samacharsecretary.com

प्रदेश में चमका गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, जनगणना कार्य समय से पहले कर बना नंबर-1

​गौरेला-पेंड्रा-मरवाही. भारत की जनगणना 2027 के अंतर्गत मकान सूचीकरण और मकानों की गणना के कार्य में जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) ने पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है. निर्धारित समय-सीमा (30 मई) से काफी पहले, 16 मई की स्थिति में ही जिले ने शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण कर एक नया कीर्तिमान रचा है. ​इस बड़ी उपलब्धि पर कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी डॉ. संतोष कुमार देवांगन ने पूरी टीम को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं. ​उल्लेखनीय है कि जब 8 मई 2026 को कलेक्टर डॉ. संतोष देवांगन ने कार्यभार ग्रहण किया था, तब जिले में जनगणना की प्रगति मात्र 6 प्रतिशत थी. राष्ट्रीय महत्व के इस कार्य की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने इसे मिशन मोड पर लिया. उनके निरंतर पर्यवेक्षण और कड़े नीतिगत फैसलों का ही नतीजा था कि महज 8 दिनों के भीतर (11 मई तक) आधे से अधिक ब्लॉक का काम पूरा हो गया और 16 मई को जिला प्रदेश में सबसे पहले 100% लक्ष्य हासिल करने वाला जिला बन गया. ​कलेक्टर ने बताया कि इस सफलता के पीछे जमीनी अमले का कड़ा परिश्रम है. कार्य की प्रगति को गति देने के लिए उन्होंने बीच में ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया था, जिससे पूरी टीम का उत्साह दोगुना हो गया. इस पूरे महाअभियान में 513 प्रगणक और 85 पर्यवेक्षक मुस्तैदी से जुटे हुए थे. ​कलेक्टर डॉ. संतोष देवांगन ने इस सफलता के लिए प्रशासनिक अधिकारियों की पूरी टीम की पीठ थपथपाई है, जिनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं. अमित बेक (जिला जनगणना अधिकारी), ​विक्रांत अंचल (अनुविभागीय जनगणना अधिकारी, पेंड्रारोड) ,​देवेंद्र सिरमौर (अनुविभागीय जनगणना अधिकारी, मरवाही), ​चार्ज जनगणना अधिकारी शेषनारायण जायसवाल (पेंड्रारोड ग्रामीण), प्रीति शर्मा (मरवाही ग्रामीण), अविनाश कुजूर (पेंड्रा ग्रामीण), दशोदा अर्मो (सकोला ग्रामीण), नारायण साहू (गौरेला नगरीय) और अमलदीप मिंज (पेंड्रा एवं मरवाही नगरीय) मुख्य रूप से रहे. ​कलेक्टर का कहना है कि यह सफलता निरंतर समीक्षा और हमारी टीम के कठिन परिश्रम का परिणाम है. मैं इस कार्य में बढ़-चढ़कर सहयोग करने के लिए जिले की आम जनता, जनप्रतिनिधियों और मीडिया साथियों का सहृदय आभार व्यक्त करता हूँ कार्य पूरा करने की अवधि 1 से 30 मई थी, जिसे 14 दिन पहले ही 16 मई को पूरा कर लिया गया. 8 मई को जो काम केवल 6% था, वह 100% मुकाम पर पहुँचा. 513 प्रगणकों और 85 पर्यवेक्षकों ने दिन-रात एक कर जिले को प्रदेश में नंबर-1 बनाया. मुख्यमंत्री साय ने दी जिला प्रशासन को बधाई मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जनगणना कार्य में अव्वल रहने पर गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिला प्रशासन को बधाई दी है. उन्होंने कहा, हमारी सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ और सुशासन के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है. आगामी जनगणना 2027 के ये आंकड़े भविष्य में छत्तीसगढ़ के विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं और नीति निर्धारण की मजबूत बुनियाद बनेंगे. डिजिटल तकनीकों का उपयोग कर समय-सीमा में कार्य पूर्ण करना सराहनीय है. जिन बड़े शहरों या नगर निगमों में गति धीमी है, वहां के अधिकारी मैदानी मॉनिटरिंग बढ़ाएं और जल्द इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य को गति दें.

