samacharsecretary.com

यूपीआईटीएस-2026 में सिंगारी इंडस्ट्रीज ने 15 देशों के साथ किए 201 करोड़ रुपये से अधिक के एमओयू

ग्रेटर नोएडा  उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 प्रदेश में निर्मित उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ने और स्थानीय उद्यमों के लिए अंतरराष्ट्रीय कारोबारी अवसर सृजित करने का प्रभावी मंच साबित हुआ। यूपीआईटीएस-2026 में पहली बार शामिल हुई नोएडा स्थित सिंगारी इंडस्ट्रीज ने पांच दिवसीय आयोजन के दौरान 15 देशों के प्रतिनिधियों के साथ 201 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के एमओयू किए। कंपनी ने इस दौरान 50 से अधिक बी2बी बैठकें कर अपने उत्पादों और विनिर्माण क्षमता को अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के समक्ष प्रस्तुत किया। हॉल नंबर-14, स्टॉल 01/61 पर सिंगारी इंडस्ट्रीज ने अपने यहां निर्मित एयर कूलर और वॉशिंग मशीनों का प्रदर्शन किया। कंपनी का विनिर्माण संयंत्र नोएडा के सेक्टर-80 में स्थापित है। पहली बार यूपीआईटीएस में भाग लेने वाली कंपनी के लिए यह आयोजन घरेलू बाजार के साथ-साथ वैश्विक बाजार में अपनी उपस्थिति मजबूत करने और नए कारोबारी साझेदारों से सीधे संवाद का महत्वपूर्ण अवसर बना। 15 देशों के प्रतिनिधियों से कारोबारी संवाद सिंगारी इंडस्ट्रीज के मुख्य कार्यकारी अधिकारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि ट्रेड शो के दौरान विभिन्न देशों से आए संभावित खरीदारों और कारोबारी प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत चर्चा की। इनमें नाइजीरिया, इथियोपिया, बोत्सवाना, श्रीलंका, दुबई, केन्या, तंजानिया, ओमान, ब्रिटेन, भूटान, कैमरून और युगांडा सहित विभिन्न देशों के प्रतिनिधि शामिल रहे। इन बैठकों में एयर कूलर और वॉशिंग मशीनों की गुणवत्ता, डिजाइन, कीमत, उत्पादन क्षमता, आपूर्ति व्यवस्था और अंतरराष्ट्रीय बाजार की आवश्यकताओं जैसे विषयों पर बातचीत हुई। पांच दिनों में हुई 50 से अधिक बी2बी बैठकों के परिणामस्वरूप कंपनी को विभिन्न देशों में अपने उत्पादों के लिए कारोबारी संभावनाएं तलाशने का अवसर मिला। ‘मेड इन यूपी’ उत्पादों की वैश्विक बाजार में दस्तक प्रबंध निदेशक डॉ. योगेंद्र सिंह ने बताया कि सिंगारी इंडस्ट्रीज के उत्पादों का यूपीआईटीएस में प्रदर्शन इस दृष्टि से भी महत्वपूर्ण रहा कि नोएडा में निर्मित उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के सामने सीधे प्रस्तुत किया गया। कंपनी ने अपने ‘मेड इन इंडिया’ और ‘मेड इन यूपी’ उत्पादों की गुणवत्ता, आधुनिक डिजाइन और प्रतिस्पर्धी मूल्य को प्रदर्शित किया। कंपनी के प्रतिनिधियों के अनुसार, विदेशी खरीदारों ने उत्पादों में विशेष रुचि दिखाई और कई देशों के प्रतिनिधियों के साथ कारोबारी बातचीत को आगे बढ़ाने पर सहमति बनी। अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के साथ हुए संवाद ने कंपनी को विभिन्न देशों की बाजार आवश्यकताओं को समझने और उसी अनुरूप अपने उत्पादों तथा आपूर्ति रणनीति को विकसित करने का अवसर भी दिया। ‘मेड इन यूपी’ उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्थापित करने का अवसर सिंगारी इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधियों ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा उपलब्ध कराया गया यूपीआईटीएस जैसा मंच प्रदेश के उद्यमियों को वैश्विक बाजार से सीधे जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण अवसर प्रदान कर रहा है। पहली बार यूपीआईटीएस में भाग लेने वाली कंपनी को पांच दिनों में 15 देशों के प्रतिनिधियों के साथ संवाद और 201 करोड़ रुपये से अधिक के एमओयू का अवसर मिला। प्रतिनिधियों के अनुसार, इस प्रकार के आयोजन ‘मेड इन यूपी’ उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्थापित करने तथा प्रदेश के विनिर्माण क्षेत्र को वैश्विक व्यापार से जोड़ने में सहायक हैं। उत्तर प्रदेश के औद्योगिक इकोसिस्टम को मिला नया आयाम नोएडा स्थित सिंगारी इंडस्ट्रीज की यूपीआईटीएस में भागीदारी प्रदेश के औद्योगिक विकास और निर्यात क्षमता के विस्तार की दिशा में भी महत्वपूर्ण संकेत देती है। नोएडा-ग्रेटर नोएडा क्षेत्र पहले से ही इलेक्ट्रॉनिक्स, विनिर्माण और उपभोक्ता उत्पादों के लिए प्रमुख औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है। ऐसे में स्थानीय स्तर पर निर्मित एयर कूलर और वॉशिंग मशीनों को अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के समक्ष प्रस्तुत किए जाने से प्रदेश के विनिर्माण क्षेत्र को नए बाजारों से जोड़ने की संभावनाएं बढ़ी हैं। इस दौरान कंपनी के निदेशक गजेंद्र सिंह तथा निदेशक-वित्त नीरज गर्ग भी उपस्थित रहे।

