

रायपुर, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की सचिव तथा राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की आयुक्त श्रीमती रीना बाबा साहेब कंगाले ने आज कांकेर जिले के धान खरीदी केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया। समर्थन मूल्य पर सुचारू धान खरीदी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उन्होंने चारामा तहसील के माहुद, चारामा, लखनपुरी और कांकेर तहसील के नाथिया नवागांव एवं सरोना स्थित खरीदी केन्द्रों की व्यवस्था का विस्तृत अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान सचिव ने किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं को जाना। उन्होंने धान विक्रय टोकन की प्रक्रिया का परीक्षण किया और किसानों को बताया कि टोकन सोसायटी मॉड्यूल के माध्यम से भी प्राप्त किए जा सकते हैं। सचिव ने जिला खाद्य अधिकारी और सहकारी बैंक के नोडल अधिकारियों से कम्प्यूटर ऑपरेटरों की नियुक्ति, उनके प्रशिक्षण, नमी मापक यंत्र, बारदाना उपलब्धता, डेमेज एवं हमाल की व्यवस्था संबंधी जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि खरीदी केन्द्रों में किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। जिला खाद्य अधिकारी ने बताया कि कांकेर जिले में समर्थन मूल्य पर धान विक्रय हेतु 94 हज़ार 192 किसानों का पंजीयन किया जा चुका है तथा 85 प्रतिशत बारदाना उपलब्ध करा दिया गया है। सचिव के द्वारा निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्री अरुण वर्मा, खाद्य अधिकारी श्री जे.जे. नायक, उप पंजीयक सहकारी समिति श्री आशुतोष डडसेना, तहसीलदार चारामा श्री सतेन्द्र शुक्ल, नायब तहसीलदार श्री कृष्ण कुमार पाटले, तहसीलदार सरोना श्री मोहित साहू, सहकारी बैंक के नोडल अधिकारी श्री मनोज वानखेडे तथा नान के जिला प्रबंधक श्री आकाश राही भी उपस्थित रहे।

विकास का महाकुंभ: योगी सरकार ने सोनभद्र में 548 करोड़ की योजनाओं को दी हरी झंडी

सोनभद्र मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश और बिहार के संबंध की तुलना भगवान राम और देवी सीता के पवित्र संबंध से करते हुए शनिवार को कहा कि दोनों राज्यों का रिश्ता भी ‘‘अटूट और सुदृढ़'' है। सोनभद्र में आयोजित ‘जनजातीय गौरव दिवस' कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने 548 करोड़ रुपये की 432 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।  बिहार में ऐतिहासिक जीत पर सीएम योगी ने जताई प्रसन्नता  बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की ऐतिहासिक जीत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए योगी ने कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश और बिहार साझा संस्कृति, साझा विरासत और साझा संकल्प के प्रतीक हैं। प्रभु राम और माता जानकी के पवित्र संबंध की तरह दोनों राज्यों का रिश्ता भी अटूट और सुदृढ़ है। डबल इंजन की सरकार पर लोगों का बढ़ रहा विश्वास उन्होंने कहा, ‘‘वहां की जनता ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लेकर यह संदेश दिया है कि विकास, सुशासन और स्थिरता के लिए डबल इंजन की सरकार पर विश्वास लगातार बढ़ रहा है तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रहित व विकास की नीतियों को जनता का सशक्त समर्थन मिल रहा है।'' मुख्यमंत्री ने सोनभद्र की धरती को उत्तर प्रदेश की ऊर्जा राजधानी, प्राकृतिक सौंदर्य और समृद्ध संसाधनों के अनोखे संगम की संज्ञा दी।  बिहार में सीएम योगी ने की 30 रैलियां और एक रोड शो उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित जनजातीय बहनों–भाइयों की भागीदारी बदलाव की आकांक्षा और विश्वास का प्रतीक है। योगी की टिप्पणी इसलिए अहम मानी जा रही है क्योंकि यह बिहार में राजग द्वारा महागठबंधन को हराकर सत्ता बरकरार रखने के एक दिन बाद आई है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, योगी आदित्यनाथ ने 10 दिन के चुनाव अभियान में 30 रैलियां और एक रोड शो किया। उनका अभियान 16 अक्टूबर को शुरू हुआ था। अपने भाषणों में योगी ने उत्तर प्रदेश और बिहार में राजग सरकारों के विकास कार्यों को प्रमुखता से रखा, जबकि कांग्रेस-राजद गठबंधन पर ‘‘जंगल राज'', अपराध और भ्रष्टाचार के मुद्दों को लेकर हमला बोला।   

महराजपुर से धान खरीदी का उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया शुभारंभ