‘पंजाब संभालो मूवमेंट’ से BSP का बड़ा अभियान, गढ़शंकर की तस्वीर बदलने का दावा

गढ़शंकर.  म्युनिसिपल कमेटी चुनाव को देखते हुए बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने गढ़शंकर में अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। गौरतलब है कि BSP के 9 उम्मीदवारों ने चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। इस संबंध में BSP के सीनियर नेता डॉ. अवतार सिंह करीमपुरी ने शहरवासियों से अपील की है कि वे बिना किसी डर, धमकी या लालच के वोट देने के अपने संवैधानिक अधिकार का इस्तेमाल करें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में वोट सबसे बड़ी ताकत है और शहर की किस्मत बदलने के लिए सही उम्मीदवारों का चुनाव जरूरी है। करीमपुरी ने 'पंजाब संभालो मूवमेंट' का जिक्र करते हुए कहा कि BSP का मुख्य मकसद इलाके का हर तरह से विकास करना है। उन्होंने गढ़शंकर शहर की मौजूदा स्थिति पर चिंता जताई और कहा कि स्थानीय म्युनिसिपल काउंसिल शहरवासियों को बुनियादी सुविधाएं भी देने में नाकाम रही है। BSP जीतने के बाद गढ़शंकर को एक मॉडर्न और सुंदर शहर बनाएगी, जिसके तहत नीचे दिए गए मुद्दों पर प्राथमिकता के आधार पर काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा और कूड़ा फेंकने के पक्के इंतज़ाम किए जाएंगे। शहर की टूटी सड़कों और गलियों के रेनोवेशन का काम शुरू किया जाएगा और बारिश के दिनों में पानी भरने से छुटकारा पाने के लिए सीवरेज और ड्रेनेज सिस्टम को अपग्रेड किया जाएगा। हर घर में पीने का साफ पानी पहुंचाना और शहर के हर वार्ड में स्ट्रीट लाइट का पूरा इंतज़ाम करके शहर को रोशन करना हमारी प्राथमिकता होगी। म्युनिसिपल कमेटी के काम में ट्रांसपेरेंसी लाई जाएगी ताकि आम लोगों को अपने नक्शे पास करवाने या दूसरे सरकारी कामों के लिए परेशान न होना पड़े। इस मौके पर गढ़शंकर विधानसभा इंचार्ज बख्शीश भीम, इंचार्ज अशोक बड़ेसरो, विधानसभा क्षेत्र गढ़शंकर के अध्यक्ष मा. मलकीत सिंह, बीएसपी नेता रविंदर बीरा, सुखविंदर डगम, कश्मीर सिंह, सुरिंदर सिंह शिंदा, संतोख सिंह, पी. एल. सूद, जोगिंदर सिंह, चमन लाल के अलावा बड़ी संख्या में बीएसपी नेता, पदाधिकारी और समर्थक मौजूद थे।

सुनियोजित साजिश के तहत महिला अधिवक्ता की निर्मम हत्या, आरोपी प्रेमी गिरफ्तार

रायगढ़  महिला अधिवक्ता की नग्न लाश मिलने वाली हत्याकांड की गुत्थी को पुलिस ने बाइक नंबर और सीसीटीवी फुटेज सूक्ष्मता से खंगाल कर आरोपित विवाहित प्रेमी को धर दबोचा है। आरोपित ने लगातार बन रहे शादी के दबाव के चलते सुनियोजित तरीके से हत्या की वारदात को अंजाम निर्मम तरीके से दे दिया। आज पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित प्रेस वार्ता में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने पूरे मामले का राजफाश किया है।एसएसपी ने वारदात के संबंध में बताया कि 12 मई को थाना पूंजीपथरा पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम पूंजीपथरा के कटेल टिकरा जंगल अंदर शासकीय जमीन पर एक अज्ञात महिला का शव पड़ा हुआ है।  