3 अक्टूबर को ग्रामीण और 4 अक्टूबर को नगरीय क्षेत्रों में लगेंगे सेवा शिविर

भोपाल  उप मुख्यमंत्री  राजेन्द्र शुक्ल ने मंत्रालय में प्रदेशव्यापी ‘सेवा सेतु अभियान–सरकार आपके द्वार’ की तैयारियों एवं गतिविधियों की समीक्षा की। यह अभियान प्रदेश में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ का महत्वपूर्ण घटक है। अभियान के तहत 3 अक्टूबर को विकासखंड स्तर पर ग्रामीण क्षेत्रों में तथा 4 अक्टूबर को नगरीय क्षेत्रों में प्रातः 11 बजे से सायं 4 बजे तक सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे। उप मुख्यमंत्री  शुक्ल ने कहा कि अभियान का उद्देश्य शासकीय सेवाओं को नागरिकों के और अधिक निकट पहुंचाना है, जिससे आमजन को विभिन्न योजनाओं और सेवाओं का लाभ लेने के लिए बार-बार शासकीय कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। शिविरों में पात्र हितग्राहियों की पहचान कर उन्हें योजनाओं का लाभ एवं आवश्यक सेवाएं मौके पर ही उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। शिविरों में राजस्व विभाग की सेवाओं के साथ विभिन्न विभागों की हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाएगा। इनमें स्वामित्व योजना, फार्मर आईडी, अविवादित नामांतरण, बंटवारा एवं सीमांकन, आय एवं स्थानीय निवासी प्रमाण-पत्र, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, आयुष्मान भारत, पीएम स्वनिधि, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा, संबल, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, छात्रवृत्ति, महिला एवं बाल विकास की योजनाएं तथा स्वरोजगार एवं कौशल विकास से संबंधित योजनाएं शामिल हैं। स्वास्थ्य शिविर और योजनाओं की जानकारी पर केंद्रित प्रदर्शनी प्रत्येक सेवा सेतु शिविर में अनिवार्य रूप से स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा। साथ ही केंद्र एवं राज्य सरकार की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिससे नागरिकों को योजनाओं की जानकारी और पात्रता संबंधी जानकारी एक ही स्थान पर प्राप्त हो सके। हितग्राहियों के पंजीयन और विभागीय समन्वय पर जोर शिविरों में आने वाले हितग्राहियों के पंजीयन के लिए पृथक स्टॉल की व्यवस्था की जाएगी। संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों की शिविर स्थल पर उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। पूर्व से योजनाओं का लाभ प्राप्त कर रहे हितग्राहियों के साथ शेष पात्र हितग्राहियों को भी चिन्हित कर शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप लाभ प्रदान किया जाएगा। अभियान के दौरान प्राप्त शिकायतों एवं लंबित प्रकरणों के निराकरण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में विकासखंड स्तर पर तथा नगरीय क्षेत्रों में नगर निगम के जोन एवं नगर पालिका/नगर परिषद स्तर पर शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों के लिए सार्वजनिक एवं सुगम स्थानों का चयन किया जाएगा, जहां नागरिकों के लिए पर्याप्त स्थान, पेयजल, छाया एवं आवागमन की सुविधा उपलब्ध हो। बैठक में अध्यक्ष अपेक्स बैंक  महेंद्र सिंह यादव, अध्यक्ष नगर आपूर्ति निगम डॉ. के.पी. यादव, पूर्व सांसद भोपाल  आलोक संजर, उपाध्यक्ष विंध्य विकास प्राधिकरण  संजय कुमार तीर्थवानी सहित अपर मुख्य सचिव मती दीपाली रस्तोगी,  ई. रमेश कुमार तथा संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।  

सेवा ज्योति कलश कार्यक्रम में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करें