रायपुर, कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड स्थित महराजपुर धान उपार्जन केंद्र में आज उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने समर्थन मूल्य पर धान खरीदी महापर्व का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने परम्परागत रूप से तौल यंत्रों की पूजा-अर्चना कर, किसानों का तिलक करते हुए श्रीफल भेंट किया। उन्होंने खरीदी प्रक्रिया की शुरुआत कर किसानों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान ग्राम कांपा के किसान श्री भगत कौशिक से 36 क्विंटल धान का विक्रय किया गया। उन्होंने किसान के साथ मिलकर धान का तौल कराया एवं किसानों से चर्चा कर उनकी समस्याओं को जाना। उल्लेखनीय है कि महराजपुर उपार्जन केंद्र के अंतर्गत महराजपुर, कांपा, जीताटोला और डगनिया के कुल 769 पंजीकृत किसान हैं। उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने किसानों से आत्मीय चर्चा कर उपार्जन केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं, टोकन व्यवस्था एवं खरीदी प्रक्रिया का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने इस वर्ष ‘मोदी की गारंटी’ को पूरा करते हुए किसानों के हित में कई ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं, जिससे किसानों को लाभ, सुचारू व्यवस्था और समय पर भुगतान सुनिश्चित हो सकेगा। उपमुख्यमंत्री ने सभी किसानों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि राज्य सरकार किसानों के कल्याण, उनकी आय वृद्धि और कृषि क्षेत्र के सतत विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सुव्यवस्थित खरीदी प्रबंधन से इस वर्ष भी किसानों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी। इस अवसर पर कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।

ATS को मिले अहम सुराग: विश्वविद्यालय के शिक्षक पर आतंकी साजिश में शामिल होने का शक

लखनऊ राजधानी लखनऊ के प्रतिष्ठित इंटीग्रल विश्वविद्यालय में शाहीन सईद का छोटा भाई डॉक्टर परवेज सईद असिस्टेंट प्रवक्ता था और एमबीबीएस प्रथम वर्ष के छात्रों की क्लास लिया करता था. हालांकि, दिल्ली ब्लास्ट से ठीक पहले उसने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था. एटीएस इस पूरे मामले में गहन जांच कर रही है. जबकि, डॉक्टर परवेज से जुड़ी हर फाइल तथ्य और उसकी पुरानी सीसीटीवी फुटेज निकलवाकर परवेज के बारे में जानकारी जुटा रही है. मिली जानकारी के मुताबिक परवेज एमबीबीएस प्रथम वर्ष के छात्रों को पढ़ाता था. जबकि, वो खुद को बहुत रिजर्व रखता था, लेकिन इंटिगरल विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले कश्मीरी छात्रों से उसकी नजदीकियां थी. उनके साथ रात में डॉक्टर परवेज घंटों शाम और रात को बैठकर चर्चा करता और उनका ब्रेनवाश करने की कोशिश करता था. वहीं डॉक्टर परवेज की सीसीटीवी फुटेज में दिख रही हरकतों पर एटीएस को संदेह है कि शायद डॉक्टर परवेज इंटीग्रल यूनिवर्सिटी में स्लीपर सेल की फौज तैयार कर रहा था. एटीएस इस पूरे मामले में गहन जांच कर रही है. जांच के बाद और कई तथ्य सामने आ सकते हैं.

राज्यमंत्री श्रीमती कृष्णा गौर ने कहा- गौरव और आत्मसम्मान के प्रतीक हैं भगवान बिरसा मुंडा

भोपाल  पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर ने कहा कि अमर सेनानी, महानायक भगवान बिरसा मुंडा गौरव और आत्मसम्मान के प्रतीक हैं। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा ने अपने अदम्य साहस, संघर्ष और श्रेष्ठ कर्मों से जन-जन के हृदय में अमिट छाप छोड़ी है। उनके जीवन से युवाओं को निरंतर प्रेरणा मिलती है। वह असाधारण व्यक्तित्व थे, जिन्हें कभी भुलाया नहीं जा सकता। राज्यमंत्री श्रीमती गौर भोपाल के एकलव्य आवासीय परिसर में भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर आयोजित जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं। राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने मात्र 25 वर्ष की उम्र में देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देकर युवाओं को अद्वितीय संदेश दिया। उन्होंने आदिवासी समाज को जल, जंगल और जमीन के अधिकार दिलाने के लिए अंग्रेजी हुकूमत के अत्याचारों के विरुद्ध सशक्त संघर्ष किया। बचपन से ही अन्याय के विरुद्ध खड़े होने की चेतना उनमें जागृत हो चुकी थी। केवल 15 वर्ष की आयु में उन्होंने जनजातीय समाज के सम्मान और अधिकारों की रक्षा हेतु आंदोलन प्रारंभ किया। 25 वर्ष की अल्पायु तक उन्होंने क्रांति की अलख पूरे देश में जगाई और 'धरती और जल पर हमारा अधिकार हो' ये संदेश गांव-गांव तक पहुंचाया। जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में सांसद श्री वी.डी. शर्मा, विधायक श्री भगवान दास सबनानी, कलेक्टर श्री कौशलेंद्र विक्रम सिंह समेत कई अधिकारी, कर्मचारी और छात्र उपस्थित रहे।