श्योपुर हादसे से मचा हड़कंप, ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से 40 मजदूर घायल, कई की हालत गंभीर

श्योपुर. मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले से एक बड़े हादसे की खबर आ रही है। यहां आवदा थाना इलाके के भोजका गांव के पास तेंदूपत्ता तोड़कर लौट रहे मजदूरों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में ट्रॉली में सवार करीब 40 मजदूर घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि सभी मजदूर काम खत्म करके वापस लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां 6 मजदूरों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। इसके पहले भी जिले के विजयपुर क्षेत्र में शादी में भात मांगन जा रहे एक ट्रैक्टर पलटने से चार महिलाओं की मौत हो गई और दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गये।सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विजयपुर में भर्ती कराया गया है। हादसे मैं गंभीर रूप से घायल हुए छह लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर कर दिया गया। गुर्जर समाज के महिला पुरुष ट्रैक्टर ट्राली में सवार होकर घूघस से झारबड़ौदा भात मांगने जा रहे थे, तभी खितरपाल एमएस रोड इंडेन गैस एजेंसी के पास तेज रफ्तार के कारण ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गए, जिससे ट्रॉली में सवार चार महिलाओं की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद जहां विवाह की खुशियां मातम में बदल गई, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल निर्मित हो गया है। घटनाक्रम की सूचना मिलने के बाद पूर्व वनमंत्री रामनिवास रावत, एसडीएम अभिषेक मिश्रा और टीआई राजन गुर्जर सहित पुलिस और प्रशासन के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और मरीजों को कर के लिए अस्पताल भर्ती करने में मदद की।

सरकारी फंड ट्रांसफर पर बड़ी कार्रवाई, सभी विभागों से बैंक अकाउंट डिटेल तलब

चंडीगढ़ हरियाणा में 590 करोड़ रुपये के बैंक घोटाले की चल रही सीबीआइ जांच के बीच प्रधान महालेखाकार (लेखा एवं हकदारी) ने सभी विभागों से वर्ष 2025-26 में आहरण एवं संवितरण अधिकारियों (डीडीओ) बैंक अकाउंट में स्थानांतरित किए गए सभी तरह के फंड की जानकारी मांगी है। वित्त विभाग ने सभी विभागाध्यक्षों को तत्काल प्रभाव से वांछित ब्योरा उपलब्ध कराने को कहा है। आहरण एवं संवितरण अधिकारी खाते सरकारी कार्यालयों के ऐसे बैंक खाते होते हैं जिनका उपयोग मुख्य रूप से सरकारी धन को निकालने और संवितरित करने के लिए किया जाता है। ये खाते सामान्य बचत खाते नहीं, बल्कि सरकारी वित्तीय प्रणाली का हिस्सा होते हैं। प्रधान महालेखाकार (लेखा एवं हकदारी) ने बीते वित्तीय वर्ष में राज्य की समेकित निधि से सरकारी विभागों के डीडीओ बैंक खातों में स्थानांतरित की गई निधियों की जानकारी मांगी है, जिसे मसौदा वित्त लेखा एवं विनियोजन लेखा में शामिल किया जाना है। सभी विभागों को बताना होगा कि एक अप्रैल तक 2025 तक बैंक खाते रखने वाले डीडीओ की कुल संख्या क्या था और बीते वित्तीय वर्ष में कितने बैंक खाते खोले गए। ओपनिंग बैलेंस क्या था और वर्ष 2025-26 के दौरान डीडीओ बैंक खातों में कितनी राशि जमा की गई। निधि का स्रोत क्या रहा। कितनी राशि व्यय हुई और कितनी राशि को खर्च नहीं किया जा सका। नए खाते खोलने के लिए किसकी अनुमति ली गई और किस प्रविधान में। विभागों को संबंधित डीडीओ के नाम भी बताने होंगे, जिन पर खातों के संचालन की जिम्मेदारी थी।