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि पहले 21 साल बाद सुगम बस के रूप में सरकारी बस सेवा प्रारम्भ हुई। अब 21 साल बाद भोपाल के मास्टर प्लान का ड्रॉफ्ट जारी किया गया। यह मास्टर प्लान भोपाल को वर्ष 2047 में विकसित और हरित बनाने में मील का पत्थर साबित होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नागरिकों से अनुरोध है कि वे मास्टर प्लान के प्रारूप पर अपने दावे-आपत्ति और सुझाव देने का अनुरोध किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंत्रालय में मंत्रि-परिषद की बैठक से पहले मंत्रीगण को संबोधित कर रहे थे। उज्जैन में धार्मिक पर्यटन के लिए बस सेवा का संचालन आरंभ मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पण्डित दीनदयाल उपाध्याय की जन्म जयंती और अनंत चतुर्दशी के अवसर पर सुगम परिवहन सेवा के रूप में प्रदेश में एक बार फिर सरकारी बसें शहर-शहर और गांव-गांव तक सड़कों पर दौड़ने लगी है। सुगम परिवहन शहर के अंदर चलने वाली ई-बसें, जिले के अंदर चलने वाली बसें, एक से दूसरे जिले को जोड़ने वाली बसें और अन्य राज्यों को जाने वाली बस सेवाएं प्रदेशवासियों को उपलब्ध होंगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उज्जैन में धार्मिक पर्यटन के लिए बस सेवा का संचालन आरंभ किया गया है। मध्यप्रदेश की ऐतिहासिक धरोहरों को मिली वैश्विक पहचान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बाघ गुफा चित्रकारी, गिन्नौरगढ़ किला, चंबल घाटी के मंदिर समूह और उदयगिरि गुफाओं को यूनेस्को की अस्थाई लिस्ट में शामिल किए जाने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि भारत की कुल 78 अस्थायी धरोहरों में से 19 मध्यप्रदेश में होना बड़े गौरव की बात है। इससे मध्यप्रदेश की समृद्ध ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को नई वैश्विक पहचान मिली है। सेवा संकल्प अभियान-2026 मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के संदर्भ में आरंभ सेवा-संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम में लगभग 3 करोड़ 88 लाख दीये सम्पूर्ण मध्यप्रदेश में प्रज्ज्वलित किये गये। प्रदेश में 650 से अधिक रक्तदान शिविर आयोजित हुए, जिनमें लगभग 11 हजार यूनिट रक्त एकत्र हुआ। भाषण और चित्रकला प्रतियोगिता में 87 हजार से अधिक स्कूल-कॉलेजों के 40 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। आंगन मिलन कार्यक्रम अब तक 43 हजार से अधिक आंगनवाडियों में आयोजित हो चुका है, जिनमें 17 लाख से अधिक माताओं और बच्चों ने भाग लिया हैं। नमो – सेवा कार्यक्रम के अंतर्गत लगभग 484 नुक्कड़ टोलियों द्वारा 3000 से अधिक प्रस्तुतियां दी गईं। वड़नगर से वाराणसी यात्रा में अब तक 1000 ग्राम और 190 नगरीय क्षेत्रों में 725 सभाएं आयोजित हुई हैं। सेवा मेरा योगदान कार्यक्रम के अंतर्गत 25 सेवा गतिविधियों में 9 लाख से अधिक नागरिकों एवं 10 हजार से अधिक संस्थाओं ने भाग लिया। सेवा की कहानी कार्यक्रम के अंतर्गत 5 लाख से अधिक प्रेरक कहानियां और आभार संदेश रिकार्ड हो चुके हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि 7 अक्टूबर को आयोजित होने वाले सेवा ज्योति कलश कार्यक्रम में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए। हाइड्रोजन ट्रेन के बाद अब लिक्विड नेचुरल गैस (LNG) ट्रेन मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन जींद से सोनीपत के बीच प्रारंभ की गई थी। केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह द्वारा गुजरात के साबरमती से मेहसाणा तक देश की पहली लिक्विड नेचुरल गैस से चलने वाली ट्रेन को हरी झण्डी दिखाई गई है। यह ट्रेन एलएनजी और डीजल दोनों से चल सकती है। इससे एक तरफ ईंधन की लागत में कमी आएगी तो दूसरी ओर प्रदूषण भी कम होगा। एशियन गेम्स-2026 मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने एशियन गेम्स-2026 के पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी। कबड्डी में महिला और पुरूष दोनों टीमों ने स्वर्ण पदक जीते हैं। महिला क्रिकेट टीम को स्वर्ण पदक मिला है। इस खेल में सुश्री क्रांति गौड़ ने मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व किया। शूटिंग में खरगौन के ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर एवं भोपाल की आशी चौकसे ने भारत को रजक पदक दिलाया। देवास के श्री जय मीणा ने एशियाई खेलों में सॉफ्ट टेनिस में कांस्य पदक जीता है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने महिला ट्रैप शूटिंग स्पर्धा में पहला स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचने वाली सुश्री नीरू ढांडा को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। स्कूल शिक्षा विभाग में 900 से अधिक अनुकम्पा नियुक्ति आदेश जारी मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि स्कूल शिक्षा विभाग में एक साथ 900 से अधिक अनुकम्पा नियुक्ति आदेश जारी कर दिये गये हैं। इनमें 600 से अधिक लिपिकीय पद और 200 से अधिक भृत्य के पद हैं। इस अभियान से, ऐसे शिक्षक जिनका सेवा में रहते हुए निधन हो गया था, उनके परिजन अनुकम्पा नियुक्ति के लिये बरसों से इन्तजार कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस संवेदनशील पहल के लिये स्कूल शिक्षा विभाग की सराहना की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इसी प्रकार की कार्यवाही अन्य सभी विभागों में करने के निर्देश दिए। बैहर बालाघाट में बीता था मुश्ताक खान का बचपन मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने हिन्दी फिल्मों के चर्चित अभिनेता और हास्य कलाकार श्री मुश्ताक खान के निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश के बैहर और बालाघाट में उनका बचपन बीता, शिक्षा-दीक्षा हुई। एक छोटी सी जगह से निकलकर अपनी प्रतिभा के बल पर उन्होंने अभिनय की दुनिया में एक अलग पहचान बनाई। उन्होंने लगभग 500 फिल्मों में काम किया है।  