हरियाणा में शराबखोरी पर कड़ा एक्शन: अब ठेकों के बाहर बैठकर पी तो सीधे कार्रवाई

हरियाणा  हरियाणा में नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया हुआ है। लेकिन शराब ठेकों के बाहर की तस्वीरें अभियान का कुछ और ही मतलब दिखा रही हैं। यहां पर लोग खुलेआम ठेके के सामने शराब पी रहे हैं। इन लोगों पर कोई कार्रवाई करने वाला नहीं हैं। हालांकि कुछ दिन पहले हरियाणा के डीजीपी ओपी सिंह ने सभी उपायुक्तों और पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए थे कि शराब के ठेकों के बाहर कोई भी बैठकर शराब नहीं पिएगा। ऐसा मिला तो ठेका संचालक और उक्त एरिया के थाना प्रभारी पर कार्रवाई होगी।  शराबी ठेके के बाहर ही पीने शुरु हो जाते हैं शराब  शराब ठेके सुबह छह बजे के करीब खुल जाते हैं। उसके बाद शराब पीने वाले ठेकों पर पहुंच जाते हैं और शराब खरीद कर ठेकों के बाहर ही पीना शुरू कर देते हैं। शराब ठेकों के बाहर की रेहड़ियां लगी होती है जहां पर भी खड़े होकर शराब पीते दिखाई देते हैं। रात के समय शराब ठेके बाहर बैठकर पहले लोग दो-चार पैग शराब पीते हैं, उसके बाद आपस में झगड़ा करते हैं। हालांकि पुलिस की तरफ से गश्त के दौरान शराब पीने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है, लेकिन शराब के ठेके सामने बैठकर छलका रहे जाम वालों पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही।

सुरक्षा व्यवस्था होगी और तेज़: दिल्ली पुलिस को मिली 55 पीसीआर वैन व 156 नई ओम्नी

नई दिल्ली दिल्ली में लोगों तक पुलिस सहायता को और तेज़ी तथा प्रभावी तरीके से पहुंचाने के उद्देश्य से दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोल्चा ने 55 नई PCR मोबाइल वैन और 156 रिफर्बिश्ड ओम्नी मोटरसाइकिलों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। नई PCR वैन और मोटरसाइकिलों के शामिल होने से राजधानी में आपात स्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता और गश्त व्यवस्था और मजबूत होने की उम्मीद है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इन वाहनों के माध्यम से भीड़भाड़ वाले इलाकों, संकरी गलियों और ट्रैफिक प्रभावित क्षेत्रों में भी पुलिस जल्द पहुंच सकेगी, जिससे अपराध नियंत्रण और आम जनता की सुरक्षा व्यवस्था में और सुधार होगा। इस मौके पर डीसीपी पीसीआर पवन कुमार ने बताया कि नए वाहनों के शामिल होने से PCR यूनिट की कुल क्षमता 802 से बढ़कर 857 हो गई है। उन्होंने कहा कि नई PCR वैन को द्वारका, आउटर नॉर्थ, साउथ, साउथ-वेस्ट, रोहिणी, आउटर और साउथ-ईस्ट जिलों में तैनात किया जाएगा, जिससे इन इलाकों में रहने वाले लोगों को आपात स्थिति में तेज़ और समय पर पुलिस सहायता मिल सके। अधिकारियों ने बताया कि ये विशेष रूप से तैयार की गई मोटरसाइकिलें भीड़भाड़ वाले इलाकों और संकरी गलियों में तेजी से पहुंचने के उद्देश्य से तैयार की गई हैं। संकरी सड़कों पर बड़े वाहनों की सीमित पहुंच को देखते हुए, ये बाइकें स्ट्रीट लेवल अपराधों पर त्वरित प्रतिक्रिया, फास्ट इंटरवेंशन और संवेदनशील स्थानों पर तुरंत कार्रवाई में अहम भूमिका निभाएंगी। दिल्ली पुलिस के अनुसार, नई वैन और बाइकें मिलने से फोर्स की मोबिलिटी और गश्त क्षमता में तेज़ बढ़ोतरी होगी। इससे न केवल क्षेत्रों में पुलिस की उपस्थिति मजबूत होगी, बल्कि अपराध पर समय रहते नियंत्रण भी अधिक प्रभावी तरीके से लगाया जा सकेगा। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, यह आधुनिकता और कुशलता की दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम है। PCR टीमें हर वक्त मैदान में सक्रिय रहती हैं और राजधानी में कानून व्यवस्था बनाए रखने में अग्रणी भूमिका निभाती हैं। अधिकारियों का कहना है कि नई वैन और तेज़-चलन वाली बाइकें पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया और गश्त क्षमता को कई गुना बढ़ा देंगी।