‘जूते साफ कराऊंगा’ बयान पर कोर्ट का फैसला, आजम खान को सजा सुनाई गई

उत्तर प्रदेश  समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय महासचिव आजम खां को जिलाधिकारी पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में अदालत ने दो साल की सजा सुनाई है। यह मामला 2019 के लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान दिए गए विवादित बयान से जुड़ा है। आजम खां को दोषी करार दिया एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट ने शनिवार को फैसला सुनाते हुए आजम खां को दोषी करार दिया। उनके खिलाफ दर्ज मामलों में यह एक और सजा है। अब तक 16 मामलों में फैसला आ चुका है, जिनमें से आठ में उन्हें सजा मिली है, जबकि आठ मामलों में वह बरी हो चुके हैं।  

झारखंड में बालू आपूर्ति सुधार की कवायद, 6 घाटों से खनन शुरू करने की तैयारी

रांची झारखंड में बालू की आपूर्ति सामान्य करने के लिए खान विभाग ने नीतिगत बदलाव के बाद अब सभी जिलों को निर्देश देना शुरू कर दिया है। इन्हीं प्रयासों का परिणाम है कि बालू खनन पर रोक हटने के साथ ही शनिवार होने के बावजूद छह बालू घाटों से संबंधित कागजी प्रक्रियाओं को पूर्ण कर दिया गया है। इन्हीं घाटों से कई करोड़ सीएफटी बालू का प्रबंध हो जाएगा। राज्य में 29 और बालू घाटों से संबंधित कागजी कार्रवाई को अनुमति मिलने के बाद पूरे राज्य में उपभोक्ताओं के लिए बालू की उपलब्धता सुनिश्चित हो सकेगी। दुमका समेत कई और जिलों के बड़े बालू घाटों से संबंधित कागजी प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी हैं। सरकार के लिए राहत की बात यह भी है कि अधिसंख्य बड़े घाटों को ईसी मिल चुकी है और कहीं भी बालू की कमी नहीं है। अनुमान के मुताबिक झारखंड के बालू घाटों पर नौ करोड़ घन फीट से अधिक बालू का स्टाक है जिसे आने वाले दिनों में आम लोगों के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। इस बार सरकारी कार्यों के लिए भी बालू खरीदने पर चालान कटाने का नियम लागू किया गया है। पहले चरण में जिन छह घाटों को खनन की स्वीकृति प्रदान की गई है उनमें दो रांची में स्थित हैं, दो बोकारो और दो जमशेदपुर में। इसके अलावा तमाम कागजी पूर्ण कर चुके बालू घाटों में दुमका में पांच, खूंटी में दो, जामताड़ा में तीन, हजारीबाग में छह, रांची में एक, गोड्डा में चार को अनुमति मिल जाएगी। इसी तरह पूर्वी सिंहभूम में एक, रामगढ़ में तीन एवं लातेहार में चार बालू घाटों को एक-दो दिनों में अनुमति प्रदान किए जाने की उम्मीद है।  