छत्तीसगढ़ में 26 अक्टूबर से सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 का होगा आयोजन

रायपुर  छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने राज्य में सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 के भव्य और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए सभी शासकीय विभागों, विभागाध्यक्षों, संभागायुक्तों और कलेक्टरों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। केंद्रीय सतर्कता आयोग (नई दिल्ली) के निर्देशों के अनुपालन में यह अभियान प्रदेशभर में 26 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक चलाया जाएगा। इस वर्ष के जागरूकता अभियान की मुख्य थीम ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ निर्धारित की गई है। शपथ ग्रहण समारोह सप्ताह के पहले दिन  26 अक्टूबर 2026 को प्रातः 11 बजे प्रदेश के सभी शासकीय कार्यालयों में अधिकारी और कर्मचारी भ्रष्टाचार के खिलाफ तथा पूरी ईमानदारी व सत्यनिष्ठा से कार्य करने की शपथ लेंगे। इस शपथ का मुख्य लक्ष्य जीवन के हर क्षेत्र में ईमानदारी और पारदर्शिता को बढ़ावा देना, भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहनशीलता (Zero Tolerance) की भावना विकसित करना और रिश्वत के लेन-देन से पूरी तरह दूर रहने का संकल्प लेना है। साथ ही नैतिक मूल्यों और कानून के शासन को मजबूत कर एक भ्रष्टाचार-मुक्त वातावरण का संदेश देना है। सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशों के मुताबिक, सतर्कता जागरूकता सप्ताह के दौरान आयोजित की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों और कार्यक्रमों की विस्तृत रिपोर्ट एक निर्धारित प्रपत्र में तैयार कर केंद्रीय सतर्कता आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड की जाएगी।

सतपुड़ा की यूनिट-11 ने लगातार 150 दिन बिजली उत्पादन का बनाया कीर्तिमान : ऊर्जा मंत्री तोमर

भोपाल  ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बताया है कि सतपुड़ा ताप विद्युत गृह, सारनी की 250 मेगावाट क्षमता वाली यूनिट क्रमांक-11 ने लगातार 150 दिनों तक निर्बाध विद्युत उत्पादन कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने सतपुड़ा ताप विद्युत गृह सारनी के पूरे स्टाफ को बधाई दी है। यूनिट-11 ने 2 मई 2026 से लगातार संचालन के दौरान 100.01 प्रतिशत प्लांट उपलब्धता कारक (Plant Availability Factor), 89.58 प्रतिशत प्लांट लोड फैक्टर (Plant Load Factor) और 8.29 प्रतिशत सहायक विद्युत खपत (APC) दर्ज किए। यह प्रदर्शन यूनिट की ऑपरेशन दक्षता और मेंटेनेंस व्यवस्था की निरंतरता को दर्शाता है। 100 दिन के बाद अब 150 दिन लगातार संचालन यूनिट-11 ने इसी वित्तीय वर्ष में 12 अगस्त को लगातार 100 दिनों तक निर्बाध संचालन का कीर्तिमान बनाया था। इसके बाद भी यूनिट का संचालन लगातार जारी रहा और अब उसने 150 दिन पूरे कर लिए हैं। इस दौरान यूनिट ने लगातार विद्युत उत्पादन करते हुए अपनी विश्वसनीयता और संचालन क्षमता का प्रदर्शन किया। पांच वर्षों से लगातार बेहतर प्रदर्शन सतपुड़ा की यूनिट-11 पिछले पांच वर्षों से लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही है। यूनिट ने वित्तीय वर्ष 2023-24 में 235 दिन, 2024-25 में 138 दिन और 2025-26 में 201 दिनों तक लगातार विद्युत उत्पादन किया। लगातार तीन वित्तीय वर्षों में लंबे समय तक निर्बाध संचालन के बाद वर्तमान वित्तीय वर्ष में 150 दिन का आंकड़ा पार करना यूनिट के निरंतर प्रदर्शन की श्रृंखला को आगे बढ़ाता है। यूनिट-11 के इस प्रदर्शन पर मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी के प्रबंध संचालक मनजीत सिंह ने सतपुड़ा ताप विद्युत गृह के मुख्य अभियंता एस.के. लिल्होरे सहित पूरी टीम को प्रशंसा पत्र दिया है। उन्होंने टीम के समर्पण, कठिन परिश्रम और पेशेवर कार्यशैली की सराहना की।

RCA चुनाव में बड़ा ट्विस्ट, वोटिंग जारी लेकिन नतीजों के ऐलान पर रोक

जयपुर राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) के बहुचर्चित चुनावों के दौरान एक बेहद नाटकीय और सनसनीखेज मोड़ सामने आया है। जयपुर स्थित आरसीए एकेडमी में जब एक तरफ मंगलवार को कड़े मुकाबले और सरगर्मी के बीच मतदान की प्रक्रिया चल रही थी, ठीक उसी समय देश की सर्वोच्च अदालत यानी सुप्रीम कोर्ट से एक बड़ा आदेश जारी हो गया। सुप्रीम कोर्ट ने आरसीए चुनाव के परिणामों की घोषणा पर रोक लगा दी है। अदालत के इस नए निर्देश के बाद अब चुनाव प्रक्रिया के तहत डाले गए वोट और नतीजे सीधे तौर पर सीलबंद लिफाफे में बंद कर दिए जाएंगे, और कोर्ट के आगामी आदेश के बाद ही परिणामों से पर्दा उठेगा। वोटिंग के ऐन वक्त पर आया सुप्रीम कोर्ट का निर्देश मंगलवार सुबह निर्धारित समय के अनुसार 11:30 बजे से आरसीए के 6 प्रमुख पदों और 11 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करने के लिए 38 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे थे। एक तरफ जहां बृजकिशोर उपाध्याय पैनल और धनंजय सिंह गुट के बीच कड़ा मुकाबला चल रहा था, वहीं दूसरी तरफ अदालती हलकों से आए इस निर्देश ने पूरी चुनावी तस्वीर को अचानक बदलकर रख दिया है। मतदान तो तय कार्यक्रम के अनुसार जारी है, लेकिन सर्वोच्च न्यायालय के सख्त रुख के चलते अब परिणामों के ऐलान पर ब्रेक लग गया है। लिफाफे में बंद होंगे नतीजे, अदालत करेगी तय सुप्रीम कोर्ट के इस ताजा आदेश के बाद चुनाव संपन्न होने के बाद भी विजयी उम्मीदवारों के नामों की आधिकारिक घोषणा नहीं की जाएगी। मतपेटियों में बंद हुए वोटों के नतीजे अब सीलबंद लिफाफे में सुरक्षित रख दिए जाएंगे। अदालत के अगले निर्देश और कानूनी स्थिति स्पष्ट होने के बाद ही यह तय हो पाएगा कि आरसीए की नई कार्यकारिणी की कमान आधिकारिक रूप से किसके हाथों में सौंपी जाएगी। इस हाई-प्रोफाइल मामले में अचानक आए इस कानूनी मोड़ ने खेल और राजनीतिक गलियारों में हलचल को और अधिक तेज कर दिया है। जानिए क्या है विवाद की वजह ? इस पूरे विवाद के केंद्र में मुख्य रूप से तीन नए जिलों—बालोतरा, खैरथल-तिजारा और डीडवाना-कुचामन—को मतदाता सूची में शामिल करने और उन्हें वोटिंग राइट्स दिए जाने का गंभीर मुद्दा है, जिसके खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ी जा रही है। तीन नए जिलों की वोटर लिस्ट और वोटिंग राइट्स का पेंच इस पूरे विवाद की मुख्य वजह आरसीए की अंतिम मतदाता सूची में कुछ नए जिलों का नाम जुड़ना और उन्हें मतदान का अधिकार दिया जाना है। सवाई माधोपुर जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष और आरसीए एडहॉक कमेटी के पूर्व कन्वीनर डीडी कुमावत (D.D. Kumawat) की तरफ से इस मामले में याचिका दायर की गई थी। याचिका में आपत्ति जताई गई थी कि जिन जिलों को लेकर प्रक्रिया विवादित है, उन्हें मताधिकार देना नियमों के विपरीत है। आरसीए की आधिकारिक वेबसाइट पर 22 सितंबर को अंतिम वोटर लिस्ट जारी किए जाने की जानकारी सामने आई थी, जिसके बाद से ही अंदरूनी विरोध के सुर उठने लगे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए अदालत ने सुनवाई के दौरान राजस्थान सरकार के अतिरिक्त महाधिवक्ता (AAG) को भी इस मामले में हस्तक्षेप करने और पक्ष रखने के निर्देश दिए हैं। पहले से लंबित हैं लोकपाल और प्रशासक के मामले आरसीए से जुड़े मामलों में यह पहली बार नहीं है जब कानूनी दांवपेंच सामने आए हों। इससे पहले भी आरसीए में लोकपाल की नियुक्ति, प्रशासक के अधिकार क्षेत्र और अन्य संगठनात्मक बदलावों से जुड़े कई मामले विभिन्न अदालतों में लंबित चल रहे हैं। खेल संस्था के भीतर चल रही इन प्रशासनिक और कानूनी खींचतान के बीच नए जिलों के वोटिंग राइट्स का मुद्दा सबसे बड़ा अड़चन बनकर उभरा। कौन बनेगा नया अध्यक्ष, सस्पेंस बढ़ा राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (आरसीए) की सियासी पिच पर सुलह-समझौते की तमाम कोशिशें सोमवार को नाकाम हो गईं। सत्ता-संगठन के करीब माने जा रहे बृजकिशोर उपाध्याय पैनल के सामने मंत्री, सांसद और विधायक पुत्रों ने मोर्चा खोल दिया है। चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के पुत्र धनंजय खींवसर और उनके पैनल में शामिल राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी के पुत्र आशीष तिवाड़ी और भाजपा विधायक जसवंत यादव के पुत्र मोहित यादव ने चुनाव मैदान में डटे रहकर सत्ता-संगठन को सीधी चुनौती दी है। इससे राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म है और इसके कई मायने निकाले जा रहे हैं वहीं, दूसरी ओर भाजपा के वरिष्ठ नेता राजेंद्र राठौड़ के पुत्र पराक्रम सिंह और उनके पैनल के नाम वापस लेकर सत्ता समर्थित पैनल को समर्थन दिए जाने को लेकर राठौड़ की छवि को पार्टी में और मजबूती मिली है। वहीं शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के पुत्र पवन दिलावर ने भी नामांकन वापिस ले लिया। हालांकि, पराक्रम गुट से कार्यकारी सदस्य पद के लिए नामांकन करने वाले धर्मवीर सिंह शेखावत मैदान में बने हुए है और अब उनके धनंजय गुट के साथ जाने की चर्चा है। 6 पद… 11 प्रत्याशी… 38 मतदाता बृजकिशोर पैनल- अध्यक्ष: बृजकिशोर उपाध्याय कोषाध्यक्ष: विष्णू अग्रवाल संयुक्त सचिव: राजेश सारस्वत कार्यकारी सदस्य: अरिष्ट सिंघव धनंजय पैनल- अध्यक्ष: धनंजय सिंह सचिव व उपाध्यक्ष: मोहित यादव कोषाध्यक्ष: आशीष तिवाड़ी संयुक्त सचिव: विनोद सहारन कार्यकारी सदस्य: धर्मवीर सिंह शेखावत  