पंजाब की राजनीति में बड़ा उलटफेर, सुरजीत सिंह रखड़ा हुए आम आदमी पार्टी में शामिल

पटियाला. पंजाब की राजनीति में आज एक बड़ा बदलाव देखने को मिला जब शिरोमणि अकाली दल के सीनियर नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरजीत सिंह रखड़ा शनिवार को आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए। पटियाला में हुए एक खास कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने उन्हें पार्टी में शामिल किया। इस मौके पर रखड़ा ने कहा कि बेअदबी के मामलों पर पंजाब सरकार द्वारा लाया गया सख्त कानून और नहरों से पानी पहुंचाने की कोशिशें उनके AAP में शामिल होने की मुख्य वजहें हैं। उन्होंने ऐलान किया कि वह आने वाले चुनाव में समाना विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ेंगे। मीडिया से बात करते हुए रखड़ा ने साफ किया कि उनका फैसला पंजाब के हितों और सिखों की धार्मिक भावनाओं से जुड़ा है। उन्होंने समाना में बेअदबी के मामले को लेकर गुरजीत सिंह खालसा द्वारा करीब डेढ़ साल से चलाए जा रहे विरोध प्रदर्शन का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि कैसे उन्होंने कड़ाके की ठंड, तेज़ गर्मी और तूफ़ानों के बावजूद 400 फ़ीट ऊंचे टावर पर संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि इस मोर्चे के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान ने वादा किया था कि अगर बेअदबी के मामलों पर कोई सख़्त कानून लाया जाता है, तो वह उसका साथ देंगे। शिरोमणि अकाली दल छोड़ने के कारणों के बारे में बात करते हुए रखड़ा ने कहा कि पिछली अकाली सरकार बेअदबी के मामलों को सुलझाने और दोषियों को सज़ा दिलाने में नाकाम रही। उन्होंने कहा कि इस वजह से 2017 से 2024 तक पार्टी की पॉपुलैरिटी लगातार गिरती रही। मुख्यमंत्री भगवंत मान की तारीफ़ करते हुए रखड़ा ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि बेअदबी पर इतना सख़्त कानून कभी लागू होगा।

नीमच में आक्रोशित भीड़ ने किया हंगामा, कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे लोग

 मनासा/महागढ़ (नीमच) महागढ़ के एक ग्रामीण की मौत के बाद आक्रोशित भीड़ व स्वजनों ने नगर के मनासा नाके पर शव रखकर जाम कर दिया। लगभग 4 घंटे से अधिक चले जाम के दौरान स्वजनों और भीड़ ने दूसरे पक्ष के लोगों पर ग्रामीण की हत्या के आरोप लगाए हैं। साथ ही पूर्व की शिकायत पर पुलिस द्वार कार्रवाई में अनदेखी करने का दावा भी किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि यदि पुलिस समय रहते कार्रवाई करती है तो ग्रामीण की जान नहीं जाती। एसडीएम के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। एसडीएम ने ग्रामीण के स्वजनों को आर्थिक सहायता देने का भरोसा भी दिया है।

बस्तर के खिलाड़ियों को बड़ा मंच, पहली आवासीय खेल अकादमी से बदलेगी तस्वीर

जगदलपुर. बस्तर के युवाओं के लिए खेल के क्षेत्र में एक बड़ा अवसर तैयार हो रहा है. जगदलपुर में पहली बार आवासीय खेल अकादमी शुरू की जा रही है. इसमें एथलेटिक्स, फुटबॉल और आर्चरी को शामिल किया गया है. खेल एवं युवा कल्याण विभाग इस परियोजना को इस वित्तीय वर्ष में शुरू करेगा. संचालक तनुजा सलाम ने तैयारियों का जायजा लेने जगदलपुर का दौरा किया. खिलाड़ियों के रहने, खाने, पढ़ाई और प्रशिक्षण की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई. पंडरीपानी हॉकी सेंटर का निरीक्षण कर खिलाड़ियों से संवाद भी किया गया. 13 से 17 वर्ष आयु वर्ग के बालकों के लिए.चयन ट्रायल जल्द शुरू होंगे. कुल 65 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा. चयनित खिलाड़ियों को मुफ्त प्रशिक्षण, डाइट और आधुनिक उपकरण मिलेंगे. इसके साथ आवास, शिक्षा, इलाज और बीमा जैसी सुविधाएं भी दी जाएंगी. इस पहल से बस्तर की प्रतिभाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंच सकेंगी. खेल के जरिए बस्तर की नई पहचान गढ़ने की तैयारी शुरू हो चुकी है.