यूपी पुलिस के स्टॉल ने लगातार तीसरी बार जीता बेस्ट डिस्प्ले अवार्ड

ग्रेटर नोएडा यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-26 में उत्तर प्रदेश पुलिस के स्टॉल ने तीसरे वर्ष भी ‘बेस्ट डिस्प्ले अवार्ड’ हासिल किया। ट्रेड शो के हॉल नंबर-4 में लगाए गए यूपी पुलिस के स्टॉल पर पूरे आयोजन के दौरान लाखों की संख्या में विजिटर्स पहुंचे थे। स्टॉल पर योगी सरकार की यूपी पुलिस की आधुनिक कार्यप्रणाली, जनसुरक्षा के लिए इस्तेमाल की जा रही तकनीक और विभिन्न पुलिस सेवाओं की जानकारी दी गई। यह अवार्ड सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने प्रदान किया, जिसे पुलिस अधीक्षक साइबर क्राइम, मुख्यालय उत्तर प्रदेश राजेश कुमार यादव तथा प्रभारी मीडिया सेल, यूपी 112 करुणा शंकर सिंह ने ग्रहण किया। वर्ष 2024 और 2025 में भी मिला था सम्मान यूपी पुलिस के स्टॉल को यह सम्मान लगातार तीसरी बार मिला है। इससे पहले वर्ष 2024 और 2025 में भी ट्रेड शो में यूपी पुलिस के स्टॉल को बेस्ट डिस्प्ले अवार्ड से सम्मानित किया गया था। इस वर्ष भी स्टॉल पर बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही और पुलिस की तकनीक एवं सेवाओं को लेकर दर्शकों ने रुचि दिखाई। पुलिस के स्टॉल पर साइबर अपराध से बचाव, यूपी 112 की सेवाओं, आधुनिक पुलिसिंग और जनसुरक्षा में तकनीक के इस्तेमाल को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-26 में यूपी पुलिस के स्टॉल को मिला लगातार तीसरा बेस्ट डिस्प्ले अवार्ड पुलिस की आधुनिक कार्यप्रणाली और तकनीक आधारित सेवाओं की प्रदर्शनी का प्रमुख आकर्षण रहा। स्टॉल के माध्यम से आम लोगों को पुलिस की सेवाओं और सुरक्षा व्यवस्था में तकनीक की बढ़ती भूमिका से परिचित कराया गया। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश पुलिस के गौरवशाली इतिहास और बदलती पुलिस व्यवस्था की भी जानकारी दी गई। स्टॉल पर युवाओं और बच्चों ने भी पुलिस की तकनीक और सेवाओं को करीब से जाना।

खरगोन में ऑपरेशन ‘प्रहार’ के तहत लगभग 3 करोड़ रुपये की अवैध गांजा फसल पर बड़ी कार्रवाई, 60 क्विंटल से अधिक गांजे के पौधे जब्त

भोपाल  मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, परिवहन एवं अवैध खेती के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में विगत पांच दिनों में प्रदेश के विभिन्न जिलों में की गई कार्रवाई में स्मैक, डोडाचूरा, गांजा, एमडी ड्रग्स एवं ब्राउन शुगर सहित 3 करोड़ 91 लाख रुपये से अधिक कीमत के अवैध मादक पदार्थ एवं संपत्ति जब्‍त की हैं। इन कार्रवाइयों में खरगोन पुलिस द्वारा ऑपरेशन ‘प्रहार’ के तहत की गई कार्रवाई विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। खरगोन—दुर्गम एवं नो-नेटवर्क क्षेत्र में ऑपरेशन ‘प्रहार’, करीब 3 करोड़ रुपये की गांजा फसल पर बड़ी कार्रवाई खरगोन पुलिस ने ऑपरेशन ‘प्रहार’के तहत अवैध गांजे की खेती के विरुद्ध जिले की अब तक की बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम जामली एवं ग्राम गुवाड़ा ठाटा फलिया में दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। दोनों स्थानशेडो एरिया (नो-मोबाइल-नेटवर्क जोन)में स्थित थे। पुलिस टीमों ने ड्रोन की मदद से खेतों की सर्चिंग की तथा नदी, पहाड़ी एवं दुर्गम रास्तों से होकर खेतों तक पहुंचकर कार्रवाई को अंजाम दिया। ग्राम जामली से पुलिस ने 9,391 गांजे के पौधे, 3,765 किलोग्राम वजन, कीमत 1 करोड़ 88 लाख 25 हजार रुपयेतथा ग्राम गुवाड़ा ठाटा फलिया से 5,800 गांजे के पौधे, 2,209 किलोग्राम वजन, कीमत 1 करोड़ 10 लाख 45 हजार रुपयेके जब्त किए। इस प्रकार दोनों स्थानों से कुल 15,191 गांजे के पौधे, 5,974 किलोग्राम (59.74 क्विंटल) वजन एवं लगभग 2 करोड़ 98 लाख 70 हजार रुपये कीमतके गांजे के पौधे जब्त किए गए। दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिए गए हैं।  मंदसौर मंदसौर थाना दलौदा पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर 40 ग्राम अवैध स्मैक कीमत 4 लाख एवं 1.5 किलोग्राम डोडाचूरा कीमत 3 हजार सहित हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल कीमत 70 हजार एवं एंड्रॉयड मोबाइल कीमत 15 हजार जब्त किया। थाना भानपुरा पुलिस ने ग्राम धनकपुरा में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर मक्का के कट्टों के बीच छिपाकर ले जाया जा रहा 481 किलोग्राम 592 ग्राम डोडाचूरा कीमत 10 लाख रुपये तथा 30 लाख कीमत का टाटा ट्रक जब्त किया है । इसी थाना क्षेत्र में दूसरी कार्रवाई में 120 ग्राम एमडी ड्रग्स कीमत 12 लाख रुपये, 4 किलो 700 ग्राम डोडाचूरा कीमत 9 हजार 400 रुपये, हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल कीमत 70 हजार एवं एंड्रॉयड मोबाइल कीमत 15 हजार जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। वहीं थाना गरोठ पुलिस ने बिना नंबर के पावरट्रेक ट्रैक्टर-ट्रॉली से 221 किलोग्राम डोडाचूरा कीमत 4 लाख 42 हजार  रुपये बरामद कर एक विधि-विरुद्ध बालक को पुलिस अभिरक्षा में लिया। कार्रवाई में ट्रैक्टर-ट्रॉली कीमत 8 लाख रुपये एवं दो मोबाइल फोन कीमत 20 हजार भी जब्त किए गए। मंदसौर जिले की इन सभी कार्रवाइयों में कुल 70 लाख 44 हजार 400 कीमत के अवैध मादक पदार्थ एवं सपंत्ति जब्‍त की है। इंदौर इंदौर पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए थाना लसूड़िया पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दो अलग-अलग कार्रवाइयों में 65 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद कर आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिसकी अनुमानित कीमत 6 लाख 50 रुपये  है। थाना छत्रीपुरा पुलिस ने गंगवाल बस स्टैंड क्षेत्र में चेकिंग के दौरान 12 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर, कीमत लगभग 1 लाख 20 हजार रुपये, बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया। वहीं इंदौर क्राइम ब्रांच ने चेकिंग के दौरान 12 ग्राम ब्राउन शुगर सहित एक बाइक जिसकी कीमत 1 लाख 70 हजार रुपये है जब्‍त की है । इन कार्रवाइयों में कुल 9 लाख 40 हजार रुपये के मादक पदार्थ एवं संपत्ति जब्‍त की है। नरसिंहपुर नरसिंहपुर पुलिस द्वारा अवैध स्मैक के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 60.04 ग्राम अवैध स्मैक, अनुमानित कीमत 6 लाख रुपये, बरामद की गई। कार्रवाई में स्मैक तस्करी में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा तस्करी में प्रयुक्त काले रंग की मोटरसाइकिल, अनुमानित कीमत 2 लाख रुपये, भी जब्त की गई। इस प्रकार कुल लगभग 8 लाख रुपये की संपत्ति जब्‍त की है।  ग्वालियर ग्वालियर पुलिस द्वारा डबरा सिटी थाना क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थ की तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 13 किलो 128 ग्राम अवैध गांजा, कीमत लगभग 1 लाख 50 हजार रुपये, बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपियों द्वारा गांजा उड़ीसा से लाकर डबरा में बेचने की बात सामने आई। पन्ना पन्ना पुलिस द्वारा थाना गुनौर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 3.048 किलोग्राम अवैध गांजा अनुमानित कीमत 60 हजार रुपये बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। वहीं थाना कोतवाली क्षेत्र में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 2 किलो 120 ग्राम अवैध गांजा एवं मोटरसाइकिल सहित कुल 86 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है। दोनों कार्यवाहियों में कुल 1 लाख 46 हजार रुपये के मादक पदार्थ एवं संपत्ति जब्‍त की है। दमोह दमोह पुलिस द्वारा थाना तेजगढ़ क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 4 किलो 140 ग्राम अवैध गांजा, अनुमानित कीमत 1 लाख रुपये, बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई में एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। शिवपुरी शिवपुरी पुलिस द्वारा थाना बैराड़ क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी के कब्जे से 1 किलो 138ग्राम अवैध गांजा एवं 3 हजार 730 रुपये नगद सहित कुल 23 हजार 730 रुपये का संपत्ति  बरामद की है। वहीं थाना कोलारस पुलिस ने ग्राम सरजापुर में आरोपी के बाड़े से लगभग 40 किलोग्राम वजन के 9 हरे गांजे के पौधे जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया। दोनों कार्रवाइयों में कुल 63 ह‍जार 730 रुपये की संपत्ति जब्‍त की है। मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, परिवहन एवं अवैध खेती के विरुद्ध लगातार कार्यवाही जारी है। 

11 करोड़ की साइबर ठगी का खुलासा, मंदसौर में 6 आरोपी गिरफ्तार

मंदसौर. मंदसौर जिले की शामगढ़ पुलिस ने देश के अलग-अलग कोनों में बैठकर ठगी का व्यवसाय करने वाले गिरोह को पकड़ा है। एसपी विनोद कुमार मीना ने बताया कि मुख्य सरगना सहित 6 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार अंतरराज्यीय साइबर ठग गिरोह 11 करोड़ रुपये से अधिक की राशि की ठगी कर चुके हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस गिरोह के तार जुड़े हैं। 100 से अधिक साइबर ठगी कर चुका है गिरोह। देशभर में फैला गिरोह का नेटवर्क पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से अन्य मामलों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ में अन्य वारदातों का भी खुलासा होने की संभावना है। पुलिस ने बताया कि साइबर ठगों का गिरोह का नेटवर्क देशभर में फैला हुआ था। ये लोग देश के अलग-अलग कोनों में बैठकर साइबर ठगी को अंजाम दे रहे थे।

नई दिल्ली राष्ट्रीय कृषि सम्मेलन में शामिल हुए मंत्रीरामविचार नेताम

रायपुर  छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री  रामविचार नेताम आज नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय कृषि सम्मेलन में शामिल हुए। 28 और 29 सितंबर को आयोजित इस सम्मेलन में देशभर के कृषि मंत्रियों, कृषि वैज्ञानिकों, कृषि क्षेत्र के विशेषज्ञों एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। भारत सरकार के कृषि मंत्री  शिवराज सिंह चौहान एवं राज्यमंत्री की उपस्थिति में आगामी रबी फसल को लेकर व्यापक कार्ययोजना तैयार करने पर विचार-विमर्श किया गया। सम्मेलन में कृषि मंत्री  नेताम ने कहा कि छत्तीसगढ़ के लिए कृषि क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने तथा राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के विभिन्न घटकों का प्रभावी क्रियान्वयन करने को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हुई। इसका उद्देश्य छत्तीसगढ़ के अधिक से अधिक किसानों को कृषि योजनाओं का लाभ पहुंचाना, कृषि की लागत को कम करना और किसानों की आय में वृद्धि के लिए प्रभावी कदम उठाना है। उन्होंने बताया कि सम्मेलन के दौरान भारत सरकार के कृषि मंत्री  शिवराज सिंह चौहान द्वारा छत्तीसगढ़ के लिए 182 करोड़ रुपए का आवंटन जारी किया गया और इसका पत्र भी प्रदान किया गया। उन्होंने प्रदेश के किसानों की ओर से प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय कृषि मंत्री  शिवराज सिंह चौहान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह राशि छत्तीसगढ़ में कृषि विकास को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। कृषि मंत्री  नेताम ने कहा कि इस राशि से प्रदेश में चलाए जाने वाले ’विकसित संकल्प अभियान‘ को भी मजबूती मिलेगी। इसके साथ ही आगामी समय में ‘खेत बचाओ अभियान‘ के माध्यम से किसानों को बेहतर उत्पादन के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। दलहन और तिलहन के रकबे को बढ़ाने, कृषि उत्पादन में वृद्धि करने तथा किसानों को बेहतर उपज दिलाने के लिए भी इस सहायता का प्रभावी उपयोग किया जाएगा। मंत्री  नेताम ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार का प्रयास है कि केंद्र सरकार की योजनाओं और राज्य की कृषि नीतियों के बेहतर समन्वय से प्रदेश के किसानों को अधिक से अधिक लाभ मिले। कृषि क्षेत्र में नई तकनीक, कम लागत और बेहतर उत्पादन के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार से प्राप्त यह सहायता छत्तीसगढ़ में कृषि विकास को और गति प्रदान करेगी तथा प्रदेश को कृषि क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने में सहयोगी होगी। उन्होंने इसके लिए केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया।